You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

यूक्रेन के राष्ट्रपति के सलाहकार ने दिया इस्तीफ़ा, क्या है वजह

यूक्रेन के राष्ट्रपति के सलाहकार ओलेस्की अरेस्तोविच ने अपने एक बयान को लेकर माफी मांगी है और इस्तीफ़ा दे दिया है.

लाइव कवरेज

प्रियंका झा and वात्सल्य राय

  1. अरविंद केजरीवाल बोले- समय बड़ा बलवान, केंद्र में आ सकती है हमारी भी सरकार

    दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एलजी (उपराज्यपाल) वीके सक्सेना पर 'सामंती सोच' के साथ काम करने का आरोप लगाया है और कहा है कि 'जनतंत्र में ऐसी सोच के लिए कोई जगह नहीं' है.

    केजरीवाल ने कहा है कि अगर केंद्र में उनकी सरकार बनी तब उनके नियुक्त किए एलजी संविधान के मुताबिक काम करेंगे.

    दिल्ली सरकार और उप राज्यपाल के बीच बीते दिनों कई मुद्दों को लेकर तकरार हुई है. हालिया विवाद दिल्ली के शिक्षकों को फिनलैंड भेजने को लेकर है.

    दिल्ली के शिक्षकों के फिनलैंड जाने के मुद्दे को उठाते हुए केजरीवाल ने कहा, "दिल्ली के चुने हुए मुख्यमंत्री और शिक्षामंत्री ने कह दिया कि बच्चे फिनलैंड जाएंगे तो ये फ़ाइनल होना चाहिए."

    "यही तो जनतंत्र है. लेकिन यहां अजीब जनतंत्र है, सारी फ़ाइलें एलजी साहब के पास जाती हैं, एलजी साहब ने दो बार ऑब्जेक्शन (आपत्ति) लगाया. इसका मतलब है आपकी नीयत खराब है."

    ग़रीबों से भेदभाव क्यों?

    उन्होंने कहा, "कितने एमपी हैं जो विदेश में पढ़कर आए हैं. कितने एमएलए हैं जो विदेश में पढ़कर आए हैं, कई कैबिनेट मिनिस्टर के बच्चे विदेश में पढ़ रहे हैं."

    मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा, "मैं इसके ख़िलाफ़ नहीं हूं लेकिन मैं इसके विरोध में हूं कि तुम अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा देना चाहते हो लेकिन गरीब के बच्चे को अच्छी शिक्षा के ख़िलाफ़ क्यों हो, तुम रोकने वाले कौन होते हो. ये फ्यूडल मांइडसेट (सामंती सोच) है. एलजी साहब उसी सोच से आते है."

    केजरीवाल ने कहा कि लोकतंत्र में कुछ भी स्थाई नहीं है और सभी को 'वोट की शक्ति' का सम्मान करना चाहिए.

    'भगवान ने चाहा तो केंद्र में होगी हमारी सरकार'

    उन्होंने कहा, "समय बड़ा बलवान है. कुछ भी पर्मानेंट (स्थायी) नहीं है ज़िंदगी में. कोई अगर सोचे कि मेरी सरकार बन गई और अब मेरी ही सरकार रहेगी, ऐसा नहीं होने वाला है. आज मेरी सरकार है, कल मेरी सरकार नहीं होगी, कभी न कभी तो बदलेगी."

    केजरीवाल ने कहा, "आज उनकी (केंद्र में) सरकार है, हमेशा उनकी सरकार नहीं होगी. आज दिल्ली में हमारी सरकार है, उनके एलजी हैं, केंद्र में उनकी सरकार है."

    "कल अगर भगवान ने चाहा, ऐसा भी हो सकता है केंद्र में हमारी सरकार हो दिल्ली में हमारे एलजी हों और दिल्ली में हमारी, कांग्रेस या बीजेपी की सरकार हो, हम ये तय करेंगे कि हमारा एलजी इस तरह (सरकार को) तंग नहीं करेगा."

