You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

किसी भी देश को आतंकवाद फैलाने का हक़ नहीं - जयशंकर

भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने पाकिस्तान के बारे में कहा है कि आतंकवाद को बढ़ावा देना किसी मुल्क का हक नहीं हैं.

लाइव कवरेज

अनंत प्रकाश and शुभम किशोर

  1. मैनपुरी उपचुनाव ने 'चाचा-भतीजा' को एक कर दिया है

    मैनपुरी लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव ने 'चाचा-भतीजा' को एक कर दिया है.

    डिंपल यादव को मिली जीत के बाद शिवपाल सिंह यादव उत्साहित नज़र आए.

    इसी के साथ शिवपाल ने अपनी पार्टी का विलय समाजवादी पार्टी के साथ करने का एलान किया.

  2. चीन और सऊदी अरब के बीच ये समझौता बढ़ा सकता है अमेरिका की चिंता

    चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के सऊदी दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच कई समझौते हुए हैं, जिसमें टेक कंपनी ख़्वावे के साथ एक बड़ी डील शामिल है.

    खाड़ी इलाकों में कंपनी का बढ़ता दबदबा अमेरिका के लिए चिंता की बात हो सकती है. अमेरिका ख़्वावे को सुरक्षा के लिहाज़ से ख़तरा मानता है.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक किंग सलमान ने जिगपिंग के साथ कई 'व्यापक रणनीतिक समझौते' किए हैं.

    जिंगपिंग ने क्राउन प्रिंस और प्रधानमंत्री के साथ भी बातचीत की है. यही नहीं जिनपिंग का सऊदी अरब में ज़ोर शोर से स्वागत हुआ.

    ये जुलाई में जो बाइडन के 'ठंडे स्वागत' से बिल्कुल अलग है. अमेरिका और सऊदी अरब के बीच रिश्ते सऊदी एनर्जी पॉलिसी और जमान ख़ाशोज्जी की हत्या के बाद से ठीक नहीं चल रहे हैं.

  3. ईरान में हो रहे प्रदर्शनों पर क्या बोले मुल्क के राष्ट्रपति रईसी

    ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी ने देश में जारी सरकार विरोधी प्रदर्शनों की आलोचना की है.

    तेहरान यूनिवर्सिटी में स्टूडेंट डे के मौके पर चुनिंदा छात्रों को संबोधित करते हुए, इब्राहिम रईसी ने प्रदर्शन और दंगे में फ़र्क भी बताया.

    उनका ये बयान तब आया है जब ईरान में सरकार के ख़िलाफ़ तनाव बढ़ता जा रहा है. देखिए बीबीसी संवाददाता एडवर्ड ओ ड्रिस्कॉल की रिपोर्ट.

  4. हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस मेरे परिवार को नज़रअंदाज़ नहीं कर सकती है: प्रतिभा वीरभद्र सिंह

    कांग्रेस पार्टी की हिमाचल प्रदेश इकाई की अध्यक्ष प्रतिभा वीरभद्र सिंह ने कहा है कि पार्टी वीरभद्र सिंह के परिवार को नज़रअंदाज़ नहीं कर सकती है क्योंकि पार्टी ने उनके नाम, चेहरे और काम पर कई बार चुनाव जीता है.

    प्रतिभा सिंह ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "बड़ी जिम्मेदारियां देने के बाद सोनिया गांधी ने मुझसे कहा कि उन्होंने मुझे प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के तौर पर चुना है जहां मुझे सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में जाना होगा और राज्य में पार्टी की जीत सुनिश्चित करनी होगी. मैंने जिम्मेदारी से अपना काम किया है और नतीजे आज हमारे सामने है."

    उन्होंने ये भी कहा कि हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम का पार्टी कल एलान करेगी. ये पूछे जाने पर कि क्या वे अपनी ओर से मुख्यमंत्री पद के लिए किसी का नाम पेश कर रही हैं तो उन्होंने कहा, "मैं निश्चित रूप से एक नाम पेश करूंगी. पार्टी मेरे परिवार को नज़रअंदाज़ नहीं कर सकती है क्योंकि हमने ये चुनाव उनके नाम, चेहरे, और उनके काम पर लड़ा है. आप उनका नाम, चेहरा और परिवार का इस्तेमाल करें और क्रेडिट किसी और को दे दें, आप ऐसा नहीं कर सकते हैं. पार्टी हाईकमान भी ऐसा नहीं कर सकती है."

