You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

तवांग में झड़प पर कांग्रेस: मोदी जी अपनी छवि बचाने के लिए देश को ख़तरे में डाल रहे हैं

कांग्रेस नेता और राज्यसभा सांसद जयराम रमेश ने कहा है कि मोदी सरकार अपनी राजनीतिक छवि को बचाने के लिए मामले को दबाने की कोशिश कर रही है और देश को ख़तरे में डाल रही है.

लाइव कवरेज

कीर्ति दुबे and शुभम किशोर

  1. ईरान: सरकार विरोधी प्रदर्शन में दूसरे शख़्स को सरेआम मौत की सज़ा

    ईरान में सरकार विरोधी प्रदर्शन को लेकर दूसरे व्यक्ति को सरेआम मौत की सज़ा दी गई है.

    ईरान की ज्यूडिशियरी ने बताया कि माजिद रज़ा को मशाद शहर में सार्वजनिक तौर पर मौत की सज़ा दी गई.

    उन्हें सुरक्षा बलों के दो लोगों की चाकू मारकर जान लेने के मामले में दोषी ठहराया गया.

    सरकार विरोधी प्रदर्शन को लेकर बीते गुरुवार को मोहसिन शेकारी को फांसी पर लटकाया गया था.

    तब ब्रिटेन के विदेश मंत्री जेम्स क्लेवरली ने कहा था, “ईरान शासन की ओर से अपने ही लोगों ख़िलाफ़ की जा रही हिंसा पर दुनिया आंखें मूंदकर नहीं रह सकती है.”

    विरोध प्रदर्शन

    ईरान में बीते करीब तीन महीने से सरकार के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं. इसकी शुरुआत 22 साल की महसा अमीनी की मौत के बाद हुई. महसा को ईरान की मोरेलिटी पुलिस ने हिरासत में लिया था. बाद में उनकी मौत हो गई थी.

    पुलिस ने महसा को हिरासत में लेने की वजह बताई थी कि उन्होंने हिजाब ठीक तरह से नहीं पहना था. महसा की मौत राजधानी तेहरान में हुई थी. उनकी मौत के बाद देश के 31 राज्यों के करीब 160 शहरों में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए.

    विरोध प्रदर्शनों को ईरान की सरकार के लिए सबसे बड़ी चुनौती के तौर पर देखा जा रहा है.

  2. पाकिस्तान दौरे पर ओआईसी महासचिव, कश्मीर को लेकर बोले...

    इस्लामिक सहयोग संगठन यानी ओआईसी ने कहा है कि भारत-पाकिस्तान के बीच लंबे वक्त से चले आ रहे कश्मीर विवाद को लेकर वो दोनों देशों के बीच बातचीत का एक माध्यम तलाशने की कोशिश कर रहा है.

    ओआईसी के महासचिव हिसेन ब्राहिम ताहा ने पाकिस्तान दौरे के दौरान रविवार को कहा, “ मुझे लगता है कि सबसे ज़रूरी है कि स्टेकहोल्डर्स (भारत-पाकिस्तान) के बीच बातचीत का चैनल खोजा जाए,और हम पाकिस्तान सरकार और अन्य सदस्य देशों के साथ एक योजना पर काम कर रहे हैं ”

    “इसलिए ज़रूरी है कि हमें सदस्य देशों की सहमति मिले और हमें पता होना चाहिए कि कूटनीति की चर्चा सड़कों पर नहीं होती.”

    एक प्रतिनिधि मंडल के साथ ताहा ने पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर का दौरा किया.

    ताहा ने मीडिया को बताया कि उन्होंने विदेश मंत्रियों की परिषद (सीएफएम) के हाल के एक सत्र में लाए गए प्रस्ताव को लागू करने से पहले ये दौरा किया ताकि ज़मीन पर स्थिति समझी जा सके.

    उन्होंने कहा, “हम यहां अपनी एकजुटता, सहानुभूति और ओआईसी के दृढ़ संकल्प को व्यक्त करने आए हैं.हम, हमारे सहयोगियों, अंतरराष्ट्रीय समुदायों के साथ मिलकर भारत और पाकिस्तान के बीच इस लंबे संघर्ष (कश्मीर) का समाधान खोजना चाहते हैं.”

