You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

ट्रंप की अमेरिकी संविधान को ख़त्म करने की अपील, व्हाइट हाउस ने आड़े हाथ लिया

व्हाइट हाउस ने पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस अपील की निंदा की है, जिसमें उन्होंने अमेरिकी संविधान को 'ख़त्म' करने की बात कही थी.

लाइव कवरेज

प्रेरणा

  1. 'कश्मीर फ़ाइल्स' विवाद: फ़िल्म फेस्टिवल के तीन जूरी सदस्यों ने कहा- हम लपिड से सहमत

    बीते सप्ताह गोवा इंटरनेशनल फ़िल्म फ़ेस्टिवल के चीफ़ ज्यूरी नदाव लपिड ने प्रतियोगिता में शामिल फिल्म कश्मीर फ़ाइल्स को 'प्रपोगैंडा' और 'भद्दा' बताया था.

    इस बयान पर विवाद के बीच जूरी बोर्ड के तीन सदस्यों ने कहा है कि वह लपिड के बयान से सहमत है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, इससे पहले इस जूरी में शामिल अकेले भारतीय फ़िल्मकार सुदीप्तो सेन ने कहा था कि नदाव लपिड ने मंच पर जो कहा था कि वो जूरी की राय नहीं थी.

    हालांकि अब जूरी के तीन सदस्य- अमेरिकी निर्माता जिन्को गोतोह, फ़्रांसीसी फ़िल्म एडिटर पास्कल चावांस और फ़्रांसीसी डॉक्यूमेंट्री मेकर जेवियर अंगुलो बारतरेन ने साझा बयान जारी कर लपिड के बयान का समर्थन किया है.

    इस सप्ताह की शुरुआत में लपिड के इस बयान से काफ़ी हंगामा मचा. ये विवाद इतना बड़ा हो गया कि नदाव लपिड की ओर से भारत में इसराइल के राजदूत नओर गिलोन ने भारत से माफ़ी मांगी है और कहा है कि भारत की मेज़बानी और दोस्ती के बदले लपिड के इस तरह का बयान देने पर मैं शर्मिंदा हूं.

  2. पेले ने फैन्स के लिए जारी किया संदेश, कहा- मज़बूत हूं, वर्ल्ड कप देख रहा हूं

    ब्राज़ील के जानेमाने फ़ुटबॉल खिलाड़ी पेले का कहना है कि वे मज़बूत हैं. सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के ज़रिए पेले ने कहा कि वे सभी को धन्यवाद देना चाहते हैं.

    पेले ने कहा था कि उनके लिए लोगों के आ रहे संदेश और वर्ल्ड कप में ब्राज़ील को खेलते हुए देखने से उन्हें ऊर्जा मिली है.

    उन्होंने कहा, "मैं उम्मीदों से भरा हुआ हूं, मज़बूत हूं और हमेशा की तरह मैं अपना इलाज करा रहा हूं. मुझे मिल रही अच्छी देखभाल के लिए मैं पूरी मेडिकल और नर्सिंग टीम को धन्यवाद देना चाहता हूं."

    "मुझे भगवान में विश्वास है और दुनियाभर से मिलने वाले प्यार भरे संदेश मुझे ऊर्जा से भर देते हैं. मैं विश्व कप में भी ब्राज़ील को देख रहा हूं. इन सभी चीजों के लिए धन्यवाद."

    82 साल के पेले साओ पाउलो के इस्राइलीटा अल्बर्ट आइंस्टीन अस्पताल में भर्ती हैं. उन्हें मंगलवार को सांस में दिक्कत की शिकायत के बाद यहां लाया गया था. शुक्रवार को अस्पताल ने बताया कि उनक स्थिति स्थिर बनी हुई है.

    लेकिन शनिवार को कुछ रिपोर्ट्स में ये दावा किया गया कि पेले की हालत नाज़ुक है और उनके शरीर पर कीमोथेरेपी असर नहीं कर रहा.

    बाद में अस्पताल ने एक आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि पेले ठीक हैं और उनका शरीर इलाज पर प्रतिक्रिया दे रहा है.

