भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अर्जेंटीना और मेसी को दी फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप जीतने की बधाई
4-2 से पेनल्टी शूटआउट में अर्जेंटीना जीता. 36 साल बाद बना फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप चैंपियन. गोल्डन बूट किलियन एमबापे के नाम.
लाइव कवरेज
कमलेश मठेनी and दिलनवाज़ पाशा
इंजीनियरों और वैज्ञानिकों को शासक बनाने वाला टेक्नोक्रैट आंदोलन क्या था?
इमेज स्रोत, COURTESY OF TECHNOCRACY INC
काम करने के लिए एक हफ्ते में सिर्फ 16 घंटे निर्धारित होंगे. सभी को काम करना ज़रूरी नहीं था. लेकिन जो करेंगे वो भी 25 साल की उम्र से काम करना शुरू करेंगे और 45 साल की उम्र में रिटायर हो जाएंगे.
बाकी लोगों को भी घबराने की ज़रूरत नहीं है. उनकी स्वास्थ्य, प्रशिक्षण, आवास या भोजन की सभी ज़रूरतों का ध्यान रखा जाएगा.
पैसे की कोई अहमियत नहीं रहेगी. इसे एनर्जी सर्टिफिकेट सिस्टम से रिप्लेस कर दिया जाएगा. चीज़ों की क़ीमत उनके उत्पादन में इस्तेमाल की जाने वाली ऊर्जा की लागत के अनुसार रखी जाएगी.
इसके बदले में, लोकतंत्र के राजनीतिक सिस्टम जिसमें नागरिक अपने प्रतिनिधियों का चुनाव करते हैं, को समाप्त करना होगा. कोई राजनेता या व्यवसायी नहीं होगा, बल्कि सभी निर्णय इंजीनियर और वैज्ञानिक करेंगे.
दो दिन चले टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया ने दक्षिण अफ़्रीका को छह विकेट से हराया
इमेज स्रोत, Albert Perez/Getty Images
ऑस्ट्रेलिया और
दक्षिण अफ़्रीका के बीच तीन टेस्ट मैच की सिरीज़ के पहले मैच में
ऑस्ट्रेलिया ने छह विकेट से जीत हासिल कर ली है. इस जीत के साथ ही
ऑस्ट्रेलिया को सिरीज़ में 1-0 की बढ़त मिल गई
है.
ऑस्ट्रेलिया के
ब्रिसबेन में हुए इस टेस्ट मैच में दक्षिण अफ़्रीका ने पहले बल्लेबाजी की थी.
लेकिन, उनकी पहली पारी 152 रन पर सिमट गई. हालांकि, ऑस्ट्रेलिया भी अपनी पहली पारी में बड़ा स्कोर नहीं बना पाई और दक्षिण अफ़्रीकी गेंदबाज़ों ने टीम को 218 रन पर समेट
दिया.
लेकिन, अपनी दूसरी पारी में दक्षिण अफ़्रीका के
बल्लेबाज़ भी खास कमाल नहीं दिखा पाए और टीम 100 रन तक भी ना
पहुंचकर 99 पर ही सिमट गई.
इसके बाद
ऑस्ट्रेलिया के सामने महज़ 34 रन का लक्ष्य था
लेकिन इसे पूरा करने में भी टीम के चार विकेट चले गए. ये मैच पूरी तरह
गेंदबाज़ों के नाम रहा और दो दिन में ही ख़त्म हो गया. टेस्ट के लिए पांच दिनों का
समय तय होता है.
ऑस्ट्रेलिया के
कप्तान और गेंदबाज़ पैट कमिन्स ने बेहतरीन प्रदर्शन किया और 12.4 ओवर में 42 रन देकर पांच
विकेट लिए. वहीं, दक्षिण अफ़्रीका से रबाडा
ने कमाल दिखाया. उन्होंने चार ओवर में 13 रन देकर चार
विकेट चटकाए.
अच्छा प्रदर्शन
करने वाले बल्लेबाज़ों की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया के ट्रैविस हेड ने 96 गेंदों पर 92 रन और दक्षिण
अफ़्रीका के कायल वरेन ने 96 गेंदों पर 64 रन बनाए. दोनों टीम के बीच
अगला टेस्ट मैच 26 से 30 दिसंबर के बीच होगा.
