You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

केंद्र सरकार ने ख़त्म किया हज का 'वीआईपी कोटा'

हज यात्रा में 'वीआईपी कोटा' साल 2012 में शुरू किया गया था. इसके तहत पांच हजार सीटें थीं.

लाइव कवरेज

प्रियंका झा and शुभम किशोर

  1. राहुल गांधी लाल पगड़ी पहने फतेहगढ़ साहिब गुरुद्वारे पहुंचे, बीजेपी-आरएसएस को घेरा

    राहुल गांधी ने पंजाब के सरहिंद में जनता को संबोधित करते हुए एक बार फिर से बीजेपी और आरएसएस पर देश का मौहाल बिगाड़ने का आरोप लगाया.

    कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा पंजाब में प्रवेश कर चुकी है.

    बुधवार सुबह राहुल गांधी लाल रंग की पगड़ी पहने फतेहगढ़ साहिब पहुंचे. इससे पहले मंगलवार को उन्होंने स्वर्ण मंदिर में माथा टेका था.

    फतेहगढ़ साहिब में माथा टेकने के बाद राहुल गांधी ने कहा, "देश में नफ़रत का माहौल फैल गया है. बीजेपी और आरएसएस के लोग एक धर्म को दूसरे धर्म के ख़िलाफ़, एक जाति को दूसरी जाति के और एक भाषा को दूसरी भाषा के ख़िलाफ़ कर के देश को बांट रहे हैं. इन्होंने देश का माहौल बिगाड़ दिया है."

    "हमने सोचा देश को मोहब्बत, एकता और भाईचारे का रास्ता दिखाना चाहिए. इसलिए हमने यह यात्रा शुरू की."

    राहुल गांधी ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा को भरपूर सफलता मिल रही है. उन्होंने कहा, "ये देश भाईचारे का है, एक और सम्मान का है. इसलिए ये यात्रा सफल है."

  2. जोशीमठ के बाद अब कर्णप्रयाग और लैंडोर में ज़मीन धंसना शुरू

    उत्तराखंड के जोशीमठ शहर में ज़मीन धंसने की वजह से क्षतिग्रस्त घरों की संख्या 723 हो गयी है. इसके साथ ही असुरक्षित क़रार दिए गए क्षेत्र में पड़ने वाले घरों की संख्या 86 हो गयी है.

    केंद्र से लेकर राज्य सरकार की संस्थाएं जोशीमठ संकट से उबरने की कोशिशों में लगी हुई हैं.

    लेकिन इसी बीच उत्तराखंड के दूसरे इलाकों में ज़मीन धंसने की ख़बरें आना शुरू हो गयी हैं.

    उत्तराखंड के जोशीमठ शहर में ज़मीन धंसने की वजह से क्षतिग्रस्त घरों की संख्या बढ़कर 723 हो गयी है, पढ़िए आज के अख़बारों में छपी अहम ख़बरें.

  3. भारत जोड़ो यात्रा LIVE: राहुल गांधी की यात्रा पंजाब में है, क्या है माहौल?

    भारत जोड़ो यात्रा LIVE: राहुल गांधी की यात्रा पंजाब के खन्ना शहर में है. ज़्यादा जानकारी के साथ बीबीसी संवाददाता सरबजीत धालीवाल (कैमरा- गुलशन)

  4. पृथ्वी शॉ ने रणजी ट्रॉफ़ी में तिहरा शतक जड़ा, खेली करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी

    असम के ख़िलाफ़ रणजी ट्रॉफ़ी मैच के दूसरे दिन मुंबई की ओर से पृथ्वी शॉ ने तिहरा शतक जड़ दिया है. ये उनके करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी है.

    शॉ ने पहले ही दिन 240 रन बनाकर फ़र्स्ट क्लास क्रिकेट में अपना पिछला रिकॉर्ड तोड़ दिया था.

    मुंबई के लिए पारी शुरू करने के लिए उतरे पृथ्वी शॉ ने कुल 379 रन बनाए.

    उन्होंने 383 गेंदों पर 49 चौकों और 4 छक्कों के ज़रिए ये शानदार पारी खेली है.

