अमेरिका से तनाव के बीच सऊदी अरब पहुंचेंगे चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग

चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग इस सप्ताह सऊदी अरब की तीन दिवसीय यात्रा करेंगे.

लाइव कवरेज

प्रियंका झा and शुभम किशोर

  1. अमेरिका से तनाव के बीच सऊदी अरब पहुंचेंगे चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग

    शी जिनपिंग

    इमेज स्रोत, Getty Images

    चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग इस सप्ताह सऊदी अरब की तीन दिवसीय यात्रा करेंगे. इस दौरान वो दुनिया के सबसे बड़े तेल निर्यातक देश सऊदी अरब के किंग से मुलाकात करेंगे.

    आधिकारिक सऊदी प्रेस एजेंसी ने कहा कि जिनपिंग बुधवार को वहां पहुंचेंगे.

    यह यात्रा सऊदी अरब और अमेरिका के बीच ऊर्जा नीति से लेकर क्षेत्रीय सुरक्षा और मानवाधिकारों के मुद्दों के बीच हो रही है.

    दुनिया की नंबर दो अर्थव्यवस्था के प्रमुख जिनपिंग, छह सदस्यीय खाड़ी सहयोग परिषद के प्रमुखों के साथ एक शिखर सम्मेलन में भी भाग लेंगे और क्षेत्र के साथ चीन के बढ़ते संबंधों को मजबूत करने के लिए मध्य पूर्व के अन्य देशों के नेताओं के साथ बातचीत करेंगे.

    कोरोनोवायरस महामारी शुरू होने के बाद से जिनपिंग की ये तीसरी विदेश यात्रा है और 2016 के बाद से सऊदी अरब की उनकी पहली यात्रा है.

  2. डॉक्टर भीमराव आंबेडकर की ज़िंदगी के आख़िरी 24 घंटों की कहानी

    आंबेडकर

    इमेज स्रोत, MAHARASHTRA GOVERNMENT

    6 दिसंबर 1956. इस दिन बाबा साहेब अंबेडकर का निधन हो गया था. भारत के शोषितों और कमज़ोर तबक़ों के संरक्षक डॉक्टर बाबासाहेब आंबेडकर का जाना उनके लिए बहुत बड़ा झटका था.

    अपना अस्तित्व बचाने और पढ़ाई के लिए डॉक्टर बाबासाहेब आंबेडकर का संघर्ष, दलितों के उत्थान के लिए उनके प्रयास और आज़ाद भारत के संविधान के निर्माण में उनका योगदान बहुत से लोगों के लिए प्रेरणा स्रोत रहा है.

    उनके लिए ये सफ़र बहुत मुश्किल रहा था. इस पूरे सफ़र के दौरान, बाबासाहेब कई बीमारियों से जूझते रहे थे. वो डायबिटीज़, ब्लडप्रेशर, न्यूराइटिस और आर्थराइटिस जैसी लाइलाज़ बीमारियों से पीड़ित थे.

    डाइबिटीज़ के चलते उनका शरीर बेहद कमज़ोर हो गया था. गठिया की बीमारी के चलते वो कई कई रातों तक बिस्तर पर दर्द से परेशान रहते थे.

  3. मल्लिका साराभाई केरल कलामंडलम डीम्ड यूनिवर्सिटी की चांसलर बनीं, आरिफ मोहम्मद ख़ान को हटाया गया

      • Author, इमरान क़ुरैशी
      • पदनाम, बेंगलुरु से, बीबीसी हिंदी के लिए
    मल्लिका साराभाई

    इमेज स्रोत, Getty Images

    केरल सरकार ने प्रसिद्ध नृत्यांगना मल्लिका साराभाई को कला और संस्कृति के लिए केरल कलामंडलम डीम्ड यूनिवर्सिटी का चांसलर नियुक्त किया है.

    वह राज्यपाल आरिफ मोहम्मद ख़ान की जगह लेंगी, जिन्हें पिछले हफ़्ते चांसलर के पद से हटाया गया था. ख़ान की वाइस चांसलरों की नियुक्तियों को लेकर लेफ्ट डेमोक्रेटिक सरकार से साथ खींचतान की ख़बरे आ रही थीं.

