आंध्र प्रदेश: चंद्रबाबू नायडू की रैली में बड़ा हादसा, 7 लोगों की मौत
ये रैली टीडीपी सुप्रीमो और आंध्र के पूर्व मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने आयोजित की थी, जिसमें सात कार्यकर्ताओं की मौत हो गई है.
लाइव कवरेज
कमलेश मठेनी and शुभम किशोर
चीन: कोरोना नियमों में ढील मिलते ही विदेश जाने की होड़

इमेज स्रोत, EPA-EFE/REX/SHUTTERSTOCK
चीन में कोरोना से जुड़े प्रतिबंधों में ढील मिलते ही लोगों में विदेश जाने की होड़ लग गई है.
चीन अगले महीने से अपनी सरहदें खोलने वाला है. इस घोषणा के बाद ही चीन के लोग विदेश जाने के लिए टिकट बुक कराने और पासपोर्ट बनाने में जुट गए हैं.
आव्रजन अधिकारियों ने घोषणा की थी कि अंतरराष्ट्रीय यात्रा करने के इच्छुक चीनी नागरिकों के पासपोर्ट आवेदन 8 जनवरी से फिर से स्वीकार किए जाएंगे.
चीन में तीन सालों के कड़े कोरोना प्रतिबंधों के बाद अब नियमों में छूट दी जा रही है.
इसके बाद से ट्रैवल साइट्स का ट्रैफ़िक काफ़ी बढ़ गया है.
लेकिन, चीनी नागरिकों के लिए विदेशों की यात्रा करना आसान नहीं होगा क्योंकि कुछ देशों ने चीन से आने वाले यात्रियों के लिए यात्रा नियम कड़े कर दिए हैं.
अमेरिका में अधिकारी चीन से आने वाले यात्रियों पर नए प्रतिबंध लगाने पर विचार कर रही हैं. ये प्रतिबंध चीन में कोरोना के बढ़ते मामलों और सरकार की तरफ से पारदर्शिता में कमी के चलते लगाए जाएंगे.
जापान ने भी कहा है कि चीन से आने वाले यात्रियों को कोरोना की नेगेटिव टेस्ट रिपोर्ट दिखानी होगी या सात दिनों के लिए क्वारंटीन होना होगा.
इसी तरह भारत ने भी चीन से आने वाले यात्रियों के लिए निगेटिव टेस्ट रिपोर्ट दिखाना अनिवार्य कर दिया है.
पीएम मोदी की माँ हीराबेन अस्पताल में भर्ती

इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, प्रधानमंत्री मोदी अपनी माँ हीराबा के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माँ हीराबेन को बुधवार को अहमदाबाद के यूएन मेहता अस्पताल में भर्ती किया गया है. डॉक्टरों का कहना है कि उनकी हालत गंभीर है.
इसी साल 18 जून को प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी माँ का 100वाँ जन्मदिन मनाया था. पीएम मोदी अपनी माँ के 100 बरस पूरे होने पर गांधीनगर गए थे.
हीराबेन के 100 बरस पूरे होने पर पीएम मोदी ने एक भावुक ब्लॉग भी लिखा था. अपने ब्लॉग में पीएम मोदी ने लिखा था, ''आज मैं अपनी ख़ुशी, अपना सौभाग्य, आप सबसे साझा करना चाहता हूँ. मेरी माँ, हीराबा आज 18 जून को अपने सौवें वर्ष में प्रवेश कर रही हैं. यानी उनका जन्म शताब्दी वर्ष प्रारंभ हो रहा है. पिताजी आज होते, तो पिछले सप्ताह वो भी 100 वर्ष के हो गए होते. यानी 2022 एक ऐसा वर्ष है, जब मेरी माँ का जन्मशताब्दी वर्ष प्रारंभ हो रहा है और इसी साल मेरे पिताजी का जन्मशताब्दी वर्ष पूर्ण हुआ है.''
'राहुल गांधी की सुरक्षा में चूक', कांग्रेस ने गृह मंत्री को लिखी चिट्ठी