    उन्होंने कहा, "हम चुनी सरकार की इज्जत करते हैं. लोगों के वोट की इज्जत करते हैं. संविधान की इज्जत करते हैं."

  2. शहबाज़ शरीफ़ ने नरेंद्र मोदी के साथ 'ईमानदार बातचीत' की पहल की, लेकिन फिर पलट गए

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने कहा है कि वे भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ 'ईमानदार बातचीत' चाहते हैं.

    अरबी टीवी चैनल अल अरबिया के साथ बातचीत में शहबाज़ शरीफ़ ने भारत के साथ रिश्तों पर विस्तार से बात की.

    उन्होंने कहा कि वे भारत के साथ कश्मीर सहित अन्य मुद्दों पर गंभीरता से बातचीत चाहते हैं.

    शहबाज़ शरीफ़ ने ये भी कहा कि संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) भारत और पाकिस्तान को बातचीत के टेबल पर लाने पर एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है.

  3. दक्षिण कोरिया ने कहा- ईरान यूएई का 'सबसे बड़ा दुश्मन', तेहरान ने मांगा जवाब

    ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नासेर कनानी ने कहा है कि दक्षिण कोरिया द्वारा ईरान को संयुक्त अरब अमीरात का 'सबसे बड़ा दुश्मन' बताए जाने पर वे उससे इसका स्पष्टीकरण मांगने जा रहे हैं.

    दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ने अपनी यूएई यात्रा के दौरान ये बयान दिया था.

    ईरान के विदेश मंत्रालय की वेबसाइट पर 16 जनवरी को जारी किए गए बयान में कहा गया है, "ईरान और संयुक्त अरब अमीरात के संबंधों के बीच दक्षिण कोरिया के बयान की हम जांच कर रहे हैं."

    दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति यून सुक-येओल ने अबू धाबी में तैनात अपने सैनिकों को संबोधित करते हुए कहा था कि ईरान संयुक्त अरब अमीरात के लिए सबसे बड़ा ख़तरा है.

    उनके शब्द थे, "संयुक्त अरब अमीरात का दुश्मन और सबसे बड़ा ख़तरा ईरान है, जबकि हमारा दुश्मन उत्तर कोरिया है... हमारी स्थिति यूएई की तरह ही है."

    ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति के बयान से ऐसा लगता है कि उन्हें ईरान और यूएई के ऐतिहासिक और दोस्ताना संबंधों और क्षेत्र में इस दिशा में हो रही सकारात्मक प्रगति के बारे में कम जानकारी है.

  4. जलीकट्टू ने बदली इनकी ज़िंदगी

    तमिलनाडु की ट्रांसजेंडर महिला चिंतामणि साल 2017 में अपने बैल को पहली बार जल्लीकट्टू प्रतियोगिता में लेकर गई थीं.

    तब से उनकी पहचान एक ट्रांस महिला से बदलकर एक बहादुर तमिल महिला की हो गई. वो अपने बैलों को अपना बेटा कहती हैं. देखिए नटराजन सुंदर की ये रिपोर्ट.

  5. ब्रेकिंग न्यूज़, भारत बनाम न्यूज़ीलैंड: चोटिल अय्यर बाहर, रजत पाटीदार को मौका

    श्रेयस अय्यर न्यूज़ीलैंड के खिलाफ़ तीन वनडे मैचों की सिरीज़ में नहीं खेल पाएंगे.

    बीसीसीआई के सचिव जय शाह ने बताया है कि अय्यर पीठ की चोट से परेशान हैं और न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ वनडे सिरीज़ में नहीं खेल पाएंगे. चयन समिति ने उनकी जगह रजत पाटीदार को टीम में मौका दिया है.

    जय शाह ने बताया है कि चोट के आकलन और उपचार के लिए अय्यर नेशनल क्रिकेट एकेडमी (एनसीए) जाएंगे.

    भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सिरीज़ की शुरुआत बुधवार (18 जनवरी) से हो रही है. पहला मैच हैदराबाद में खेला जाएगा.

    भारत की वन डे टीम: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, ईशान किशन, विराट कोहली, सूर्य कुमार यादव, केएस भरत, हार्दिक पांड्या (उपकप्तान), रजत पाटीदार, वाशिंगटन सुंदर, शहबाज़ अहमद, शार्दुल ठाकुर, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, और उमरान मलिक.

  6. जब राजस्थान के कई हिस्सों में पेड़-पौधों पर जम गई बर्फ़

    राजस्थान के कई इलाकों में तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है.

    माउंट आबू में शून्य से पांच डिग्री सेल्सियस तक नीचे दर्ज किया जा रहा है.

    फसलों पर बर्फ़ जमने से किसानों की चिंता भी बढ़ गई है.

  7. वरुण गांधी और मेरी विचारधारा नहीं मिलती है, मैं आरएसएस के दफ़्तर नहीं जा सकता हूं: राहुल गांधी

    वरुण गांधी पर राहुल गांधी ने एक बार ये साफ़ किया है कि दोनों की विचारधारा में मेल नहीं है.

    कांग्रेस में उनके आने की संभावनाओं के सवाल पर राहुल गांधी ने होशियारपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा, "वो बीजेपी में हैं. अगर वो यहां चलेंगे तो उन्हें प्रॉब्लम हो जाएगी."

    विचारधारा के मतभेद को लेकर उन्होंने कहा, "मेरी विचारधारा उनकी विचारधारा से नहीं मिलती है. मैं आरएसएस के ऑफ़िस में कभी भी नहीं जा सकता. आपको पहले मेरा गला काटना पड़ेगा. मैं नहीं जा सकता हूं."

    उन्होंने आगे कहा, "मेरा जो परिवार है, उसकी एक विचारधारा है. उसके सोचने का अपना एक तरीका है. वरुण गांधी ने एक समय, शायद आज भी उस (भाजपा की) विचारधारा को अपनाया है और मैं उस बात को स्वीकार नहीं कर सकता हूं."

    हालांकि राहुल गांधी ने ये भी कहा कि "मैं उनसे ज़रूर प्यार से मिल सकता हूं. गले लग सकता हूं. मगर उस विचारधारा को मैं स्वीकार नहीं कर सकता हूं."

    इससे पहले 31 दिसंबर को राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस में ये सवाल भी उठा कि क्या वरुण गांधी कांग्रेस में शामिल होंगे. इस पर राहुल गांधी ने जवाब दिया था कि ये सवाल आपको मलिकार्जुन खड़गे से पूछना चाहिए.

  8. विमान नेपाल में गिरा, मातम यूपी में पसरा

    नेपाल के पोखरा में रविवार को हुए विमान हादसे में मारे जाने वालों में पांच भारतीय भी थे.

    इनमें से चार उत्तर प्रदेश के गाज़ीपुर के रहने वाले थे और काठमांडू में पशुपतिनाथ मंदिर के दर्शन के लिए गए थे.

    इनके घर पर अब मातम पसरा हुआ है. परिवार के ज़्यादातार सदस्य अभी कुछ बता पाने की स्थिति में नहीं हैं.

  9. बिहार: रामचरितमानस पर शिक्षा मंत्री के बयान से छिड़े विवाद पर क्या बोले नीतीश कुमार

    रामचरितमानस को लेकर बिहार के शिक्षा मंत्री प्रोफ़ेसर चंद्रशेखर के बयान पर विवाद के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बयान दिया है.

    सीएम नीतीश कुमार ने कहा है कि धर्म पर कोई विवाद नहीं होना चाहिए. किसी भी धर्म में हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए.

    बिहार के शिक्षा मंत्री ने 'मनुस्मृति', 'रामचरितमानस' और 'बंच ऑफ़ थॉट्स' को नफ़रत फैलाने वाले ग्रंथ बताया था.