    मंगलवार को जारी एक आदेश में, राज्य सरकार ने कहा, "केरल कलामंडलम के क्लॉज़ 29.1.0 के अनुसार कला और संस्कृति के लिए विश्वविद्यालय माना जाता है. कुलाधिपति कला और संस्कृति के क्षेत्र में एक प्रतिष्ठित व्यक्ति होगा."

    पिछले कुछ महीनों में राज्यपाल 11 कुलपतियों से इस्तीफा देने को कह चुके थे.

    उनका निर्देश एपीजे अब्दुल कलाम प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति की नियुक्ति पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर आधारित है. कोर्ट ने कहा थी कि सर्च कमेटी द्वारा सिफारिश किए जाने वाले सिर्फ एक नाम के आधार पर कुलपति की नियुक्ति नहीं की जा सकती है.

  4. कर्नाटक और महाराष्ट्र का सीमा विवाद आख़िर हिंसा और तोड़फोड़ तक कैसे पहुंचा

    महाराष्ट्र-कर्नाटक सीमा विवाद

    इमेज स्रोत, ANI

    कर्नाटक और महाराष्ट्र के बीच सीमा विवाद फ़िलहाल थमने का नाम नहीं ले रहा है. दोनों राज्यों की सीमा पर कन्नड़ रक्षक वेदिका नाम के एक संगठन ने महाराष्ट्र से आने वाली ट्रेनों को नुकसान पहुंचाया है.

    सुबह से ही संगठन के लोग टोल नाकों पर विरोध कर रहे थे. बेंगलुरु हाइवे से ग़ुज़रने वाली ट्रेनों को नुकसान पहुंचाया गया है. कई गाड़ियों पर भी पथराव किया गया है और शीशे तोड़े गए हैं.

    महाराष्ट्र के मंत्री चंद्रकांत पाटिल और बॉर्डर कोऑर्डिनेशन कमेटी के सदस्य शंभूराजे देसाई को इस मुद्दे पर बातचीत के लिए बेलगाम जाना था लेकिन कर्नाटक सरकार की तरफ़ से एक चिट्ठी लिखकर दोनों को आने से मना किया गया.

    दोनों राज्यों के नेताओं के बीच बयानबाज़ी का सिलसिला जारी है. पिछले कुछ दिनों से कर्नाटक के मुख्यमंत्री बोम्मई कह रहे हैं कि महाराष्ट्र के कुछ गांवों को कर्नाटक में जोड़ा जाएगा.

  5. मथुरा: मस्जिद में हनुमान चालीसा पढ़ने जा रहे हिंदू महासभा के नेता गिरफ़्तार, 40 लोग हिरासत में लिए गए

    मथुरा

    इमेज स्रोत, ANI

    मथुरा में अखिल भारतीय हिंदू महासभा के एक नेता को मंगलवार को गिरफ़्तार किया गया है. इसके अलावा 40 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया.

    ये लोग कथित तौर पर श्री कृष्ण जन्मभूमि कॉम्पलेक्स स्थित शाही मस्जिद ईदगाह में हनुमान चालीसा पढ़ने जा रहे थे.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक संगठन के सात-आठ दूसरे नेताओं को भी उनके घर में ही हिरासत में लिया गया है.

    अखिल भारतीय हिंदू महासभा ने बाबरी मस्जिद गिरने के तीस साल पूरे होनं पर शाही मस्जिद ईदगाह में हनुमान चालीसा पढ़ने के लिए लोगों को आने कहा था.

    मथुरा के एसएसपी शैलेष पांडे ने बताया कि संगठन के किसी भी सदस्य को ईदगाह तक पहुंचने नहीं दिया गया.

  6. बेसन की कहानी, जिसके बिना गुजरातियों का दिन नहीं गुजरता

    वीडियो कैप्शन, बेसन की कहानी, जिसके बिना गुजरातियों का दिन नहीं गुजरता

    गुजरात की हवाओं में यूं तो इन दिनों चुनावी रंग घुले हुए हैं, लेकिन इस वीडियो में बात न तो सियासत की होगी और न ही वोट की.