इमेज स्रोत, ANI
कांग्रेस ने गृह मंत्री अमित शाह को चिट्ठी लिखकर 'भारत जोड़ो यात्रा' में राहुल गांधी की सुरक्षा में चूक को लेकर चिंता जताई है.
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने चिट्ठी में गृह मंत्रालय से राहुल गांधी, यात्रा में शामिल लोगों और अन्य नेताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है.
चिट्ठी में लिखा है, ''24 दिसंबर को जब भारत जोड़ो यात्रा दिल्ली में थी तो कई मौकों पर सुरक्षा में चूक हुई थी. दिल्ली पुलिस भीड़ को नियंत्रित करने में और राहुल गांधी के आसपास सुरक्षा घेरा बनाए रखने में असफल थी जबकि राहुल गांधी को जेड प्लस सुरक्षा दी गई है. स्थिति इतनी गंभीर थी कि राहुल गांधी के साथ चल रहे यात्रियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सुरक्षा घेरा बनाना पड़ा.''
इसके अलावा कांग्रेस ने भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने वाले लोगों को परेशान किए जाने का भी आरोप लगाया.
चिट्ठी में लिखा, ''भारत जोड़ो यात्रा में शामिल लोगों को परेशान करने और जानी मानी हस्तियों को यात्रा में आने से रोकने के लिए इंटेलिजेंस ब्यूरो यात्रा से जुड़े कई लोगों से पूछताछ कर रहा है.''
''हमने 23 दिसंबर को हरियाणा के सोहना सिटी पुलिस थाने में अज्ञात शरारती तत्वों के ख़िलाफ़ शिकायत दर्ज करवाई है जो गैरक़ानूनी तरीक़े से यात्रा के कंटेनर्स में घुसने की कोशिश कर रहे थे. ये लोग हरियाणा इंटेलिजेंस से जुड़े थे.''
चिट्ठी में मांग की गई है कि यात्रा आगे पंजाब और जम्मू-कश्मीर जैसे संवेदनशील राज्यों में प्रवेश करने जा रही है जहां राहुल गांधी की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए.
राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रही कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा फ़िलहाल कुछ दिनों के लिए स्थगित कर दी गई है जो तीन जनवरी से फिर से शुरू होगी.
छोड़िए X पोस्टX सामग्री की इजाज़त?चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट X समाप्त
रूसी सांसद की ओडिशा के होटल में मौत पर कांग्रेस नेता ने उठाए सवाल

इमेज स्रोत, Twitter/olex_scherba
इमेज कैप्शन, रूसी राजनेता पावेल एंटव रूसी राजनेता पावेल एंटव की ओडिशा के एक होटल में हुई मौत पर कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने सवाल उठाए हैं.
उन्होंने पावेल एंटव की मौत को अप्राकृतिक बताया है जबकि पुलिस इसे आत्महत्या या दुर्घटनावश छत से गिरने का मामला बता रही है.
उन्होंने कहा, ''रूसी ओलिगार्क (रईस).. युद्ध के आलोचक.. असामान्य होटल... सुविधाजनक खिड़की.. गिरना... मौत.. दो दिन पहले सहयोगी की मौत... वही होटल... दोनों का अंतिम सरकार भारत में हुआ... ईसाई होने के बावजूद दफ़नाए नहीं गए... शव रूस नहीं भेजे गए. अगर ये अप्राकृतिक नहीं है तो मैं कभी लॉ स्कूल नहीं गया.''
छोड़िए X पोस्टX सामग्री की इजाज़त?चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट X समाप्त
65 वर्षीय पावेल एंटव की बीते शनिवार ओडिशा के एक होटल में मौत हो गयी थी.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, रूसी सांसद एंटव अपने कुछ दोस्तों के साथ भारत आए हुए थे.
हाल ही में उन्होंने कथित रूप से यूक्रेन पर रूस के हमले की आलोचना की थी. हालांकि, कुछ समय बाद उन्होंने अपना बयान वापस ले लिया था. इस बयान को लेकर ही उन्हें पुतिन का आलोचक माना जाने लगा था.
एंटव बीती 21 दिसंबर से ओडिशा के रायगडा ज़िले के एक होटल में अपने कुछ दोस्तों के साथ ठहरे हुए थे.
पुलिस के मुताबिक़, शनिवार को एंटव को होटल के बाहर मृत पाया गया. इससे दो दिन पहले इसी होटल में उनके साथी व्लादिमीर बिदेनोव की मौत हो गयी थी.
वह होटल के पहली मंजिल पर बेहोश पाए गए थे और उनके आसपास वाइन की खाली बोतलें पाई गयी थीं.
इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया.
एक शीर्ष पुलिस अधिकारी ने कहा है कि रूसी राजनेता पावेल एंटव ने संभवत: आत्महत्या की है, वह अपने मित्र की मौत के बाद से काफ़ी परेशान चल रहे थे.’
हालांकि, पुलिस ने कहा है कि वह इस मामले की जांच सभी कोणों से कर रही है जिसमें दुर्घटनावश छत से गिरना भी शामिल है.
भारत: स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया 24 घंटे में आए कोरोना के कितने मामले

