तुर्की में 6.4 तीव्रता का फिर आया भूकंप

दक्षिण तुर्की में सोमवार को 6.4 तीव्रता का भूकंप आया है. 6 फ़रवरी को आए भूकंप में तुर्की और सीरिया में 44,000 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी.

लाइव कवरेज

  1. बिहार: ट्रक खड़ा करने पर हुआ विवाद, दो लोगों की मौत

      • Author, चंदन कुमार जाजवड़े
      • पदनाम, बीबीसी संवाददाता
    बिहार, पटना

    इमेज स्रोत, ANI

    बिहार की राजधानी पटना के फतुहा इलाक़े में गाड़ी खड़ी करने पर हुए विवाद में दो लोगों की मौत हो गई है.

    इस घटना में तीन अन्य लोग भी गोलीबारी में घायल हैं. यह घटना फतुहा के जेठुली गांव की है.

    पटना ग्रामीण के पुलिस अधिक्षक ने बीबीसी को बताया है कि इस मामले में अब तक दस अभियुक्तों को गिरफ़्तार किया गया है.

    उनके मुताबिक़, घटना के बाद गांव में तनाव बना हुआ है और पुलिस लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रही है.

    दरअसल रविवार दोपहर को जेठुली गांव के मुखिया के घर के सामने गिट्टी (बैलास्ट) अनलोड करने के लिए ट्रक खड़ा था.

    तभी दूसरे पक्ष ने बगल की पार्किंग से अपनी गाड़ी निकालने के लिए ट्रक को हटाने की मांग की.

    इस बात पर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया.

    यह विवाद इतना बढ़ा कि मुखिया पक्ष की तरफ से फ़ायरिंग शुरू कर दी गई. इसमें पांच लोगों को गोली लग गई जिसमें दो की मौत हो गई.

    इस घटना के बाद गुस्साए लोगों ने मुखिया के घर पर तोड़-फ़ोड़ और पत्थरबाज़ी शुरू कर दी.

    गुस्साए लोगों ने मुखिया पक्ष के घर और पार्किंग में खड़ी गाड़ियों में आग भी लगा दी. इसके अलावा लोगों ने सड़क को जाम कर प्रदर्शन भी शुरू कर दिया. पुलिस को उन्हें रोकने के लिए काफ़ी मशक्कत करनी पड़ी.

    पटना पुलिस के मुताबिक़ दोनों ही पक्ष एक ही बिरादरी के हैं लेकिन अलग अलग गुट बनने के कारण माहौल अब भी तनावपूर्ण बना हुआ है.

    पटना पुलिस ने भी ट्वीट कर बताया है कि हालात को संभालने के लिए गांव में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

  2. ब्राज़ील: जानलेवा बाढ़, भूस्खलन से अब तक 36 लोगों की मौत

    ब्राज़ील

    ब्राज़ील के साओ पोलो में आई बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं के कारण कम से कम 36 लोगों की मौत हो गई है.

    साओ पोलो प्रशासन ने इस बारे में जानकारी दी है.

    वीडियो में देखा जा सकता है कि इलाके पानी में डूबे हुए हैं और गाड़ियां गिरी पड़ी हैं.

    बाढ़ के पानी के कारण कई घर तबाह हो गए हैं और घरों का मलबा ब्राज़ील से आ रही तस्वीरों में देखा जा सकता है.

    बचाव दल बाढ़ प्रभावितों तक पहुंचने में संघर्ष कर रहे हैं क्योंकि रास्ते बाधित हैं.

    रविवार को कई इलाक़ों में 23 इंच से ज़्यादा बारिश हुई है. इस महीने में आमतौर पर होने वाली बारिश से ये दोगुनी बारिश है.

    साओ सेबासटियो के मेयर फेलिप अगस्तो ने कहा, ''हालात बहुत ख़राब हैं. बचावदल और राहतकर्मी कई जगहों पर नहीं पहुंच पा रहे हैं. नुकसान का सही अंदाज़ा लगा पाना फ़िलहाल मुश्किल है. दर्जनों लोग लापता हैं और 50 से ज़्यादा घर तबाह हो चुके हैं.''

    एक सिविल डिफेंस अधिकारी ने बताया कि दुर्भाग्य से बाढ़ के कारण कई और लोगों की जान जाने की भी आशंका है.

