You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में हाथी के कुचलने से तीन की मौत
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर ज़िले में एक हाथी के कुचलने से तीन लोगों की मौत हो गई है.
लाइव कवरेज
विकास त्रिवेदी and अभिनव गोयल
मेरा सर काटने के लिए 21 लाख तो कोई 51 लाख की सुपारी दे रहा है- स्वामी प्रसाद मौर्य
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव स्वामी प्रसाद मौर्य ने बीजेपी पर उनकी हत्या करवाने की साजिश का आरोप लगाया है.
मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, "कोई मेरा सर काटने के लिए 21 लाख तो कोई 51 लाख रुपये की सुपारी दे रहा है. कोई जीभ काटने के लिए पांच लाख तो कोई ग्यारह लाख, कोई हाथ काटने के लिए, कोई कान काटने के लिए, कोई नाक काटने के लिए तो कोई हत्या करने की बात कर रहा है."
मौर्य ने कहा, "ये साधु वेश में जो आतंकवादी और आपराधिक चेहरे हैं. सरकार को पहचान करके उनके ख़िलाफ़ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए, एफ़आईआर दर्ज करनी चाहिए थी. स्वत: संज्ञान लेते हुए ऐसे बयान देने वालों को जिन्होंने इलेक्ट्रॉनिक प्रिंट मीडिया के सामने बयान दिया."
"बयान देते हुए उनकी फोटो भी है. उसके बावजूद सरकार के कान पर जूं नहीं रेंग रही है. इसका मतलब है कि भाजपा, प्रदेश और केंद्र की सरकार मेरी हत्या की साजिश करने वालों के साथ शामिल है. भाजपा सरकार मेरी हत्या करवाना चाहती है. इसलिए ऐसे घटिया बयान देने वालों के ख़िलाफ़ किसी भी प्रकार की कार्रवाई करने से कतरा रही है."
वहीं इस मामले पर समाजवादी पार्टी के महासचिव रामगोपाल यादव ने कहा, "राजनीतिक दल भोले शंकर की बारात की तरह होते हैं. इसमें बहुत अच्छे लोग भी होते हैं, और टेढ़े मेढ़े लोग भी होते हैं. सबको साथ लेकर चलना पड़ता है."
मुनीबा अली: टी20 में शतक लगाने वाली पाकिस्तान की पहली क्रिकेटर की कहानी
पाकिस्तान की 25 वर्षीय क्रिकेट खिलाड़ी मुनीबा अली अंतरराष्ट्रीय टी20 प्रतियोगिता में शतक लगाने वाली पहली पाकिस्तानी महिला क्रिकेटर बन गयी हैं.
उनसे पहले ये रिकॉर्ड सिर्फ़ पांच महिलाओं के नाम है.
मुनीबा अली ने दक्षिण अफ़्रीका में चल रहे टी20 महिला विश्व कप में आयरलैंड के ख़िलाफ़ खेलते हुए 68 गेंदों पर 14 चौकों की मदद से 102 रन बनाए.
टी20 महिला विश्व कप में पाकिस्तान ने आयरलैंड को हराकर सेमीफ़ाइनल में पहुंचने की उम्मीद बरक़रार रखी है. मैच में शतक जड़ने वाली मुनीबा अली का क्रिकेट का सफ़र कैसा रहा है.
पाकिस्तान के पूर्व गृह मंत्री शेख़ रशीद की ज़मानत मंजूर, रिहाई का आदेश जारी
....में - Author, शहज़ाद मलिक
- पदनाम, बीबीसी संवाददाता, इस्लामाबाद
इस्लामाबाद हाई कोर्ट ने पूर्व गृह मंत्री शेख़ रशीद को ज़मानत दे दी है और उनकी रिहाई का आदेश दिया है.
जज मोहसिन अख्तर कयानी ने शेख़ रशीद की ज़मानत अर्ज़ी स्वीकार करते हुए 50 हज़ार रुपए का ज़मानती मुचलका जमा करने का आदेश दिया है.