इमेज स्रोत, Vipin Kumar/Hindustan Times via Getty Images
देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 188 मामले सामने आए हैं. इसके साथ ही देश भर में कोरोना के 3468 सक्रिय मामले हो गए हैं.
समाचार एजेंसी पीटीआई ने ये आंकड़े स्वास्थ्य मंत्रालय के हवाले से जारी किए हैं.
इसके साथ ही देश में कोरोना संक्रमण के कुल मामले चार करोड़ 46 लाख हो गए हैं.
पिछले एक दिन में कोरोना से कोई मौत नहीं हुई है लेकिन देश भर में अब तक कुल 5,30,696 लोगों की संक्रमण से मौत हो चुकी है.
देश में दैनिक पॉज़िटिविटी दर 0.14 प्रतिशत बनी हुई है. एक दिन में कोरोना संक्रमण की जांच के लिए एक लाख 34 हज़ार टेस्ट किए गए हैं.
वहीं, कोविड वैक्सीन की बात करें तो अब तक देश भर में 220.07 करोड़ डोज़ लग चुकी हैं.
ऋषभ पंत की व्हाइट बॉल टीमों से फ़िलहाल छुट्टी, राहुल कप्तानी की रेस में पिछड़े

इमेज स्रोत, ANI
श्रीलंका के साथ नए साल में होने वाली टी-20 और वनडे सिरीज़ के लिए घोषित भारतीय टीम में बड़े बदलाव देखने को मिले हैं.
तीन मैचों की टी-20 और तीन मैचों की वनडे सिरीज़ के लिए श्रीलंका की टीम भारत आ रही है. पहला टी-20 तीन जनवरी को खेला जाएगा.
इन बदलावों से लगता है कि ऋषभ पंत की व्हाइट बॉल क्रिकेट से फ़िलहाल छुट्टी कर दी गई है.
वहीं केएल राहुल अब तक रोहित शर्मा के बाद टीम इंडिया के तीनों प्रारूपों में कप्तानी के दावेदार माने जा रहे थे. लेकिन वनडे टीम में उप-कप्तान नहीं बनाए जाने से वह अब इस रेस में पिछड़ते दिख रहे हैं.
राहुल गांधी की भगवान राम से तुलना पर अब सलमान ख़ुर्शीद ने दी सफ़ाई

