You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अर्जेंटीना और मेसी को दी फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप जीतने की बधाई

4-2 से पेनल्टी शूटआउट में अर्जेंटीना जीता. 36 साल बाद बना फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप चैंपियन. गोल्डन बूट किलियन एमबापे के नाम.

लाइव कवरेज

कमलेश मठेनी and दिलनवाज़ पाशा

  1. फ़ुटबॉल वर्ल्ड कप फ़ाइनल: अर्जेंटीना बनाम फ़्रांस, सबसे बड़े मैच में मेसी और एमबापे की टक्कर

    लियोनेल मेसी की अर्जेंटीना टीम क्या फ़्रांस को लगातार दूसरी बार फ़ुटबॉल वर्ल्ड कप जीतने से रोक पाएगी?

    ये सवाल दुनिया भर के फ़ुटबॉल फैन्स के ज़हन में है. अर्जेंटीना और फ़्रांस की टीमें अब से कुछ देर में क़तर के लुसैल स्टेडियम में फ़ाइनल मैच खेलेंगी.

    मोरक्को को हराकर फ़ाइनल में पहुंची फ़्रांस की टीम की नज़र लगातार दो वर्ल्ड कप जीतकर ब्राज़ील के 60 साल पुराने रिकॉर्ड की बराबरी करने पर है.

    ब्राज़ील ने साल 1958 और 1962 में लगातार दो बार वर्ल्ड कप जीते थे. उसके पहले इटली ने 1934 और 1938 के वर्ल्ड कप में जीत हासिल की थी.

    1998 से फ़्रांस की टीम चौथी बार वर्ल्ड कप फ़ाइनल में है. इनमें से दो बार उसने ख़िताब हासिल किया.

    अर्जेंटीना ने 1986 के बाद से वर्ल्ड कप नहीं जीता है. साल 2014 में अर्जेंटीना की टीम फ़ाइनल में पहुंची थी लेकिन ख़िताबी मुक़ाबले में उसे हार का सामना करना पड़ा था.

    मेसी बनाम एमबापे

    फ़ाइनल मुक़ाबले को अर्जेंटीना फ़ुटबॉल के सुपरस्टार लियोनेल मेसी और फ्रांस के मेगास्टार किलियन एमबापे की टक्कर के तौर पर भी देखा जा रहा है.

    मेसी और एमबापे दोनों ही गोल्डन बूट के दावेदार भी हैं. ये दोनों स्टार खिलाड़ी टूर्नामेंट में पांच-पांच गोल दाग चुके हैं.

    मेसी वर्ल्ड कप में 26वां मैच खेलने उतरेंगे और जर्मनी के लोथार मथैअस को पीछे छोड़ देंगे.

    वो सात बार 'बैलोन डि ओर' पुरस्कार जीत चुके हैं लेकिन उनके हाथ वर्ल्ड कप नहीं आया है.

    35 साल के मेसी एलान कर चुके हैं कि ये उनका आखिरी वर्ल्ड कप है.

    वहीं 23 साल के एमबापे वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे हैं.

    अर्जेंटीना के गोलकीपर एमिलियानो मार्तिनेज़ कहते हैं, "कई लोगों की नज़र में फ़्रांस फेवरिट है लेकिन हम मानते हैं कि दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी (मेसी) होने की वजह से हमारे पास एडवांटेज है."

    क्या कहते हैं कोच?

    फ्रांस ने 1998 में जब वर्ल्ड कप जीता था तब दिदिए देशाँ कप्तान थे. वो मौजूदा टीम के मैनेजर हैं.

    वो कहते हैं, "मैं जानता हूं कि दुनिया भर में कई लोग चाहते हैं कि मेसी वर्ल्ड कप जीतें लेकिन हम अपना लक्ष्य (वर्ल्ड कप) हासिल करने के लिए सबकुछ करेंगे."

    अर्जेंटीना के मैनेजर लियोनेल स्कैलोनी कहते हैं, " मेरे लिए ये भावुक करने वाला पल है क्योंकि हमारे खिलाड़ियों ने जी जान झोंक दी है. उम्मीद करते हैं कि हम ख़िताब जीतेंगे."

    वो आगे कहते हैं, "अगर ऐसा नहीं हुआ तो भी उन्हें खुद पर गर्व होना चाहिए. ये आनंद लेने का मौका है."

    जोश में फैन्स

    फ़ाइनल मुक़ाबले के लिए बड़ी संख्या में फैन्स लुसैल स्टेडियम पहुंचे हैं. मेसी और एमबापे का जोश बढ़ाने के लिए कई प्रशंसक जुटे हैं.

    इनके अलावा दुनिया भर में करोड़ों फैन्स टीवी के जरिए मैच देखने की तैयारी में हैं.