    इसके बाद से बिहार में राजनीति गरमाई हुई है और जेडीयू-आरजेडी के गठबंधन में भी तनातनी की भी ख़बरें आई हैं.

    मंगलवार को जब सीएम नीतीश कुमार से इस मामले में सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, "हम लोगों का मानना है कि कोई भी किसी भी धर्म को मानने वाला हो, उसमें हस्तक्षेप नहीं होना चाहिए."

    "सब लोग जिस ढंग से भी धर्म का पालन करते हैं, वो करें. सबको इज़्ज़त मिलनी चाहिए, इसमें किसी भी तरह हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए. जिसको जो मन करे उसकी पूजा करे. इन सब चीज़ों पर सवाल नहीं करना चाहिए."

    क्या कहा था शिक्षा मंत्री ने

    बिहार के शिक्षामंत्री प्रोफ़ेसर चंद्रशेखर ने बीते सप्ताह कहा, "मनुस्मृति को इसलिए जलाया गया क्योंकि उसमें एक बड़े तबके के ख़िलाफ़ अनेकों गालियां दी गई हैं. रामचरितमानस का क्यों प्रतिरोध हुआ. इसमें नीच जाति के लोगों को शिक्षा ग्रहण करने का अधिकार ना देने की बात कही गई है."

    "इस चीज़ को कोट करके बाबा साहब आंबेडकर ने दुनिया के लोगों को बताया. ये जो ग्रंथ हैं नफ़रत को बोने वाले- एक युग में मनुस्मृति, दूसरे में रामचरितमानस और तीसरे युग में गुरु गोलवलकर का बंच ऑफ़ थॉट्स. ये हमारे देश-समाज को नफ़रत में बांटती हैं. नफ़रत देश को महान नहीं बनाएगी बल्कि मोहब्बत बनाएगी."

  10. जोशीमठ ने छीन ली औली की रौनक

    जोशीमठ के दरकने के कारण औली के व्यापार पर गहरा असर पड़ा है.

    औली पर्यटकों के बीच एक लोकप्रिय जगह है और यह जोशीमठ से कुछ चालीस किलोमीटर की दूरी पर स्थित है.

    इस बार यहां पर्यटक कम पहुंच रहे हैं.

  11. ब्रेकिंग न्यूज़, राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में सुरक्षा चूक, युवक ने की थी 'गले लगाने की कोशिश'

    पंजाब के होशियारपुर ज़िले के टांडा में मंगलवार को राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान सूरक्षा चूक का मामला सामने आया है.

    होशियारपुर के झिंगर खुर्द गांव में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा शुरू हुई, तभी एक अज्ञात युवक ने राहुल गांधी को दौड़कर गले लगा लिया. पंजाब पुलिस के लॉ एंड ऑर्डर आईजी जीएस ढिल्लन ने बताया कि पहली नज़र में ये सुरक्षा चूक का मामला लगता है.

    आईजीपी ढिल्लन ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "ये सुरक्षा चूक का मामला लगता है. जो वीडियो मैंने देखा है, वो सुरक्षा चूक का मामला है. मैं राहुल गांधी के साथ सौ किलोमीटर चला हूं और उनकी सुरक्षा में 300 पुलिसकर्मी तैनात रहते हैं."

    उन्होंने ये भी कहा कि सुपर पर्फेक्ट जैसी कोई चीज़ होती नहीं है लेकिन हम किसी को राहुल गांधी की सुरक्षा घेरे में जाने की इजाजत नहीं देते हैं.

