You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

मोरक्को ने रचा इतिहास, पुर्तगाल को हराकर वर्ल्ड कप सेमीफ़ाइनल में पहुंचा

मोरक्को अरब दुनिया और अफ़्रीका का पहला देश है जो फ़ुटबॉल वर्ल्ड कप के सेमीफ़ाइनल में पहुंचा है.

लाइव कवरेज

कीर्ति दुबे and दिलनवाज़ पाशा

  1. पुर्तगाल को हराकर सेमीफ़ाइनल में पहुंचा मोरक्को, रचा इतिहास

    फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप के सांसें थाम देने वाले क्वार्टर फ़ाइनल में पुर्तगाल को हराकर मोरक्को ने इतिहास रच दिया है.

    ये पहली बार है जब अरब दुनिया या अफ्रीका की कोई टीम फ़ुटबॉल वर्ल्ड कप के सेमीफ़ाइनल में पहुंची है.

    मोरक्को ने पहले हाफ़ के 42वें मिनट में गोल करके अजेय बढ़त बना ली थी जिसकी बराबरी पुर्तगला फुलटाइम तक नहीं कर सका.

    पुर्तगाल ने पहले हाफ़ में अपने चर्चित स्ट्राइकर क्रिस्टियानो रोनाल्डो को बैंच पर बिठाए रखा.

    रोनाल्डो दूसरे हाफ़ में मैदान में उतरे लेकिन कोई ख़ास कमाल नहीं कर सके.

    मैच के अंतिम मिनटों में पुर्तगाल के खिलाड़ियों ने गोल करने की कई कोशिशें की लेकिन वो मोरक्को के गोलकीपर बोनो को पार नहीं पा सके.

    अंतिम मिनटों में पुर्तगाल के जोआओ फेलिक्स ने बॉक्स से बाहर से तेज़ किक मारकर गेंद को गोल में पहुंचाने की कोशिश की लेकिन बोनो ने उछलकर गेंद को लपक लिया.

    88वें मिनट में पुर्तगाल को कॉर्नर भी मिला लेकिन ये भी गोल में नहीं बदल सका.

    90 मिनट का खेल पूरा होने के बाद 8 मिनट का अतिरिक्त समय दिया गया.

    90वें मिनट में रोनाल्डो गेंद को बिलकुल गोल के क़रीब ले जाने में कामयाब रहे लेकिन उनकी शानदार किक को बोनो ने लपक लिया.

    इंजरी टाइम के 6 मिनट बाकी रहते मोरक्को के वलीद चिदारा को दूसरा येलो गार्ड रेफ़री ने दिखाया और इसी के साथ मैदान में मोरक्को को सिर्फ़ दस खिलाड़ी रह गए.

    वलीद चेदीरा को 60 सेकंड के अंतराल में ही रेफरी ने दो येलो कार्ड दिखा दिए और वो मैदान से बाहर हो गए.

    इस मुक़ाबले पर पूरी अरब दुनिया की निगाहें टिकी थीं. मोरक्को के प्रमुख शहर कासाब्लांका में मैच के समय वक्त ठहर सा गया.

    अंतिम सीटी बजते ही पुर्तगाल की टीम और फैंस में निराशा फैल गई. पुर्तगाल के स्टार खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो रोते हुए सीधे मैदान से बाहर चले गए.

    मोरक्को के हाथों इस हार के साथ ही रोनाल्डो का अपनी टीम को वर्ल्ड कप जिताने का सपना भी टूट गया है.

    मोरक्को के सेमीफ़ाइनल में पहुंचते ही सिर्फ़ मोरक्को ही नहीं बल्कि पूरी अरब दुनिया में जश्न की लहर दौड़ गई.

    मैच समाप्त होने के बाद भी मोरक्को के समर्थक मैदान में डटे रहे और जश्न मनाते रहे.

    मोरक्को के स्ट्राइकर अशरफ़ हकीमी ने जीत के बाद जश्न मनाते हुए दर्शकों के बीच बमुश्किल अपनी मां को खोजा और उन्हें किस किया.

    अशरफ़ हकीमी की अपनी मां के साथ तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होती रही हैं.

    जीत के बाद मोरक्को के खिलाड़ियों ने मैदान में सजदा किया और घुटनों पर बैठकर दर्शकों का अभिवादन किया.