  2. भारत ने जीता पहला नेशंस कप, स्पेन को उसकी मांद में दी मात

  3. पीएम मोदी को भारत-चीन सीमा की स्थिति पर संसद में जवाब देना चाहिए: कांग्रेस

    कांग्रेस ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर संसद में चीन-भारत सीमा के हालात पर चर्चा से बचने के आरोप लगाए. कांग्रेस का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को इस विषय पर जवाब देना ही चाहिए.

    विपक्षी कांग्रेस पार्टी ने सरकार से कहा कि भारत-चीन सीमा की स्थिति पर देश सरकार से जवाब चाहता है. एक बयान में कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने पूछा कि दो सालों से दोनों देश पीछे हट रहे थे फिर ऐसा क्या हुआ कि चीन ने तवांग में भारत की चौकी पर क़ब्ज़ा करने की कोशिश की.

    रमेश ने कहा कि भारत ने साल 1986 में तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी के कार्यकाल में तवांग के येंग्तसी इलाके में सेना तैनात की थी और उसके बाद से ही ये इलाक़ा भारत के प्रभाव में है.

    रमेश ने सवाल किया कि चीन की एक और मोर्चा खोलने की हिम्मत कैसे हुई?

    विपक्षी दल ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चीन का नाम लेने से भी डरते हैं.

    जयराम रमेश ने सवाल किया कि क्या सरकार इसलिए ख़ामोश हैं क्योंकि वो चीन के बहुत क़रीब है.

    कुछ दिन पहले भारत और चीन के सैनिकों के बीच तवांग में झड़प हुई थी जिसमें कई भारतीय सैनिक घायल हुए हैं. भारत सरकार के मुताबिक इस झड़प में चीन के भी कई सैनिक घायल हुए हैं.

    जयराम रमेश ने कहा कि बीजेपी 1962 की बात करती है लेकिन ये 1967 को भूल जाती है जब भारत ने चीन को पराजित किया था. उन्होंने कहा कि ये भी इतिहास का हिस्सा है.

    दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी चीन के मुद्दे पर बीजेपी और केंद्र सरकार पर सवाल उठाए हैं.

  4. कराची टेस्टः इंग्लैंड 354 रन बनाकर आउट, अबरार-नौमान ने लिए 4-4 विकेट

    पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच तीन टेस्ट मैचों की सिरीज़ का अंतिम टेस्ट कराची में खेला जा रहा है.

    तीसरे दिन इंग्लैंड की पहली पारी 354 रन पर समाप्त हुई और उसने पाकिस्तान पर 50 रन की बढ़त ले ली.

    इसके बाद दिन का खेल खत्म होने तक पाकिस्तान की सलामी जोड़ी ने 21 रन बना लिए हैं. पाकिस्तान के दोनों ही सलामी बल्लेबाज़ अब्दुल्ला शरीफ़ और शान मसूद क्रीज़ पर हैं.

    पाकिस्तान की टीम ने पहली पारी में 304 रन बनाए थे.

    इंग्लैंड सिरीज़ के पहले दो टेस्ट मैच जीतकर पहले ही तीन टेस्ट की सिरीज़ अपने नाम कर चुका है.

    कराची टेस्ट में इंग्लैंड के लेग स्पिनर रेहान अहमद ने अपने करियर का आगाज़ किया.

    18 साल के रेहान इसके साथ ही इंग्लैंड के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलने वाले सबसे युवा गेंदबाज़ बन गए हैं.

  5. महाराष्ट्र: पालघर ज़िले में 16 साल की लड़की से गैंगरेप के मामले में आठ गिरफ़्तार

    महाराष्ट्र के पालघर ज़िले में एक 16 साल की लड़की के साथ गैंगरेप के आरोप में आठ लोगों को गिरफ़्तार किया गया है. ये घटना सतपती थाना क्षेत्र के एक बंद बंगले में हुई है.

    घटना के बाद पालघर में लोग ग़ुस्से में हैं. पुलिस ने सभी आठ अभियुक्तों को गिरफ़्तार कर लिया है. इन पर पोक्सो के तहत भी मामला दर्ज किया गया है. पीड़ित लड़की 16 दिसंबर को लापता हुई थी. 17 दिसंबर को उसके परिजनों ने गुमशुदी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी.

    परिजनों ने पुलिस को बताया कि जब बच्ची को फ़ोन किया गया तो वो कुछ नहीं बोली, बस रो रही थी. पुलिस ने शिकायत के कुछ देर बाद ही लड़की को पनेरी इलाक़े में ट्रेस कर लिया था.

    पीड़ित लड़की ने पुलिस को बताया है कि शुक्रवार 16 तारीख़ की मौजे माहिम बीच पर और 17 तारीख़ को एक बंद पड़े बंगले में आठ लोगों ने उसकी मर्ज़ी के ख़िलाफ़ संबंध बनाए. पुलिस के मुताबिक आठ अभियुक्तों में से एक लड़की को जानता था, उसने ही लड़की को बुलाया था.

