ताज महल से जुड़े 'ग़लत तथ्य' किताबों से हटाने की मांग वाली याचिका पर सुनवाई से SC का इनकार

सुप्रीम कोर्ट ने इतिहास की किताबों में ताज महल के बारे में दी गई 'ग़लत जानकारी' को हटाने की मांग वाली जनहित याचिका पर सुनवाई करने से इनकार कर दिया.

लाइव कवरेज

प्रियंका झा and शुभम किशोर

  1. बिहार: सीएम नीतीश कुमार के संबोधन के दौरान चली कुर्सियां

      • Author, विष्णु नारायण
      • पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए
    नीतीश कुमार

    इमेज स्रोत, Vishnu Narayan

    बिहार के कुढ़नी में आज सीएम नीतीश कुमार के संबोधन के दौरान बखेड़ा खड़ा हो गया, जब सीटीईटी-बीटीईटी अभ्यर्थी और राजद-जदयू के समर्थकों के बीच कुर्सियाँ चलने लगीं.

    सीएम और डिप्टी सीएम के सभा स्थल पर आते ही सीटीईटी-बीटीईटी अभ्यर्थी विज्ञप्ति की डिमांड कर रहे थे. वो विज्ञप्ति से संबंधित तख़्ती लहरा रहे थे लेकिन तेजस्वी यादव के संबोधन के बाद और सीएम के संबोधन शुरू करते ही उन पर कुर्सियाँ चलने लगीं. उन्हें पीछे की ओर खदेड़ दिया गया और तितर-बितर कर दिया गया.

    महागठबंधन समर्थक ऐसा कहते देखे-सुने गए कि इन्हें (सीटीईटी-बीटीईटी अभ्यर्थियों) को बहुत देर से शांत रहने को कहा जा रहा था लेकिन वे मान ही नहीं रहे थे.

    बिहार

    इमेज स्रोत, Vishnu Narayan

    सीएम जब अपने संबोधन में आगे बढ़े तो उन्होंने सीटीईटी-बीटीईटी अभ्यर्थियों को लक्षित करते हुए कहा कि वे जाने कहाँ चले गए? उन्होंने कहा कि उन्हें अभ्यर्थियों का पूरा ख़्याल है. इसके लिए उन्होंने शिक्षा मंत्री से भी बात की है, लेकिन चुनावी सभा से ऐसी कोई बात नहीं की जा सकती जो आचार संहिता के ख़िलाफ़ चली जाए.

    भाजपा का साथ छोड़ने और महागठबंधन का हिस्सा बनने के बाद आज कुढ़नी में सीएम नीतीश कुमार की यह पहली चुनावी सभा थी, और इस सभा में न सिर्फ़ सीटीईटी-बीटीईटी अभ्यर्थी अपनी बात कहते दिखे बल्कि सीएम नीतीश कुमार की शराबबंदी नीति और ताड़ी प्रतिबंध के ख़िलाफ़ भी लोग प्रदर्शन करते दिखे.

    प्रदर्शनकारियों में महिलाएँ भी अच्छी संख्या में थीं. उनका कहना था कि ताड़ी के कारोबार से जुड़े पासी समुदाय को प्रशासन बहुत तंग करती है, और सीएम की नीरा नीति पूरी तरह से फेल है.

  2. छत्तीसगढ़ : नया आरक्षण विधेयक पारित, आर्थिक रूप से कमज़ोर के लिए 4 फ़ीसदी आरक्षण का प्रावधान

      • Author, आलोक प्रकाश पुतुल
      • पदनाम, रायपुर से, बीबीसी हिंदी के लिए
    विधानसभा

    इमेज स्रोत, Alok Putul

    छत्तीसगढ़ विधानसभा में आज सर्वसम्मति से नया आरक्षण विधेयक पारित कर दिया गया. इस विधेयक में आर्थिक रुप से कमज़ोर वर्ग के लिए 4 फ़ीसदी आरक्षण का प्रावधान है.

    राज्य में आदिवासियों की 32 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था पहले की तरह लागू रहेगी.

    इसके अलावा अनुसूचित जाति को 13 प्रतिशत और पिछड़ा वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान रखा गया है. राज्यपाल के स्वीकृति के बाद असाधारण राजपत्र में इसका प्रकाशन किया जाएगा और राज्य में उसी दिन से आरक्षण की नई व्यवस्था लागू हो जाएगी.

