You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

श्रीलंका पर धमाकेदार जीत के हीरो विराट कोहली क्या बोले?

विराट कोहली ने कहा है कि वो कोई ‘कीर्तिमान हासिल करने के लिए बेताब नहीं’ है लेकिन अच्छा क्रिकेट खेलते रहना चाहते हैं.

लाइव कवरेज

कमलेश मठेनी and दीपक मंडल

  1. श्रीलंका पर धमाकेदार जीत के हीरो विराट कोहली क्या बोले?

    श्रीलंका के ख़िलाफ़ वनडे सिरीज़ में लगातार दो शतक जमाने वाले विराट कोहली ने कहा है कि वो कोई ‘कीर्तिमान हासिल करने के लिए बेताब नहीं’ है लेकिन अच्छा क्रिकेट खेलते रहना चाहते हैं.

    विराट कोहली ने श्रीलंका के ख़िलाफ़ वनडे सिरीज़ के तीन मैचों में 141.5 के जबरदस्त औसत के साथ 283 रन बनाए. उन्होंने सिरीज़ में दो शतक बनाए. रविवार को खेले गए सिरीज़ के तीसरे मैच में उन्होंने नाबाद 166 रन की पारी खेली. गुवाहाटी में खेले गए पहले मैच में उन्होंने 113 रन बनाए थे.

    इस प्रदर्शन के लिए कोहली को मैन ऑफ़ द सिरीज़ चुना गया. सिरीज़ में जमाए दो शतकों की मदद से कोहली के वनडे शतकों की संख्या 46 हो गई है.

    वनडे में सबसे ज़्यादा 49 शतक सचिन तेंदुलकर के नाम हैं.

    चार मैच में तीन शतक

    विराट कोहली ने पिछले चार वनडे मैचों में तीन शतक जमाए हैं और क्रिकेट के कई जानकार कह रहे हैं कि वो इसी साल सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं.

    हालांकि, रविवार को कोहली ने कहा कि उनकी नज़र ‘माइलस्टोन’ पर नहीं है.

    विराट कोहली ने कहा, “ब्रेक के बाद से जब मैं लौटा हूं तब से मैं अच्छा महसूस कर रहा हूं.”

    विराट कोहली ने पिछले साल खेले गए एशिया कप के पहले कुछ दिन का ब्रेक लिया था और जब वो टीम में लौटे तब से शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं.

    अपनी बल्लेबाज़ी से खुश

    विराट कोहली ने कहा, “कीर्तिमान हासिल करने को लेकर मेरे अंदर कोई बेताबी नहीं है. मैं जो कर रहा हूं, उसे जारी रखना चाहता हूं.”

    उन्होंने कहा, “आज मैं जिस तरह बल्लेबाज़ी कर रहा था, उससे खुश हूं.मैं अच्छा क्रिकेट खेलने में कामयाब रहा.”

    रविवार के मैच में नाबाद 166 रन की पारी के लिए विराट कोहली को मैन ऑफ़ मैच भी चुना गया.

    विराट कोहली की शानदार फ़ॉर्म का फ़ायदा टीम इंडिया को भी मिला. भारतीय टीम श्रींलका के ख़िलाफ़ वनडे सिरीज़ 3-0 से जीतने में कामयाब रही.

    रविवार को खेले गए आखिरी वनडे में भारत ने 317 रन से जीत हासिल की. ये रन अंतर के लिहाज से वनडे की सबसे बड़ी जीत है.

    वनडे में रन अंतर के लिहाज से पांच सबसे बड़ी जीत

    • भारत ने श्रीलंका को 317 रन से मात दी (15 जनवरी 2023)
    • न्यूज़ीलैंड ने आयरलैंड को 290 रन से मात दी थी. (1 जुलाई 2008)
    • ऑस्ट्रेलिया ने अफ़गानिस्तान को 275 रन से हराया था. (4 मार्च 2015)
    • दक्षिण अफ़्रीका ने जिंबाब्वे को 272 रन से हराया था. (22 अक्टूबर 2010)
    • दक्षिण अफ़्रीका ने श्रीलंका को 258 रन से हराया था. (11 जनवरी 2012)
  2. पाकिस्तान : ख़ैबर पख्तूनख़्वा असेंबली भंग, मुख्यमंत्री बोले मंगलवार को भेजेंगे सिफारिश

    खैबर पख्तूनख्वा असेंबली भंग करने की सिफारिश मंगलवार को भेजी जाएगी. असेंबली शनिवार को देर रात में ही भंग हो गई थी. खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री महमूद खान ने कहा है कि केपी असेंबली को भंग करने के लिए सिफारिश मंगलवार को भेजी जाएगी.

