You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

बिहार: ज़हरीली शराब से मरने वालों की संख्या बढ़कर 36 हुई

बिहार के सारण में ज़हरीली शराब से मरने वालों की संख्या बढ़कर 36 हो गई है.

लाइव कवरेज

अनंत प्रकाश and शुभम किशोर

  1. चीन में बढ़ते कोरोना संक्रमण की वजह से अस्पतालों पर बढ़ता बोझ

    चीन में ज़ीरो कोविड पॉलिसी लगभग ख़त्म हो गई है, लेकिन कोरोना संक्रमण एक बार फिर तेज़ी से बढ़ रहा है और अस्पतालों पर दबाव भी बढ़ता जा रहा है.

    हालात इतने ख़राब हो गए हैं कि वायरस के संपर्क में आए डॉक्टरों और नर्सों से भी कहा जा रहा है कि वो काम पर आना जारी रखें क्योंकि मेडिकल स्टाफ़ की कमी है.

  2. रूस से सस्ता तेल लेने की कोशिश नहीं कर रहा है पाकिस्तान: बिलावल भुट्टो

    पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो ने कहा है कि पाकिस्तान रूस से सस्ती ऊर्जा हासिल करने की कोशिश नहीं कर रहा है.

    बिलावल भुट्टो से अमेरिकी समाचार एजेंसी पीबीएस द्वारा एक साक्षात्कार में पूछा गया था कि पाकिस्तान ने हाल ही में घोषणा की है कि वह रूस से सस्ता तेल खरीदने की कोशिश कर रहा है और पाकिस्तान और चीन के बीच संबंध भी मजबूत हुए हैं तो क्या पाकिस्तान अमेरिका का सहयोगी होते हुए उसके राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों के साथ व्यापार कर सकता है?

    बिलावल भुट्टो ने इस सवाल के जवाब में कहा कि पाकिस्तान और चीन के संबंध ऐतिहासिक हैं और दोनों देशों के आपसी संबंधों में आर्थिक साझेदारी का अहम पहलू है. बिलावल भुट्टो ने ये भी कहा कि पाकिस्तान और अमेरिका के रिश्ते भी काफी पुराने हैं.

    उन्होंने कहा कि इसलिए संभव है कि पाकिस्तान के चीन और अमेरिका दोनों के साथ अच्छे संबंध हों। हालांकि, बिलावल भुट्टो ने कहा कि पाकिस्तान को सस्ती ऊर्जा के मामले में रूस से कुछ नहीं मिल रहा है और वह इसके लिए कोशिश भी नहीं कर रहा है.

    बिलावल भुट्टो ने कहा कि पाकिस्तान एक कठिन आर्थिक स्थिति और मुद्रास्फीति का सामना कर रहा है जिसमें ऊर्जा क्षेत्र भी असुरक्षित है और इस जरूरत को पूरा करने के लिए विभिन्न तरीकों पर विचार किया जा रहा है.

    बिलावल भुट्टो ने कहा कि पाकिस्तान को रूस से मिलने वाली किसी भी तरह की ऊर्जा को इस्तेमाल करने लायक बनाने के लिए समय चाहिए होगा.

  3. आधा दर्जन सर्जरी करवा चुकी पाकिस्तान की ऐमन ने 'क्लबफ़ुट' को अपने मज़बूत इरादे से पछाड़ा

    एक ऐसी लड़की जिसकी बहुत कम उम्र में ही 6 सर्जरी हो चुकी हो, जो ठीक से चल भी ना पाती हो और जिस पर शुरुआती इलाज भी बेअसर साबित हुए हों.

    उसने कैसे अपने हौसले से डर पर जीत हासिल की. देखिए क्लबफ़ुट की बीमारी से जूझ रही पाकिस्तान की ऐमन आरिफ़ की कहानी नाज़िश फ़ैज़ की इस रिपोर्ट में.

  4. गांबिया में बच्चों की मौत के लिए जिम्मेदार बताए गए कफ सीरप का भारत सरकार ने किया बचाव

    भारत सरकार ने कहा है कि गांबिया में जिन चार ब्रैंड्स के कफ़ सीरप पीने की वजह से बच्चों की मौत हुई थीं, उन्हें भारत में परीक्षण के दौरान सुरक्षित पाया गया है.

