You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

किसी भी देश को आतंकवाद फैलाने का हक़ नहीं - जयशंकर

भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने पाकिस्तान के बारे में कहा है कि आतंकवाद को बढ़ावा देना किसी मुल्क का हक नहीं हैं.

लाइव कवरेज

अनंत प्रकाश and शुभम किशोर

  1. किसी भी देश को आतंकवाद फैलाने का हक़ नहीं - जयशंकर

    भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने पाकिस्तान के बारे में कहा है कि आतंकवाद को बढ़ावा देना किसी मुल्क का हक नहीं हैं. न्यूज़ चैनल आजतक पर एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने ये बात कही.

    इस सवाल पर कि क्या भारत और पाकिस्तान एक दूसरे के देशों में क्रिकेट खेल पाएंगे, उन्होंने कहा, "सरकार इस बारे में सोचती रहती है क्योंकि टूर्नामेंट आते रहते हैं. अब तक आपको पता है कि हमारी सोच क्या है, देखते हैं आगे."

    "मैं ये दोहराना चाहता हूं कि हमें कभी ये मानना नहीं चाहिए कि किसी भी देश को हक़ है कि वो आतंकवाद फैला सके. जब तक हम आतंकवाद को अप्रासंगिक नहीं बना देंगे, तब तक ये रुकेगा नहीं."

    उन्होंने कहा कि पाकिस्तान पर दुनिया का दबाव होना ज़रूरी है.

    जयशंकर ने कहा, "जब तक आतंकवाद का शिकार, शोर नहीं मचाएंगे, आतंकवादियों पर दबाव नहीं बढ़ेगा. हमें इसमें अग्रणी भूमिका निभानी होगी. क्योंकि ख़ून तो हमारा ही बहता है."

  2. वर्ल्ड कप का पहला क्वार्टर फ़ाइनलः पहले हाफ़ में ब्राज़ील और क्रोएशिया 0-0

    क़तर में चल रहे फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप के पहले क्वार्टर फ़ाइनल में हाफ़ टाइम तक ब्राज़ील और क्रोएशिया की टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं.

    क्रोएशिया 2018 वर्ल्ड कप की रनर-अप टीम है जबकि ब्राज़ील अब तक सर्वाधिक पांच बार वर्ल्ड कप जीत चुका है.

    पहले हाफ़ में मुक़ाबला रोमांचक रहा है और क्रोएशिया ने ब्राज़ील को हावी होने का मौक़ा नहीं दिया है.

    सितारों से सजी ब्राज़ील की टीम भले ही ये मैच जीत जाए लेकिन क्रोएशिया ने इस भ्रम को ज़रूर तोड़ा है कि ब्राज़ील की टीम को हराया नहीं जा सकता है.

    पहले पैंतालीस मिनट के खेल में ब्राज़ील ने कई मौके बनाने की कोशिश की लेकिन ब्राज़ील के स्ट्राइकर क्रोएशिया के डिफेंस को पार नहीं पा सके.

    स्कॉटलैंड के पूर्व खिलाड़ी पैट नेविन ने बीबीसी स्पोर्ट्स से बात करते हुए कहा, “क्रोएशिया के स्टार लूका मॉडरिच अपनी टीम के खेल की धुरी बने हुए हैं. पूरी टीम उनके नियंत्रण में लग रही है. मॉडरिच ने पहले हाफ़ में कई अवसर बनाने की कोशिश की.”

    लेकिन स्टेडियम में ब्राज़ील के फ़ैंस का जोश बरक़रार है और वो लगातार सीटियां बजा रहे हैं. जब-जब ब्राज़ील के खिलाड़ी क्रोएशिया के खिलाड़ियों को छकाकर गेंद अपने क़ब्ज़े में लेते हैं, स्टेडियम सीटियों की आवाज़ से गूंजने लगता है.

    पहले हाफ़ के दौरान क्रोएशिया के खिलाड़ी मिडफ़ील्ड में भी अपना दबदबा बनाए रहे.

  3. समान आचार संहिता से किसी धर्म की परंपरा का उल्लंघन नहीं होगा - आरिफ़ मोहम्मद ख़ान

    केरल के गवर्नर आरिफ़ मुहम्मद ख़ान ने कहा कि समान आचार संहिता से किसी भी धर्म की परंपरा का उल्लंघन नहीं होगा, बल्कि ये लोगों को न्याय देने में मदद करेगा.