शेख रशीद फ़िलहाल न्यायिक रिमांड पर अदियाला जेल में है.
शेख़ रशीद ने पूर्व राष्ट्रपति आसिफ़ अली ज़रदारी पर पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की हत्या की साजिश के लिए एक चरमपंथी संगठन को धन देने का आरोप लगाया.
इस्लामाबाद की अबपारा पुलिस ने पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के एक कार्यकर्ता के ख़िलाफ़ मामला दर्ज कर उसे गिरफ़्तार कर लिया है.
इस्लामाबाद के अतिरिक्त सत्र जज ने शेख़ रशीद अहमद की ज़मानत याचिका को इस आधार पर ख़ारिज कर दिया था कि अभियुक्त अपने आरोपों को दोहरा रहा था.
शेख़ रशीद के ख़िलाफ़ मुर्री थाने में इन्हीं आरोपों के तहत मामला दर्ज किया गया था, लेकिन स्थानीय अदालत ने उन्हें इस मामले में ज़मानत दे दी थी.
इसी आरोप में बलूचिस्तान और सिंध के थानों में शेख़ रशीद के ख़िलाफ़ भी मामले दर्ज किए गए थे, लेकिन इस्लामाबाद हाई कोर्ट ने उन्हें आगे की कार्रवाई करने से रोक दिया था.
'मित्र काल की कहानी....' राहुल गांधी ने और क्या कुछ लिखा?
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर मोदी सरकार के उद्योपतियों से रिश्ते पर तंज़ कसा है.
राहुल गांधी ने ट्वीट किया है, ''मित्र काल की कहानी. 76 फ़ीसदी एमएसएमई को कोई मुनाफ़ा नहीं. 72 फ़ीसदी की आमदनी स्थिर रही, घटी या फिर ख़त्म. 62 फ़ीसदी को बजट से सिर्फ़ निराशा मिली.''
राहुल गांधी ने ट्वीट में आगे लिखा, ''जिस जादू से एक ‘मित्र’ को दुनिया में दूसरा सबसे अमीर बनाया, वही जादू छोटे व्यापारों पर क्यों नहीं चलाया?''
अपने ट्वीट में राहुल गांधी ने एक ख़बर का स्क्रीनशॉट साझा किया.
इस ख़बर में एक रिपोर्ट के हवाले से कहा गया है कि बीते पांच साल में एमएसएमई के 72 फ़ीसदी उद्योगों की आमदनी में कोई परिवर्तन नहीं आया.
राहुल गांधी बीते कुछ दिनों से गौतम अदानी और पीएम मोदी के रिश्तों पर सवाल उठाते रहे हैं.
संसद में राहुल गांधी ने इससे संबंधित कुछ सवाल भी पूछे थे.
इसके बाद राहुल गांधी को लोकसभा सचिवालय की ओर से नोटिस जारी किया गया था.
समाचार एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से दावा किया कि राहुल गांधी इस मसले पर अपना जवाब दे चुके हैं.
पीएम मोदी बोले, 'दशकों तक वीर-वीरांगनाओं के बलिदानों पर पर्दा डालने की कोशिशें हुईं'
पीएम नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में आदि महोत्सव का गुरुवार को उद्घाटन किया है.
ये आयोजन 16 से 27 फ़रवरी तक दिल्ली के मेजर ध्यानंद स्टेडियम में चलेगा.
इस मौक़े पर पीएम मोदी ने बिरसा मुंडा को भी श्रद्धांजलि दी.
पीएम मोदी ने कहा, ''पहली बार देश ने भगवान बिरसा मुंडा की जन्मदिवस पर जनजातीय गौरव दिवस मनाने की शुरुआत की है. पहली बार अलग-अलग राज्यों में आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी म्यूज़ियम खोले जा रहे हैं.''
पीएम मोदी की कही कुछ अहम बातें
- देश की आज़ादी की लड़ाई में हमारे जनजातीय समाज ने बड़ी अहम भूमिका निभाई थी.