    विश्व स्वास्थ्य संगठन ने अक्तूबर में कहा था कि मेडन फ़ार्मास्युटिकल्स की ओर से बनाए गए चार ब्रैंड्स के कफ सीरप का 66 बच्चों की मौत से संबंध हो सकता है.

    लेकिन भारतीय ड्रग कंट्रोलर ने एक पत्र में कहा है कि विश्व स्वास्थ्य संगठन ने इस बारे में कोई सबूत पेश नहीं किया है. भारत अफ़्रीका में जेनरिक दवाओं की आपूर्ति करने वाला बड़ा सप्लायर है.

    भारत के ड्रग कंट्रोलर जनरल डॉ वीजी सोमानी ने 13 दिसंबर को विश्व स्वास्थ्य संगठन में नियमन से जुड़ी ज़िम्मेदारियां संभालने वाले रोजेरियो गास्पर को इस बारे में पत्र लिखा है. भारत के स्वास्थ्य विभाग ने ये पत्र पत्रकारों के साथ साझा किया है.

    विश्व स्वास्थ्य संगठन ने बताया था कि उसने इन सीरप के सैंपलों की जांच की थी जिसमें उसने डायथेलीन ग्लाइकोल और एथेलीन ग्लाइकोल की अस्वीकार्य मात्रा पाई गई थी.

    उसने डायथेलीन ग्लाइकोल और एथेलीन ग्लाइकोल इंसानों के लिए ज़हरीले पदार्थ हैं जिनका सेवन जानलेवा हो सकता है.

  5. तहज़ीब हाफ़ीः पाकिस्तान के मशहूर शायर का इंटरव्यू

    मौजूदा दौर के उर्दू शायरों ने मुशायरों की परंपरा से इंटरनेट सेलेब्रिटी बनने तक सफ़र देखा है. वो किसी एक देश तक महदूद नहीं हैं, बल्कि उनकी शोहरत दुनिया तक पहुंच रही है और इसमें सोशल मीडिया का किरदार अहम साबित हो रहा है.

    छोटे-छोटे वीडियो रील बनकर इन शायरों को घर-घर तक पहुंचा रहे हैं. ऐसे ही एक शायर हैं पाकिस्तान के तहज़ीब हाफ़ी, जो भारत और दूसरे देशों में भी बेहद पसंद किए जा रहे हैं.

    इस ख़ास इंटरव्यू में तहज़ीब हाफ़ी ने अपने सफ़र, अपनी शायरी, दूसरों की शायरी, भारत और भारतीयों के बीच उनकी शोहरत और मोहब्बत से लेकर शादी तक, तमाम मुद्दों पर अपनी बात रखी... पाकिस्तान के लाहौर शहर में उनसे ये ख़ास बातचीत की बीबीसी संवाददाता अली काज़मी ने.

  6. बिहार विधानसभा में नीतीश कुमार बोले- अगर शराब के पक्ष में कोई बोल रहा है तो...

    बिहार के छपरा ज़िले में ज़हरीली शराब से पीकर मरने वालों पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिहार विधान सभा में शुक्रवार को फिर बयान दिया है.

    मुआवजे के सवाल पर नीतीश कुमार ने कहा, "मत पियो... मरोगे... इसका तो हम और ज़्यादा प्रचार करते हैं. दारू पीकर मर जाएगा तो उसको हम लोग कम्पनशेशन देंगे? सवाल ही नहीं पैदा होता है, ये कभी मत सोचिए."

    "अगर यही करना है तो सब मिलकर तय कर लीजिए खूब कहिए कि शराब पियो. ये सब बात ठीक नहीं है. पिएगा, गड़बड़ पिएगा तो मरेगा. इसलिए इस बात का ध्यान रखिए."

    विपक्ष को संबोधित करते हुए नीतीश कुमार ने कहा, "हम इसका आग्रह करेंगे. ये कैसे होगा. कम्युनिस्ट पार्टी भी आख़िर इसके पक्ष में है, शराब के सख़्त ख़िलाफ़ है. इसलिए ई सब चीज़ का ध्यान रखिए. आप लोग तो मान लीजिए कि नए हैं, हम लोग का रिश्ता आज का नहीं है, बहुत पुराना रिश्ता है."