  2. ईशान किशन का सुपर शो, भारत ने तीसरे वनडे में बांग्लादेश को 227 रनों से हराया

  3. मुंह से नहीं बैट से बोलना चाहता हूं: ईशान किशन

    बांग्लादेश के ख़िलाफ़ वनडे में सबसे तेज़ दोहरे शतक का रिकॉर्ड बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज़ ईशान किशन ने कहा कि वो मुंह से नहीं बल्कि बैट से बात करना चाहते हैं.

    ईशान किशन ने बांग्लादेश के ख़िलाफ़ तीसरे वनडे में 131 गेंदों में 210 रन बनाए. इस पारी के लिए उन्हें मैन ऑफ़ द मैच चुना गया.

    अपना 10वां वनडे खेल रहे ईशान किशन का यह इस फॉर्मेट में पहला शतक है.

    टीम में जगह पक्की होने को लेकर पूछे गए सवाल पर ईशान किशन ने कहा, “मैं मुंह से बात नहीं करना चाहता. मेरा बैट ही बात करेगा.”

    साथ ही उन्होंने हंसते हुए कहा, “क्या पता अब 200 रन से बना दिए हैं तो...”

    ईशान किशन ने कहा, “मेरी कोशिश होती है कि नतीजा चाहे जो रहे लेकिन मैं अपना सौ फ़ीसदी योगदान दूं ताकि बाद में कोई अफसोस ना रहे.”

    रोहित शर्मा चोटिल होने के वजह से इस मैच में नहीं खेल रहे थे. ऐसे में ईशान किशन को शिखर धवन के साथ पारी की शुरुआत करने का मौका मिला.

    हालांकि, ईशान ने कहा कि वो किसी भी नंबर पर बल्लेबाज़ी के लिए तैयार हैं.

    उन्होंने कहा, “ये कहना ठीक नहीं है कि मुझे इस नंबर पर ही खिलाओ. एक बड़ा प्लेयर तभी बनता है जब मौका मिले तभी रन बनाए.”

    ईशान किशन ने इस मुक़ाबले में दूसरे विकेट के लिए विराट कोहली के साथ 290 रन की साझेदारी की.

    मैच के बाद उन्होंने कहा कि वो विराट कोहली से काफ़ी सीखते हैं.

    ईशान किशन ने कहा, “मैं उनसे ज़्यादा बात नहीं करता लेकिन उन्हें देखकर काफी सीखता हूं. वो क्या कर रहे हैं. गेंदबाज़ का सामना कैसे कर रहे हैं. मैं चाहता हूं कि आगे भी उनके साथ बड़ी साझेदारियां बनाऊं.”

    विराट कोहली भी शनिवार के मैच में वनडे शतकों का सूखा ख़त्म करने में कामयाब रहे. उन्होंने 113 रन बनाए. उनके बल्ले से अगस्त 2019 के बाद वनडे में ये पहला शतक निकला.

    विराट और ईशान की पारियों के दम पर भारतीय टीम आठ विकेट पर 409 रन का बड़ा स्कोर बनाने में कामयाब रही. जवाब में बांग्लादेश की टीम 182 रन ही बना सकी. भारत ने 227 रन से मैच जीत लिया.

  4. रोटी के लिए परेशान ट्यूनीशिया के लोग, राजधानी में व्यापक प्रदर्शन

    ट्यूनीशिया की राजधानी ट्यूनिस में हज़ारों लोगों ने राष्ट्रपति काइस सईद के ख़िलाफ़ प्रदर्शन किए हैं.

    प्रदर्शनकारी राष्ट्रपति के इस्तीफ़े की मांग कर रहे हैं.

    ट्यूनीशिया में एक सप्ताह बाद चुनाव होने हैं. राष्ट्रपति ने संवैधानिक बदलाव किए हैं जिनकी वजह से ये चुनाव हो रहे हैं.

    राष्ट्रपति के विरोधियों का मानना है कि इन संवैधानिक बदलावों के बाद देश की संसद कमज़ोर हो जाएगी.

    राष्ट्रपति ने पिछले साल संसद को भंग कर दिया था और तब से ही वो शासनादेश के ज़रिए शासन कर रहे हैं.

    इस साल उन्होंने संवैधानिक बदलाव करके राष्ट्रपति पद को और अधिक शक्तियां सौंप दी हैं.