    आईजीपी ढिल्लन ने कहा, "हमें नहीं मालूम कि वो शख़्स अकेला था या उसके साथ कोई था. लेकिन हां, वीडियो से ऐसा ही लगता है कि सुरक्षा में चूक हुई है. राहुल के करीब जाने वाले व्यक्ति की पहचान के बाद ही ये बात पक्के तौर पर कही जा सकती है कि ये सुरक्षा चूक का मामला है या नहीं. किसी अज्ञात व्यक्ति को राहुल गांधी की सुरक्षा घेरे में जाने की इजाजत नहीं है."

    लेकिन इस घटना के बाद ही पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष राजा वारिंग ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा में कोई चूक नहीं हुई है.

    उन्होंने कहा, "सुरक्षा में कोई चूक नहीं हुई है. लोग राहुल गांधी को प्यार करते हैं और वे उनसे मिलना चाहते हैं. कभी-कभी राहुल गांधी उन्हें बुलाते भी हैं. सुरक्षा घेरे में आने की इजाजत जांच के बाद ही दी जाती है. लेकिन जैसे ही उसे अंदर आने की इजाजत दी गई. उसने उत्साह में आकर राहुल गांधी को गले लगा लिया."

  12. अब्दुल रहमान मक्की कौन हैं जिन्हें यूएन ने आतंकवादी घोषित किया, क्या हैं इसके मायने

    पाकिस्तान से संचालित होने वाले प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के मौजूदा नेता अब्दुल रहमान मक्की का नाम संयुक्त राष्ट्र की वैश्विक आतंकवादी की सूची में शामिल किया गया है.

    संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की आईएसआईएस (दाएश) अल-क़ायदा प्रतिबंध कमेटी ने जिस सूची में मक्की का नाम शामिल किया है उसमें किसी व्यक्ति या संस्था के नाम तब जोड़ा जाता है जब उसकी आतंक से जुड़ी गतिविधियों के पुख़्ता सबूत उपलब्ध हों. इस सूची में शामिल होने वाले की संपत्ति फ़्रीज़ कर दी जाती है, उन पर ट्रैवेल बैन लगाया जाता है और किसी भी तरह से उन्हें हथियार मुहैया कराने पर रोक लगा दी जाती है.

    ख़ास बात ये है कि बीते साल जून में अमेरिका और भारत के इस प्रस्ताव पर चीन ने 'टेक्निकल' रोक लगाई थी, लेकिन इस बार चीन को भी ये रोक हटानी पड़ी.

    कमेटी ने इस फ़ैसले के साथ जारी बयान में कहा, "अब्दुल रहमान मक्की सहित लश्कर-ए-तैयबा और जमात-उद-दावा के चरमपंथी भारत में, ख़ासकर जम्मू और कश्मीर में फ़ंडिग करते हैं और युवाओं को बरगला कर चरमपंथी बनाते हैं और हमलों की योजना में उन्हें शामिल करते हैं."

  13. ब्रेकिंग न्यूज़, ऑस्ट्रेलियन ओपन में रूस और बेलारूस के झंडों पर प्रतिबंध, टिफ़नी टर्नबुल, बीबीसी न्यूज़

    ऑस्ट्रेलियन ओपन टेनिस टूर्नामेंट में रूस और बेलारूस के राष्ट्रीय ध्वज पर प्रतिबंध लगा दिया गया है. इससे पहले दर्शकों को स्टेडियम के अंदर झंडे ले जाने की इजाज़त थी बशर्ते वो खेल में इससे 'खलल' न डालें.

    हालांकि यूक्रेन और रूस की खिलाड़ियों के बीच हुए मुक़ाबले के दौरान रूसी झंडा फहराए जाने के बाद आयोजकों ने मंगलवार को बड़ा फ़ैसला लिया. ये प्रतिबंध तत्काल प्रभाव से लागू होगा.

    टेनिस ऑस्ट्रेलिया ने एक बयान में कहा, "हम लगातार अपने खिलाड़ियों के साथ एक खुशनुमा माहौल बनाने के लिए प्रयासरत हैं."