    "हम लोग सोशलिस्ट हैं, कम्युनिस्ट हैं. सबका रिश्ता कितना है. हम आपको ऐसे ही बता दिए कि जब हम पार्लियामेंट का चुनाव लड़ते थे तो पार्टियां साथ नहीं थीं लेकिन सीपीआई-सीपीएम के लोग हमारी मदद करते थे. इतना ज़्यादा हमारा संबंध है, ई आज का है जी..."

    अन्य राज्यों में ज़हरीली शराब के मरने वालों के आंकड़ों का जिक्र करते हुए नीतीश कुमार ने कहा, "जरा बताइए कि बिहार में ज़हरीली शराब से पीने वालों की संख्या जब शराबबंदी लागू नहीं था तब भी... आज भी उसकी संख्या कम है. दूसरी जगह खूब ज़हरीली शराब जहां शराबबंदी लागू नहीं है, वहां भी लोग ज़हरीली शराब पीकर मर रहे हैं."

    "टॉप पर है मध्य प्रदेश. कहां नहीं है... यूपी. सब जगह का देख लीजिए हिसाब-किताब. बात ये है कि ज़हरीली शराब पीकर लोग मर गए. हम लोग तो इस बात का खूब प्रचार कर रहे हैं कि पियोगे, मरोगे... अब इसी बात को दूसरे रूप में बताया जा रहा है

    "जब लोग इस तरह से मरते हैं, तो दूसरी जगहों के बारे में क्यों नहीं छापे जाते हैं. अब तो हम आपको बता रहे हैं कि अब तो हम एक बार फिर हर जगह जाकर कहेंगे कि अगर शराब के पक्ष में कोई बोल रहा है तो आप याद रखिए कि ये कभी आपके हित में नहीं जाएगा. उल्टा काम है."

    गुजरात के मोरबी में हुई पुल दुर्घटना का जिक्र करते हुए नीतीश कुमार ने कहा, "कोई विकास काम हो रहा है. जिस राज्य में पुल गिर गया, कितनी बड़ी संख्या में लोग मरे. गुजरात में हुआ था. बस एक दिन अख़बार में छपा. बंगाल में घटना घटी तो कि कितने दिनों तक बात चलती रही. गंदगी होगी तो दूसरा जगह नहीं छपेगा."

  7. चीन और सऊदी अरब की बढ़ती क़रीबी के मायने

    चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की सऊदी अरब की तीन दिन की यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच कई सामरिक समझौतों पर दस्तख़त हुए हैं, जिनमें चीन की बड़ी टैक कंपनी ख़्वावे भी शामिल है.

    शी जिनपिंग और क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान की मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने निवेश के 34 समझौतों का एलान किया. जिसमें हाइड्रोजन एनर्जी से हाउसिंग तक काफी कुछ शामिल है. चीन, सऊदी अरब का सबसे बड़ा ट्रेडिंग पार्टनर है.

    पिछले साल दोनों देशों के बीच सतासी अरब डॉलर्स से ज़्यादा का व्यापार हुआ. शी जिनपिंग ने आज राजधानी रियाद में गल्फ़ और अन्य अरब नेताओं से भी मुलाकात की है. इस घटनाक्रम से अमेरिका की फ़िक्र बढ़ गई है और अमेरिका समझना चाहता है कि मिडिल ईस्ट में चीन आख़िर करना क्या चाहता है.

    अमेरिका का कहना है चीन के बढ़ते असर की वजह से इलाके में स्थिरता के लिए ख़तरा बढ़ रहा है. इस समझौतों के बारे में मिडिल ईस्ट एंड नॉर्थ अफ्रीका, यूरेशिया ग्रुप के प्रमुख अयहम कामेल का ये कहना है.

  8. ट्विटर ने किन पत्रकारों के एकाउंट्स सस्पेंड किए और क्यों

    ट्विटर ने गुरुवार शाम अमेरिकी टेक व्यवसायी एलन मस्क को कवर करने वाले कई प्रतिष्ठित पत्रकारों के एकाउंट सस्पेंड कर दिए हैं. इनमें द न्यू यॉर्क टाइम्स, सीएनएन और वॉशिंगटन पोस्ट जैसे संस्थानों से जुड़े पत्रकार शामिल हैं.