एलन मस्क: मंगल ग्रह को उपनिवेश बनाने का सपना देखने वाले ट्विटर में अटके
इमेज स्रोत, Getty Images
एलन मस्क को मैं कई सालों से देख रहा हूं. पिछले कुछ महीनों में जब से उन्होंने सोशल मीडिया साइट ट्विटर को ख़रीदने का फ़ैसला किया है, तब से उन्हें कहीं अधिक बारीकी से देखा है.
वे दुनिया के सबसे रईस लोगों में से एक हैं. कुछ दिनों पहले तो वे दुनिया के सबसे अमीर शख़्स थे. उनकी कंपनियां टेस्ला, स्पेस एक्स, स्टारलिंक और न्यूरालिंक दुनिया की हाई-प्रोफाइल कंपनियों में शामिल हैं, जो दुनिया के आकर्षण का विषय हैं.
51 साल के एलन मस्क का जीवन अलहदा है. उनके 10 बच्चे हैं, जिनकी उम्र एक से 18 साल के बीच है. उनके पहले बेटे की मौत जन्म के केवल 10 हफ़्ते में ही हो गई थी.
दक्षिण अफ्रीका में पैदा हुए मस्क को एस्पर्जर सिंड्रोम है, जो ऑटिज़्म का एक प्रकार है. उनका कहना है कि उनकी ज़िंदगी का मुख्य लक्ष्य मंगल ग्रह को उपनिवेश बनाना है.
एप्पल फ़ोन बनाने वाली ताइवान की कंपनी फॉक्सकॉन पर लगेगा जुर्माना
इमेज स्रोत, Walid Berrazeg/SOPA Images/LightRocket via Getty Images
ताइवान की सरकार
इलेक्ट्रॉनिक सामान बनाने वाली दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी फॉक्सकॉन पर जुर्माना
लगाएगी. फॉक्सकॉन पर चीन
की चीप बनाने वाली कंपनी में अवैध निवेश के चलते ये जुर्माना लगाया जा रहा है.
हालांकि, फॉक्सकॉन ने कहा था कि वो चीनी कंपनी में अपने
हिस्से को बेच रही है. चीन अपने
सेमीकंडक्टर उद्योग को बढ़ाना चाहता है. इसे लेकर ताइवान सतर्क है और क़ानून में
सख़्ती ला रहा है क्योंकि ताइवान का कहना है कि चीन उसकी चिप तकनीक को चुरा रहा
है.
फॉक्सकॉन एप्पल इंक का बड़ा सप्लायर है और आईफ़ोन बनाती है. कंपनी ने जुलाई में
बताया था कि वो चीन की चिप निर्माता कंपनी शिनहुआ यूनिग्रुप में शेयरधारक है.
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.
पोस्ट X समाप्त
शुक्रवार को फॉक्सकॉन ने ताईपेई स्टॉक एक्सचेंज में कहा कि चीन में उसकी सहायक कंपनी शिनहुआ यूनिग्रुप में अपने सभी शेयर बेच रही है.
ताइवान के इकोनॉमी मंत्रालय ने कहा कि उनका निवेश आयोग सोमवार को फॉक्सकॉन से पूरे विवरण के लिए बात करेगा. निवेश आयोग सभी विदेश निवेशों के लिए मंज़ूरी देता है.
मंत्रालय ने कहा, ''जैसा कि निवेश के बारे में पहले नहीं बताया गया है तो राशि की फॉर्मूले के आधार पर गणना की जाएगी और क़ानून के मुताबिक जुर्माना लगाया जाएगा.''
फॉक्सकॉन ने इस मामले पर कोई बयान नहीं दिया है.
चीन को ब्रिटेन के लिए ख़तरा करार दिया जाए, संसदीय समिति ने ऋषि सुनक सरकार से कहा
इमेज स्रोत, Reuters
ब्रिटेन की एक संसदीय समिति ने ऋषि सुनक की सरकार से कहा है कि वो विदेश नीति की समीक्षा करके चीन को आधिकारिक रूप से ब्रिटेन के ख़तरा करार दे.
फॉरेन अफ़ेयर्स कमेटी ने चीन पर बौद्धिक संपदा की चोरी करने, ब्रितानी नागरिकों को डराने, ताइवान के प्रति हमलावर रुख रखने और विकासशील देशों में नुक़सानदेह नीतियों पर अमल करने का आरोप लगाया है.