    हालांकि विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने इस पर आपत्ति की कि राज्य सरकार जनसंख्या के अनुपात के आधार पर आरक्षण देने की बात कह रही है लेकिन क्वांटिफायबल डाटा आयोग की रिपोर्ट विधानसभा में पेश ही नहीं की गई है.

    गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में राज्य सरकार ने तीन साल पहले पूरे देश में सर्वाधिक 82 फीसदी आरक्षण की व्यवस्था लागू की थी. लेकिन छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने इसपर रोक लगा दी.

    इस साल 19 सितंबर को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट द्वारा पुरानी आरक्षण व्यवस्था को भी ‘असंवैधानिक’ बता कर रद्द कर दिया था. इसके बाद से राज्य में आरक्षण का कोई रोस्टर लागू नहीं था.

  3. बेंगलुरु में तेंदुए के कारण वन अधिकारी अलर्ट पर, लगाए गए पिंजरे

      • Author, इमरान क़ुरैशी
      • पदनाम, बेंगलुरु से, बीबीसी हिंदी के लिए
    सांकेतिक तस्वीर

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर

    बेंगलुरु के दो इलाकों में तेंदुओं के कारण वन अधिकारी अलर्ट पर हैं. इलाक़े में इन्हें पकड़ने के लिए चार पिंजरे लगाए गए हैं.

    दो दिन पहले बनेरघट्टा नेशनल पार्क से पांच किलोमीटर दूर तुराहल्ली वन में एक तेंदुआ देखा गया था. गुरुवार शाम को बेंगलुरु देहात के घाटी वन में एक मरा हुआ हिरण का बच्चा मिला, मुमकिन है कि इसे तेंदुए ने मारा हो.

    डिप्टी कन्सर्वेटर ऑफ़ फ़ॉरेस्ट सुमित पाटिल ने बीबीसी से कहा, “इस इलाके में तेदुए के हमले का कोई इतिहास नहीं है. घाटी वन 700 एकड़ में फैला है और नंदी वन उससे सटा हुआ है, दो कि चिक्काबल्लापुर ज़िले में आता है.हमने पिंजरे लगा दिए हैं और नज़र रख रहे हैं.”

    बेंगलुरु अर्बन के डीसीएफ़ एसएस रविशंकर ने कहा कि डरने की ज़रूरत नहीं है क्योंकि तेंदुए को पिछले 24 घंटों में नहीं देखा गया है.

  4. अमेरिकी राष्ट्रपति बाइ़डन ने भारत को बताया 'मज़बूत पार्टनर', पीएम मोदी के बारे में कही ये बात

    बाइ़डन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने भारत को एक “मज़बूत पार्टनर” बताते हुए कहा है कि वो जी-20 अध्यक्षता के दौरान अपने मित्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सहयोग करेंगे.

    राष्ट्रपति बाइडन ने पीएम मोदी के साथ अपनी तस्वीर ट्वीट कर लिखा, “भारत अमेरिका का एक मज़बूत पार्टनर है और मैं जी-20 में भारत की अध्यक्षता के दौरान अपने मित्र नरेंद्र मोदी का सहयोग करने के लिए उत्सुक हूं”

    बाइडन ने लिखा, “हम साथ मिलकर जलवायु, ऊर्जा और खाद्य संकट जैसी चुनौतियों से निपटते हुए सतत और समावेशी विकास को आगे बढ़ाएंगे.”

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    गुरुवार को भारत ने आधिकारिक तौर पर जी-20 की अध्यक्षता अपने हाथों में ली है. प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार को कहा कि भारत "एक धरती, एक परिवार, एक भविष्य" की थीम से प्रेरित होकर एकता को बढ़ावा देने के लिए काम करेगा.

  5. अफ़ग़ानिस्तान में पाकिस्तानी दूतावास पर हमला, सुरक्षाबल घायल

    पाकिस्तानी दूतावास

    इमेज स्रोत, Getty Images

    अफ़ग़ानिस्तान में पाकिस्तान के दूतावास पर हमला किया गया जिसमें एक सुरक्षा अधिकारी घायल हो गया है.

    दूतावास की तरफ़ से जारी बयान में कहा गया है कि मिशन के प्रमुख उबैद-उर-रहमान को निशाना बनाने की कोशिश की गई थी. हालांकि वो सुरक्षित हैं.

