You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
यूक्रेन के कई इलाकों में मिसाइलों से हमला, दो की मौत
यूक्रेन के कई हिस्सों में मिसाइलों से हमले हुए हैं. यूक्रेन के अधिकारियों के मुताबिक दक्षिणी ज़ापोरिज़िया इलाके में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई.
लाइव कवरेज
प्रियंका झा and शुभम किशोर
यूक्रेन के कई इलाकों में मिलाइलों से हमला, दो की मौत
यूक्रेन के कई हिस्सों में मिसाइलों से हमले हुए हैं. यूक्रेन के अधिकारियों के मुताबिक दक्षिणी ज़ापोरिज़िया इलाके में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई.
ये हमले रूस के मिलिट्री एयरफ़ील्ड पर हुए धमाकों के बाद हुए हैं. ये इलाका यूक्रेन से सैंकड़ों किलोमीटर दूर है. इस हमले में कई लोगों के मारे जाने की ख़बर है, हालांकि किसी ने अभी तक इसकी ज़िम्मेदारी नहीं ली है.
यूक्रेन के एनर्जी इन्फ़्रास्ट्रक्चर को मिसाइलों से नुकसान हुआ है. इसके कारण कई इलाकों में बिजली गुल है.
यूक्रेन से आ रही तस्वीरों में देखा जा सकता है कि गर्म कपड़े पहनेलोगों ने मेट्रो स्टेशनों में शरण ले रखी है. कीएव में अभी तापमान -5 डिग्री सेल्सियस है.
यूक्रेन ने राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा है उनके एयर डिफेंस ने कई रूसी मिसाइलों को गिराया है और बिजली सप्लाई सुनिश्चित करने के लिए काम चल रहा है.
22 साल बाद पाकिस्तान की हार के बाद क्या बोले बाबर आज़म?
पाकिस्तान की टीम इंग्लैंड के हाथों रावलपिंडी टेस्ट 74 रन से हार गई है. पाकिस्तान की धरती पर इंग्लैंड के हाथों टेस्ट मैच में 22 साल बाद मिली हार के बाद कप्तान बाबर आज़म ने कहा कि पिच को लेकर मेरा सुझाव तो लिया गया लेकिन जो पिच मैं चाहता था वो मुझे नहीं मिली.
इंग्लैंड ने पाकिस्तान के सामने जीत के लिए 343 रनों का लक्ष्य रखा था लेकिन पूरी टीम 268 रन पर आउट हो गई. रावलपिंडी की यह पिच पहले दिन से ही चर्चा में है. पहले दिन इंग्लैंड ने इस पर 500 से अधिक रिकॉर्ड रन बना डाले थे.
इसके बाद रमीज़ राज़ा समेत कई क्रिकेटरों ने इसकी आलोचना की. आलम यह रहा कि इस पिच पर खेली गई पहली दो पारियों में सात बल्लेबाज़ों ने शतक जमाए.
बाबर आज़म का इस पिच को लेकर दर्द मैच के बाद छलका जब उन्होंने कहा, "हां पिच को लेकर मेरा इनपुट लिया गया था और हमने स्पष्ट तौर पर बता दिया था कि हमें क्या चाहिए है लेकिन मौसम के कारण या अन्य किसी वजह से हमें वो नहीं दिया गया. लेकिन हम ऐसी पिच चाहते थे जिस पर स्पिनर्स की गेंद टर्न हों."
वर्ल्ड कप फ़ुटबॉल: कौन-सी टीम पहुंची क्वार्टर फ़ाइनल में, किसका है आज मैच
कांग्रेस के पीएम पर लगाए आरोपों पर चुनाव आयोग का आया जवाब
पीएम मोदी के ख़िलाफ़ कांग्रेस के लगाए गए आरोपों पर चुनाव आयोग ने कहा है कि उनकी जांच में ये स्थापित नहीं हो पाया है कि पीएम ने वोटिंग के दौरान किसी तरह का रोड शो किया था.
पीएम मोदी ने गुजरात चुनाव के मतदान के दूसरे चरण में 5 दिसंबर की सुबह अहमदाबाद में वोट डाला.
पीएम के वोट डालने के बाद कांग्रेस ने शिकायत की थी कि उन्होंने रोड शो निकाला जो कि नियमों का उल्लंघन हैं. चुनाव आयोग ने कहा कि वहा भीड़ खुद इकट्ठा हुई थी.
कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा, “चुनाव आयोग की क्या मजबूरियां हैं कि वो लाईव भी देखता है, चुप भी रहता है. गांधी जी के तीन बंदर हुआ करते थे, उन्हें कुछ दिखाई नहीं देता, उन्हें कुछ सुनाई नहीं देता.”
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक कांग्रेस के आरोप लगाने के कुछ समय बाद अतिरिक्त चुनाव आयुक्त ने एक बयान जारी कर कहा, “कांग्रेस पार्टी ने पीएम के बूथ तक चल कर जाने से जुड़ी शिकायत की थी. हमने अहमदाबाद में तैनात चुनाव अधिकारी से तुरंत रिपोर्ट मांगी. रिपोर्ट के मुताबिक ये साबित नहीं हो पाया कि वहां रोड शो हुआ था. और वहां भीड़ खुद ही इकट्ठा हो गई थी."
अखिलेश प्रसाद सिंह बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बनाए गए
कांग्रेस ने सांसद अखिलेश सिंह को बिहार का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है.
कांग्रेस के जनरल सेक्रेटरी के सी वेणुगोपाल ने एक की ओर से जारी प्रेस रिलीज़ में कहा गया सिंह तत्काल प्रभाव से पद संभालेंगे.
उन्होंने पार्टी की ओर से मदन मोहन झा का पद पर रहने के लिए धन्यवाद दिया.
छह महीने बाद चीनी अंतरिक्ष यात्री पृथ्वी पर लौटे
चीन के तीन अंतरिक्ष यात्री अपने अंतरिक्ष स्टेशन पर छह महीने का मिशन पूरा करने के बाद धरती पर लौट आए हैं.
ये अंतरिक्ष यात्री तियांगोंग अंतरिक्ष स्टेशन के निर्माण के अंतिम चरण की देखरेख के लिए 5 जून को रवाना हुए थे. उनकी समयसीमा नवंबर में पूरी हो गई थी.
रविवार को शेनझोउ -14 अंतरिक्ष यान का चालक दल रविवार को चीन के मंगोलिया के स्वायत्त क्षेत्र में उतरा.
चीन की अंतरिक्ष एजेंसी ने इस मिशन को 'पूरी तरह सफल' बताया है.
अंतरिक्ष स्टेशन से रवाना होने के लगभग नौ घंटे बाद स्थानीय समयानुसार 20:00 बजे के बाद अंतरिक्ष यान उतरा. लैंडिंग साइट पर मौजूद कर्मचारियों ने पर चालक दल को कैप्सूल से बाहर निकाला,
समाचार एजेंसी शिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक चीन की पहली महिला अंतरिक्ष यात्री यांग ने कहा कि अंतरिक्ष स्टेशन में उनकी यादें अविस्मरणीय हैं और वो 'मातृभूमि लौटने के लिए उत्साहित थी.'
दिन भर, पूरा दिन, पूरी ख़बर इक़बाल अहमद और प्रेरणा के साथ
रूस में दो सैन्य हवाई क्षेत्रों में धमाके - रिपोर्ट
ख़बरों के मुताबिक रूस से दो सैन्य हवाई क्षेत्रों में धमाके हुए हैं. जिसमें कई लोग मारे गए हैं.
मॉस्को के दक्षिण-पूर्व में रियाज़ान शहर के पास एअर फ़ील्ड में एक ईंधन टैंकर में विस्फोट होने से तीन लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए.
साराटोव क्षेत्र में हुए विस्फोट में दो अन्य लोगों के घायल होने की ख़बर है.
अभी तक इन धमाकों की वजह का पता नहीं चला है. दोनों इलाके यूक्रेन की सीमा से सैकड़ों किलोमीटर दूर हैं.
क्रेमलिन के प्रवक्ता दमित्री पेस्कोव ने कहा कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को इन दोनों घटनाओं के बारे में सूचना दे दी गई है.
साराटोव के रीजनल गवर्नर ने कहा है कि सुरक्षा एजेंसिया धमाके का कारण पता लगाने में जुटी हैं. उन्होंने इसे "मिलिट्री ठिकानों पर हादसे की रिपोर्ट" बताया है.