    हिमाचल प्रदेश में चुनाव जीतने के बाद गुरुवार को शिमला में कांग्रेस विधायकों की बैठक होनी है.

  5. हिमाचल प्रदेश में जीत के बाद कांग्रेस के सामने बड़ी चुनौती, कौन बनेगा मुख्यमंत्री?

    हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को हराकर कांग्रेस फिर एक बार सरकार तो बनाने जा रही है.

    लेकिन पार्टी में कई नेताओं की दावेदारी के चलते बड़ा सवाल ये बना हुआ है कि इस पहाड़ी राज्य का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा.

    शुक्रवार को शिमला में कांग्रेस अपनी आगे की रणनीति बनाने के लिए एक हाई लेवल मीटिंग करने जा रही है. इस मीटिंग में मुख्यमंत्री के चेहरों पर चर्चा हो सकती है.

    ख़बरों के मुताबिक़ पार्टी की कोशिश ये होगी कि सभी विधायकों से बात करके एक सिंगल लाइन प्रस्ताव पार्टी आलाकमान को भेजा जाए, जिसके बाद आलाकमान नए मुख्यमंत्री के नाम पर अपनी अंतिम मुहर लगा सके.

  6. श्रद्धा मर्डर केस: आफ़ताब के साथ बेटी के संबंधों पर पिता विकास वालकर बोले- मैं इसके ख़िलाफ़ था

    श्रद्धा वालकर के पिता विकास वालकर ने शुक्रवार को कहा कि दिल्ली पुलिस ने उन्हें इंसाफ़ दिलाने का भरोसा दिलाया है.

    उन्होंने कहा कि महराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी उन्हें न्याय के लिए भरोसा दिलाया है.

    आफ़ताब के साथ बेटी के संबंधों पर उन्होंने मुंबई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा, "मैं श्रद्धा और आफ़ताब पूनावाला के संबंधों के ख़िलाफ़ था. श्रद्धा के साथ आफ़ताब जो मार-पीट कर रहा था, मुझे उसके बारे में कोई जानकारी नहीं थी. मुझे लगता है कि आफ़ताब के घरवालों को सबकुछ मालूम था कि उनका लड़का श्रद्धा के साथ क्या कर रहा है."

    उन्होंने कहा, "आफ़ताब ने श्रद्धा को घर छोड़ने के लिए मनाया था. डेटिंग ऐप्स के जरिए श्रद्धा आफ़ताब के संपर्क में आई थी."

  7. भारतीय रेल के निजीकरण पर क्या बोले रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव

    रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रेलवे के निजीकरण के सवाल पर जवाब दिया है.

    उन्होंने कहा कि इसका निजीकरण नहीं होने जा रहा है और सरकार ने दृढ़ता के साथ ये फ़ैसला किया है.

    अश्विनी वैष्णव CII के ग्लोबल इकनॉमिक पॉलिसी समिट में बोल रहे थे.

  8. ब्रिटेन, जापान और इटली लड़ाकू विमान बनाने के लिए साथ आए, अमेरिका भी हो सकता है शामिल

      • Author, जॉनथन बेल
      • पदनाम, रक्षा मामलों के बीबीसी संवाददाता

    ब्रिटेन, जापान और इटली ने शुक्रवार को कहा है कि अगली पीढ़ी के लड़ाकू विमान बनाने के लिए वे हाथ मिला रहे हैं और इसमें आने वाले वक्त में अमेरिका जैसे सहयोगियों के भी शामिल होने की संभावना है.

    ब्रितानी प्रधानमंत्री ऋषि सुनक जल्द ही इसकी घोषणा कर सकते हैं.

    ये नया लड़ाकू विमान 2030 के दशक के मध्य तक तैयार होगा और इसमें हवा में युद्ध कर सकने की काबिलियत शामिल की जाएगी. साथ ही ये विमान दुश्मन की नज़र से बच सकने में भी सक्षम होगा.

    इसमें अत्याधुनिक सेंसर के साथ-साथ आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल किया जाएगा जो ज़रूरत पड़ने पर पायलट की मदद करेगा. ये विमान धीरे-धीरे टाइफ़ून जेट की जगह ले लेगा.

    ज़रूरत पड़ने पर ये फाइटर जेट बिना पायलट के उड़ान भर सकेगा और हाइपरसोनिक मिसाइलें दागने में भी सक्षम होगा.