    टीवी चैनल आजतक के कार्यक्रम में उन्होंने कहा, "समान आचार संहिता रस्म रिवाज़ या कैसे शादी की जाए, उसकी समानता पैदा करने के लिए नहीं है. अगर शादी के बाद कोई शिकायत होती है, तो ये न्याय की समानता पैदा करने के लिए है ताकि सभी को समान न्याय मिल सके."

    ख़ान ने कहा कि कई लोग दूसरी शादी करने के लिए मुस्लिम हो गए. और जबतक पहली पत्नी शिकायत न करे, आप कोई कार्रवाई नहीं कर सकते.

    उन्होंने कहा, "प्रोपोगैंडा ये किया जा रहा है कि मेहर की रकम से लेकर लोगों को दफ़नाने से लेकर नियम बदला जाएंगे, लेकिन ऐसा नहीं होगा."

    उन्होंने ये भी कहा कि उनका मानना है कि एक से अधिक शादी की इजाज़त देने वाले नियमों में बदलाव आने चाहिए.

    इससे पहले आज भारतीय जनता पार्टी के सांसद किरोड़ी लाल मीणा ने राज्यसभा में समान नागरिक संहिता पर प्राइवेट मेंबर बिल पेश किया.

    'यूनीफॉर्म सिविल कोड इन इंडिया बिल, 2020' में सभी नागरिकों के लिए समान निजी क़ानून का प्रावधान किया गया है, चाहे उनका धर्म, जाति, नस्ल और लिंग कुछ भी क्यों न हो.

    तृणमूल कांग्रेस, एमडीएमके, राष्ट्रीय जनता दल, समाजवादी पार्टी, भाकपा, माकपा, एनसीपी और कांग्रेस के सदस्यों ने राज्यसभा में इसके पेश किये जाने पर एतराज जताया.

    उनका कहना था कि अगर ये पास हो गया तो देश का सामाजिक ताना-बाना नष्ट हो जाएगा. देश में इस समय लोगों के धर्म के आधार पर उनके पर्सनल लॉ लागू होते हैं.

  4. एयर इंडिया के विमान का टायर फटा, रद्द हुई काठमांडु से दिल्ली की उड़ान

    काठमांडु से 173 यात्रियों को लेकर दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाले एयर इंडिया के विमान को टायर फटने की वजह से अपनी उड़ान रद्द करनी पड़ी है. समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक अधिकारियों ने इस घटना की पुष्टि की है.

    इस विमान को स्थानीय समयानुसार शाम 4.30 बजे काठमांडु के त्रिभुवन इंटरनेशनल एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए उड़ान भरनी थी. इस विमान में 164 यात्री और चालक दल के 9 सदस्य सवार थे.

    एयर इंडिया के अधिकारी के मुताबिक इस एयरबस 320 वीमान को खींचकर रनवे से हटाया गया और पार्किंग में खड़ा किया गया है. विमान पर मरम्मत का कार्य पूरा होने के बाद अब ये उड़ान शनिवार को उड़ेगी.

    मॉय रिपब्लिका अख़बार की एक रिपोर्ट के मुताबिक जब टायर फटा तब विमान रनवे पर दौड़ रहा था और उड़ान भरने ही वाला था.

  5. सुप्रीम कोर्ट ने कहा, हर धार्मिक यात्रा को दंगे का स्रोत न बताएं

    सुप्रीम कोर्ट ने तीस्ता सीतलवाड़ की अगुवाई वाले सिटिज़न्स फ़ॉर जस्टिस एंड पीस की एक याचिका को खारिज करते हुए कहा है कि 'हर धार्मिक यात्रा को दंगे का स्रोत न बताएं.'

    पीआईएल में वैसी धार्मिक 'शोभायात्राएं' जहां हथियार लहराए जाते हैं, उनपर कड़े नियम लगाने की गुज़ारिश की गई थी.

    मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूढ़ की बेंच ने कहा, ये पीआईएल किसा बारे में है. माफ़ करिए. हम इसपर सुनवाई नहीं करेंगे. हर धार्मिक यात्रा दंगे का स्रोत नहीं होती. ऐसा कुछ कहना बिल्कुल ग़लत है."

    पीआईएल में कहा गया था कि त्योहारों के दौरान निकाले जाने वाले 'शोभायात्रियों' के दौरान दंगे आम हो गए हैं. इसलिए सुप्रीम कोर्ट से कड़े नियम लागू करने की मांग की गई थी.

