You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

तुर्की-सीरिया भूकंप: मृतकों की संख्या 20 हज़ार पार, लगातार जारी है राहत और बचाव कार्य

डब्ल्यूएचओ ने कड़ाके की ठंड में हालत के और ख़राब होने की आशंका जताई है.

लाइव कवरेज

कमलेश मठेनी and चंदन शर्मा

  1. हिंडनबर्ग की रिपोर्ट का अदानी ग्रुप के मेगा प्रोजेक्ट्स पर क्या असर होगा?

    कुछ दिन पहले जब अमेरिका की हिंडनबर्ग रिसर्च ने अदानी समूह के ख़िलाफ़ अपनी एक रिपोर्ट में "लेखांकन धोखाधड़ी, स्टॉक में हेरफेर, और मनी लॉन्ड्रिंग" जैसे इल्ज़ाम लगाए तब इसकी कंपनियों के स्टॉक की कीमतें तेज़ी से गिरने लगीं और जानकारों ने कई तरह के सवाल उठाने शुरू कर दिए.

    इसमें एक महत्वपूर्ण सवाल था कि क्या अब इन आरोपों से समूह को अपने अधूरे और नए मेगा प्रोजेक्ट्स के लिए धन जुटा पाना आसान होगा?

    अदानी समूह की छाप भारत में हर जगह है, चाहे इसके कई प्रकार के उत्पाद हों या बंदरगाह या एयरपोर्ट में निवेश हो.

    संकट से पहले अदानी ग्रुप ख़ुद को 260 अरब डॉलर का समूह बताता था. लेकिन इसकी जिन मौजूदा योजनाओं पर काम चल रहा है या इसकी आने वाली योजनाओं पर अगर अमल हुआ तो विशेषज्ञों का मानना है कि कुछ ही सालों में समूह का आकार दोगुना हो सकता है.

  2. स्वामी प्रसाद मौर्य ने पीएम मोदी को लिखा पत्र, रामचरितमानस से कुछ चौपाइयां हटाने की मांग

    रामचरितमानस की कुछ चौपाइयों पर आपत्ति जताते हुए सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य ने पीएम नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखा है.

    उन्होंने पीएम से इन चौपाइयों को रामचरितमानस से संशोधित करने या प्रतिबंधित करने की अपील की है.

    स्वामी प्रसाद मौर्य ने ट्वीट करके बताया, "रामचरितमानस की कुछ चौपाइयों के आपत्तिजनक अंश जिसमें समस्त महिलाओं, आदिवासियों, दलितों व पिछड़ों को सामाजिक, धार्मिक स्तर पर नित्यप्रति अपमानित होना पड़ता है, को संशोधित/प्रतिबंधित करने एवं पीड़ित वर्ग को सम्मान दिलाने हेतु पत्र राष्ट्रपति जी और प्रधानमंत्री जी को प्रेषित."

    उन्होंने ये भी ट्वीट किया, "मानस की आपत्तिजनक कुछ चौपाइयों को संशोधित व प्रतिबंधित करने की मांग को, कुछ लोग श्रीराम, हिंदू धर्म और रामचरितमानस से जोड़कर मामले को भटकाने की कोशिश कर रहे हैं. ऐसे ही लोग महिलाओं, आदिवासियों, दलितों व पिछड़ों के 97% आबादी के सम्मान के विरोधी हैं."

    रामचरितमानस की चौपाइयों पर आपत्ति जताने की शुरुआत बिहार के शिक्षा मंत्री के बयान से हुई थी.

    शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर ने हाल ही में रामचरितमानस को लेकर कहा था कि इससे समाज में नफ़रत फैल रही है.

    बीजेपी और हिंदूवादी संगठनों ने शिक्षा मंत्री के बयान का विरोध किया था और मांफ़ी की मांग की थी.

    इसके बाद स्वामी प्रसाद मौर्य ने भी रामचरितमानस को लेकर आपत्तिजनक बयान दिया था.

