You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

तुर्की में भूकंप से मरने वालों का आंकड़ा 41 हजार पहुंचा

भूकंप प्रभावित इलाके में राहत का काम चल रहा है लेकिन अब भी लोग खुले में रहने को मजबूर हैं.

लाइव कवरेज

विकास त्रिवेदी

  1. ईरानी राष्ट्रपति के दौरे पर चीन ने समर्थन में कही अहम बात

    ईरान के राष्ट्रपति इब्राहीम रईसी चीन की यात्रा पर हैं.

    चीन के सरकारी मीडिया के मुताबिक़, राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर जल्द से जल्द और उचित प्रस्ताव लाने के लिए कहा है.

    जिनपिंग ने ईरान के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए अपना समर्थन देने की बात की है.

    जिनपिंग ने बीजिंग में ईरानी राष्ट्रपति इब्राहीम रईसी से कहा कि वो ईरान के परमाणु समझौते को लागू करने लिए फिर से सकारात्मक तौर पर बातचीत शुरू करेंगे.

    साल 2015 में ईरान ने जर्मनी, चीन, अमरीका, फ्रांस, ब्रिटेन और रूस के साथ एक समझौता किया था.

    इस समझौते के तहत ईरान पर लगे प्रतिबंधों को हटाने के बदले ईरान को अपने परमाणु कार्यक्रमों को सीमित करना था. लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 2018 में अमेरिका को इससे अलग कर लिया था, इसके बाद से यह समझौता रद्द हो गया था.

    चीन ने इस क़दम की आलोचना की थी और कहा था कि इस समझौते पर फिर से लौटने के लिए अमेरिका को पहल करनी चाहिए.

    सितंबर महीने में अमेरिका ने ईरान के तेल निर्यात से जुड़ी कुछ कंपनियों पर नए प्रतिबंध लगाए थे, इनमें पांच कंपनियां चीन की थीं.

  2. लड़की की लाश फ्रिज में छिपाई, अगले दिन किसी और से शादी की: दिल्ली पुलिस

    कुछ दिनों पहले दिल्ली में श्रद्धा वालकर की हत्या और फ्रिज में लाश के टुकड़े छिपाने की ख़बरें चर्चा में रही थीं.

    अब दिल्ली में इसी तरह का एक और मामला सामने आया है.

    दिल्ली में 24 साल के एक व्यक्ति पर अपनी गर्लफ्रेंड की हत्या करने और लाश फ्रिज में छिपाने का आरोप है.

    अभियुक्त का नाम साहिल गहलोत है और लड़की का नाम निक्की यादव बताया गया है.

    दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच के डीसीपी सतीश कुमार ने न्यूज़ चैनलों को दिए इंटरव्यू में इस बारे में बात की.

    सतीश कुमार ने कहा, ''नौ फ़रवरी को साहिल की मंगनी थी, जो किसी और के साथ तय हो गई थी. 10 फ़रवरी को शादी थी. ये बात जब निक्की यादव को पता चली तो उन्होंने साहिल को मिलने के लिए बुलाया. 9-10 फ़रवरी को साहिल की गाड़ी में दोनों की मुलाक़ात हुई. इस दौरान दोनों की बहस हुई. बहस के दौरान साहिल ने अपने मोबाइल फ़ोन के केबल से निक्की यादव का गला घोंटकर हत्या कर दी. उसके बाद उसके शरीर को छिपाने की नीयत से उसकी लाश को उनके खेतों में जो छोटा सा ढाबा था, उसके फ्रिज में लाश को छिपा दिया.''

    पुलिस ने बताया, ''साहिल गहलोत को गिरफ़्तार कर पूछताछ की. इस पूछताछ में हमें पता चला कि ये दोनों एक-दूसरे को 2018 से जानते थे.''

    दिल्ली पुलिस ने बताया कि महिला दिल्ली के उत्तम नगर से थी और उसकी लाश नजफगढ़ से मिली है.

    अभियुक्त को गिरफ़्तार कर लिया गया है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, निक्की यादव के पिता सुनील यादव ने कहा, ''अभियुक्त को फ़ांसी पर लटका देना चाहिए. हमें निक्की की मौत के बारे में कल ही पता चला. निक्की डेढ़ महीने पहले घर आई थी.''

