You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

हॉकी वर्ल्ड कप में भारत की जीत के साथ शुरुआत, स्पेन को दो-शून्य से हराया

भारत में हो रहे हॉकी वर्ल्ड कप के ग्रुप डी मैच में आज भारत ने स्पेन के दो-शून्य हरा दिया है.

लाइव कवरेज

कमलेश मठेनी and शुभम किशोर

  1. एमवी गंगा विलास को हरी झंडी दिखाने के बाद बोले पीएम मोदी- ये क्रूज़ जहां से भी गुजरेगा...

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए दुनिया के सबसे लंबे रिवर क्रूज एमवी गंगा विलास को हरी झंडी दिखाई और वाराणसी में टेंट सिटी का उद्घाटन किया.

    क्रूज शिप को हरी झंडी दिखाने के बाद पीएम मोदी ने कहा, "आज काशी से डिब्रूगढ़ के बीच दुनिया की सबसे लंबी नदी जल यात्रा गंगा विलास क्रूज का शुभारंभ हुआ है."

    पीएम मोदी ने कहा, "इससे पूर्वी भारत के अनेक पर्यटक स्थल विश्व पर्यटन मानचित्र में और प्रमुखता से आने वाले हैं. ये गंगा विलास क्रूज उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, बांग्लादेश और असम की यात्रा के दौरान हर तरह की सुविधा मुहैया कराएगा."

    "ये क्रूज यात्रा एक साथ अनेक नए अनुभव लेकर आने वाली है. क्रूज़ टूरिज्म का ये नया दौर इस क्षेत्र में हमारे युवा साथियों को रोजगार-स्वरोजगार के नए अवसर देगा. विदेशी पर्यटकों के लिए तो ये आकर्षण होगा ही, देश के भी जो पर्यटक पहले ऐसे अनुभवों के लिए विदेश जाते थे."

    उन्होंने कहा, "वो भी अब पूर्वी-उत्तर पूर्वी भारत का रुख कर पाएंगे. ये क्रूज़ जहां से भी गुजरेगा वहां पर विकास की नई लाइन तैयार करेगा. क्रूज़ टूरिज्म के लिए ऐसी ही व्यवस्थाएं हम देशभर की नदी जलमार्गों में तैयार कर रहे हैं."

    "ये गंगा विलास क्रूज 25 अलग-अलग नदियों से होकर गुजरेगा और जो लोग भारत के समृद्ध खान-पान का अनुभव लेना चाहते हैं उनके लिए भी ये बेहतरीन अवसर है."

    उन्होंने कहा, "यानी भारत की विरासत और आधुनिकता का अद्भुत संगम हमें इस यात्रा में देखने को मिलेगा. साल 2014 में सिर्फ 5 राष्ट्रीय जलमार्ग भारत में थे, आज 24 राज्यों में 111 राष्ट्रीय जलमार्गों को विकसित करने का काम हो रहा है. इनमें से लगभग दो दर्जन जलमार्गों पर सेवाएं चल रही हैं."

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने भी इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया.

    बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने क्रूज शिप पर कहा, "क्रूज राज्य के छह जगहों बक्सर, छपरा, पटना, सिमरिया, मुंगेर, सुल्तानगंज और कहलगांव में रुकेगा. क्रूज के बिहार से गुजरने पर पर्यटकों का संस्कृति और इतिहास से परिचय होगा. यात्रा को सुगम और गतिमान बनाने के लिए जिलों में एक-एक नोडल अधिकारी बनाए गए हैं."

    असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा, "पीएम मोदी ने आज विश्व के सबसे बड़े रिवर क्रूज की शुरूआत की है. ये रिवर क्रूज वाराणसी से होते हुए असम के डिब्रूगढ़ तक आएगा. इस रिवर क्रूज से उत्तर पूर्व भारत एक बहुत बड़े पर्यटन मान चित्र में शामिल होगा."

  2. जोशीमठ: जहां ज़मीन धंसती गई और बसेरा उजड़ता गया - ग्राउंड रिपोर्ट

    जोशीमठ में कड़ाके की ठंड पड़ रही है और इसी ठंड में यहां के लोग अपने पांच, छह, सात कमरों के घरों की सुविधा और आराम से महरूम किसी होटल, स्टे-होम के एक कमरे में गुज़ारा कर रहे हैं.