ब्रिटेन फिलहाल चीन को एक प्रतिस्पर्धी देश के तौर पर देखता है लेकिन ब्रितानी सांसद बीजिंग के लिए और अधिक कड़ी भाषा का इस्तेमाल चाहते हैं.
उनकी मांग है कि ऊर्जा सुरक्षा जैसे मुद्दों पर ब्रिटेन को चीन पर अपनी निर्भरता कम करनी चाहिए.
लेकिन जानकारों का कहना है कि इस सब के बावजूद व्यापार और क्लाइमेट चेंज के मुद्दे पर ब्रिटेन के लिए चीन एक अनिवार्य साझीदार है.
नोएडा में दो बसों की टक्कर में तीन लोगों की मौत, कई घायल
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर दो बसों में टक्कर
ग्रेटर नोएडा
एक्सप्रेसवे पर दो बसों की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए.
अधिकारियों के मुताबिक ये हादसा रविवार सुबह नोएडा में नॉलेज पार्क के पास हुआ है.
समाचार एजेंसी
एएनआई के मुताबिक ग्रेटर नोएडा पुलिस ने बताया, ''नोएडा के नॉलेज पार्क पुलिस थाने के तहत ग्रेटर
नोएडा एक्सप्रेसवे पर दो बसों में टक्कर हो गई. तीन लोगों की मौत हुई है, कई घायल हैं और दो लोग गंभीर स्थिति में हैं.''
पुलिस ने मौके पर
पहुंचकर बचाव कार्य किया. हादसे के बाद घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया.
मेसी रच पाएंगे इतिहास और कर पाएंगे मैराडोना की बराबरी?
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, इस वर्ल्ड कप में मेसी ने छह मैच खेले हैं और इनमें से चार में वे मैन ऑफ़ द मैच चुने गए हैं
फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप फुटबॉल का फ़ाइनल अर्जेंटीना और फ्रांस के बीच खेला जाएगा. इस मैच का नतीजा चाहे जो निकले, लेकिन वर्ल्ड कप फुटबॉल में लियोनेल मेसी का सफ़र यहीं थम जाएगा. मुझे मालूम है कि उनके बिना फुटबॉल का आनंद कुछ कम हो जाएगा.
रविवार को खेले जाने वाले फ़ाइनल मुक़ाबले में जो भी हो, लेकिन अब तक मेसी ने अपने प्रदर्शन से दुनियाभर के फुटबॉल प्रेमियों के दिल में अपनी जगह मज़बूती से जमा ली है.
क्रोएशिया के ख़िलाफ़ जीत के बाद एक सुंदर पल तब आया जब एक रिपोर्टर ने मेसी से कहा कि आपने हर किसी के जीवन पर प्रभाव छोड़ा है, यह फ्रांस के ख़िलाफ़ मुक़ाबले और जीतने की सूरत में पहला वर्ल्ड कप जीतने से ज़्यादा अहम है.
35 साल के मेसी अब लंबे समय तक नहीं खेल पाएंगे ऐसे में हमें उनके खेल के हर पल का आनंद उठाना चाहिए.
इस वर्ल्ड कप में मेसी ने छह मैच खेले हैं और इनमें से चार में वे मैन ऑफ़ द मैच चुने गए हैं. उन्होंने अपनी टीम की ओर से पांच गोल किए हैं और तीन गोल करने में मदद की है.
उत्तर कोरिया ने दागीं दो बैलिस्टिक मिसाइलें, जापान ने क्या कहा
इमेज स्रोत, REUTERS
उत्तर कोरिया ने
रविवार को कोरियाई प्रायद्वीप के पूर्वी तट से दूर समुद्र की ओर दो बैलिस्टिक
मिसाइलें दागी हैं.
समाचार एजेंसी
रॉयटर्स के मुताबिक दक्षिण कोरिया की सेना ने ये जानकारी दी है.
जापान के उप
विदेश मंत्री तोशिरो इनो ने कहा कि संभव है कि उत्तर कोरिया की दागी गई बैलिस्टिक
मिसाइलें जापान के विशेष आर्थिक गलियारे के बाहर गिरी हों.