    उन्होंने रामचरितमानस से कुछ अंश हटाने या इस पर प्रतिबंध लगाने की बात कही थी. इसे बयान के ख़िलाफ़ कई जगह एफ़आईआर भी दर्ज कराई गई थी.

  3. रानी रूपमती जिन्होंने पति को हराने वाले शख़्स से शादी के बजाय ज़हर पीना चुना

    यह दृश्य है 16वीं सदी के मालवा का. आज की दिल्ली से लगभग 700 किलोमीटर दक्षिण में यह ऐतिहासिक क्षेत्र मध्य प्रदेश, गुजरात, राजस्थान और महाराष्ट्र के संगम पर स्थित है.

    लेखिका मालती रामचंद्रन के अनुसार, यहां नर्मदा नदी बलखाती है और संगीत सुनाई देता है. नदी के साथ साथ चलते शिकारी बाज़ बहादुर को एक आवाज़ सुनाई देती है.

    चमेली की ख़ुशबू लिए हवा गीत की मधुरता को सुरीले टुकड़ों में पहुंचा रही है. वह आवाज़ का पीछा करते हैं. "चलते-चलते एक बड़े पेड़ के नीचे गाने में मगन एक लड़की को देखते हैं और फिर देखते ही रह जाते हैं. गायिका केंद्रीय राग पर आती हैं तो बाज़ बहादुर उनके साथ गाने में शामिल हो जाते हैं."

    बाज़ बहादुर मियां बायज़ीद का शाही नाम था. वह वैसे तो मध्य भारत के मालवा राज के शासक थे लेकिन संगीत में भी पारंगत थे. इतिहासकार अबुल फ़ज़ल ने उन्हें 'अद्वितीय गायक' बताया है.

  4. डिज़्नी में जाएंगी 7000 नौकरियां, सीईओ ने बताई इसकी वजह

    अमेरिका की मीडिया कंपनी डिज़्नी ने 7000 कर्मचारियों की छंटनी करने का फ़ैसला किया है. कंपनी के सीईओ बॉब ईगर ने इसकी जानकारी दी है.

    डिज़्नी प्लस की स्ट्रिमिंग सर्विस को मुनाफ़े में लाने और 5.5 अरब डॉलर (4 खरब 54 अरब रुपये) की लागत बचाने के लिए ये छटनियां की जा रही हैं.

    बॉब ईगर नवंबर में कंपनी में वापस आए थे. उसके बाद उन्होंने वित्तीय नतीजों की पहली खेप जारी की थी. इसके मुताबिक डिज़्नी प्लस को 2019 में लॉन्च करने के बाद से इसके कमाई में तो बढ़ोतरी हुई है लेकिन इसके सब्सक्राइबर्स में कमी आई है.

    उन्होंने कहा, ''हमें भरोसा है कि हम कंपनी को जो नया आकार देने की कोशिश कर रहे हैं उससे खर्चें कम होंगे. ये हमें स्ट्रीमिंग कारोबार में सतत वृद्धि और मुनाफ़े की तरफ़ ले जाएगा.''

    इस छंटनी के बाद दुनियाभर में डिज़्नी के कर्मचारियों की संख्या में 3.6 प्रतिशत की कमी आएगी.

    साल 2022 में तीसरी तिमाही में वित्तीय नतीजों की घोषणा करते हुए कंपनी के पुनर्गठन की घोषणा की थी.

    वित्तीय नतीजों के मुताबिक कंपनी की आय आठ प्रतिशत बढ़कर 23.5 अरब डॉलर (19 खरब 41 करोड़ रुपये) हो गई थी और शुद्ध आय 11 प्रतिशत बढ़कर 1.3 अरब डॉलर (एक खरब सात अरब रुपये) हुई थी.

    वहीं, तिमाही में डिज़्नी प्लस के सब्सक्राइबर्स की संख्या करीब 24 लाख घटकर 16 करोड़ 18 लाख हो गई.

