You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

महिला टी-20 ट्राई सीरिज़: भारत को हराकर दक्षिण अफ़्रीका ने जीता टूर्नामेंट

दक्षिण अफ़्रीका में हुआ भारत, वेस्ट इंडिज़ और साउथ अफ़्रीका की महिला क्रिकेट टीमों के बीच टी-20 टूर्नामेंट घरेलू टीम ने जीत लिया है.

लाइव कवरेज

कीर्ति दुबे and दीपक मंडल

  1. UPSC: इस बेहद मुश्किल परीक्षा में कामयाब होने का राज़ क्या है?

  2. महिला टी-20 ट्राई सिरीज़: भारत को हराकर साउथ अफ़्रीका ने जीता टूर्नामेंट

    भारत, वेस्ट इंडीज़ और साउथ अफ़्रीका की महिला क्रिकेट टीमों के बीच हुआ टी-20 टूर्नामेंट साउथ अफ़्रीका ने जीत लिया है.

    फाइनल मैच में साउथ अफ़्रीका की क्लोइ ट्रेयन की जबरदस्त बल्लेबाज़ी की बदौलत टीम ने भारत को पांच विकेट से हरा दिया.

    क्लोई ने 57 रन की नाबाद पारी खेली. दक्षिण अफ़्रीका की तरफ से नदीन डी क्लार्क ने 17 और कप्तान सुन लूस ने 12 रन बनाए.

    ईस्ट लंदन में हुए मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 109 रन बनाए थे.

    जेमिमा रोड्रिग्स 18 गेंद खेल कर 11 रन ही बना सकीं. रोड्रिग्स और हरलीन देओल के बीच 48 गेंदों में 48 रन की साझेदारी हुई.

    कप्तान हरमनप्रीत 22 गेंद पर 21 रन बनाकर आउट हुईं.

    दीप्ति और हरलीन देओल के बीच चौथे विकेट के लिए 28 गेंद पर 39 रन की साझेदारी हुई.

    देओल 46 रन बनाकर आउट हुईं.

  3. पाकिस्तान: पुलिस की वर्दी में आया था पेशावर मस्जिद का आत्मघाती हमलावर

    सोमवार को पेशावर की मस्जिद पर हमला करने वाला आत्मघाती हमलावर पुलिस की वर्दी पहन कर वहां घुसा था. इस हमले में कम से कम 100 लोग मारे गए थे. इनमें से ज्यादातर पुलिसकर्मी थे.

    कहा जा रहा है कि आत्मघाती हमलावर इस सुरक्षित इलाके के मुख्य दरवाजों से ही मस्जिद में घुसा था.

    पुलिस चीफ मोअज्ज़म जाह अंसारी ने कहा कि उन्होंने सीसीटीवी में हमलावर के फाइनल मूवमेंट को देखा है.

    पुलिस इस हमले के लिए जिम्मेदार ‘टेरर नेटवर्क’ का पता करने में जुटी है. उन्होंने घटनास्थल से एक कई सबूत एकत्र किये हैं.

    हमलावर के पुलिस वर्दी में होने की वजह से पुलिस उसे पहचान नहीं सकी.

    अंसारी ने कहा,‘’ मैं मानता हूं कि सुरक्षा में चूक हुई. हमारे लोग उसे पकड़ नहीं पाए. ये हमारी गलती है.’’

    उन्होंने कहा,‘’ पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से हमलावर की मोटर साइकिल यात्रा के रास्ते का पता लगा लिया है.’’

    मोटरसाइकिल पार्क करते वक़्त हमलावर पुलिस यूनिफॉर्म में था. उसने हेलमेट भी पहन रखा था. कंपाउंड में घुसने के बाद उसने एक कांस्टेबल से मस्जिद का रास्ता पूछा था.

    सोमवार को पेशावर के हाई सिक्योरिटी पुलिस जोन पुलिस लाइन में एक 50 साल पुरानी मस्जिद पर एक फिदाइन हमला हुआ था.

    हमलावर ने वहां लोगों के बीच पहुंच कर खुद को उड़ा लिया था. इस हमले में कम से कम से 100 लोग मारे गए थे. इनमें से अधिकतर पुलिसकर्मी थे.

  4. यूनिफॉर्म सिविल कोड पर सरकार का लोकसभा में अहम बयान, क्या कहा?