    पुलिस का कहना है कि सभी गिरफ्तार अभियुक्तों को अदालत में पेश कर रिमांड की मांग की जाएगी.

  6. नॉर्थ-ईस्ट पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सीमा विवाद पर क्या बोले?

    पीएम मोदी ने आज मेघालय में कई विकास योजनाओं का उद्घाटन किया. वह पूर्वोत्तरीय परिषद की गोल्डन जुबली कार्यक्रम में पहुंचे थे.

    इस दौरान उन्होंने मेघालय में पूर्वोत्तर भारत में बीजेपी सरकार के विकास के प्रयासों पर बात की और पिछली सरकारों पर हमला बोला.

    पीएम मोदी ने फ़ीफ़ा विश्व कप का ज़िक्र करते हुए फ़ुटबॉल की भाषा में कहा, ''पिछले आठ वर्षों में उत्तर-पूर्व के विकास से जुड़ी अनेक रुकावटों को हमने रेड कार्ड दिखा दिया है. भ्रष्टाचार, भेदभाव, भाई-भतीजावाद, हिंसा, प्रोजेक्ट्स को लटकाना, भटकाना, वोट बैंक की राजनीति को बाहर करने के लिए हम ईमानदारी से प्रयास कर रहे हैं.''

  7. बिहार सरकार छपरा में ज़हरीली शराब से मरने वालों की संख्या छिपा रही है: केंद्रीय गृह राज्य मंत्री

    भारत सरकार में गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने दावा किया है कि छपरा में जहरीली शराब पीकर 72 से अधिक लोगों की मौत हुई है. उन्होंने ये भी दावा किया है कि बिहार सरकार मरने वाले लोगों की संख्या छुपा रही है.

    राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने इस सिलसिले में स्वतः संज्ञान लेते हुए बिहार सरकार को नोटिस जारी किया है. नित्यानंद राय ने इस नोटिस पर कहा कि राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग एक स्वायत्त संस्था है और उसे स्वतंत्र फ़ैसले लेने का पूरा अधिकार है.

    उजियारपुर से लोकसभा सांसद और बीजेपी नेता नित्यानंद राय ने कहा कि मैं नीतीश कुमार से आग्रह करूंगा कि आप व्यंग्य की भाषा छोड़कर दोषियों पर कार्रवाई कीजिए.

    इस बीच बिहार बीजेपी के नेता और राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने एक बार फिर ये दावा किया है कि छपरा ज़हरीली शराब कांड में 100 से अधिक लोगों की मौत हुई है.

    उन्होंने रविवार को पटना में कहा, "कल मैंने छपरा जाकर जहरीली शराब कांड से प्रभावित परिवारों से मुलाकात की. वहां मृतकों की संख्या 100 पार कर चुकी है. सरकार आंकड़ों को छुपा रही है. इसका एक बड़ा कारण है कि लोगों ने बिना पोस्टमॉर्टम कराए शवों को जला दिया..."

    नीतीश कुमार के बयान की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा, "अगर सरकार ने अस्पतालों में अच्छी व्यवस्था की होती तो काफी लोगों को बचा लिया जाता. अगर किसी व्यक्ति ने थोड़ी शराब पी ली तो उसे मरने दिया जाए, नीतीश जी ये आपकी नैतिकता नहीं हो सकती."

  8. झारखंड: आदिवासी महिला के शव के 18 टुकड़े बरामद, पति गिरफ़्तार, आनंद दत्त, रांची से, बीबीसी हिंदी के लिए

    झारखंड के साहेबगंज ज़िले में रबिता पहाड़िन नाम की महिला की हत्या का मामला सामने आया है. हत्या के बाद शव के कई टुकड़े कर दिए गए हैं.

    पुलिस के मुताबिक़, अभी तक लगभग 18 टुकड़े बरामद किए गए हैं. रबिता की शादी एक महीने पहले मुस्लिम युवक दिलदार अंसारी से हुई थी. दोनों ने घर से भागकर शादी की थी.

    दिलदार की ये दूसरी शादी थी, पहली पत्नी भी दिलदार के घर में ही रहती थीं. रबिता आदिम जनजाति पहाड़िया समुदाय की बताई जा रही है. मामले में दिलदार से परिजनों को पुलिस ने हिरासत में लिया है. पूछताछ चल रही है.

    डीआईजी सुदर्शन मंडल ने बताया कि हत्या 16 दिसंबर की रात को की गई है. पहली नजर में पति दिलदार की संलिप्तता नजर आ रही है. हालांकि कुछ दिन पहले इसने पत्नी के गायब होने का सनहा (शिकायत) बोरियो थाने में दर्ज कराया था.