    यूक्रेन के प्रशंसकों ने कहा कि सोमवार को पहले राउंड के मैच के दौरान रूसी समर्थकों ने यूक्रेन की खिलाड़ी कैटरीन बैंदेल पर ताने कसे, जिसके बाद पुलिस बुलानी पड़ी.

    स्थानीय अख़बार 'द एज' से बात करते हुए एक यूक्रेनी प्रशंसक ने कहा, "ये असुरक्षित था क्योंकि दोनों देशों के बीच युद्ध जारी है. वो कोर्ट छोटा था, झंडा फहराने वाले खिलाड़ियों के बहुत करीब थे."

    लेकिन मामले में शामिल एक रूसी शख़्स ने द एज से कहा कि वो और उनके दोस्त बस अपने देश की खिलाड़ी को चियर कर रहे थे.

    इससे पहले ऑस्ट्रेलिया में यूक्रेन के राजदूत ने भी ऑस्ट्रेलियाई टेनिस से कार्रवाई की मांग की थी.

    बीते साल फ़रवरी में यूक्रेन पर हमले के बाद से रूस और बेलारूस के ख़िलाड़ी टेनिस सहित कई खेलों में अपने देश के झंडों के साथ नहीं जा पा रहे हैं.

    दोनों देशों के खिलाड़ी एक सफ़ेद झंडे के साथ ऑस्ट्रेलियन ओपन में शामिल हो रहे हैं, लेकिन विंबलडन 2022 में इनके खेलने पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया था.

  14. नेपाल का पोखरा हवाई अड्डाः चीन का निवेश, भारत की आशंकाएं

    नेपाल में नए बने पोखरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास रविवार को यती एयरलाइंस का एटीआर -72 विमान क्रैश हो गया. इस हादसे में अब तक 68 शव बरामद हुए हैं. विमान में चालक दल के चार सदस्यों समेत कुल 72 लोग सवार थे.

    हादसे का शिकार हुआ विमान राजधानी काठमांडू से पोखरा के लिए 27 मिनट की नियमित उड़ान पर था.

    एयरपोर्ट पर लैंड करने से चंद मिनट पहले ही ये क्रैश हो गया. इस एयरपोर्ट का उद्घाटन दो सप्ताह पहले ही हुआ है.

    राजधानी काठमांडू से क़रीब 200 किलोमीटर पश्चिम में स्थित पोखरा शहर नेपाल की ख़ूबसूरत अन्नापूर्णा पर्वत श्रृंखला का गेटवे कहा जाता है.

  15. आर्थिक मंदी की आशंका पर पीएम मोदी और वित्त मंत्री देश से क्या छुपा रहे हैं: कांग्रेस

    केंद्रीय मंत्री नारायण राणे के आर्थिक मंदी वाले बयान पर कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने पीएम मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से सवाल किए हैं. कांग्रेस ने पूछा है कि पीएम मोदी और वित्त मंत्री देश से क्या छुपा रहे हैं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, केंद्रीय मध्यम, लघु और सूक्ष्म उद्योग मंत्री नारायण राणे ने पुणे में सोमवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान आशंका ज़ाहिर की थी कि अगर भारत में मंदी आती है तो वो जून के बाद आएगी, लेकिन केंद्र सरकार इसे टालने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है. उन्होंने कहा कि विकसित देश पहले ही अर्थव्यवस्था में सुस्ती के दौर से गुज़र रहे हैं.

    जयराम रमेश ने ट्वीट किया, "एमएसएमई मंत्री नारायण राणे ने छह महीने बाद भारत में मंदी की आशंका ज़ाहिर की है. उन्होंने पुणे में जी-20 के एक कार्यक्रम में ये बयान दिया है. पीएम और वित्त मंत्री देश से क्या छुपा रहे हैं?"

    जी-20 से जुड़े एक कार्यक्रम के उद्घाटन में शामिल होने के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान राणे ने कहा, "मैं कैबिनेट मंत्री हूं, इसलिए कुछ जानकारी हमारे पास होती है और जो भी पीएम मोदी ने हमें सुझाव दिए हैं, उसके आधार पर हम कह सकते हैं कि बड़े देशों में आर्थिक मंदी है. ये हक़ीकत है."

