You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

कंझावला मामला: गृह मंत्रालय ने दिल्ली पुलिस से मांगी रिपोर्ट

गृह मंत्री अमित शाह के निर्देश पर मंत्रालय ने दिल्ली पुलिस से कंझावला मामले पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है.

लाइव कवरेज

प्रियंका झा and शुभम किशोर

  1. महबूबा मुफ़्ती की मां को पासपोर्ट न देने पर हाई कोर्ट की प्रशासन को फटकार

    जम्मू-कश्मीर और लद्दाख हाई कोर्ट ने पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ़्ती की मां को पासपोर्ट न देने पर प्रशासन को फटकार लगाई है.

    कोर्ट ने ये भी कहा कि पासपोर्ट अधिकारी सीआईडी के 'प्रवक्ता की तरह' काम नहीं कर सकते.

    समाचार एजेंसी पीटीआई की ख़बर के अनुसार, महबूबा मुफ़्ती की मां गुलशन नज़ीर की याचिका पर सुनवाई के दौरान जस्टिस एमए चौधरी ने कहा कि पासपोर्ट जारी और उसे रिन्यू करने के अनुरोध को ख़ारिज करने का कोई ठोस आधार नहीं है.

    कोर्ट ने कहा, "याचिकाकर्ता के ख़िलाफ़ रत्ती भर भी ऐसे आरोप नहीं हैं जो किसी सुरक्षा संबंधी चिंता की ओर इशारा करते हों. सीआईडी-सीआईके की ओर से तैयार की गई पुलिस वेरिफ़िकेशन रिपोर्ट में पासपोर्ट अधिनियम 1967 की धारा 6 के वैधानिक प्रावधानों को नज़रअंदाज़ नहीं किया जा सकता."

    सीआईडी रिपोर्ट और सभी संबंधित तथ्यों पर गौर करने के बाद अदालत ने कहा, "पासपोर्ट अधिकारी सीआईडी के प्रवक्ता के तौर पर काम नहीं कर सकते."

    अदालत ने कहा, "जब एक प्राधिकार को शक्ति दी गई है तब इसका उपयोग न्यायपूर्ण तरीके से होना चाहिए, मनमाने तरीके से नहीं, जैसा कि इस मामले में किया गया."

  2. रूस-यूक्रेन युद्ध: कीएव और पूर्वी यूक्रेन में ड्रोन हमले जारी, कई इमारतों को नुक़सान, एल्सा मैशमैन, बीबीसी न्यूज़

    रूस की ओर से ताज़ा ड्रोन और मिसाइल हमलों के बीच रविवार रात भर कीएव में एयर रेड साइरन बजते रहे.

    कीएव के रीजनल गवर्नर ओलेक्सी कुलेबा ने कहा कि आधी रात से पहले ही शुरू हमलों में कई अहम इमारतों को नुकसान पहुंचा है.

    राजधानी के मेयर ने कहा कि एक रूसी ड्रोन के मलबे की वजह से कीएव में एक शख्स घायल हो गया.

    रूस की ओर से बीते कई दिनों से जारी हमले नए साल पर भी नहीं रुके.

    इस बीच यूक्रेन के सशस्त्र बलों ने कहा है कि न्यू ईयर से पहले की शाम में रूस के कब्ज़े वाले दोनेत्स्क क्षेत्र के मकीवका में 400 रूसी सैनिक मारे गए.

    हैरानी की बात ये है कि रूस समर्थक प्रशासन ने इन मौतों को स्वीकार भी किया है. हालांकि, रूस ने मरने वाले सैनिकों की संख्या नहीं बताई. बीबीसी इस संख्या की पुष्टि नहीं कर सकता.

    नए साल पर दिए अपने संदेश में राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि रूस अपनी संप्रभुता और स्वतंत्रता की रक्षा के लिए संघर्ष करेगा.

    वहीं, यूक्रेन की सेना ने सोमवार को स्थानीय समयानुसार रात एक बजे चेतावनी जारी की.

    सोशल मीडिया साइट टेलीग्राम पर घोषणा की गई, "कीएव में हवाई हमले...राजधानी में हवाई अलर्ट जारी है."

    शहर के सैन्य प्रमुख सेरही पॉपको ने लोगों से सुरक्षित ठिकानों में रहने के लिए कहा है.

