हॉलीवुड अभिनेता एलेक बॉल्डविन पर ग़ैरइरादतन हत्या का मुक़दमा चलाया जाएगा.
एलेक बॉल्डविन ने एक फ़िल्म की शूटिंग के दौरान सिनेमैटोग्राफ़र हेलिना हचिंस पर प्रॉप गन (फ़िल्मों या टेलीविजन के लिए शूटिंग में इस्तेमाल होने वाली पिस्टल) से गोली चलाई थी जिससे उनकी मौत हो गई थी.
अक्टूबर, 2021 की घटना की वजह से बाॉल्डविन पर ये मुक़दमा चलाया जा रहा है.
वे न्यू मेक्सिको में सांटा फे के पास एक रैंच में 'रस्ट' नाम के एक फ़िल्म की शूटिंग कर रहे थे, तभी शूटिंग की ये घटना हुई थी.
इस मामले में बॉल्डविन के साथ फ़िल्म की आर्मरर हाना गुतिरेज़ रीड पर भी मुक़दमा चलाया जाएगा. दोनों के ही वकीलों ने कहा है कि वे अदालत में ये मुक़दमा लड़ेंगे.
सांटा फे के डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी मेरी कारमाक आल्टविज़ ने गुरुवार को मुक़दमा चलाने का एलान किया. उन्होंने कहा कि महीने के आख़िर तक कार्रवाई शुरू हो जाएगी.
उन्होंने एक बयान में कहा, "इस मुक़दमे को चलाने के लिए पर्याप्त सबूत हैं. मेरी नज़र में कोई भी क़ानून से ऊपर नहीं है. और हर शख़्स इंसाफ़ का हकदार है."
अगर इन दोनों पर अभियोग साबित होता है तो उन्हें 18 महीने तक की जेल की सज़ा और उन पर पांच हज़ार डॉलर का जुर्माना लग सकता है. मुक़दमे का फ़ैसला जूरी करेगी.
शूटिंग की इस घटना में फ़िल्म के निर्देशक जोएल सूज़ा भी घायल हो गए थे लेकिन अभियोजकों का कहना है कि इस पर कोई मुक़दमा नहीं चलाया जा रहा है.