सैटेलाइट से ली गई तस्वीरों में एंगल्स एयरबेस पर लड़ाकू विमान खड़े देखे जा सकते हैं.
दूसरी तस्वीरों से पता चलता है कि इस एयरबेस पर मिलिट्री विमानों की संख्या में कुछ इज़ाफ़ा हुआ है.
यूक्रेन ने इसपर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं है.
बाघ के अवशेष खोजने में लग गए 85 साल, पर मिले कहाँ?, टिफ़नी टर्नबुल, बीबीसी न्यूज़, सिडनी
करीब 85 साल पहले ग़ायब हो चुके तस्मानियाई बाघ के अवशेष अब ऑस्ट्रेलिया के एक म्यूज़ियम की अलमारी से मिले हैं. ये संभवतः आख़िरी तस्मानियाई बाघ था.
इस बाघ की मौत साल 1936 में होबार्ट चिड़ियाघर में हुई थी और उसका शव फिर एक स्थानीय म्यूज़ियम को सौंप दिया गया था.
लेकिन इसके बाद बाघ के कंकाल और खाल के साथ क्या हुआ, ये रहस्य बना हुआ था.
तस्मानियन म्यूज़ियम एंड आर्ट गैलरी के पास बाघ के अवशेष के बारे में कुछ जानकारी नहीं थी. उनका मानना था कि ये अवशेष फेंक दिए गए.
अब नए शोध में पता लगा है कि अवशेष म्यूज़ियम में ही संरक्षित थे लेकिन इसे सूचीबद्ध नहीं किया जा सका था.
साल 2000 में विलु्प्त हो रही जानवरों की प्रजातियों पर किताब लिखने वाले रॉबर्ट पैडल ने कहा, "सालों से बहुत से म्यूज़ियमों और शोधकर्ताओं ने इस बाघ के अवशेषों को खोजने की असफल कोशिश की. ये मान लिया गया था कि बाघ का शव फेंक दिया गया है."
लेकिन म्यूज़ियम की रखवाली करने वाले कर्मियों को एक अप्रकाशित रिपोर्ट मिली, जिसके बाद उन्होंने म्यूज़ियम के कलेक्शन को खंगालना शुरू कर दिया.
नतीजतन, उन्हें म्यूज़ियम के एजुकेशन डिपार्टमेंट की अलमारी में मादा बाघ के अवशेष मिले.
इसे प्रदर्शनी के लिए ऑस्ट्रेलिया में ही कई जगह ले जाया जा चुका था लेकिन म्यूज़ियम के कर्मियों को इस बात की जानकारी नहीं थी कि ये आख़िरी तस्मानियाई बाघ के अवशेष हैं.
अब इस बाघ के कंकाल और खाल को होबार्ट के म्यूज़ियम के डिसप्ले में रखा गया है.
लखीमपुर हिंसा: आशीष मिश्र पर मंगलवार को तय किए जाएंगे आरोप
लखीमपुर हिंसा मामले में केंद्रीय मंत्री अजय मिश्र टेनी के बेटे आशीष मिश्र समेत 13 अभियुक्तों पर अब मंगलवार को आरोप तय किए जाएंगे.
सोमवार को लखीमपुर खीरी ज़िले की एडीजे अदालत ने चार किसानों और एक पत्रकार की रौंदकर की गई हत्या के मामले में आरोपी 13 अभियुक्तों की आरोप मुक्त करने की अर्ज़ियां खारिज कर दीं.
ज़िला शासकीय अधिवक्ता अरविंद त्रिपाठी ने बीबीसी को बताया कि 'अदालत में अभियुक्तों के वकीलों ने आरोप मुक्त करने की अर्ज़ी दाखिल कर एसआईटी की लगाई गई धाराओं को चैलेंज किया था जिसका अभियोजन ने पुरजोर विरोध किया.अदालत ने सिर्फ़ कॉमन इंटेंशन की धारा 34 को हटाया है.'
मामला
तीन अक्टूबर 2021 को यूपी के लखीमपुर खीरी जिले के तिकुनिया कोतवाली क्षेत्र में किसानों के प्रदर्शन के दौरान थार और दो अन्य एसयूवी गाड़ियों ने चार किसानों,एक पत्रकार को रौंद दिया था.
