You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

मोदी सरकार पर राहुल गांधी के हमले के बाद बीजेपी का पलटवार, मंशा पर उठाए सवाल

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 'भारत जोड़ो' यात्रा के दिल्ली पहुंचने पर केंद्र सरकार और बीजेपी पर नफ़रत फैलाने का आरोप लगाया था.

लाइव कवरेज

कमलेश मठेनी and चंदन शर्मा

  1. रूस के वृद्धाश्रम में लगी आग में कम से कम 20 लोगों की मौत, छह घायल

    रूसी अधिकारियों ने बताया है कि साइबेरिया के केमेरोवो शहर में अवैध तरीके से चलाए जा रहे एक वृद्धाश्रम में लगी भयानक आग में कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई है. वहीं, छह लोगों के घायल होने की भी ख़बर है.

    अधिकारियों के अनुसार, शुक्रवार की रात लकड़ी के बने एक दो मंजिला वृद्धाश्रम में लगी आग में ऊपरी तल आग से पूरी तरह तबाह हो गया. शुरुआती रिपोर्ट में बताया गया है कि आग की वजह ख़राब हीटिंग ब्यॉलर हो सकती है.

    न्यूज़ एजेंसी तास ने बताया है कि आग बुझाने के लिए दर्ज़नों अग्निशमन वाहनों को तैनात किया गया है, जिसने शनिवार सुबह तक आग पर क़ाबू पा लिया.

    वहां के गवर्नर ने बताया है कि इस हादसे के बाद वहां के सभी वृद्धाश्रमों की बारीकी से जांच की जाएगी. वहीं इस मामले में आपराधिक जांच शुरू कर दी गई है.

    स्थानीय अग्निशमन अधिकारियों ने बताया है कि पूरे रूस में कई ऐसे वृद्धाश्रम संचालित हो रहे हैं, जिनका कहीं कोई पंजीकरण नहीं हुआ है. इसलिए इन संस्थानों को निजी संपत्ति मानते हुए ऐसे संस्थानों की कोई फायर सेफ्टी ऑडिट नहीं होती.

    2018 में केमेरोवो में ही हुए एक अन्य अग्निकांड में 60 लोगों की मौत हुई थी, जिनमें 37 बच्चे थे.

  2. चीन में फिर बढ़ रहा है कोरोना संक्रमण, भारत के लिए कितनी बड़ी चिंता?

    चीन में कोविड ने एक बार फिर कहर बरपा रखा है. उससे भी बड़ी मुश्किल ये है कि वहां कोरोना संक्रमण अब तक की सबसे तेज़ रफ़्तार से बढ़ रहा है.

    पिछले हफ्ते वहां लगभग 10 लाख कोविड के नए मामले आए और अब तो यहां तक दावा किया जा रहा है कि वहां आने वाले वाले दिनों में कोरोना का संक्रमण पीक पर पहुंच सकता है.

    चीन के स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि देश में आने वाले कुछ महीनों में कोविड 19 से 80 करोड़ लोग संक्रमित हो सकते है. कई जानकार तो ये भी डर जता रहे हैं कि कोरोना की इस लहर से चीन की लगभग 60 फ़ीसदी आबादी प्रभावित हो सकती है.

    अमेरिकी मीडिया संस्था एनपीआर में छपी एक रिपोर्ट के अनुसार इसका मतलब है कि धरती की 10 फ़ीसदी आबादी आने वाले 90 दिनों में कोरोना से संक्रमित हो सकती है.

  3. चीन, जापान और कोरिया से आए यात्रियों का आरटीपीसीआर टेस्ट होगा अनिवार्य, पॉज़िटिव मिलने पर होंगे क्वारंटीन

    केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री डॉ मनसुख मांडविया ने शनिवार को कहा है कि कोविड-19 की जांच के लिए होने वाले आरटीपीसीआर टेस्ट को चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, सिंगापुर और थाईलैंड से आने वाले यात्रियों के लिए अनिवार्य बनाया जाएगा.

    उन्होंने यह भी बताया कि यदि जांच में पाया गया कि इन देशों से आए यात्रियों में इस बीमारी के लक्षण हैं या वे पॉज़िटिव हैं, तो फिर उन्हें यहां क्वारंटीन करने के आदेश दिए गए हैं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, डॉ मांडविया ने बताया, ''चीन, जापान, सिंगापुर और बैंकॉक से आने वाले यात्रियों पर एयर सुविधा पोर्टल के ज़रिए निगरानी रखी जा रही है.''