  3. ईरान ने पाकिस्तान-अफ़ग़ान सीमा पर सैकड़ों गधों को क्यों मार डाला

    गधे

    इमेज स्रोत, Twitter/ICHRI

    ईरानी सुरक्षा बलों ने कुछ दिनों पहले पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान से लगते सीमाई इलाकों में सैकड़ों गधों को मार दिया है.

    ईरान में स्थानीय सूत्रों ने बीबीसी फ़ारसी से बात करते हुए इस बात की पुष्टि की है.

    बताया गया है कि इन गधों को सीस्तान और बलूचिस्तान के सीमाई क्षेत्र कालीगान में मारा गया है.

    शनिवार को एक वीडियो क्लिप सामने आई जिसमें एक कच्ची सड़क और उसके आसपास सैकड़ों गधों की लाशें दिखाई दे रही हैं.

  4. शिव सेना: चुनाव चिह्न मामले पर सुप्रीम कोर्ट ने क्या कहा?

    उद्धव ठाकरे

    इमेज स्रोत, Getty Images

    शिवसेना का नाम और चुनाव चिह्न एकनाथ शिंदे को दिए जाने के चुनाव आयोग के फ़ैसले के ख़िलाफ़ उद्धव ठाकरे पक्ष सुप्रीम कोर्ट पहुंचा है.

    उद्धव ठाकरे के वकील ने सुप्रीम कोर्ट से इस मामले में तत्काल सुनवाई करने की अपील की.

    इस पर चीफ़ जस्टिस ऑफ़ इंडिया धनंजय चंद्रचूड ने कहा कि नियम सबके लिए बराबर है और आप प्रक्रिया के तहत कल आइए.

    उद्धव ठाकरे पक्ष की मांग है कि तीर-धनुष चुनाव चिह्न एकनाथ शिंदे गुट को ना दिया जाए.

    सुप्रीम कोर्ट में उद्धव ठाकरे की तरफ़ से वरिष्ठ वकील डॉ अभिषेक मनु सिंघवी पेश हुए. सुप्रीम कोर्ट ने ठाकरे पक्ष से कल यानी मंगलवार को पेश होने के लिए कहा है.

    दो दिन पहले ही चुनाव आयोग ने शिवसेना का नाम और चुनाव चिह्न एकनाथ शिंदे गुट को दिया था.

    इसके विरोध में उद्धव ठाकरे पक्ष ने आपत्ति दर्ज की थी.

    उद्धव ठाकरे ने कहा था, ''शिंदे गुट से ज़्यादा ख़ुश तो बीजेपी दिख रही है. किसी दुकान से चना-मूंगफली ख़रीद ली गई हो, उस तरह से शिवसेना और चुनाव चिह्न के मामले का फ़ैसला भी ख़रीद लिया गया है.''

    वहीं गृह मंत्री अमित शाह ने कहा था , ''चुनाव आयोग ने दूध का दूध और पानी का पानी कर दिया है. सत्यमेव जयते के सूत्र को चरितार्थ किया गया है. जो लोग झूठ के आधार पर हुंकार भरते थे, उनको पता चल गया है कि सत्य किसके साथ है.''

  5. एक ग़लती और टूटकर चकनाचूर हो गई 35 लाख की कलाकृति

    आर्ट

    इमेज स्रोत, STEPHEN GAMSON

    ''कृपया इस कलाकृति को हाथ ना लगाएं.''

    अक्सर किसी गैलरी या प्रदर्शनी में आप जब गए होंगे तो किसी कला के पास ये लिखा देखा होगा.

    इस लिखी बात को मानना कितना ज़रूरी है, इसकी एक ताज़ा नज़ीर पेश हुई है.

    मियामी में आर्ट कलेक्टर की ग़लती से एक कलाकृति टूट गई. ये कलाकृति 42 हज़ार डॉलर यानी लगभग 35 लाख रुपये की थी.

    इस ख़बर ने कई कलाप्रेमियों को चौंकाया और भविष्य को लेकर मन में डर भी पैदा किया. ये कलाकृति अमेरिका के पॉप आर्टिस्ट जेफ़ कून्स ने बनाई थी.

    कला

    इमेज स्रोत, STEPHEN GAMSON

    मौक़े पर मौजूद चश्मदीदों ने कहा कि महिला ने कलाकृति को उंगलियों से छुआ था.

    ये कलाकृति दरअसल एक स्टैचू थी, जिसकी आकृति कुत्ते की थी.