    कभी-कभी की बूंदाबांदी ठंड को बढ़ा देती है. साथ ही ये डर भी कि कहीं इस शहर की दरारें इसे ज़मीन में और न धंसा दें.

    एक तरफ़ जहां जोशीमठ के धंसने से इसके भविष्य पर प्रभाव को लेकर बहस चल रही है, तो दूसरी ओर जोशीमठ के लोगों को अपने बच्चों के भविष्य की फ़िक्र है.

    पिछले कुछ वक्त से उत्तराखंड के लोग शिकायत कर रहे थे कि उनके घर ज़मीन में धंस रहे हैं, उनमें दरारें आ रही हैं.

  3. आम आदमी पार्टी की सरकार को रोकने के लिए बीजेपी कर रही है गंदी राजनीति: मनीष सिसोदिया

    दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने शुक्रवार को बीजेपी पर आरोप लगाया कि वो आम आदमी पार्टी की सरकार को रोकने के लिए 'गंदी राजनीति' कर रही है.

    मनीष सिसोदिया का आरोप है कि बीजेपी आम आदमी पार्टी की सरकार को स्कूल के शिक्षकों को प्रशिक्षण के लिए फिनलैंड भेजने से रोक रही है.

    उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि अब तक 1100 शिक्षक विदेश में प्रशिक्षण पा चुके हैं. इसके लिए वो सिंगापुर, ब्रिटेन और फिनलैंड गए थे.

    सिसोदिया ने कहा कि अब बीजेपी ने अनाधिकृत तरीक़े से सेवा विभाग में पकड़ बना ली है. वो आम आदमी पार्टी की सरकार को शिक्षकों को सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षण देने से रोकने के लिए 'गंदी राजनीति कर रहे हैं.'

    उन्होंने उप राज्यपाल वीके सक्सेना को लेकर कहा कि अगर वो बच्चों के भविष्य की फिक्र करते हैं तो उन्हें बीजेपी के साथ इस साजिश में शामिल नहीं होना चाहिए.

    उप मुख्यमंत्री ने बताया, "हम 30 शिक्षकों को फिनलैंड प्रशिक्षण के लिए भेजना चाहते थे. लेकिनस एलजी किसी ना किसी बहाने इसे टाल रहे हैं. हमने जब उनके पास इसकी फाइल भेजी तो एलजी ने पूछा कि अगर भारत में ऐसा कार्यक्रम किया जाए तो इससे लागत में क्या फ़ायदे होंगे."

    "बीजेपी शासित राज्यों के प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में जाते हैं. क्या खर्चे के नाम पर इसे भी रोक चाहिए? हम फिर से एलजी के पास फ़ाइल भेजेंगे."

  4. BBC Hindi: बीते हफ़्ते की वो ख़बरें, जो शायद आप मिस कर गए

    नमस्ते. उम्मीद है कि आप अच्छे होंगे, खुश होंगे और सकारात्मक ऊर्जा के साथ आगे बढ़ रहे होंगे.

    हम जानते हैं कि रोज़मर्रा की आपा-धापी के बीच आपके लिए देश-दुनिया की हर ख़बर पर नज़र रखना मुश्किल रहता होगा.

    ऐसे में हम लाए हैं बीते सप्ताह की कुछ दिलचस्प और अहम ख़बरें, जिन पर शायद आपकी नज़र ना गई हो.

    ये पाँच ख़बरें आपने पढ़ लीं तो ये समझिए कि आप पूरी तरह से अपडेटेड हो गए.

  5. तेलंगाना के सीएम के चंद्रशेखर राव का बीजेपी पर हमला, कहा- देश में तालिबान जैसे हालात होंगे अगर...

    तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने गुरुवार को बीजेपी को निशाने पर लेते हुए कहा कि अगर वो लोगों को बांटते रहे तो तालिबान जैसे हालात बन सकते हैं.