    ट्विटर प्रवक्ता ने टेक वेबसाइट द वर्ज़ से बातचीत में कहा है कि ये प्रतिबंध लोकेशन से जुड़ी जानकारी को लाइव शेयर करने से जुड़ा है. ट्विटर ने ये कदम एलन मस्क के उस एलान के बाद उठाया है जिसमें उन्होंने उनके निजी विमान की लोकेशन साझा करने वाले शख़्स के ख़िलाफ़ कानूनी कार्रवाई करने का एलान किया था.

    ट्विटर पर कुछ अकाउंट अरबपतियों के निजी विमानों की रियल-टाइम लोकेशन शेयर करते थे. ये अकाउंट चलाने वाले सार्वजनिक रूप से उपलब्ध जानकारी को ट्विटर पर उपलब्ध कराते थे. ट्विटर पर एलन जेट नामक एक अकाउंट मस्क के निजी विमान की जानकारी सोशल मीडिया पर शेयर करता था.

    इस एकाउंट को भी निलंबित कर दिया गया है. और इस एकाउंट को चलाने वाले जैक स्वीनी के भी एकाउंट को ब्लॉक कर दिया गया है.

    ट्विटर के ट्रस्ट एवं सेफ़्टी विभाग की प्रमुख एला इरविन ने बताया है कि "हम ऐसे सभी खातों को निलंबित करेंगे जो हमारी प्राइवेसी पॉलिसी का उल्लंघन करते हैं और दूसरे यूज़र्स को जोखिम में डालते हैं. हम पत्रकारों या किसी अन्य तरह के खातों के लिए अपनी नीति में कोई छूट नहीं देते हैं."

    इस नीति के तहत प्रतिबंधित पत्रकारों की सूची में द इंटरसेप्ट की मिशा ली, मैशेबल के मैट बाइंडर और स्वतंत्र पत्रकार आरॉन रूपर और टोनी वेब्सटर शामिल हैं.

    अमेरिकी अख़बार द न्यू यॉर्क टाइम्स के प्रवक्ता ने कहा है कि अख़बार या रिपोर्टर रयान मैक को इस बारे में कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया गया है.

    वहीं, सीएनएन ने कहा है कि इस तरह पत्रकारों के खातों को निलंबित किया जाना चिंताजनक है लेकिन चौंकाने वाला है. न्यूज़ चैनल ने ट्विटर से इस बारे में स्पष्टीकरण मांगा है.

    सीएननएन ने ये भी कहा है कि वह ट्विटर के स्पष्टीकरण के आधार पर ही उसके साथ अपने रिश्तों का पुन: आकलन करेगा.

    एलन मस्क ने इस विवाद पर सीधे तौर पर कोई टिप्पणी नहीं दी है लेकिन एक ट्वीट में उन्होंने लिखा है कि ‘आप पूरे दिन मेरी आलोचना कर सकते हैं लेकिन निजी जानकारी मेरी रियल-टाइम लोकेशन जारी करना और मेरे परिवार को जोखिम में डालना स्वीकार नहीं.”

  9. रूस-यूक्रेन जंग: क्या रूस ने अपने ही कई सैनिकों को किया टॉर्चर

    रूस-यूक्रेन जंग को दस महीने हो गए हैं. तब से अब तक रूस लाखों सैनिकों को यूक्रेन भेज चुका है. पर लड़ाई किसी नतीजे तक पहुंचती नज़र नहीं आ रही.

    रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि रूसी सैनिक जंग में बेहतरीन तरीके से लड़ रहे हैं. पर कई ऐसे रूसी सैनिक हैं जो लड़ाई करने से मना कर रहे हैं और उनका कहना है कि उन्हें टॉर्चर किया जा रहा है.

    कई सैनिकों के परिवारवालों ने बीबीसी को बताया कि ऐसे सैनिकों के साथ दुर्व्यवहार किया गया. उन्हें मारा-पीटा गया. बीबीसी रूसी सेवा के संपादक स्टीव रोज़नबर्ग की ये रिपोर्ट.