    ये हादसा तब हुआ, जब गैलरी में सिर्फ़ वीआईपी लोगों की एंट्री थी.

    जब कलाकृति टूटी तो कुछ लोगों को लगा कि ऐसा होना भी कला से संबंधित परफ़ॉर्मेंस का हिस्सा है.

    अतीत में कुछ ऐसे मौक़े रहे हैं, जब किसी कलाकार ने प्रदर्शनी के दौरान अपनी कला में ऐसे बदलाव लाए जिससे ये लगा कि वो कला टूट गई या ख़राब हो गई.

    इस पूरे वाक़ये में अच्छी बात ये रही कि इस कलाकृति का इश्योरेंस था. ऐसे में मौद्रिक नुक़सान की भरपाई हो सकती है...मगर कलाकृति तो गई.

  6. महिला टी-20 क्रिकेट वर्ल्डकप: आज आयरलैंड से भिड़ेगी टीम इंडिया

    महिला टी-20 क्रिकेट वर्ल्डकप

    इमेज स्रोत, get

    महिला टी-20 क्रिकेट वर्ल्डकप में आज यानी सोमवार को भारत का मुक़ाबला आयरलैंड की टीम से होगा.

    टीम इंडिया ग्रुप स्टेज में अपना आख़िरी मैच खेल रही है.

    18 फ़रवरी को टीम इंडिया को इंग्लैंड के सामने शिकस्त झेलनी पड़ी थी.

    वहीं आयरलैंड की टीम भी टूर्नामेंट में हार झेलने के बाद इंडिया का मुक़ाबला करेगी.

    हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में टीम इंडिया सेमीफ़ाइनल में पहुंचने से एक क़दम दूर है.

    ये मैच भारतीय समयानुसार शाम 6.30 बजे से शुरू होगा.

  7. बीजेपी पर भड़के उद्धव ठाकरे, बोले- 'ये शाह की मेहरबानी से हुआ है'

    अमित शाह

    इमेज स्रोत, Getty Images

    शिवसेना का चुनाव चिह्न एकनाथ शिंदे समूह को दिए जाने के चुनाव आयोग के फ़ैसले पर प्रतिक्रियाएं आना जारी हैं.

    उद्धव ठाकरे ने सामना में लिखी संपादकीय में बीजेपी पर फिर हमला बोला है.

    इस संपादकीय को हैडिंग दी गई है- ख़रीद लिया न्याय!

    संपादकीय में शिंदे गुट को मिंधे गुट लिखा गया है. मराठी में मिंधे का मतलब होता है- लाचार.

    ठाकरे ने लिखा, ''शिंदे गुट से ज़्यादा ख़ुश तो बीजेपी दिख रही है. किसी दुकान से चना-मूंगफली ख़रीद ली गई हो, उस तरह से शिवसेना और चुनाव चिह्न के मामले का फ़ैसला भी ख़रीद लिया गया है.''

    ठाकरे ने अपनी संपादकीय में और क्या-क्या आरोप लगाए?

    • ''गृह मंत्री अमित शाह महाराष्ट्र आए और शिंदे गुट को शिवसेना-धनुष बाण मिलने पर ख़ुशी व्यक्त की. ये चुनाव चिह्न शिंदे को मिला, ये अमित शाह की मेहरबानी से हुआ है. क्या अब यह छिपा है? ये इंसान महाराष्ट्र और मराठी लोगों को शत्रु है.''
    • ''चुनाव आयोग ने भले ही फ़ैसला शिंदे के पक्ष में दिया हो, फिर भी शिवसेना ठाकरे की थी, है, और रहेगी.''
    • ''लाखों शिवसैनिकों ने दिल्ली के चुनाव आयोग के पास अपना शपथपत्र ‘ट्रक’ भरकर भेजा, क्या उसका कोई मूल्य नहीं?''
    • ''बेईमान विधायकों की अयोग्यता के मामले की सुनवाई सुप्रीम कोर्ट में चल रही है. सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने तक चुनाव आयोग को अपना फैसला रोकना चाहिए था.''
    • ''कल कोई अदानी, अंबानी, नीरव मोदी उठेगा और इसी तरह विधायक-सांसद खरीदकर पूरी पार्टी, सरकार पर अपना मालिकाना हक जताएगा. देश की सरकारें रोज पत्ते के बंगले (ताश के महल) की तरह गिराई जाएंगी.''
    एकनाथ शिंदे

    इमेज स्रोत, Getty Images

    अमित शाह ने क्या कहा था?