    ट्यूनीशिया के लोग लगातार ख़राब हो रही आर्थिक स्थिति और राजनीतिक गतिरोध की वजह से परेशान हैं.

    ट्यूनीशिया में पिछले 12 महीनों से महंगाई लगातार बढ़ रही है. इस महीने महंगाई की दर दस प्रतिशत के क़रीब पहुंच गई है.

    ट्यूनीशिया में बेकरियों में काम करने वाले हज़ारों लोग वेतन न मिलने की वजह से हड़ताल पर हैं.

    सरकार बेकरी को सब्सिडी देती है जो पिछले लगभग एक साल से नहीं मिली है.

    रोटी की कमी ट्यूनीशिया में विरोध की एक अहम वजह है. खाद्य पदार्थों की कमी की वजह से भी ट्यूनीशिया में प्रदर्शन हो रहे हैं.

  5. क्वार्टर फ़ाइनलः मोरक्को ने पहले हाफ़ में पुर्तगाल पर 1-0 की बढ़त बनाई

    शनिवार को खेले जा रहे फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप के पहले क्वार्टर फ़ाइनल मुक़ाबले में हाफ़ टाइम से ठीक पहले गोल करके मोरक्को ने बढ़त बना ली है.

    मोरक्को और पुर्तगाल के बीच इस मुक़ाबले में पुर्तगाल ने अपने स्टार खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो को मैदान में नहीं उतारा है.

    मोरक्को अफ़्रीका या अरब दुनिया की पहली टीम है जो फ़ुटबॉल वर्ल्ड कप के क्वार्टर फ़ाइनल तक पहुंची हैं.

    मोरक्को ने स्पेन को पेनल्टी शूटआउट में हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई थी.

    पुर्तगाल स्विटज़रलैंड को हराकर क्वार्टर फ़ाइनल में पहुंची हैं. स्विट्ज़रलैंड के ख़िलाफ़ पुर्तगाल ने हाफ़ टाइम तक दो गोल कर दिए थे और 2-0 की बढ़त बना ली थी.

    आज के क्वार्टर फ़ाइनल मुक़ाबले के दौरान 42वें मिनट में मोरक्को की तरफ़ से एन नेसरी ने गोल किया और जैसे ही गोल हुआ मोरक्को के समर्थक उछल पड़े.

    अल थुमामा स्टेडियम में मौजूद बीबीसी संवाददाता क्रिस बेवन के मुताबिक, “मोरक्को के समर्थक जश्न में उछल रहे हैं. मोरक्को के गोल करने से पहले भी लोग ख़ूब शोर मचा रहे थे लेकिन अब ऐसा लग रहा है पूरा मैदान उछल रहा है. मैदान के दोनों ही तरफ़ जश्न जारी है. पुर्तगाल के समर्थकों में सन्नाटा है.”

  6. नोबेल शांति पुरस्कार के रूसी विजेता का दावा- रूसी सरकार ने नोबेल पुरस्कार ठुकराने के लिए कहा था

    इस साल के नोबेल शांति पुरस्कार के साझा विजेता रूस के येन रैचिंस्की ने कहा है कि रूसी अधिकारियों ने उनसे नोबेल शांति पुरस्कार ठुकराने के लिए कहा था.

    रैचिंस्की मेमोरियल नाम की संस्था के प्रमुख हैं. ये रूस की सबसे पुरानी मानवाधिकार संस्थाओं में से एक है जिसे पिछले साल रूस की सरकार ने बंद कर दिया था.

    ये संगठन सोवियत संघ के ऐतिहासिक दमन का दस्तावेज़ीकरण करता है.

    रैचिंस्की ने यूक्रेन में रूस के युद्ध की आलोचना करते हुए इसे “पागलपन और आपराधिक कहा है.”

    उन्हें यूक्रेन के मानवाधिकार संगठन सेंटर फॉर सिविल लिबरटीज़ और बेलारूस के जेल में बंद मानवाधिकार कार्यकर्ता एलेस बियालियात्स्की के साथ संयुक्त रूप से विजेता घोषित किया गया था.

    बीबीसी ने रैचिंस्की की टिप्पणी पर रूस के विदेश मंत्रालय का जवाब मांगा है.

    बीबीसी के कार्यक्रम हार्ड टॉक में बात करते हुए रैचिंस्की ने दावा किया है कि रूस की सरकार ने उनकी संस्था से अवॉर्ड को अस्वीकार करने के लिए कहा था.

