You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

असम राइफ़ल्स का दावा, म्यांमार सेना के हमले में भारत में नहीं गिरा कोई बम

असम राइफ़ल ने गुरुवार को कहा है कि म्यांमार की सेना के चिन विद्रोही कैंपों पर हवाई हमले के दौरान भारत की ओर कोई बम नहीं गिरा है.

लाइव कवरेज

अभिनव गोयल and शुभम किशोर

  1. मेसी बने बीबीसी वर्ल्ड स्पोर्टस स्टार ऑफ द ईयर

    फुटबॉल वर्ल्ड कप विजेता अर्जेंटीना के कप्तान लियोनल मेसी को 2022 के लिए बीबीसी स्पोर्ट्स पर्सनैलिटी के वर्ल्ड स्पोर्ट स्टार ऑफ द ईयर चुना गया है.

    35 साल के मेसी ने कतर में अर्जेंटीना को 36 साल के बाद विश्व कप जिताया. उन्हें गोल्डन बॉल अवॉर्ड भी दिया गया.

    जब रविवार को फ्रांस के ख़िलाफ़ मेसी वर्ल्ड कप फ़ाइनल खेलने उतरे थे, तो ये उनका 26वां विश्व कप मैच था. इस तरह उन्होंने जर्मन खिलाड़ी लोथार मथाएस के सबसे ज़्यादा विश्व कप मैच खेलने के रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया है.

    मेसी अब वर्ल्ड कप में अर्जेंटीना की ओर से सबसे ज़्यादा गोल दाग़ने वाले खिलाड़ी बन चुके हैं और पांचवां विश्व कप उनके लिए बेहतरीन रहा है. वो गोल और मदद करने वाली फेहरिस्त में शिखर पर हैं.

  2. अपने ही घर में पाक टीम हारी, इंग्लैंड ने 3-0 से जीती टेस्ट सिरीज़

    तीन मैचों की टेस्ट सिरीज़ के आख़िरी मुकाबले में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को आठ विकेट से हरा दिया है और सिरीज़ को 3-0 से अपने नाम कर लिया है.

    यह पहली बार है जब पाकिस्तान को अपनी जमीन पर टेस्ट सिरीज़ में करारी हार का सामना करना पड़ा है.

    कराची में खेले गुए तीसरे मैच में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 304 रन बनाए थे. वहीं इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में 354 रन बनाकर 50 रनों की बढ़त हासिल की थी.

    इसके बाद दूसरी पारी में पाकिस्तान की टीम ने 216 रन बनाए. इसमें कप्तान बाबर आज़म और साउद शकील ने अर्धशतक लगाया.

    50 रनों की बढ़त घटाकर इंग्लैंड को सिर्फ 167 रन बनाने थे जिसे टीम ने दो विकेट खोकर आसानी से पूरा कर लिया.

  3. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान पर राज्यसभा में हंगामा

    राज्यसभा में आज कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के उस बयान पर हंगामा हो रहा है जो उन्होंने सोमवार को राजस्थान के अलवर में दिया था.

    मल्लिकार्जुन खड़गे ने भारत जोड़ो यात्रा में इंदिरा गांधी और राजीव गांधी का ज़िक्र करते हुए कहा था, "हमारी पार्टी के नेताओं ने देश के लिए जान दी. बीजेपी वालों का कुत्ता भी मरा क्या? लेकिन, वो देशभक्त और हम कुछ भी बोलेंगे तो देशद्रोही."

    इस बयान पर केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने मल्लिकार्जुन खड़गे से माफ़ी मांगने के लिए कहा है.

    वहीं राज्यसभा में बोलते हुए मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि उन्होंने यह बयान संसद से बाहर दिया था, इसलिए इस पर संसद में चर्चा करने की ज़रूरत नहीं है.

    उन्होंने अपने बयान को एक बार फिर राज्यसभा में दोहराते हुए कहा, "मैं अभी भी कह सकता हूं आज़ादी की लड़ाई में उन लोगों का कोई योगदान नहीं था. ये माफ़ी मांगने वाले लोग हैं."

  4. भारत जोड़ो यात्रा का राजस्थान में आज अंतिम पड़ाव, कल हरियाणा में प्रवेश

      • Author, मोहर सिंह मीणा
      • पदनाम, जयपुर से, बीबीसी हिंदी के लिए

    भारत जोड़ो यात्रा का मंगलवार को राजस्थान में अंतिम पड़ाव है. यात्रा मंगलवार सुबह साढ़े छह बजे कटिघाटी से शुरू हुई है. रात्रि विश्राम बीजवा गांव में होगा.

    बीजवा गांव से बुधवार सुबह यात्रा शुरू होकर हरियाणा में प्रवेश कर जाएगी.