    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह फिलहाल महाराष्ट्र के दौरे पर हैं.

    इस दौरान पुणे के एक कार्यक्रम में शाह ने उद्धव ठाकरे पर निशाना साधा था.

    शाह ने ये बयान महाराष्ट्र सीएम एकनाथ शिंदे की मौजूदगी में दिया था.

    शाह ने कहा था, ''चुनाव आयोग ने दूध का दूध और पानी का पानी कर दिया है. सत्यमेव जयते के सूत्र को चरितार्थ किया गया है. जो लोग झूठ के आधार पर हुंकार भरते थे, उनको पता चल गया है कि सत्य किसके साथ है.''

    • ''बीते चुनाव में मैं पार्टी का अध्यक्ष था. चुनाव मिलकर लड़े. अपनी फोटो से बड़ी मोदी जी की फोटो लगाई. देवेंद्र जी को नेता मानकर चुनाव लड़े और फिर मुख्यमंत्री बनने के लिए विरोधी विचारधारा के तलवे चाटने लगे. आज उन लोगों को सत्य क्या है, इसका परिचय मिल गया है.''
    • ''चुनाव में जीत होती है, हार होती है. लेकिन जो लोग धोखा देते हैं उन्हें कभी बख़्शना नहीं चाहिए. वरना धोखा करने वालों की हिम्मत बढ़ती है.''

    चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के धड़े वाली शिवसेना को असली शिवसेना माना था.

    आयोग ने कहा था कि पार्टी का नाम और चिह्न 'धनुष तीर' शिंदे गुट के पास रहेगा.

    उद्धव ठाकरे ने इस फ़ैसले को चुनौती देने की बात कही थी.

    वहीं रविवार को ठाकरे ने कहा था, ''कल कोई आया था पुणे में. उन्होंने पूछा, क्या कैसे चल रहा है महाराष्ट्र में, तो कहा कि आज बड़ा अच्छा दिन है क्योंकि शिवसेना का नाम और चुनाव चिह्न हमने अपने साथ जो गुलाम आए हैं उनको दे दिया. तो व्यक्ति बोले बहुत अच्छा, मोगेम्बो खुश हुआ. ये मोगेम्बो हैं, मिस्टर इंडिया में मोगेम्बो यही चाहता था देश में लोग आपस में लड़ते रहें, वो लड़ाई में व्यस्त रहेंगे तो मैं राज करूंगा. आप हमारी पार्टी में आते हैं तो ही हिंदू हैं वरना आपने हिंदुत्व छोड़ दिया.''

  8. एलन मस्क की राह चले मार्क ज़करबर्ग, आप पर भी होगा असर

    मार्क

    इमेज स्रोत, AFP, REUTERS

    ट्विटर प्रमुख एलन मस्क ने कुछ वक़्त पहले ब्लू टिक यानी वैरिफाइड हैंडल की सुविधा पर शुल्क लगाया था.

    ये सेवा भारत सहित कई देशों में शुरू भी हो गई है. इसके तहत आप पैसे देकर अपने ट्विटर हैंडल के लिए ब्लू टिक ले सकते हैं.

    अब ऐसी ही सुविधा फ़ेसबुक, इंस्टाग्राम पर भी चालू होगी.

    फ़ेसबुक और इंस्टाग्राम की कंपनी मेटा के प्रमुख मार्क ज़करबर्ग ने इस बारे में एलान किया है.

    मार्क ज़करबर्ग ने कहा, ''हम फ़ेसबुक और इंस्टाग्राम के लिए मेटा वैरिफाइड सेवा की टेस्टिंग शुरू कर रहे हैं. इस सेवा के तहत आपकी अकाउंट की सरकारी आईडी के तहत पुष्टि होगी. साथ ही आपकी रीच भी बढ़ेगी.''

    मेटा इस फ़ीचर के टेस्टिंग की शुरुआत ऑस्ट्रेलिया और न्यूज़ीलैंड से कर रहा है.

    कंपनी ने उम्मीद जताई है कि मेटा वैरिफाई फ़ीचर जल्द पूरी दुनिया में लाया जाएगा.

    कंपनी ने कहा कि क्रिएटर की ओर से ये मांग काफ़ी वक़्त से की जा रही है. हम बीते साल से इस पर विचार कर रहे थे.