  10. ऑस्ट्रेलिया में ज़हरीला पालक खाने से कई लोग पड़े बीमार

    ऑस्ट्रेलिया में ज़हरीला पालक खाने की वजह से लोगों के बीमार होने की ख़बरें आ रही हैं. इन लोगों को सेहत बिगड़ने से लेकर हेलुसिनेशन यानी भ्रमित होने जैसी दिक्कतें हो रही हैं.

    अब तक नौ लोगों को मेडिकल हेल्प उपलब्ध करवाई गई है. इन लोगों को रिविएरा फार्म्स ब्रैंड का पालक खाने के बाद ये शिकायत हो रही है.

    स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि पालक खाने के बाद लोगों में भ्रमित होने से लेकर हार्ट रेट बढ़ने और नज़र धुंधली होने जैसे लक्षण दिखाई दे रहे हैं.

    इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने कहा है कि अगर इस ब्रांड का पालक खाकर किसी तरह के लक्षण दिखाई दें तो तुरंत अस्पताल जाना चाहिए.

    सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड से बात करते हुए प्रांतीय पॉइज़न्स इन्फॉर्मेशन सेंटर के अधिकारी डॉ डारेन रॉबर्ट्स ने कहा है, "अब तक किसी व्यक्ति के मरने की ख़बर नहीं आई है. ऐसे में हम इस बात से बेहद ख़ुश हैं. और उम्मीद करते हैं कि ऐसी कोई ख़बर नहीं आएगी."

    रिवेरा फार्म्स के प्रवक्ता ने कहा है कि उनका मानना है कि इस बैच के पालक पर किसी तरह की खर-पतवार का असर हुआ है, लेकिन इससे दूसरे उत्पाद प्रभावित नहीं हैं.

  11. बिहार की वो ‘निर्भया’ जो महज़ 13 साल की थी

    बिहार की एक 13 साल की लड़की के सामूहिक बलात्कार और हत्या के लिए उसके टीचर समेत दो लोगों को मौत की सज़ा हुई.

    पर अपील पर उन्हें बरी कर दिया गया. क्या अब ‘निर्भया’ के घर से निकलेगा उसके इंसाफ़ का रास्ता?

  12. सायरस मिस्त्री केस: पुलिस ने बताया, अनाहिता पंडोल ने ठीक से नहीं पहनी थी सीट बेल्ट

    उद्योगपति सायरस मिस्त्री की सड़क दुर्घटना में हुई मौत के मामले में महाराष्ट्र पुलिस ने शुक्रवार को बताया है कि दुर्घटना के वक़्त ड्राइविंग सीट पर बैठीं डॉक्टर अनाहिता पंडोल ने कार की सीट बेल्ट ठीक से नहीं पहनी थी.

    चार सितंबर, राज्य के पालघर ज़िले में सूर्या रिवर ब्रिज की रेलिंग से मर्सीडीज़ बेंज़ कार के टकराने के कारण टाटा संस के पूर्व चेयरमैन सायरस मिस्त्री और उनके दोस्त जहांगीर पंडोले की मौत हो गई थी.

    डॉक्टर अनाहिता के पति डेरियस भी घटना के वक़्त कार में थीं और उन्हें भी गंभीर चोटें आई थीं. सभी लोग अहमदाबाद से मुंबई लौट रहे थे.

    पालघर के एसपी बालासाहेब पाटिल ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया, "उन्होंने अपने कंधे वाला हिस्सा लॉक कर रखा था जबकि बेल्ट के निचले वाले हिस्से को ठीक से एडजस्ट नहीं किया था."

    उन्होंने बताया कि जांच में सामने आए इन तथ्यों को चार्जशीट में शामिल किया गया, पुलिस इसे कोर्ट के समक्ष पेश करेगी.

    पुलिस का कहना है कि वे स्त्रीरोग विशेषज्ञ डॉक्टर अनाहिता पंडोल को अस्पताल से छुट्टी मिलने का इंतजार कर रहे हैं. उनका मुंबई के एक हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है. पालघर पुलिस ने नवंबर में उनके ख़िलाफ़ केस दर्ज किया था.