  3. देश की आर्थिक तरक्की से विपक्ष को दिक्कत: निर्मला सीतारमण

    वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने आर्थिक तरक्की पर उठाए जा रहे सवालों को लेकर विपक्ष पर पलटवार किया है.

    निर्मला सीतारमण ने कहा है कि भारत की अर्थव्यवस्था सबसे तेज़ी से बढ़ रही है लेकिन ‘विपक्ष को इससे दिक्कत है.’

    निर्मला सीतारमण ने आज (सोमवार को) लोकसभा में कहा कि संसद में कुछ लोग हैं ‘जिन्हें देश की बढ़ती अर्थव्यवस्था से जलन होती है.’

    उन्होंने कहा है कि भारत की तरक्की पर सभी को गर्व होना चाहिए लेकिन कुछ लोग इसका मज़ाक बनाते हैं.

    उन्होंने कहा कि दुनिया की हर करेंसी के मुक़ाबले भारतीय रुपया मजबूत है. उन्होंने कहा कि डॉलर और रुपये के बीच का अंतर ज़्यादा न हो इसके लिए रिज़र्व बैंक कोशिश कर रहा है.

  4. रोम के कैफ़े में गोलीबारी, इटली की पीएम की दोस्त समेत तीन महिलाओं की मौत

    इटली में रोम के एक कैफ़ै में हुई गोलीबारी में तीन महिलाओं की मौत हो गई. इनमें से एक इटली की नई प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की दोस्त हैं. गोलीबारी में चार लोग ज़ख्मी हुए हैं.

    रोम के मेयर रोबर्तो गलटेयरी ने इस शूटिंग को ‘हिंसा की गंभीर घटना’ बताया है. उन्होंने बताया है कि वो सोमवार को होनी वाली आपात बैठक में शामिल होंगे.

    इस मामले में 57 साल के एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है.

    इटली के 'ला रिपब्लिका' अख़बार की रिपोर्ट के मुताबिक़, लुसियाना सिओरबा रोम के फिदेने में स्थित इस कैफे में थीं.

    उन्होंने अख़बार को बताया कि रविवार को बंदूकधारी बार में दाखिल हुआ. गोली चलाने के पहले उसने चिल्लाते हुए कहा, "मैं तुम सबको मार डालूंगा". थोड़ी ही देर में लोगों ने उसे काबू में कर लिया.

    इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने गोलीबारी में गई एक निकोलेटा गोलिसानो को अपनी दोस्त बताया है. मारी गई दो अन्य महिलाओं के नाम एलिज़ाबेटा सिलेंज़ी और सबीना स्परंडियो है.

    इटली की पीएम ने क्या कहा?

    फ़ेसबुक पोस्ट में मेलोनी ने अपनी दोस्त के बारे में लिखा, “निकोलेटा एक प्रोटेक्टिव माँ थीं, एक ईमानदार और समझदार दोस्त, एक मज़बूत महिला थीं."

    उन्होंने आगे लिखा, "इस सबसे ऊपर वो एक बेहतरीन प्रोफ़ेशनल महिला थीं, वो मेरी दोस्त थीं. "

  5. सिंगापुर से लौटकर तेजस्वी ने बताया लालू यादव का हाल

      • Author, चंदन कुमार जजवाड़े
      • पदनाम, बीबीसी संवाददाता, बिहार से

    बिहार के उपमुख्यमंत्री और लालू प्रसाद यादव के बेटे तेजस्वी यादव ने बताया है कि उनके पिता (लालू यादव) की किडनी ठीक तरह से काम कर रही है और उनका किडनी ट्रांसप्लांट सफल रहा.

    बीती पांच दिसंबर को सिंगापुर के माउंट एलिज़ाबेथ अस्पताल में लालू प्रसाद यादव का किडनी ट्रांसप्लांट हुआ है. लालू को उनकी बेटी रोहिणी आचार्य ने किडनी दी है.

