You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

यूक्रेन के कई इलाकों में मिसाइलों से हमला, दो की मौत

यूक्रेन के कई हिस्सों में मिसाइलों से हमले हुए हैं. यूक्रेन के अधिकारियों के मुताबिक दक्षिणी ज़ापोरिज़िया इलाके में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई.

लाइव कवरेज

प्रियंका झा and शुभम किशोर

  1. लालू प्रसाद यादव के लिए बेटे तेज प्रताप ने किया रुद्राभिषेक, ट्विटर पर लिखा- "मिस यू पापा"

    राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) प्रमुख लालू प्रसाद यादव के किडनी ट्रांसप्लांट के लिए आज सिंगापुर के माउंट एलिज़ाबेथ अस्पताल में ऑपरेशन हो रहा है. इस बीच उनके बेटे और बिहार सरकार में मंत्री तेज प्रताप यादव ने अपने पिता के स्वास्थ्य के लिए रुद्राभिषेक किया.

    तेज प्रताप यादव ने इसका वीडियो ट्वीट करते हुए साथ में पिता के लिए भावुक संदेश भी लिखा.

    उन्होंने ट्वीट किया, "बुरी बलाओं से ईश्वर आपको रखे दूर, फिर से स्वस्थ होकर मुस्कुराएं आप, बस यही कामना है मेरी ईश्वर से, जल्दी से ठीक होकर घर जाएं आप. जल्दी ठीक हो जाओ पापा. मिस यू."

    बीते माह ही लालू प्रसाद यादव और उनकी बेटी रोहिणी आचार्य की किडनी मैच हो गई थी.

    आरजेडी मुखिया लालू लंबे समय से कई बीमारियों से ग्रसित हैं. उन्हें डायबिटीज़ और हाई ब्लड प्रेशर जैसी बीमारी भी है.

    लालू प्रसाद यादव जुलाई महीने में पटना के अपने घर पर गिर गए थे जिससे उन्हें काफी चोट आई थी.

    रोहिणी आचार्य सिंगापुर में ही रहती हैं.

    किडनी मैच होने पर रोहिणी आचार्य ने ट्वीट किया था, "जिस पिता ने इस दुनिया में मुझे आवाज़ दी. जो मेरे सब कुछ हैं, उनके लिए अगर मैं अपने जीवन का छोटा-सा भी योगदान दे पाती हूँ, तो मेरा परम सौभाग्य होगा. धरती पर भगवान माता-पिता होते हैं, इनकी पूजा और सेवा हर बच्चे का फ़र्ज़ है.''

    आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव के नौ बच्चे हैं और रोहिणी आचार्य उनकी दूसरे नंबर की बेटी हैं.

  2. हरीश रावत का बयान- पाकिस्तान के कब्ज़े वाले कश्मीर को छुड़ाने का यही सही समय

    कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने रविवार को कहा कि पाकिस्तान के कब्ज़े वाले कश्मीर को छुड़ाने का ये एकदम सही समय है.

    हरीश रावत ने कहा कि पाकिस्तान फ़िलहाल कमज़ोर स्थिति में है और यही वो समय है जब हमें उसके कब्ज़े वाले कश्मीर को वापस ले लेना चाहिए.

    समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत के दौरान रावत ने कहा, "पाकिस्तान के अवैध कब्ज़े वाले कश्मीर को छुड़ाना हमारा दायित्व है और हमारी संसद ने वो प्रस्ताव पास किया है. कांग्रेस की सरकार में वो प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास हुआ है. मोदी जी की सरकार के एजेंडे में भी ये होना चाहिए. ये केवल बातों से नहीं होना चाहिए. इस समय पाकिस्तान बहुत कमज़ोर हालत में है. ये समय है जब हम पाकिस्तान से उसके कब्ज़े वाले कश्मीर को ले सकते हैं. "

    पाकिस्तान के नए सैन्य प्रमुख जनरल सैयद आसिम मुनीर ने कहा था कि अगर उनके देश पर हमला हुआ तो सेना अपने मुल्क़ की रक्षा करने और दुश्मन को जवाब देने के लिए तैयार है. रावत ने आसिम मुनीर के इसी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए पीओके वापस लेने की बात कही.

    उससे पहले नॉर्दर्न आर्मी कमांडर लेफ़्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने कहा था कि भारतीय सेना आदेश मिलने पर पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर को छुड़ाने के लिए तैयार है. पाकिस्तान के नए सैना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर ने इस बयान पर टिप्पणी करते हुए युद्ध की तैयारी की बात कही थी.