    आज कहानी उस स्वाद, पहचान, और जायके की है, जिसके बिना यहां की सुबह भी अधूरी है और शाम भी.

    बेसन की कहानी देखिए.

  7. सरोगेट मां का बच्चे पर अधिकार नहीं: कोर्ट

    सरोगेट मां

    इमेज स्रोत, UMESH NEGI

    दिल्ली की एक अदालत ने एक शादीशुदा दंपत्ति को सरोगेसी से हुए बच्चे का कानूनी माता पिता मानते हुए कहा है कि सरोगेट मां और उनके पति का बच्चे पर हक नहीं है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक अदालत वादी (एनआरआई युगल) द्वारा दायर एक मुकदमे की सुनवाई कर रही थी, जिन्होंने 28 अगस्त, 2019 को प्रतिवादियों के साथ एक समझौता किया था. उन्हें आशंका थी कि प्रतिवादी भविष्य में बच्चे की कस्टडी का दावा कर सकते हैं.

    प्रशासनिक सिविल न्यायाधीश दीपक वत्स ने फ़ैसले में कहा, "इस मामले में दलीलों को ध्यान में रखते हुए, लिखित बयान की सामग्री, अभियोजन पक्ष के गवाह 1 (एनआरआई पति) की जिरह, भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के दिशानिर्देश और 228वें कानून आयोग की रिपोर्ट, को देखते हुए मैं मानता हूं कि वादी राहत पाने का हकदार है."

    अदालत ने कहा कि दिशानिर्देशों में कहा गया है कि सरोगेट मां कानूनी मां नहीं थी और जन्म प्रमाण पत्र अनुवांशिक माता-पिता के नाम पर बनाया जाना था

  8. इस एटीएम से सोने के सिक्के निकलते हैं

    वीडियो कैप्शन, इस एटीएम से सोने के सिक्के निकलते हैं

    ये एटीएम मशीन करेंसी नोट नहीं बल्कि सोने के सिक्के देती है. तेलंगाना में लगी इस मशीन को देश का पहला गोल्ड एटीएम कहा जा रहा है.

    गोल्डसिक्का नामक एक कंपनी ओपनक्यूब टेक्नोलॉजी की मदद से इसे बेगमपेट में लॉन्च किया है. ये एटीएम अलग-अलग वज़न के गोल्ड कॉइन दे सकती है.

    लोगों को क्रेडिट या डेबिट कार्ड से भुगतान करना होगा और पसंद का सोने का सिक्का ये मशीन उन्हें दे देगी.

  9. पत्रकार की मौत मामले में इसराइल के ख़िलाफ़ अंतरराष्ट्रीय अदालत पहुंचा अल-जज़ीरा

    पत्रकार की हत्या

    इमेज स्रोत, Reuters

    पत्रकार शिरीन अबु अक़लेह की मौत के मामले में अल जज़ीरा नेटवर्क ने इसराइली सेना के ख़िलाफ़ अंतरराष्ट्रीय क्रिमिनल कोर्ट (आईसीसी) में अपील की है.

    वेस्ट बैंक में इसराइली सेना की एक रेड के दौरान मई में फ़लस्तीनी-अमेरिकी पत्रकार की सिर में गोली लगने से मौत हो गई थी.

    इसराइली सेना ने कहा कि मुमकिन है कि उनके एक सैनिक की गोली से पत्रकार की मौत हुई हो लेकिन उन्होंने इसे ग़ैर इरादतन बताया था.

    वहीं अल जज़ीरा ने कहा है कि उनसे पास ये साबित करने के लिए सबूत हैं कि “जानबूझ कर ये हत्या की गई.”

    इसराइल आईसीसी के अधिकार को मान्यता नहीं देता है और उसने कब्जे वाले क्षेत्रों में संभावित युद्ध अपराधों की जांच में सहयोग से इनकार कर दिया है.