    उन्होंने कहा, ''अगर हम धार्मिक असहिष्णुता बढ़ाते रहेंगे और लोगों को बांटेगे तो हालात बहुत बुरे हो जाएंगे. इससे देश में तालिबान जैसी स्थिति बन जाएगी और इस देश में अफ़ग़ानिस्तान जैसे हालात होंगे.''

    चंद्रशेखर राव ने ये बातें महबूबाबाद में कहीं जहां भारत राष्ट्र समिति के पार्टी दफ़्तर और अन्य ज़िला दफ़्तरों के उद्घाटन के लिए पहुंचे थे. उन्होंने ये भी कहा कि राष्ट्र की प्रगति के लिए शांति और सद्भाव की ज़रूरत है जो सभी नागरिकों को अपने कल्याण की गारंटी मिले.

    उन्होंने कहा, ''मैं आपसे अनुरोध करता हूं कि देश के विकास के लिए शांति, सहिष्णुता और लोगों के कल्याण के साथ आगे बढ़ना चाहिए. इस नफ़रत से आग फैलेगी और लोगों के घर जल जाएंगे. युवाओं को सचेत होना चाहिए और ध्यान से सोचना चाहिए. बुद्धिजीवियों के साथ इस पर चर्चा करनी चाहिए.''

    तेलंगाना में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं और इस बार बीआरएस को बीजेपी से कड़ी चुनौती मिल रही है. साल 2018 के चुनाव में बीआरएस को बहुमत के साथ जीत मिली थी.

  6. रूसी पर्यटकों की 'रहस्यमय परिस्थितियों' में मौत से जुड़े वो सवाल, जिनके जवाब नहीं मिले

    रायगड़ा दक्षिण ओडिशा का एक शांतिपूर्ण आदिवासी शहर है.

    लेकिन 22 और 24 दिसंबर को यहाँ के साईं इंटरनेशनल होटल में दो रूसी पर्यटकों की मौत के बाद से ये शहर दुनिया भर में सुर्ख़ियों में है.

    लोगों की हैरानी उस समय और भी बढ़ गई, जब तीन जनवरी को यहाँ से मीलों दूर पारादीप बंदरगाह पर एक मालवाहक जहाज़ में एक और रूसी नागरिक के मौत की ख़बर आई.

    पूरे घटनाक्रम में हैरान करने वाली बात ये थी कि ओडिशा जैसे कम सैलानियों वाले राज्य में दो हफ़्ते के अंदर तीन रूसी पर्यटकों की मौत कैसे हो गई.

  7. ऑयल कंपनी एक्सॉनमोबिल पर लगा आरोप, जलवायु परिवर्तन की जानकारी होने पर भी छुपाई

    शोधकर्ताओं ने दावा किया है कि ऑयल सेक्टर की जानीमानी कंपनी एक्सॉनमोबिल ने 70 के दशक में ही इस बात का सटीक अनुमान लगा लिया था कि फ़ॉसिल फ़्यूल (जीवाश्म ईंधन) से किस तरह से धरती गर्म होगी.

    शोधकर्ताओं का ये भी कहना है कि कंपनी ने इस जानकारी के बावजूद सार्वजनिक रूप से इस तथ्य को खारिज कर दिया था.

    हार्वर्ड यूनिवर्सिटी और पोस्टडैम इंस्टीट्यूट ऑफ़ क्लाइमेट चेंज के शोधकर्ताओं का कहना है कि एक्सॉनमोबिल के वैज्ञानिकों ने ग्लोबल वॉर्मिंग का जो मॉडल तैयार किया था वो नासा के मॉडल से भी ज़्यादा सटीक था.

    रिसर्च पेपर के लेखकों ने एक्सॉन पर आरोप लगाया है कि कंपनी ने अपने वैज्ञानिक डेटा को खारिज करने वाले सार्वजनिक बयान जारी किए.

    एक्सॉन का ग्लोबल वॉर्मिंग पर लंबे समय तक ये रुख रहा कि क्लाइमेट चेंज पर जल्द कदम उठाने की कोई फौरी ज़रूरत नहीं है.