जापानी रक्षा
मंत्रालय के अनुसार इन मिसाइलों ने 550 किलोमीटर (342 मील) की ऊंचाई
तक उड़ान भरी और 250 किलोमीटर (53 मील) की दूरी तय की.
उप रक्षा मंत्री
ने बताया कि अभी तक किसी तरह के नुक़सान की ख़बर नहीं है.
उत्तर कोरिया ने
गुरुवार को हाई थ्रस्ट सोलिड फ्यूल इंजन का भी परीक्षण किया था. जानकारों के
मुताबिक इससे बैलिस्टिक मिसाइल को तेज़ी से लॉन्च करने में मदद मिलती है.
इस परीक्षण पर
खुद उत्तर कोरिया के सर्वोच्च नेता किम जोंग उन की नज़र थी.
उत्तर कोरिया ने
इस साल कई मिसाइल का परीक्षण किया है इसमें एक अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल भी
शामिल है.
इस मिसाइल में
अमेरिकी ज़मीन तक पहुंचने की क्षमता है. उत्तर कोरिया अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों के
बावजूद ये परीक्षण कर रहा है.
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.
पोस्ट X समाप्त
सीमा पर भारत-चीन झड़प को लेकर कांग्रेस ने पीएम से पूछे ये सात सवाल
इमेज स्रोत, ANI
अरुणाचल प्रदेश
के तवांग में भारत-चीन सेना की झड़प को लेकर कांग्रेस लगातार बीजेपी सरकार को निशाने
पर ले रही है.
अब कांग्रेस नेता
जयराम रमेश ने पीएम मोदी से चीन के संबंध में सात सवाल पूछे हैं.
कांग्रेस के एक
ट्वीट में एक प्रेस विज्ञप्ति में ये सवाल बताए गए हैं और लिखा है कि संसद सदस्य और
कांग्रेस के महासचिव (संचार) जयराम रमेश के प्रधामनंत्री से चीन द्वारा सीमा उल्लंघन के मुद्दे
पर महत्वपूर्ण प्रश्न.
इस विज्ञप्ति में
लिखा है, ''इन सात सवालों पर मन की बात करना प्रधानमंत्री का
कर्तव्य और नैतिक दायित्व है.''
ये सवाल हैं-
20, जून 2020 को आपने ऐसा क्यों कहा कि पूर्वी लद्दाख के
भारतीय क्षेत्र में चीन की ओर से कोई घुसपैठ नहीं हुई है?
आपने चीनियों
द्वारा हमारे सैनिकों को पूर्वी लद्दाख में ऐसे हजारों वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में
गश्त करने से रोकने की अनुमति क्यों दी, जहां हम मई 2020 से पहले नियमित
रूप से गश्त कर रहे थे?
आपने 17 जुलाई 2013 को कैबिनेट द्वारा स्वीकृत माउंटेन स्ट्राइक
कोर की स्थापना की योजना को ठंडे बस्ते में क्यों डाल दिया?
आपने चीनी
कंपनियों को पीएम केयर्स फंड में अंशदान की अनुमति क्यों दी?
आपने पिछले दो
वर्षों में चीन से आयात को रिकॉर्ड स्तर तक बढ़ने क्यों दिया?
आप इस बात पर जोर
क्यों दे रहे हैं कि सीमा की स्थिति और चीन की ओर से हमारे समक्ष आने वाली
चुनौतियों पर संसद में बहस ना हो?
आपने शीर्ष चीनी
नेतृत्व से अभूतपूर्व रूप से 18 बार मुलाक़ात की
और हाल ही में बाली में शी जिनपिंग से हाथ मिलाया. इसके तुरंत बाद चीन ने तवांग
में घुसपैठ शुरू कर दी और उसकी तरफ़ से सीमा की स्थिति में एकतरफ़ा बदलाव का
प्रयास करना जारी है. आप इस मुद्दे पर देश को विश्वास में क्यों नहीं ले रहे?
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.
पोस्ट X समाप्त
9 दिसंबर 2022 को अरुणाचल प्रदेश के तवांग सेक्टर के यांग्त्से में भारत और चीन के सैनिकों के बीच हिंसक झड़प हुई थी. इसमें कुछ भारतीय सैनिकों को चोटें आई हैं.