    मीडिया से बात करते हुए तेजस्वी ने बताया, “लालू प्रसाद यादव को लगी किडनी ने काम करना शुरू कर दिया हैऔर रोहिणी यादव की भी रिकवरी काफी तेजी से हो रही है.”

    तेजस्वी यादव रविवार रात को पटना पहुँचे हैं. ऑपेरशन के दौरान तेजस्वी अपनी माँ राबड़ी देवी, बहन मीसा भारती और परिवार के दूसरे सदस्यों के साथ सिंगापुर में ही मौजूद थे.

    इसके पहले रोहिणी आचार्य ने ट्विटर पर जानकारी दी, “मैं भी अच्छा महसूस कर रही हूं. पापा भी ठीक हैं और आप सब की दुआओं के लिए शब्द नहीं हैं. प्रार्थना काम आयी है.”

    किडनी डोनेट करने के फ़ैसले के बाद से रोहिणी आचार्य लगातार सुर्खियों में रही हैं. उनकी काफी सराहना भी हुई है.

    रोहिणी आचार्य सिंगापुर में ही रहती हैं.

    बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव लंबे समय से कई बीमारियों से जूझ रहे थे. डॉक्टरों ने उन्हें किडनी ट्रांसप्लांट कराने की सलाह दी थी.

  6. महाराष्ट्र के पूर्व गृहमंत्री देशमुख को मिली ज़मानत लेकिन अभी नहीं आएंगे बाहर

    महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री और एनसीपी नेता अनिल देशमुख को बॉम्बे हाईकोर्ट ने भ्रष्टाचार से जुड़े एक मामले में ज़मानत दे दी है.

    हाईकोर्ट के जस्टिस एमएस कर्णिक ने अपना फैसला आठ दिसंबर को सुरक्षित रख लिया था. जिसे सोमवार को सुनाया गया.

    लगभग एक साल से भ्रष्टाचार और मनी लॉड्रिंग के मामले में जेल में बंद देशमुख अभी बाहर नहीं आएँगे. उनकी जमानत पर दस दिन के स्टे का आदेश दिया गया है.

    मनी लॉन्ड्रिंग केस में देशमुख को चार अक्टूबर को बॉम्बे हाईकोर्ट से ज़मानत मिल चुकी है.

    अनिल देशमुख पर लगे आरोपों की जांच सीबीआई और ईडी कर रही हैं.

    बीते साल मार्च में मुंबई पुलिस के तत्कालीन कमिश्नर परमबीर सिंह ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को पत्र लिखकर आरोप लगाया था, "आईपीएस अधिकारियों के तबादले के पीछे अनिल देशमुख हाथ है."

    इस मामले को लेकर विवाद बढ़ने पर अनिल देशमुख को महाराष्ट्र के गृहमंत्री पद से इस्तीफ़ा देना पड़ा.

    उन्हें बीते साल दो नवंबर को गिरफ़्तार किया गया था.

  7. प्रियंका गांधी की बेटी हुईं भारत जोड़ो यात्रा में शामिल

      • Author, मोहर सिंह मीणा
      • पदनाम, जयपुर से, बीबीसी हिंदी के लिए

    भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत हुए आज 96वें दिन हो चुके है. राजस्थान में भारत जोड़ो यात्रा का आज 11वां दिन है. यात्रा झालावाड़, कोटा होते हुए बूंदी पहुंची है और आज सवाई माधोपुर ज़िले की सीमा में प्रवेश करेगी.

    सोमवार सुबह प्रियंका गांधी के साथ उनकी बेटी मिराया भी यात्रा में शामिल हुईं हैं. रविवार की यात्रा में भी मिराया अपने पिता रॉबर्ट वाड्रा और मां प्रियंका के साथ यात्रा में शामिल हुई थीं

    कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में सोमवार का दिन महिलाओं के लिए रखा गया है. बड़ी संख्या में महिलाएं यात्रा में शामिल हैं.

    सोमवार शाम सवाई माधोपुर में राहुल गांधी एक सभा को संबोधित करेंगे और यात्रा का रात भर का ठिकाना यहीं रहेगा. आगे बढ़ते हुए 14 दिसंबर को यात्रा दौसा ज़िले में प्रवेश करेगी.