इमेज स्रोत, AFP
कांग्रेस नेता सलमान ख़ुर्शीद ने राहुल गांधी को भगवान राम बताने वाले बयान पर अब सफ़ाई दी है.
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, सलमान ख़ुर्शीद ने कहा, ''राहुल गांधी भगवान राम नहीं हैं, लेकिन वो भगवान राम के दिखाए रास्ते पर चल सकते हैं.''
''वो (बीजेपी) कह रहे हैं कि आपको उस रास्ते पर चलने का कोई हक़ नहीं है. हमारी आपत्ति इसलिए है क्योंकि वो राम के नहीं बल्कि रावण के रास्ते पर चल रहे हैं.''
इससे पहले सलमान ख़ुर्शीद ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की तुलना 'भगवान राम' से की थी.
ख़ुर्शीद ने 'भारत जोड़ो यात्रा' के तहत उत्तर प्रदेश के हापुड़ में मीडिया को संबोधित करते हुए राहुल गांधी को महामानव और योगी भी बताया था.
उन्होंने कहा था, "आप तो जानते हैं कि भगवान राम की खड़ाऊं बहुत दूर तक जाती है. कभी-कभी खड़ाऊं लेकर भी चलना पड़ता है. हमेशा भगवान राम नहीं पहुंच पाते हैं, ऐसे में उनकी खड़ाऊं लेकर चलना पड़ता है, भरत उनकी खड़ाऊं लेकर चलते हैं. खड़ाऊं लेकर हम उत्तर प्रदेश में चले हैं. उत्तर प्रदेश में खड़ाऊं पहुंच गयी है तो राम जी भी पहुंचेंगे, ये हमारा विश्वास है."
इस बयान पर बीजेपी ने कड़ी आपत्ति जताई थी. मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा था, "नर की तुलना नारायण से करना कोई भी सही नहीं मानेगा. ये चाटुकारिता की पराकाष्ठा है.''
''कहां 10 जनपथ में रहने वाले राहुल जी और कहां अपने पिता की आज्ञा पर वन-वन घूमने वाले राम. कहां उन्होंने भालुओं और वानरों की सेना को लेकर राष्ट्र का वंदन किया और लंका को नेस्तनाबूद किया. और कहां सरहद पर हमारे जवानों के लिए अपमान की भाषा बोलने वाले की आप राम से तुलना कर रहे हो.''
छोड़िए X पोस्टX सामग्री की इजाज़त?चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट X समाप्त
नोटबंदी पर मोदी सरकार और आरबीआई ने सुप्रीम कोर्ट को नहीं बताई ये बात

इमेज स्रोत, EPA
भारतीय रिज़र्व बैंक और केंद्र सरकार ने नोटबंदी से जुड़ी याचिकाओं की सुनवाई कर रहे सुप्रीम कोर्ट के समक्ष अपने-अपने हलफ़नामे पेश किए हैं. सुप्रीम कोर्ट इस मामले में आगामी 2 जनवरी को अपना फ़ैसला सुनाएगा.
केंद्र सरकार ने कोर्ट में पेश किए अपने हलफ़नामे में कहा है कि नोटबंदी एक सोचा-समझा फ़ैसला था जिस पर आरबीआई के साथ नोटबंदी से नौ महीने पहले फ़रवरी, 2016 में सलाह-मशविरे का दौर शुरू हुआ था.
लेकिन, आरबीआई और केंद्र सरकार ने अपने हलफ़नामों में आरबीआई की ओर से की गई आलोचनाओं का ज़िक्र नहीं किया. पढ़ें, पूरी ख़बर
जम्मू के सिधरा में सेना और चरमपंथियों के बीच मुठभेड़, चार चरमपंथियों की मौत
....में - Author, मोहित कंधारी
- पदनाम, जम्मू से बीबीसी हिंदी के लिए

इमेज स्रोत, Mohit Kandhari
इमेज कैप्शन, जम्मू के सिधरा इलाक़े में मुठभेड़ जम्मू के सिधरा इलाक़े में बुधवार सुबह सुरक्षा बलों और चरमपंथियों के बीच मुठभेड़ में चार चरमपंथियों की मौत हो गई.
सिधरा पुल के पास सुबह करीब 7 बजे सुरक्षा चैक प्वाइंट पर एक ट्रक रोके जाने के बाद मुठभेड़ की शुरुआत हुई थी. फायरिंग के दौरान ट्रक में आग लग गई थी.
जम्मू ज़ोन के एडीजीपी मुकेश सिंह ने बताया, ''जम्मू के सिधरा इलाक़े में चार आतंकवादी मारे गए हैं. उनसे सात एक-47 राइफ़ल्स, एक एम4 राइफ़ल, तीन पिस्टल और अन्य हथियार बरामद हुए हैं. ट्रक के मालिक की पहचान किया जाना बाकी है. ये ट्रक जम्मू से श्रीनगर जा रहा था. तलाशी अब भी जारी है.''
एडीजीपी ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया था कि हमें ट्रक संदिग्ध लगा तो हम उसके पीछे गए. उसे सिधरा में रोका गया जहां ड्राइवर ट्रक से भाग गया. जब ट्रक की जांच की गई तो अंदर मौजूद चरमपंथियों ने सुरक्षा बलों पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं.
छोड़िए X पोस्टX सामग्री की इजाज़त?चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट X समाप्त
भारत-श्रीलंका सिरीज़ में सूर्य कुमार यादव को बड़ा मौका, केएल राहुल के हाथ लगी निराशा