    केंद्र सरकार ने राज्यसभा में गुरुवार को बताया है कि देश में यूनिफॉर्म सिविल कोड यानी समान नागरिक संहिता लागू करने को लेकर फ़िलहाल कोई फ़ैसला नहीं हुआ है.

    क़ानून मंत्री किरेन रिजिजू ने लिखित जवाब में बताया, ''सरकार ने 21वें लॉ कमीशन से यूनिफॉर्म सिविल कोड से जुड़े मुद्दों को देखने और सिफारिशें देने की गुज़ारिश की थी.''

    रिजिजू के मुताबिक़, ''21वें लॉ कमीशन का कार्यकाल 31 अगस्त 2018 को ख़त्म हुआ था. ऐसे में लॉ कमीशन की ओर से बताया गया कि यूनिफॉर्म सिविल कोड का मामला 22वें लॉ कमीशन के समक्ष उठाया जा सकता है.''

    क़ानून मंत्री ने कहा, ''इसी के चलते यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू करने को लेकर फिलहाल कोई फ़ैसला नहीं हुआ है.''

    समाचार एजेंसी पीटीई ने सरकार से जुड़े सूत्रों के हवाले से बताया है कि मौजूदा लॉ पैनल के इस महीने ख़त्म हो रहे कार्यकाल को तीन साल के लिए बढ़ाया जा सकता है.

    मौजूदा लॉ पैनल 21 फरवरी 2020 को गठित किया गया था लेकिन इसके अध्यक्ष और सदस्यों की नियुक्ति बीते साल नवंबर में हुई थी.

    यूनिफॉर्म सिविल कोड 2014 और 2019 में बीजेपी का चुनावी वादा रहा है और बीजेपी नेताओं की ओर से इसे लेकर प्रतिक्रियाएं आती रहती हैं.

  5. सुनिए दिनभर- पूरा दिन, पूरी ख़बर

  6. सौ दिनों के काम के मद में पैसे नहीं मिले तो केंद्र के ख़िलाफ़ आंदोलन करेंगी ममता

      • Author, प्रभाकर मणि तिवारी
      • पदनाम, कोलकाता से, बीबीसी हिंदी के लिए

    सौ दिनों के काम के मद में बकाया रकम पर केंद्र और बंगाल सरकार के बीच जारी खींचतान के बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस मुद्दे पर आंदोलन की चेतावनी दी है.

    उन्होंने बर्दवान में आयोजित एक जनसभा में कहा, "केंद्र सरकार ने अगर सौ दिनों के काम के मद में पैसे नहीं दिए तो बंगाल में बड़े पैमाने पर आंदोलन होगा."

    उन्होंने रोजगार के मुद्दे पर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा.

    उनका कहना था कि केंद्रीय बजट में रोजगार पैदा करने पर कोई ठोस बात नहीं है. ममता ने सवाल किया, "सरकार ने सौ दिनों के काम के पैसे क्यों काट लिए हैं.?"

    मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार अपनी ताकत दिखा रही है. चुनाव से पहले बड़ी-बड़ी बातें कर रही है. छोटी-छोटी बात पर भी राज्य में केंद्रीय टीम भेज दी जाती है.

    उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार सौ दिनों के काम के लिए पैसे नहीं दे रही है. बावजूद इसके राज्य सरकार ने 40 लाख कार्यदिवस सृजित किए हैं.

    ममता की चेतावनी पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने कहा, "केंद्र के पैसे नहीं देने की वजह ममता को मालूम है. सौ दिनों के काम की योजना में भारी भ्रष्टाचार हुआ है. राज्य सरकार पहले खर्च का हिसाब भेजे. अगले दिन ही पैसे मिल जाएंगे."

  7. पाकिस्तान - शेख़ राशिद दो दिन की पुलिस कस्टडी में, कहा- पुलिस ने अब तक नहीं पूछा कोई सवाल

    इस्लामाबाद की स्थानीय अदालत ने अवामी मुस्लिम लीग के प्रमुख और पाकिस्तान के पूर्व गृह मंत्री शेख़ राशिद को दो दिन की पुलिस रिमांड में भेज दिया है.

    शेख राशिद ने इमरान ख़ान के उन आरोपों दोहराया था, जिनमें ज़रदारी पर पीटीआई चेयरमैन को मारने की साज़िश की बात कही गई थी.

    शेख़ राशिद के खिलाफ इस्लामाबाद के अबपारा थाने में मामला दर्ज किया गया था.