किसानों की रौंदकर हत्या का आरोप केंद्रीय गृह राज्य मंत्री और खीरी के साँसद अजय मिश्र टेनी के बेटे आशीष मिश्र उनके साथियों पर तीन है.
एसआईटी ने इस मामले में मंत्री पुत्र आशीष मिश्र समेत 14 आरोपियों पर एक राय होकर,जानबूझकर हत्या करने का आरोप पत्र अदालत में पेश किया था.
आरोप पत्र दाखिल होने के बाद 13 आभियुक्तों की तरफ से कोर्ट में अर्जियां दाखिल की गई थी. अभियोजन की तरफ से डिस्चार्ज अर्ज़ियों पर आपत्ति दाखिल की गई थी.
29 नवंबर को एडीजे की अदालत में डिस्चार्ज अर्जियों पर सुनवाई हुई थी. सोमवार को एडीजे सुनील कुमार वर्मा ने डिस्चार्ज अर्जियों पर फैसला सुनाते हुए केंद्रीय मंत्री के पुत्र आशीष मिश्र समेत 13 आरोपितों की डिस्चार्ज अर्जिया खारिज कर दी है.
ब्रेकिंग न्यूज़, रावलपिंडी टेस्ट इंग्लैंड ने जीता, 22 साल बाद पाकिस्तान में मिली जीत
17 साल बाद पाकिस्तान की धरती पर टेस्ट मैच खेल रही इंग्लैंड की टीम ने रावलपिंडी टेस्ट जीत लिया है.
इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 74 रन से हरा दिया. इंग्लैंड ने रावलपिंडी टेस्ट के पहले दिन ही चार विकेट पर 506 रनों का रिकॉर्ड खड़ा किया था. टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में मैच के पहले ही दिन किसी भी टीम का ये अब तक का सर्वोच्च स्कोर है. इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में 657 रन बनाए,
चार बल्लेबाज़ों ने शतक जमाया. तो पाकिस्तान भी पीछे नहीं रहा. उसने भी अपनी पहली पारी में तीन बल्लेबाज़ों के शतक की बदौलत 579 रन बनाए. इंग्लैंड ने 264 रन बना कर अपनी दूसरी पारी घोषित की और पाकिस्तान के सामने जीत के लिए 343 रन का लक्ष्य रखा. पाकिस्तान की टीम 268 पर सिमट गई.
इंग्लैंड की पाकिस्तान में केवल तीसरी टेस्ट जीत
यह पाकिस्तान की धरती पर टेस्ट मैच में इंग्लैंड को 22 साल बाद मिली जीत है. तब इंग्लैंड ने दिसंबर 2000 में कराची टेस्ट 6 विकेट से जीता था. साथ ही यह इंग्लैंड की पाकिस्तान की धरती पर टेस्ट मैचों में मिली केवल तीसरी जीत है.
अब तक पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच पाकिस्तान में 23 टेस्ट मैच खेले गए हैं. इनमें से पाकिस्तान ने 4 जबकि इंग्लैंड ने तीन में जीत हासिल की है. अन्य 16 टेस्ट ड्रॉ रहे हैं. बात अगर ओवरऑल रिकॉर्ड की करें तो दोनों देशों ने अब तक कुल 87 टेस्ट मैच आपस में खेले हैं. यहां इंग्लैंड ने 27 जीत के साथ पाकिस्तान (21 जीत) पर बढ़त बनाए है.
अवैध शराब पर सुप्रीम कोर्ट ने पंजाब सरकार से पूछे सवाल
अवैध शराब के उत्पादन और बिक्री को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने पंजाब सरकार पर निशाना साधा है.
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि ड्रग्स और शराब की समस्या पंजाब में बहुत गंभीर है. सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि पंजाब सरकार एफ़आईआर दर्ज करती है लेकिन उसके आगे की कार्रवाई नहीं करती.
सुप्रीम कोर्ट ने पंजाब सरकार से कहा कि वो बताए कि उन्होंने अवैध शराब के उत्पादन को रोकने के लिए क्या कदम उठाए हैं. सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि पंजाब एक बॉर्डर स्टेटे है और किसी को देश को ख़त्म करना हो तो वो सीमावर्ती राज्यों से शुरु करेंगे.