    "भारत पर आर्थिक मंदी, जो जून के बाद आ सकती है, का असर न हो...इसके लिए मोदीजी और केंद्र हर छोटी से छोटी कोशिश कर रहे हैं."

  16. ऑटो एक्सपो 2023: ऐसी दिखेंगी भविष्य की कारें

    ग्रेटर नोएडा में आयोजित हुए ऑटो एक्स्पो 2023 में कई तरह की अनोखी गाड़ियां देखने को मिल रही हैं.

    इनमें से कई इस बात की झलक दिखाती हैं कि भविष्य की कारें कैसी दिखेंगी.

    ये कारें अभी टेस्टिंग स्टेज में ही होती हैं और इनमें से कई कभी सड़क पर भी नहीं उतर पातीं.

  17. राजस्थान: सीएम अशोक गहलोत ने कहा- पेपर लीक मामले में कोई अधिकारी, नेता शामिल नहीं

      • Author, मोहर सिंह मीणा
      • पदनाम, जयपुर से, बीबीसी हिंदी के लिए

    मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जयपुर ऑफिसर ट्रेनिंग स्कूल में दो दिवसीय चिंतन शिविर में मंगलवार को सरकार के कार्यों की समीक्षा करने पहुंचे थे.

    यहां उन्होंने मीडिया से बातचीत में पेपर लीक मामले में विपक्ष पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया है. पेपर लीक मामले में विपक्ष ने सरकार के नेताओं और अधिकारियों के शामिल होने के आरोप लगाए थे.

    इन आरोपों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इसमें कोई अधिकारी और नेता शामिल नहीं हैं.

    उन्होंने कहा, "हमारी उपलब्धि बहुत बड़ी है कि यहां साढ़े तीन लाख नौकरी लग रही हैं. जनता के बीच इन उपलब्धियों का श्रेय सरकार को नहीं मिले इसलिए विपक्ष के लोग जानबूझकर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे हैं, झूठे आरोप लगा कर लोगों को गुमराह कर रहे हैं."

    "विपक्ष वाले बौखलाए हुए हैं, इसलिए जानबूझकर नेताओं और अधिकारियों के नाम ले रहे हैं. यह इनका षड्यंत्र है."

    मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, "कोई अधिकारी इसमें शामिल नहीं है और कोई नेता इसमें शामिल नहीं है. पेपर लीक करने वालों की जी गैंग बनी हुई है, उन तक हम पहुंचे हैं."

    सचिन पायलट का बयान

    नागौर में सोमवार को एक किसान सम्मेलन को संबोधित करते हुए सचिन पायलट ने पेपर लीक मामले में अपनी ही सरकार पर सवाल खड़े करते हुए कहा था, "छोटे-मोटे लोगों को छोड़कर सरगनाओं पर कार्रवाई होनी चाहिए."

    सचिन पायलट ने भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले में कहा, "जब परीक्षाओं का पर्चा लीक होता है, परीक्षा रद्द होती हैं तो मन में एक पीड़ा होती हैं क्योंकि हमारे किसान भाइयों के बच्चे, नौजवान कई साल इंतजार करते हैं."

    इस पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, "जिन पर कार्रवाई हुई है, वो सरगना ही हैं. नेता नाम बता देंगे तो उन पर भी कार्रवाई करेंगे."

    सीएम गहलोत ने कहा, "पिछली सरकार में भी पेपर लीक हुए हैं, आज तक कोई कार्रवाई हुई क्या? कई राज्यों में तो पेपर लीक हो जाते हैं, उसके बाद भी पेपर पूरे हो जाते हैं और फर्जी लोग उसका फायदा उठा कर नौकरी भी लग जाते हैं. हमने पेपर कैंसिल किए हैं."