  5. COVER STORY: भूकंप के बाद ज़िंदगी की जंग

  6. तुर्की में भूकंप के बाद एक भारतीय लापता और 10 फंसे, सरकार चला रही ऑपरेशन दोस्त

    भारतीय विदेश मंत्रालय ने बुधवार को जानकारी दी कि तुर्की में आए भूकंप के बाद एक भारतीय लापता है और 10 वहां दूर-दराज के इलाक़ों में फंसे हुए हैं.

    मंत्रालय ने बताया कि फंसे हुए 10 भारतीय सुरक्षित हैं और भारत से भेजी गईं विशेष टीमें उनका पता लगा रही हैं और बचाव कार्य कर रही हैं.

    तुर्की और उत्तरी सीरिया में सोमवार को आए भूकंप के बाद भारी तबाही हुई है और करीब 12000 लोगों की मौत हो गई हैं.

    वहीं, भारत राहत-बचाव दल और चिकित्सा संबंधी सहायता भेजकर तुर्की और सीरिया को मदद दे रहा है. इसे 'ऑपरेशन दोस्त' का नाम दिया गया है.

    विदेश सचिव (पश्चिम) संजय वर्मा ने मीडिया को बताया कि तुर्की में भूकंप से प्रभावित इलाक़ों में एक भारतीय लापता है जिसकी दो दिनों से तलाश हो रही है. वहीं, 10 भारतीय दूर-दराज के इलाक़ों में फंसे हुए हैं लेकिन सुरक्षित हैं.

    उन्होंने कहा कि तीन भारतीयों ने सरकार से संपर्क किया था जिन्हें सुरक्षित जगह पहुंचा दिया गया था.

    संजय वर्मा ने कहा, ''हमने तुर्की के अदाना में कंट्रोल रूम बनाया है. हम लापता शख़्स के परिवार और उस कंपनी के संपर्क में हैं जिसमें वो काम करते हैं.''

    आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक तुर्की में करीब तीन हज़ार भारतीय रहते हैं. इनमें से इस्तांबुल में 1800 और अंकारा में 250 भारतीय हैं. बाकी भारतीय पूरे देश में अलग-अलग जगह रहते हैं.

  7. अदानी पोर्ट्स और एनडीटीवी के मुनाफ़े में कमी, क्या है वजह

    अदानी समूह की चार कंपनियों ने मंगलवार को अपने तीसरी तिमाही के नतीजों की घोषणा की है. पिछले साल अक्टूबर से दिसंबर के दौरान अदानी समूह की दो कंपनियों अदानी पोर्ट्स और एनडीटीवी के मुनाफ़े में कमी आई है.

    वहीं, अदानी ग्रीन और अंबुजा सीमेंट्स की शुद्ध आय तीन महीनों के दौरान बढ़ी है. अदानी पोर्ट्स का लाभ तीसरी तिमाही में 13 प्रतिशत गिरकर 1337 करोड़ हो गया है. वहीं, एनडीटीवी का लाभ 50 प्रतिशत गिरकर 15 करोड़ हो गया है.

    वहीं, दूसरी तरफ़ अदानी ग्रीन की शुद्ध आय 110 प्रतिशत बढ़कर 103 करोड़ रुपये और अंबुजा सीमेंट्स की शुद्ध आय 13 प्रतिशत बढ़कर 488 करोड़ रुपये हो गई है.

    कंपनी के मुताबिक अदानी पोर्ट्स के लाभ में विदेशी मुद्रा में नुक़सान की वजह से कमी आई है. वहीं, एनडीटीवी को कमज़ोर विज्ञापन मांगों के कारण नुक़सान उठाना पड़ा है. इसका राजस्व एक साल पहले के 116 करोड़ रुपये के मुक़ाबले तिमाही में 9.4% घटकर 105 करोड़ रुपये रह गया है.