    उन्होंने यह भी बताया कि महामारी के हालात को देखते हुए इन देशों से आने वाले यात्रियों को अपनी आरटीपीसीआर रिपोर्ट एडवांस में वेबसाइट पर डालनी होगी.

    भारत में उतरने के बाद उनकी थर्मल स्क्रीनिंग की जाएगी. चीन और अन्य देशों में कोविड संक्रमण के बढ़ने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को हुई बैठक में अधिकारियों को सतर्क करते हुए कड़े क़दम उठाने की अपील की.

    साथ ही इंटरनेशनल एयरपोर्ट जैसी जगहों पर निगरानी के उपाय मजबूत करने के निर्देश दिए हैं.

  4. यूक्रेन-अमेरिका की जुगलबंदी के सामने क्या नरम पड़ रहे हैं पुतिन के तेवर

    रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि रूस यूक्रेन के साथ जारी जंग ख़त्म करना चाहता है और ये धीरे-धीरे कूटनीतिक बातचीत से ही हो सकता है.

    पुतिन का ये बयान ऐसे वक्त आया है जब एक दिन पहले ही यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की से मुलाक़ात करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा कि वह युद्ध में यूक्रेन की मदद करते रहेंगे.

    समाचार एजेंसीरॉयटर्सके अनुसार, गुरुवार को पुतिन ने कहा है, "हमारा उद्देश्य सैन्य संघर्ष को आगे बढ़ाते रहने का नहीं है बल्कि हम इस युद्ध को ख़त्म करना चाहते हैं. ये जिनता ज़ल्दी हो, उतना अच्छा है."

    हालांकि अमेरिका ने कहा है कि संघर्ष ख़त्म करने में रूस की कोई दिलचस्पी नहीं है.

  5. ताइवान को लेकर अमेरिका के इस क़ानून पर भड़का चीन

    चीन ने ताइवान की सैन्य सहायता बढ़ाने वाले अमेरिकी डिफेंस ऑथोराइज़ेशन क़ानून पर शनिवार को नाराज़गी जाहिर की है.

    चीन ताइवान को अपने से अलग हुआ एक प्रांत मानता है और उसे लगता है कि अंततः वो चीन के नियंत्रण में आ जाएगा. मगर ताइवान ख़ुद को एक स्वतंत्र देश मानता है जिसका अपना संविधान और अपने चुने हुए नेताओं की सरकार है.

    अमेरिकी क़ानून को लेकर चीन ने "कड़ा असंतोष और दृढ़ विरोध" व्यक्त किया है.

    चीन ने कहा कि इस क़ानून के तहत 858 अरब डॉलर के सैन्य खर्च में से 10 अरब डॉलर ताइवान की सुरक्षा सहायता और हथियारों की तेज़ खरीद के लिए इस्तेमाल हो सकता है. इसमें मौजूद प्रावधान ''ताइवान में शांत और स्थिरता के लिए गंभीर ख़तरा हैं.''

    वहीं, ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने इस अमेरिकी क़ानून के लिए धन्यवाद दिया है.

    मंत्रालय ने कहा कि ये दिखाता है कि अमेरिका ताइवान की सुरक्षा मजबूत करने और दोनों देशों के संबंध को कितना महत्व देता है. ताइवान अमेरिका के साथ इस अधिनियम के विवरण पर चर्चा करेगा.

    दोनों देशों के बीच औपचारिक राजनयिक संबंध ना होने के बावजूद अमेरिका ताइवान का सबसे महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय समर्थक और हथियार आपूर्तिकर्ता है. चीन इसे अमेरिकी दखल मानता है और इस पर आपत्ति जताता रहा है.

  6. अमेरिका और रूस ने बांग्लादेश में क्यों खोला नया मोर्चा?

    यूक्रेन को लेकर रूस और अमेरिका तो आमने-सामने हैं हीं, लेकिन अब ऐसा लगता है कि रूस और अमेरिका ने बांग्लादेश में एक दूसरा मोर्चा खोल दिया है.

    बुधवार को बांग्लादेश स्थित रूसी दूतावास के आधिकारिक ट्विटर एकाउंट से एक कार्टून पोस्ट किया गया. इस कार्टून के ज़रिए रूस ने अमेरिका और पश्चिमी देशों को निशाना बनाया है.