    फिलहाल दिलदार के परिजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ चल रही है. उन्होंने कहा कि रबिता की हत्या साजिश के तहत की गई है. हत्या कर शव के टुकड़े को पास के आंगनबाड़ी केंद्र में फेंक दिया गया था.

    पुलिस के मुताबिक दिलदार की यह दूसरी शादी थी. जिसकी वजह से उसके परिवार में कलह हो रहा था. शादी एक महीना पहले होने की बात मृतका के पति ने बताया है. उसने यह भी बताया है कि शादी से दो साल पहले भी वह साथ रहा करते थे.

    "आशंका है कि इसी कलह के कारण रबिता की हत्या की गई है. फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है. अनुसंधान जारी है."

    स्थानीय पत्रकारों के मुताबिक रबिता की सास मरियम खातून, पति दिलदार सहित कुल सात लोगों को हिरासत में लिया गया है.

  9. बिहार में ज़हरीली शराब पीकर मरने वाले लोगों के लिए मुआवज़े पर तकरार जारी

    बिहार में ज़हरीली शराब पीकर मरने वाले लोगों के परिजनों को मुआवज़ा दिए जाने की मांग को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है. विपक्षी दल भाजपा ने मारे गए लोगों के परिजनों की मदद के लिए मुआवज़े की मांग की है.

    मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पहले ही कह चुके हैं कि शराबबंदी में शराब पीकर मारे गए लोगों के परिजनों को मुआवज़ा नहीं दिया जाएगा. अब जनता दल यूनाइटेड के संसदीय बोर्ड के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने कहा है कि सरकार उन लोगों का साथ नहीं देगी जो ग़ैरक़ानूनी गतिविधियों में लिप्त हैं.

    जब पत्रकारों ने उनसे मुआवज़े से जुड़ा सवाल किया तो उन्होंने कहा, "अगर कोई अवैध रूप से बम बना रहा है और ऐसा करते हुए मारा जाए तो क्या इसमें सरकार के मुआवज़ा देने का कोई मामला बनता है?"

    बिहार में नीतीश कुमार सरकार ने अप्रैल, 2016 में शराबबंदी लागू की थी. इस सप्ताह सारण ज़िले में ज़हरीली शराब पीने से कम से कम 30 लोग मारे गए हैं. हालांकि कई मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया है कि मरने वालों की तादाद पचास से भी ज़्यादा हो सकती है.

    कुशवाहा ने कहा, "विपक्षी दल को तर्कहीन मांगने नहीं करनी चाहिए. बीजेपी ग़ैर ज़िम्मेदार व्यवहार कर रही है."

    बिहार में विपक्षी दल बीजेपी ज़हरीली शराब पीकर मारे गए लोगों के परिजनों को मुआवज़ा देने की मांग करते हुए विधानसभा में हंगामा कर रही है. बीजेपी ने कई शहरों में प्रदर्शन भी किए हैं.

    विपक्षी नेता सुशील मोदी ने कहा है कि शराबबंदी क़ानून में ज़हरीली शराब पीकर मारे गए लोगों के लिए मुआवज़े का प्रावधान भी है. उन्होंने कहा कि जो लोग मारे गए हैं उनके परिजनों को चार लाख रुपए और गंभीर रूप से बीमार लोगों को चालीस हज़ार रुपये की मदद दी जानी चाहिए.

    सुशील मोदी ने आरोप लगाया है कि मारे गए लोगों की तादाद सौ से भी अधिक हो सकती है और सरकार संख्या छुपा रही है. सुशील मोदी ने कहा कि प्रशासन लोगों पर बिना पोस्टमार्टम के अंतिम संस्कार कराने का दबाव बना रहा है.

  10. पाकिस्तानः ख़ैबर पख़्तूनख़्वाह में पुलिस थाने पर हमला, चार पुलिसकर्मियों की मौत

    पाकिस्तान के ख़ैबर पख़्तूनख़्वाह प्रांत के लक्की मारवात ज़िले में एक पुलिस स्टेशन पर हुए हमले में चार पुलिसकर्मी मारे गए हैं.

    रविवार सुबह हमलावरों ने बुर्गी थाने को निशाना बनाया. पुलिस के मुताबिक इस हमले में चार पुलिसकर्मी घायल भी हुए हैं.

    रिपोर्टों के मुताबिक हमले के समय थाने में क़रीब 60 पुलिसकर्मी मौजूद थे. पुलिस के मुताबिक हमलावरों ने हथगोले और रॉकेट लॉन्चरों का इस्तेमाल किया.

    पुलिस का कहना है कि पुलिसकर्मियों और हमलावरों के बीच भीषण गोलीबारी भी हुई और हमलावर अंधेरे का फ़ायदा उठाकर भागने में कामयाब रहे.