    इससे पहले 9 दिसंबर को सवाई माधोपुर ज़िले के रणथंभोर में सोनिया गांधी अपना जन्मदिन मनाने पहुंची थीं. 9 दिसंबर को यात्रा का विश्राम रखा गया था, सोनिया गांधी के जन्मदिन पर प्रियंका गांधी और राहुल गांधी भी रणथंभोर पहुंचे. उम्मीद जताई जा रहगी थी कि इसके बाद सोनिया गांधी भी यात्रा में शामिल होंगी. लेकिन, वह 11 दिसंबर को रणथंभोर से ही वापस दिल्ली लौट गईं.

  8. पाकिस्तानी पीएम ने अफ़ग़ानिस्तान से कहा- दोबारा नहीं होना चाहिए

    पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान में सरहद पर तनाव बढ़ गया है. रविवार को चमन में अफ़ग़ान बॉर्डर फोर्स की गोलीबारी में कम से कम छह पाकिस्तानियों की मौत हुई है और 17 लोग ज़ख़्मी हुए हैं. पाकिस्तानी मीडिया में कहा जा रहा है कि मरने वालों की संख्या अब बढ़कर सात हो गई है.

    पाकिस्तान की सेना ने कहा है कि अफ़ग़ान बॉर्डर फोर्स ने सरहद पर बेहजह आक्रामक रुख़ अख़्तियार किया और उसकी गोलीबारी में कम से कम छह आम पाकिस्तानियों की मौत हुई है. पाकिस्तानी सेना ने अपने बयान में कहा है कि उसकी ओर से भी गोलीबारी का जवाब दिया गया. पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि इस तरह के रुख़ से दोनों मुल्कों के बीच भाईचारे वाला संबंध नहीं रह सकता है.

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने अफ़ग़ानिस्तान से लगी सीमा पर चमन इलाक़े में अफ़ग़ान बॉर्डर फोर्स की गोलीबारी में छह पाकिस्तानियों की मौत पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है. शहबाज़ शरीफ़ ने ट्वीट कर कहा है, ''अफ़ग़ान बॉर्डर फ़ोर्स की बेवजह गोलीबारी के कारण चमन में कई पाकिस्तानी शहीद हुए हैं और एक दर्जन से ज़्यादा लोग ज़ख़्मी हुए हैं. यह दुर्भाग्यपूर्ण है और मैं इसकी कड़ी निंदा करता हूँ. अफ़ग़ानिस्तान की अंतरिम सरकार यह सुनिश्चित करे कि ऐसी घटना दोबारा ना हो.''

  9. रोनाल्डो के लिए कोहली ने लिखी भावुक पोस्ट, कही ये बात

    क़तर में चल रहे फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप में पुर्तगाल मोरक्को से क्वॉर्टर फ़ाइनल मुक़ाबला हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गया है.

    एक तरफ़ जहाँ लोग मोरक्को की जीत का जश्न मना रहे हैं, वहीं बड़ी तादाद में प्रशंसक पुर्तगाल के स्टार स्ट्राइकर क्रिस्टियानो रोनाल्डो के लिए समर्थन और संवेदना ज़ाहिर कर रहे हैं.

    स्टार भारतीय बल्लेबाज़ विराट कोहली ने भी रोनाल्डो के लिए एक भावुक पोस्ट लिखी है.

    विराट कोहली ने लिखा है, “कोई ट्रॉफ़ी और टाइटल आपसे वो नहीं छीन सकता जो आप ने इस खेल के लिए और दुनियाभर में खेल के फैंस को दिए हैं. कोई भी टाइटल यह नहीं बता सकता कि आपने लोगों के जीवन पर क्या असर डाला है और जब मैं और दुनिया भर के कई लोग आपको खेलते हुए देखते हैं तो क्या महसूस करते है."

    "ये ईश्वर से मिला हुआ तोहफ़ा है. ये एक आशीर्वाद की तरह है, जब भी आप मैदान पर आते हैं, आप कठिन परिश्रम और समर्पण का प्रतीक बन जाते है. आप किसी भी खिलाड़ी के लिए एक प्रेरणा हैं. मेरे लिए आप सर्वश्रेष्ठ हैं.”