    कार्टून में एक बड़ी चिड़िया को एक पोल के सबसे ऊपर बैठे हुए दिखाया गया है. उसके बग़ल में अमेरिकी झंडा है जिससे पता चलता है कि बड़ी चिड़िया का मतलब यहां अमेरिका से है. अमेरिका के नीचे जो चिड़िया बैठी है उसे ब्रिटेन से दर्शाया गया है, उसके नीचे यूरोपीय संघ और सबसे नीचे यूक्रेन को बैठे हुए दिखाया गया है.

  7. बिहार: छपरा ज़हरीली शराब कांड में एसआईटी ने पांच लोगों को गिरफ़्तार किया

    छपरा में हुए ज़हरीली शराब कांड को लेकर बिहार पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ़्तार किया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, गिरफ़्तार लोगों में घटना के लिए जिम्मेदार बताए जा रहे प्रमुख अभियुक्त शामिल हैं.

    सारण पुलिस के एसपी संतोष कुमार ने शुक्रवार को बताया, "इस मामले में गठित स्पेशल इन्वेस्टीगेशन टीम ने एक होमियोपैथी कम्पाउंडर को गिरफ़्तार किया है."

    होमियोपैथी कम्पाउंडर को पुलिस ज़हरीली शराब कांड का मास्टरमांइड बता रही है.

    छपरा में ज़हीरीली शराब पीने के कारण 38 लोगों की जान चली गई थी.

    एसपी ने बताया, "पुलिस ने एक गाड़ी ज़ब्त की है. इस गाड़ी का इस्तेमाल उत्तर प्रदेश से केमिकल लाने और सारण के मसरख में शराब की आपूर्ति में किया जाता था. ज़हरीली शराब बनाने में इस्तेमाल हुईं केमिकल्स की खाली बोतल भी शुक्रवार को बरामद की गई हैं."

    मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी इस मामले में पहले ही नौ लोगों को गिरफ़्तार कर चुकी है.

    उन्होंने कहा, "शुरुआती जांच में ये बात सामने आई है कि होमियोपैथी कम्पाउंडर अपने सहयोगियों की मदद से अवैध शराब बनाता था. वो अपने सहयोगियों के जरिए सारण के विभिन्न इलाकों में अवैध शराब की आपूर्ति करता था."

    एसपी ने ये भी बताया कि एक अभियुक्त ने भी वही शराब पी थी लेकिन इलाज के बाद वो ठीक हो गया.

    इस बीच पटना में बिहार पुलिस के ए़डीजीपी (हेडक्वॉर्टर) जितेंद्र सिंह गंगवार ने उन रिपोर्टों को खारिज किया जिनमें ये दावा किया जा रहा था कि छपरा ज़हरीली शराब कांड में उस स्पीरिट का इस्तेमाल किया गया था जो सारण ज़िले के एक पुलिस थाने में रखी हई थी.

  8. ब्रेकिंग न्यूज़, राजस्थान: शिक्षक भर्ती परीक्षा का पेपर लीक, बस में पेपर सॉल्व करते 40 से अधिक उम्मीदवार पुलिस हिरासत में

      • Author, मोहर सिंह मीणा
      • पदनाम, जयपुर से, बीबीसी हिंदी के लिए

    राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) की सेकंड ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा का सामान्य ज्ञान एवं शिक्षा मनोविज्ञान का पेपर लीक हो गया है.

    पुलिस ने इनपुट के आधार पर एक बस से चालीस से ज़्यादा लोगों को पेपर सॉल्व करते हुए पकड़ा है.

    राज्य में शनिवार को 1193 परीक्षा केंद्रों पर सुबह 9 से 11 बजे तक परीक्षा होनी थी. लेकिन, पेपर लीक होने से आरपीएससी ने परीक्षा को रद्द कर दिया है.

    पेपर लीक होने के बाद राज्यभर से अभ्यर्थियों के प्रदर्शन की ख़बरें आ रही हैं.

    उदयपुर ज़िला पुलिस अधीक्षक (एसपी) विकास शर्मा ने बीबीसी से फ़ोन पर कहा, "उदयपुर के बेकरिया थाना इलाक़े में शनिवार सुबह एक बस से पेपर सॉल्व करते हुए अभ्यर्थियों को पकड़ा है. चालीस से ज़्यादा लोगों को पुलिस हिरासत में लिया गया है."