    रैचिंस्की ने कहा कि उन्होंने इस सलाह पर ध्यान नहीं दिया.

    रैचिंस्की का कहना है कि भले ही उनकी सुरक्षा को ख़तरा हो, वो मेमोरियल का काम जारी रखेंगे जो मौजूदा समय में और भी महत्वपूर्ण हो गया है.

    उन्होंने कहा, “आज के रूस में किसी की भी व्यक्तिगत सुरक्षा की गारंटी नहीं है, हां बहुत से लोग मारे गए हैं और हम जानते हैं कि राज्य की निरंकुशता किस और ले जाती है और…हमें किसी तरह इस गड्ढे से बाहर निकलने की ज़रूरत है.”

  7. हांगकांगः मीडिया मुग़ल को छह साल जेल की सज़ा

    हांगकांग के मीडिया मुग़ल कहे जाने वाले अरबपति कारोबारी जिमी लाई को धोखाधड़ी के एक मामले में लगभग छह साल जेल की सज़ा सुनाई गई है.

    फ़ैसला सुनाने वाले जज ने कहा कि जिमी लाई को ऑफ़िस की जगह अवैध तरीके से दूसरे को किराये पर देने के आरोप में कसूरवार ठहराया जा रहा है.

    जज ने कहा कि जिमी लाई को इसका कोई अफसोस नहीं था.

    75 वर्षीय जिमी लाई पिछले साल प्रतिबंधित विरोध प्रदर्शनों में हिस्सा लेने के आरोप में जेल की सजा काट चुके हैं.

    ये विरोध प्रदर्शन तियानमिन स्क्वायर के पीड़ितों की याद में हुए थे.

    ब्रितानी नागरिकता रखने वाले उनके बेटे सेबास्टियन लाई ने कहा कि ब्रिटेन ने जिमी लाई की मदद के लिए कुछ नहीं किया है, इसका उन्हें अफसोस है.

    सेबास्टियन लाई ने कहा कि उनके पिता ने कुछ भी ग़लत नहीं किया था.

  8. गुजरात में करारी हार के बाद क्या बोले 'आप' उम्मीदवार ईसुदान गढ़वी

    गुजरात में बीजेपी को भारी जीत हासिल हुई है. बीजेपी को 156 सीटें तो कांग्रेस को 17 और आम आदमी पार्टी को 5 सीटें मिली हैं.

    इन चुनाव में आम आदमी पार्टी की लगातार चर्चा हो रही थी और पार्टी की तरफ से भी जीत के दावे किए जा रहे थे.

    लेकिन नतीजों में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री उम्मीदवार भी हार गए हैं. इस हार के पीछे आम आदमी पार्टी क्या कारण मानती है? देखिए आम आदमी पार्टी के सीएम उम्मीदवार रहे इसुदान गढ़वी से ख़ास बातचीत.

  9. पुर्तगाल के साथ आज क्वार्टर फ़ाइनल, ठहर गया है पूरा मोरक्को

    क़तर में चल रहे फ़ुटबॉल विश्व कप में आज मोरक्को का मुक़ाबला पुर्तगाल से है.

    ये पहली बार है जब कोई अरब देश फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप के क्वार्टर फ़ाइनल में पहुंचा है.

    मैच देखने के लिए मोरक्को के लोग देशभर में कैफ़े और घरों में जुट रहे हैं.

    मोरक्को की राष्ट्रीय फ़ुटबॉल टीम के क्वार्टर फ़ाइनल में पहुंचने के बाद इस देश में आम जनजीवन ठहर सा गया है.

    मोरक्को के प्रमुख शहर कासाब्लांका में कैफ़े अभी से भर गए हैं. परिवार और समूह यहां इकट्ठा हो रहे हैं.

    मोरक्को के प्रसंशक राष्ट्रीय टीम की जर्सी पहनकर और हाथों में झंडा लिए मैच देखने की तैयारी कर रहे हैं.

    बीबीसी से बात करते हुए मोरक्को की एक प्रसंशक ने कहा कि मैच देखने के लिए उन्होंने अपनी पढ़ाई छोड़ दी है.

    यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहरों में सुरक्षा बलों को सड़कों पर उतारा गया है.