  3. रूसी तेल की कीमतों पर लगाम लगाने के बाद बढ़े कच्चे तेल के दाम, एनाबेल लियांग, बीबीसी बिज़नेस रिपोर्टर

    जी-7 देशों की ओर से रूस के तेल की कीमत 60 डॉलर प्रति बैरल तक सीमित करने को लेकर हुए समझौते के बाद सोमवार को अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में कच्चे तेल के दामों में उछाल देखा गया.

    अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में बिकने वाले ब्रेंट क्रूड की कीमत एशियाई कारोबार में करीब एक फ़ीसदी तक बढ़ गई.

    पश्चिमी देशों ने यूक्रेन पर हमले के बाद रूस पर दबाव बनाने के मक़सद से ये समझौता किया है, जो सोमवार से प्रभावी होगा.

    घटती विकास दर और बढ़ती ब्याज़ दरों के बीच ओपेक प्लस देशों की ओर से तेल उत्पादन घटाने के फ़ैसले पर अडिग रहने के बाद ये समझौता किया गया है.

    ओपेक प्लस 23 तेल नियार्तक देशों का एक समूह है, जिसमें रूस भी शामिल है. अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में कितना कच्चा तेल बेचा जाना है, ये तय करने के लिए समूह तय अंतराल पर मिलता रहता है.

    बीते सप्ताह जी-7 और ऑस्ट्रेलिया ने एक संयुक्त बयान जारी कर कहा था कि रूसी तेल की कीमत पर 60 डॉलर प्रति बैरल की सीमा सोमवार से लागू होगी. इस समूह का कहना है कि ये क़दम यूक्रेन पर हमले के बाद रूस को फ़ायदा कमाने से रोकेगा.

    इस समझौते का सीधा अर्थ ये है कि 60 डॉलर प्रति बैरल या उससे कम कीमत पर खरीदे गए रूसी तेल को ही जी-7 और यूरोपिय संघ के टैंकरों के ज़रिए भेजा जा सकेगा. साथ ही इसी कीमत पर रूसी तेल खरीदने वालों को बीमा कंपनी और क्रेडिट देने वाले संस्थानों से मदद की मंज़ूरी होगी.

    इस क़दम से रूस के लिए अपना तेल ऊंचे दामों पर बेचना और मुश्किल हो जाएगा क्योंकि बहुत सी बड़ी शिंपिंग और बीमा कंपनियां जी-7 देशों में हैं.

    जी-7 दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाले देशों का समूह है. इसमें कनाडा, फ़्रांस, जर्मनी, इटली, जापान, ब्रिटेन और अमेरिका शामिल हैं.

  4. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को 51 अर्थशास्त्रियों ने लिखा खुला पत्र, की ये मांगें

    दुनियाभर के 51 प्रतिष्ठित अर्थशास्त्रियों ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण तो खुला पत्र लिखकर सामाजिक सुरक्षा पेंशन और मां बनने के बाद महिलाओं को उचित लाभ दिए जाने और इसके लिए बजट में राशि आवंटित करने की मांग की है.

    अर्थशास्त्रियों ने बताया है कि वो इससे पहले 20 दिसंब 2017 और 21 दिसंब 2018 को भी इस संबंध में पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली को चिट्ठी लिख चुके हैं लेकिन उनके प्रस्तावों पर अब तक ध्यान नहीं दिया गया.

    चिट्ठी में कहा गया है कि सरकार अभी वृद्धों को राष्ट्रीय पेंशन योजना के तहत सिर्फ़ 200 रुपये प्रतिमाह का भुगतान करती है. ये राशि साल 2006 से बढ़ाई नहीं गई है. इसे बढ़ाकर 500 रुपये या उससे अधिक करना चाहिए. सरकार फ़िलहाल 2.1 करोड़ लोगों को पेंशन देती हैं. नई व्यवस्था लागू करने के लिए इसके लिए सरकार को बजट में 7 हज़ार 560 करोड़ रुपये अतिरिक्त आवंटित करने होंगे.

    विधवा पेंशन को भी 300 से बढ़ाकर 500 रुपये करने की मांग की गई है. इस पर 1560 करोड़ रुपये का अतिरिक्त ख़र्च होगा.