    एसपी ने कहा, "हमें रात को ही इनपुट मिल गया था. जिसके आधार पर नाकाबंदी कर बस से इन अभ्यर्थियों को पकड़ा गया है. इनसे पूछताछ की जा रही है. अभी और भी लोगों को हिरासत में लिया जाएगा."

    परीक्षा का पेपर लीक होने के बाद बीजेपी ने सरकार के खिलाफ़ मोर्चा खोल दिया है.

    विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाब चंद कटारिया ने पेपर लीक प्रकरण को सरकार पर कलंक बताया है.

    जबकि, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष डॉ सतीश पूनिया ने सरकार को घेरा है.

    डॉ सतीश पूनिया ने कहा, "संगठित नकल माफिया गिरोह और जितने लोग दोषी हैं, उन सभी को सख्त सजा मिलनी चाहिए. प्रदेश के युवाओं को न्याय मिलना चाहिए."

    इस मामले में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट कर कहा है, "दुर्भाग्य से देशभर में पेपर लीक करने वाले गैंग पनप गए हैं, जिससे कई राज्यों में यहां तक कि ज्यूडिशियरी एवं मिलिट्री तक में पेपर लीक जैसी घटनाएं होती हैं. सरकार किसी भी युवा के साथ अन्याय नहीं होने देगी एवं दोषियों को सख्त से सख्त सजा दी जाएगी."

  9. चार्ल्स शोभराज ने कंधार विमान अपहरण और मसूद अज़हर से कनेक्शन के बारे में बताया

    नेपाल के सुप्रीम कोर्ट की ओर से रिहाई के आदेश के बाद फ़्रांस के सीरियल किलर चार्ल्स शोभराज जेल से बाहर आ गए हैं. इस बीच'इंडियन एक्सप्रेस'ने एक इंटरव्यू प्रकाशित किया है. इंटरव्यू 2016 में लिया गया था.

    इस इंटरव्यू में उन्होंने 2003 में नेपाल के एक कैसीनो से अपनी गिरफ्तारी के बारे में बात की और उन्होंने जैश-ए-मोहम्मद प्रमुख मसूद अज़हर के साथ अपनी मुलाकातों का ज़िक्र किया.

    शोभराज ने कहा कि साल 2000 से 2003 के बीच उन्होंने पाकिस्तान की कई यात्राएं कीं और मसूद से मुलाकात की थी.

    चार्ल्स शोभराज ने बताया, "देखिये, आप इसके बारे में पहले से ही जानती हैं... इंडियन एयरलाइंस अपहरण की घटना (1999 में) के बाद जब मसूद अज़हर की रिहाई हुई तो 'द इंडियन एक्सप्रेस' ने उस समय भारत सरकार से मेरी भूमिका का ज़िक्र किया था."

  10. भारत: लगातार पांच हफ़्ते बढ़ने के बाद विदेशी मुद्रा भंडार में आई गिरावट

    भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में पिछले हफ़्ते लगभग 571 मिलियन डॉलर की कमी आई है. जबकि पिछले पांच हफ़्तों से विदेशी मुद्रा भंडार में बढ़ोतरी हो रही थी.

    शुक्रवार को जारी हुए आरबीआई के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी मुद्रा भंडार 16 दिसंबर को ख़त्म हुए हफ़्ते में गिरकर 563.499 अरब डॉलर पर पहुंच गया है.

    इससे पिछले हफ़्ते में विदेशी मुद्रा भंडार 2.91 अरब डॉलर की वृद्धि हुई थी जिससे ये 564.06 अरब डॉलर पर पहुंच गया था. अक्टूबर 2021में भारत का मुद्रा भंडर अपने सबसे ऊंचे स्तर 645 अरब डॉलर पर था.

    विदेशी मुद्रा भंडार कम होने की वजह ये है कि डॉलर के मुक़ाबले गिरते रुपये को बचाने के लिए आरबीआई ने मुद्रा भंडार का इस्तेमाल किया था.

    रुपये की कीमत डॉलर के मुक़ाबले लगातार गिर रही है. समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक फिलहाल रुपये की कीमत 82.76 रुपये है.

    हालांकि, इससे पहले कीमत 82.81 रुपये थी जिसमें अभी थोड़ा सुधार हुआ है.