    मोरक्को की फ़ुटबॉल टीम को एटलस लायंस कहा जाता है. मोरक्को के लोगों को विश्वास है कि उनकी टीम 1986 का अपना करिश्मा दोहरा देगी जब उसने वर्ल्ड कप मुक़ाबले में पुर्तगाल को हरा दिया था. पुर्तगाल विश्व कप में खेल रही पसंदीदा टीमों में से एक है.

    पुर्तगाल और मोरक्को के मुक़ाबले के बाद इंग्लैंड और फ्रांस के बीच आज का दूसरा क्वार्टरफ़ाइनल होगा.

    इससे पहले शुक्रवार रात हुए रोमांचक मुक़ाबलों में क्रोएशिया ब्राज़ील को पेनाल्टी शूटआउट में हराकर सेमीफ़ाइनल में पहुंच गया.

    वहीं दूसरे मुक़ाबले में अर्जेंटीना की टीम ने नीदरलैंड्स को पेनाल्टी शूटआउट में हरा दिया.

  10. सुखविंदर सुक्खू होंगे हिमाचल के सीएम, प्रतिभा सिंह बोलीं- हाईकमान का फ़ैसला मंज़ूर

    सुखविंदर सिंह सुक्खू हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंंत्री होंगे. वो कल (रविवार) सुबह 11 बजे शपथ लेंगे.

    कांग्रेस पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में आज (शनिवार) शाम को विधायक दल की बैठक में सुखविंदर सुक्खू को नेता चुन लिया गया.

    वहीं हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की अहम नेता प्रतिभा सिंह ने इस फ़ैसले के बाद कहा है कि वो कांग्रेस हाई कमान के इस निर्णय को स्वीकार करती हैं.

    प्रतिभा सिंह भी राज्य में मुख्यमंत्री बनने की दौड़ में शामिल थीं.

    पार्टी की बैठक से पहले शिमला में प्रतिभा सिंह के समर्थकों ने नारेबाज़ी भी की थी.

    सुखविंदर सिंह सुक्खू के साथ मुकेश अग्निहोत्री उप मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे.

    मीडिया से बात करते हुए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बताया है, "मुकेश अग्निहोत्री डिप्टी सीएम पद की शपथ लेंगे."

    विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद मीडिया से बात करते हुए सुखविंदर सिंह ने कहा, “मैं सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी और राज्यों के लोगों का शुक्रगुज़ार हूं. हमारी सरकार बदलाव लेकर आएगी.”

    सुखविंदर सिंह ने कहा, “मैंने 17 साल की उम्र में अपना राजनीतिक करियर शुरू किया था. कांग्रेस पार्टी ने मेरे लिए जो किया है मैं उसे कभी भूल नहीं पाउंगा.”

  11. ब्रेकिंग न्यूज़, सुखविंदर सिंह सुक्खू हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री होंगे, कांग्रेस ने किया एलान

    सुखविंदर सिंह सुक्खू हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री होंगे. वो कल (रविवार को) शपथ लेंगे.

    ये जानकारी कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला ने पत्रकारों को दी.

    उन्होंने बताया कि विधायकों ने सुक्खू को अपना नेता चुना.

    मुकेश अग्निहोत्री उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. मंत्रिमंडल के विस्तार बाद में किया जाएगा

    सुक्खू ने कहा, "जो वादे हमने हिमाचल की जनता से किए हैं, उन्हें अक्षरश: लागू करने की ज़िम्मेदारी मेरी है. हमने कहा था कि हम राजनीति सिर्फ़ सत्ता के लिए नहीं करते हैं."

    सुक्खू ने कहा कि वो गांधी परिवार के आभारी हैं जिन्होंने राजनीति में उन्हें आगे बढ़ाया.

  12. बांग्लादेश में विपक्ष की विशाल रैली, प्रधानमंत्री शेख हसीना के इस्तीफ़ा की मांग पर अड़ी बीएनपी

    बांग्लादेश की राजधानी ढाका में विपक्ष ने एक विशाल रैली कर प्रधानमंत्री शेख हसीना का इस्तीफ़ा मांगा है और देश में ताज़ा चुनाव कराने की मांग की है.