'ऑनलाइन धमकी' के बाद कश्मीरी पंडितों में खौफ़
....में - Author, माजिद जहांगीर
- पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए, श्रीनगर से
कश्मीर घाटी में प्रधानमंत्री पैकेज के तहत काम करने वाले कई कश्मीरी पंडितों को "ऑनलाइन धमकी " दी गई है. ये धमकी कश्मीरफाइट. ब्लॉग से दी गई है. इस धमकी के बाद कश्मीरी पंडितों में खौफ़ है.
इस ऑनलाइन धमकी में क़रीब 56 कश्मीरी पंडितों को धमकी देकर उनके नाम, ड्यूटी की जगह और विभाग का नाम भी लिखा गया है.
बीजेपी ने इस मामले में जांच की मांग की है और इसको सुरक्षा का बड़ा विषय बताया है.
कश्मीरी पंडितों को ये धमकी एक ऐसे समय में दी गई है, जब कश्मीर में कई कश्मीरी पंडितों और गै़र -कश्मीरी मज़दूरों की टार्गेटेड किल्लिंग्स के बाद कश्मीर में प्रधानमंत्री पैकेज के तहत काम करने वाले कई कश्मीरी पंडित कश्मीर छोड़ कर गए हैं और सुरक्षा मुहैया करने की मांग कर रहे हैं.
इस ऑनलाइन धमकी में कश्मीरी पंडितों के नामों के अलावा मुसलमानों के नाम भी शामिल हैं. ऑनलाइन धमकी में ये आरोप लगाया गया है कि "दिल्ली के नैरेटिव और हिंदुत्व एजेंडा को फैलाने का काम किया जा रहा है."
धमकी में ये भी लिखा गया है कि रेज़िस्टेन्स फोर्स ने पहले ही इस तरह के हमलों की वजह बताई है और आगे भी इस तरह के हमले जारी रहेंगे.
कश्मीरफाइट.ब्लॉग ने ही हाल के दिनों में कश्मीर के कई पत्रकारों को भी धमकी दी थी और इन पत्रकारों पर पुलिस और सेना के लिए काम करने का इल्ज़ाम लगाया था.
पुलिस ने पत्रकारों को धमकी देने के इस मामले में एक एफ़आईआर भी दर्ज की थी और बताया था कि ये धमकी लश्कर और टीआरएफ़ ने दी थी.
कश्मीरफाइट.ब्लॉग कश्मीर घाटी में ब्लैक लिस्ट है. कश्मीरी पंडितों को ताज़ा धमकी देने का स्क्रीनशॉट कश्मीरी पंडित संघर्ष सिमिति (केपीएसएस ) ने ट्वीट किया है. केपीएसएस कश्मीर में कश्मीरी पंडितों के लिए काम करने वाला एक संगठन है.
जम्मू -कश्मीर बीजेपी के प्रवक्ता अल्ताफ ठाकुर ने कश्मीरी पंडितों को ऑनलाइन धमकी देने के मामले में जांच की मांग की है. अपने बयान में उन्होंने कहा कि " ये देख हैरानी हुई है कि 56 कश्मीरी पंडितों की लिस्ट लीक होकर टीआरएफ़ के काश्मीरफाइट.ब्लॉग तक पहुंच गयी है. ये सुरक्षा के लिहाज से चिंता का विषय है. आतंकियों को पूरी तरह जानकारी है कि कौन कहां काम कर रहा है."
केपीएसएस ने भी एक ट्वीट में कहा " चरमपंथियों के पास ये रिकॉर्ड कैसे पहुंच गया है? क्या सरकारी विभाग का स्टाफ आतंकियों के साथ मिला है? कश्मीर में एक हिन्दू किस तरह सुरक्षित रह सकता है जब उनके साथी उनको मरता देखना चाहते हैं."
जम्मू में प्रदर्शन पर बैठे एक कश्मीरी पंडित रंजन ने बीबीसी को फ़ोन पर बताया कि कश्मीर में काम करने वाले पंडित पहले से ही डरे हैं और अब टीआरएफ़ की धमकी के बाद कश्मीरी पंडित और भी खौफ़ में आ गए हैं.
इस साल कश्मीर में कई कश्मीरी पंडितों और गै़र -कश्मीरी मज़दूरों की गोली मारकर हत्या की गई. इन हत्याओं के बाद कश्मीर में काम करने वाले कश्मीरी पंडित सड़कों पर उतरे और एक लम्बे समय से कश्मीर और जम्मू में प्रदर्शन कर रहे हैं.