- दशकों तक इतिहास उन स्वर्णिम अध्यायों पर वीर-वीरांगनाओं के उन बलिदानों पर पर्दा डालने की कोशिशें होती रहीं.
- अब अमृत महोत्सव में देश ने अतीत के उन भूले-बिसरे अध्यायों को देश के सामने लाने का बीड़ा उठाया है.
- देश जब आख़िरी पायदान पर खड़े व्यक्ति को अपनी प्राथमिकता देता है, तो प्रगति के रास्ते अपने आप खुल जाते हैं.
रूस से सस्ता तेल क्या भारत के लिए चिंता का सबब बनता जा रहा है?
फ़रवरी 2022 में रूस ने यूक्रेन पर हमला किया था. अमेरिका समेत पश्चिमी देशों ने रूस पर कई तरह के प्रतिबंध लगा दिए. उससे निपटने के लिए रूस ने भारत समते दुनिया के कई देशों को अंतरराष्ट्रीय बाज़ार से कम क़ीमत पर कच्चा तेल बेचने की पेशकश की.
भारत ने रूस का ऑफ़र स्वीकार किया. भारत ने इसे अपने राष्ट्रीय हित में लिया गया फ़ैसला क़रार देते हुए अमेरिका और दूसरे पश्चिमी देशों की नाराज़गी भी मोल ली.
एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि रूस से ज़्यादा से ज़्यादा कच्चा तेल ख़रीदने के कारण भारत का व्यापार घाटा बढ़ता जा रहा है. भारत की इस चिंता का हल क्या है.
थाईलैंड की गुफा से ज़िंदा बचने वाला बच्चा नहीं रहा
साल 2018 में थाईलैंड की एक गुफ़ा में 12 बच्चे फँस गए थे.
इन बच्चों को बचाने के लिए दुनियाभर से गोताखोर और बचावकर्मी आगे आए थे.
ये 12 बच्चे जब सुरक्षित गुफा से बाहर निकले तो कुछ लोगों ने इसे चमत्कार की तरह देखा और बच्चों के बचने की ख़ुशियां मनाई गईं.
मगर अब लगभग पांच साल बाद इन 12 बच्चों में से एक डुआंगपेच प्रोमथेप की मौत हो गई है.
प्रोमथेप की मौत ब्रिटेन में हुई है. बीते साल ही प्रोमथेप ने ब्रिटेन की फुटबॉल एकेडमी में दाखिला लिया था.
प्रोमथेप उस फुटबॉल टीम के कप्तान थे, जो थाईलैंड की गुफ़ा में कोच सहित फँस गई थी.
इन बच्चों को बचाने के लिए जब रेस्क्यू टीम गुफा के अंदर गई थी, तब टॉर्च मारने पर प्रोमथेप का चेहरा दिखा था.
ये तस्वीर उस घटना की यादगार तस्वीरों में से एक थी.
प्रोमथेप की मौत की वजह के बारे में अभी पता नहीं चल पाया है.
पुलिस का कहना है कि इस मौत को फिलहाल संदिग्धता भरी निगाहों से नहीं देखा जा रहा है.
थाईलैंड में छपी कुछ रिपोर्ट्स में ये कहा जा रहा है कि प्रोमथेप के सिर पर चोट लगी थी.
प्रोमथेप को रविवार को अस्पताल में भर्ती करवाया गया था.
बीते साल अगस्त में प्रोमथेप ने इंस्टाग्राम पर ख़ुद के ब्रिटेन की फुटबॉल एकेडमी में दाखिला और स्कॉलरशिप मिलने की बात साझा की थी.
प्रोमथेप के दोस्त ख़ुश थे. प्रोमथेप ने तब लिखा था- आज मेरा सपना पूरा हो गया.
लेकिन छह महीने बाद ही ये पूरा होता सपना बीच में टूट गया और प्रोमथेप दुनिया छोड़कर चले गए.