  3. आम आदमी पार्टी का दावा- दिल्ली में सुरक्षित नहीं 'बेटियां', कंझावला मामले में LG को घेरेंगे

    राजधानी दिल्ली में कथित तौर पर कार से टक्कर के बाद कई किलोमीटर तक घिसटने से हुई युवती की मौत को लेकर अब सियासत भी गरमाती जा रही है.

    आम आदमी पार्टी ने एलान किया है कि वो आज (सोमवार को) दोपहर दो बजे दिल्ली एलजी हाउस का घेराव करेंगे.

    इससे पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस मामले को शर्मनाक बताते हुए दोषियों को कड़ी सज़ा दिलाने की मांग की.

    'आप' के नेता दुर्गेश पाठक ने ट्वीट कर आरोप लगाया है, "देश की राजधानी क्राइम सिटी बन चुकी है. दिल्ली में हमारी बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं हैं. एलजी साहब क़ानून व्यवस्था की ज़िम्मेदारी छोड़कर राजनीति कर रहे हैं. आज दोपहर दो बजे दिल्ली वाले लचर क़ानून व्यवस्था के ख़िलाफ़ एलजी हाउस का घेराव करेंगे."

    पुलिस के मुताबिक कार से टक्कर के बाद युवती का जिस्म गाड़ी में फंस गया और वो कुछ किलोमीटर तक घिसटती रही. जानकारी मिलने पर पुलिस पीड़ित को दिल्ली के मंगोलपुरी स्थित एसजीएम अस्पताल ले गई जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया.

  4. ब्रेकिंग न्यूज़, नोटबंदी का फ़ैसला सही था: सुप्रीम कोर्ट

    साल 2016 में लिए गए नोटबंदी के फ़ैसले को सही ठहराते हुए सुप्रीम कोर्ट ने आज कहा कि भारतीय रिज़र्व बैंक (आरबीआई) के पास स्वतंत्र रूप से नोटबंदी करने की शक्ति नहीं है.

    ये फ़ैसला केंद्र और आरबीआई के बीच सलाह-मशविरे से लिया गया. सुप्रीम कोर्ट के पांच जजों की संवैधानिक पीठ ने नोटबंदी को लेकर दाखिल याचिकाओं पर आज ये फ़ैसला सुनाया.

    सुप्रीम कोर्ट की पांच जजों की संवैधानिक बेंच ने बहुमत से ये फ़ैसला सुनाया था.

    केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने नवंबर 2016 में एक हज़ार और 500 रुपये के पुराने नोटों को बंद कर दिया था.

    कई लोगों ने इस फ़ैसले को लेकर सवाल उठाए थे. उनमें से कुछ ने कोर्ट का रुख किया.

    समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार नोटबंदी से पहले केंद्र सरकार और आरबीआई के बीच सलाह-मशविरे के बाद हुआ था.

    समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, संवैधानिक पीठ में शामिल जस्टिस बीवी नागरत्न ने बहुमत से दिए इस फ़ैसले से असहमति जताई.

    उन्होंने कहा कि नोटबंदी का फ़ैसला कानून के ज़रिए होना चाहिए था न कि अधिसूचना जारी करनी चाहिए थी.

  5. ब्रेकिंग न्यूज़, राजौरी: कथित टारगेट किलिंग के पीड़ितों में से एक के घर IED धमाका, एक बच्चे की मौत

      • Author, मोहित कंधारी
      • पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए

    जम्मू-कश्मीर के राजौरी ज़िले में आईइडी धमाके से एक बच्चे की मौत हो गई है. बताया जा रहा है कि ये धमाका रविवार शाम को कथित टारगेट किलिंग के पीड़ितों में से एक के घर के आंगन में हुआ.

    धमाके में एक अन्य बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है.

    जम्मू कश्मीर पुलिस के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक मुकेश सिंह की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक़, आईइडी धमाके से पांच लोग घायल भी हुए हैं. एक अन्य जगह आईइडी रखे होने की जानकारी मिलने के बाद उस इलाके को खाली करा दिया गया है.