  10. डॉक्टर भीमराव आंबेडकर की ज़िंदगी के आख़िरी 24 घंटों की कहानी

    आंबेडकर

    इमेज स्रोत, MAHARASHTRA GOVERNMENT

    6 दिसंबर 1956. भारत के दलित समुदाय के लिए इस तारीख़ की सुबह, सूरज नहीं उगा, बल्कि वो डूब गया था. इस तारीख़ को शोषित और कमज़ोर तबक़ों के संरक्षक, डॉक्टर बाबासाहेब आंबेडकर का निधन हो गया था.

    अपना अस्तित्व बचाने और पढ़ाई के लिए डॉक्टर बाबासाहेब आंबेडकर का संघर्ष, दलितों के उत्थान के लिए उनके प्रयास और आज़ाद भारत के संविधान का निर्माण, उनके लिए ये सफ़र बहुत मुश्किल रहा था.

    इस पूरे सफ़र के दौरान, बाबासाहेब कई बीमारियों से जूझते रहे थे. वो डायबिटीज़, ब्लडप्रेशर, न्यूराइटिस और आर्थराइटिस जैसी लाइलाज़ बीमारियों से जूझते रहे थे.

    डाइबिटीज़ के चलते उनका शरीर बेहद कमज़ोर हो गया था. गठिया की बीमारी के चलते वो कई कई रातों तक बिस्तर पर दर्द से कराहते रहते थे.

  11. दिन भर, पूरा दिन, पूरी ख़बर इक़बाल अहमद और प्रेरणा के साथ

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  12. पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर में प्रदर्शन, पीएम शहबाज़ शरीफ़ के पुतले फूंके

      • Author, एम ए जर्राल, पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर से, बीबीसी के लिए
    पाकिस्तान

    इमेज स्रोत, MA Jarral

    पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ़ के कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर के मुज़फ़्फ़राबाद में प्रधानमंत्री शाहबाज़ शरीफ़ के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन किया.

    प्रदर्शनकारी शाहबाज़ शरीफ़ से माफ़ी की मांग कर रहे हैं. उनका कहना है शरीफ़ ने पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर के प्रधानमंत्री तनवीर इल्यास का अपमान किया है.

    तनवीर इल्यास ने शाहबाज़ शरीफ़ को उनके भाषण के बीच में टोका था. इल्यास मंगला डैम से प्रभावितों और इलाके में सस्ती बिजली का मुद्दा उठा रहे थे.

    प्रदर्शनकारियों ने सेंट्रल प्रेस क्लब मुज़फ़्फ़राबाद के बाहर टायर जलाए और मुख्य हाईवे को ब्लॉक किया. प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ के पुतले भी जालए.

    इसके अलावा इस्लामाबाद में तनवीर इल्यास के एक बड़े शॉपिंग मॉल को सील कर दिया गया है.

    पाकिस्तान

    इमेज स्रोत, MA Jarral

    सोमवार को क्या हुआ था?

    सोमवार को शहबाज़ शरीफ़ और तनवीर इल्यास के बीच एक कार्यक्रम के दौरान बहस हो गई थी.

    पीएम शहबाज़ मंगला डैम डाइड्रोएलेक्ट्रिक पावर प्लांट के यूनिट 5 और यूनिट 6 के उद्घाटन समारोह में भाषण दे रहे थे.

    एक वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो गया जिसमें दिख रहा है कि जब शहबाज़ अपना भाषण ख़त्म करने वाले थे, उसी समय उन्होंन इलियास को सीट पर वापस बैठने के लिए कहा.

    वीडियो में इल्यास शरीफ़ की आवाज़ सुनी जा सकती है जिसमें वो ‘आज़ाद कश्मीर के लोगों के बलिदान’ के बारे में बोल रहे हैं.

    वो फिर से उन्हें बैठने कहते हैं, लेकिन शहबाज़ उन्हें ये कह कर बैठने के लिए कहते हैं कि वो उनसे बाद में बात करेंगे.

    इसके बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इल्यास ने अफ़सोस जताते हुए कहा वहां आने से पहले शहबाज़ ने पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर आने से पहले वहां की सरकार को कॉन्फ़िडेंस में नहीं लिया.

  13. भारत और पाकिस्तान के बीच की तल्ख़ी क्या एशिया कप क्रिकेट को ले डूबेगी?