    इस तरह के विमान बनाने का काम काफी महंगा साबित हो सकता है और एफ़-35 विमान बनाने का अमेरिकी पेंटागन का प्रोजेक्ट अब तक का उसका सबसे महंगा प्रेजेक्ट है. इस कारण ब्रिटेन इस विमान के लिए सहयोगियों की तलाश में है.

    इटली के साथ इस पर पहले ही सहमति बनी हुई थी. अब इस मामले में जापान के साथ आने को बड़ा कदम माना जा रहा है क्योंकि इंडो-पेसिफ़िक में चीन के बढ़ती महत्वाकांक्षा के मद्देनज़र पश्चिमी देशों के लिए जापान अहम सहयोगी बन गया है.

    अमेरिका इस तरह का फ़ाइटर जेट बनाने में जुटा हुआ है. जर्मनी, स्पेन और फ्रांस भी इस तरह के एक अलग प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं.

    ब्रिटेन के लिए ये समझौता केवल सुरक्षा का मामला नहीं बल्कि आर्थिक नज़र से भी अहम है. उसे उम्मीद है कि इसके ज़रिए देश में हज़ारों नई नौकरियां पैदा होंगी और हथियारों के निर्यात के भी रास्ते खुलेंगे.

  9. गुजरात में बीजेपी और मोदी की जीत पर अंतरराष्ट्रीय मीडिया ने क्या कहा

    गुजरात में बीजेपी की रिकॉर्ड तोड़ जीत और हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की जीत की ख़बरों से भारत से छपने वाले आज के अख़बार पटे दिखे. यहाँ तक कि अंतरराष्ट्रीय मीडिया में भी चुनाव की ख़बरों का ज़िक्र दिखा.

    वॉशिंगटन पोस्टने ख़बर छापी है कि पीएम मोदी की पार्टी ने एक राज्य में जीत हासिल की तो, एक में हार गई है.

    वेबसाइट लिखता है कि मोदी की हिंदू राष्ट्रवादी पार्टी ने मोदी के गृह राज्य गुजरात में 27 साल के अपने नियंत्रण को एक बार फिर क़ायम किया है, लेकिन उत्तरी राज्य हिमाचल और दिल्ली शहर में सत्ता से बाहर हो गई है.

    1995 से गुजरात में बीजेपी ने किसी चुनाव में शिकस्त नहीं देखी है और प्रधानमंत्री बनने से पहले 13 साल तक मोदी यहाँ से मुख्यमंत्री थे.

  10. कॉलेजियम मीटिंग की जानकारी मांगने वाली याचिका सुप्रीम कोर्ट ने खारिज की

      • Author, सुचित्र मोहंती, बीबीसी हिंदी के लिए

    सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को कॉलेजियम मीटिंग के ब्योरे सूचना के अधिकार क़ानून के तहत देने की मांग को लेकर दायर की गई याचिका खारिज कर दी.

    याचिकाकर्ता ने सुप्रीम कोर्ट से मांग की थी कि एक कॉलेजियम मीटिंग के ब्योरे आरटीआई क़ानून के तहत देने के लिए निर्देश जारी किए जाएं.

    सुप्रीम कोर्ट के कॉलेजियम की इस मीटिंग में उच्च न्यायालयों के दो मुख्य न्यायाधीशों को सुप्रीम कोर्ट में प्रमोट करने के बारे में फ़ैसला लिया गया था.

    जस्टिस एमआर शाह और जस्टिस सीटी रवि कुमार की बेंच ने एक फ़ैसले में कहा, "कॉलेजियम सिस्टम के तहत जजों को चुनने वाले जजों की चर्चा को आरटीआई क़ानून के तहत सार्वजनिक नहीं किया जा सकता है क्योंकि ये बातचीत एक बहुसदस्यीय संस्था के अंतिम निर्णय का स्वरूप नहीं रखती हैं."

    आरटीआई कार्यकर्ता अंजलि भारद्वाज की याचिका को खारिज करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि ये पिटीशन कॉलेजियम के एक पूर्व सदस्य की टिप्पणी पर आधारित है. कोर्ट ने कहा कि पूर्व जज की टिप्पणी की कोई प्रासंगिकता नहीं है क्योंकि ये चर्चाएं कॉलेजियम का फ़ैसला नहीं है.

    सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले के बाद अंजलि भारद्वाज ने बीबीसी से कहा, "ये दुर्भाग्यपूर्ण है कि डॉक्यूमेंट्स नहीं दिए जा रहे हैं. अगर कोई दस्तावेज़ अस्तित्व में है तो इसे न देने का कोई औचित्य नहीं है. जजों की नियुक्ति की प्रक्रिया में पारदर्शिता होनी चाहिए. इससे आम लोगों का भरोसा बढ़ता है. वास्तव में किसी भी पद के लिए नियुक्ति पारदर्शी तरीके से होनी चाहिए."

  11. गुजरात में बीजेपी की ऐतिहासिक जीत की रणनीति में क्या अलग रहा

    गुजरात की राजधानी गांधीनगर में भारतीय जनता पार्टी के मुख्यालय 'श्री कमलम' को आठ दिसंबर को विधानसभा चुनाव के वोटों की गिनती शुरू होने से एक दिन पहले इस तरह से सजाया जा रहा था मानो पार्टी की जीत पक्की है और नतीजों का इंतज़ार केवल एक औपचारिकता है.

    राज्य में पार्टी के प्रवक्ता यमल व्यास ने मुस्कुराते हुए कहा था कि उनकी पार्टी 130 से अधिक सीटें हासिल करेगी. ऑन रिकॉर्ड उन्होंने 150 सीटें पाने की बात की जो पार्टी का घोषित लक्ष्य था. मगर पार्टी का प्रदर्शन सभी नेताओं की उम्मीदों से कहीं बेहतर साबित हुआ और पार्टी 156 सीटें हासिल करने में कामयाब रही.

    राज्य में 27 साल तक सत्ता में रहने के बाद पार्टी का ये दृढ़ आत्मविश्वास समझ में आता है. लेकिन उसकी प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस पार्टी ने 27 साल से सत्ता से बाहर रहने के बाद भी इस चुनाव में जिस तरह का खोखला आत्मविश्वास दिखाया वो समझ से परे है.

    कांग्रेस ने अहमदाबाद में अपने प्रदेश मुख्यालय के बाहर एक लाइव इलेक्ट्रॉनिक बोर्ड डिस्प्ले कर रखा था जो बीजेपी के सत्ता के अंत की गिनती बता रहा था.

  12. असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा बोले- बीजेपी कई पत्नियों वाले मुसलमानों के ख़िलाफ़

      • Author, दिलीप कुमार शर्मा
      • पदनाम, गुवाहाटी से, बीबीसी हिंदी के लिए

    असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा है कि बीजेपी मुस्लिम समुदाय के उन पुरुषों के ख़िलाफ़ है जो कई पत्नियां रखते हैं. उन्होंने ये बात गुरुवार को मोरीगांव मेडिकल कॉलेज के शिलान्यास कार्यक्रम में कही.

    सरमा ने ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट अर्थात एआईयूडीएफ के अध्यक्ष बदरुद्दीन अजमल की हिंदुओं पर विवादास्पद टिप्पणी के लिए जमकर निशाना साधा.

    मुख्यमंत्री ने कहा, "बदरुद्दीन अजमल जैसे नेता कहते हैं कि युवक-युवतियों को जितनी जल्दी हो सके बच्चे पैदा करने चाहिए. वो महिलाओं की संतान पैदा करने की व्यवस्था की तुलना उपजाऊ भूमि से करते है."

    "हमारी महिलाएं 20-25 बच्चे पैदा कर सकती हैं लेकिन उनके भोजन, कपड़े और शिक्षा से लेकर पालन-पोषण का खर्च अजमल को देना होगा तब हमें कोई आपत्ति नहीं होगी."

    "लेकिन अगर अजमल कोई ख़र्च नहीं उठाते है तो उन्हें महिलाएं कब और कितने बच्चों को जन्म देंगी, उस पर भाषण देने का कोई अधिकार नहीं है."

    सरमा ने ये भी कहा कि स्वतंत्र भारत में एक पुरुष को 3-4 महिलाओं से शादी करने का अधिकार नहीं है. हमें इस व्यवस्था को बदलना होगा.

    उन्होंने कहा कि मुस्लिम लड़कियों को हिजाब पहनने के लिए कहा जाता है तो लड़कों को भी हिजाब पहनना चाहिए. दोनों लिंगों के लिए समान नियम बनाना चाहिए. मुसलमान महिलाओं को न्याय दिलाने के लिए हमें प्रयास करते रहना होगा.