    रविवार को ढांगरी गांव में हुई टारगेट किलिंग में अब तक चार आम लोगों के मारे जाने की पुष्टि हो चुकी है. इन हत्याओं के विरोध में सनातन धर्म सभा ने सोमवार को राजौरी में बंद बुलाया है.

    धमाके के बाद पूरे इलाके में तनाव की स्थिति पैदा हो गई है.

    स्थानीय निवासियों ने इस बीच प्रशासन और पुलिस के ख़िलाफ़ नारेबाज़ी करते हुए पूरे इलाके में तलाशी अभियान चलाए जाने की मांग की है.

    मौके पर मौजूद सुरक्षाबल बड़ी संख्या में जमा हुए गांव वालों को सुरक्षित स्थान पर जाने के लिए कह रहे हैं ताकि वो एक बार फिर पूरे इलाके की तलाशी कर सकें.

    एडीजीपी मुकेश सिंह ने मीडिया को बताया कि रविवार शाम को दो हमलावरों द्वारा क़रीब 50 मीटर की दूरी पर स्थित अलग-अलग तीन घरों पर फ़ायरिंग की गई थी जिसमें चार नागरिकों की मौत हो गई थी और घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है.

  6. ऋषभ पंत का एक्सीडेंट कैसे हुआ, उत्तराखंड सीएम धामी ने बताया

    उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बीते रविवार क्रिकेटर ऋषभ पंत से देहरादून स्थित अस्पताल में मुलाक़ात की.

    पंत का बीते शुक्रवार रुड़की के पास डिवाइडर से टकराकर एक्सीडेंट हो गया था जिसके बाद से देहरादून के मैक्स हॉस्पिटल में उनका इलाज चल रहा है.

    धामी ने बताया है कि दिल्ली-देहरादून हाइवे पर गड्ढे से बचने की कोशिश में पंत की गाड़ी डिवाइडर से जाकर टकरा गई.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, मीडिया से बातचीत में सीएम धामी ने बताया, "पंत ने कहा है कि गाड़ी सड़क पर झटके में इसलिए टकराई क्योंकि वो गड्ढे या कुछ काले से दिखने वाली चीज़ से टकराने से बचने की कोशिश कर रहे थे."

    दिल्ली एंड डिस्ट्रिक्ट एसोसिएशन (डीडीसीए) के डायरेक्टर श्याम शर्मा ने भी शनिवार को पंत से मिलकर कहा था कि गड्ढे से बचने की कोशिश में क्रिकेटर की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हुई.

    शुक्रवार सुबह साढ़े पांच बजे पंत की गाड़ी डिवाइडर से टकराई थी. ये हादसा हरिद्वार के रुड़की में हुआ था. हादसा इतना भीषण था कि पंत की गाड़ी जलकर लगभग खाक हो गई.

  7. ब्रेकिंग न्यूज़, सीरियाई सेना ने इसराइली हमले में दो जवानों की मौत का दावा किया, दमिश्क एयरपोर्ट भी बंद

    सीरिया की सेना ने एक बयान जारी कर कहा है कि इसराइल की ओर से किए गए एक हवाई हमले की वजह से देश का सबसे महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बंद करना पड़ा है.

    हमले में हवाईअड्डे के आसपास के इलाके भी निशाना बनाए गए.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, सेना ने हवाई हमलों में दो सीरियाई सैनिकों की जान जाने की भी पुष्टि की है.

    फ़िलहाल इसराइल की ओर से कोई बयान जारी नहीं किया गया है.

    बीते साल जून में भी इसराइल की ओर से सीरियाई हवाई अड्डे पर हमले की ख़बरें आई थीं.

    टाइम्स ऑफ़ इसराइल की ख़बर के अनुसार, ऐसा माना जाता है कि ईरानी कार्गो विमानों पर सीरिया के ज़रिये ईरान-सहयोगी गुटों को हथियारों की तस्करी की जाती है, जो अक़्सर दमिश्क अंतरराष्ट्रीय और तियास, या टी-4 एयरबेस पर उतरते हैं.

    इसराइली मीडिया इस तरह के हमलों को हथियार तस्करी रोकने के प्रयासों से जोड़ता है.