    भारत और पाकिस्तान क्रिकेट

    इमेज स्रोत, Stu Forster-ICC

    एशिया कप क्रिकेट की मेज़बानी को लेकर भारत और पाकिस्तान आमने-सामने हैं. दोनों देशों के क्रिकेट अधिकारियों, जानकारों और पूर्व क्रिकेटर्स के बीच बयानबाज़ी हो रही है.

    इन सबके बीच एशिया कप को लेकर ही सवाल उठने लगे हैं. अगले साल सितंबर में एशिया कप की मेज़बानी पाकिस्तान को करनी है.

    लेकिन पिछले दिनों भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव जय शाह के एक बयान को लेकर विवाद उठ खड़ा हुआ.

  14. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तेजस्वी से जाना लालू प्रसाद यादव का हाल

      • Author, चंदन कुमार जजवाड़े
      • पदनाम, बीबीसी संवाददाता, बिहार से
    तेजस्वी यादव

    आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के किडनी ट्रांसप्लांट के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तेजस्वी यादव को फोन किया है.

    आरजेडी की तरफ से बताया गया है कि मंगलवार सुबह पीएम मोदी ने उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव से बात कर लालू प्रसाद यादव का हाल-चाल लिया है.

    वहीं सिंगापुर में भारतीय दूतावास के अधिकारियों ने भी तेजस्वी यादव से मुलाक़ात की है.

    दूतावास के अधिकारियों ने आपरेशन के बाद लालू प्रसाद यादव का हालचाल जाना और उनके जल्द ठीक होने की कामना की.

    इससे पहले सोमवार यानी 5 दिसंबर को लालू यादव का ऑपरेशन सिंगापुर के माउंट एलिज़ाबेथ अस्पताल में हुआ है.

    लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने ही अपने पिता को किडनी डोनेट किया है.

    लालू के बेटे और बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के मुताबिक़ रोहिणी की किडनी ही अपने पिता से सबसे ज़्यादा मिली है.

    रोहिणी आचार्य लालू की दूसरे नंबर की बेटी हैं और वो सिंगापुर में ही रहती हैं.

    रोहिणी ने ट्वीट किया था, "जिस पिता ने इस दुनिया में मुझे आवाज दी. जो मेरे सबकुछ हैं, उनके लिए अगर मैं अपने जीवन का छोटा सा भी योगदान दे पाती हूँ तो मेरा परम सौभाग्य होगा."

  15. कर्नाटक- महाराष्ट्र विवाद: शरद पवार ने कहा, हालात नहीं सुधरे, तो मैं जाऊंगा बेलगाम

    महाराष्ट्र

    कर्नाटक और महाराष्ट्र के बीच सीमा विवाद फ़िलहाल थमने का नाम नहीं ले रहा है. कन्नड़ रक्षक वेदिका संगठन ने महाराष्ट्र की ट्रेनों को नुकसान पहुंचाया है.

    सुबह से ही संगठन के लोग टोल नाकों पर विरोध कर रहे थे. बैंगलोर हाइवे से ग़ुज़रने वाली ट्रेनों को नुकसान पहुंचाया गया है. कई गाड़ियों पर भी पथराव किया गया है और शीशे तोड़े गए हैं.

    महाराष्ट्र के मंत्री चंद्रकांत पाटिल और बॉर्डर कोऑर्डिनेशन कमेटी के सदस्य शंभूराजे देसाई को इस मुद्दे पर बातचीत के लिए बेलगांव जाना था लेकिन कर्नाटक सरकार की तरफ़ से एक चिट्ठी लिखकर दोनों को आने से मना किया गया.

    पिछले कुछ दिनों से कर्नाटक के मुख्यमंत्री बोम्मई कह रहे हैं कि महाराष्ट्र के कुछ गांवों को कर्नाटक में जोड़ा जाएगा. दोनों राज्यों के नेताओं के बीच बयानबाज़ी का सिलसिला जारी है.

    महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने बोम्मई से बातचीत कर अपनी निराशा जताई है. वहीं बोम्मई ने बातचीत में कहा कि महाराष्ट्र से आने वाली गाड़ियों की सुरक्षा की जाएगी.