    गौरतलब है कि पंजाब विधानसभा पहले ही भंग की जा चुकी है जहां कार्यवाहक मुख्यमंत्री के चयन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है.

    सोशल मीडिया पर जारी एक बयान में मुख्यमंत्री महमूद खान ने कहा कि ' इमरान खान के आदेश के मुताबिक खैबर पख्तूनख्वा विधानसभा को भंग करने की सिफारिश मंगलवार को राज्यपाल को भेजा जाएगा.'

  3. हॉकी वर्ल्ड कप : भारत और इंग्लैंड का मैच गोल रहित बराबरी पर खत्म

    ओडिशा के राउरकेला में चल रहे विश्व कप हॉकी टूनार्मेंट में भारत और इंग्लैंड का मुकाबला बगैर किसी गोल के बराबरी पर खत्म हुआ. इससे पहले भारत ने अपने पहले मैच में स्पेन को 2-0 से हराया था.

    रविवार को राउरकेला के बिरसा मुंडा स्टेडियम में इंग्लैंड को ड्रॉ पर रोकने में सफल रहा. इसे भारत के बेहतर खेल और आगे और अच्छे प्रदर्शन की संभावना के तौर पर देखा जा रहा है.

    दोनों टीम ने शुरुआत से ही अच्छी और आक्रामक हॉकी खेली. भारत की ओर हार्दिक सिंह ने कई बेहतरीन मूव बनाए लेकिन गोल दागने में नाकाम रहे.पहले हॉफ में इंग्लैंड को गोल दागने के ज्यादा मौके मिले, लेकिन किस्मत ने उसका साथ नहीं दिया. वहीं दूसरे क्वार्टर में भारत ने भी कई मौके गंवाए. इंग्लैंड ने अपने पहले मैच में पड़ोसी वेल्स को 5-0 से मात दी थी.

  4. पीएम नरेंद्र मोदी ने नेपाल विमान हादसे पर जताया शोक, कहा- 'दुख में डूबे परिवारों के साथ हूं'

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल में हुए विमान हादसे में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई है.

    उन्होंने ट्वीट कर कहा है,''नेपाल में विमान हादसे में बेशकीमती जिंदगियां खोने से दुखी हूं. भारतीय नागरिक भी हादसे के शिकार हुए हैं. दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदना और प्रार्थना शोक संतप्त परिवार के साथ है. ''

    रविवार सुबह नेपाल के पोखरा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के क़रीब यती एयरलाइंस का एक विमान रविवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गया . इस विमान ने काठमांडू से पोखरा के लिए उड़ान भरी थी और लैंडिंग के पहले दुर्घटनाग्रस्त हो गया.

    विमान में पांच भारतीय नागरिक भी सवार थे. बचाव में लगे अधिकारियों ने बताया है कि अब तक 68 लोगों के शव निकाले गए हैं.

  5. #INDvSL:भारत ने श्रीलंका को तीसरे वनडे में 317 रन से हराया, एकदिवसीय मैच में सबसे बड़ी जीत

    भारत ने श्रीलंका के साथ वनडे सिरीज का तीसरा मैच जीत लिया है.

    तिरुवनंतपुरम में हुए तीसरे मैच में भारत ने श्रीलंका को 317 रन से हरा दिया. ये रनों के अंतर के लिहाज से वनडे की सबसे बड़ी जीत है.

    391 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की पूरी टीम 73 पर आउट हो गई. भारत ने तीन मैचों की सिरीज़ 3-0 से अपने नाम की.

    वनडे इतिहास में श्रीलंका पहली टीम है जिसे 300 से ज़्यादा रनों से हार झेलनी पड़ी. भारत की ओर से मोहम्मद सिराज ने चार विकेट लिए.

    इससे पहले भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका को 391 रन का लक्ष्य दिया था.

    कोहली की विराट पारी

    भारत के लिए विराट कोहली ने नाबाद 166 रन बनाए. ये उनका वनडे में 46वां शतक है.