    गुरुवार को राशिद न्यायिक मजिस्ट्रेट उमर शब्बीर की अदालत में पेश किया गया, जहां अभियोजन पक्ष ने उन्हें आठ दिन के रिमांड पर भेजने का अनुरोध किया.लेकिन अदालत ने इस अनुरोध को स्वीकार नहीं किया और सिर्फ उन्हें दो दिन की रिमांड पर भेजा.

    शेख़ राशिद ने अदालत में कहा कि जब से उन्हें गिरफ़्तार किया गया है, उनसे एक भी सवाल नहीं पूछा गया. शेख़ राशिद ने अदालत को बताया कि उनके घर पर पुलिस की छापेमारी का एक वीडियो है.

    उन्होंने कोर्ट को बताया कि इमरान खान ने आसिफ़ ज़रदारी के बारे में जो कहा, उसे वह सही मानते हैं.

    इमरान खान ने 27 जनवरी को टीवी पर एक भाषण में कहा था कि आसिफ जरदारी ने उनकी हत्या की योजना बनाई है. हमले की जिम्मेदारी एक चरमपंथी गुट को दी गई है.

    हालांकि इमरान ख़ान ने इस आरोप के समर्थन में कोई सुबूत पेस नहीं किया था.

    बाद में शेख़ राशिद ने इमरान के उस आरोप को ही दोहराया था, जो उन्होंने टीवी पर भाषण के दौरान लगाया था. शेख़ राशिद की अवामी मुस्लिम लीग इमरान की गठबंधन सरकार में शामिल थी.

    शेख़ रशीद और उनके भतीजे ने कहा था कि पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के दौरान उनके घर पर दुर्व्यवहार किया.

    लेकिन इस्लामाबाद पुलिस ने कहा है कि उस वक्त शेख रशीद अहमद के घर पर कोई बच्चा मौजूद नहीं था. उनके घर की न तो कोई खिड़की तोड़ी गई और न ही कोई और तोड़ फोड़ हुई.

    उल्टे शेख़ रशीद ने पुलिस अधिकारियों से गाली-गलौज की. न तो शेख रशीद और उनके किसी कर्मचारी के साथ दुर्व्यवहार किया गया.

  8. मोदी डॉक्यूमेंट्री पर ब्रिटेन ने कहा- बीबीसी स्वतंत्र मीडिया आउटलेट

    ब्रिटेन की सरकार ने बीबीसी को एक स्वतंत्र मीडिया आउटलेट बताया है.

    ब्रिटेन में रह रहे कुछ भारतीयों की ओर से भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री के विरोध के बीच प्रधानमंत्री ऋषि सुनक के प्रवक्ता ने कहा, ''बीबीसी के आउटपुट पूरी तरह स्वतंत्र हैं, लेकिन हम भारत को जबरदस्त अहम अंतरराष्ट्रीय साझेदार मानते हैं. इस रिश्ते को मज़बूत करने के लिए हम और ज़ोर लगाएंगे.’’

    प्रवक्ता ने डॉक्यूमेंट्री पर भारत की निंदा के बारे में पूछे गए सवाल पर विदेश मंत्री जेम्स क्लीवरली के उस बयान को दोहराया जिसमें कहा गया था कि ब्रिटेन भारत के साथ अपने रिश्तों को मज़बूत करता रहेगा.

    बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री ‘द मोदी क्वेश्चन’ में 2002 के गुजरात दंगों में नरेंद्र मोदी की भूमिका पर सवाल उठाए गए थे.

  9. अमेरिका: भारतीय मूल के चार सांसद ताकतवर संसदीय कमेटियों में नियुक्त

    अमेरिका में भारतीय मूल के चार सांसदों को संसद के तीन अहम पैनलों का सदस्य बनाया गया है.

    प्रमिला जयपाल, एमी बेरा, राजा कृष्णमूर्ति और रो खन्ना इन प्रभावशाली पैनलों में बतौर सदस्य शामिल किए गए हैं.

    जयपाल को इमिग्रेशन के लिए बने प्रभावशाली हाउस ज्यूडिशियरी कमेटी के पैनल का रैंकिंग सदस्य नामित किया गया है. इसी के साथ वह उप कमेटी में नेतृत्वकारी भूमिका निभाने वाली पहली आप्रवासी बन गई हैं.