  11. चंदा कोचरः पद्म भूषण से सीबीआई की गिरफ़्तारी तक

    सीबीआई ने शुक्रवार को आईसीआईसीआई बैंक की पूर्व एमडी और सीईओ चंदा कोचर और उनके पति दीपक कोचर को गिरफ्तार कर लिया है.

    उन पर वीडियोकॉन ग्रुप को दिए गए 3000 करोड़ रुपये के कर्ज में गड़बड़ी करने का आरोप है.

    जिस समय ये लोन दिया गया था उस दौरान वो आईसीआईसीआई बैंक की प्रमुख थीं.

    उन पर ये भी आरोप है कि कर्ज की ये रकम उनके पति की कंपनी में लगाई गई.

  12. भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 201 नए मामले

    केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने बताया है कि देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 201 नए मामले रिपोर्ट हुए हैं.

    इसके साथ ही भारत में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 3397 हो गई है.

    ये कोरोना संक्रमण के कुल मामलों का 0.01 फीसदी के बराबर है. देश में कोविड से रिकवरी की दर 98.8 फीसदी है.

    पिछले 24 घंटों में 183 संक्रमण के बाद ठीक भी हुए हैं. रिकवर हो गए कुल मामलों की संख्या इसके साथ ही 441,42,791 हो गई है.

  13. 'भारत जोड़ो यात्रा' दिल्ली पहुंची, राहुल गांधी बोले- 'बीजेपी नफ़रत फैलाती है, हम प्यार बांटते हैं'

    राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रही 'भारत जोड़ो यात्रा' शनिवार को दिल्ली पहुंच गई. स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने की अपील के बीच राहुल की यात्रा ने राजधानी में प्रवेश किया है.

    'भारत जोड़ो यात्रा' ने 107 दिनों में लगभग तीन हज़ार किलोमीटर का सफर पूरा किया है. यात्रा ने 108वें दिन दिल्ली में प्रवेश किया. राहुल के साथ बड़ी तादाद में लोग चल रहे हैं.

    राजधानी पहुंचने पर राहुल गांधी ने बीजेपी पर वार करते हुए कहा, "वे नफ़रत फैलाते हैं, हम प्यार बांटते हैं, हम सभी भारतीयों को गले लगाते हैं.''

    उन्होंने कहा, ''मैं जब कन्याकुमारी से चला तब मुझे एक बात पता चली कि इस देश में नफ़रत नहीं है, इस देश में सिर्फ मोहब्बत है.''

  14. बिहार में ईंट-भट्ठे की चिमनी फटने से सात की मौत, पीएम ने की मुआवज़े की घोषणा

    बिहार के पूर्वी चंपारण ज़िले में एक ईंट-भट्ठे की चिमनी फटने से सात लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए. ये हादसा शुक्रवार सुबह मोतिहारी के रामगढ़वा इलाक़े में हुआ है.

    मरने वालों में ईंट-भट्ठे के मालिक मोहम्मद इशरार भी शामिल हैं.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक मोतिहारी पुलिस ने बताया, ''हादसे में घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बचाव अभियान जारी है. एएसपी रक्सौल, पुलिस की टीमें और एसडीआरएफ़ टीमें मौके पर मौजूद हैं.''

    मोतिहारी के एसआरपी अस्पताल के सुपरिटेंडेंट सुजीत कुमार ने बताया, ''पीड़ितों को कई चोटें आई हैं और विस्फोट के बाद उन्हें सांस लेने में दिक्कत हुई है. यहां 8-7 लोग भर्ती किए गए हैं जिनमें से तीन लोग वेंटिलेटर पर हैं.''

    बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ट्वीट किया, ''पूर्वी चम्पारण ज़िले के रामगढ़वा थाना क्षेत्र में ईंट-भट्ठे की चिमनी फटने की घटना दुःखद. मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना है. घायलों का समुचित इलाज कराने का निर्देश दिया है. उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना है.''

    मुख्यमंत्री ने सभी घायलों के अच्छे इलाज के लिए अधिकारियों को निर्देश भी दिए हैं.

    पीएम मोदी ने भी इस घटना पर दुख जताते हुए दो लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की है.