    धुबरी लोकसभा से सांसद बदरुद्दीन अजमल के ख़िलाफ़ कथित रूप से हिंदू समुदाय को लेकर विवादास्पद टिप्पणियों के लिए राज्य के कई पुलिस थानों में अलग-अलग राजनीतिक दलों ने मामले दर्ज कराएं गए हैं.

    असम सरकार ने भी अजमल के ख़िलाफ़ क़ानूनी कार्रवाई करने के संकेत दिए थे लेकिन अभी इस दिशा में कुछ नहीं किया गया.

    हालांकि, यह विवाद बढ़ने पर अजमल ने माफी मांग ली थी.

  13. गुजरात चुनाव हारकर भी इतने ख़ुश क्यों हैं अरविंद केजरीवाल?

    गुजरात और हिमाचल प्रदेश के चुनावी नतीजों के बीच आम आदमी पार्टी खुश नज़र आ रही है.

    ऐसा नहीं है कि इन दोनों ही राज्यों में आम आदमी पार्टी को जीत मिली है या फिर उन्होंने अच्छी-खासी संख्या में सीटें जीती हैं.

    दरअसल उनकी खुशी की वजह यह है कि आम आदमी पार्टी के नेताओं की ओर से दावा किया गया है कि अब AAP एक राष्ट्रीय पार्टी बनने जा रही है.

    आम आदमी पार्टी ने अपने दफ़्तर में इससे जुड़ा पोस्टर भी लगा दिया है.

  14. रोहित शर्मा चोटिल होने के बाद भारत लौटे, टेस्ट सिरीज़ में खेलने पर संशय

    टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा बांग्लादेश दौरे के बीच चोटिल होने की वजह से भारत लौट आए हैं.

    बीसीसीआई की ओर इस सिलसिले में जारी एक बयान में कहा गया है, "भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के अंगूठे में दूसरे एकदिवसीय मैच के दौरान चोट लगी है.

    बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने उनकी जांच की है. इसके बाद ढाका के एक अस्पताल में उनकी स्कैनिंग भी गयी है. ऐसे में आगामी टेस्ट मैचों में उनके खेलने को लेकर कुछ समय बाद फ़ैसला किया जाएगा.”

    बीसीसीआई ने इसी बयान में तेज गेंदबाज़ कुलदीप सेन को लगी चोट का भी ज़िक्र किया है.

    बीसीसीआई ने कहा, "कुलदीप सेन को पहले वनडे मैच के बाद पीठ में अकड़न की शिकायत हुई. बीसीसीआई मेडिकल टीम ने उनकी जांच की जिसके बाद उन्हें दूसरे मैच में आराम दिया गया. कुलदीप को स्ट्रेस इंजरी होने की बात भी सामने आई है जिसकी वजह से वह सिरीज़ नहीं खेल सकेंगे. इसके साथ ही दीपक चाहर को भी दूसरे वनडे चोट लगी थी जिसके चलते वह सिरीज़ नहीं खेल पाएंगे."

    ऑल इंडिया सीनियर सलेक्शन कमेटी ने तीसरे और अंतिम वनडे मैच में कुलदीप यादव को शामिल किया है.

    इस मैच में भारत की ओर से खेलेंगे –

    केएल राहुल (कप्तान – विकेटकीपर), शिखर धवन, विराट कोहली, रजत पाटिदार, श्रेयस अय्यर, राहुल त्रिपाठी, इशान किशन(विकेटकीपर), शाहबाज़ अहमद, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, शरदुल ठाकुर, मोहम्मद सिराज, उमरान मलिक और कुलदीप यादव

  15. गुजरात में बीजेपी को कोई क्यों नहीं हरा पाता?

    गुजरात में चुनाव प्रचार जब शबाब पर था, तब राजकोट में कांग्रेस नेता इंद्रनील राजगुरु के नील रिसॉर्ट के कैंपस में शहर के कुछ वकील आपस में बात कर रहे थे.

    उनकी बातचीत में हमलोग भी शामिल हो गए. बातचीत गुजरात विधानसभा चुनाव और नरेंद्र मोदी पर हो रही थी. अनिरुद्ध नथवानी नाम के एक वकील ने कहा कि नरेंद्र मोदी गुजरात के शेर हैं.