    बांग्लादेश राष्ट्रवादी पार्टी (बीएनपी) की ये रैली ढाका के गोलापबाग़ इलाक़े में हुई जहां सुरक्षा व्यवस्था के भारी इंतेज़ाम किए गए. इस रैली में दसियों हज़ार लोग शामिल हुए हैं. रैली से पहले बीएनपी के सात सांसदों ने अपना इस्तीफ़ा भी दे दिया.

    इस विशाल रैली की वजह से शहर में हिंसा की आशंका भी ज़ाहिर की गई थी जिसकी वजह से आम लोग सड़कों से दूर रहे. रैली स्थल के आसपास के इलाक़ों में लोगों ने मोबाइल इंटरनेट सेवा बंद किए जाने की शिकायत भी की है.

    बीएनपी का आरोप है कि शेख हसीना की अवामी लीग की सरकार अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का दमन कर रही है और आलोचना को हिंसक तरीक़ों से दबा रही है. सरकार ने बीएनपी पर देश को अस्थिर करने का आरोप लगाते हुए सभी मांगों को खारिज कर दिया है.

    इसी बीच बीएनपी ने कहा है कि वह 24 दिसंबर को समूचे बांग्लादेश में रैली करेगी. शनिवार को रैली से पहले राजधानी में बीएनपी के दफ़्तर की तरफ जाने वाली सड़कों पर बैरीकेड लगा दिए गए थे और भारी सुरक्षा बल तैनात किए गए थे.

    रैली से पहले पुलिस ने अलग-अलग आरोपों के तहत बीएनपी के कई वरिष्ठ नेताओं को हिरासत में भी ले लिया था. पार्टी महासचिव मिर्ज़ा फख़रुल इस्लाम आलमगीर को भी हिरासत में लिया गया.

    बांग्लादेश में साल 2024 में आम चुनाव होने हैं. बीएनपी का कहना है कि चुनावों से पहले एक तटस्थ अंतरिम सरकार देश चलाए. बीएनपी ने साल 2014 और 2018 में हुए चुनावों का बहिष्कार किया था लेकिन ख़ास प्रावधान के तहत बीएनपी ने पिछले चुनाव में अपने कई नेताओं को हिस्सा लेने दिया था.

    बांग्लादेश की संसद में 350 सदस्य हैं. पिछले चुनाव में बीएनपी के सात सदस्य चुने गए थे.

  13. ईशान किशन का सुपर शो, भारत ने तीसरे वनडे में बांग्लादेश को 227 रनों से हराया

    ईशान किशन के 210 और विराट कोहली के 113 रनों की मदद से भारतीय टीम 50 ओवर में आठ विकेट पर 409 रन बनाने में कामयाब रही. इसके जवाब में बांग्लादेश की टीम 182 रन पर ऑल आउट हो गई और मैच 227 रन से हार गई.

    हालांकि शुरुआती दो मैच जीत चुकी बांग्लादेश वनडे सिरीज़ 2-1 से जीतने में कामयाब रही.

    भारतीय टीम की ओर से ईशान किशन ने 210 रनों की पारी खेली वहीं विराट कोहली ने भी क़रीब 40 महीने बाद वनडे में शतक का सूखा ख़त्म किया. इन दोनों के अलावा वाशिंगटन सुंदर ने 37 और अक्षर पटेल ने 20 रन बनाए.

    बांग्लादेश की ओर से तस्कीन अहमद, इबादत हुसैन और शाकीब अल हसन ने दो-दो विकेट लिए. वहीं मुस्तफ़िज़ुर रहमान और मेंहदी हसन को एक-एक विकेट मिले.

  14. हिमाचल प्रदेशः सुखविंदर सिंह सुक्खू बन सकते हैं सीएम, प्रतिभा वीरभद्र सिंह के समर्थकों का हंगामा

    हिमाचल प्रदेश में शनिवार शाम पांच बजे विधायक दल की बैठक हो रही है. विधायक दल का नेता भी आज चुना जाना है.

    68 सीटों वाली हिमाचल प्रदेश विधानसभा में कांग्रेस ने 40 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है. हालांकि हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के विधायक दल का नेता कौन होगा ये अभी स्पष्ट नहीं हैं.

    हिमाचल में पूर्व कांग्रेसी मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह समेत कई पार्टी नेता मुख्यमंत्री पद की दौड़ में हैं.

    मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक सुखविंदर सिंह सुक्खू को इस दौड़ में सबसे आगे माना जा रहा है.