  6. दिनभर पूरा दिन पूरी ख़बर अंजुम शर्मा और प्रेरणा के साथ

    पॉडकास्ट में आज बात चीन और अरब देशों के बीच बढ़ती नज़दीकी से लेकर भारत में राजनीति और फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप की चीन अरब समिट के लिए सऊदी दौरे पर पहुँचे चीन के राष्ट्रपति जिनपिंग, अरब देशों के नेताओं से की ख़ास मुलाक़ात, पूर्व राजदूत तलमीज़ अहमद से जानेंगे इस नज़दीकी की क्या है वजह

  7. राज्यसभा में हंगामे के बीच बीजेपी सांसद ने समान नागरिक संहिता पर प्राइवेट मेंबर बिल पेश किया

    भारतीय जनता पार्टी के सांसद किरोड़ी लाल मीणा ने शुक्रवार को राज्यसभा में समान नागरिक संहिता पर प्राइवेट मेंबर बिल पेश किया. समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, 'यूनीफॉर्म सिविल कोड इन इंडिया बिल, 2020' में सभी नागरिकों के लिए समान निजी क़ानून का प्रावधान किया गया है, चाहे उनका धर्म, जाति, नस्ल और लिंग कुछ भी क्यों न हो.

    बीजेपी के राज्यसभा सांसद ने जब ये बिल पेश किया तो उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ चेयर पर मौजूद थे और विपक्षी सदस्यों ने इसका विरोध किया. तृणमूल कांग्रेस, एमडीएमके, राष्ट्रीय जनता दल, समाजवादी पार्टी, भाकपा, माकपा, एनसीपी और कांग्रेस के सदस्यों ने राज्यसभा में इसके पेश किये जाने पर एतराज जताया.

    उनका कहना था कि अगर ये पास हो गया तो देश का सामाजिक ताना-बाना नष्ट हो जाएगा. देश में इस समय लोगों के धर्म के आधार पर उनके पर्सनल लॉ लागू होते हैं. ये पर्सनल लॉ शादी और उत्तराधिकार के नियमों को लेकर लागू होते हैं.

    समान नागरिक संहिता संविधान के अनुच्छेद 44 के दायरे में आता है. अनुच्छेद 44 ये कहता है कि राज्य भारत में समान नागरिक संहिता की व्यवस्था लागू करने के लिए प्रयास करेगा. बीजेपी ने भी साल 2019 में अपने घोषणापत्र में समान नागरिक संहिता लागू करने का वादा किया था.

  8. पाकिस्तान का विदेशी मुद्रा भंडार चार साल के सबसे निचले स्तर पर

    पाकिस्तान का विदेशी मुद्रा भंडार चार साल के अपने सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया है. 2 दिसंबर को ख़त्म हुए हफ़्ते में पाकिस्तान के विदेशी मुद्रा भंडार में 6.72 अरब अमेरिकी डॉलर थे.

    समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, स्टेट बैंक ऑफ़ पाकिस्तान के मुताबिक, विदेशी मुद्र भंडार में 784 मिलियन अमेरिकी डॉलर की गिरावट दर्ज की गई.

    स्टेट बैंक ऑफ़ पाकिस्तान के मुताबिक के मुताबिक, विदेशी मुद्रा भंडार इससे पहले 18 जनवरी, 2019 को ख़त्म हुए हफ़्ते में 6.64 बिलियन तक पहुंच गया था.

    मौजूद डेटा के मुताबिक, कमर्शियल बैंकों के पास 5.867 बिलियन अमेरिकी डॉलर थे, यानी कि देश में कुल लिक्विड विदेशी मुद्रा 12.58 अरब अमेरिकी डॉलर है.

    पाकिस्तान की सरकार ने कहा है कि विदेशी रिज़र्व उनकी प्राथमिकता है.

  9. उल्टा चलने के फ़ायदे जान कर हो सकते हैं हैरान

    सीधे खड़े होने और सामने की दिशा में चलने के लिए हमारी आंखों का शरीर के बाक़ी हिस्सों से तालमेल ज़रूरी है.

    लेकिन जब हम पीछे चलते हैं तो हमारा मस्तिष्क इन सारे सिस्टम के बीच को-ऑर्डिनेशन की अतिरिक्त मांग की प्रोसेसिंग के लिए वक्त लेता है.

    लेकिन ऊंचे स्तर की इस चुनौती का सामना करने पर हमारे स्वास्थ्य को ज़्यादा फ़ायदा भी होता है.