    अदानी ग्रीन की कमाई में बढ़ोतरी की वजह संयुक्त उद्यमों और सहयोगियों से मिलने वाला लाभ बना है. इनसे 2021-22 के तीसरी तिमाही में जहां एक करोड़ का लाभ हुआ वहां 2022-23 में 44 करोड़ का लाभ हुआ है.

    अंबुजा सीमेंट्स के चौथी तिमाही के लाभ में सुधार हुआ है क्योंकि मांग में तेज़ी आई है. अंबुजा सीमेंट्स के नतीजों में इसकी स्टेप-डाउन फर्म (किसी सब्सिडियरी की सब्सिडियरी कंपनी) एसीसी का वित्तीय प्रदर्शन शामिल है, जिसमें इसकी लगभग 51% हिस्सेदारी है.

    हाल ही में हिंडनबर्ग रिपोर्ट सामने आने के बाद अदानी समूह के शेयर में भारी गिरावट आई है. आने वाली तिमाही में इसका भी असर देखने को मिल सकता है.

  8. भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया: सूर्य कुमार यादव, केएस भरत का डेब्यू

    भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट सिरीज़ की शुरुआत गुरुवार से नागपुर में हो रही है.

    पहले टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतते हुए पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला किया है.

    टीम में सूर्य कुमार यादव और केएस भरत पहली बार टेस्ट में अपना डेब्यू करेंगे.

    ऑस्ट्रेलिया टीम भारत में चार टेस्ट मैच खेलेगी. ये टेस्ट मैच बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के लिए खेले जाएंगे.

    टीम में कौन कौन?

    भारत: रोहित शर्मा, केएल राहुल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, केएस भरत, रविंद्र जाडेजा, आर अश्विन, अक्षर पटेल, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज.

    ऑस्ट्रेलिया: डेविड वॉर्नर, उस्मान ख्वाजा, मार्नस लबुसाने, स्टीव स्मिथ, मैट रेनशॉ, पीटर हैंड्सकॉम्ब, एलेक्स कैरी, पेट कमिंस, नाथन लायन, टॉड मर्फी, स्कॉट बोलैंड.

    ये सिरीज़ ख़ास क्यों?

    मौजूदा समय में टेस्ट क्रिकेट की दो सबसे बेहतरीन टीमों के बीच होने वाले इस मुक़ाबले पर दुनिया भर की नज़रें टिकी होंगी.

    इस सिरीज़ के फ़ैसले से ही जून महीने में होने वाली वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फ़ाइनल में पहुंचने वाली दूसरी टीम का फ़ैसला होना है.

    इस सिरीज़ को जीतने वाली टीम को वर्ल्ड चेस्ट चैंपियनशिप, 2021-23 के फ़ाइनल में प्रवेश मिलेगा. भारतीय टीम का प्राथमिक लक्ष्य यही होगा. वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की मौजूदा अंक तालिका में भारतीय टीम दूसरे स्थान पर है.

    अगर भारत ये सिरीज़ 4-0 के अंतर से जीतता है तो उसे फ़ाइनल में प्रवेश मिलेगा.

    भारतीय टीम अगर ये सिरीज़ 2-0 या उससे अधिक के अंतर से जीतती है तो टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष पायदान पर पहुंच जाएगी.

    अगर भारतीय टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष पायदान पर पहुंचती है तो यह क्रिकेट इतिहास में केवल दूसरा मौका होगा जब एक ही टीम क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में शीर्ष रैंकिंग हासिल करेगी.

    भारत पहले से ही वनडे और टी-20 की शीर्ष टीम है. इससे पहले 2004 में दक्षिण अफ्रीकी टीम ने ये कारनामा कर दिखाया था.

  9. 14 फरवरी को 'काउ हग डे' मनाने की अपील, क्या ये चलन नया है या पुराना?

    भारतीय पशु कल्याण बोर्ड ने 14 फ़रवरी को 'गौ आलिंगन दिवस' (काउ हग डे) मनाने की अपील की है.