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने संसद में बताया था कि तवांग में 9 दिसंबर को चीनी सैनिकों ने एलएसी पर अतिक्रमण करने की कोशिश की थी. लेकिन भारतीय सेना ने चीन का बहादुरी से जवाब दिया. इस दौरान हाथापाई भी हुई और दोनों ओर के कुछ सैनिकों को चोटें भी आईं.
वहीं, विपक्षी पार्टियां मांग कर रही हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सामने आकर इस पर सफाई देनी चाहिए और सदन में इस घटना पर चर्चा होनी चाहिए.
ईरान में जानी-मानी अभिनेत्री गिरफ़्तार, विरोध प्रदर्शनों के समर्थन में किया था पोस्ट
इमेज स्रोत, TARANEH ALIDOOSTI
इमेज कैप्शन, ईरानी अभिनेत्री तारानेह अलीदोस्ती
ईरान में विरोध
प्रदर्शनकारियों का समर्थन करने के चलते जानी-मानी अभिनेत्री तारानेह अलीदोस्ती को
गिरफ़्तार कर लिया गया है.
देश के सरकारी मीडिया
इरना के मुताबिक तारानेह को विरोध प्रदर्शन को लेकर 'झूठ फैलाने' के आरोप में गिरफ़्तार किया गया है.
तारानेह
अलीदोस्ती ने पिछले हफ़्ते अपनी एक इंस्टाग्राम पोस्ट पर हिजाब के विरोध में हो
रहे विरोध प्रदर्शनों के समर्थन में एक पोस्ट डाला था.
उन्होंने इंस्टाग्राम
पर अपनी बिना हिजाब वाली फोटो डाली थी. साथ ही विरोध प्रदर्शनों में शामिल होने के
चलते मोहसेन शेकारी नाम के एक शख़्स को मौत की सज़ा दिए जाने की आलोचना की थी.
मोहसेन शेकारी पर
'दंगाई' होने का आरोप था और उन्हें फांसी पर चढ़ा दिया
गया था. मोहसेन ने सितंबर में राजधानी तेहरान में एक मुख्य सड़क पर रुकावट पैदा कर
दी थी और अर्धसैनिक बल के एक जवान को घायल किया था.
38 साल की तारानेह
अलीदोस्ती को अपनी ऑस्कर से सम्मानित फ़िल्म 'द सेल्समैन' में भूमिका के लिए खासतौर पर जाना जाता है.
इमेज स्रोत, TARANEH ALIDOOSTI
इमेज कैप्शन, ईरानी अभिनेत्री तारानेह अलीदोस्ती की इंस्टाग्राम पर पोस्ट फ़ोटो
उन्होंने अपनी पोस्ट में मोहसेन शेकारी की सज़ा के ख़िलाफ़ ना बोलने को लेकर कुछ अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं पर भी निशाना साधा था.
उन्होंने लिखा, ''उसका नाम मोहसेन शेकारी था. हर अंतरराष्ट्रीय संस्था जो भी इस रक्तपात को देख रही है और कोई कार्रवाई नहीं कर रही है, वो मानवता को कलंकित करने वाली है.''
इरना के टेलिग्राम अकाउंट पर की गई एक पोस्ट के मुताबिक तारानेह को अपने दावे के संबंध में कोई दस्तावेज़ ना दे पाने के चलते गिरफ़्तार किया गया है.
तारानेह के 80 लाख फॉलोवर वाले इंस्टाग्राम अकाउंट पर प्रतिबंध लगा दिया गया है.
ईरान में मोरेलिटी पुलिस की गिरफ़्त में महसा अमीनी की मौत के बाद महिला अधिकारों के लिए ज़बरदस्त विरोध प्रदर्शन चल रहा है. तारानेह विरोध प्रदर्शन शुरू होने के बाद से सरकार की कड़ी आलोचक रही हैं.
बिलावल भुट्टो के बयान के बाद पाकिस्तानी मंत्री ने दी भारत को एटम बम की धमकी
इमेज स्रोत, Twitter/@ShaziaAttaMarri
इमेज कैप्शन, पाकिस्तान की मंत्री शाज़िया मर्री
पाकिस्तान की
मंत्री शाज़िया मर्री ने भारत को परमाणु बम की धमकी दी है. उन्होंने कहा कि
पाकिस्तान का न्यूक्लियर स्टेटस चुप रहने के लिए नहीं है.
