You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

बीबीसी डॉक्यूमेंट्रीः विरोध के बाद भी मुंबई के TISS में हुई स्क्रीनिंग

पुलिस प्रशासन और बीजेपी की ओर से विरोध के बावजूद छात्र संगठनों ने डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग जारी रखी.

लाइव कवरेज

चंदन शर्मा and अभिनव गोयल

  1. वोलोदिमीर ज़ेलेन्स्की के सामने खड़ी हुई नई मुश्किल

    रूस के साथ चल रही लंबी जंग के बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेन्स्की के सामने नई चुनौती आ गई है.

    उनके आला अधिकारियों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं, आरोपों के बाद राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की को अपने मंत्रिमंडल से कई लोगों को हटाना पड़ा है.

  2. इसराइल-फ़लस्तीन हिंसाः क्यों इतने आक्रामक हो गए हैं नेतन्याहू

    इसराइल ने शुक्रवार को ग़ज़ा पट्टी पर हवाई हमले किए. इससे एक दिन पहले ही इसराइली सुरक्षाबलों ने वेस्ट बैंक के जेनिन शरणार्थी शिविर में चलाए अभियान में नौ फ़लस्तीनियों को मार दिया था. ये हाल के सालों में वेस्ट बैंक में इसराइली सुरक्षाबलों का सबसे बड़ा अभियान था.

    साल 2023 में अब तक इसराइली सुरक्षाबलों के अभियानों में कम से कम 30 फ़लस्तीनियों की मौत हुई है जिनमें विद्रोही लड़ाके और आम नागरिक शामिल हैं.

    संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक़ साल 2022 में इसराइल के सुरक्षाबलों की कार्रवाई में कम से कम 150 फ़लस्तीनी मारे गए थे. वहीं वेस्ट बेंक में बसे इसराइली लोगों के हमलों में चार फ़लस्तीनी मारे गए थे.

    संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक़ इन कार्रवाइयों और हमलों में मारे गए अधिकतर लोग 25 साल से कम उम्र के थे.

    ताज़ा हिंसा के बाद फ़लस्तीनी इलाक़ों में प्रशासन चलाने वाली फ़लस्तीनी अथॉरिटी (पीए) ने कहा है कि वह इसराइल के साथ अपना सुरक्षा सहयोग ख़त्म कर रही है.

    इसराइल ने शुक्रवार को ग़ज़ा पट्टी पर हवाई हमले किए. रिपोर्टों के मुताबिक़ इसराइली विमानों ने अल-मग़ाज़ी शरणार्थी कैंप पर कम से कम तेरह हवाई हमले किए. इसके अलावा ग़ज़ा शहर के अल-ज़ैतून इलाक़े पर भी हमले हुए.

    पहले इसराइली ड्रोन से मिसाइलें दाग़ीं गईं, इसके बाद लड़ाकू विमानों ने हमले किए.

    शुक्रवार को हुए हवाई हमलों में हताहतों के बारे में ये रिपोर्ट लिखे जाने तक कोई जानकारी नहीं मिली है. ग़ज़ा दुनिया का सर्वाधिक घनी आबादी वाला इलाक़ा है जहां क़रीब 21 लाख लोग रहते हैं.

    इसराइल का कहना है कि उसने रॉकेट हमलों के बाद जवाबी कार्रवाई करते हुए हमास की एक भूमिगत रॉकेट फ़ैक्ट्री को इस हमले में नष्ट कर दिया है.

  3. पूर्वी यरुशलम में पूजास्थल के बाहर गोलीबारी में सात की मौत, तीन घायल

    पूर्वी यरुशलम में एक सिनेगॉग (यहूदियों के पूजा स्थल) में सात लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई है. पिछले कई सालों में यह इस तरह की सबसे बड़ी घटना है.

    मरने वालों के अलावा कम से कम तीन अन्य लोग घायल हुए हैं.

    यह घटना शहर के नेवे याकोव इलाक़े में स्थानीय समय के अनुसार रात क़रीब 8:15 बजे हुई. पुलिस ने हमलावर को 'आतंकवादी' क़रार देते हुए बताया है कि उसे मार दिया गया है.