    वनडे में विराट कोहली से ज़्यादा शतक सिर्फ़ सचिन तेंदुलकर के नाम हैं. सचिन के नाम वनडे में 49 शतक हैं.

    विराट कोहली ने रविवार के मैच में 110 गेंदों का सामना किया. उन्होंने अपनी पारी में 13 चौके और आठ छक्के जड़े.

    विराट कोहली को मैन ऑफ़ द मैच और मैन ऑफ़ द सिरीज़ चुना गया.

    विराट कोहली ने सिरीज़ के पहले मैच में भी शतकीय पारी खेली थी.

    रविवार को खेले गए तीसरे वनडे में शुभमन गिल ने भी शतक जमाया. उन्होंने 97 गेंदों में 116 रन बनाए.

    वनडे में रन अंतर के लिहाज से पांच सबसे बड़ी जीत

    • भारत ने श्रीलंका को 317 रन से मात दी (15 जनवरी 2023)
    • न्यूज़ीलैंड ने आयरलैंड को 290 रन से मात दी थी. (1 जुलाई 2008)
    • ऑस्ट्रेलिया ने अफ़गानिस्तान को 275 रन से हराया था. (4 मार्च 2015)
    • दक्षिण अफ़्रीका ने जिंबाब्वे को 272 रन से हराया था. (22 अक्टूबर 2010)
    • दक्षिण अफ़्रीका ने श्रीलंका को 258 रन से हराया था. (11 जनवरी 2012)
  6. शिवराज सिंह चौहान का हेलीकॉप्टर हुआ खराब, करनी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग

    मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को ले जा रहे हेलीकॉप्टर को रविवार को धार जिले के मनावर शहर में इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी.

    इस हेलीकॉप्टर ने यहीं से थोड़ी देर पहले उड़ान भरी थी लेकिन तकनीकी दिक्कतों की वजह से इसे उतरना पड़ा.

    धार के पुलिस एसडीओ धीरज बब्बर ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर मनावर से धार की ओर उड़ा था.

    लेकिन तकनीकी दिक्कतों के कारण इसे थोड़ी ही देर बाद उतरना पड़ा.

    बाद में मुख्यमंत्री यहां से 75 किलोमीटर की दूरी पर स्थित धार के लिए सड़क मार्ग से रवाना हुए.

    उन्हें धार जिले में एक सभा को संबोधित करना था.

  7. पाकिस्तान के पीएम ने कहा- मित्र देशों से बार-बार कर्ज मांगने में शर्म आती है...

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने कहा है कि मित्र देशों से और कर्ज मांगने में उन्हें शर्मिंदगी महसूस होती है. उन्होंने कहा कि नकदी के संकट से जूझ रही पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था के लिए ये स्थायी समाधान नहीं है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, पंजाब प्रांत की राजधानी में पाकिस्तान प्रशासनिक सेवा के प्रोबेशनरी अफसरों के पासिंग आउट सेरेमनी के दौरान शहबाज़ शरीफ़ ने इस बात पर अफसोस जताया कि देश में पिछले 75 साल की सरकारें आर्थिक समस्याओं का समाधान नहीं खोज सकी, चाहे वो राजनीतिक सरकारें रही हों या फौजी तानाशाहों की सरकार.

    जियो न्यूज़ की एक ख़बर में कहा गया है कि प्रधानमंत्री ने आर्थिक मदद देने के लिए सऊदी अरब की तारीफ की. लेकिन ये भी कहा कि बार-बार मित्र देशों से कर्ज मांगना सचमुच शर्मिंदगी की बात है.

    उन्होंने कहा कि कर्ज लेकर पाकिस्तान की आर्थिक समस्याएं नहीं सुलझाई जा सकतीं क्योंकि आख़िर में ये पैसा उसे लौटाना भी होगा.

  8. राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो यात्रा' के दौरान कांग्रेस सांसद संतोख सिंह का निधन

    भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कांग्रेस सासंद संतोख सिंह चौधरी की मौत पर राहुल गांधी ने शोक व्यक्त किया है.

    उनकी मौत के बाद यात्रा को रोक दिया गया.