    दिल्ली पुलिस ने वो कार भी बरामद कर ली है, जिसमें साहिल ने कथित तौर पर निक्की की हत्या की थी. इसी कार से वो निक्की की लाश को ढाबा तक लेकर गए थे.

    इंडियन एक्सप्रेस की ख़बर के मुताबिक़, साहिल फार्मा स्टूडेंट है, जिनका परिवार ढाबा चलाता है. निक्की और साहिल 2018 से साथ रह रहे थे.

    पुलिस अधिकारी ने बताया, ''हमें एक आदमी ने फ़ोन करके बताया कि उसे कई दिनों से निक्की नहीं दिखी है. उसे कुछ शक हुआ क्योंकि अभियुक्त घर से चला गया था और किसी दूसरी लड़की से शादी की थी.''

    निक्की यादव का परिवार हरियाणा के झज्जर से है. पुलिस ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है.

  3. 2021-22 में बीजेपी को मिला सबसे ज़्यादा डोनेशन, कांग्रेस दूसरे नंबर पर: एडीआर

    एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक रिफ़ॉर्म यानी एडीआर की रिपोर्ट के मुताबिक़, 2021-22 में बीजेपी को सबसे ज़्यादा डोनेशन मिला है.

    एडीआर की रिपोर्ट कहती है कि 2021-22 में बीजेपी को 614 करोड़ रुपये और कांग्रेस को 95 करोड़ रुपये डोनेशन में मिले हैं.

    बीजेपी और कांग्रेस ने इस बारे में ख़ुद बताया है.

    बीजेपी ने बताया कि उसे ये रकम 4957 डोनेशन से हासिल हुई. वहीं कांग्रेस ने बताया कि उसे ये राशि 1255 डोनेशन से मिली है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, एडीआर ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि कांग्रेस, एनसीपी, सीपीआई, सीपीआई (एम), एनपीईपी और एआईटीसी को मिली डोनेशन से तीन गुना ज़्यादा डोनेशन बीजेपी को मिली है.

    मायावती की बसपा ने बताया कि 2021-22 में उसे 20 हज़ार रुपये से ज़्यादा डोनेशन नहीं मिली है.

    राष्ट्रीय पार्टियों को मिलने वाली डोनेशन 2021-22 में 31 फ़ीसदी बढ़कर 187 करोड़ तक पहुंच गई है.

  4. CBSE: 10वीं, 12वीं की परीक्षा आज से शुरू, ये हैं कुछ ख़ास बातें

    सीबीएसई की 10वीं और 12वीं क्लास की परीक्षाएं आज यानी 15 फ़रवरी से शुरू हो रही हैं.

    जानिए इन परीक्षाओं के बारे में कुछ अहम बातें.

    • ये परीक्षाएं पांच अप्रैल तक चलेंगी.
    • इन परीक्षाओं में क़रीब 38 लाख 83 हज़ार स्टूडेंट्स बैठेंगे.
    • परीक्षा के लिए 7250 सेंटर बनाए गए हैं.
    • 10वीं क्लास की परीक्षा 16 दिन होंगी और ये 21 मार्च तक पूरी हो जाएंगी.
    • 12वीं क्लास की परीक्षा 36 दिनों तक चलेंगी और ये परीक्षा पांच अप्रैल को पूरी हो जाएंगी.
  5. एक इंस्टाग्राम स्टोरी और 10 साल की सज़ा का ख़तरा

    रूस में एक यूनिवर्सिटी स्टूडेंट को 10 साल तक की सज़ा हो सकती है.

    वजह, यूक्रेन युद्ध के दौरान इंस्टाग्राम पर पोस्ट की एक स्टोरी.

    ओलेस्या क्रिवटसोवा बीते कुछ दिनों से यूनिवर्सिटी नहीं जा पा रही हैं. वो घर में नज़रबंद हैं.

    20 साल की ओलेस्या के पैरों में इलैक्ट्रॉनिक टैग लगा है और पुलिस के पास उनकी पल-पल की जानकारी है.

    ओलेस्या का कथित अपराध ये है कि उन्होंने यूक्रेन-रूस युद्ध के बीच जंग के ख़िलाफ़ सोशल मीडिया पोस्ट की. इनमें से ये पोस्ट क्राइमिया के पुल उड़ाने से संबंधित थी.