    उन्होंने ट्वीट किया, ''मोतिहारी में ईंट-भट्ठे में हुए हादसे के कारण गई जानों का बेहद दुख है. पीड़ित परिवारों को मेरी संवेदनाएं. घायलों के लिए प्रार्थना. प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत फंड से प्रत्येक मृतक के परिजन को दो लाख रुपये मुआवजा दिया जाएगा. वहीं, घायलों को 50 हज़ार रुपये मुआवज़ा मिलेगा.''

  15. भारतीय मूल के रिचर्ड वर्मा को अमेरिका में मिल सकता है शीर्ष राजनयिक पद

    भारतीय-अमेरिकी वकील और राजनयिक रिचर्ड आर वर्मा को अमेरिकी राष्ट्रपति ने विदेश मंत्रालय में एक शीर्ष राजनयिक पद के लिए नामित किया है.

    उनका नाम विदेश मंत्रालय में प्रबंधन और संसाधन के उप मंत्री के लिए किया गया है. राष्ट्रपति जो बाइडन ने शुक्रवार को इसकी घोषणा की.

    अगर अमेरिकी सीनेट उनके नाम पर सहमति जताती है तो वो विदेश मंत्रालय में सबसे ऊंची रैंक वाले भारतीय अमेरिकी होंगे.

    रिचर्ड वर्मा भारत में अमेरिका के राजदूत रहे हैं. फिलहाल वो मास्टरकार्ड में चीफ़ लीगल ऑफ़िसर और ग्लोबल पब्लिक पॉलिसी के प्रमुख के तौर पर काम कर रहे हैं.

    पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के शासन में विदेश मंत्रालय में क़ानूनी मामलों के लिए सहायक मंत्री का पद संभाल चुके हैं.

    इससे पहले वो अमेरिकी सीनेटर हैरी रीड के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार थे.

    रिचर्ड वर्मा ने एशिया ग्रुप के वाइस चैयरमेन, स्टेपटो एंड जॉनसन एलएलपी में साझेदार और सीनियर काउंसलर और एलब्राइट स्टोनब्रिज ग्रुप में सीनियर काउंसलर के तौर पर सेवाएं दी हैं.

  16. इमरान ख़ान की पूर्व पत्नी रेहाम ख़ान ने की तीसरी शादी, शेयर की तस्वीर

    पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान की पत्नी रेहाम ख़ान ने शादी कर ली है. ये उनकी तीसरी शादी है.

    रेहाम ख़ान ने मॉडल मिर्ज़ा बिलाल से शादी की है जो उनसे 13 साल छोटे हैं. मिर्ज़ा बिलाल की भी ये तीसरी शादी है.

    मिर्ज़ा बिलाल एक अभिनेता और मॉडल हैं. वह पाकिस्तानी टीवी चैनल्स पर राजनीतिक कॉमेडी शो में भी काम कर चुके हैं.

    रेहाम और मिर्ज़ा ने अमेरिका के सीएटल में शादी रचाई और सोशल मीडिया पर इसकी तस्वीरें डालते हुए लोगों को जानकारी दी है.

    रेहाम ने ट्वीट पर लिखा, ''ज़िंदगी प्यार और समझ का नाम है. लंबे समय के अकेले संघर्ष के बाद मैं ऐसे शख़्स से मिली जिसने मुझे अपनी बुद्धिमानी और ईमानदारी से प्रभावित किया. उस शख़्स पर मैं भरोसा कर सकती हूं. वो शख़्स मेरे मुश्किल समय में मेरे साथ रहा.''

    उन्होंने बताया कि उनके बेटे ही इस शादी में वकील बने थे. मिर्ज़ा के माता-पिता भी शादी में मौजूद थे.

    हालांकि, उनकी शादी पर मिली-जुली प्रतिक्रिया आ रही है. कुछ लोग उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं तो कुछ तंज़ भी कस रहे हैं.

    रेहाम ख़ान ने इमरान ख़ान से सात साल पहले तलाक़ लिया था. वो इमरान ख़ान की आलोचक भी रही हैं.

    उन्होंने पहली शादी एजाज़ रहमान से की थी और रेहाम के तीन बच्चे भी हैं.

  17. कांग्रेस की 'भारत जोड़ो यात्रा' पहुंची दिल्ली, जानिए राहुल गांधी क्या बोले

    कांग्रेस की 'भारत जोड़ो यात्रा' शनिवार को राजधानी दिल्ली में प्रवेश कर गई है.