    बयान में कहा गया है, “पाकिस्तान सरकार मिशन प्रमुख की हत्या की कोशिश और काबूल में दूतावास परिसर पर हमले की कड़ी निंदा करती है. अफ़ग़ानिस्तान की अंतरिम सरकार को हमले की तुरंत जांच करानी चाहिए, दोषियों को पकड़ना चाहिए और जवाबदेही तय कर पाकिस्तानी राजदूतों और नागरिकों की सुरक्षा के लिए तुरंत क़दम उठाने चाहिए.”

  6. दिन भर, पूरा दिन, पूरी ख़बर, इक़बाल अहमद और अंजुम शर्मा के साथ

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  7. पाकिस्तान इंग्लैंड टेस्ट: रमीज़ राजा ने पिच को 'शर्मिंदा करने वाला' बताया

    पाकिस्तान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    पाकिस्तान-इंग्लैंड के बीच रावलपिंडी में खेले जा रहे टेस्ट मैच के बीच पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के प्रमुख रमीज़ राज़ा ने पिच की आलोचना की है.

    राजा ने कहा कि वो पिच की हालत से “बिल्कुल खुश नहीं हैं.” उन्होंने कहा कि टेस्ट क्रिकेट के लिहाज़ से पिच अच्छी नहीं है और ' शर्मिंदा करने वाली' है.

    उन्होंने कहा, “हम पिच के मामले में पाकिस्तान में काले युग में जी रहे हैं….ये शर्मिंदा करना वाला है, ख़ासतौर पर तब जब चेयरमैन एक क्रिकेटर है."

    पाकिस्तान के ख़िलाफ़ पहले टेस्ट में इंग्लैंड ने 657 रन बनाए. इसमें पहले दिन के 506 रन शामिल हैं. पहले दिन चार बल्लेबाज़ों ने शतक जड़ा था.

    पाकिस्तान ने दूसरे दिन के ख़त्म होने तक बिना किसी विकेट के नुकसान पर 181 रन बना लिए हैं. रन के पहाड़ और विकेट नहीं गिरने के कारण पिच की लगातार आलोचना हो रही है.

    इसी पिच पर मार्च में 1,187 रन बने थे, और सिर्फ 14 विकेट गिरे थे.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

  8. ब्रेकिंग न्यूज़, छत्तीसगढ़: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की उप सचिव सौम्या चौरसिया को ईडी ने गिरफ़्तार किया

      • Author, आलोक प्रकाश पुतुल
      • पदनाम, रायपुर से, बीबीसी हिंदी के लिए
    भूपेश बघेल और सौम्या चौरसिया

    इमेज स्रोत, Facebook/Saumya Chaurasia

    इमेज कैप्शन, मुख्यमंत्री के साथ सौम्या चौरसिया

    छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की उप सचिव सौम्या चौरसिया को शुक्रवार को प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने गिरफ़्तार कर लिया है.

    राज्य प्रशासनिक सेवा की अधिकारी सौम्या चौरसिया, भूपेश बघेल की सरकार में सर्वाधिक प्रभावशाली अधिकारी मानी जाती रही हैं.

    उन्हें शुक्रवार की शाम को रायपुर के सरकारी अस्पताल में चिकित्सकीय परीक्षण के बाद स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां प्रवर्तन निदेशालय के वकील ने पूछताछ के लिए 14 दिन की रिमांड की मांग की. लेकिन अदालत ने 4 दिन की रिमांड को मंजूरी दी.

    पिछले 50 दिनों से भी अधिक समय से राज्य में प्रवर्तन निदेशालय की कार्रवाई चल रही है.

    इस दौरान एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी समीर विश्नोई और तीन कोयला व्यापारियों को पहले ही गिरफ़्तार कर जेल भेजा जा चुका है.

    सौम्या चौरसिया

    इमेज स्रोत, Facebook/Saumya Chaurasia

    इस बीच सौम्या चौरसिया के घर पर भी छापामारी की गई थी और भ्रष्टाचार से जुड़े मामले में पूछताछ के लिए कई बार प्रवर्तन निदेशालय ने उन्हें अपने दफ़्तर बुलाया था.

    गौरतलब है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कई अवसरों पर यह कहते रहे हैं कि प्रवर्तन निदेशालय और आयकर विभाग सरकार को बदनाम करने के लिए राजनीति से प्रेरित कार्रवाई कर रहा है.