    57 साल की प्रमिला वॉशिंगटन के सातवें कांग्रेसनल जिले का प्रतिनिधित्व करती हैं. उन्होंने आप्रवासन, खंडता, सुरक्षा और प्रवर्तन पर काम करने वाली उपसमिति की महिला सदस्य जो लोफग्रेन की जगह ली है.

    बेरा भी 57 साल के हैं और उन्हें भी इंटेलिजेंस से जुड़े मामलों को देखने वाले प्रभावशाली संसदीय कमेटी की सदस्य चुना गया है. बेरा छह बार से कांग्रेस के लिए चुने जा रहे हैं.

    राजा कृष्णमूर्ति चीनी कम्यूनिस्ट पार्टी और अमेरिका के बीच रणनीतिक प्रतिस्पर्द्धा पर हाउस सेलेक्ट कमेटी के रैंकिंग मेंबर चुने गए हैं. रो खन्ना को भी नई कमेटी का मेंबर बनाया गया है. रो खन्ना कैलिफोर्निया से चुन कर आए हैं.

  10. पठान की कमाई की रफ़्तार अब भी तेज़ या हुई धीमी?

    शाहरुख़ ख़ान की फ़िल्म 'पठान' की कमाई की रफ़्तार अब कुछ धीमी हुई है.

    यशराज फ़िल्म्स के मुताबिक़, पठान ने अब तक दुनियाभर में 667 करोड़ रुपये कमा लिए हैं.

    फ़िल्म ने भारत में 417 करोड़ और विदेश में 250 करोड़ रुपये की कमाई की है.

    पठान 25 जनवरी, बुधवार को रिलीज़ हुई थी और ये कमाई एक फरवरी तक की है. यानी फ़िल्म की आठ दिन की कमाई 667 करोड़ रुपये है.

    फ़िल्म 25 जनवरी को ऐसे वक़्त में रिलीज़ हुई थी, जब 26 जनवरी और फिर शनिवार, रविवार की छुट्टियां भी थीं.

    फ़िल्म ने शुरुआती कुछ दिनों में कमाई के मामले में कई रिकॉर्ड्स तोड़े थे.

    यशराज फ़िल्म्स ने दावा किया था कि पठान विदेशों में सबसे तेज़ कमाई करने वाली हिंदी फ़िल्म है.

    पठान फ़िल्म से शाहरुख़ ख़ान ने चार साल बाद पर्दे पर वापसी की थी. इस साल शाहरुख़ की दो और फ़िल्में भी रिलीज़ होनी हैं.

    इन फ़िल्मों में जवान और राजकुमार हिरानी की डंकी फ़िल्म शामिल है.

    पठान फ़िल्म के डायरेक्टर सिद्धार्थ आनंद हैं और फ़िल्म में दीपिका पादुकोण, जॉन अब्राहम भी अहम भूमिका में थे.

  11. इंडियन रेलवे मैनेजमेंट सर्विस में नौकरियां अब UPSC के ज़रिए

    इंडियन रेलवे मैनेजमेंट सर्विस के लिए भर्तियां अब सिविल सर्विसेज परीक्षा की जरिए होंगी. 2023 के लिए ये परीक्षा संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) आयोजित करेगा.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, रेल मंत्रालय ने गुरुवार को एक बयान जारी कर इस बदलाव के बारे में जानकारी दी है.

    पहले कहा गया था कि 2023 में इंडियन रेलवे मैनेजमेंट सर्विस में भर्तियां इसके लिए आयोजित होने वाली एक ख़ास परीक्षा के जरिए होगी लेकिन अब ये फ़ैसला बदल दिया गया है.

    रेल मंत्रालय के मुताबिक़, ‘यूपीएससी और कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग से सलाह के बाद इंडियन रेलवे मैनेजमेंट सर्विस में भर्तियां सिविल सर्विस परीक्षा के जरिए करने का फैसला हुआ है. ये परीक्षा यूपीएससी करवाता है.’

    मंत्रालय ने इस फैसले में बदलाव की कोई वजह नहीं बताई है लेकिन माना जा रहा है कि गैर-इंजीनियरिंग कैडर के अफ़सरों के दबाव में ऐसा किया गया है.

  12. जम्मू-कश्मीर में पुलिस का दावा- पहली बार बरामद हुआ ‘परफ़्यूम बम’

    जम्मू-कश्मीर पुलिस ने दावा किया है कि उसने एक चरमपंथी से परफ़्यूम आईईडी बरामद किया है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़ जम्मू-कश्मीर के डीजीपी दिलबाग सिंह ने कहा है कि पुलिस ने यहाँ पहली बार पर परफ़्यूम आईईडी बरामद किया है.अगर कोई इसे दबाने या खोलने की कोशिश करेगा तो ये फट जाएगा.