    ख़ैबर पख़्तूनख़्वाह पुलिस के मुताबिक हमले के बाद इलाक़े में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है. मौके पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों भी भेजा गया है.

  11. महाराष्ट्र: धर्म परिवर्तन को लेकर क्या हो रही है बिल लाने की तैयारी

    महाराष्ट्र सरकार ने एक सर्कुलर जारी किया है. इसके मुताबिक जिन लड़कियों ने दूसरे धर्म में विवाह किए हैं उनके परिवारों से संपर्क किया जाएगा.

    राज्य सरकार के महिला और बाल विकास विभाग के मंत्री मगंल प्रभात लोढा ने इसे लेकर 13 सदस्यीय समिति का गठन किया है.

    हालांकि इससे पहले एक सर्कुलर जारी कर अंतरजातीय विवाह को भी इसमें शामिल किया था लेकिन बाद में उसे केवल दूसरे धर्म में विवाह तक सीमित कर दिया गया.

    राज्य सरकार के इस फ़ैसले के बाद जहां विपक्ष ने सरकार पर 'नफ़रत की राजनीति' करने का आरोप लगाते हुए निशाना साधा है, वहीं विश्लेषकों का कहना है कि सरकार की नज़र अगामी नगर निगम चुनाव पर है और वो 'एक विचारधारा' को फ़ैलाने की कोशिश कर रही है.

  12. चीनी जहाजों का एक समूह ओकिनावा के दो द्वीपों के बीच से होकर गुजरा: जापान

    जापान के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि चीनी जहाजों का एक समूह उसके ओकिनावा प्रांत के दो द्वीपों के बीच से होकर गुजरा है. जापान के सरकारी मीडिया एनएचके वर्ल्ड के मुताबिक़ ये घटना 16 दिसंबर को हुई थी.

    जापान का कहना है कि चीनी जहाजों के समूह में विमानवाहक पोत भी शामिल था. जापान के मैरिटाइम सेल्फ़ डिफ़ेंस फ़ोर्स ने 17 दिसंबर को इस बात की पुष्टि की है कि विमानवाहक पोत लायनिंग अपने साथ कुछ जहाजों को लेकर ईस्ट चाइना सी से ओकिनावा के मुख्य द्वीप और मियाकोजिमा द्वीप के बीच से होकर प्रशांत महासागर गया है.

    एनएचके वर्ल्ड का कहना है कि मई के बाद से कोई चीनी विमानवाहक पोत पहली बार इस रास्ते से होकर गुजरा है. हालांकि जापान के रक्षा मंत्रालय ने ये भी कहा है कि चीनी जहाज उसके टेरिटोरियल जल क्षेत्र में दाखिल नहीं हुए थे लेकिन क़रीबी निगरानी के जरिए वो चीनी जहाजों के आने के मक़सद की पड़ताल कर रहे हैं.

    चीन के सरकारी मीडिया ग्लोबल टाइम्स ने कहा है कि वेस्ट पैसिफिक जाने के क्रम में चीनी विमानवाहक पोत रूटीन अभ्यास के लिए उस रास्ते से गुजरा था. इस बीच जापान के चीनी दूतावास ने 16 दिसंबर को जापान के उन रक्षा दस्तावेजों की आलोचना की है जिनमें चीन को एक 'अभूतपूर्व रणनीतिक चुनौती' कहा गया है.

  13. अमेरिकी ख़ुफ़िया एजेंसी के चीफ़ ने पीएम मोदी की तारीफ़ क्यों की?

    अमेरिकी खुफ़िया एजेंसी सीआईए के चीफ विलियम बर्न्स ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की परमाणु हथियारों के इस्तेमाल को लेकर जताई गई चिंता का ज़िक्र किया है.

    उन्होंने कहा कि दोनों की परमाणु हथियारों के इस्तेमाल की इस चिंता का असर रूस पर पड़ा है.

    बर्न्स ने अमेरिकी टीवी चैनलपीबीएसको दिए एक इंटरव्यू में परमाणु हथियारों को लेकर मोदी और जिनपिंग के इस रुख़ की चर्चा की है.

    दरअसल अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइ़डन ने रूस-यूक्रेन युद्ध के बढ़ते खतरों का ज़िक्र करते हुए कहा था कि पिछले 60 साल के दौरान परमाणु युद्ध का ख़तरा अपने चरम पर है. इसके बाद से ये कयास लगाए जाने लगे थे कि रूस यूक्रेन में परमाणु हथियारों का इस्तेमाल कर सकता है.

  14. मोदी सरकार की क्या मज़बूरी है कि वो चीन से व्यापार बढ़ाती जा रही है? - अरविंद केजरीवाल

    अरुणाचल प्रदेश के तवांग क्षेत्र में भारत और चीन के सैनिकों के बीच हुई झड़प के बाद आम आदमी पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है.