    पुर्तगाल के स्टार खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने इस पूरे टूर्नामेंट में सिर्फ़ एक गोल किया वो भी ग्रुप एच के मैच में घाना के खिलाफ़. ये गोल भी पेनल्टी शूट से था.

    रोनाल्डो अपनी टीम को विश्व कप विजेता नहीं बना सके और माना जा रहा है कि 36 साल के स्टार स्ट्राइकर का ये आख़िरी वर्ल्ड कप टूर्नामेंट होगा.

    पुर्तगाल की टीम की आलोचना की जा रही है क्योंकि स्विट्ज़रलैंड के ख़िलाफ़ मैच में रोनाल्डो को बेंच पर बिठाए रखा गया. यहां तक की क्वॉर्टर फ़ाइनल में मोरक्को के ख़िलाफ़ भी वह फ़र्स्ट-हाफ़ में नहीं खेले बल्कि सेकेंड हाफ़ में उन्हें मैदान में उतारा गया.

    जब पुर्तगाल हारी तो रोनाल्डो मैदान पर भावुक नज़र आए.

  10. भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने सुपर ओवर में ऑस्ट्रेलिया को हराया

    महिला क्रिकेट टी-20 टूर्नामेंट के लिए ऑस्ट्रेलिया टीम भारत के दौरे पर है. दोनों के बीच पाँच मैचों की सिरीज़ खेली जा रही है. सिरीज़ के दूसरे मैच में भारतीय टीम ने सुपर ओवर में बेहतरीन जीत दर्ज की.

    मैच में भारतीय स्टार ओपनर स्मृति मंधाना ने एक नया कार्तिमान अपने नाम कर लिया है. स्मृति ने 49 गेंदों में 9 चौके और चार छक्कों की मदद से 79 रनों की पारी खेली.

    मैच के बाद स्मृति ने उत्साहवर्धन के लिए फ़ैंस का शुक्रिया अदा करते हुए कहा, “आप सभी यहाँ का आने के लिए शुक्रिया, बेहतरीन माहौल था. आप लोग जो हमें सपोर्ट करने के लिए आए, आप सभी का शुक्रिया. ये एक असाधारण खेल था. हमें उम्मीद भी नहीं थी लेकिन हमने कर दिखाया क्योंकि आप सभी ने हमें सपोर्ट किया. हम आपको गौरवान्वित करते रहेंगे. ”

    मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए इस इस मैच में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर गेंदबाज़ी का फैसला किया और ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 187 रनों का टारगेट भारत के सामने रखा.

    स्मृति मंधाना ने 79 रनों की पारी खेली. इस पारी के साथ ही स्मृति मंधाना टी20 इंटरनेशनल मैच में सबसे ज़्यादा बार 50 रन बनाने वाली खिलाड़ी बन गई हैं.

    शेफ़ाली वर्मा ने भी 23 गेंदों पर 34 रनोंकी अच्छी पारी खेली.

    आखिरी ओवर में भारत को 14 रनों की ज़रूरत थी और देविका वैद्य ने दो चौक्के लगा कर भारत को जीत दिलाई.

  11. रूस ने कहा- जर्मनी और जापान नहीं बल्कि भारत को देंगे तवज्जो

  12. मुख्यमंत्री पद से ‘हटाए’ जाने की अटकलों पर खट्टर का जवाब

    हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने रविवार को सोशल मीडिया की उन अटकलों का मज़ाक उड़ाया जिसमें दावा किया जा रहा था कि उन्हें मुख्यमंत्री पद से हटाया जा सकता है.

    उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को सोशल मीडिया का इतना शौक है कि वह सोने से पहले कहीं ना कहीं का मुख्यमंत्री बदल कर सोते हैं.