स्कॉटलैंड: एक इस्तीफ़ा जिसने किया लोगों को हैरान
स्कॉटलैंड में नए फ़र्स्ट मिनिस्टर (शासन प्रमुख) की खोज शुरू हो गई है.
ये खोज निकोला स्टर्जन के इस्तीफ़ा देने के बाद शुरू हुई है. निकोला आठ साल से ज़्यादा वक़्त से इस पद पर थीं.
निकोला के अचानक इस्तीफ़े से कई लोगों को हैरानी हुई थी.
जब तक स्कॉटलैंड के नए फ़र्स्ट मिनिस्टर पद पर कोई नया नहीं आ जाता, तब तक निकोला स्टर्जन पद पर बनी रहेंगी.
एसएनपी की नेशनल एक्ज़ीक्यूटिव कमेटी गुरुवार को बैठक करके नए नेतृत्व को चुने जाने से जुड़ी समय सीमा तय करेगी.
निकोला स्टर्जन ने कहा, ''मेरे दिल और दिमाग़ ने कहा कि वक़्त आ गया है. ये फ़ैसला मेरे, मेरी पार्टी और मेरे देश के लिए सही है.''
त्रिपुरा में 60 सीटों पर मतदान, अब तक कितनी हुई वोटिंग?
त्रिपुरा में आज यानी गुरुवार को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान हो रहा है.
सुबह सात बजे से शुरू हुआ ये मतदान शाम चार बजे तक चलेगा.
चुनाव आयोग ने बताया है कि नौ बजे तक मतदान का फ़ीसद 13 है.
त्रिपुरा में 60 सीटों पर मतदान हो रहा है.
चुनाव आयोग ने वोटिंग के लिए 3337 मतदान केंद्र बनाए हैं. इनमें से 1100 सेंटर को संवेदनशील और 28 को क्रिटिकल सेंटर बताया गया है.
त्रिपुरा चुनाव में मुख्य मुक़ाबला बीजेपी-आईपीएफटी गठबंधन और सीपीआई एम, कांग्रेस और तिपरा मोथा के बीच है.
तिपरा मोथा त्रिपुरा के रॉयल प्रिंस प्रद्योत ब्रिक्रम माणिक्य देवबर्मा की पार्टी है. ये पार्टी त्रिपुरा की 31 फ़ीसदी जनजातीय आबादी के लिए एक अलग राज्य 'ग्रेटर त्रिपरा लैंड' बनाने की बात कर रही है.
साल 2018 के विधानसभा चुनावों में लेफ़्ट ने 16 और बीजेपी ने 36 सीटें जीती थीं.
देखिए मतदान की तस्वीरें
चीन: जिस शहर से फैला कोरोना, वहां अब विरोध प्रदर्शन क्यों?
चीन की सड़कों पर फिर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं. ये प्रदर्शन रिटायर हुए लोग कर रहे हैं.
प्रदर्शन मेडिकल इंश्योरेंस में की जाने वाली कटौती के ख़िलाफ़ हो रहे हैं.
ये प्रदर्शन वुहान में हुए, जहां कोरोना का पहला मामला सामने आया था.
प्रदर्शनकारी बुधवार को वुहान और डालियान में जुटे थे.
सात दिनों में ये दूसरी बार है, जब चीनी सरकार पर दबाव बनाने के लिए विरोध प्रदर्शन हुए हैं.
पहला प्रदर्शन 8 फ़रवरी को तब हुआ था जब प्रशासन की ओर से ये एलान किया गया था कि इलाज के लिए दिए जाने वाले पैसों में कटौती की जाएगी.
ये वो रक़म है जिसे रिटायर हुए लोग सरकार से अस्पताल ख़र्च का बिल लगाकर वापस लेते हैं.
ये प्रदर्शन ऐसे वक़्त में हो रहे हैं जब कुछ दिनों में नेशनल पीपुल्स कांग्रेस की सालाना बैठक होनी है.