    उन्होंने सोमवार को प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारियों द्वारा पूछताछ के नाम पर लोगों को मुर्गा बनाने, हाथ तोड़ने और मारपीट करने का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी थी कि अगर ऐसी कार्रवाई जारी रही तो राज्य सरकार भी ज़रूरी क़दम उठाएगी.

  9. अहमदाबाद से LIVE: गुजरात चुनाव में पीएम मोदी का चुनावी प्रचार. कैसा है माहौल?, ज़्यादा जानकारी के साथ बीबीसी संवाददाता अभिनव गोयल (कैमरा- शाहनवाज़ अहमद)

  10. मनी लॉन्ड्रिंग केस में नोरा फ़तेही ईडी के सामने पेश हुईं

      • Author, सुचित्र मोहंती, बीबीसी हिंदी के लिए
    नोरा फ़तेही

    इमेज स्रोत, ANI

    बॉलीवुड अभिनेत्री नोरा फ़तेही आज प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के सामने पेश हुईं.

    मनी लॉन्ड्रिंग केस में सुकेश चंद्रशेखर, जैकलिन फर्नांडिस के साथ नोरा फ़तेही पर जांच चल रही है.

    सुकेश चंद्रशेखर के वकील अशोक कुमार सिंह ने बीबीसी से कहा, "नोरा फ़तेही आज दिल्ली में ईडी ऑफ़िस में पेश हुईं."

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    हालांकि उनसे क्या पूछताछ हुई, इस बारे में उन्होंने कोई जानकारी नहीं दी.

    इससे पहले भी नोरा ईडी के सामने पेश हो चुकी हैं.

  11. क़तर ने ये वादा क्या सिर्फ़ वर्ल्ड कप की मेज़बानी पाने के लिए किया था?

    क़तर

    इमेज स्रोत, HAMAD I MOHAMMED

    फ़ुटबॉल वर्ल्ड कप की मेज़बानी हासिल करने के दौरान क़तर ने वादा किया था कि यह इतिहास का पहला 'कार्बन उत्सर्जन न्यूट्रल' टूर्नामेंट होगा.

    लेकिन पर्यावरणविदों ने इसके दावे को लेकर संदेह जताया था. तो क्या क़तर अपने वायदे को पूरा करने में सफल रहा?

    क़तर में होटल के कमरों की भारी कमी के कारण दसियों हज़ार पर्यटकों को संयुक्त अरब अमीरात समेत पड़ोसी खाड़ी देशों में ठहरना पड़ रहा है.

    इन प्रशंसकों को फ़ुटबॉल मैचों तक लाने के लिए विशेष शटल उड़ानों का इंतज़ाम किया गया है.

  12. आठ दिनों की तेज़ी के बाद गिरे शेयर बाज़ार

    शेयर बाज़ार

    इमेज स्रोत, Getty Images

    आठ दिनों की तेज़ी के बाद शुक्रवार को शेयर बाज़ार नीचे गिरे.

    बीएसई 415.66 पॉइंट या 0.66 गिरकर 62,868 पहुंचा. दिन में बाज़ार 604.56 पॉइंट या 0.95 प्रतिशत गिरकर 62,679 तक पहुंच गया था.

    वहीं एनएसई 116.40 पॉइंट या 0.62 प्रतिशक गिरकर 18,696 तक पहुंच गया.

    महिंद्रा एंड महिंद्रा, हिंदुस्तान लीवर, मारूति, नेस्ले, एचडीएफ़सी, एशियन पेंट्स, बजाज फ़ाइनेंस के शेयर में भारी गिरावट दर्ज की गई.

  13. गुजरात का वो गांव जहां आज तक बिजली नहीं पहुंची

    वीडियो कैप्शन, गुजरात का वो गांव जहां आज तक बिजली नहीं पहुंची

    यह गुजरात के बनासकांठा ज़िले के वाव तालुके का गांव है. यह गांव भारत-पाकिस्तान सीमा से 30 किलोमीटर दूर स्थित है और यहां की आबादी क़रीब 1700 है.

    राज्य सरकार के गुजरात पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने यहां 700 मेगा वॉट का एक अल्ट्रा मेगा सोलर पावर प्लांट बनाया है. लेकिन फिर भी जो लोग इस गांव में रहते हैं, उन्हें अभी तक बिजली की सुविधा नहीं मिल सकी है.

    इस पर गुजरात ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड की सब्सिडियरी कंपनी उत्तर गुजरात विज कंपनी लिमिटेड का कहना है कि रबारी समुदाय के 200 घर गांव से दूर खेतों में बने हैं.