    राजस्थान पहला कांग्रेस शासित राज्य है जहां से यात्रा गुज़री है. यात्रा ने चार दिसंबर की शाम राजस्थान में प्रवेश किया था. 17 दिन राज्य में रहने के बाद कल हरियाणा प्रवेश करेगी.

    भारत जोड़ो यात्रा का हरियाणा पहुंचने के बाद 9 दिन का ब्रेक रहेगा. कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने ट्वीट कर जानकारी दी है,

    उन्होंने बताया, "24 दिसंबर की शाम को दिल्ली पहुंचेगी. उसके बाद 9 दिनों का ब्रेक होगा, ताकि कंटेनरों को मरम्मत करके उत्तर में पड़ने वाली कड़ी सर्दी के लिए तैयार किया जा सके. साथ ही कई भारत यात्री लगभग चार महीने बाद अपने परिवार के साथ समय बिता सकें. 3 जनवरी 2023 को यात्रा फिर शुरू होगी."

    अलवर के मालाखेड़ा में बीते दिन एक बड़ी जनसभा को राष्ट्रीय कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी ने संबोधित किया.

    जनसभा में मल्लिकार्जुन खड़गे ने इंदिरा गांधी और राजीव गांधी का ज़िक्र करते हुए कहा, "हमारी पार्टी के नेताओं ने देश के लिए जान दी. बीजेपी वालों का कुत्ता भी मरा क्या? लेकिन, वो देशभक्त और हम कुछ भी बोलेंगे तो देशद्रोही."

    राहुल गांधी ने कहा, "नफरत के बाज़ार में मुहब्बत की दुकान खोली है, मैं नफ़रत मिटाने आया हूं."

    इधर, जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एक घोषणा भी की है. उन्होंने कहा, "केंद्र की उज्जवला योजना से किसी का भला नहीं हुआ है. हम अगले महीने बजट पेश करेंगे, बीपीएल और उज्जवला योजना के लाभार्थियों की कैटेगरी बना कर पांच सौ रुपए में गैस सिलेंडर देंगे."

  5. ट्विंकल खन्ना ने बताई वो तीन बातें जो उन्होंने गूगल सीईओ सुंदर पिचाई से सीखीं

    बॉलीवुड अभिनेत्री ट्विंकल खन्ना ने गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई का इंटरव्यू लिया है.

    ट्विंकल ने अपने इंस्टाग्राम पर इंटरव्यू की तस्वीरें शेयर करते हुए उन तीन चीज़ों के बारे में बताया है, जो उन्होंने सुंदर पिचाई से सीखी हैं.

    1- भारत में पले-बढ़े होने के वैश्विक फ़ायदे क्या हैं?

    2- ज़मीन से जुड़े रहने के लिए वे क्या करते हैं?

    3- आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के आने से दुनिया पर क्या असर होगा?

    कौन हैं सुंदर पिचाई

    सुंदर पिचाई का जन्म 1972 में भारत के तमिलनाडु राज्य में हुआ था और उनके पिता पेशे से इलेक्ट्रिकल इंजीनियर थे जो एक ब्रितानी कंपनी जीईसी में काम करते थे जबकि सुंदर की माँ स्टेनोग्राफर थीं.

    स्कूली शिक्षा ख़त्म करने के बाद सुंदर पिचाई को आईआईटी खड़गपुर में दाखिला मिला, जहाँ उन्होंने मेटालर्जी में इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की. अमेरिका के स्टैनफ़र्ड विश्विद्यालय से इंजीनियरिंग में एमएस करने के बाद पिचाई ने अमेरिका के सबसे प्रतिष्ठित बिज़नेस स्कूलों में से एक व्हार्टन से एमबीए भी किया.

    2004 में सुंदर पिचाई गूगल से जुड़े. 2015 में, गूगल अल्फ़ाबेट कंपनी का हिस्सा बना और पिचाई उसके सीईओ बने.

  6. कश्मीर: शोपियां एनकाउंटर में लश्कर के तीन चरमपंथी मारे गए

      • Author, माजिद जहांगीर
      • पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए, श्रीनगर से

    जम्मू-कश्मीर में पुलिस ने एक मुठभेड़ के दौरान तीन चरमपंथियों को मारने का दावा किया है.

    पुलिस ने बताया है कि मंगलवार सुबह दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले के मुंझ मार्ग इलाके में चरमपंथी संगठन लश्कर तैयबा के तीन चरमपंथी एक मुठभेड़ में मारे गए हैं.

    श्रीनगर से शोपियां की दूरी क़रीब पचास किलोमीटर है.

    पुलिस ने मारे गए तीन चरमपंथियों में से दो की पहचान कर ली है. पुलिस ने बताया है कि मारे गए चरमपंथी, एक कश्मीरी पंडित और एक नेपाल के नागरिक की हत्या में शामिल थे.