    इस पत्र में ये भी कहा गया है कि साल 2013 से राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा क़ानून के तहत महिलाओं को मां बनने पर 6000 रुपये दिए जाने का प्रावधान था लेकिन केंद्र सरकार ने कई सालों तक इसपर कोई क़दम नहीं उठाया. साल 2017 में इस संबंध में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना लाई गई. हालांकि, इसके लिए बजट में कभी भी ढाई हज़ार करोड़ रुपये से अधिक आवंटित नहीं किए गए. ये राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के मानदंडों के अनुसार ज़रूरी बजट का एक तिहाई भी नहीं है. ये अपने आप में क़ानून का उल्लंघन है.

    इस योजना के तहत एक महिला को हर बच्चे पर सिर्फ़ 5000 रुपये ही मिलते हैं. साल 2023-24 के केंद्रीय बजट में खाद्य सुरक्षा क़ानून के तहत जिन मातृत्व लाभों को ज़रूरी बताया गया है, वो सब लागू होने चाहिए. इसके लिए बजट में 8 हज़ार करोड़ रुपये का आवंटन करना होगा.

    चिट्ठी में ये भी कहा गया है कि सुप्रीम कोर्ट के एक आदेश के अनुसार सभी लाभार्थियों को हर महीने की सात तारीख को भुगतान होना चाहिए.

  5. केएल राहुल के बांग्लादेश के ख़िलाफ़ 'कैच ड्रॉप' पर आया सुनील गावस्कर का बयान

    भारतीय क्रिकेट टीम रविवार को बांग्लादेश के साथ हुए पहले एकदिवसीय मैच में एक विकेट से हार गई.

    आख़िरी ओवरों में टीम इंडिया की ख़राब फ़ील्डिंग को हार की सबसे बड़ी वजह बताया जा रहा है. ख़ासतौर पर केएल राहुल की सोशल मीडिया पर जमकर आलोचना हो रही है क्योंकि उन्होंने मेहदी हसन का एक आसान सा कैच छोड़ दिया था और फिर मेहदी हसन ने ही ये मैच बांग्लादेश की झोली में डाल दिया.

    लेकिन पूर्व क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने केएल राहुल का बचाव करते हुए ये कहा है कि अगर टीम ने सिर्फ़ 186 रन ही बनाए तो अकेले केएल राहुल को हार का ज़िम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता है.

    उन्होंने मैच के बाद ब्रॉडकास्टर्स से बातचीत के दौरान कहा, "आप सिर्फ़ उन्हें ज़िम्मेदार नहीं ठहरा सकते. हां, वो आख़िरी विकेट ज़रूरी थी. वहां मैच ख़त्म हो सकता था. लेकिन सच ये भी है कि भारत ने सिर्फ़ 186 रन बनाए थे. मेरा मानना है कि आपको इस ओर भी देखना चाहिए. गेंदबाज़ों ने अच्छा प्रदर्शन किया और भारत को ऐसी स्थिति में लाए जहां बांग्लादेश 136 रन पर ही 9 विकेट खो चुकी थी. इसके बाद हसन मिराज आए. उनका भाग्य भी साथ था क्योंकि कैच छूटा और उन्होंने कुछ दमदार शॉट भी मारे. भारत ने अगर 250 रन बनाए होते तो नज़ारा कुछ और होता."

    सोशल मीडिया पर कुछ लोग केएल राहुल की तारीफ़ कर रहे हैं तो कुछ लोग उन्हें हार का ज़िम्मेदार बता रहे हैं.

    ट्विटर पर एक यूज़र ने लिखा, "अकेले केएल राहुल को क्यों ज़िम्मेदार ठहरा रहे हो भाई लोग? 73 रन तो मारे. अगर नहीं स्कोर किया रहता तो 120 भी बनाने मुश्किल थे. फर्ज़ी में बलि का बकरा बना रहे. "

    प्रमोद कुमार सिंह लिखते हैं, "बांग्लादेश ने 136 रन पर 9 विकेट खो दिए. उन्हें 51 रन चाहिए थे जीत के लिए और उन्होंने ये बना लिए. केएल राहुल ने मेहदी हसन मिराज का कैच छोड़ा और वहीं अंत हो गया. हमारे गेंदबाज़ आख़िरी विकेट लेने में नाकामयाब रहे और बांग्लादेश 1 विकेट से जीत गया."

    पहले बल्लेबाज़ी करते हुए भारत ने 186 रन बनाए थे. इसमें 73 रन अकेले केएल राहुल ने जोड़े. बांग्लादेश की ओर से शाकिब अल हसन ने सबसे ज़्यादा 5 विकेट लिए.