इसी वर्ष जुलाई के महीने में कश्मीरी पंडित राहुल भट्ट की चरमपंथीयोंने गोली मारकर बड़गम में उनकी हत्या की थी. राहुल भट्ट की हत्या के बाद कश्मीरी में पीएम पैकेज के तहत काम करने वाले कश्मीरी पंडित प्रदर्शन कर रहे हैं.
रूस के साथ भारत के व्यापार पर क्या बोले विदेश मंत्री एस जयशंकर
रूस से व्यापार के मुद्दे पर विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा है कि भारत का रूस के साथ व्यापार का स्तर दूसरे यूरोपीय देशों की तुलना में बहुत कम है.
जर्मन विदेश मंत्री एनेलेना बेरबोक से मुलाकात के बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए जयशंकर ने कहा, "रूस के साथ हमारा व्यापार बहुत छोटे लेवल पर - 12 से बिलियन डॉलर का है. यूरोपीय देशों की तुलना में ये बहुत कम है.
हमने रूस को भी कुछ तय सामान दिए हैं. मुझे नहीं लगता कि किसी भी व्यापारिक देश की वैध अपेक्षाओं के अलावा लोगों को इसमें कुछ और देखना चाहिए."
एस जयशंकर ने जर्मन विदेश मंत्री एनेलेना बेरबोक से मुलाकात के दौरान कई मुद्दों पर बात की.
मुलाकात के बाद उन्होंने लिखा, " जर्मनी की विदेश मंत्री साथ आज विस्तृत बातचीत हुई. हमने संवाद को इस बार और अधिक विस्तार से आगे बढ़ाया. हमने द्विपक्षीय संबंधों और कई महत्वपूर्ण क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर साझा दृष्टिकोण की समीक्षा की."
शेफ़ाली वर्मा टी-20 वर्ल्ड कप के लिए अंडर-19 टीम की कप्तान बनीं
अंडर-19 टी-20 वर्ल्ड कप और दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ सिरीज़ के लिए भारत की अंडर -19 महिला टीम का एलान किया गया है.
अंडर-19 आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 14 जनवरी 2023 से 29 जनवरी 2023 तक दक्षिण अफ़्रीका में खेला जाएगा, इसमें 16 टीमें हिस्सा लेंगी.
भारत को ग्रुप डी में दक्षिण अफ़्रीका, यूएई, स्कॉटलैंड के साथ रखा गया है.
भारत की टीम इस प्रकार है: शेफ़ाली वर्मा (कप्तान), श्वेता सेहरावक (उप-कप्तान), ऋचा घोष (विकेट कीपर), जी त्रिशा, सौम्या तिवारी, सोनिया मेहडिया, हर्ले गाला, ऋषिता बसु (विकेट कीपर), सोनम यादव, मन्नत कश्यप, अर्चना देवी, पर्शवी चोपड़ा, तितास साधु, फ़लक नाज़, शबनम एमडी, शिखा, नजला सीएसी, यशश्री.
ईडब्लूएस कोटा के फ़ैसले के ख़िलाफ़ डीएमके ने पुनर्विचार याचिका दायर की
डीएमके पार्टी ने ईडब्लूएस कोटा को जारी रखने के सुप्रीम कोर्ट के संवैधानिक बेंच के फ़ैसले के ख़िलाफ़ पुनर्विचार याचिका दायर की है.
तमिलनाडु से राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ वकील पी विल्सन ने बीबीसी से कहा कि डीएमके पार्टी ने ईडब्लूएस कोटा के फ़ैसले के ख़िलाफ़ पुनर्विचार याचिका दायर की है.
सुप्रीम कोर्ट की पाँच सदस्यीय संवैधानिक पीठ ने नवंबर में ईडब्लूएस कोटे के तहत आरक्षण को बरकरार रखा है.
चीफ़ जस्टिस यूयू ललित की अगुवाई वाली पाँच जजों की बेंच ने बहुमत से ईडब्लूएस कोटे के पक्ष में फ़ैसला सुनाते हुए कहा था कि 103वां संविधान संशोधन वैध है.