    तेल और गैस की बिक्री से अरबों डॉलर की कमाई करने वाली कंपनी एक्सॉनमोबिल ने शोधकर्ताओं के दावे को खारिज करते हुए कहा है कि उसे फ़ॉसिल फ़्यूल और जलवायु परिवर्तन के बीच के लिंक के बारे में जानकारी नहीं थी.

  8. सऊदी अरब के लिए पाकिस्तान बोझ है या उसकी ताक़त

    पाकिस्तान में आर्थिक संकट इस क़दर गहरा गया है कि आटे के लिए सड़कों पर लोग आपस में लड़ रहे हैं.

    पाकिस्तान का ख़ज़ाना ख़ाली है और वहाँ की सरकार किसी तरह से मुल्क को डिफ़ॉल्टर होने से बचाने में लगी है.

    सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस और प्रधानमंत्री मोहम्मद बिन सलमान ने अपने वित्तीय संस्थानों को आदेश दिया है कि पाकिस्तान में निवेश और क़र्ज़ बढ़ाने के लिए अध्ययन करें.

    सऊदी अरब की गिनती दुनिया के अमीर देशों में है, लेकिन वह बार-बार एक ग़रीब और तंगहाल मुल्क पाकिस्तान की मदद के लिए क्यों सामने आता है?

  9. ब्रिटेन: कैंसर का कारण बनने वाले केमिकल्स का मेकअप उत्पादों में हो रहा है इस्तेमाल

    बीबीसी न्यूज़ की एक जांच में पता चला है कि ब्रिटेन में बिकने वाले कई उत्पादों में ''फॉरएवर केमिकल्स'' का इस्तेमाल हो रहा है.

    सौंदर्य प्रसाधन बनाने वालीं अर्बन डिके, रिवॉल्यूशन और इंगलट कंपनियां ब्रिटेन में मेकअप के जो उत्पाद बेच रही हैं उनमें ये केमिकल्स पाए गए हैं. इन केमिकल्स को पीएफ़एएस भी कहा जाता है. इनसे कैंसर या अन्य गंभीर बीमारियां हो सकती है.

    ये ब्रिटेन में अवैध नहीं हैं लेकिन पांच यूरोपीय देश इन पर शुक्रवार को पूरे यूरोप में प्रतिबंध की घोषणा कर सकते हैं. अर्बन डिके लॉरियेल की सहायक कंपनी है.

    लॉरियेल ने बीबीसी से कहा कि इन केमिकल्स को हटाने की प्रक्रिया चल रही है. पीएफ़एएस तेल और पानी को टिकने नहीं देता इसलिए ये बहुत महंगे होते हैं.

    ये उत्पाद को टिकाऊ बनाने और आईशेडो और लिप्सिटक्स के रंग सुरक्षित रखने के लिए इस्तेमाल होते हैं. पीएएफ़एस के स्वास्थ्य पर प्रभावों को देखते हुए कुछ ब्रांड में अब इसका इस्तेमाल नहीं होता.

    लेकिन, ब्रिटेन में ऐसे कई उत्पाद मिलते हैं जिनमें ये केमिकल पाया जाता है.

  10. श्रीलंका के छोटे स्कोर के ख़िलाफ़ जीत मिली, लेकिन रोहित की टीम में धमक और चमक नदारद क्यों

    इडेन गार्डेंस में श्रीलंका को चार विकेट से हराकर भारत ने तीन मैचों की सिरीज़ में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है.

    श्रीलंका के ख़िलाफ़ अपने ही घर में भारत की ये 10वीं सिरीज़ जीत रही. भारत ने ये मैच लगभग सात ओवर रहते जीत लिया जिससे लगता है कि ये आसान जीत रही होगी, लेकिन ऐसा नहीं था. इस मैच में भी भारतीय टीम की कुछ कमियां उजागर हुईं जिसका समाधान वर्ल्ड कप से पहले मिलना ज़रूरी है.

    नज़र डालते हैं मैच के कुछ ख़ास पहलुओं पर जिसने इसके नतीजे को तराशा.