    महाराष्ट्र

    इस बीच एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार ने कहा है कि एक अलग तरह का सीमा विवाद पैदा करने की कोशिश हो रही है. उन्होंने कहा कि बेलगाम की घटनाएं निंदनीय हैं.

    पवार ने कहा, "अगर महाराष्ट्र की गाड़ियां पर हमले अगले 24 घंटों में नहीं रुके तो इसके लिए ज़िम्मेदार कर्नाटक के मुख्यमंत्री होंगे."

    उन्होंने कहा बोम्मई एकता को भंग करने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने कहा केंद्र को इस ओर ध्यान देना चाहिए.

    उन्होंने कहा, "अगर हालात नहीं सुधरे, तो मैं और मेरी पार्टी के कार्यकर्ता बेलगाम के लोगों का समर्थन वहां जाकर करेंगे."

  16. केरल: विदेशी महिला के रेप और हत्या के मामले में टूरिस्ट गाइड समेत दो को उम्र कैद

    रेप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    केरल की एक अदालत ने लात्विया की एक सैलानी के रेप और हत्या के आरोप में दो लोगों को उम्र कैद की सज़ा सुनाई है.

    33 साल की वो महिला, जो अपनी बहन के साथ भारत आई थीं, दक्षिणी केरल के एक रिसॉर्ट से 14 मार्च 2018 को गायब हो गई थीं.

    38 दिन के बाद उनकी लाश कोवलम से मिली थी. एक टूरिस्ट गाइड समेत दो लोगों को इस मामले में गिरफ़्तार किया गया था.

    मंगलवार को तिरुवनन्थपुरम की एक सेसेन्स कोर्ट ने उन्हें दोषी करार दिया.

    कोर्ट ने पाया कि उमेश, 32 और उदय कुमार, 28 ने पहले महिला को गांजे का लालच दिया और फिर जब वो बहुत नशे में थीं तब उनका रेप किया.

    दोनों बहने आयुर्वेदिक ट्रीटमेंट के लिए केरल आई थीं. 21 अप्रैल को मछुआरों को महिला की लाश मिली थीं.

  17. रूस को पश्चिमी देशों ने मारी लंगड़ी, लेकिन भारत और चीन के दोनों हाथ में लड्डू

    पुतिन, मोदी और शी जिनपिंग

    इमेज स्रोत, Getty Images

    जी-7, यूरोपीय संघ और ऑस्ट्रेलिया की ओर से रूस के कच्चे तेल पर प्राइस कैप लगाने और ओपेक प्लस देशों की ओर से उत्पादन न बढ़ाने के फ़ैसले से अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में कच्चे तेल के दाम में फिर तेज़ी दिखाई देने लगी है.

    इन फ़ैसलों की वजह से सोमवार को अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में कच्चे तेल के दाम में तुरंत बढ़ोतरी देखने को मिली और ये 0.6 फ़ीसदी बढ़ कर 86 डॉलर प्रति बैरल पर पहुँच गया.

    दरअसल यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद सप्लाई चेन की परेशानियों की वजह से कच्चे तेल के दाम में तेज़ इज़ाफ़ा हुआ था. लेकिन हाल के दिनों में क्रूड फ़्यूचर के दामों में गिरावट आई है.

    इसकी एक वजह कच्चे तेल के सबसे बड़े उपभोक्ता देश चीन में कोरोना की वजह से लगा लॉकडाउन है. इस लॉकडाउन की वजह से चीन में औद्योगिक गतिविधियाँ धीमी पड़ गई हैं और तेल की खपत कम हो गई है.

  18. अमेरिका के नए जर्नलिज़्म क़ानून पर मेटा की आपत्ति, FB से न्यूज़ कंटेंट हटाने की धमकी दी, बेन डेरिको और जेम्स क्लेटन, बीबीसी न्यूज़, सैन फ़्रांसिस्को

    फ़ेसबुक

    इमेज स्रोत, CHESNOT

    मेटा ने अमेरिका में फ़ेसबुक से न्यूज़ कंटेंट को हटाने की धमकी दी है.