  8. दिल्ली के उपराज्यपाल बोले, "कंझावला-सुल्तानपुरी हादसे से सिर शर्म से झुक गया"

    दिल्ली में कथित तौर पर कार से टक्कर के बाद गाड़ी में फंसकर कई किलोमीटर तक घिसटने से हुई युवती की मौत पर उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने कहा है कि वो अपराधियों की 'राक्षसी असंवेदनशीलता' देख हैरान हैं.

    वीके सक्सेना ने कहा कि पीड़ित के परिवार को हर संभव मदद सुनिश्चित की जाएगी. उन्होंने लोगों से एक अधिक ज़िम्मेदार और संवेदनशील समाज बनाने की अपील भी की.

    बाहरी दिल्ली के डीसीपी हरेंद्र सिंह के मुताबिक़, "युवती के शरीर का पिछला हिस्सा और सिर के पीछे का भाग बुरी तरह घिस गया."

    उन्होंने सोशल मीडिया पर किए जा रहे 'रेप और मर्डर' के दावों को ख़ारिज करते हुए कहा, "ये सिर्फ़ एक्सीडेंट का मामला है. पीड़ित के साथ यौन दुर्व्यवहार नहीं हुआ."

    समाचार एजेंसी एएनआई ने डीसीपी सिंह के हवाले से बताया कि इस मामले में पांच लोगों को गिरफ़्तार किया है.अभियुक्तों की पहचान गाड़ी के नंबर के आधार पर की गई.

  9. लूला डि सिल्वा तीसरी बार बने ब्राज़ील के राष्ट्रपति, कैटी वॉटसन, बीबीसी न्यूज़

    लुइस इनासियो लूला डि सिल्वा ने तीसरी बार ब्राज़ील के राष्ट्रपति पद की शपथ ले ली है.

    दिग्गज वामपंथी नेता को 'लूला' के नाम से भी जाना जाता है. इससे पहले डि सिल्वा साल 2003 से 2010 के बीच ब्राज़ील के राष्ट्रपति रह चुके हैं. बीते साल अक्टूबर में हुए चुनावों में उन्होंने जाएर बोलसोनारो को हराया था.

    राष्ट्रपति बनने के बाद अपने पहले भाषण में लूला ने देश के पुनर्निमाण की शपथ ली.

    उन्होंने देश की 'ख़राब हालत' के लिए अपने पूर्ववर्ती राष्ट्रपति की नीतियों की आलोचना की. बोलसोनारो सत्ता हस्तांतरण के लिए होने वाले समारोह से बचने के लिए शुक्रवार को ही अमेरिका चले गए.

    संसद के बाहर लूला के समर्थकों का जमावड़ा सुबह से ही लगना शुरू हो गया था. शपथग्रहण के बाद सेलिब्रेशन के लिए 60 से अधिक कलाकारों को बुलाया गया था और दो बड़े मंच सजाए गए थे.

    हालांकि, इस दौरान कई मौकों पर लूला डि सिल्वा भावुक होते दिखे. संभवतः दो दशक से अधिक समय तक सत्ता से बाहर रहने के बाद लूला ने दोबारा राष्ट्रपति बनने का नहीं सोचा था.

    इस दौरान भ्रष्टाचार के आरोपों में लूला जेल में भी रहे. हालांकि, साल 2021 में सज़ा को रद्द कर दिया गया.

    राजधानी ब्राज़ीलिया में 100 फ़ीसदी पुलिस बल को कार्यक्रम की सुरक्षा में तैनात किया गया था. ऐसी आशंकाएं थीं कि बोलसोनारो के समर्थक इस कार्यक्रम में व्यवधान डाल सकते हैं.

    ब्राज़ील की मिलिट्री पुलिस ने बताया कि चाकू और पटाखों के साथ स्वागत समारोह में घुसने की कोशिश करते हुए एक शख़्स को रविवार सुबह गिरफ़्तार किया गया.

    इससे पहले बोलसोनारो के एक अन्य समर्थक को भी गिरफ़्तार किया गया था जिसने क्रिसमस ईव पर राजधानी ब्राज़ीलिया में एयरपोर्ट के पास कथित तौर पर एक ईंधन से भरे ट्रक में विस्फ़ोटक रखे थे.

  10. नमस्कार, बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. अभिवादन स्वीकार कीजिए.

    ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 01 जनवरी के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.