  6. LIVE: गुजरात में विधानसभा चुनाव का दूसरा और अंतिम चरण. अहमदाबाद के जमालपुर खाड़िया में मतदान का क्या है हाल?

    LIVE: गुजरात में विधानसभा चुनाव का दूसरा और अंतिम चरण. अहमदाबाद के जमालपुर खाड़िया में मतदान का क्या है हाल, बता रहे हैं बीबीसी के अभिनव गोयल. (कैमरा- शाहनवाज़)

  7. गुजरात चुनाव: पीएम मोदी ने अहमदाबाद के स्कूल में डाला वोट

    विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के अहमदाबाद में वोट डाला.

    प्रधानमंत्री मोदी अहमदाबाद के रानिप में निशान पब्लिक स्कूल में मतदान करने पहुंचे.

    दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने भी अपनी पत्नी के साथ अहमदाबाद में वोट डाला.

    गुजरात में 93 सीटों पर सोमवार को मतदान हो रहा है. पहले चरण के लिए एक दिसंबर को 89 सीटों पर मतदान हुआ था.

    पहले चरण में 63.14 फ़ीसदी वोटिंग हुई थी.

    राज्य में विधानसभा चुनाव के नतीजे 8 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे.

  8. गुजरात: शाही इमाम ने मुस्लिम महिलाओं को चुनाव में टिकट देने को बताया धर्म से बग़ावत, बोले- "मर्द नहीं हैं क्या"

    अहमदाबाद में जामा मस्जिद के शाही इमाम शब्बीर अहमद सिद्दीक़ी ने कहा है कि चुनावों में महिलाओं को टिकट देना इस्लाम के ख़िलाफ़ विद्रोह जैसा है और ये मज़हब को कमज़ोर करता है.

    गुजरात विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान से पहले मीडिया से बातचीत में शाही इमाम ने ये टिप्पणी की.

    उन्होंने कहा, "अगर आप इस्लाम की बात करते हैं...क्या आपने एक भी औरत को नमाज़ पढ़ते हुए देखा है? इस्लाम में नमाज़ की सबसे ज़्यादा अहमियत है. अगर इस्लाम में महिलाओं का लोगों के सामने आना जायज़ होता तो उन्हें मस्जिद में आने से नहीं रोका जाता."

    "मस्जिद में आने से रोका गया क्योंकि औरत की इस्लाम में एक निश्चित जगह है. इसलिए जो कोई भी औरतों को टिकट देते हैं, वो इस्लाम के खिलाफ़ बग़ावत करते हैं. मर्द नहीं हैं क्या जो आप औरतों को ला रहे हैं? इससे हमारा मज़हब कमज़ोर होगा. ज़ाहिर बात है कि अगर आप अपनी औरतों को एमएलए, पार्षद इत्यादि बनाएंगे तो इससे हिजाब महफ़ूज़ नहीं रह पाएगा. तब हम सरकार के सामने भी ये मुद्दा नहीं उठा पाएंगे, क्योंकि सरकार कहेगी कि आपके घरों की औरतें चुनाव लड़ रही हैं, असेंबली पहुंच रही हैं, संसद में जा रही हैं, स्टेज पर लोगों से अपील कर रही हैं."

    उन्होंने कहा, "चुनाव लड़ने के लिए घर-घर जाना पड़ेगा, फिर वो हिंदू हो या मुसलमान हो. इस्लाम में औरत की आवाज़ भी औरतें हैं. इसलिए जहां मजबूरी नहीं है वहां मर्द लड़े. हां, जहां क़ानून है कि यहां से सिर्फ़ औरतें ही लड़ेंगी तो वहां दीजिए टिकट."

    गुजरात में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान आज हो रहा है. नतीजे 8 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे.

  9. मुलायम सिंह के गढ़ मैनपुरी के साथ ही इन जगहों पर आज उपचुनाव

    गुजरात विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के साथ-साथ उत्तर प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, राजस्थान और ओडिशा में उपचुनाव भी हो रहे हैं.

    समाजवादी पार्टी के दिवंगत नेता मुलायम सिंह यादव की मैनपुरी लोकसभा सीट पर सबकी निगाहें हैं. आज़मगढ़ सहित अपने गढ़ माने जाने वाली कई सीटों पर हार के बाद समाजवादी पार्टी ने यहां ज़ोरदार प्रचार किया है.