    असम के अमीनगांव क्रिकेट ग्राउंड में हो रहे इस मैच में मुंबई की टीम टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाज़ी के लिए उतरी थी.

    पृथ्वी शॉ फिलहाल भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं. उन्होंने आख़िरी बार 2021 में भारत के लिए कोई मुक़ाबला खेला था.

    घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन होने के बावजूद भारतीय टीम में पृथ्वी शॉ का चयन न होने पर कई बार सवाल उठाए जा चुके हैं.

  5. पाकिस्तान के गृह मंत्री राणा सनाउल्लाह पर फेंका गया जूता

    पाकिस्तान के गृह मंत्री राणा सनाउल्लाह की गाड़ी पर मंगलवार को पंजाब विधानसभा के बाहर जूता फेंका गया. जब ये वाकया हुआ, तब सनाउल्लाह गाड़ी में ही बैठे थे.

    जियो न्यूज़ के मुताबिक, जूता किसी अज्ञात शख्स ने फेंका. राणा सनाउल्लाह उस समय पंजाब विधानसभा से जा रहे थे.

    इसी दौरान किसी ने गाड़ी की ओर जूता फेंका, जिसके बाद सनाउल्लाह के ड्राइवर ने कुछ देर के लिए गाड़ी रोकी.

    इससे पहले मंगलवार को राणा सनाउल्लाह और पीएम शाहबाज़ शरीफ़ के विशेष सहयोगी अताउल्लाह तरार को पंजाब विधानसभा में घुसने से रोक दिया गया था. पंजाब में पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ़ (पीटीआई) की सरकार है. लेकिन पीएमएल-एन यहां अपना मुख्यमंत्री बनाने की कोशिश में जुटी हुई है.

    सनाउल्लाह ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस में ये दावा किया कि सुरक्षा एजेंसियों मे पीएमएल-एन के नेताओं को विधानसभा में जाने से रोका था लेकिन उन्होंने ये अवैध आदेश नहीं माना.

    पंजाब के मुख्यमंत्री परवेज़ इलाही के विश्वास मत को लेकर पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज़ (पीएमएल-एन) और पंजाब की गठबंधन सरकार बीते कई दिनों से आमने-सामने है.

    इसी वजह से राणा सनाउल्लाह विधानसभा की कार्यवाही के दौरान नेताओं से मिलने पहुंचे थे.

  6. आरएसएस चीफ़ मोहन भागवत बोले- "भारत में इस्लाम को ख़तरा नहीं लेकिन..."

    राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत ने कहा है कि इस्लाम को भारत में कोई ख़तरा नहीं है, लेकिन उसे "हम सर्वोच्च हैं" का भाव छोड़ना होगा.

    आरएसएस से जुड़ी मैगज़ीन 'पांचजन्य' और 'आर्गनाइज़र' को दिए इंटरव्यू में सरसंघचालक भागवत ने एलजीबीटी समुदाय का भी समर्थन किया और कहा कि उनकी निजता का सम्मान किया जाना चाहिए.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, भागवत ने कहा, "हिंदू हमारी पहचान, राष्ट्रीयता और सबको अपना मानने, साथ लेकर चलने की प्रवृत्ति है. हिंदुस्थान, हिंदुस्थान बना रहे, सीधी सी बात है. इससे आज भारत में जो मुसलमान हैं उन्हें कोई नुक़सान नहीं है. वह हैं. रहना चाहते हैं, रहें. पूर्वज के पास वापस आना चाहते हैं, आएं. उनके मन पर है."

    भागवत ने कहा, "इस्लाम को कोई ख़तरा नहीं है, लेकिन मुसलमानों को हम बड़े हैं, हम एक समय राजा थे, हम फिर से राजा बने...ये (भाव) छोड़ना पड़ेगा और किसी को भी छोड़ना पड़ेगा. ऐसा सोचने वाला हिंदू है तो उसे भी (ये भाव) छोड़ना पड़ेगा, कम्युनिस्ट है, उनको भी छोड़ना पड़ेगा."