    श्रीलंका की ठोस शुरुआत

    कोलकाता के इडेन गार्डेंस मैदान पर टॉस जीतकर फ़ैसला करना आसान नहीं होता है. यहां दिन-रात के मैच में दुधिया रोशनी में बॉलिंग करना आसान नहीं होता क्योंकि यहां ओस बहुत गिरती है जिससे गेंद पर ग्रिप बनाना मुश्किल होता है. इसलिए कुछ कप्तान सोचते हैं कि पहले गेंदबाज़ी कर ली जाए.

  11. नई दिल्ली उच्चायोग में महिला से अभद्र व्यवहार के आरोपों पर पाकिस्तान ने क्या कहा

    पाकिस्तान ने गुरुवार को कहा कि नई दिल्ली स्थित उच्चायोग में एक महिला के साथ ख़राब व्यवहार के आरोपों की वह जांच कर रहा है. महिला ने नई दिल्ली में पाकिस्तानी उच्चायोग के कुछ वरिष्ठ कर्मचारियों पर अशिष्ट व्यवहार का आरोप लगाया था.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार पाकिस्तान विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मुमताज़ ज़हरा बलोच ने इस संबंध में एक बयान जारी किया है.

    उन्होंने कहा, "हम अपने दूतावास आने वाले लोगों के साथ खराब और अभद्र व्यवहार के प्रति ज़ीरो टॉलरेंस रखते हैं. हम मामले की जांच कर रहे हैं लेकिन हम इसकी टाइमिंग और इस मामले को जैसे उठाया गया है, वो देखकर हैरान हैं. लोगों की शिकायतों के निपटारे के लिए हमारे पास एक मज़बूत तंत्र है."

    उन्होंने ये भी कहा कि पाकिस्तान सभी वीजा और कांसुलर आवेदकों के प्रति शिष्टाचार और उचित व्यवहार को अत्यधिक महत्व देता है. बलोच ने कहा, "हमारे सभी डिप्लोमैटिक स्टाफ़ को सख़्त निर्देश दिए गए हैं कि वो अपना व्यवहार प्रोफ़ेशनल रखें."

    इससे पहले एक महिला शिक्षाविद् ने आरोप लगाया था कि नई दिल्ली में जब वह वीज़ा आवेदन करने के लिए पाकिस्तानी उच्चायोग गईं तो इस दौरान कुछ वरिष्ठ सदस्यों ने उनके साथ छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार किया था.

  12. सुप्रीम कोर्ट का सवाल- अधिकारियों पर केंद्र का नियंत्रण तो दिल्ली में चुनी हुई सरकार क्यों?

    अधिकारियों की ट्रांसफ़र-पोस्टिंग के मामले में सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार से सवाल किया है कि अगर प्रशासन का पूरा नियंत्रण उसके पास है तो फिर दिल्ली में एक चुनी हुई सरकार का क्या काम है.

    केंद्र और दिल्ली के बीच कामकाज को लेकर जारी खींचतान के बीच सुप्रीम कोर्ट की इस टिप्पणी को अंग्रेज़ी अख़बारइंडियन एक्सप्रेसने अपने पहले पन्ने पर जगह दी है.

    दिल्ली के कामकाज पर नियंत्रण को लेकर केंद्र और दिल्ली सरकार के बीच तनातनी के एक मामले में सुप्रीम कोर्ट की पांच सदस्यीय संविधान पीठ सुनवाई कर रही है. इसकी अगुवाई प्रधान न्यायाधीश जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ कर रहे हैं.

    पीठ ने केंद्र सरकार की ओर से मौजूद सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता से पूछा, "अगर सारा प्रशासन केंद्र सरकार के इशारे पर ही चलाया जाना है तो फिर दिल्ली में एक निर्वाचित सरकार का क्या उद्देश्य है?"

  13. Kahani Zindagi Ki Season 2: कैंसर दबे पांव आया...कहानी रवि प्रकाश की

    जनवरी 2021 में रवि प्रकाश को पता चला कि उन्हें स्टेज 4 का लंग कैंसर है और उनके पास अब सिर्फ़ 18 महीने का ही वक़्त है. इसके बाद उनकी ज़िंदगी चुनौतियों में तब्दील हो गई, यहीं से उनके लिए ज़िंदगी की एक नई जंग शुरू हुई. इस जंग में रवि प्रकाश हिले ज़रूर लेकिन टूटे नहीं. सुनिए उनकी कैंसर से जंग लड़ने की कहानी का पहला एपिसोड.