  3. दिल्ली एमसीडी के 250 वार्डों के लिए मतदान शुरू

    दिल्ली एमसीडी चुनाव के लिए आज मतदान शुरू हो गए हैं. ईवीएम मशीन के ज़रिए सुबह 8 बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक मतदान होंगे और नतीजे 7 दिसंबर को आएंगे.

    दिल्ली एमसीडी के एकीकरण के बाद पहली बार चुनाव हो रहे हैं.

    इससे पहले ये तीन हिस्से - नॉर्थ दिल्ली म्युनिसिपल कॉरपोरेशन, साउथ दिल्ली म्युनिसिपल कॉरपोरेशन और ईस्ट दिल्ली म्युनिसिपल कॉरपोरेशन में बंटे हुए थे.

    इस बार दिल्ली नगर निगम के 250 वॉर्डों के लिए मतदान होंगे.

    कुल 13,665 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं और 1 करोड़ 46 लाख 73 हज़ार 847 वोटर हैं.

    पिछले चुनाव के नतीजे

    आख़िरी एमसीडी चुनाव 2017 में हुए थे और तब वॉर्डों की कुल संख्या 272 थी. बीजेपी ने इनमें से 181 सीटों पर जीत दर्ज की थी, आप ने 48, कांग्रेस ने 30 और अन्य ने 11 सीटें जीती थीं. एमसीडी में बीजेपी की ये लगातार तीसरी जीत थी.

  4. फ़ीफ़ा विश्व कप: ऑस्ट्रेलिया को हराकर क्वार्टर फ़ाइनल में पहुंची अर्जेंटीना

    फ़ीफ़ा विश्व कप के राउंड ऑफ़ 16 मुक़ाबले में शनिवार को अर्जेंटीना ने ऑस्ट्रेलिया को 2-1 से हरा दिया. इसी के साथ टीम अब क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर चुकी है.

    रविवार को हुए मैच में अर्जेंटीना के स्किपर लियोनल मेसी ने ओपनिंग गोल किया. लियोनल मेसी रविवार को अपने करियर का एक हज़ारवां मैच खेल रहे थे और ये उनका 789 वां करियर गोल था.

    हाफ़टाइम ब्रेक तक 1-0 के साथ लीड कर रही अर्जेंटीना की टीम ने सेकंड हाफ़ में दूसरा गोल दागा.

    वहीं ऑस्ट्रेलियन टीम खेल के 77वें मिनट पर एक गोल कर सकी.

    शनिवार को खेले गए मुक़ाबले के बाद ऑस्ट्रेलिया की टीम अब वर्ल्ड कप से बाहर हो गई.

    नीदरलैंड्स भी क्वार्टर फ़ाइनल मुक़ाबले में पहुंचा

    शनिवार को खेले गए राउंड ऑफ 16 के पहले मुक़ाबले में नीदरलैंड्स ने अमेरिका को 3-1 से हरा दिया. इसी के साथ नीदरलैंड्स ने भी क्वार्टर फ़ाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया है.

  5. 4 दिसंबर 2022

    नमस्कार, बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है.अभिवादन स्वीकार कीजिए.

    ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 03 दिसंबर के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    आज की अहम ख़बरें-

    - फ़ीफ़ा विश्वकप: अर्जेंटीना ने ऑस्ट्रेलिया को 2-1 से हराया. इसी के साथ टीम वर्ल्ड कप के क्वार्टर फाइनल्स में पहुंच गई है.

    - एमसीडी चुनाव में वोटिंग आज, स्थानीय निकाय की कुल 250 वार्ड के लिए 1,349 उम्मीदवार मैदान में हैं.

    - भारतीय नौसेना प्रमुख ने कहा है कि देश की सुरक्षा ज़रूरतों की पूर्ति के लिए भारत को आत्मनिर्भर होने की ज़रूरत.

    - रूसी तेल पर पश्चिमी देशों के प्राइस कैप लगाने के निर्णय को यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कमज़ोर बताया है.