    केजरीवाल ने कहा है कि सरकार को साहस दिखाना चाहिए और भारत के सैनिकों का सम्मान करते हुए चीन से सामान के आयात पर रोक लगानी चाहिए.

    पार्टी की राष्ट्रीय परिषद की बैठक को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा कि "सीमा पर चीन की आक्रामकता बढ़ रही है लेकिन बीजेपी की केंद्र सरकार का कहना है कि सबकुछ ठीक है."

    केजरीवाल ने कहा, "चीन को दंडित करने के बजाए मोदी सरकार चीन से आयात बढ़ाकर उसे तोहफ़ा दे रही है, वहीं दूसरी तरफ़ भारत के सैनिक चीन के सैनिकों से लड़ते हुए अपनी जान की बाजी लगा रहे हैं."

    केजरीवाल ने कहा, "पिछले कुछ सालों से चीन हमें आंखें दिखा रहा है, जब-कब छोटे बड़े हमले कर देता है, हमारे देश के जवान बॉर्डर पर चीन का डटकर मुकाबला कर रहे हैं, अपनी जान तक दे रहे हैं, कई जवानों ने अपनी जान दे दी, सुनने में आता है कि चीन इतने किलोमीटर अंदर घुस गया. सरकार कहती है कि सब ठीक है, सोशल मीडिया में आता है कि सब ठीक नहीं है."

    केजरीवाल ने कहा कि भारत सरकार को चीन को दम दिखाना चाहिए और उसका मुक़ाबला करना चाहिए.

    केजरीवाल ने कहा, "एक तरफ़ सैनिक अपनी जान तक दे रहे हैं, दूसरी तरफ़ हम चीन को इसका इनाम देते जा रहे हैं. भारतीय जनता पार्टी की सरकार उन्हें सज़ा देने के बजाए, उनसे और अधिक सामान हम ख़रीद रहे हैं. 2021 में भारत ने 65 बिलियन डॉलर का सामान चीन से ख़रीदा, चीन ने और आंख दिखाई, इसके अगले साल भाजपा सरकार ने 95 बिलियन डॉलर का सामान ख़रीदा. भारत को उन्हें सज़ा देनी चाहिए थी, लेकिन क्या मजबूरी है कि केंद्र सरकार चीन से और अधिक माल ख़रीद रही है? एक तरफ़ बॉर्डर पर हमारे सैनिक जान दे रहे हैं और दूसरी तरफ़ ये चीन को इनाम दे रहे हैं."

    केजरीवाल ने कहा कि चीन से भारत आयातित होने वाला अधिकतर सामान ऐसा हो जो आसानी से भारत में ही बन सकता है.

    उन्होंने कहा, "चीन से चप्पलें, कपड़े, खिलौने मंगाए जा रहे हैं, क्या ये सामान भारत नहीं बना सकता. वहां से चश्मे आ रहे हैं, क्या ये भारत में नहीं बन सकता. इन लोगों की कुछ तो मजबूरी है कि भारत को इन्होंने चीन के सामने ऐसे कर दिया है. ये तर्क देते हैं कि चीन से माल सस्ता आता है, भारत को नहीं चाहिए सस्ता माल, अपने देश में बना महंगा माल ख़रीद लेंगे. भारत के लोग राष्ट्रभक्त हैं वो दोगुनी क़ीमत पर भी अपने देश का सामान खरीद सकते हैं."

    केजरीवाल ने चीन के सामान के बहिष्कार की अपील भी की.

    उन्होंने कहा, "मैं लोगों से अपील करता हूं कि चीन का सामान ख़रीदना बंद करें, मैं सरकार से और भाजपा से अपील करता हूं कि थोड़ा सा दम दिखाएं, चीन के सामान का आयात बंद करें.भाजपा ने जिस तरह से चीन के सामने सिर झुकाया है, उसे ऐसा नहीं करना चाहिए. जिस दिन हमने चीन को आंख दिखानी शुरू कर दी और आयात करना बंद कर दिया, चीन को अपनी औकात पता चल जाएगी."

  15. भारत-पाकिस्तान के बीच आरोप-प्रत्यारोप, लेकिन फ़ायदा किसे?

    "जब भारत में किसी विषय से जनता की तवज्जो कोशिश के बावजूद हटाना मुश्किल हो रहा हो, या फिर चुनाव अभियान फीका चल रहा हो तो फिर पाकिस्तान बलि का मसालेदार बकरा बन जाता है और जब पाकिस्तान में मामले सरकार के काबू में ना आ रहे हों तो फिर भारत को आड़े हाथों लेकर, असल मुद्दे को इस गर्म कंबल के नीचे छिपाने की कोशिश की जाती है."