  14. महाराष्ट्र: शिरडी जा रही बस और ट्रक में टक्कर, 10 की मौत

      • Author, बीबीसी मराठी

    महाराष्ट्र के नासिक ज़िले में शुक्रवार सुबह एक प्राइवेट बस और ट्रक की टक्कर में करीब 10 लोगों की मौत हो गई. हादसे में कई लोग घायल भी हो गए.

    ये हादसा सिन्रर-शिरडी हाइवे पर पाथरे गांव के पास हुआ है. बस में करीब 50 लोग सवार थे जो अंबरनाथ से शिरडी जा रहे थे.

    ये हादसा सुबह करीब सात बजे हुआ. तब शिरडी के लिए कुल 15 बसें जा रही थीं और ये बस उसी समूह का हिस्सा थी.

    एक ट्रक शिरडी की तरफ़ से आ रहे थे और सड़क पर सिर्फ़ एक ही लेन खुली थी. ऐसे में बस और ट्रक के बीच टक्कर हो गई.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक इस हादसे में मरने वालों में सात महिलाएं, दो छोटे लड़के और एक पुरुष शामिल हैं.

    घायलों को सिन्नर ग्रामीण अस्पताल और यशवंत अस्पताल में ले जाया गया था. अधिकारियों के मुताबिक हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है.

  15. रॉक एंड रोल स्टार एल्विस प्रेस्ली की बेटी लीसा का 54 साल की उम्र में निधन

    दिग्गज रॉक एंड रोल स्टार एल्विस प्रेस्ली की बेटी लीसा मैरी प्रेस्ली का 54 साल की उम्र में निधन हो गया है. उनकी मां प्रिसिला प्रेस्ली ने इसकी जानकारी दी.

    लीसा प्रेस्ली एक गायिका थीं. तबीयत ख़राब होने के बाद उन्हें गुरुवार को अस्पताल ले जाया गया. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़ उनकी कार्डिएक अरेस्ट से मौत हो गई.

    अमेरिकी समाचार वेबसाइट टीएमज़ेड ने सूत्र के हवाले से लिखा है कि लीसा कैलिफ़ोर्निया में अपने घर पर बेहोश पाई गई थीं.

    प्रिसिला प्रेस्ली ने बयान जारी कर कहा, ''वो (लीसा प्रेस्ली) बहुत जोशीली, मज़बूत और प्यारी थी. इस दुखभरे समय में हम अपनी निजता को बनाए रखने की उम्मीद करते हैं.''

    लीसा की मां ने उनकी मौत के कारण के बारे में कुछ नहीं बताया.

    लीसा प्रेस्ली का जन्म 1968 में हुआ था. उन्होंने भी अपने पिता की तरह संगीत को ही अपना करियर बनाया. उनकी तीन एलबम आई थीं. 2003 में उनके पहले एल्बम को काफ़ी पसंद किया गया था.

    वो अपनी शदियों के कारण भी चर्चा में रही थीं. उन्होंने पॉप स्टार माइकल जैक्सन, अभिनेता निकोलस केज और संगीतकार डेनी किओ और माइकल लॉकवुड से शादी की थी. उनके तीन बच्चे हैं.

  16. गंगा विलास क्रूज़ की आज से शुरुआत, पीएम मोदी दिखाएंगे हरी झंडी

    दुनिया के सबसे लंबे गंगा विलास क्रूज़ की आज शुक्रवार से शुरुआत हो रही है. पीएम नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से इस क्रूज़ को हरी झंडी दिखाएंगे.

    इस मौके पर केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, अन्य मंत्री और अधिकारी भी मौजूद होंगे.

    सर्बानंद सोनोवाल से समाचार एजेंसी एएनआई को बताया कि क्रूज़ की पहली यात्रा में 32 यात्री स्विट्ज़रलैंड से होंगे. ये क्रूज़ वाराणसी, कोलकाता, बांग्लादेश, गुवाहाटी और डिब्रूगढ़ में कई अहम जगहों से होते हुए गुज़रेगा.