    इसी बीच समाचार एजेंसी एएनआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक प्रतिभा सिंह के समर्थकों ने शिमला में नारेबाज़ी की है.

    समर्थकों ने नारा लगाया, “हमारी सीएम कैसी हो, रानी साहिबा जैसी हो. रानी साहिबा ज़िंदाबाद, ज़िंदाबाद”

    समर्थकों ने नारा लगाया, “हाई कमान होश में आओ.”

    वहीं समाचार एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की चुनाव समिति के प्रमुख सुखविंदर सुक्खू अगले मुख्यमंत्री हो सकते हैं. पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से ये जानकारी दी है.

    दावा किया जा रहा है कि कांग्रेस हाई कमान ने सुखविंदर सुक्खू के नाम पर मुहर लगा दी है.

    ये भी कहा जा रहा है कि हिमाचल प्रदेश में नए मुख्यमंत्री रविवार यानी कल शपथ ले सकते हैं.

  15. ईरान रक्षा मामले में रूस का सबसे बड़ा मददगार, अमेरिका का दावा

    अमेरिका ने दावा किया है कि रूस और ईरान के रिश्ते बेहतर हो रहे हैं और दोनों देशों के बीच रक्षा साझेदारी भी मजबूत हो रही है.

    अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा काउंसिल के प्रवक्ता जॉन किर्बी ने कहा है कि रूस ईरान को अभूतपूर्व स्तर पर सैन्य मदद दे रहा है.

    अमेरिका का कहना है कि उसके पास ये रिपोर्ट है कि दोनों देश मिलकर 'हमलावर ड्रोन' का उत्पादन करने वाले हैं.

    उधर ऑस्ट्रेलिया ने ईरान के तीन लोगों और एक ईरानी बिज़नेस पर ये कहते हुए प्रतिबंध लगा दिया है कि वो यूक्रेन युद्ध में इस्तेमाल होने के लिए ड्रोन सप्लाई कर रहा है.

  16. विदेश मंत्री एस जयशंकर बोले- दुनिया भारत और पाकिस्तान को बराबरी के नज़रिए से देखती थी लेकिन अब...

    भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने वाराणासी में एक संबोधन में कहा है कि भारत अब एक क्षेत्रीय शक्ति है और इस क्षेत्र में भारत का प्रभाव पहले से कहीं अधिक ज़्यादा है.

    जयशंकर ने कहा कि एक दौर था जब दुनिया भारत और पाकिस्तान को बराबरी के नज़रिए से देखती थी लेकिन अब भारत इस क्षेत्र की मुख्य शक्ति है.

    छात्रों को संबोधित करते हुए जयशंकर ने कहा, "भारत के उदय से हम क्या समझते हैं. आप कहेंगे कि सबसे ज़ाहिर भारत का आर्थिक उदय है. भारत इस समय दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और अगले कुछ सालों में तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा. ये सही है, लेकिन ये जवाब का एक अंश है."

    जयशंकर ने कहा, "जब आप भारत के उदय की बात करते हैं तो आप देखते हैं कि आज क्षेत्र में भारत का प्रभाव पहले से अधिक है. जब मैं आपकी उम्र का था और यूनिवर्सिटी में था तब उस दौर में दुनिया भारत और पाकिस्तान को बराबरी की नज़र से देखती थी. लेकिन आज ऐसा नहीं है, आज पाकिस्तान भी अपने आप को भारत के बराबर नहीं समझता है. ये एक तथ्य है कि हम अब इस क्षेत्र की मुख्य शक्ति हैं."

  17. गुजरात चुनाव हारकर भी इतने ख़ुश क्यों हैं अरविंद केजरीवाल?

    गुजरात और हिमाचल प्रदेश के चुनावी नतीजों के बीच आम आदमी पार्टी खुश नज़र आ रही है. ऐसा नहीं है कि इन दोनों ही राज्यों में आम आदमी पार्टी को जीत मिली है या फिर उन्होंने अच्छी-खासी संख्या में सीटें जीती हैं.

    दरअसल उनकी खुशी की वजह यह है कि आम आदमी पार्टी के नेताओं की ओर से दावा किया गया है कि अब AAP एक राष्ट्रीय पार्टी बनने जा रही है. आम आदमी पार्टी ने अपने दफ़्तर में इससे जुड़ा पोस्टर भी लगा दिया है.