    दिलबाग सिंह ने बताया,‘’अभियुक्त ने दिसंबर के आख़िर में तीन आईई़डी हासिल किए थे. इनमें से दो का इस्तेमाल मरवाल इलाक़े में हुआ था. गिरफ़्तार अभियुक्त आरिफ़ लश्कर-तैयबा के चरमपंथी कासिम के इशारे पर काम करता था. कासिम पाकिस्तान से ऑपरेट करता है. हाल में इस इलाक़े में हुई चरमपंथी गतिविधियों के लिए वही ज़िम्मेदार है.‘’

    दिलबाग सिंह के मुताबिक़ ये दोनों बम 20 जनवरी को प्लांट किए गए थे. 21 जनवरी को मरवाल में 20 मिनट के अंतराल के बाद दो विस्फोट हुए थे.पहले विस्फोट के बाद नौ लोग घायल हो गए थे.

    पुलिस का कहना है कि इसके बाद ही पाकिस्तान के हैंडलर में पिछले तीन साल से संपर्क में रहे चरमपंथी आरिफ को गिरफ्तार किया गया था.

    पुलिस ने जिस कथित चरमपंथी आरिफ़ को गिरफ़्तार किया है, वो पहले सरकारी स्कूल में पढ़ाते थे. पुलिस के मुताब़िक वो रियासी जिले का रहने वाला है.

  13. बिहार: आईएएस अधिकारी के गाली वाले वायरल वीडियो पर मंत्री क्या बोले?

    बिहार के आबकारी मंत्री सुनील कुमार ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी के सोशल मीडिया पर शेयर किए जा रहे वीडियो पर प्रतिक्रिया दी है.

    इस वीडियो के सोशल मीडिया पर शेयर होने के बाद आबकारी मंत्री सुनील कुमार ने कहा, ''हमने वीडियो सुना है. मैं मामले को देखूंगा और जो भी ज़रूरी कदम उठाए जाने हैं, वो उठाए जाएंगे.''

    दरअसल बिहार के एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है.

    इस वीडियो में ये अधिकारी गाली देते हुए सुनाई दे रहे हैं. साथ ही वो अपने जूनियर अधिकारियों के साथ भी अनुचित तरीके से बात करते हुए भी सुनाई दे रहे हैं.

    इस वीडियो पर बिहार प्रशासनिक सेवा एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी सुनील तिवारी ने भी प्रतिक्रिया दी है.

    सुनील तिवारी मे कहा, ''हम सरकार से इस अधिकारी को बर्खास्त करने की मांग करते हैं. हमने ये फ़ैसला लिया है कि इस मामले में अधिकारी के ख़िलाफ़ एफआईआर दर्ज करवाएंगे. उन्होंने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया है, जो ग़लत है और हम इसकी निंदा करते हैं.''

    समाचार एजेंसी एएनआई ने जो वीडियो शेयर किया है, उसमें बीच-बीच में गालियों के साथ ये सुनाई देता है, ''ट्रैफिक में खड़े होकर पें पें करके हॉर्न बजाएगा. देखे नहीं हो क्या तुम लोग.. बेली रोड पर. लाल लाइट है पर पें पें करेगा. यहां का आदमी... आदमी है? डिप्टी कलेक्टर का ये हाल है. अब मैं ज़रा.. अरे ज़रा दो चार लोग लिखकर दो कागज़ पर. कल भेजो उसको ज़रा...''

    वीडियो में दिख रहे अधिकारी ने अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है. उनकी प्रतिक्रिया आने के बाद इसे ख़बर में जोड़ दिया जाएगा.

  14. रामचरितमानस विवाद पर वीएचपी की मांग- राजद और सपा की मान्यता रद्द करे चुनाव आयोग

    रामचरितमानस पर राजद और सपा नेताओं के विवादास्पद बयानों के कारण विश्व हिंदू परिषद ने चुनाव आयोग से मांग की है कि इन दलों की मान्यता रद्द कर दी जाए.

    वीएचपी के ट्विटर हैंडल से जारी एक बयान में बताया गया है कि उनका एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल जल्द ही चुनाव आयोग से मिलकर इन दोनों दलों की मान्यता रद्द करने की मांग करेगा.