  9. हैदराबाद के आठवें निज़ाम नवाब बरकत अली का तुर्की में निधन

    हैदराबाद के आख़िरी और आठवें निजाम नवाब बरकत अली ख़ान वालाशन मुकर्रम जाह बहादुर का तुर्की के इंस्ताबुल शहर में निधन हो गया है.

    उनका निधन शनिवार को रात साढ़े दस बजे हुआ. उनकी इच्छा के मुताबिक़ उन्हें हैदराबाद में सुपुर्दे-ए-ख़ाक किया जाएगा.

    उनके बेटे उनका शव लेकर मंगलवार को हैदराबाद आएंगे. इसके बाद उनके पार्थिव शरीर को चौमहल्ला पैलेस ले जाया जाएगा, जहां उन्हें सुपुर्दे-ए-ख़ाक किया जाएगा. उनके शव को आसफ जाही परिवार के कब्रिस्तान में दफनाया जाएगा.

    मुकर्रम जाह का जन्म 6 अक्टूबर 1933 में हुआ था. उनके पिता का नाम मीर हिमायत अली खान उर्फ आज़म जाह बहादुर था. वो हैदराबाद के सातवें निजाम मीर उस्मान अली ख़ान के बेटे थे.

    सितंबर 1948 में हैदराबाद स्टेट को भारतीय संघ में शामिल कर लिया गया था.

  10. ईरान: 'टॉर्चर' करके क़बूल करवाया जुर्म, अब फांसी का ख़तरा

    ईरान में पिछले कई महीनों से हिजाब विरोधी प्रदर्शन जारी हैं. इन प्रदर्शनों को दबाने के लिए ईरानी सरकार ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया.

    सरकार पर उन्हें टॉर्चर करने के भी आरोप लगे. कई लोगों को मौत की सज़ा भी सुनाई गई. इसी बीच बीबीसी फ़ारसी को एक चौंकाने वाली जानकारी भी मिली. क्या है ये पूरा मामला. देखिए कवर स्टोर में.

  11. तमिलनाडु में जल्लीकट्टू मुकाबले के दौरान 19 लोग घायल

    तमिलनाडु में मदुरै जिले के अवनियापुरम के जलीकट्टू मुकाबले में भड़के सांड़ों ने 19 लोगों को घायल कर दिया है.इनमें से 11 लोगों का मदुरै के राजाजी गवर्नमेंट अस्पताल में इलाज चल रहा है.

    हालांकि रविवार को हुए इस हादसे बाद आयोजन बंद नहीं किया गया है. राज्य के राजस्व विभाग के अधिकारियों ने कहा कि प्रतियोगिता चलती रहेगी.

    तमिलनाडु के तीन गांवों में जल्लीट्टू प्रतियोगिता रविवार को शुरू हुई थी. जल्लीकट्टू प्रतियोगिता राज्य में पोंगल उत्सव समारोहों के साथ ही शुरू हो गई थी. जल्लीकट्टू मुकाबले में लोग बैंलों को सींग से पकड़ कर काबू करने की कोशिश करते हैं.

  12. चैलेन्जर 2 टैंक: ब्रिटेन के हथियार से कितनी मजबूत होगी यूक्रेनी सेना

    ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने कहा है कि रूस के साथ युद्ध में यूक्रेन को मज़बूती देने के लिए उनका देश यूक्रेन को चैलेन्जर 2 टैंक देगा.

    ये टैंक ब्रितानी सेना का मुख्य टैंक है. यूक्रेन के लिए युद्ध मैदान पर ये सबसे आधुनिक टैंक होगा. ये टैंक इराक़ युद्ध में इस्तेमाल हो चुका है. ब्रिटेन का कहना है कि इस टैंक के जरिए यूक्रेन को बेहतर सुरक्षा और सटीक मार करने की क्षमता हासिल होगी.

    ब्रिटेन के पीएम ऋषि सुनक के दफ़्तर ने शनिवार को एक बयान जारी कर बताया है कि पीएम सुनक ने यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेन्स्की से फ़ोन पर बात की. इस दौरान उन्होंने कहा कि ब्रिटेन यूक्रेन को हथियार और अन्य उपकरण देगा.

    बयान मेंकहा गया है, "रूस को पीछे धकेलने और शांति हासिल करने के लिए ब्रिटेन आने वाले वक्त में यूक्रेन को कूटनीतिक और सैन्य सहायता देगा. ये कदम मदद बढ़ाने के ब्रिटेन के इरादे का सबूत है."