    इस टिप्पणी के जवाब में गुजरात की एक यूनिवर्सिटी से पीएचडी कर रहे एक स्टूडेंट ने कहा कि आपके शेर कोई प्रेस कॉन्फ़ेंस क्यों नहीं करते? इस पर नथवानी ने कहा- वो बात ठीक है लेकिन मोदी हैं तो शेर ही.

    गुजरात के वरिष्ठ पत्रकार राजीव शाह कहते हैं कि यह बात केवल अनिरुद्ध नथवानी की ही नहीं है.

  16. भारत सिर्फ़ अमेरिका का सहयोगी नहीं... वह एक महाशक्ति बनेगा: अमेरिका

    अमेरिका के जो बाइडन प्रशासन के एक शीर्ष अधिकारी ने गुरुवार को कहा है कि भारत आने वाले समय में दुनिया की महाशक्ति बनेगा.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, अमेरिकी अधिकारी कर्ट कैंपबेल ने एस्पेन सिक्योरिटी फोरम में भारत से जुड़े एक सवाल पर ये बात कही है.

    उन्होंने कहा, "भारत की एक ख़ास रणनीतिक स्थिति है. वह (सिर्फ़) अमेरिका का सहयोगी नहीं होगा. वह एक स्वतंत्र और ताक़तवार देश बनना चाहता है. और वह एक महाशक्ति बनेगा. लेकिन मुझे लगता है कि हमारी रणनीतिक साझेदारी हर क्षेत्र में बढ़ रही है."

    कैंपबेल ने दोनों देशों के बीच बढ़ती साझेदारी को काफ़ी अहम बताया.

    उन्होंने कहा, "मुझे नहीं लगता कि पिछले बीस सालों में जिस तेजी के साथ भारत और अमेरिकी के बीच रणनीतिक साझेदारी में गहराई और मजबूती आई है, उतनी किसी अन्य देश के साथ आई हो."

    उन्होंने ये भी कहा कि भारत और अमेरिका के बीच रिश्ते सिर्फ़ चीन से जुड़ी चिंताओं पर नहीं टिके हुए हुए हैं. इसी मौके पर कैंपबेल ने ये भी स्वीकार किया कि भारत सरकार क्वाड को लेकर आश्वस्त नहीं थी.

    उन्होंने कहा, "उनकी (भारतीय) ब्यूरोक्रेसी में कुछ लोग क्वाड के पक्ष में नहीं थे. लेकिन जब राष्ट्रपति बाइडन ने बार बार पीएम मोदी से सीधे तौर पर अपील की तो उन्होंने ये तय किया कि ये उनके पक्ष में है."

    इसके साथ ही उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि एक रिश्ते में कुछ महत्वाकांक्षाएं होनी चाहिए. हमें ऐसी चीजों पर ध्यान देना चाहिए जिन्हें हम साथ मिलकर कर सकें, चाहे फिर वो अंतरिक्ष का क्षेत्र हो या शिक्षा, तकनीक और जलवायु परिवर्तन का क्षेत्र हो. हमें इस तरह के क्षेत्रों में साथ काम करते हुए आगे बढ़ना चाहिए."

  17. हिमाचल प्रदेश: वो सीटें जहां सबसे कम मार्जिन से हुआ हार-जीत का फ़ैसला, वजह क्या रही

    हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने ज़ोरदार वापसी की है. कुल 68 सीटों पर हुए चुनाव में कांग्रेस को 40 सीटें और बीजेपी को 25 सीटें हासिल हुईं. जबकि आम आदमी पार्टी शून्य पर रही. तीन अन्य सीटों पर निर्दलीयों ने जीत दर्ज की है.

    दिलचस्प है कि कांग्रेस और बीजेपी की वोट हिस्सेदारी में एक प्रतिशत (0.9%) से भी कम का अंतर है. आम आदमी पार्टी को एक प्रतिशत से कुछ ही ज़्यादा (1.1%) वोट मिले जबकि नोटा पर 0.59% वोट पड़े.

    गुजरात में रिकॉर्ड जीत के साथ हिमाचल में बीजेपी का प्रदर्शन सीटों की तुलना में भले ही निराशाजनक रहा हो, लेकिन वोट प्रतिशत के लिहाज से वो ख़ुद को कांटे की टक्कर में देख रही है.