    वहीं, जनसंख्या नीति को लेकर भागवत ने कहा, "जनसंख्या एक बोझ भी है और एक उपयोगी चीज़ भी है, ऐसे में दूरगामी और गहरी सोच से एक नीति बननी चाहिए. ये नीति सभी पर समान रूप से लागू होनी चाहिए, लेकिन इसके लिए ज़बर्दस्ती से काम नहीं चलेगा. इसके लिए शिक्षित करना पड़ेगा."

  7. गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड्स में फ़िल्म 'RRR' की धूम, 'नाटू-नाटू' गाने को मिला ये अवॉर्ड

    एसएस राजामौली की फ़िल्म "आरआरआर" के "नाटू-नाटू" गाने को गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड्स में बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग मोशन पिक्चर का ख़िताब दिया गया है.

    फ़िल्म में जूनियर एनटीआर और रामचरण ने मुख्य भूमिका निभाई है. ये गाना भी इन दोनों पर ही फ़िल्माया गया है.

    अमेरिका के कैलिफ़ोर्निया में 80वें गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड्स समारोह हो रहा है.

    इस बार ये पुरस्कार समारोह भारत के लिहाज से इसलिए भी खास है क्योंकि "आरआरआर" दो कैटगरी में नॉमिनेट हुई थी. हालांकि, पुरस्कार एक ही श्रेणी में मिला.

    इस तेलुगु गाने को एमएम कीरवणी ने कंपोज़ किया है और चंद्रबोस ने इसके बोल लिखे हैं. राहुल सिपलीगंज और काल भैरव ने गाने को अपनी आवाज़ दी है.

    आरआरआर को सर्वश्रेष्ठ गैर-अंग्रेज़ी फ़िल्म की श्रेणी में भी नॉमिनेट किया गया था लेकिन ये पुरस्कार अर्जेंटीना की फ़िल्म को मिला.

    गोल्डन ग्लोब जीत चुका ये गाना प्रतिष्ठित एकेडमी अवॉर्ड के लिए 'ओरिजिनल सॉन्ग' कैटेगरी में भी मुकाबले में है. शॉर्टलिस्ट गानों की सूची हाल ही में जारी की गई है.

  8. श्रीलंकाई कप्तान को शमी ने आउट किया लेकिन रोहित शर्मा ने वापस ली अपील, हो रही तारीफ़

    भारत ने श्रीलंका के ख़िलाफ़ गुवाहाटी में खेला गया सिरीज़ का पहला एकदिवसीय मैच 67 रनों से जीता. भारत ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 374 रनों का विशाल लक्ष्य दिया.

    इसके जवाब में श्रीलंकाई टीम 50 ओवर में आठ विकेट के नुक़सान पर 306 रन ही बना सकी. एक समय ऐसा भी रहा जब श्रीलंका की टीम ने 200 रनों के अंदर ही अपने सात विकेट गंवा दिए थे.

    लेकिन कप्तान दासुन शनाका ने अपनी कलाइयों का कमाल दिखाया और शानदार पारी खेलते हुए शतक जड़ा. हालांकि उनके इस शतक में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा का भी हाथ था और अब सोशल मीडिया पर रोहित की खेल भावना की खूब तारीफ़ भी हो रही है.

    दरअसल, श्रीलंका की पारी के आख़िरी ओवर में शनाका 98 रन बनाकर नॉन स्ट्राइकर एंड पर थे, लेकिन तभी मोहम्मद शमी ने उन्हें मानकडिंग के तहत रनआउट कर दिया. शमी ने अंपायर से अपील की, जिसके बाद फ़ील्ड अंपायर ने थर्ड अंपायर का रुख़ किया. हालांकि, रोहित शर्मा ने दखल देते हुए रनआउट की अपील वापस ले ली और इस तरह शनाका को जीवनदान मिला.

    पोस्ट मैच सेरेमनी के दौरान जब रोहित शर्मा से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, "मुझे नहीं पता था कि शमी ने ऐसा किया है. दासुन शनाका 98 रन बनाकर बल्लेबाज़ी कर रहे थे. जिस तरह से उन्होंने बल्लेबाज़ी की वह शानदार थी, हम उन्हें इस तरह आउट नहीं कर सकते थे."

  9. नमस्कार, बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. अभिवादन स्वीकार कीजिए.

    ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 10 जनवरी के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.