    कंपनी ने एक नए क़ानून पर आपत्ति जताते हुए ये धमकी दी है. इस क़ानून से न्यूज़ कंटेंट देने वाली कंपनियों को फ़ेसबुक पर अपनी सामग्री शेयर करने के एवज में भुगतान को लेकर मोलभाव करने के लिए अधिक शक्तियां मिल जाएंगी.

    इसी तरह क़ानून ऑस्ट्रेलिया में भी पास किया गया था. इसके बाद फ़ेसबुक पर कुछ समय के लिए ख़बरें प्रतिबंधित हो गई थीं.

    मेटा का दावा है कि उसका प्लेटफ़ॉर्म न्यूज़ कंपनियों को ट्रैफ़िक बढ़ाने में मदद करता है, फिर चाहे वो छोटी कंपनी ही क्यों न हो.

    मेटा का कहना है कि फ़ेसबुक पर कंपनियां ख़बरें इसलिए शेयर करती हैं क्योंकि इससे उनकी मदद होती है.

    इस क़ानून का नाम जर्नलिज़्म कॉम्पिटिशन एंड प्रिज़रवेशन एक्ट (जेसीपीए) है. इसे मिनेसोटा के सीनेटर एमी लॉब्यूचर ने संसद में पेश किया था.

    इससे प्रकाशकों और ब्रॉडकास्टरों के पास अपने कंटेंट के बदले में सोशल मीडिया कंपनियों से भुगतान पर मोलभाव करने की अधिक शक्तियां मिलेंगी.

    मेटा के प्रवक्ता ऐंडी स्टोन ने कहा, "अगर कांग्रेस इस जर्नलिज़्म बिल को पास करती है तो हमें अपने प्लेटफ़ॉर्म से न्यूज़ कंटेंट हटाने को मजबूर होना पड़ेगा."

    मीडिया कंपनियों का तर्क है कि मेटा को अपने प्लेटफ़ॉर्म पर शेयर हो रही ख़बरों से बहुत आमदनी होती है.

    वहीं मेटा इस तर्क को ख़ारिज करता है और कहता है कि उसका प्लेटफ़ॉर्म संघर्ष कर रही छोटी-छोटी मीडिया कंपनियों को भी अधिक से अधिक पाठक-दर्शकों तक पहुंचने में मदद करता है. साथ ही ये उसकी कमाई का एक छोटा सा हिस्सा है.

  19. विवेक अग्निहोत्री ने दिल्ली हाईकोर्ट से माफ़ी मांगी

    विवेक

    इमेज स्रोत, ANI

    फ़िल्म निर्माता विवेक अग्निहोत्री ने दिल्ली हाईकोर्ट से माफ़ी मांगी है. अग्निहोत्री ने दिल्ली हाईकोर्ट से जस्टिस एस मुरलीधर के गौतम नवलखा को बेल देने के फ़ैसले की आलोचना की थी.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक 'द कश्मीर फ़ाइल्स' के निर्देशक अग्निहोत्री ने 2018 में किए गए अपने ट्वीट के लिए कोर्ट से बिना शर्त माफ़ी मांगी है. भीमा कोरेगांव मामले में अभियुक्त गौतम नवलखा की ट्रांज़िट रिमांड को जस्टिस एक मुरलीधर ने रद्द कर दिया था.

    अग्निहोत्री ने जस्टिस सिद्धार्थ मृदुल और जस्टिस तलवंत सिंह की बेंच से माफ़ी मांगी. बेंच ने उन्हें अगली सुनवाई के दौरान मौजूद रहने का आदेश दिया है.

    कोर्ट ने इस मामले में स्वत संज्ञान लिया था. अग्निहोत्री ने वकील ने एफ़िडेविट में कहा कि उनके क्लायंट ने ट्वीट डिलीट कर दिए थे. हालांकि एमिकस क्यूरी ने कहा कि ट्विट सोशल मीडिया वेबसाइट ट्विटर ने डिलीट किए थे, अग्निहोत्री ने नहीं.