  13. ब्रेकिंग न्यूज़, जम्मू और कश्मीर: राजौरी मिलिट्री हॉस्पिटल के पास चरमपंथियों की फ़ायरिंग में दो की मौत

      • Author, मोहित कंधारी
      • पदनाम, जम्मू से बीबीसी हिंदी के लिए

    जम्मू संभाग के जिला राजौरी में शुक्रवार सवेरे भारतीय सेना के शिविर के बाहर गोली लगने से दो स्थानीय नागरिकों की मौत हो गई है. घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव का माहौल पैदा हो गया है.

    भारतीय सेना के नगरोटा स्थित 16, कॉर्प्स (व्हाइट नाइट कॉर्प्स) के प्रवक्ता ने ट्वीट कर बताया है कि राजौरी में शुक्रवार सवेरे चरमपंथियों द्वारा की गई गोलीबारी की घटना में दो स्थानीय नागरिकों की मृत्यु हो गई है.

    जिला प्रशासन, पुलिस और सेना के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं. फिलहाल राजौरी पूंछ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पूरी तरह से वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई है और स्थानीय लोग मारे गए नागरिकों के शव लेकर सेना के शिविर के बाहर टायर जला कर प्रदर्शन कर रहे हैं.

    स्थानीय नागरिकों के मुताबिक सुबह छह बजे के आस-पास सेना शिविर के बाहर गोली चलने की आवाज़ आई थी. पास के गांव, मुरादपुर से मौके पर पहुंचे स्थानीय नागरिकों ने सेना के शिविर के बहार दोनों नागरिकों के शवों को रख कर अपना रोष प्रकट करते हुए शिविर के मुख्यद्वार पर पथरबाज़ी की और घटना की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है.

    मृत नागरिकों की पहचान राजौरी के मुरादपुर गांव के रहने वाले शलिंदर कुमार और कमल किशोर के रूप में हुई है जबकि एक अन्य व्यक्ति को स्थानीय हस्पताल में भर्ती करवाया गया है.

    स्थानीय नागरिकों के अनुसार, दोनों नागरिक सेना के शिविर के अंदर कैंटीन में काम करते थे. स्थानीय प्रशासन ने हालात काबू में करने के लिए बड़ी संख्या में सुरक्षा बल सेना के शिविर के बाहर तैनात किये हैं.

    इससे पहले राजौरी के मुरादपुर में सेना और पुलिस की तरफ से संदिग्ध दिखे जाने पर 14 दिसंबर को तलाशी अभियान चलाया गया था.

  14. अरुणाचल के तवांग में चीन के साथ झड़प पर बोली भारतीय सेना, 'हम हर स्थिति के लिए तैयार'

    अरुणाचल प्रदेश के तवांग सेक्टर में चीनी सैनिकों के साथ झड़प पर भारतीय सेना की पूर्वी कमान के प्रमुख लेफ़्टिनेंट जनरल आरपी कलिता ने कहा है कि अब हालात नियंत्रण में हैं.

    कलिता ने शुक्रवार सुबह मीडिया से बात करते हुए कहा, “चीन की सैन्य टुकड़ी ने एलएसी को पार किया था जिसका विरोध करते हुए दोनों पक्षों के सैनिकों को चोटें आईं.

    उन्होंने ये भी बताया है कि ‘इस मामले का स्थानीय स्तर पर समाधान हुआ है और बुमला में भी एक फ़्लैग मीटिंग हुई है और अब हालात नियंत्रण में हैं.’

    इसके साथ ही लेफ़्टिनेंट जनरल आरपी कलिता ने कहा कि ‘सेना के रूप में हम हमेशा अपने देश की रक्षा के लिए तैयार हैं. शांति हो या संघर्ष, प्राथमिक कार्य बाहरी या आंतरिक ख़तरे के ख़िलाफ़ देश की क्षेत्रीय अखंडता को सुनिश्चित करना है. हम सभी परिस्थितियों और आकस्मिकताओं के लिए तैयार हैं.’

  15. कुलदीप यादव ने पांच विकेट झटके, बांग्लादेश 150 पर ऑलआउट

    टीम इंडिया ने बांग्लादेश के ख़िलाफ़ पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन बांग्लादेश को 150 रन के कुल स्कोर पर पवेलियन भेज दिया है.

    टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए बांग्लादेश को 404 रन का लक्ष्य दिया था. लेकिन इसके जवाब में बांग्लादेश सिर्फ 150 रन बना सका.

