दिल्ली में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी लड़खड़ा कर 113 रन पर ही सिमट गई.
इस तरह, पहली पारी में एक रन की बढ़त लेने वाले ऑस्ट्रेलिया से जीतने के लिए भारत को दूसरी पारी में 115 रन बनाने हैं.
आज के खेल में जडेजा और अश्विन की घूमती गेंदों के आगे ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज़ बेबस दिखे.
हाल यह हुआ कि उसके सभी बल्लेबाज़ लंच के आधे घंटे पहले ही आउट हो गए.
रवींद्र जडेजा ने इस मैच में कुल सात विकेट लिए. इस पारी के अंतिम पांच विकेट जडेजा ने ही लिए.
रविचंद्रन अश्विन को इस पारी में तीन विकेट मिले. हालांकि आज के खेल में भारत को पहली सफलता उन्होंने ही दिलाई थी.
भारत को आज के खेल के पहले ओवर में ही ट्रेविस हेड का विकेट मिल गया.
अश्विन ने उन्हें 43 के निजी स्कोर पर विकेटकीपर एस भरत के हाथों कैच करवाया.
अश्विन को दूसरी सफलता स्टीवन स्मिथ के रूप में मिली. अश्विन ने उन्हें नौ रन के निजी स्कोर पर एलबीडब्ल्यू किया.
ऑस्ट्रेलिया को चौथा झटका रवींद्र जडेजा ने दिया, जब लबुशाने को उन्होंने 35 रन के निजी स्कोर पर बोल्ड कर दिया.
उसके तुरंत बाद अश्विन ने अपने ओवर की अंतिम गेंद पर रेनशॉ को आउट कर दिया.
वहीं अगले ओवर की पहली और दूसरी गेंद पर रवींद्र जडेजा ने हैंड्सकॉम्ब और कमिंस को चलता कर दिया.
जडेजा ने उसके बाद एलेक्स कैरी और नाथन लॉयन को भी आउट किया.
सबसे अंत में कुहेनमैन को भी उन्होंने ही आउट किया.
इससे पहले भारत की पहली पारी शनिवार को ऑस्ट्रेलिया के 263 रन के जवाब में 262 रन पर सिमट गई.
इस तरह ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी में एक रन की बढ़त मिल गई.