    "इंडिया पाकिस्तान के संबंध दुश्मनी से ज़्यादा एक लाभदायक उद्योग हैं. आरोप और फिर उससे कड़े आरोप, दरअसल... इस उद्योग के शेयर्स की क़ीमत बढ़ाने का हथियार हैं."

    भारत-पाकिस्तान रिश्ते के एक और पहलू पर वरिष्ठ पत्रकार वुसअतुल्लाह ख़ान का व्लॉग.

  16. पीएम मोदी ने मेघालय में कहा- पिछली सरकारों की सोच डिवाइड की थी, हमारा इरादा डिवाइन का है

    पीएम मोदी ने आज मेघालय में कई विकास योजनाओं का उद्घाटन किया. वह पूर्वोत्तरीय परिषद की गोल्डन जुबली कार्यक्रम में पहुंचे थे.

    इस दौरान उन्होंने मेघालय में पूर्वोत्तर भारत में बीजेपी सरकार के विकास के प्रयासों पर बात की और पिछली सरकारों पर हमला बोला.

    पीएम मोदी ने फ़ीफ़ा विश्व कप का ज़िक्र करते हुए फ़ुटबॉल की भाषा में कहा, ''पिछले आठ वर्षों में उत्तर-पूर्व के विकास से जुड़ी अनेक रुकावटों को हमने रेड कार्ड दिखा दिया है. भ्रष्टाचार, भेदभाव, भाई-भतीजावाद, हिंसा, प्रोजेक्ट्स को लटकाना, भटकाना, वोट बैंक की राजनीति को बाहर करने के लिए हम ईमानदारी से प्रयास कर रहे हैं.''

    ''खेलों को लेकर केंद्र सरकार आज एक नई अप्रोच के साथ आगे बढ़ रही है. इसका लाभ पूर्वोत्तर भारत को हुआ है, पूर्वोत्तर के युवाओं को हुआ है. देश की पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी पूर्वोत्तर में है.''

    उन्होंने पिछली सरकारों को निशाने पर लेते हुए कहा, ''लंबे समय तक जिन दलों की सरकारें रहीं, उनकी पूर्वोत्तर भारत के लिए डिवाइड (विभाजन) की सोच थी और हम डिवाइन (दिव्यता) का इरादा लेकर आए हैं. अलग-अलग समुदाय हो या फिर अलग-अलग क्षेत्र, हम हर प्रकार के विभाजन को दूर कर रहे हैं.''

    ''लंबे समय तक देश में ये सोच रही है कि सीमांत इलाक़ो में विकास होगा, कनेक्टटिविटी बढ़ेगी तो दुश्मन को फायदा होगा. पहले की सरकार इसी सोच के कारण पूर्वोत्तर भारत समेत देश के सभी सीमावर्ती क्षेत्रों में कनेक्टिविटी बेहतर नहीं हो पाई''

    उन्होंने कहा कि आज डंके की चोट पर सीमा पर नई सड़कें, नए टनल, नए पुल, नई रेल लाइन, नए एयर स्ट्रिप बनाने का काम तेज़ी से चल रहा है. जो सीमावर्ती गांव कभी वीरान हुआ करते थे, हम उन्हें वाइब्रेंट बनाने में जुटे हैं.

    पीएम मोदी ने फ़ुटबॉल पर बात करते हुए कहा, ''ये इत्तेफाक है कि जब फ़ुटबॉल विश्व कप का फ़ाइनल चल रहा है तो मैं फ़ुटबॉल मैदान में फ़ुटबॉल के फैंस को संबोधित कर रहा हूं.''

    ''आज भले ही हमारी नज़र क़तर में चल रहे खेल पर है, मैदान में विदेशी टीमें हैं, उन पर है लेकिन मुझे मेरे देश की युवा शक्ति पर भरोसा है. इसलिए विश्वास से कह सकता हूं कि वो दिन दूर नहीं जब हम भारत में ऐसा ही उत्सव मनाएंगे और तिरंगे के लिए चीयर करेंगे.''

    पीएम मोदी ने मेघालय में 2450 करोड़ की कई परियोजनाओं का उद्घाटन किया. इसमें 4जी टावर बनाना, आईआईएम शिलॉन्ग का नया कैंपस और मेघालय, टेक्नोलॉजी पार्क फेज़-2 मणिपुर और अरुणाचल प्रदेश में सड़क परियोजनाएं शामिल थीं.

  17. एस जयशंकर और पाकिस्तानी पत्रकार के बीच हुई बातचीत क्यों हो रही है वायरल?

    भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर और पाकिस्तान के एक पत्रकार के बीच सवाल-जवाब का एक वीडियो वायरल हो रहा है.

    पाकिस्तान के पत्रकार ने आतंकवाद के मुद्दे पर जयशंकर के सामने एक सवाल दाग़ा और जयशंकर ने उसका जो जवाब दिया, वो सुनने लायक है.