    फ़ेसबुक, इंस्टाग्राम

    इमेज स्रोत, Getty Images

    मेटा वैरिफाई फ़ीचर के तहत क्या मिलेगा?

    • नकली या फ़ेक आईडी बनाए जाने के ख़तरों से निपटने में आसानी
    • जब चाहो, तब मदद मिलेगी
    • रीच बढ़ेगी, ज़्यादा लोगों तक पहुंच सकेंगे
    • कुछ फ़ीचर जो सिर्फ़ मेटा वैरिफाइड यूज़र्स को मिलेंगे.

    कंपनी ने बताया है कि ये फ़ीचर वेब पर 12 डॉलर प्रति माह यानी 991 रुपये में उपलब्ध होगा.

    वहीं, आइओएस और एंड्रॉयड में ये फ़ीचर 15 डॉलर प्रति माह यानी 1239 रुपये में मिलेगा.

    भारत में इस सुविधा के लिए क्या कीमत चुकानी होगी, कंपनी ने इस बारे में अभी कोई जानकारी नहीं दी है.

  9. ओवैसी ने कहा- देर रात उनके आवास पर हुआ हमला, शिकायत दर्ज

    असदउद्दीन ओवैसी

    इमेज स्रोत, Asaduddinowaisi

    इमेज कैप्शन, असदउद्दीन ओवैसी

    एआईएमआईएम सांसद असदउद्दीन ओवैसी के दिल्ली वाले आवास पर रविवार देर रात हमला हुआ है.

    असदउद्दीन ओवैसी ने इस बारे में जानकारी दी है.

    ओवैसी ने ट्वीट किया, ''मेरे दिल्ली वाले आवास पर फिर हमला हुआ है. 2014 के बाद से ये चौथी बार है, जब ऐसा हमला हुआ है. बीती रात जब मैं जयपुर से लौटा तो मेरे घरेलू सहायकों ने बताया कि कुछ शरारती तत्वों ने पथराव किया था, जिससे खिड़कियों के शीशे टूट गए. दिल्ली पुलिस फ़ौरन इन लोगों को गिरफ़्तार करे.''

    छोड़िए X पोस्ट, 1
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त, 1

    ओवैसी का ये आवास दिल्ली के पॉश और सुरक्षित माने जाने वाले इलाक़े अशोक रोड में है.

    इस पर ओवैसी ने कहा, ''ये चिंताजनक है कि ये हमला कथित हाई-सिक्योरिटी ज़ोन में हुआ है. मैंने पुलिस में शिकायत दर्ज कर दी है.''

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, ओवैसी के आवास पर हमले के बाद दिल्ली पुलिस के एडिशनल डीसीपी घटनास्थल पर पहुंचे और सुबूत जुटाए.

    तस्वीरों में देखा जा सकता है कि खिड़कियों के शीशे टूटे हैं और कुछ पत्थर ज़मीन पर गिरे हुए हैं.

    छोड़िए X पोस्ट, 2
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त, 2

  10. जेएनयू: एबीवीपी-लेफ़्ट स्टूडेंट्स फिर भिड़े, वजह क्या है?

    JNU

    इमेज स्रोत, ABVP

    जवाहर लाल नेहरू यूनिवर्सिटी एक बार फ़िर चर्चा में है.

    ख़बरें हैं कि छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती पर जेएनयू कैंपस में छात्र संगठन एबीवीपी की ओर से आयोजित कार्यक्रम में कुछ लोगों ने खलल डाला है.

    एबीवीपी का आरोप है कि छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में लेफ़्ट से जुड़े छात्रों ने हमला किया.

    मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक़, लेफ़्ट ने आरोप लगाया है कि ये मारपीट एबीवीपी से जुड़े छात्रों की ओर से हुई है.

    सोशल मीडिया और समाचार एजेंसी एएनआई की शेयर की जा रही तस्वीरों-वीडियो में देखा और सुना जा सकता है कि शिवाजी की तस्वीर ज़मीन पर गिरी हुई है और आस-पास ख़ड़े छात्र नारेबाज़ी कर रहे हैं.

    एबीवीपी ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से घटना की तस्वीर और वीडियो शेयर की.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    एबीपीवी ने लिखा, ''जेएनयू छात्र संघ कार्यालय में वामपंथियों के द्वारा वीर शिवाजी की तस्वीर से माला उतारी गई और तस्वीर को उठा के फेंक दिया गया. वहां लगी अन्य महापुरुषों की तस्वीरों को भी फेंका गया. हम इसकी निंदा करते हैं और कार्रवाई की मांग करते हैं.''