  18. यूक्रेन युद्ध के बीच रूस और अमेरिका ने रिहा किए एक दूसरे के क़ैदी

    रूस की जेल में बंद अमेरिकी बास्केटबॉल खिलाड़ी ब्रिटनी ग्रिनर को कैदियों की अदला-बदली के एक समझौते के तहत रिहा कर दिया गया है.

    बीबीसी रूसी सेवा के अनुसार, ब्रिटनी ग्रिनर को नशीले पदार्थों की तस्करी के रूस की अदालत ने कसूरवार ठहराया था. उनकी रिहाई के बदले अमेरिका रूसी नागरिक विक्टर बाउट को रिहा किया गया है.

    विक्टर बाउट अमेरिका में हथियारों की तस्करी के आरोप में जेल की सज़ा काट रहे थे.

    रूसी विदेश मंत्रालय के अनुसार, क़ैदियों की ये अदला-बदली अबू धाबी एयरपोर्ट पर हुई. गुरुवार शाम को विक्टर बाउट मॉस्को के वनुकोवो एयरपोर्ट पर पहुंचे और वहां उनकी मुलाकात पत्नी और मां से हुई. रूसी टेलीविजन पर इसका सीधा प्रसारण किया गया.

    विक्टर बाउट ने मीडिया को बताया कि उनकी रिहाई के बारे में उन्हें पहले कोई जानकारी नहीं दी गई थी.

    रूसी समाचार एजेंसी तास ने उनके हवाले से कहा है, "आधी रात को वे आए और कहा कि तैयार हो जाइए. पहले से कोई भी जानकारी नहीं दी गई थी."

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़ क़ैदियों की इस अदला-बदली पर महीनों की बातचीत के बाद सहमति बन पाई थी.

  19. गुजरात में मोदी 'रथ' के सामने नहीं टिक सका कोई, 'आप' ने कांग्रेस के वोट में लगाई सेंध

    दिल्ली से छपने वाले अख़बारों के पहले पन्ने पर आज गुजरात में बीजेपी और हिमाचल प्रदेश के चुनाव में कांग्रेस की जीत की ख़बर प्रमुखता से छपी है.

    टाइम्स ऑफ़ इंडियाने पीएम मोदी की तस्वीर के साथ लिखा है कि गुजरात में मोदी'रथ' के सामने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी नहीं टिक सके.

    अख़बार लिखता है कि गुजरात की जीत के मायने ये भी हैं कि पार्टी राज्यसभा में भी नया रिकॉर्ड बनाने जा रही है, और साल 2026 के मध्य तक यहां की सभी 11 राज्यसभा सीटें इसके खाते में होंगी.

    अभी प्रदेश से राज्यसभा में बीजेपी के 8 सांसद हैं जबकि कांग्रेस के तीन सांसद हैं. अप्रैल 2024 में दो सीटों पर वो अपने उम्मीदवार भेज सकेगी, वहीं जून 2026 में आख़िरी बची तीसरी सीट पर भी उसी के नेता राज्यसभा में होंगे.

  20. जोधपुर: सिलेंडर फटने से पांच की मौत, 55 झुलसे, मुख्यमंत्री बोले- मुआवजा मिलेगा

      • Author, मोहर सिंह मीणा
      • पदनाम, जयपुर से, बीबीसी हिंदी के लिए

    राजस्थान के जोधपुर में एक घर में आग लगने से पांच लोगों की मौत हो गयी है. इसके साथ ही लगभग 55 लोग घायल हुए हैं.

    घायलों को जोधपुर के महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इसके बाद से यहां नेताओं का आना जारी है.

    राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस हादसे की ख़बर मिलने के बाद जोधपुर पहुंच चुके हैं.

    उन्होंने पीड़ितों से मुलाकात के बाद कहा, "कुछ बच्चे झुलस गए हैं और मृत्यु भी हुई हैं. हमारी कोशिश है कि ज्यादा से ज्यादा लोगों की जान बचाई जा सके. हादसे के कारण की जांच होनी चाहिए और कंपनी के लोगों से भी बातचीत की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों."

    इसके साथ ही जोधपुर के सांसद और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत भी दिल्ली से जोधपुर जा रहे हैं.

    वह दोपहर में अस्पताल पहुंचकर पीड़ितों और उनके परिजनों से मुलाकात करेंगे. और नागौर के सांसद हनुमान बेनीवाल पहले ही जोधपुर पहुंच चुके हैं.