    हरियाणा के करनाल में परशुराम महाकुंभ आयोजन में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करने वाले खट्टर ने मंच से कहा, “आज कल जिन लोगों को सोशल मीडिया का शौक हो गया है, इसमें और कुछ नहीं तो लोगों को रात में मुख्यमंत्री बदल कर सोने की आदत हो गई है. ये मुख्यमंत्री गया, कल दूसरा मुख्यमंत्री आएगा. अरे भाई! आए या ना आए आपको काम चाहिए. बीजेपी का जो भी मुख्यमंत्री होगा वो जनता के हित में काम करेगा. क्योंकि ये हमारी विचारधारा और मैनिफेस्टो का हिस्सा है.

    व्यक्तियों के हिसाब से कुछ नहीं बदलता, हम टीम के रूप में काम करते हैं.”

    “हम लोग काम करने वाले लोग हैं और टीम की तरह काम करते हैं. सोशल मीडिया के माध्यम से, ट्विटर के माध्यम से ये निर्णय नहीं होते हैं. लेकिन मज़े लेने वाले मज़े लेते हैं.”

    हरियाणा बीजेपी में तनातनी

    हरियाणा बीजेपी में ब्राह्मण को मुख्यमंत्री बनाने को लेकर अंदरखाने तनातनी चल रही है. हाल ही में रोहतक सांसद अरविंद शर्मा ने बयान दिया कि मैं प्रधानमंत्री से अपील करता हूं कि मनोहर लाल खट्टर के बाद राज्य का सीएम जो भी हो वो ब्राह्मण समाज से होना चाहिए. ये बयान भी शर्मा ने परशुराम महाकुंभ के मंच से दिया.

    मनोहर लाल खट्टर संघ प्रचारक थे. जब साल 2014 में बीजेपी ने हरियाणा में पहली बार अपने दम पर सरकार बनी तो करनाल से विधायक खट्टर को मुख्यमंत्री चुना गया. अब वो लगातार दूसरी बार सूबे के सीएम हैं.

  13. सऊदी अरब में भारी बारिश के कारण जल जमाव, स्कूल हुए बंद

    सऊदी अरब में तेज़ बारिश के कारण सोमवार को स्कूलों को बंद करने की घोषणा की गई है. आने वाले दिनों में वहां तेज़ बारिश होने की संभावना है जिसके कारण बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो सकती है.

    हालांकि अभी ही देश कई इलाक़ों में ऐसी स्थिति पैदा हो चुकी है.

    सऊदी अरब के मौसम विज्ञान केंद्र ने रविवार शाम से शुरू होकर गुरुवार तक मक्का क्षेत्र में मध्यम से लेकर भारी बारिश की आशंका जताई है.

    मक्का के कई क्षेत्रों को अलर्ट किया गया है जिसमें जेद्दा, रबीघ, तैफ़, जामुम, अल कामिल, खुलैस, अल लैथ, अल कुनफुधाह, अल अर्दियात, अधम और मायसन शामिल हैं.

    जेद्दा में शिक्षा महानिदेशालय के प्रवक्ता हम्मूद अल-सोक़ारन ने घोषणा की कि सोमवार को जेद्दाह, रबिग और खुलैस में स्कूल बंद रहेंगे.

    उन्होंने कहा कि यह फ़ैसला सभी सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए मौसम विभाग से मिली रिपोर्ट के आधार पर लिया गया है. हालांकि, सभी छात्रों के लिए ऑन-लाइन क्लास चलाई जाएगी. साथ ही स्कूलों के प्रशासन से जुड़े महिला-पुरुष कर्मचारी भी ऑनलाइन काम करेंगे.

    सोशल मीडिया पर सऊदी अरब में तेज़ बारिश और भारी जल-जमाव के वीडियो और तस्वीरें खूब शेयर किए जा रहे है.

    ऐसा ही एक वीडियो जेद्दा से सामने आया है जहां कि सड़क पर भारी जल-जमाव नज़र आ रहा है. इसी तरह अल-बाहा इलाके से भी बाढ़ की तस्वीरें सामने आ रही है.

    मक्का से एक वीडिया सामने आया है जहां लोग काबा में भारी बारिश के बावजूद भी जुटे हैं.