    बाइस महीनों के बाद टेस्ट मैच खेल रहे कुलदीप यादव ने अपने करियर का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 49 रन पर पांच विकेट झटके.

    बांग्लादेश की टीम ने दूसरे दिन का खेल ख़त्म होने तक आठ विकेट के नुकसान पर 133 रन बनाए थे.

    इसके बाद शुक्रवार को 144 रन के स्कोर पर कुलदीप यादव ने बांग्लादेश के खिलाड़ी इबादत हुसैन को ऋषभ पंत के हाथों कैच आउट करा दिया.

  16. यूक्रेन ने कहा, नए साल पर बड़ा हमला कर सकता है रूस

      • Author, मेरिता मोलोनी
      • पदनाम, बीबीसी न्यूज़

    यूक्रेन ने रूस पर अगले साल की शुरुआत में एक बड़े ज़मीनी हमले की तैयारी करने का आरोप लगाया है.

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की समेत शीर्ष यूक्रेनी अधिकारियों ने कहा है कि ये वक़्त लापरवाह होने का नहीं है.

    शीर्ष सैन्य अधिकारियों ने कहा है कि ये हमला दक्षिण में पूर्वी डोनबास क्षेत्र या कीएव की तरफ़ भी हो सकता है.

    हालांकि, पश्चिमी विश्लेषकों का कहना है कि रूस की ज़मीनी हमला करने की क्षमता तेज़ी से कम होती जा रही है.

    ब्रिटेन के सबसे शीर्ष सैन्य अधिकारी सर टोनी रडकिन ने इस हफ़्ते कहा है कि अब इस युद्ध में रूस के लिए हालात बुरे ही होंगे. इसकी वजह बताते हुए उन्होंने कहा कि रूस इस समय गोला-बारूद की भारी कमी का सामना कर रहा है.

    वहीं, यूक्रेन के रक्षा मंत्री ओलेक्सी रेज़नीकोव ने मीडिया से बात करते हुए कहा है कि सबूत इस ओर इशारा करते हैं कि रूस सैन्य अभियानों में लगातार नुक़सान उठाने के बाद भी एक नये अभियान की तैयारी कर रहा है.

    उन्होंने आशंका जताते हुए कहा कि अक्टूबर में जिन तीन लाख लोगों को सेना में वापस बुलाया गया था, उनकी ट्रेनिंग फ़रवरी में पूरी हो जाएगी.

    रेज़नीकोव ने कहा, “सैन्य लामबंदी के दूसरे चरण में, लगभग डेढ़ लाख लोगों को युद्ध के लिए तैयार होने के लिए तीन महीने की ट्रेनिंग करनी होती है. इसका मतलब ये है कि वे पिछले साल की तरह फ़रवरी में हमले की योजना बनाने की कोशिश कर रहे हैं.”

  17. मलेशिया में भूस्खलन में कम से कम 8 की मौत, दर्जनों लोग लापता

    मलेशिया की राजधानी क्वालालंपुर के पास शुक्रवार सुबह भूस्खलन होने से कम से कम आठ लोगों की मौत हो गयी है.

    इस मामले में अब तक 50 से ज़्यादा लोगों को बचाया गया है.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़, अब भी दर्जनों लोग लापता बताए जा रहे हैं जिनकी तलाश जारी है.

    मलेशिया के दमकल विभाग ने बताया है, ये हादसा मलेशिया के सेलंगोर प्रांत में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के बाहर सुबह लगभग तीन बजे हुआ.

    इस हादसे की चपेट में सड़क किनारे स्थित ऑर्गेनिक फार्म आया है. ये फार्म लोगों को कैंप लगाकर यहां रहने की सुविधा देता है.

    दमकल विभाग के निदेशक ने बताया है कि इस कैंप पर लगभग 100 फीट की ऊंचाई से मलबा गिरा और लगभग एक एकड़ क्षेत्र में फैल गया.

    इस भूस्खलन में 92 लोग फंसे थे जिनमें से 53 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है.

  18. कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का सौवां दिन, हिमाचल के सीएम चलेंगे राहुल गांधी के साथ

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व वाली भारत जोड़ो यात्रा ने शुक्रवार को अपना सौवां दिन पूरा कर लिया है.