    स्थानीय मीडिया ने हमलावर की पहचान पूर्वी यरुशलम के एक फ़लीस्तीनी शख़्स के रूप में की है.

    इसराइल के पुलिस आयुक्त कोबी शबताई ने घटनास्थल पर इस हमले के बारे में बात की. उन्होंने इसे 'हाल के सालों में हुए सबसे बुरे हमलों में से एक' क़रार दिया है.

    बताया गया है कि इसराइल के यहूदी लोग पूर्वी यरुशलम की एक यहूदी बस्ती के एक सिनेगॉग में यहूदी शब्बत के मौक़े पर प्रार्थना करने के लिए जमा हुए थे.

    जर्मनी में नाज़ी शासन के दौरान होलोकॉस्ट में मारे गए क़रीब 60 लाख यहूदियों और अन्य पीड़ितों को याद में यहूदी लोग 'होलोकॉस्ट मेमोरियल डे' मनाते हैं. लोग सिनेगॉग में मारे गए लोगों को याद करने पहुंचे थे. वहां इकट्ठा हुए लोग जब निकल रहे थे, तभी हमलावर ने लोगों पर गोलियां चला दी.

    पुलिस ने बताया है कि हमले के बाद अधिकारियों ने हमलावर को गोली मार दी. वहीं फोरेंसिक टीम सफ़ेद रंग की उस कार की जांच कर रही है, जिसे बंदूकधारी चला रहा था.

    फ़लिस्तीनी चरमपंथी समूहों ने हमले की तारीफ़ की है. वेस्ट बैंक और गज़ा पट्टी में फ़लीस्तीनियों ने जुलूस निकालकर और मिठाइयां बांटकर इस हमले का जश्न मनाया है. हालांकि अब तक किसी समूह ने इस हमले की ज़िम्मेदारी नहीं ली है.

    इस घटना के तुरंत बाद इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने घटनास्थल का दौरा किया है. ब्रिटेन और अमेरिका ने इस हमले की निंदा की है.

    ब्रिटेन के विदेश मंत्री जेम्स क्लेवरली ने ट्विटर पर इस हमले की निंदा करते हुए लिखा, "होलोकॉस्ट मेमोरियल डे और शब्बत के दौरान एक सिनेगॉग में लोगों पर हमला करना डराने वाला है. हम अपने इसराइल दोस्तों के साथ खड़े हैं."

    अमेरिकी विदेश मंत्रालय के एक प्रवक्ता वेदांत पटेल ने कहा, "हम इसराइल के लोगों के साथ एकजुटता से खड़े हैं."

    बीबीसी के मध्य पूर्व संवाददाता टॉम बेटमैन ने बताया है कि इसराइल की पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाक़े को बंद कर दिया है. घटनास्थल के आसपास हर जगह सुरक्षा बल तैनात हैं और एंबुलेंस भी आ जा रहे हैं. वहां एक हेलीकॉप्टर भी आसमान में चक्कर लगा रहा है.

    सड़क के बीचोंबीच एक क्षतिग्रस्त कार दिख रही है, जिसकी ड्राइवर की तरफ़ की खिड़की में गोली के कारण छेद हो गया है. कार के पिछले हिस्से को पुलिस के एक फोरेंसिक अधिकारी टॉर्च की रोशनी में खंगाल रहे हैं. वे बीबीसी संवाददाता को वापस जाने के लिए कहते हैं.

    बीबीसी को एक चश्मदीद ने बताया कि उन्होंने शूटर को सड़क पर देखा, तब तक शायद उसे पुलिस की गोली लग चुकी थी. हवा में फायरिंग करते हुए सुरक्षाबल उसके पीछे भाग रहे थे.

    टॉम बेटमैन को घटनास्थल के पास स्थित एक फ़लीस्तीनी बस्ती से कई ज़ोरदार धमाकों की आवाज़ सुनाई दी.

  4. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया.

    हम यहाँ आपको दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे.

    यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. 27 जनवरी के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.