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रही इस यात्रा को आज सुबह बदरपुर बॉर्डर से शुरू किया गया जो लाल क़िले तक जाएगी.

    राहुल गांधी ने हरियाणा के फरीदाबाद से दिल्ली में प्रवेश किया. दिल्ली कांग्रेस के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उनके स्वागत के लिए बदरपुर बॉर्डर पहुंचे.

    कांग्रेस की दिल्ली इकाई के प्रमुख अनिल चौधरी भी वहां मौजूद थे.

    पार्टी के वरिष्ठ नेता जैसे हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हूडा, कुमारी सेल्जा, रणदीप सिंह सुरजेवाला, शक्तिसिंह गोहिल भी यात्रा में शामिल हुए.

    राहुल गांधी ने दिल्ली में प्रवेश करने से पहले कहा, ''कुछ लोग नफ़रत फैला रहे हैं लेकिन देश का आम आदमी प्यार की बात कर रहा है. हर राज्य में लाखों लोग यात्रा से जुड़े. मैंने आरएसएस-बीजेपी के लोगों से कहा कि हम आपके नफ़रत के बाज़ार में मोहब्बत की दुकान खोलने आए हैं.''

    कांग्रेस ने ट्वीट किया है, ''करोड़ों उम्मीद लिए कन्याकुमारी से शुरू हुई यात्रा सैकड़ों मील का सफ़र पूरा कर देश की राजधानी दिल्ली आ रही है. तानाशाहों से सवाल पूछने, जनता के आंसुओं का हिसाब मांगने. आज भारत जोड़ो यात्रा एनएचपीसी मेट्रो स्टेशन से शुरू होकर लाल किले तक जाएगी. आइए, इस सफ़र में कदम से कदम मिलाइए.''

    वहीं, कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने ट्वीट किया, ''भारत जोड़ो यात्रा के 108वें दिन हम दिल्ली पहुंच रहे हैं. पिछले कुछ दिनों से वहां हलचल और बेचैनी बढ़ी हुई है, लेकिन, राहुल गांधी की यह बात याद रहनी चाहिए - कोई भी शक्ति इस यात्रा को नहीं रोक सकती.''

    राहुल गांधी 150 दिनों की 'भारत जोड़ो यात्रा' पर निकले हुए हैं. ये यात्रा कन्याकुमारी से शुरू होकर कश्मीर पर ख़त्म होगी.

  18. मोदी सरकार का बड़ा फ़ैसला, 81 करोड़ लोगों को अगले एक साल मिलेगा मुफ़्त राशन

    केंद्र सरकार ने अगले साल राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफ़एसएस) के तहत 81.3 करोड़ लोगों को मुफ़्त अनाज देने का फ़ैसला किया है. मुफ़्त राशन पूरे साल दिया जाएगा.

    फिलहाल इस अधिनियम के तहत दो से तीन रुपये किलो कीमत पर हर महीने प्रति व्यक्ति पांच किलो अनाज दिया जाता है. जो परिवार अंत्योदय अन्न योजना के तहत आते हैं उन्हें 35 किलो अनाज मिलता है.

    खाद्य मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को इस फ़ैसले की जानकारी दी.

    उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत गरीबों को मुफ़्त राशन देने पर करीब दो लाख करोड़ रुपये की लागत आएगी. इस खर्च का बोझ केंद्र सरकार उठाएगी.

    इससे पहले प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत गरीबों को मुफ़्त राशन का लाभ दिया जा रहा है.

    इस योजना को साल 2020 में शुरू किया गया था. उस दौरान कोरोना संक्रमण को देखते हुए लॉकडाउन लगाया गया था. तब लोगों को मुफ़्त में अनाज देने की घोषणा की गई थी.

    पीयूष गोयल ने बताया कि ये योजना 28 महीनों से लागू है और इस महीने ख़त्म होने वाली है.

    अब सरकार ने मुफ़्त राशन को एनएफ़एसएस के तहत कर दिया है. यानी 2020 से मिल रहा मुफ़्त राशन अब भी मिलता रहेगा लेकिन यह प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत नहीं बल्कि खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत मिलेगा.

    पीयूष गोयल के मुताबिक सरकार ने योजना और अधिनियम को मिला दिया है.

  19. नमस्कार, बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. अभिवादन स्वीकार कीजिए.

    ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 23 दिसंबर के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिककर सकते हैं.