सोशल मीडिया पर शेयर की जा रही पोस्ट में देखा जा सकता है कि प्रदर्शनकारियों में बड़ी संख्या बुज़ुर्गों की है.
कुछ दिनों पहले चीन की सरकार के ख़िलाफ़ देश में जमकर प्रदर्शन हुए थे. ये प्रदर्शन कोविड आने के तीन साल बाद भी जारी लॉकडाउन को हटाने को लेकर हुए थे.
इन प्रदर्शनों के बाद चीन की सरकार ने लॉकडाउन के नियमों में कुछ ढील की थी.
हालांकि इस ढील के बाद चीन में कोरोना के मामले तेज़ी से बढ़ने की ख़बरें भी आई थीं.
पहले ना, अब हां: तुर्की दौरे पर जाएंगे पाकिस्तानी पीएम शहबाज़ शरीफ़
तुर्की में बीती छह फरवरी की सुबह आए शक्तिशाली भूकंप के बाद कई देश इस मुश्किल घड़ी में उसका साथ देने के लिए आगे आए हैं.
इन देशों की लिस्ट में पाकिस्तान का नाम भी शामिल है.
भूकंप आने के बाद पाकिस्तान की सूचना प्रसारण मंत्री मरियम औरंगज़ेब ने प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ के तुर्की जाने की घोषणा की थी.
मरियम औरंगज़ेब ने कहा था कि पीएम शरीफ़ आठ फ़रवरी को तुर्की दौरे पर रवाना होंगे और वह भूकंप में मारे गए लोगों के प्रति संवेदना जताएंगे.
लेकिन शहबाज़ शरीफ़ को जिस दिन जाना था, उसी दिन पाकिस्तान की ओर से कहा गया कि प्रधानमंत्री का तुर्की दौरा स्थगित कर दिया गया है.
इस घोषणा के कुछ दिन बाद ही एक बार फिर शहबाज़ शरीफ़ के तुर्की दौरे पर जाने की ख़बर आई है.
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के मुताबिक़, पीएम शहबाज़ शरीफ़ 16 - 17 फ़रवरी को तुर्की दौरे पर रहेंगे.
इस यात्रा के दौरान शहबाज़ शरीफ़ तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप अर्दोआन से भी मिलेंगे.
विदेश मंत्रालय के बयान के मुताबिक़, शरीफ़ इस मुश्किल वक़्त में तुर्की के साथ खड़े रहने की बात को दोहराएंगे.
इसके साथ ही पाकिस्तान तुर्की की हर संभव मदद करने की भी कोशिश करेगा.
अपने दौरे में शरीफ़ तुर्की के भूकंप प्रभावित इलाक़ों में भी जाएंगे. शरीफ़ ने छह फ़रवरी को रेचेप तैय्यप अर्दोआन से फ़ोन पर बात की थी और राहत और बचाव कार्य में मदद करने का आश्वासन दिया था.
पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा है कि तुर्की और पाकिस्तान के रिश्ते गहरे हैं और दोनों मुल्क हर मुश्किल वक़्त में एक-दूसरे के साथ खड़े रहेंगे.
शरीफ़ का दौरा रद्द होने पर कैसी प्रतिक्रिया रही थी?
भारत में पाकिस्तान के उच्चायुक्त रहे अब्दुल बासित का कहना है कि जिस तरह से तुर्की का दौरा प्लान किया गया और जिस तरह से रद्द करना पड़ा वह पाकिस्तान के लिए शर्मनाक है.
बासित ने कहा था कि 'यह तुर्की दौरे का सही मौक़ा नहीं था. लेकिन पाकिस्तान ने ऐसा पहली बार नहीं किया है. तुर्की में पाकिस्तान के राजदूत रहे करामतुल्लाह गोरी ने एक बार बताया था कि 1999 में तुर्की में इसी तरह का भूकंप आया था. तब प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ़ थे.