    इसके अलावा उत्तर प्रदेश की दो विधानसभा सीट रामपुर सदर और खतौली के लिए भी उपचुनाव हो रहे हैं.

    बिहार की कुरहणी, छत्तीसगढ़ में भानुप्रतापुर, राजस्थान के सरदार शहर और ओडिशा में पदमपुर विधानसभा सीटों पर भी वोटिंग हो रही है.

    मैनपुरी सीट मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद खाली हुई थी. अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव इस सीट पर समाजवादी पार्टी की ओर से चुनाव लड़ रही हैं. उनके सामने बीजेपी की ओर से पूर्व सांसद रघुराज शाक्या मैदान में हैं.

    रामपुर सदर और खतौली सीटों पर समाजवादी पार्टी के आज़म ख़ान और बीजेपी विधायक विक्रम सिंह सैनी के अयोग्य करार दिए जाने के बाद उपचुनाव हो रहा है.

    राजस्थान, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में मौजूदा विधायकों की असामयिक मौत के बाद सीटें खाली हुई थीं.

    इन सीटों पर मतगणना भी गुजरात और हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनावों के साथ 8 दिसंबर को होगी.

  10. लालू प्रसाद यादव का सिंगापुर में आज ऑपरेशन, बेटी रोहिणी आचार्य दे रही हैं किडनी

    राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) प्रमुख लालू यादव की किडनी ट्रांसप्लांट के लिए सोमवार को सर्जरी होगी. उनकी बेटी रोहिणी आचार्य ने अस्पताल से तस्वीर साझा की और लोगों से दुआ देने को कहा है.

    लालू यादव का ऑपरेशन सिंगापुर के माउंट एलिज़ाबेथ अस्पताल में होगा. लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ही पिता को किडनी डोनेट कर रही हैं.

    बीते माह ही रोहिणी आचार्य और लालू प्रसाद यादव की किडनी मैच हो गई थी.

    आरजेडी मुखिया लालू लंबे समय से कई बीमारियों से ग्रसित हैं. उन्हें डायबिटीज़ और हाई ब्लड प्रेशर जैसी बीमारी भी है.

    लालू प्रसाद यादव जुलाई महीने में पटना के अपने घर पर गिर गए थे जिससे उन्हें काफ़ी चोट आई थी.

    रोहिणी आचार्य सिंगापुर में ही रहती हैं.

    किडनी मैच होने पर रोहिणी आचार्य ने ट्वीट किया था, "जिस पिता ने इस दुनिया में मुझे आवाज़ दी. जो मेरे सब कुछ हैं, उनके लिए अगर मैं अपने जीवन का छोटा-सा भी योगदान दे पाती हूँ, तो मेरा परम सौभाग्य होगा. धरती पर भगवान माता-पिता होते हैं, इनकी पूजा और सेवा हर बच्चे का फ़र्ज़ है.''

    आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव के नौ बच्चे हैं और रोहिणी आचार्य उनकी दूसरे नंबर की बेटी हैं.

  11. गुजरात चुनाव: दूसरे चरण की 93 सीटों पर मतदान शुरू, इन बड़े नेताओं की क़िस्मत दांव पर

      • Author, अभिनव गोयल
      • पदनाम, बीबीसी संवाददाता, गुजरात से

    गुजरात विधानसभा चुनाव के दूसरे और आख़िरी चरण के लिए आज 93 सीटों पर मतदान शुरू हो गया है. इस फ़ेज़ में पीएम नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह भी वोट डालेंगे.

    14 ज़िलों की 93 सीटों पर सुबह आठ बजे से वोटिंग शुरू हो गई.

    चुनावी मैदान में कुल 833 उम्मीदवार हैं. इस चरण के चुनाव में कुल 2.51 करोड़ मतदाता वोट करेंगे. इसमें 1.29 करोड़ पुरुष और 1.22 करोड़ महिला मतदाता शामिल हैं. इन मतदाताओं में 5.96 लाख मतदाताओं की उम्र 18 से 19 साल है.

    गुजरात विधानसभा में कुल 182 सीटें हैं. पहले चरण के लिए 89 सीटों पर एक दिसंबर को वोटिंग हो चुकी है.

    आठ दिसंबर को चुनाव नतीजे आएंगे.

    पीएम मोदी कहां करेंगे वोट?

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अहमदाबाद के साबरमती विधानसभा सीट के वोटर हैं. वे रानीपनी निशान स्कूल पहुंचकर वोट डालेंगे.