    उन्होंने कहा, ''यह यात्रा विदेशी पर्यटकों को बेहतरीन अनुभव देगी और भारत और बांग्लादेश की कला, संस्कृति, इतिहास और आध्यात्मिकता में शामिल होने का अवसर देगी.''

    गंगा विलास क्रूज़ वाराणसी के रविदास घाट से रवाना होगा और बिहार बंगाल के रास्ते बांग्लादेश के रास्ते होते हुए असम के डिब्रूगढ़ पहुंचेगा. पूरी यात्रा कुल 51 दिनों की होगी.

    यह यात्री जहाज़ भारत और बांग्लादेश के 27 रिवर सिस्टम और सात नदियों- गंगा, भागीरथी, मेघना, हुगली, जमुना, पदमा और ब्रह्मपुत्र से होकर गुज़रेगा. इस यात्रा से 50 पर्यटन स्थल आपस में जुड़ेंगे.

    ये विशेष जहाज़ कोलकाता के पास एक शिपयार्ड में तैयार किया गया है.

    माना जा रहा है कि गंगा विलास क्रूज़ की शुरुआत के बाद देश के रिवर क्रूज़ पर्यटन को काफ़ी बढ़ावा मिलेगा.

  17. पुलिस के पकड़ने के बाद ब्लैक लाइव्स मैटर की सह-संस्थापक के रिश्तेदार की मौत

    ब्लैक लाइव्स मैटर की सह-संस्थापक पेट्रीस कलर्स के रिश्तेदार कीनन एंडर्सन की पुलिस से भागने के कुछ घंटों बाद मौत हो गई.

    कीनन एंडर्सन को रोकने लिए लॉस एंजलिस पुलिस ने टेज़र गन का इस्तेमाल किया था.

    इस गन के इस्तेमाल से हल्के बिजली के झटके लगते हैं जिससे पुलिस को किसी को रोकने में मदद मिलती है. ये घटना 3 जनवरी की है.

    31 साल के कीनन एंडर्सन एक शिक्षक थे. उनके बच्चे भी हैं. उनकी सेंटा मोनिका शहर के एक अस्पताल में मौत हो गई.

    लॉस एंजलिस पुलिस विभाग ने तीन जनवरी का शरीर पर लगे कैमरा की फुटेज जारी की है. इसमें दिख रहा है कि एंडर्सन बार-बार जाने देने के लिए बोल रहे हैं और अधिकारियों ने उन्हें पकड़ा हुआ है.

    बीच में उन्होंने ये भी कहा, ''ये मुझे जॉर्ज फ्लॉयड बनाना चाहते हैं. ''

    साल 2020 में अफ़्रीकी मूल के जॉर्ज फ़्लॉयड की पुलिस की पकड़ में आने के बाद मौत हो गई थी. सामने आए वीडियो में एक पुलिस अधिकारी जॉर्ज फ़्लॉयड की गर्दन घुटने से दबा रखी थी जिसके बाद उनकी मौत हो गई.

    इस मामले के बाद बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन हुए थे और ब्लैक लाइव्स मैटर अभियान चलाया गया था.

    एंडर्सन वॉशिंगटन डीसी के रहने वाले थे और वो लॉज एंजलिस आए हुए थे. नशे की जांच में उनके खून में ड्रग पाये गए हैं.

    पुलिस प्रमुख माइकल मूरे ने बताया कि बुधवार को एंडर्सन एक सड़क दुर्घटना में शामिल पाए गए थे. लेकिन, उन्हें मौके से भागने और एक अन्य शख़्स की कार में बिना इज़ाजत घुसने की कोशिश की.

    पहले तो एंडर्सन पुलिस के कहे अनुसार नीचे बैठक गए लेकिन जब ज़्यादा पुलिस आई तो वो उठकर भागने लगे. उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस ने टेज़र गन का इस्तेमाल किया.

    पुलिस के मुताबिक उन्हें टेज़र गन के इस्तेमाल के पांच मिनट बाद एक एंबुलेंस आ गई और उन्हें स्थानीय अस्पताल ले जाया गया. लेकिन कार्डिएक अरेस्ट आने से साढ़े चार घंटों बाद उनकी मौत हो गई.