तब नवाज़ शरीफ़ ने भी तुर्की जाकर संवेदना व्यक्त करने का फ़ैसला किया था. सरताज़ अज़ीज़ तब विदेश मंत्री थे और वह नवाज़ शरीफ़ को तुर्की जाने से मना कर रहे थे. उनका कहना था कि यह सही वक़्त नहीं है.'
पाकिस्तान में पेट्रोल की क़ीमत और बढ़ी, 270 के पार
पाकिस्तान आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रहा है.
इस कारण पाकिस्तान में काफ़ी ज़्यादा महंगाई है. खाने-पीने की चीज़ों के दाम आसमान पर हैं.
पेट्रोल की क़ीमतें पहले से ही काफ़ी ज़्यादा थीं.
अब गुरुवार यानी आज से पाकिस्तान में पेट्रोल, डीज़ल की नई क़ीमतें लागू हो जाएंगी.
बुधवार को पाकिस्तान सरकार ने पेट्रोल के दाम 22 रुपये और हाई स्पीड डीज़ल के दाम 17 रुपये बढ़ाने का फ़ैसला किया था.
बढ़ी क़ीमतों के बाद पाकिस्तान में पेट्रोल 272 और हाई स्पीड डीज़ल 280 रुपये प्रति लीटर मिलेगा.
केरोसिन के दाम भी अब 202 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गए हैं.
पाकिस्तान इन दिनों विदेशी मुद्रा भंडार के खाली होने के ख़तरे से जूझ रहा है.
पाकिस्तान के पास एक महीने के आयात के लिए ही डॉलर बचा है.
जनवरी में पाकिस्तान की वार्षिक मंहगाई दर 27 फ़ीसदी थी.
1975 के बाद पाकिस्तान में मुद्रास्फीति की ये सर्वाधिक दर है. बीते हफ़्ते पाकिस्तानी रुपया डॉलर के मुक़ाबले 275 तक पहुँच गया. ये पिछले साल इन दिनों 175 के आस-पास था.
धीरेंद्र शास्त्री के हिंदू राष्ट्र बनाने की बात पर योगी आदित्यनाथ क्या बोले?
मध्य प्रदेश में बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री ने कुछ दिनों पहले हिंदू राष्ट्र बनाए जाने की बातें कही थीं.
ये बयान सोशल मीडिया पर चर्चा में रहा था.
धीरेंद्र शास्त्री ने कहा था, ''तुम हमारा साथ दो, हम हिंदू राष्ट्र बनाएंगे.''
अब एक निजी न्यूज़ चैनल के कार्यक्रम में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस बयान पर अपनी प्रतिक्रिया दी है.
योगी ने कहा है कि भारत हिंदू राष्ट्र था, है और आगे भी रहेगा.
योगी आदित्यनाथ ने कहा, ''सबसे पहली बात ये है कि हिंदू राष्ट्र से हमारा मतलब क्या है. हिंदू कोई मत, मज़हब, संप्रदाय नहीं है. ये एक सांस्कृतिक शब्दावली है, जो भारत के हर एक नागरिक के लिए फ़िट बैठती है.''
योगी आदित्यनाथ बोले, ''अगर भारत का कोई व्यक्ति हज करने जा रहा है तो वहां उसको कोई हाजी के रूप में नहीं जान रहा होता है, वहां उसको कोई इस्लाम के रूप में नहीं मानता... वहां उसको हिंदू नाम से संबोधित किया जाता है. तब वहां किसी को परेशानी नहीं होती.''
योगी ने और क्या कुछ कहा?
- अगर उस परिप्रेक्ष्य में देखेंगे तो भारत हिंदू राष्ट्र है क्योंकि भारत का हर नागरिक हिंदू है. ये कोई जाति सूचक, मत सूचक शब्द नहीं है.
- ये हमारी सांस्कृतिक एकता है कि हिमालय से समंदर तक के विस्तृत भू-भाग के अंदर जन्मे हुए लोग अपने आप में हिंदू कहलाते हैं. उस रूप में अगर लेंगे तो हिंदू राष्ट्र से किसी को परहेज़ नहीं होना चाहिए.