  18. ब्रेकिंग न्यूज़, जर्मनी: ड्रेसडेन में पुलिस ने खाली कराया शॉपिंग सेंटर, बंधक संकट की आशंका

    जर्मनी के पूर्वी शहर द्रेसदेन में बंधक बनाए जाने की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने एक शॉपिंग सेंटर को खाली करा लिया है. अभी ये साफ़ नहीं है कि कितने लोग इस घटना से प्रभावित हुए हैं.

    पुलिस ने लोगों को शहर का सिटी सेंटर खाली करने के लिए कहा है और द्रेसदेन क्रिसमस मार्केट को बंद कर दिया गया है. ऐसी रिपोर्टें हैं कि एक व्यक्ति को गोली लगने से मौत हो गई लेकिन इसकी भी पुष्टि नहीं की जा सकी है.

    कुछ रिपोर्टों में कहा गया है कि एक हथियारबंद शख़्स ने शॉपिंग मॉल में दाखिल होने से पहले एक स्थानीय रेडियो स्टेशन में उपद्रव किया था.

  19. उल्टा चलने के फ़ायदे जान कर हो सकते हैं हैरान

    सीधे खड़े होने और सामने की दिशा में चलने के लिए हमारी आंखों का शरीर के बाक़ी हिस्सों से तालमेल ज़रूरी है.

    लेकिन जब हम पीछे चलते हैं तो हमारा मस्तिष्क इन सारे सिस्टम के बीच को-ऑर्डिनेशन की अतिरिक्त मांग की प्रोसेसिंग के लिए वक्त लेता है.

    लेकिन ऊंचे स्तर की इस चुनौती का सामना करने पर हमारे स्वास्थ्य को ज़्यादा फ़ायदा भी होता है.

  20. अमेरिका ने उत्तर कोरिया के लिए काम करने के आरोप में एक भारतीय समेत दो लोगों और सात संस्थाओं पर लगाया प्रतिबंध

    अमेरिका ने उत्तर कोरिया सरकार की एनीमेशन स्टूडियो के लिए काम करने और उन्हें मदद पहुंचाने के आरोप में दो लोगों और सात संस्थाओं पर प्रतिबंध लगाया है. प्रतिबंधित किए गए लोगों में एक भारतीय भी शामिल हैं.

    अमेरिका ने दुनिया भर में भ्रष्टाचार और मानवाधिकारों के हनन की जवाबदेही को बढ़ावा देने के मद्देनजर ये कार्रवाई की है.

    अमेरिका के विदेश विभाग के मुताबिक़ अमेरिका ने डीपीआरके (डेमोक्रेटिक पीपल्स रिपब्लिक ऑफ़ कोरिया) सरकार द्वारा संचालित एसईके स्टूडियो एनिमेशन स्टूडियो को सामाग्री सहायता देने और उसके लिए काम करने के कारण दो व्यक्तियों और सात संस्थाओं पर प्रतिबंध लगाया है.

    ये प्रतिबंध फ्रांस में रहने वाले किम म्योंग चोल, हांगकांग स्थित कंपनी एवरलास्टिंग एम्पायर लिमिटेड, तियान फांग (हांगकांग) होल्डिंग लिमिटेड, चीन स्थित फ़ुज़ियान नानान आयात और निर्यात कंपनी, रूस स्थित लिमिटेड लायबिलिटी कंपनी किनोआटिस और सिंगापुर स्थित फनसागा पीटीई लिमिटेड पर लगा है.

    भारत में स्थित दीपक सुभाष जाधव, चीन में स्थित यानचेंग थ्री लाइन वन पॉइंट एनिमेशन कंपनी लिमिटेड और चीन में स्थितक्यूआनझोउ यीयांगजिन आयात और निर्यात कंपनी का नाम शामिल है.

    जाधव फ़ुनसागा प्राइवेट लिमिटेड के एक भारत बेस्ड निदेशक हैं और उन्होंने एसईके के साथ एक एनीमेशन प्रोजेक्ट प्रोड्यूस करने के लिए कॉन्ट्रैक्ट किया है.

    इसके लिए पेमेंट क्वांझोउ यियांगजिन इम्पोर्ट एंड एक्सपोर्ट ट्रेड कंपनी लिमिटेड और यानचेंग थ्री लाइन वन पॉइंट एनिमेशन कंपनी लिमिटेड के ज़रिए की गई है.