  13. ब्रेकिंग न्यूज़, #INDvSL: तीसरे वनडे में कोहली ने बनाए नाबाद 166 रन, श्रीलंका के सामने 391 रन का लक्ष्य

    भारत ने तीसरे एक दिवसीय मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका को 391 रन का लक्ष्य दिया है.

    विराट कोहली ने 110 गेंदों पर नाबाद 166 रन की पारी खेली. भारत ने पांच विकेट खोकर 390 रन बनाए.

    भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया.

    तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में चल रहे मैच में .

    शुभमन गिल ने 89 गेंद पर शतक बनाया. उन्होंने 116 रनों की पारी खेली.

    एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच में उनका ये दूसरा शतक है.

    श्रेयस अय्यर ने 32 गेंदों में 38 रन बना कर लाहिरु कुमारा की गेंद पर आउट हुए. रोहित शर्मा ने 42 रन की पारी खेली.

  14. अमेरिका: नई मुश्किल में जो बाइडन

    अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन की मुश्किलें बढ़ गई हैं.

    जब वो अमेरिका के उपराष्ट्रपति थे, उस दौरान उनपर गोपनीय दस्तावेज़ों को लेकर लापरवाही बरतने के आरोप हैं.

    अब अटॉर्नी जनरल ने इस मामले में जांच के लिए विशेष अभियोजनकर्ता को नियुक्त किया है.

  15. चीन की मदद से बनाया गया था पोखरा इंटरनेशनल एयरपोर्ट

    नेपाल के यती एअरलाइंस का एटीआर-72 विमान जिस पोखरा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास दुर्घटना का शिकार हुआ, उसका उद्घाटन दो हफ़्ते पहले ही नेपाल के नवनियुक्त प्रधानमंत्री पुष्प कुमार दहाल प्रचंड ने किया था.

    पोखरा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का निर्माण चीन की मदद से किया गया है. अन्नपूर्णा पर्वत श्रृंखला के पास बने इस एयरपोर्ट का नए साल की पहली तारीख को उद्घाटन किया गया था.

    पोखरा इंटरनेशनल एयरपोर्ट चीन के बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव प्रोजेक्ट का हिस्सा है.

    नेपाली अख़बार 'काठमांडू पोस्ट' की रिपोर्ट के अनुसार, नेपाल सरकार ने साल 2016 के मार्च महीने में चीन से इस एयरपोर्ट के निर्माण के लिए 215.96 मिलियन अमेरिकी डॉलर के सॉफ़्ट लोन के समझौते पर दस्तखत किए थे.

    पिछले साल चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने पोखरा रीजन इंटरनेशनल एयरपोर्ट को तत्कालीन नेपाली प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा को सौंपा था.

    प्रचंड ने पोखरा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन समारोह के दौरान कहा था, "नेपाल जैसे लैंडलॉक्ड देश में हवाई कनेक्टिविटी यातायात के साधन के रूप में काफी मायने रखती है. इस एयरपोर्ट की शुरुआत के बाद से पोखरा का अंतरराष्ट्रीय समुदाय से संबंध स्थापित हो गया है."

    रविवार को सुबह 11 बजे के करीब पोखरा एयरपोर्ट पर यती एअरलाइंस का विमान सेती नदी के किनारे पुराने और नए एयरपोर्ट के बीच क्रैश कर गया.

    समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, इस विमान में कुल 68 पैसेंजर और चालक दल के चार सदस्य सवार थे.

    यात्रियों में पांच भारतीय भी थे. नेपाल के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के मुताबिक़ विमान को उड़ने की अनुमति मिल गई थी और मौसम की कोई समस्या नहीं थी. प्राधिकरण ने कहा है कि शुरुआती जांच के मुताबिक़ दुर्घटना तकनीकी कारणों से हुई है.

  16. अब किस हाल में हैं श्रीलंका के लोग

    श्रीलंका में आर्थिक संकट ने लोगों को सड़कों पर ला दिया. भारत का ये पड़ोसी देश तब से अब तक पटरी पर आने की जद्दोजेहद कर रहा है.

    इसके लिए सरकार ख़र्चों में बड़े पैमाने पर कटौती की योजना बना रही है. फिर भी वहां की एक बड़ी आबादी को दो वक्त का खाना नसीब नहीं हो रहा.