    घटनास्थल से पुलिस ने हथियार भी बरामद करने का दावा किया है.

    पुलिस के मुताबिक मारे गए तीनों चरमपंथी स्थानीय हैं. पुलिस और सुरक्षाबलों ने मिलकर इस ऑपरेशन को अंजाम दिया है.

  7. मुझे लगता है विरोध में बाबर आज़म मैदान पर नहीं उतरे- राशिद लतीफ़

    पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान बाबर आज़म ने विरोध में इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन मैदान पर उतरने से इनकार कर दिया.

    बाबर आज़म की गैर मौजूदगी में मोहम्मद रिज़वान ने कप्तानी संभाली. शुरू में जब आज़म नहीं आए तो इसके पीछे सिर में दर्द को वजह माना जा रहा था.

    बाद में यह बात सामने आई कि सुरक्षा कारणों से उन्हें रात को बाहर खाना खाने के लिए नहीं जाने दिया गया, जिसके चलते उनका सुरक्षाकर्मी से विवाद भी हुआ.

    अब पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर राशिद लतीफ़ ने भी इस खबर की पुष्टि की है कि बाबर आज़म और होटल के सुरक्षाकर्मियों के बीच विवाद हुआ था.

    स्थानीय न्यूज़ चैनल से बात करते हुए राशिद ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष रमीज़ राजा से इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है.

    राशिद ने कहा, “जाहिर है सवाल पूछे जाएंगे. जिसकी भी गलती है, पीसीबी के अध्यक्ष रमीज़ राजा को इसे देखना चाहिए. कराची में किसी नए व्यक्ति की नियुक्ति की गई है. उन्हें बताना चाहिए कि टीम यहां पर है, जहां उनका ध्यान रखा जाना चाहिए, ताकि खिलाड़ियों को किसी तरह की परेशानी न आए."

    उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि विरोध में बाबर आज़म ने ग्राउंड पर उतरने से मना कर दिया. पाकिस्तान किक्रेट के कप्तान अपनी सुरक्षा के लिए खुद अपने किक्रेट बोर्ड के खिलाफ विरोध कर रहे हैं.”

  8. कैपिटल हिल हिंसा में ट्रंप पर चार आपराधिक केस चलाने की सिफ़ारिश

    अमेरिका में पिछले साल हुए कैपिटल दंगे की जांच कर कर रही कमिटी का कहना है कि पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर विद्रोह समेत आपराधिक मामले चलाए जाने चाहिए.

    डेमोक्रेटिक पार्टी की अगुवाई वाली कमिटी ने एकमत से ट्रंप के ख़िलाफ़ मुक़दमा चलाने के लिए न्याय विभाग से वकालत की है.

    कमिटी ने डोनाल्ड ट्रंप के पूर्व सहयोगी होप हिक्स का एक क्लिप भी सामने रखा है जिसमें चुनाव में हार को स्वीकार करने से इनकार करते हुए देखा सकता है.

    6 जनवरी 2021 को अमेरिका की कैपिटल बिल्डिंग पर हमला करते हुए ट्रंप समर्थकों की तस्वीरें पूरी दुनिया में चर्चा का विषय बन गई थी. ट्रंप समर्थक, राष्ट्रपति के रूप में जो बाइडन का विरोध कर रहे थे.

    वॉशिंगटन शहर में हुई इस हिंसा में एक पुलिस अधिकारी समेत पाँच लोगों की मौत हुई थी.

    किसी भी ग़लत काम से इनकार करते हुए ट्रंप ने एक बयान जारी किया है जिसमें पैनल को उन्होंने ‘कंगारू कोर्ट’ कहा है.

    प्रतिनिधि सभा की चयन कमिटी क़रीब 18 महीने से कैपिटल हिल दंगे की जांच में लगी है. सोमवार को अपनी आख़िरी बैठक में कमिटी ने सिफ़ारिश की है कि ट्रंप को चार आरोपों का सामना करना चाहिए.

    • विद्रोह को उकसाना, ऐसा करने वालों की मदद करना और मदद का वादा करना
    • आधिकारिक कार्यवाही में बाधा डालना
    • अमेरिका के साथ धोखा करने की साज़िश
    • ग़लत बयान देने की साज़िश
  9. इमरान ख़ान के नहले पर पंजाब में विपक्ष का दहला

    पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज़ (पीएमएल-एन) और पाकिस्तान पीपल्स पार्टी (पीपीपी) ने सोमवार को पंजाब विधानसभा में मुख्यमंत्री परवेज इलाही के ख़िलाफ़ अविश्वास प्रस्ताव पेश किया.