    ओलेस्या ने कहा- मैंने पुल से जुड़ी स्टोरी इंस्टाग्राम पर पोस्ट की थी कि यूक्रेन के लोग इससे किस क़दर नाख़ुश थे. मैंने अपने दोस्त की जंग से जुड़ी पोस्ट भी शेयर की थी.

    ओलेस्या कहती हैं, ''इन पोस्ट के बाद एक दिन मैं अपनी मां से फ़ोन पर बात कर रही थी. तभी किसी ने दरवाज़ा खटखटाया. दरवाज़ा खुला तो पुलिस आई. मेरा फ़ोन छीना और मुझे ज़मीन पर लिटा दिया.''

    ओलेस्या पर आतंकवाद को सही ठहराने और रूसी सेना के योगदान को नकारने जैसे आरोप लगाए गए हैं.

    इन आरोपों के चलते ओलेस्या को 10 साल की क़ैद हो सकती है.

    ओलेस्या को सिर्फ़ कोर्ट आने और घर जाने की इजाज़त है.

    ओलेस्या बोलीं, ''मुझे कोई उम्मीद नहीं थी कि एक सोशल मीडिया पोस्ट के कारण किसी को इतनी लंबी सज़ा हो सकती है.

    ओलेस्या के हाथों में पुतिन का एक टैटू भी है, जिस पर लिखा है- बिग ब्रदर आपको देख रहा है.''

  6. पीएम मोदी और राष्ट्रपति बाइडन की फ़ोन पर क्या बात हुई?

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन से फ़ोन पर बातचीत की है.

    दोनों नेताओं ने एयर इंडिया और बोइंग सौदे के ऐतिहासिक समझौते का स्वागत किया.

    पीएम मोदी और बाइडन ने फ़ायदेमंद बताते हुए इस समझौते को रोज़गार के मौक़े पैदा करने वाला बताया.

    बाइडन ने पीएम मोदी को बताया कि इस समझौते के कारण अमेरिका के 44 राज्यों में 10 लाख से ज़्यादा नौकरियां पैदा होंगी.

    व्हाइट हाउस की ओर से जारी बयान के मुताबिक़, एयर इंडिया और बोइंग के बीच हुए समझौते के चलते बोइंग कंपनी से 220 प्लेन ख़रीदे जाएंगे. इनकी क़ीमत 34 बिलियन डॉलर होगी.

    साथ ही एयरलाइन के पास ये विकल्प होगा कि वो ऐसे 70 प्लेन और ख़रीद सकते हैं.

    पीएम मोदी के कार्यालय ने भी बाइडन से हुई बातचीत को सद्बावपूर्ण और सकारात्मक बताया.

    पीएम मोदी ने बोइंग और दूसरी अमेरिकी कंपनियों को निमंत्रण दिया कि वो भारत के बढ़ते सिविल एविएशन सेक्टर में आएं और यहां पैदा होते मौक़ों का फ़ायदा उठाएं.

  7. फ़्लाइंग ऑब्जेक्ट के बारे में अमेरिका ने दी नई जानकारी

    अमेरिका ने तीन फ़्लाइंग ऑब्जेक्ट यानी उड़न तश्तरी को गिराए जाने से जुड़ी कुछ जानकारियां दी हैं.

    अमेरिका ने कहा कि ऐसे कोई संकेत नहीं मिले हैं जिससे ये कहा जा सके कि जिन फ़्लाइंग ऑब्जेक्ट को आसमान में निशाना लगाकर मार गिराया गया था उनका चीन से कोई संबंध है.

    प्रवक्ता जॉन किर्बी ने कहा कि ये ऑब्जेक्ट किसी कमर्शियल या रिसर्च से जुड़ी किसी चीज़ से संबंधित हो सकता है, ये मामूली सा था.

    अमेरिका और कनाडा इन फ़्लाइंग ऑब्जेक्ट्स के अवशेषों की तलाश कर रहे हैं.

    कुछ दिन पहले ही बारी-बारी से अमेरिका ने तीन फ़्लाइंग ऑब्जेक्ट को आसमान से मार गिराया था.

    ये सब उस चीनी ग़ुब्बारे को गिराने के बाद की घटना है जिसे अमेरिका ने जासूसी ग़ुब्बारा बताया था.

    चीन इसे मौसम संबंधित जानकारी जुटाने वाला ग़ुब्बारा बता रहा था.

  8. नमस्ते, आपका दिन शुभ हो.

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है.

    ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 14 फरवरी के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.