  17. सुप्रिया सुले की साड़ी में आग लगी, बाल-बाल बचीं

    राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की नेता सुप्रिया सुले की साड़ी में आग लग गई. हालांकि वो बाल-बाल बच गईं. वो पुणे के एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने गई थीं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ सुप्रिया सुले ने एक बयान जारी कर कहा कि वो सुरक्षित हैं. बारामती की सांसद सुप्रिया सुले रविवार को हिंजावाड़ी में एक कराटे प्रतियोगिता का उद्घाटन करने गई थीं.

    वहां जब वह छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा को माला पहना रही थीं तो उनकी साड़ी वहां जल रहे दीये से छू गई. इससे इसमें आग लग गई. लेकिन इसे तुरंत बुझा दिया गया.

  18. भारत का विभाजन न हुआ होता तो आज वो कहां होता, जयशंकर ने बताया

    भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा है कि उरी और बालाकोट जैसे कदमों ने ज़रूरी संदेश दिया है और ये बताया है कि भारत किसी के दबाव में नहीं आएगा.

    उन्होंने कहा कि भारत के लिए उसकी सुरक्षा का मुद्दा बेहद अहम है और आतंकवाद की परेशानी झेल चुके भारत ने उरी और बालाकोट के ज़रिए ज़रूरी संदेश दिया है.

    उन्होंने चीन के साथ सीमा तनाव को लेकर भी बात की और कहा कि विभाजन से भारत को नुक़सान पहुंचा था. इसने उसे उन इलाक़ों से दूर कर दिया जहां उसे सम्मान मिलता था.

    विदेश मंत्री ने क्या-क्या कहा?

    चेन्नई में तुगलक पत्रिका द्वारा आयोजित 53वीं वर्षगांठ समारोह के अवसर पर जयशंकर ने कहा कि उन्होंने चार कारणों से इस आयोजन में शामिल होने का फ़ैसला किया.

  19. ब्रेकिंग न्यूज़, पोखरा विमान हादसे की जांच के लिए नेपाल सरकार ने पांच सदस्यीय आयोग का गठन किया

    नेपाल सरकार ने पोखरा के नजदीक हुई विमान दुर्घटना की जांच के लिए पांच सदस्यीय आयोग का गठन किया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहाल 'प्रचंड' ने मंत्री परिषद की एक इमरजेंसी मीटिंग में जांच आयोग बनाने का फैसला किया.

    पोखरा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के क़रीब यती एअरलाइंस का एक विमान रविवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गया था.

    इस विमान ने काठमांडू से पोखरा के लिए उड़ान भरी थी लेकिन लैंडिंग के पहले दुर्घटनाग्रस्त हो गया.

    विमान हादसे के बाद बचाव कार्य में लगे अधिकारियों ने अब तक 62 मौतों की पुष्टि की है. विमान में 72 लोग सवार थे. इनमें पांच भारतीय थे.

    विमान पोखरा हवाईअड्डे से डेढ़ किलोमीटर दूर सेती नदी के पास एक गहरे खाईनुमा गड्ढे में दुर्घटनाग्रस्त हुआ. 120 रेंजर्स और क़रीब 180 जवानों को राहत कार्य के लिए लगाया गया है. विमान में आग लग गई थी.

  20. सिक्किम की वो पुलिसवाली जो पहले सुपरमॉडल बनीं और अब एक्टर

    सिक्किम पुलिस के दंगा विरोधी पुलिस में तैनात ईक्षा सुब्बा हिंदी सिनेमा में कदम रखने जा रही है.

    बीबीसी के साथ ईक्षा ने अपना सफर साझा किया कि किस तरह से किसान परिवार से आने वाली ईक्षा ने पुलिस में रहकर अपने दूसरे सपनों बॉक्सिंग, मॉडलिंग को पूरा कर रही है.

    इसमें उनके सहकर्मियों और अधिकारियों का साथ मिला. अपने किसान परिवार की इकलौती कमाने वाली ईक्षा ने बतौर महिला अपने संघर्ष और खट्टे-मीठे अनुभव से भी रूबरू करवाया.

    बचपन से ही हिंदी सिनेमा से जुड़ी ईक्षा अब स्थानीय कलाकारों और भारतीय सिनेमा के बीच पुल बनना चाहती है.