    इससे इतर भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने गुरुवार को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की एक अहम बैठक में कहा है कि दुनिया पाकिस्तान को आतंकवाद के केंद्र के रूप में देखती है.

    पाकिस्तान की विदेश राज्य मंत्री हिना रब्बानी खार ने बीते बुधवार इस्लामाबाद में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि दुनिया भर में किसी देश ने भारत से बेहतर आतंकवाद का इस्तेमाल नहीं किया है.

    इसी बयान पर पलटवार करते हुए एस जयशंकर ने कहा कि ''मुझे पता है कि हम बीते ढाई साल कोविड से जूझे हैं. इसकी वजह से हम में से ज़्यादातर लोग ब्रेन फ़ॉग से जूझ रहे हैं."

  18. ब्रेकिंग न्यूज़, आईएनएस मोरमुगाओ: स्वदेश में निर्मित मिसाइल विध्वंसक युद्धपोत नौसेना को सुपुर्द

    स्वदेश में निर्मित मिसाइल विध्वंसक युद्धपोत आईएनएस मोरमुगाओ रविवार को मुंबई में भारतीय नौसेना को सुपुर्द कर दिया गया.

    आईएनएस मोरमुगाओ के कमीशनिंग समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, "आईएनएस मोरमुगाओ भारत में निर्मित सबसे शक्तिशाली युद्धपोत में से एक है. ये भारत की समुद्री क्षमता में बढ़ोतरी करेगा."

    "माझगाव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड द्वारा तैयार ये युद्धपोत हमारी स्वदेशी रक्षा उत्पादन क्षमता का बड़ा उदाहरण प्रस्तुत करती है. इसमें कोई संदेह नहीं रह जाता है, कि आने वाले समय में हम न केवल अपनी जरूरतों के लिए, बल्कि दुनिया भर की जरूरतों के लिए भी जहाज निर्माण करेंगे.

    समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, हिंद महासागर में चीन की बढ़ती मौजूदगी को देखते हुए इससे भारत की सामुद्रिक क्षमता का विस्तार होगा.

    भारतीय नौसेना के मुताबिक़, इस युद्धपोत में कई तरह के आधुनिक सेंसर लगे हैं, ये मॉर्डन रडार से लैस है और साथ ही इसमें ज़मीन से ज़मीन और ज़मीन से हवा में मार कर सकने वाला मिसाइल सिस्टम भी लगा हुआ है.

    ये 163 मीटर लंबा है और इसकी चौड़ाई 17 मीटर है. 7400 टन की विस्थापन क्षमता के साथ ये भारत में बने सबसे शक्तिशाली युद्धपोत में शामिल हो गया है.

  19. ईरान प्रदर्शन: ये लड़की अपने देश से दूर रहते हुए भी आंदोलन का हिस्सा है

    ईरान में चल रहे महिलाओं के विरोध प्रदर्शनों की आग अब दूसरे देशों तक फैलने लगी है.

    अफ़ग़ानिस्तान और इराक़ी कुर्दिस्तान की महिलाएं भी इन प्रदर्शनों से प्रेरित हो रही हैं.

    सेरिना ने तीन साल पहले ईरान छोड़ दिया था. उनका परिवार और दोस्त अभी भी वहां मौजूद हैं.

    सेरिना अपने काम से इस आंदोलन में हिस्सा ले रही हैं.

  20. सालाह हामौरी: इसराइल ने फलस्तीनी मूल के मानवाधिकार कार्यकर्ता को डिपोर्ट किया

    इसराइल ने फलस्तीनी मूल के फ्रांसीसी वकील और मानवाधिकार कार्यकर्ता सालाह हामौरी को वापस फ्रांस भेज दिया है.

    उन पर कोई अभियोग नहीं लगाया गया था और वे मार्च से ही इसराइल की हिरासत में थे. सालाह हामौरी को रविवार सुबह फ्रांस की फ़्लाइट में बिठा दिया गया था.

    उनके समर्थकों का कहना है कि उन्हें कोई क़ानूनी मदद नहीं मुहैया कराई गई थी. सालाह हामौरी पूर्वी यरूशलम के रहने वाले थे लेकिन इसराइल ने उनके वहां रहने का हक़ ख़त्म कर दिया था.

    इसराइल उन पर सुरक्षा से जुड़े अपराध में शामिल होने का आरोप लगाता है. इसराइल का कहना है कि सालाह के संबंध पॉपुलर फ्रंट फॉर द लिबरेशन ऑफ फलस्तीन से हैं. सालाह हामौरी इन आरोपों से इनकार करते हैं.

    उनके समर्थकों ने इस डिपोर्टेशन को एक युद्ध अपराध कहा है क्योंकि जिनेवा कन्वेंशन के तहत क़ब्ज़ा किए गए क्षेत्र से किसी को डिपोर्ट करने पर रोक है.