ताज महल से जुड़े 'ग़लत तथ्य' इतिहास की किताबों से हटाने की मांग वाली याचिका पर सुनवाई से SC का इनकार
....में - Author, सुचित्र मोहंती, बीबीसी हिंदी के लिए
सुप्रीम कोर्ट ने इतिहास की किताबों में ताज महल के बारे में दी गई 'ग़लत जानकारी' को हटाने की मांग वाली जनहित याचिका पर सुनवाई करने से इनकार कर दिया.
याचिका में ताज महल की "सही उम्र" निर्धारित करने और इतिहास की किताबों में इसको बनाने से जुड़ी गलत जानकारियां हटाने के लिए एएसआई को निर्देश देने की मांग की गई थी.
जस्टिस एमआर शाह और सीटी रविकुमार वाली पीठ ने इस याचिका पर सुनवाई करने से इनकार करते हुए याचिकाकर्ता से कहा कि ये इस तरह के मसले एएसआई (आर्कियोलॉजिकल सर्वे ऑफ़ इंडिया) के सामने ले जाने चाहिए.
पीठ ने कहा, "हर मुद्दे पर कोर्ट को न घसीटें. अदालत कैसे तय करेगी कि ताज महल की असली उम्र क्या है या 400 साल पहले इससे जुड़े तथ्य क्या थे."
सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी के बाद याचिकाकर्ता सुरजीत सिंह यादव ने ये अर्ज़ी वापस ले ली.
ब्रेकिंग न्यूज़, लालू प्रसाद यादव का किडनी ट्रांसप्लांट सफल, तेजस्वी ने शेयर किया वीडियो
राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) मुखिया लालू प्रसाद यादव के किडनी ट्रांसप्लांट का ऑपरेशन सफल हो गया है.
लालू यादव के बेटे और बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने अस्पताल से ऑपरेशन के बाद का वीडियो ट्वीट किया है.
उन्होंने बताया है कि अब लालू प्रसाद यादव को आईसीयू में शिफ़्ट कर दिया गया है. डोनर रोहिणी आचार्य और लालू प्रसाद यादव दोनों ही स्वस्थ हैं.
लालू यादव का ऑपरेशन सिंगापुर के माउंट एलिज़ाबेथ अस्पताल में हुआ है. उन्हें किडनी देने वाली उनकी बेटी रोहिणी आचार्य सिंगापुर में ही रहती हैं.
बीते माह ही लालू प्रसाद यादव और उनकी बेटी रोहिणी आचार्य की किडनी मैच हो गई थी.
आरजेडी मुखिया लालू लंबे समय से कई बीमारियों से ग्रसित हैं. उन्हें डायबिटीज़ और हाई ब्लड प्रेशर जैसी बीमारी भी है.
ब्रेकिंग न्यूज़, पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच रावलपिंडी टेस्ट हुआ रोमांचक
पाकिस्तान के रावलपिंडी में इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच चल रहा टेस्ट मैच काफ़ी रोचक हो गया है.
पाकिस्तान को इस टेस्ट में जीत के लिए दूसरी पारी में 343 रन चाहिए.
टेस्ट के पाँचवें दिन लंच तक पाकिस्तान ने तीन विकेट पर 169 रन बना लिए हैं. उसे ये मैच जीतने के लिए और 174 रनों की आवश्यकता है.
पिच पर मौजूद हैं मोहम्मद रिज़वान और सऊद शकील. शकील ने 63 और रिज़वान ने 42 रन बनाए हैं.
इनाम-उल-हक़ ने 48 रनों की पारी खेली.
रावलपिंडी में चल रहा ये टेस्ट दोनों टीमों की ओर से कई शतकीय पारी के कारण याद रखा जाएगा.
इस टेस्ट में अभी तक सात शतक लग चुके हैं. इंग्लैंड की ओर से चार और पाकिस्तान की ओर से तीन.
इंग्लैंड की टीम ने पहले ही दिन विशाल स्कोर खड़ा करके विश्व रिकॉर्ड बना दिया था.
पहली पारी में इंग्लैंड ने 657 रन बनाए, तो पाकिस्तान ने जवाब में 579 रन बनाए.
इंग्लैंड ने दूसरी पारी में सात विकेट पर 264 रन बनाकर पारी समाप्त घोषित कर दी.
इस तरह पाकिस्तान को जीत के लिए 343 रनों का लक्ष्य मिला है.