    समाचार एजेंसी एनएनआई के मुताबिक़, जेएनयू में एनएसयूआई से जुड़े छात्र ने कहा, ''एबीवीपी के सदस्यों ने जेएनयूएसयू ऑफिस में शिवाजी की तस्वीर रखी थी, जिसके लिए जेएनयूएसयू की इजाज़त चाहिए होती है. इसके बावजूद एबीवीपी ने अवैध रूप से ये तस्वीर रखी. फिर स्टूडेंट्स आए और तस्वीरें हटाने लगे. इसी के चलते दो गुटों के बीच लड़ाई हुई.''

    हिंदुस्तान टाइम्स में छपी ख़बर के मुताबिक़, जेएनयू छात्र संगठन ने आईआईटी बॉम्बे के छात्र दर्शन सोलंकी के सुसाइड के मुद्दे पर मार्च निकाला था. जेएनयू छात्र संगठन का आरोप है कि इस मार्च के दौरान एबीवीपी ने कुछ छात्रों पर हमला किया था.

    एबीवीपी ने इन आरोपों को ख़ारिज किया है.

    जेएनयूएसयू ने एक बयान में कहा, '' एबीवीपी एक बार फिर छात्रों पर हमला कर रही है. दर्शन सोलंकी के पिता के कहने पर जो कैंडल मार्च निकाला गया था, उसके ठीक बाद ये हमला हुआ. जातिगत भेदभाव के ख़िलाफ़ चलाए जा रहे अभियान से ध्यान भटकाने के लिए एक बार फिर एबीवीपी ने ऐसा किया है.''

    वहीं एबीवीपी ने कहा है कि इस कार्यक्रम के फ़ौरन बाद लेफ्ट के छात्र आए और शिवाजी की तस्वीर से माला हटाई और उसे फेंक दिया.

    जेएनयू में लेफ़्ट और एबीवीपी के बीच लड़ाई का ये पहला मामला नहीं है. बीते सालों में कई बार दोनों संगठनों से जुड़े छात्र आमने-सामने आए हैं.

  11. चीन क्यों बोला- अमेरिका का उंगली उठाना बर्दाश्त नहीं करेगा

    अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन

    अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने कहा है कि यूक्रेन युद्ध के मद्देनज़र चीन रूस को हथियार और गोला बारूद देने पर विचार कर रहा है.

    एंटनी ब्लिंकन ने सीबीएस न्यूज़ को दिए इंटरव्यू में कहा, ''चीनी कंपनियां पहले से ही रूस की मदद करती रही हैं. ये मदद ऐसी थी जिससे किसी तरह का विध्वंस या विनाश ना हो. लेकिन अब जो नई जानकारी सामने आई है, उससे लगता है कि चीन अब रूस की हथियारों या विनाश फैलाने वाले गोला बारूद मुहैया करवाकर भी मदद कर सकता है.''

    ब्लिंकन ने कहा कि अगर चीन ऐसा करता है तो उसे इसके गंभीर नतीजे भुगतने होंगे.

    चीन ने ऐसी रिपोर्ट्स को ख़ारिज किया है जिनमें कहा गया था कि रूस ने सैन्य हथियारों की मांग की है.

    चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन एक-दूसरे के सहयोगी हैं. जिनपिंग ने अब तक रूस के यूक्रेन पर आक्रमण की निंदा नहीं की है.

    हालांकि वो इस मुद्दे पर शांति की अपील कर चुके हैं.

    रूस के यूक्रेन पर आक्रमण किए हुए एक साल हो रहा है.

    चीन के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि रूस से रिश्तों के मुद्दों पर अमेरिका का उंगली उठाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

    ब्लिंकन ने म्यूनिख सिक्योरिटी कॉन्फ़्रेंस में चीनी डिप्लोमैट वांग यी से मुलाकात की थी और इसके बाद ही उन्होंने सीबीएस को दिए इंटरव्यू में चीन-रूस पर टिप्पणी की.

    बीते दिनों जासूसी ग़ुब्बारे को लेकर अमेरिका और चीन के रिश्तों में तल्खी आई है.

    अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने ग़ुब्बारे के चलते अपना चीन दौरा भी रद्द किया था.

  12. नमस्ते. आपका दिन शुभ हो.

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है.

    ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 19 फरवरी के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.