    बीते 100 दिनों में भारत जोड़ो यात्रा तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश से होकर गुज़री है.

    शुक्रवार को इस यात्रा की शुरुआत दौसा के मीणा उच्च न्यायालय से हुई.

    कांग्रेस पार्टी की ओर से जारी की गयी तस्वीरों में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी चलते दिखाई दिए.

    हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री आज इस यात्रा से जुड़ेंगे.

    पिछले दिनों इस यात्रा में अर्थशास्त्री रघुराम राजन से लेकर फ़िल्मी हस्तियां जैसे स्वरा भास्कर, पूजा भट्ट, रिया सेन और आनंद पटवर्धन शामिल हो चुके हैं.

  19. “दुनिया पाकिस्तान को आतंकवाद के केंद्र के रूप में देखती है”, यूएन में बोले जयशंकर

    भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने गुरुवार को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की एक अहम बैठक में कहा है कि दुनिया पाकिस्तान को आतंकवाद के केंद्र के रूप में देखती है.

    पाकिस्तान की विदेश राज्य मंत्री हिना रब्बानी खार ने बीते बुधवार इस्लामाबाद में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि दुनिया भर में किसी देश ने भारत से बेहतर आतंकवाद का इस्तेमाल नहीं किया है.

    इसी बयान पर पलटवार करते हुए एस जयशंकर ने कहा कि '‘मुझे पता है कि हम बीते ढाई साल कोविड से जूझे हैं. इसकी वजह से हम में से ज़्यादातर लोग ब्रेन फ़ॉग से जूझ रहे हैं.

    लेकिन मैं आपको आश्वस्त करना चाहता हूं कि दुनिया ये नहीं भूली है कि आतंकवाद कहां जन्म लेता है. और इस क्षेत्र (दक्षिण एशिया) और इससे परे सामने आने वाली आंतकी गतिविधियों पर किसकी उंगलियों के निशान हैं.

    मैं ये कहूंगा कि उन्हें आदतन इस तरह की फंतासी भरी कहानियों में उलझने से पहले खुद को इस बात का इल्म कराना चाहिए."

    ये कहने के साथ ही उन्होंने अमेरिकी विदेश मंत्री रहीं हिलेरी क्लिंटन का चर्चित बयान याद दिलाया जो उन्होंने साल 2011 में पाकिस्तान में दिया था.

    उन्होंने कहा, “मैंने हिना रब्बानी खार के बयान से जुड़ी रिपोर्ट्स पढ़ी हैं. और मुझे एक दशक पुरानी बात याद आ गयी. हिलेरी क्लिंटन पाकिस्तान के दौरे पर आई थीं. हिना रब्बानी खार उस समय मंत्री थीं.

    और हिलेरी क्लिंटन ने उनके बगल में खड़े होकर कहा था कि ‘अगर आप अपने घर के पिछवाड़े में सांप पाल रहे हैं तो आप ये उम्मीद नहीं कर सकते कि वे सिर्फ़ आपके पड़ोसियों को ही काटेंगे, आख़िरकार वे उन लोगों को काटेंगे जो उन्हें घर के पिछवाड़े में रखते हैं.’ लेकिन आप सभी जानते हैं कि पाकिस्तान सलाह लेने के मामले में अच्छा नहीं है. आप देखिए कि वहां क्या हो रहा है. ऐसे में पाकिस्तान को सबसे पहले अपने क्रियाकलाप सुधारकर एक अच्छा पड़ोसी बनना चाहिए.”

  20. नमस्कार, बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. अभिवादन स्वीकार कीजिए.

    ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 15 दिसंबर के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    आज की अहम ख़बरें –

    • हिमाचल प्रदेश के नए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री आज राजस्थान में भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होंगे
    • भारत और बांग्लादेश के बीच पहले टेस्ट मैच का तीसरा दिन आज, चट्टोग्राम में सुबह 9 बजे से शुरू होगा मैच.
    • दिल्ली की सीबीआई अदालत आज सिप्पी सिद्धू हत्याकांड में कल्याणी सिंह के बचाव में सीबीआई अभियोजन पक्ष द्वारा दिए गए सबूतों के संबंध में अपना आदेश सुनाएगी.