    इस मामले में अगली सुनवाई 16 मार्च को होगी. बेंच ने कहा, "उन्होंने अवमानना की है इसलिए हमने उन्हें यहां हाज़िर होने के लिए कहा है.क्या उन्हें यहां आकर माफ़ी मांगने में दिक्कत हैं? माफ़ी हमेशा एफ़िडेविट से नहीं मांगी जाती."

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

  20. लखीमपुर हिंसा: केंद्रीय मंत्री अजय मिश्र टेनी के बेटे आशीष मिश्र समेत 14 अभियुक्तों पर आरोप तय

      • Author, प्रशांत पांडेय
      • पदनाम, लखीमपुर खीरी से बीबीसी हिंदी के लिए
    टेनी

    इमेज स्रोत, Prashant/BBC

    लखीमपुर हिंसा मामले में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी के बेटे आशीष मिश्र उर्फ मोनू समेत 14 अभियुक्तों पर अदालत ने आरोप तय कर दिए हैं.

    आशीष मिश्र समेत 14 अभियुक्तों पर हत्या,हत्या का प्रयास,बलवा,अंगभंग करना समेत तमाम गम्भीर धाराओं में मुकदमा चलेगा.

    अपर ज़िला जज प्रथम सुनील कुमार वर्मा की अदालत ने आज मंगलवार को सुबह वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए सुनवाई की.

    आशीष मिश्र समेत अंकित दास और सभी 14 अभियुक्तों पर आरोप तय कर दिए.

    अदालत ने अब अगली सुनवाई की तारीख 16 दिसम्बर तय की है.जिसमें मामले में वादी की गवाही होगी.

    टेनी

    इमेज स्रोत, Prashant/BBC

    ज़िला शासकीय अधिवक्ता अरविंद त्रिपाठी ने बीबीसी को बताया कि,'आशीष मिश्र उर्फ मोनू,अंकित दास, सुमित जायसवाल उर्फ़ मोदी,लतीफ काले,सत्यम त्रिपाठी,आशीष पाण्डेय,लवकुश राना, शेखर भारती, शिशुपाल,उल्लास कुमार,रिंकू राना, धर्मेंद्र बंजारा पर हत्या,हत्या के प्रयास, बलवा, घातक हथियारों के साथ बलवा, 302 हत्या, 307हत्या का प्रयास, 326 अंग भंग करना,427 सम्पत्ति को नुकसान पहुंचाना,120बी आईपीसी और 177 मोटर वेहिकल एक्ट की धाराओं में अदालत ने आरोप तय किए हैं.

    अधिवक्ता अरविंद त्रिपाठी ने बीबीसी को आगे बताया कि,'अदालत ने आशीष मिश्र मोनू,अंकित दास,नन्दन सिंह विष्ट,सत्यम उर्फ सत्य प्रकाश त्रिपाठी,लतीफ उर्फ काले पर आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में आरोप तय किए हैं.

    त्रिपाठी ने बताया कि 14वें अभियुक्त वीरेंद्र शुक्ला पर 201 आईपीसी के तहत आरोप तय हुए हैं. वहीं अदालत ने 16 दिसम्बर को अभियोजन साक्ष्य के लिए सुनवाई की अगली तिथि तय की है.

    टेनी

    इमेज स्रोत, Prashant/BBC

    क्या था मामला

    3 अक्टूबर 2021 को यूपी के लखीमपुर खीरी जिले के तिकुनिया में किसान आंदोलन और प्रदर्शन के दौरान थार और दो अन्य एसयूवी गाड़ियों से चार किसानों और एक पत्रकार को रौंद कर हत्या कर दी गई थी.

    एसआईटी ने केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी के बेटे आशीष मिश्र मोनू समेत 14 अभियुक्तों पर हत्या,सुनियोजित साजिश, एमवी व आर्म्स एक्ट की तमाम गम्भीर धाराओं में चार्ज शीट अदालत में दाखिल की.सोमवार को अदालत ने मामले में डिस्चार्ज अर्जियाँ खारिज कर दी थीं.

    मंगलवार को आरोप तय कर दिए गए.अब 16 दिसम्बर को अदालत में अगली सुनवाई होगी.