    2017 के नतीजे

    2017 के विधानसभा चुनावों में, सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने 93 में से कुल 51 सीटें जीतीं और कांग्रेस ने 39 सीटों पर जीत हासिल की थी, वहीं तीन सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार जीत कर आए थे.

    अगर मध्य गुजरात की बात करें तो भाजपा ने 37 और कांग्रेस ने 22 सीटों पर जीत दर्ज की थी. इसके अलावा उत्तर गुजरात में कांग्रेस ने 17 सीटें और बीजेपी के खाते में 14 सीटें गई थीं.

    भाजपा और अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी सभी 93 सीटों पर चुनाव लड़ रही है. वहीं कांग्रेस 90 सीटों पर और उसकी सहयोगी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) ने दो सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं.

    बड़े नेताओं की क़िस्मत दांव पर - मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल- अहमदाबाद की घाटलोडिया सीट (बीजेपी), पाटीदार नेता हार्दिक पटेल- अहमदाबाद की वीरमगाम सीट (बीजेपी), अल्पेश ठाकोर- गांधीनगर दक्षिण सीट (बीजेपी), दलित नेता जिग्नेश मेवाणी- बनासकांठा ज़िले की वडगाम सीट (कांग्रेस), भाजपा के बागी नेता मधु श्रीवास्तव- वडोदरा जिले की वाघोडिया सीट (निर्दलीय).

  12. पोलैंड को हराकर फ़्रांस ने क्वॉर्टर फ़ाइनल में जगह बनाई, अब इंग्लैंड की टीम से होगा मुक़ाबला

    क़तर में चल रहे फ़ुटबॉल वर्ल्ड कप में रविवार को फ़्रांस ने पोलैंड को राउंड ऑफ़ 16 के मुक़ाबले में 3-1 से हरा दिया. इसी के साथ फ़्रांस ने क्वार्टर फ़ाइनल में भी जगह पक्की कर ली है.

    फ़्रांस के युवा ख़िलाड़ी किलियन एम्बाप्पे अपनी टीम की जीत के सितारे बने. उन्होंने मैच में दो गोल दागकर टीम की जीत पक्की की. इसके अलावा ऑलिवर गिरूड ने भी एक गोल दागकर रिकॉर्ड बना लिया.

    वो फ़्रांस के लिए सबसे अधिक 52 गोल दागने वाले खिलाड़ी बन गए. इससे पहले थियरी हेनरी ने टीम के लिए 51 गोल दागे थे.

    कुल नौवीं बार फ़्रांस ने आख़िरी आठ टीमों में जगह बनाई है. वह लगातार तीन विश्वकप में क्वार्टर फ़ाइनल तक पहुंची है.

    सेनेगल को हराकर इंग्लैंड भी अंतिम 8 टीमों में पहुंचा

    फ़्रांस के साथ ही रविवार को इंग्लैंड ने भी क्वार्टर फ़ाइनल में एंट्री कर ली है. टीम ने प्री-क्वार्टर मुक़ाबले में सेनेगल पर 3-0 से बड़ी जीत दर्ज की.

    इंग्लैंड के लिए मैच में कप्तान हैरी केन, उपकप्तान जॉर्डन हेंडरसन और युवा ख़िलाड़ी बुकायो साका ने एक-एक गोल दागे.

    अब क्वॉर्टर फ़ाइनल में इंग्लैंड और फ़्रांस की टीमें आमने-सामने होंगी.

    इंग्लैंड ने इस टूर्नामेंट में अब तक 12 गोल दागे हैं. इससे पहले रूस में हुए पिछले विश्वकप में भी टीम ने कुल 12 गोल किए थे.

  13. नमस्कार, बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है.अभिवादन स्वीकार कीजिए.

    ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 04 दिसंबर के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    आज की अहम ख़बरें-

    - मध्य प्रदेश के रतलाम ज़िले में एक अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आकर कम से कम 6 लोगों की मौत हो गई.

    - पोलैंड को हराकर फ़्रांस ने क्वॉर्टर फ़ाइनल में जगह बनाई, अब इंग्लैंड की टीम से होगा मुक़ाबला.

    - गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए दूसरे चरण का मतदान आज, 93 सीटों पर होगी वोटिंग.

    - जी-20 की मेज़बानी से पहले रणनीति और सुझाव पर विचार के लिए केंद्र सरकार ने आज सर्वदलीय बैठक बुलाई है.