समाचार एजेंसी
एएनआई के मुताबिक पाकिस्तान पीपल्स पार्टी की नेता शाज़िया मर्री ने बोल न्यूज़ के
साथ एक प्रेस वार्ता में ये बातें कहीं.
शाज़िया ने कहा,
''भारत को ये नहीं भूलना
चाहिए कि हमारे पास एटम बॉम्ब है. हमारा न्यूक्लियर स्टेटस चुप रहने के लिए नहीं
है. ज़रूरत पड़ने पर हम पीछे नहीं हटेंगे.''
उन्होंने कहा, ''भारत का कोई मंत्री किसी भी फोरम पर मोदी सरकार में इतना अंधा हो जाएगा और वो ये नहीं सोचेगा कि वो पाकिस्तान जैसे एक न्यूक्लियर मुल्क के लिए ऊल-फूल बक सकता है, तो ये उसकी गलती है.''
''मैंने कई फोरम पर मोदी सरकार के भेजे गए राजनयिकों का मुक़ाबला किया है. जहां पर बाकायदा वही जुमले कहे गए हैं जो इस मंत्री ने यूएन में बोला है. जहां पाकिस्तान को आतंकवाद का केंद्र कहा है. ये इनका एक प्रोपेगेंडा है.''
हालांकि शाज़िया ने अपने बयान के बाद एएनआई की ख़बर को रिट्वीट करते हुए लिखा है, ''पाकिस्तान एक ज़िम्मेदार न्यूक्लियर देश है. भारतीय मीडिया में कुछ तत्व हंगामा खड़ा करने की कोशिश कर रहे हैं. पाकिस्तान के विदेश मंत्री ने भारतीय मंत्री के भडकाऊ बयानों पर प्रतिक्रिया दी थी. आतंकवाद के साथ लड़ाई में पाकिस्तान ने भारत से ज़्यादा खोया है. मोदी सरकार अतिवाद और फासीवाद को बढ़ावा दे रही है.''
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.
पोस्ट X समाप्त
शाज़िया का ये बयान पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो के भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए विवादित बयान के बाद आया है. उन्होंने भुट्टो के बयान का समर्थन किया है.
बिलावल भुट्टो ने कहा था, ''ओसामा बिन लादेन मर चुका है पर 'बुचर ऑफ़ गुजरात' ज़िंदा है. और वो भारत का प्रधानमंत्री है. जब तक वो प्रधानमंत्री नहीं बना था तब तक उसके अमेरिका आने पर पाबंदी थी.''
इस बयान का भारत में कड़ा विरोध किया गया और बीजेपी ने पाकिस्तानी दूतावास के सामने विरोध प्रदर्शन भी किया.
इससे पहले संयुक्त राष्ट्र में भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने पाकिस्तान की आतंकवाद का केंद्र कहते हुए आलोचना की थी.
भारतीय विदेश मंत्रालय ने बिलावल भुट्टो के बयान के जवाब में कहा, ''पाकिस्तान के हिसाब से भी यह बयान काफ़ी निचले स्तर का है. पाकिस्तान के अल्पसंख्यकों के प्रति रवैये में कोई ख़ास बदलाव नहीं आया है. उसे भारत पर लांछन लगाने का कोई अधिकार नहीं है.''
नमस्कार, बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. अभिवादन स्वीकार कीजिए.
ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 17 दिसंबर के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिककर सकते हैं.
आज की अहम ख़बरें –
पाकिस्तान की मंत्री शाजिया मर्री ने भारत को परमाणु बम की धमकी दी है.
फ़ीफ़ा विश्व कप के फ़ाइनल मैच में आज अर्जेंटीना और फ्रांस आमने-सामने होंगे.
भारत और बांग्लादेश के बीच हो रहे टेस्ट मैच का आज पांचवा और आखिरी दिन है.
ईरान में विरोध प्रदर्शनकारियों का समर्थन करने के चलते एक जानीमानी अभिनेत्री हुईं गिरफ़्तार.
महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने की कांग्रेस नेता राहुल गांधी से पाकिस्तानी विदेश मंत्री की आलोचना करने की मांग.