इमेज स्रोत, Daniel Pockett-ICC/ICC via Getty Images
बीसीसीआई ने अगले साल जनवरी में श्रीलंका के साथ होने वाली टी20 और वनडे सिरीज़ के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी है.
दोनों सिरीज़ के लिए अलग-अलग कप्तान और उपकप्तान बनाए गए हैं.
पहले तीन से सात जनवरी के बीच टी20 सिरीज़ का आयोजन होगा. इसके लिए हार्दिक पांड्या को कप्तान और सूर्यकुमार यादव को उपकप्तान बनाया गया है.
सूर्यकुमार यादव पहली बार उपकप्तान के तौर पर भारतीय टीम में खेलेंगे.
टी20 टीम में शामिल हैं -
हार्दिक पांड्या (कप्तान), सूर्यकुमार यादव (उपकप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), ऋतुराज गायकवाड़, शुभमन गिल, दीपक हुडा, राहुल त्रिपाठी, संजू सैमसन, वॉशिंगटन सुंदर, युजवेंद्र चहल, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, हर्षल पटेल, उमरान मलिक, शिवम मावी, मुकेश कुमार
वहीं, वनडे सिरीज़ की बात करें तो ये 10 से 15 जनवरी के बीच खेली जाएगी.
इसमें रोहित शर्मा को कप्तान और हार्दिक पांड्या को उपकप्तान बनाया गया है.
वनडे टीम में शामिल हैं -
रोहित शर्मा (कप्तान), हार्दिक पांड्या (उपकप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, उमरान मलिक, अर्शदीप सिंह
बांग्लादेश के साथ हुए टेस्ट और वनडे सिरीज़ में कप्तान बनाए गए केएल राहुल को इस बार मैच के किसी भी प्रारूप में कप्तान या उपकप्तान नहीं बनाया गया है.
छोड़िए X पोस्टX सामग्री की इजाज़त?चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट X समाप्त
इसराइल और तुर्की के बीच रिश्तों में सुधार, सालों बाद हुआ ये बड़ा बदलाव

इमेज स्रोत, Twitter/@IsraelMFA
इमेज कैप्शन, आइरिट लिलियन के साथ रेचेप तैय्यप अर्दोआन इसराइल और तुर्की के बीच चल रही तनावपूर्ण स्थिति के बाद अब राजनयिक संबंध पूरी तरह बहाल होते दिख रहे हैं.
मंगलवार को तुर्की में इसराइल की राजदूत आइरिट लिलियन ने राष्ट्रपति रेचेप तय्यप अर्दोआन को अपना विश्वास पत्र सौंपा. कई सालों बाद दोनों देशों के बीच राजनयिक रिश्ते फिर से शुरू हुए हैं.
आइरिट लिलियन जनवरी 2021 से तुर्की में उपराजूदत के तौर पर नियुक्त थीं, लेकिन अब विश्वास पत्र देने के बाद उन्हें औपचारिक तौर पर इसराइल के राजदूत का दर्जा दे दिया गया है.
उन्होंने कहा, ''इस मौके ने दिल को उम्मीदों से भर दिया है. हम सभी उम्मीद करते हैं कि इसरायल और तुर्की के बीच राजनीतिक मेल-मिलाप की प्रक्रिया तेज़ होगी और कई क्षेत्रों तक इसका विस्तार होगा.''
छोड़िए X पोस्टX सामग्री की इजाज़त?चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट X समाप्त
इसी महीने इसराइल में भी तुर्की के नए राजदूत साकिर ओज़कान ने अपना विश्वास पत्र सौंपा था.
प्रधानमंत्री पद के लिए नामित बिन्यामिन नेतन्याहू और अर्दोआन के बीच एक नवंबर के चुनाव के बाद बात हुई थी.
इसमें दोनों नेताओं ने पारस्परिक हितों का सम्मान करते हुए साथ मिलकर काम करने पर सहमति जताई थी.
कभी क्षेत्रीय सहयोगी रहे इसराइल और तुर्की के बीच लगभग एक दशक से रिश्तों में तनाव चल रहा था.
गज़ा पट्टी में सहायता के लिए जा रहे एक जहाज़ पर छापेमारी के बाद तुर्की ने साल 2010 में इसराइल के राजदूत को बर्ख़ास्त कर दिया था. इस घटना में 10 तुर्की नागरिक मारे गए थे.
फिर साल 2016 में राजनयिक रिश्ते बहाल हुए. लेकिन, दो साल पहले तुर्की ने अपने राजदूत को इसराइल से वापस बुला लिया था.
ये फ़ैसला गज़ा पट्टी पर इसराइल की ओर से फ़लस्तीनियों के विरोध प्रदर्शन पर की गई फ़ायरिंग के कारण लिया गया था. इसके बाद से दोनों देश एक-दूसरे से संबंध सुधारने की कोशिश कर रहे हैं.
अफ़ग़ानिस्तान में महिलाओं पर लगाए प्रतिबंधों को लेकर यूएनएससी ने जताई चिंता