    विहिप के प्रमुख आलोक कुमार ने राजनीतिक प्रतिनिधित्व क़ानून, 1951 की धारा 29ए का ज़िक्र करते हुए आरोप लगाया है कि वो आयोग को बताएगा कि इन दलों ने संविधान के पंथनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक मूल्यों का उल्लंघन किया है.

    पिछले कुछ दिनों में बिहार के शिक्षा मंत्री और राजद नेता डॉ. चंद्रशेखर ने रामचरितमानस की कुछ चौपाइयों की आलोचना करते हुए इस काव्य ग्रंथ पर प्रतिबंध लगाने की मांग की.

    वहीं उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री और समाजवादी पार्टी के नेता स्वामी प्रसाद मौर्य ने भी रामचरितमानस की आलोचना की थी.

    इन आलोचनाओं के बाद बीजेपी भी इन नेताओं पर निशाना साध चुकी है.

  15. बीजेपी ने मेघालय और नगालैंड चुनावों के लिए किया उम्मीदवारों के नाम का एलान

    भारतीय जनता पार्टी ने इस महीने होने वाले मेघालय विधानसभा चुनावों की सभी 60 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने का एलान किया है.

    वहीं नगालैंड की कुल 60 सीटों में से केवल 20 सीटों पर पार्टी ने चुनाव लड़ने का फ़ैसला किया है.

    पार्टी ने गुरुवार को दोनों राज्यों में कुल 80 उम्मीदवारों के नामों की लिस्ट जारी कर दी है.

    बीजेपी के नई दिल्ली स्थित मुख्यालय में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेन्स में गुरुवार को राष्ट्रीय सचिव ऋतुराज सिन्हा और राष्ट्रीय प्रवक्ता नलिन कोहली ने ये एलान किया.

    ऋतुराज सिन्हा ने कहा, ''जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए बीजेपी नेतृत्व ने मेघालय की सभी 60 सीटों पर पहली बार चुनाव लड़ने का एलान किया है.''

    उन्होंने कहा कि हमारा टैगलाइन 'एम्पावर मेघालय' यानी मेघालय का सशक्तिकरण है.

    उन्होंने आरोप लगाया है कि राज्य में केंद्रीय योजनाएं लागू नहीं की जा रही है. उन्होंने यह भी कहा कि जनता को भरोसा है कि पीएम मोदी भ्रष्टाचार मुक्त और तेज़ विकास करने वाली सरकार देंगे.

    नगालैंड: एनडीपीपी के साथ मिलकर लड़ेगी बीजेपी

    वहीं, नगालैंड बीजेपी के अध्यक्ष तेमजेन इम्ना एलोंग ने बताया है कि पीएम मोदी और जेपी नड्डा के नेतृत्व में हुई केंद्रीय समिति की बैठक में तय हुआ है कि बीजेपी राज्य में 20 सीटों और एनडीपीपी 40 सीटों पर चुनाव लड़ने का फ़ैसला लिया है.

    इन उम्मीदवारों के नामों की लिस्ट भी जारी हो कर दी गई है.

  16. रूस 24 फरवरी को यूक्रेन पर बड़े हमले कर सकता है- यूक्रेनी रक्षा मंत्री

    यूक्रेन के रक्षा मंत्री ने कहा है कि 24 फरवरी के आसपास रूस बड़े हमले की योजना बना रहा है.

    एलेक्सी रेज़्निकोव ने कहा कि रूस ने हजारों सैनिकों की टुकड़ी जुटा रखी है और इस युद्ध के एक साल पूरे होने के मौक़े पर वो "कुछ बड़ा करने की कोशिश" कर सकता है.

    23 फरवरी को रूस डिफ़ेंडर ऑफ़ फ़ादरलैंड डे भी मनाता है. इस दिन सेना का जश्न मनाया जाता है.

    इस बीच क्रैमटोरस्क शहर पर हुए हमले में तीन लोगों की मौत हो गई है.

    दोनेत्स्क के गवर्नर ने कहा कि शहर में एक रिहायशी इमारत पर रूसी मिसाइल हमले में आठ लोग घायल हो गए हैं.

    इस हमले के बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने सोशल मीडिया पर लिखा, “रूस को रोकने का बस एक ही तरीक़ा है कि टैंक, फ़ाइटर जेट और लंबी रेंज की मिसाइल से उसके आतंकवाद को हराने की ज़रूरत है.”