  14. 34 साल पुराने पैन एम फ्लाइट धमाके में अमेरिका ने लीबियाई शख़्स को हिरासत में लिया

    आज से 34 साल पहले पैन एम 103 फ्लाइट में हुए बम ब्लास्ट मामले में एक लीबियाई शख़्स को गिरफ़्तार किया गया है, स्कॉटलैंड के अधिकारकियों ने बताया है कि व्यक्ति इस वक़्त अमेरिकी पुलिस की हिरासत में है. आरोप है कि इसने ही हमले के लिए बम तैयार किए.

    अमेरिका ने दो साल पहले ही अबू अगिला मसूद के ख़िलाफ़ आरोपों तय किए थे. अमेरिका ने कहा था कि उसने 21 दिसंबर, 1988 को हुए पैन एम बम धमाके में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी.

    इस बम धमाके में बोइंग 747 में सवार सभी लोग और कुछ स्थानीय लोगों को मिलाकर 270 लोगों की मौत हो गई थी.

    21 दिसंबर 1988 को पैन एम एयरलाइन की फैंकफर्ट एयरपोर्ट से डेट्रॉयट जाने वाली एयरलाइन के दो स्टॉपओवर लंदन और न्यूयॉर्क में थे.

    जब फ्लाइट स्काटलैंड के लॉकरबी पहुंची तो इसमें बम धमाका हुआ. ये ब्रिटेन में हुआ सबसे ख़तरनाक़ आतंकवादी हमलों में से एक माना जाता है.

    इस धमाके में फ्लाइट में सवार 259 पैसेंजर, क्रू और लॉकरबी के उस इलाक़े में रहने वाले 11 लोग मारे भी मारे गए.

    पिछले महीने यह ख़बर सामने आई थी कि मसूद को लीबिया में एक मिलिशिया समूह ने किडनैप कर लिया था, जिससे अटकलें लगाई जा रही थीं कि ये समूह ट्रायल के लिए मसूद को अमेरिकी अधिकारियों को सौंपेगा.

    अमेरिकी न्याय विभाग के प्रवक्ता ने रॉयटर्स को बताया है कि संदिग्ध को पहली दफ़ा वॉशिंगटन की फेडरल कोर्ट में पेश किया जाएगा. पांच साल पहले वह लीबिया की जेल में बम बनाने के मामले में सज़ा काट रहे थे.

    साल 2001 में अब्देलबासित अल-मगरी को पैन एम 103 धमाके केस में स्कॉटलैंड की एक कोर्ट ने दोषी ठहराते हुए सज़ा सुनाई थी. इस बम धमाके में अब तक वह अकेले शख़्स हैं, जिन्हें सज़ा सुनाई गई.

    मगरी के ताउम्र क़ैद की सज़ा सुनाई गई थी लेकिन साल 2009 में उन्हें कैंसर हो गया जिसके बाद स्कॉटलैंड सरकार ने उन्हें मानवीय और दया के आधार पर रिहा कर दिया. साल 2012 में लीबिया में उनकी मौत हो गई

  15. नमस्कार, बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. अभिवादन स्वीकार कीजिए.

    ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 11 दिसंबर के अपडेट्स के लिए आपयहां क्लिककर सकते हैं.

    आज की अहम ख़बरें -

    • आज से 34 साल पहले पैन एम 103 फ्लाइट में हुए बम ब्लास्ट मामले में एक लीबियाई शख़्स को गिरफ़्तार किया गया है, यह शख़्स अभी अमेरिकी हिरासत में है.
    • गुजरात में आज नई सरकार शपथ लेगी. प्रधानमंत्री मोदी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए गुजरात पहुँच गए हैं
    • केंद्र सरकार के आंकड़ों के मुताबिक, संसद और ज़्यादातर विधानमंडलों में महिलाओं का प्रतिनिधित्व 15 फ़ीसदी से कम है.
    • सऊदी अरब के ऊर्जा मंत्री प्रिंस अब्दुलअज़ीज़ बिन सलमान ने कहा है कि रूसी तेल पर यूरोप के प्रतिबंध और अधिकतम क़ीमत तय करने का कोई ख़ास असर नहीं,