  10. 'माइलस्टोन समिट' में अरब देशों के नेताओं से मिले शी जिनपिंग, सऊदी अरब के साथ जारी किया साझा बयान

    चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने शुक्रवार को एक समिट में अरब देशों के नेताओं से मुलाकात की. 'माइलस्टोन' समिट को सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस के ताकत की प्रदर्शन की तरह देखा जा रहा है, जो खाड़ी देशों के बड़े नेता के तौर पर उभरना चाहते हैं.

    अरब और अफ़्रीकी देशों के साथ-साथ सीरिया और उसके आसपास के देशों के नेता गुरुवार से ही रियाद पहुंचने लगे थे. जिनपिंग का भी वहां ज़ोरदार स्वागत किया गया.

    शुक्रवार को जारी किए गए एक संयुक्त स्टेटमेंट में चीन और सऊदी अरब ने संप्रभुता और 'हस्तक्षेप नहीं करनी' की नीति पर ज़ोर दिया.

    साथ ही उन्होंने यूक्रेन मुद्दे के शांतिपूर्ण समझौते पर ज़ोर दिया. सऊदी अरब और खाड़ी के देश तेल के मुद्दे को लेकर अमेरिका के सामने झुकने से इनकार कर चुके हैं.

    इसलिए अमेरिका की इन देशों की मीटिंग पर नज़र है. इसके अलावा वो इलाके में बीज़िंग के बढ़ते दबदबे को लेकर भी चिंतित है.

  11. चुनाव में कामयाबी के बाद क्या बोलीं रवींद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा जडेजा

    क्रिकेटर रवींद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा जडेजा गुजरात चुनावों में जीत की ओर बढ़ रही हैं. इस अवसर पर उन्होंने अपने पति रवींद्र जडेजा की भी तारीफ़ की.

    उन्होंने कहा कि इस पूरे सफ़र में उनके पति ने उनका पूरा साथ दिया और हर समय मोटिवेट करते रहे.

    वहीं दूसरी ओर गुजरात विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात की जनता और सभी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया है और कहा है कि गुजरात में बीजेपी ने इतिहास रचने का काम किया है.

    उन्होंने कहा कि इस जीत ने दिखाया है कि हर वर्ग चाहे महिला हो, युवा हो या किसान हो सभी पूरे दिल से भाजपा के साथ हैं.

  12. दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल को पद से हटाया जाए: बीजेपी सांसद

    बीजेपी ने शुक्रवार को दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना से दिल्ली की महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल को पद से हटाने की मांग की है.

    दिल्ली के एक कोर्ट ने नियुक्ति के एक मामले में मालीवाल पर आरोप तय करने का आदेश दिया है. कोर्ट ने कहा कि प्रथम दृष्टया ये प्रतीत होता है कि स्वाति मालीवाल ने अपने पद का दुरुपयोग कर आम आदमी पार्टी के नेताओं को अलग-अलग पद दिए.

    वीके सक्सेना को लिखी एक चिट्ठी में, बीजेपी के सांसद परवेश वर्मा ने मालीवाल को उनके पद से हटाने की मांग की है. दिल्ली बीजेपी के प्रमुख आदेश गुप्ता ने ट्वीट किया कि आम आदमी पार्टी भ्रष्टाचार का एक भी "मौका नहीं चूकती."

    मालीवाल के ख़िलाफ एंटी करप्शन ब्रांच ने बीजेपी नेता और दिल्ली महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष बरखा शुक्ला सिंह की शिकायत पर दर्ज की थी.

  13. गुजरात के जामनगर में अनोखे अंदाज़ में निकली दुल्हन

    यह शादी गुजरात के जामनगर में हुई. जहां लड़की शादी-समारोह तक हाथी पर बैठकर पहुंची.

    पोती की ख़्वाहिश पूरी करने के लिए दुल्हन के दादा ने ये सब आयोजन किया.

    इस दौरान दुल्हन ने तलवार भी लहराई. देखिए ये दुल्हन क्या कह रही हैं.

  14. एलन मस्क ने बताया- कौन से ट्विटर एकाउंट हो सकते हैं डिलीट

    एलन मस्क ने कहा है कि ट्विटर पर 1.5 अरब एकाउंट्स के लिए स्पेस तैयार किया जाएगा.