इमेज स्रोत, Lev Radin/Pacific Press/LightRocket via Getty Imag
अफ़ग़ानिस्तान में महिलाओं के लिए स्कूल, विश्वविद्यालयों में पढ़ने और एनजीओ में काम करने पर रोक लगाने को लेकर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने गहरी चिंता ज़ाहिर की है.
सुरक्षा परिषद ने मंगलवार को एक बयान जारी कर अफ़ग़ानिस्तान में महिलाओं और लड़कियों के लिए समान और पूरे अधिकारों की अपील की है.
साथ ही कहा है कि तालिबान सरकार स्कूल फिर से खोले और अपनी उन नीतियों में बदलाव करे जो मानवाधिकारों और बुनियादी स्वतंत्रता का उल्लंघन करती हैं.
हाल ही में अफ़ग़ानिस्तान की तालिबान सरकार ने लड़कियों के विश्वविद्यालय जाने पर प्रतिबंध लगा दिया था. इससे पहले लड़कियों के छठी कक्षा के बाद स्कूल में पढ़ने पर पाबंदी लगाई गई थी.
वहीं, लड़कियों और महिलाओं के ग़ैर सरकारी संगठनों (एनजीओ) में काम करने पर भी रोक लगा दी गई है.
इस पर सुरक्षा परिषद ने कहा, ''महिलाओं के एनजीओ और अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं में काम ना करने से देश में मानवीय मदद के लिए चल रहे अभियान प्रभावित होंगे.
इनमें संयुक्त राष्ट्र के चलाए जा रहे अभियान भी शामिल हैं. ये प्रतिबंध अंतरराष्ट्रीय समुदाय की उम्मीदों और उन प्रतिबद्धताओं से अलग हैं जो तालिबान ने अफ़ग़ानिस्तान के लोगों से की थी.''
वहीं, सुरक्षा परिषद के सदस्यों ने महासचिव के विशेष प्रतिनिधि और अफ़ग़ानिस्तान में संयुक्त राष्ट्र सहायता मिशन (यूएनएएमए) को अपना पूर्ण समर्थन फिर से दोहराया.
साथ ही उनके काम के महत्व पर ज़ोर दिया जिसमें अफ़ग़ानिस्तान में स्थिति की निगरानी, जानकारी देना और इन मसलों पर सभी संबंधित राजनीतिक पक्षों और हितधारकों से बातचीत करना शामिल है.
भारत इस साल दिसंबर में सुंयक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की अध्यक्षता रहा है. संयुक्त राष्ट्र में भारत की मौजूदा स्थायी प्रतिनिधि रुचिरा कंबोज ने ये बयान जारी किया है.
छोड़िए X पोस्टX सामग्री की इजाज़त?चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट X समाप्त
नमस्कार, बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. अभिवादन स्वीकार कीजिए.
ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 27 दिसंबर के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिककर सकते हैं.