    बोर्ड का कहना है कि गाय के महत्व और इंसान के जीवन में योगदान को देखते हुए ये दिवस मनाएं. बोर्ड ने भारत पर पश्चिमी सभ्यता के बढ़ते प्रभाव का ज़िक्र भी किया गया है.

    भारतीय पशुकल्याण बोर्ड ने कहा है, ''गाय भारतीय संस्कृति और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, हमारे जीवन को संवारती है. वह पशुधन और जैव विविधता का प्रतिनिधित्व करती है. समय के साथ पश्चिमी संस्कृति की प्रगति के कारण वैदिक परंपराएं लगभग विलुप्त होने की कगार पर हैं. पश्चिमी सभ्यता की चकाचौंध ने हमारी भौतिक संस्कृति और विरासत को लगभग भुला सा दिया है.''

    ''गाय के अपार लाभों को देखते हुए गाय को गले लगाने से भावनात्मक समृद्धि आएगी और हमारे व्यक्तिगत और सामूहिक सुखों में वृद्धि होगी. इसलिए सभी गौ प्रेमी भी गौ माता के महत्व को ध्यान में रखते हुए 14 फरवरी को गौ आलिंगन दविस (काउ हग डे) के रूप में मनाएं.''

    दुनिया भर में आमतौर पर 14 फरवरी की तारीख़ वैलेंटाइन डे के तौर पर मनाई जाती है. इसे प्यार का दिन भी कहा जाता है. दक्षिणपंथी संगठन वैलेंटाइन डे का विरोध करते हैं और इसे पश्चिमी संस्कृति का दुष्प्रभाव बताते हैं.

    इस अपील की चर्चा सोशल मीडिया पर भी है.

    टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने इस मुद्दे पर ट्वीट किया, ''तो अब सरकार ने हमारे लिए वेलेंटाइन्स डे के प्लान भी बना लिए हैं.''

    फ़ैक्ट चैकर मोहम्मद ज़ुबैर ने लिखा, ''पहले मुझे लगा था कि ये फ़ेक न्यूज़ है. कई न्यूज़ चैनलों और वैरिफाइड हैंडल्स की ओर से किए इन ट्वीट्स को मैंने आर्काइव भी किया. बाद में पता चला कि ये फ़ेक न्यूज़ नहीं, सच है. पशु कल्याण बोर्ड चाहता है कि अब आप 14 फरवरी को गाय को गले लगाएं क्योंकि इससे शांति और सुकून बढ़ेगा.''

    गाय को गले लगाने का चलन

    नीदरलैंड्स में अपना ख्याल रखने की एक परंपरा कुछ वक़्त पहले चर्चा में आई थी.

    स्थानीय भाषा में इसे 'काऊ नफ़लेन' कहते हैं जिसका मतलब है गायों को गले लगाना.

    ये परंपरा गायों से सटकर बैठने के दौरान मिलने वाली मन की शांति पर आधारित है.

    गायों को गले लगाने वाले किसी फार्म का दौरा करते हैं और वहां किसी एक गाय के साथ घंटों तक सटकर बैठते हैं. गाय की पीठ थपथपना और उसके साथ सटकर बैठना या उसे गले लगा लेना, ये सब थेरेपी का हिस्सा हैं.

    अगर गाय पलटकर आपको चाटती है तो वो बताती है कि आपके और उसके बीच विश्वास कितना गहरा है.

    गाय के शरीर का गर्म तापमान, धीमी धड़कनें और बड़ा आकार उन्हें सटकर बैठने वालों को शांति का अहसास देता है. ये एक सुखदायक अनुभव होता है. यही नहीं इससे गायों को भी सुखद अहसास होता है. ये उनकी पीठ खुजलाने जैसा है.

    ये माना जाता है कि पालतू जानवरों को गले लगाने से जो मन की शांति का अहसास होता है वो बड़े जानवर के साथ और ज़्यादा बढ़ जाता है.

    पूरी ख़बर यहां पढ़िए.