  17. अदानी मामले की जांच संसदीय कमेटी या सीजेआई के नेतृत्व में हो- खड़गे

    कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने अदानी समूह को लेकर आई हिंडनबर्ग की रिपोर्ट के बाद इस मामले की जांच के लिए संसदीय कमेटी का गठन करने या सुप्रीम कोर्ट के चीफ़ जस्टिस के नेतृत्व में कराने की मांग की है.

    खड़गे ने मीडिया से कहा कि "हमने नियम 267 के तहत संसद में प्रस्ताव दिया कि एक कंपनी जिसकी क़ीमत लगातार गिर रही है उसमें एलआईसी और स्टेट बैंक जैसी सार्वजनिक कंपनियों का निवेश है. ये वो संस्थाएं हैं जिसमें देश का आम आदमी अपनी मेहनत की कमाई से निवेश करता है. इन संस्थाओं ने एक कंपनी में पैसा लगाया जिसके शेयर हिंडनबर्ग की रिपोर्ट आने के बाद से लगातार गिर रहे हैं."

    "ऐसे में आम लोगों के पैसे जा रहे हैं. करोड़ों भारतीयों की गाढ़ी कमाई ख़तरे में है. इन कंपनियों ने आख़िर निवेश क्यों किया? इसकी पूरी जांच होनी चाहिए. इसके लिए या तो संसदीय कमेटी का गठन हो या फिर चीफ़ जस्टिस के नेतृत्व में जांच की जाए. जिसकी रिपोर्ट सार्वजनिक की जानी चाहिए ताकि जिसके पैसे लगे हैं उन्हें पता हो कि आख़िर हो क्या रहा है."

    उन्होंने बताया कि सरकार ने हमारे प्रस्ताव को मंज़ूरी नहीं दी है. हम चाहते हैं कि इस ज़रूरी विषय पर चर्चा हो.

    विपक्ष अदानी समूह को लेकर आई रिपोर्ट पर चर्चा की मांग कर रहा है. इस बीच राज्यसभा और लोकसभा का सत्र 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया है.

    बीते सप्ताह अदानी समूह को लेकर अमेरिका की रिसर्च फ़र्म हिंडनबर्ग की एक रिपोर्ट सामने आई जिसमें अदानी समूह पर अपने शेयर को ओवरप्राइस दिखाने सहित अन्य अनियमितताओं के आरोप लगाए गए.

    रिपोर्ट आने के बाद बीते एक सप्ताह में अदानी समूह को 100 बिलियन डॉलर का नुक़सान हुआ है. केवल बुधवार को अदानी के शेयर 28.45 फ़ीसदी घट गए.

    बीती रात कंपनी ने हैरान करने वाला एलान करते हुए कहा कि वह अपने सभी सब्सक्राइब किए हुए एफ़पीओ वापस ले रही है और निवेशकों को पैसे वापस किए जाएंगे.

  18. ये सरकार जेबकटवा है, हमसे 1000 लेकर 200 रुपये देती है- कांग्रेस

    कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष अधीर रंजन चौधरी ने बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि ये सरकार ‘जेबकटवा’ सरकार बन गई है.

    समाचार एजेंसी से बात करते हुए चौधरी ने कहा, “ये सरकार का कर्तव्य है कि लोगों को सुविधाएं मुहैया कराई जाएं, लेकिन ये सरकार जेबकटवा सरकार बन गई है. ये लोगों की जेब से 1000 लेकर उन्हें 200 रुपये देती है. ये ऐसा जताती है जैसे लोगों को दान दे रही हो, लेकिन ये हमारा अधिकार है.”

    बुधवार को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट पेश किया. विपक्ष इस बजट को खोखला बता रहा है.

    पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने इस बजट को जनता से कटा हुआ बजट बताया है.

    चिदंबरम ने कहा, " बजट से ग़रीब, बेरोज़गार युवा, करदाताओं के कोई फ़ायदा नहीं हुआ."

  19. एफ़पीओ वापस लेने के बाद अब अदानी के क्या कहा

    अदानी एंटरप्राइज़ेज़ ने बुधवार देर रात पूरी तरह से सब्सक्राइब हुए 20,000 करोड़ के फ़ॉलो-ऑन पब्लिक ऑफ़र (एफ़पीओ) को वापस लेने का फ़ैसला लिया है.