    ये प्रस्ताव ऐसे समय पर आया है जब इमरान ख़ान के नेतृत्व वाली पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ़ पार्टी ने प्रांतीय विधानसभा को भंग करने की योजना बनाई है.

    पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने शनिवार को घोषणा की थी कि वे 23 दिसंबर को पंजाब और खैबर पख्तूनख्वा में प्रांतीय विधानसभाओं को भंग करेंगे.

    पंजाब विधानसभा में संयुक्त विपक्ष, पीएमएल-एन और पीपीपी ने इमरान ख़ान की इस रणनीति का मुक़ाबला करने के लिए अविश्वास प्रस्ताव पेश किया है.

    अविश्वास प्रस्ताव पीएमएल-एन के सांसद मियां मरगूब अहमद, खलील ताहिर संधू और ख़्वाजा इमरान नज़ीर ने पेश किया. डेलिगेशन के साथ पीपीपी के संसदीय नेता हसन मुर्तजा भी साथ थे.

    प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ, पीपीपी के सह-अध्यक्ष आसिफ़ अली ज़रदारी और पीएमएल-क्यू के अध्यक्ष चौधरी शुजात हुसैन ने कई बैठकें कीं, जिनके एक दिन बाद ये फैसला लिया गया.

    पंजाब के राज्यपाल बाली उर रहमान ने 21 दिसंबर को प्रांतीय विधानसभा की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है.

    सचिवालय से जारी एक नोटिफिकेशन के मुताबिक़ पंजाब के राज्यपाल ने बुधवार को शाम चार बजे पंजाब की प्रांतीय विधानसभा बुलाई है और पंजाब के मुख्यमंत्री को विश्वासमत हासिल करने के लिए कहा है.

    पीएमएल-एन ने अपने ट्विटर हैंडल से एक आदेश को शेयर किया है जिसके मुताबिक़ राज्यपाल ने कहा है मुख्यमंत्री ने अपनी पार्टी के अध्यक्ष चौधरी शुजात हुसैन और पीएमएल-क्यू से जुड़े अपने पार्टी के सदस्यों का विश्वास खो दिया है.

    इससे पहले पंजाब के मुख्यमंत्री परवेज इलाही ने एक टीवी इंटरव्यू में कहा था कि वे प्रांतीय विधानसभा को मार्च 2023 से पहले भंग नहीं करने जा रहे.

    वहीं पीटीआई नेता फवाद चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री परवेज इलाही के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव चुनाव से भागने के लिए पेश किया गया है.

  10. ईरान की मुद्रा में रिकॉर्ड गिरावट, एक डॉलर की कीमत 3 लाख 86 हजार रियाल

    ईरानी मुद्रा रियाल में रिकॉर्ड गिरावट के लिए केंद्रीय बैंक के गवर्नर ने कुछ हद तक सरकार विरोधी प्रदर्शनों को ज़िम्मेदार बताया है.

    ईरान की मुद्रा अमेरिकी डॉलर के मुक़ाबले सबसे निचले स्तर पर आ गई है. विदेशी मुद्रा साइट बोनबास्ट के मुताबिक़ बाज़ार में एक डॉलर 3 लाख 95 हजार रियाल तक में बिका है. इससे पहले पिछले शुक्रवार को यह एक डॉलर तीन लाख 86 हज़ार पर चल रहा था.

    लोग अपनी बचत को सुरक्षित रखने के लिए डॉलर और सोना ख़रीदने की कोशिश कर रहे हैं.

    केंद्रीय बैंक के गवर्नर अली सालेहाबादी ने माना है, “अमेरिकी प्रतिबंधों के साथ पिछले दो महीनों की घटनाओं ने ईरानी मुद्रा को कमज़ोर किया है. कमज़ोर रियाल को उठाने के लिए मार्केट में डॉलर लाया जा रहा है”

    महसा अमीनी की मौत के बाद से शुरू हुए प्रदर्शनों के बाद से रियाल में क़रीब 20 प्रतिशत की गिरावट आई है.

    मई 2018 में अमेरिका के परमाणु समझौते से बाहर आने और ईरान पर प्रतिबंधों को फिर से लागू करने से पहले देश की मुद्रा क़रीब 65 हजार प्रति डॉलर पर कारोबार कर रही थी.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़ सरकार विरोधी प्रदर्शनों में 495 प्रदर्शनकारी मारे गए हैं, जिनमें 68 नाबालिग भी शामिल हैं.

    इसके अलावा 62 सुरक्षाबलों की भी मौत हुई है, वहीं 18 हजार 450 लोगों को गिरफ्तार किए जाने का अनुमान है.

  11. नमस्कार, बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. अभिवादन स्वीकार कीजिए.

    ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 19 दिसंबर के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.