    उन्होंने कहा, "सरकार तीन लाख से ज़्यादा नौकरी दे रही है. यह विपक्ष के लोग नहीं चाहते कि सरकार की परफॉर्मेंस जनता के बीच जाए."

  18. कार लेकर सीधे होटल में घुस गया शख़्स

    चीन के एक होटल में अचानक एक चलती हुई कार घुस गई. कार में बैठा शख़्स होटल का ही गेस्ट था.

    होटल में लैपटॉप चोरी हो जाने से गेस्ट नाराज़ था, अपनी नाराज़गी ज़ाहिर करने के लिए वह अपनी कार लेकर होटल में घुस गया.

    होटल में अफ़रा-तफ़री मच गई. बाद में शख़्स को गिरफ़्तार कर लिया गया.

  19. असदउद्दीन ओवैसी ने हरे रंग को लेकर बीजेपी और आरएसएस पर साधा निशाना

    ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष और हैदराबाद से सांसद असदउद्दीन ओवैसी ने हरे रंग को लेकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और बीजेपी पर निशाना साधा.

    असदउद्दीन ओवैसी ने कहा कि ये बीजेपी-आरएसएस की नफ़रत की निशानी है कि वो हरे रंग को मुसलमानों का बताकर हटाते हैं, जबकि मुसलमान हर रंग में रंग जाते हैं.

    एक कार्यक्रम के दौरान असदुद्दीन ओवैसी ने बीते महीने कर्नाटक के गुलबर्गा स्टेशन पर हरे को हटाकर सफ़ेद रंग से पुताई करने वाले वाक्ये का ज़िक्र किया. उस समय स्टेशन को हरे रंग में रंगने पर कुछ दक्षिणपंथी संगठनों ने विरोध किया था. जिसके बाद स्टेशन पर सफ़ेद रंग से पुताई की गई.

    ओवैसी ने कहा, "गुलबर्गा के रेलवे स्टेशन को हरा रंग किया गया था तो वहां पर बीजेपी-आरएसएस वालों ने कहा कि हरा रंग मुसलमानों का है, निकालो इसको. रातोंरात हरा रंग निकाल दिया गया. ये बीजेपी-आरएसएस के नफ़रत की निशानी है कि हरा रंग नहीं होना चाहिए, ये मुसलमानों का है. अरे, मोहन भागवत हम तो हर रंग में रंग जाने वाले हैं. रंग से हमें क्या लेना-देना."

    ओवैसी ने बिना नाम लिए बीजेपी सांसद प्रज्ञा ठाकुर को भी घेरा.

    उन्होंने कहा कि "वो मोहतरमा चाकू तेज़ रखने की बात करती हैं लेकिन उन्हें कोई अरेस्ट नहीं करता. बस एक ख़ानापूर्ति के लिए एफ़आईआर कर के छोड़ दिया. अगर हमारा बच्चा (मुसलमान, ग़रीब, दलित) बारात में लकड़ी की तलवार पकड़कर भी नाचे तो उसे पकड़ने के लिए आ जाते हैं."

  20. नेपाल के पोखरा में विमान दुर्घटना के बाद का हाल

    नेपाल के पोखरा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के क़रीब यती एयरलाइंस का एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है. ये विमान काठमांडू से पोखरा जा रहा था.

    नेपाली आर्मी के प्रवक्ता रति कृष्णा प्रसाद भन्डारी ने जानकारी दी है कि दुर्घटनास्थल से अब तक 40 शवों को निकाला जा चुका है.

    उन्होंने कहा, "विमान पोखरा हवाईअड्डे से डेढ़ किलोमीटर दूर सेती नदी के पास दुर्घटनाग्रस्त हुआ है. 120 रेंजर्स और क़रीब 180 जवानों को राहत कार्य के लिए लगाया गया है. विमान में आग लग गई है जिसे बुझाने की कोशिश हो रही है."