- अगर आप इसको मत, संप्रदाय या मज़हब के साथ जोड़ रहे हैं तो इसका मतलब है, तब हम हिंदू को समझने की भूल कर रहे हैं.
वर्ल्ड बैंक प्रमुख ने कार्यकाल पूरा होने से पहले दिया इस्तीफ़ा
वर्ल्ड बैंक के प्रमुख डेविड माल्पस ने इस्तीफ़ा देने का एलान किया है.
डेविड ने ये एलान अपना कार्यकाल पूरा होने से पहले किया है.
डेविड का कार्यकाल 2024 में पूरा होने वाला था. डेविड माल्पस डोनाल्ड ट्रंप के कार्यकाल में वर्ल्ड बैंक के प्रमुख बने थे.
डेविड माल्पस के कार्यकाल के दौरान वर्ल्ड बैंक के सामने कई वैश्विक चुनौतियां रहीं.
इनमें कोविड, रूस का यूक्रेन पर आक्रमण और वैश्विक आर्थिक चुनौतियां शामिल हैं.
66 साल के डेविड माल्पस ने कहा, ''काफ़ी सोचने के बाद मैं इस नतीजे पर पहुंचा हूं कि अब नई चुनौतियों का सामना किया जाए. ये मौक़ा है कि नेतृत्व का सरलता से परिवर्तन हो.''
डेविड माल्पस डोनाल्ड ट्रंप के कैंपेन सलाहकार भी रहे थे.
त्रिपुरा विधानसभा चुनाव: 60 सीटों पर आज मतदान
त्रिपुरा विधानसभा चुनाव में आज यानी गुरुवार को वोट डाले जा रहे हैं.
ये मतदान त्रिपुरा की 60 विधानसभा सीटों के लिए होगा.
वोट सुबह 7 बजे से 4 बजे के बीच डाले जाएंगे. चुनाव के परिणाम 2 मार्च को आएंगे.
चुनाव आयोग ने वोटिंग के लिए 3337 मतदान केंद्र बनाए हैं. इनमें से 1100 सेंटर को संवेदनशील और 28 को क्रिटिकल सेंटर बताया गया है.
त्रिपुरा चुनाव में मुख्य मुक़ाबला बीजेपी-आईपीएफटी गठबंधन और सीपीआई एम, कांग्रेस और तिपरा मोथा के बीच है.
तिपरा मोथा त्रिपुरा के रॉयल प्रिंस प्रद्योत ब्रिक्रम माणिक्य देवबर्मा की पार्टी है.
ये पार्टी त्रिपुरा की 31 फ़ीसदी जनजातीय आबादी के लिए एक अलग राज्य 'ग्रेटर त्रिपरा लैंड' बनाने की बात कर रही है.
साल 2018 के विधानसभा चुनावों में लेफ़्ट ने 16 और बीजेपी ने 36 सीटें जीती थीं. दोनों दलों के बीच वोट शेयर का फ़र्क़ एक फ़ीसदी से भी कम था.
बीजेपी को 43.59 फ़ीसदी वोट मिले थे और लेफ़्ट का वोट शेयर 43.35 फ़ीसदी था.
वहीं 2018 में कांग्रेस का वोट शेयर 35.5 फ़ीसदी से गिरकर 1.7 फ़ीसदी हो गया था.
2018 में 36 सीटें जीतकर बीजेपी ने इंडिजिनस पीपुल्स फ़्रंट ऑफ़ त्रिपुरा यानी आईपीएफ़टी के साथ मिलकर सरकार बनाई थी.
इससे पहले त्रिपुरा में 25 साल से लेफ़्ट का शासन था और माणिक सरकार लंबे समय तक राज्य के मुख्यमंत्री रहे थे.
नमस्ते. आपका दिन शुभ हो.
बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा.
15 फरवरी के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.