    हिंडनबर्ग की रिपोर्ट के सामने आने से लागातार गिरते शेयरों के बीच अदानी समूह ने ये बड़ा क़दम उठाते हुए सबको हैरान कर दिया है.

    बीती रात समूह की ओर से एक बयान जारी कहा कि एफ़पीओ में लगाए गए सभी निवेशकों के पैसे वापस किए जाएंगे.

    अब गुरुवार की सुबह अदानी एंटरप्राइज़ेज़ लिमिटेड के अध्यक्ष गौतम अदानी ने वीडियो बयान जारी कर इस फ़ैसले के पीछे की मंशा बताई है.

    उन्होंने कहा, “हमारे एफ़पीओ पूरी तरह सब्सक्राइब होने के बाद इसे वापस लेने के हमारे फ़ैसले ने कई लोगों को हैरान किया होगा. लेकिन कल बाज़ार की हालात देखकर हमारे बोर्ड ने समझा कि एफ़पीओ के साथ आगे बढ़ना नैतिक रूप से ठीक नहीं होगा.“

    “एक उद्यमी के तौर पर मेरे चार दशक के सफ़र में मुझे सभी स्टेकहोल्डर्स और ख़ासकर निवेशकों का भरपूर समर्थन मिला. मैंने जीवन में जो कुछ भी पाया है वे आपके भरोसे के कारण ही पाया है. मेरी सफ़लता आपकी है. मेरे लिए मेरे निवेशकों का हित सर्वोपरि है, सब कुछ उसके बाद है. निवेशकों को संभावित नुक़सान से बचाने के लिए हमने एफ़पीओ वापस लिये.”

    अदानी ने कहा, "मौजूदा गतिविधियों और आगे की योजनाओं पर इस फ़ैसले का कोई असर नहीं होगा.हमारे फंडामेंटल बेहद मज़बूत हैं और हमारी बेलेंसशीट बेहतर है. हमारा कैश फ़्लो भी मज़बूत है. हमारा कर्ज़ वापस लौटाने का बेहतरीन रिकॉर्ड है.

    “हमें लंबी अवधि के वैल्यू क्रिएशन और विकास पर ध्यान देना है. एक बार बाज़ार स्थिर हो जाए तो हम पूंजी बाज़ार की अपनी रणनीति की समीक्षा करेंगे. हमारा इएसजी पर फ़ोकस है और हमारा हर हर बिज़नेस में बेहतर करने पर है.“

    “मैं हमारे देश-विदेश के इंवेस्टमेंट बैंकरों,संस्थागत निवेशकों और सेल ओनर्स का शुक्रिया अदा करता हूं जिन्होंने बीते एक सप्ताह से स्टॉक में अस्थिरता को बावजूद हमारे एफ़पीओ को भरपूर समर्थन दिया. आपका हम पर यक़ीन संतुष्ट करने वाला रहा. मुझे विश्वास है कि आगे भी आपका समर्थन मिलता रहेगा. ''

  20. सिद्दीक़ कप्पन दो साल बाद जेल से बाहर आए

    केरल के पत्रकार सिद्दीक़ कप्पन लगभग 28 महीने बाद जेल से बाहर आ गए हैं.

    बुधवार को मनी लॉन्ड्रिग के एक केस में लखनऊ की सेशन कोर्ट ने उनकी ज़मानत के फ़ैसले पर हस्ताक्षर किया था.

    इससे पहले एक महीने पहले इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उन्हें मनी लॉन्ड्रिंग के केस में ज़मानत दी थी.

    5 अक्टूबर, 2020 को हाथरस गैंगरेप मामले पर रिपोर्टिंग करने जाते समय उन्हें उत्तर प्रदेश पुलिस ने गिरफ़्तार किया था. उन पर यूएपीए लगाया गया था.

    बीते साल सितंबर में सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें सभी मामलों में ज़मनत दे दी थी लेकिन उन्हें मनी लॉन्ड्रिंग के केस में ज़मानत नहीं मिल पाई थी और वह जेल से बाहर नहीं आ सके थे.

    इसके बाद दिसंबर 2022 को इलाहाबाद हाई कोर्ट ने उन्हें ज़मानत देते हुए कहा था कि उनके अकाउंट में पांच हज़ार के ट्रांसफ़र के अलावा किसी तरह का अन्य ट्रांसफ़र नहीं हुआ है.