  18. शरद यादव के निधन पर नेताओं ने दी श्रृद्धांजलि, लालू यादव ने कहा- असहमति कभी कड़वाहट नहीं बनी

    जनता दल यूनाइटेड के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव का गुरुवार को 75 वर्ष की उम्र में निधन हो गया.

    शरद यादव के निधन पर उनके साथ काम कर चुके और अन्य कई नेताओं ने श्रद्धांजलि दी है.

    राजद प्रमुख लालू यादव ने ट्विटर पर एक वीडियो पोस्ट में कहा, ''बड़े भाई शरद यादव की मौत की ख़बर को सुनकर काफ़ी विचलित और दुखी हूं. उन्होंने, मुलायम सिंह, नीतीश कुमार और मैंने राम मनोहर लोहिया और कर्पूरी ठाकुर से समाजवाद की राजनीति सीखी. कई मौकों पर शरद यादव और मैं आपस में लड़ भी जाया करते थे, लेकिन हमारी असहमति कभी कड़वाहट का कारण नहीं बनी.''

    शरद यादव जदयू के बीजेपी के साथ गठबंधन के चलते पार्टी से अलग हो गए थे. इसके बाद उन्होंने अपनी अलग पार्टी लोकतांत्रिक जनता दल बनाई थी.

    शरद यादव ने अपनी लोकतांत्रिक जनता दल पार्टी बनाई थी जिसका मार्च 2020 में राष्ट्रीय जनता दल में विलय हो गया था. इसे लालू यादव ने ''एकजुट विपक्ष की तरफ़ पहला क़दम'' बताया.

    पीएम मोदी ने शरद यादव के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में उन्होंने ख़ुद को सांसद और मंत्री के तौर पर प्रतिष्ठित किया. वे डॉक्टर लोहिया के आदर्शों से काफ़ी प्रभावित थे. पीएम मोदी ने कहा कि वे शरद यादव के साथ अपनी बातचीत को हमेशा संजो कर रखेंगे.

    बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शरद यादव से अपने गहरे संबंध का ज़िक्र करते हुए उन्हें श्रृंद्धाजलि दी.

    नीतीश कुमार ने लिखा, ''पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव जी का निधन दुःखद. शरद यादव जी से मेरा बहुत गहरा संबंध था. मैं उनके निधन की खबर से स्तब्ध एवं मर्माहत हूं. वे एक प्रखर समाजवादी नेता थे. उनके निधन से सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र की अपूरणीय क्षति हुई है. ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें.''

    कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने लिखा, ''देश की समाजवादी धारा के वरिष्ठ नेता, जेडीयू के पूर्व अध्यक्ष, श्री शरद यादव जी के निधन से दुःखी हूं. एक पूर्व केंद्रीय मंत्री व दशकों तक एक उत्कृष्ट सांसद के तौर पर देश सेवा का कार्य कर, उन्होंने समानता की राजनीति को मज़बूत किया. उनके परिवार एवं समर्थकों को मेरी गहरी संवेदनाएं.''

    वहीं, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ''शरद यादव जी समाजवाद के पुरोधा होने के साथ एक विनम्र स्वभाव के व्यक्ति थे. मैंने उनसे बहुत कुछ सीखा है. उनके शोकाकुल परिजनों को अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं. देश के लिए उनका योगदान सदा याद रखा जाएगा.''

    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दुख ज़ाहिर करते हुए कहा, ''शरद यादव जी के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ. शरद यादव जी ने दशकों तक बिहार व भारतीय राजनीति में अपना बहुमूल्य योगदान दिया. दुख की इस घड़ी में उनके परिजनों व समर्थकों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं. ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें.''

    इनके अलावा यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, सपा प्रमुख अखिलेश, बिहार के उप-मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और बीजेपी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने भी ट्वीट करके शरद यादव के भारतीय राजनीति में योगदान को याद किया और श्रृद्धांजलि दी.

  19. नमस्कार,बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. अभिवादन स्वीकार कीजिए.

    ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 12 जनवरी के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिककर सकते हैं.