  10. तुर्की, सीरिया में भूकंप से 12 हज़ार लोगों की मौत, अर्दोआन ने किया सरकार का बचाव

    तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप अर्दोआन ने भूकंप के बाद हालात संभालने को लेकर उठ रहे सवालों पर सरकार का बचाव किया है.

    उन्होंने कहा कि इस स्तर तक कि आपदा के लिए तैयार रहना असंभव है.

    तुर्की और उत्तरी सीरिया में सोमवार को आए भूकंप में अब तक करीब 12 हज़ार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है.

    आलोचकों का कहना है कि आपातकाल सेवाएं सुस्त रफ़्तार से काम कर रही हैं और सरकार की तैयारी भी सही नहीं थी.

    राष्ट्रपति अर्दोआन ने माना की कुछ समस्याएं आई थीं लेकिन अब स्थिति ''नियंत्रण में'' है.

    लेकिन, तुर्की की मुख्य विपक्षी पार्टी के नेता केमाइल कुलुचतरोलो ने इससे असहमति जताई.

    उन्होंने कहा, ''अगर इसके लिए कोई ज़िम्मेदार है तो वो अर्दोआन हैं.''

    राष्ट्रपति ने इन आरोपों से इनकार किया है और कहा है कि आपदा के समय में एकजुटता की ज़रूरत होती है. उन्होंने रिपोर्ट्स से कहा, ''ऐसी स्थिति में, मेरे लिए ऐसे लोगों को बर्दाश्त करना मुश्किल होता है जो राजनीतिक फायदे के लिए नकारात्मक अभियान चलाते हैं.''

    सीरिया में लंबे समय से चल रहे टकराव के कारण बुनियादी ढांचा तबाह हो गया है जिससे वहां मदद पहुंचाने में मुश्किल आ रही है.

    भूकंप के बाद से तुर्की और सीरिया के बीच बाब अल-हवा क्रॉसिंग पूरी तरह से बंद है और सड़कें टूट गई हैं.

    संयुक्त राष्ट्र के एक अधिकारी ने कहा कि सड़कों तक जल्द ही पहुंच हो जाएगी. तुर्की के विदेश मंत्री मेवलूत चेवूशोगलू ने इस बात की पुष्टि की है कि देश दो तरफ़ से सीमाएं और खोल सकता है ताकि सीरिया को मदद पहुंचाई जा सके.

    यूरोपीय संघ ने पुष्टि की है कि वो सरकार के अनुरोध पर सीरिया में 35 लाख यूरो (31 करोड़ रुपये) की मदद भेज रहा है. लेकिन, ये मदद सरकार और विद्रोहियों के नियंत्रण वाले दोनों ही इलाक़ों में पहुंचनी चाहिए.

    इदलिब प्रांत में 1500 से ज़्यादा लोग मारे गए हैं. सारिया के राष्ट्रपति बशर अल-असद के सलाहकार ने कहा कि प्रतिबंधों के कारण सीरिया को ज़रूरत के मुताबिक मदद नहीं मिल पा रही है.

  11. नमस्कार, बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. अभिवादन स्वीकार कीजिए.

    ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 08 फरवरी के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिककर सकते हैं.

    आज की अहम ख़बरें–

    • तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप अर्दोआन ने सरकार का बचाव करते हुए कहा कि इस स्तर तक कि आपदा के लिए तैयार रहना असंभव है.
    • तुर्की और उत्तर सीरिया में सोमवार को आए भूकंप में करीब 12 हज़ार लोगों की मौत हो गई है.
    • यूरोपीय संघ ने पुष्टि की है कि वो सरकार के अनुरोध पर सीरिया में 35 लाख यूरो (31 करोड़ रुपये) की मदद भेज रहा है.
    • भारतीय विदेश मंत्रालय के मुताबिक तुर्की में आए भूकंप के बाद 10 भारतीय अलग-अलग इलाक़ों में फंसे हैं और एक लापता है.