    अब से कुछ देर पहले मस्क ने ट्वीट कर कहा है कि जल्द ही इसके लिए जगह साफ करने का काम शुरू करेगा.

    एक अन्य ट्वीट में उन्होंने इसके बारे में और जानकारी दी और कहा कि साफ़ तौर पर ये वो अकाउंट हैं जिनसे या तो कोई ट्वीट नहीं किया गया है फिर सालों से जिनमें लॉग-इन नहीं किया गया है.

  15. गुजरात से LIVE: कांग्रेस की हार से पार्टी कार्यकर्ताओं की कैसी प्रतिक्रिया?, अहमदाबाद में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से बात कर रहे हैं बीबीसी संवाददाता ज़ुबैर अहमद

  16. राज्यसभा में उठा बिहार के क़ानून व्यवस्था का मुद्दा, बीजेपी सांसद बोले- राज्य जंगल राज पार्ट-टू की ओर बढ़ रहा है

    बीजेपी सांसद सतीश चंद्र दुबे ने शुक्रवार को राज्यसभा में बिहार में अपराध की कई घटनाओं का जिक्र करते हुए ये आरोप लगाया कि राज्य 'जंगल राज पार्ट-टू' की ओर बढ़ रहा है.

    हालांकि बिहार में राष्ट्रीय जनता दल, जनता दल यूनाइटेड और कांग्रेस का सत्तारूढ़ गठबंधन इन दावों को खारिज करता है. राज्य सभा में शून्य काल के दौरान सतीश चंद्र दुबे ने कहा कि वे बिहार में पिछले कुछ महीनों के दौरान हत्या, डकैती और बलात्कार की घटनाओं के सिलसिले में नोटिस देना चाहते हैं. उन्होंने ये भी दावा कि बिहार में लोग डर के माहौल में जी रहे हैं.

    राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हुई आपराधिक घटनाओं का जिक्र करते हुए सतीश चंद्र दुबे ने कहा, "साल 1990 से 2005 के दौर में जो कुछ हुआ, अब वैसी ही चीज़ें हो रही हैं. बिहार जंगल राज पार्ट-टू की ओर बढ़ रहा है."

    राज्यसभा में जब सतीश चंद्र दुबे अपनी बात रख रहे थे तो राष्ट्रीय जनता दल, जनता दल यूनाइटेड और कांग्रेस के सांसदों ने उनकी टिप्पणी का विरोध किया.

    समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, समाजवादी पार्टी और आम आदमी पार्टी के सांसदों ने भी आरजेडी, जेडीयू और कांग्रेस के सांसदों का समर्थन किया.

  17. कॉलेजियम: सरकार और सुप्रीम कोर्ट की रस्साकशी को आसान भाषा में समझें

    हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के जजों की नियुक्ति को लेकर सरकार और न्यायपालिका के बीच टकराव कोई नई बात नहीं है, लेकिन पिछले कुछ समय से टकराव गहराता दिख रहा है, ख़ास तौर पर केंद्रीय कानून मंत्री के उस बयान के बाद जिसमें उन्होंने कॉलेजियम सिस्टम को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं.

    कॉलेजियम सिस्टम वह प्रक्रिया है जिससे सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट के जजों की नियुक्ति और तबादले किए जाते हैं.

    कॉलेजियम शब्द आपको सुनने में आपको तकनीकी लग सकता है, लेकिन इसे समझना इसलिए ज़रूरी है क्योंकि इसी से तय होगा है कि आपके यानी आम नागरिक के मौलिक अधिकारों की रक्षा करने वाली संस्था न्यायपालिका को कौन और कैसे चलाएगा.

    ताज़ा बहस तब शुरू हुई जब 25 नवंबर को केंद्रीय क़ानून मंत्री किरेन रिजिजू ने जजों की नियुक्ति करने की पूरी प्रक्रिया को ही 'संविधान से परे' या एलियन बता दिया.

  18. बांग्लादेश में राजनीतिक टकराव बढ़ा, विपक्ष के दो बड़े नेता गिरफ़्तार

    बांग्लादेश में प्रधानमंत्री शेख़ हसीना का इस्तीफ़ा मांगने के लिए होने जा रही रैली से ठीक पहले विपक्ष के दो बड़े नेताओं को हिरासत में ले लिया गया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के महासचिव मिर्ज़ा फ़खरुल इस्लाम आलमगीर और स्थाई समिति के सदस्य मिर्जा अब्बास को गिरफ़्तार कर लिया गया है.

    बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री ख़ालिदा ज़िया की पार्टी बीएनपी की प्रवक्ता ने कहा है कि पुलिस ने पार्टी के शीर्ष नेता और ढाका के पूर्व मेयर अब्बास को भी गिरफ़्तार किया गया. बीएनपी प्रवक्ता ज़हीरुद्दीन स्वप्न ने कहा कि सादे कपड़ों में आए लोगों ने कहा कि आलमगीर को ‘आलाकमान के आदेश' पर उठाया जा रहा है.

    ख़ालिदा ज़िया की पार्टी प्रधानमंत्री शेख़ हसीना के इस्तीफ़े के साथ ही कार्यवाहक सरकार की ओर से चुनाव करवाने की मांग कर रही है. बीएनपी को आशंका है कि अगर अवामी लीग के शासन में रहते हुए चुनाव हुए तो उनमें धांधली हो सकती है.

    बांग्लादेश में अगले आम चुनाव साल 2024 में होने हैं.

  19. गुजरात को लेकर अरविंद केजरीवाल के दावे हुए फ़ेल, क्या कह रहे हैं लोग

    आज से क़रीब दस दिन पहले 28 नवंबर 2022 को एक संवाददाता सम्मेलन में पत्रकारों के सवाल पर आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल केजरीवाल बोले कि भरोसे के साथ "कह सकता हूं कि मेरे सर्वे के अनुसार गोपाल इटालिया भारी मार्जिन से जीत रहे हैं और ये मैं लिखकर दे सकता हूं."

    इसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी शेयर किया गया. इस नोट में केजरीवाल ने तीन भविष्यवाणियां की थीं. लेकिन चुनाव नतीजे आने के बाद उनके तीनों दावे फेल हो गए. केजरीवाल ने अक्तूबर 2022 में दावा किया कि आईबी की एक रिपोर्ट आई है जिसके अनुसार अभी गुजरात में चुनाव हों तो यहां 'कम मार्जिन से' आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी.

    केजरीवाल ने दावा किया कि 27 साल बाद प्रदेश में लोगों को बीजेपी से छुटकारा मिलेगा. लेकिन चुनाव नतीजों के बाद इन दावों को लेकर सोशल मीडिया पर लोग अरविंद केजरीवाल को निशाने पर ले रहे हैं. कई लोग लिख रहे हैं कि केजरीवाल 'अतिउत्साही हो गए थे.'

  20. यूट्यूब से 75 लाख रुपये मुआवज़ा मांगने वाले पर कोर्ट ने लगाया 25 हज़ार का जुर्माना

    यूट्यूब से 75 लाख रुपये के मुआवज़े की मांग करने वाले एक याचिकाकर्ता पर सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को 25 हज़ार रुपये का जुर्माना लगाया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट ने याचिका को 'बेबुनियाद' बताते बुए ख़ारिज कर दिया.

    मध्य प्रदेश के इस शख़्स ने याचिका में कहा था कि यूट्यूब पर आने वाले विज्ञापनों से उनका ध्यान भटकता था और इसी कारण वो प्रतियोगी परीक्षा पास नहीं कर पाए.

    जस्टिस एसके कौल और एएस ओका की बेंच ने कहा, "आप मुआवज़ा मांग रहे हैं क्योंकि आपने इंटरनेट पर विज्ञापन देखे और इससे आपका ध्यान भटक गया और परीक्षा उत्तीर्ण नहीं कर पाएं?"

    बेंच ने कहा, "ये अनुच्छेद 32 के तहत सबसे बेबुनियाद याचिकाओं में से एक हैं... इस तरह की याचिका सिर्फ़ अदालत का समय बर्बाद करती है."

    याचिकाकर्ता ने सोशल मीडिया पर नग्नता पर रोक लगाने की भी मांग की थी. बेंच ने पाया कि याचिकाकर्ता ने परीक्षा की तैयारी करने के लिए यू ट्यूब का इस्तेमाल कर रहे थे जहां उन्हें अश्लील विज्ञापन दिख रहे थे. बेंच ने कहा, "अगर आपको विज्ञापन पसंद नहीं हैं, तो मत देखिए."

    पहले कोर्ट ने याचिकाकर्ता पर एक लाख का जुर्माना लगाया था लगाया था. बाद में याचिकाकर्ता ने जुर्माना हटाने की मांग की, तो कोर्ट ने 25,000 रुपये देने के लिए कहा.