    उन घरों में सोलर लाइट की सुविधा दी गई है लेकिन बिजली के तार का कनेक्शन नहीं है क्योंकि ये घर इधर-उधर बिखरे हुए हैं.

    ऐसे में अगर समुदाय के लोग बिजली के कनेक्शन के लिए आवेदन करते हैं तो कंपनी उन्हें औपचारिकताएं पूरी करने पर ये सुविधा देगी. कंपनी का कहना है कि उसके पास बिजली के कनेक्शन का ऐसा कोई आवेदन पेंडिंग नहीं है.

  14. अडानी समूह के पोर्ट की सुरक्षा से जुड़े मामले में केरल हाई कोर्ट ने केंद्र से मांगा जवाब

      • Author, इमरान क़ुरैशी
      • पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए
    अडाणी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    अडानी ग्रुप द्वारा विज़हिन्जम समुद्र पोर्ट के लिए सेंट्रल फ़ोर्स की मांग करने के मामले में केरल हाई कोर्ट ने केंद्र सरकार से जवाब मांगा है.

    कोर्ट ने सेंट्रल फ़ोर्स भेजने से जुड़ा कोई भी फ़ैसला देने के इनकार कर दिया है. कोर्ट ने कहा कि ये फ़ैसला केंद्र सरकार कर सकती है.

    जस्टिस अनु शिवारमन अडानी विज़हिन्जम पोर्ट प्राइवेट लिमिटेड की केरल सरकार के ख़िलाफ़ दायर याचिका पर सुनवाई कर रहे थे जिसमें कहा गया था कि केरल सरकार पोर्ट के निर्माण के दौरान पर्याप्त सुरक्षा मुहैया नहीं करा रही है.

    ये याचिका 16 अगस्त के विरोध प्रदर्शन के बाद दायर की गई, जब 16 अगस्त को लैटिन कैथलिक चर्च के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान प्रोजेक्ट में एंट्री रोक दी गई थी. प्रदर्शनकारियों की कई मांगे थीं, जिसमें पर्यावरण का मुद्दा सबसे प्रमुख था.

    केरल सरकार ने कहा है कि उन्हें सेंट्रल फ़ोर्स से कोई आपत्ति नहीं है लेकिन कानून व्यवस्था राज्य की ज़िम्मेदारी है. राज्य सरकार ने कोर्ट में कहा कि गोली चलाने के अलावा उन्होंने हिंसा रोकने के लिए सभी कदम उठाए हैं.

  15. मुख्यमंत्री वाई एस जगनमोहन रेड्डी की बहन को कार समेत उठा ले गई पुलिस

    वीडियो कैप्शन, मुख्यमंत्री वाई एस जगनमोहन रेड्डी की बहन को कार समेत उठा ले गई पुलिस

    वाईएस शर्मिला टीआरएस कार्यकर्ताओं की ओर से उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं और उन पर कथित हमले के विरोध में मार्च निकाल रही थीं.

    इसी दौरान पुलिस ने उन्हें उनकी कार समेत उठा लिया.

  16. एलन मस्क के एलान के बाद कान्ये वेस्ट का ट्विटर एकाउंट सस्पेंड

    कान्ये

    इमेज स्रोत, Getty Images

    कान्ये वेस्ट पर से बैन हटे अभी दो माह भी नहीं हुए थे कि वह एक बार फिर मुसीबत में आ गए हैं. भड़काऊ ट्वीट करने के आरोप में उनका ट्विटर एकाउंट सस्पेंड कर दिया गया है.

    अमेरिकी रैपर कान्ये वेस्ट अब 'ये' के नाम से जाने जाते हैं. 'ये' ने कुछ अजीबोगरीब ट्वीट्स किए थे जिसमें से एक पोस्ट में स्वास्तिक और यहूदी तारे का संयुक्त चिह्न बना हुआ था.

    ट्विटर के एक यूजर ने कंपनी के नए मालिक एलन मस्क को कान्ये के मामले में कदम उठाने को कहा था. इस पर मस्क ने कहा कि वेस्ट ने हिंसा भड़काने के ख़िलाफ़ हमारे नियम का उल्लंघन किया था. उन्होंने लिखा कि वेस्ट के एकाउंट को सस्पेंड कर दिया जाएगा.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    वेस्ट ने गुरुवार को ऐलेक्स जोन्स को दिए इंटरव्यू में नाज़ी नेता एडॉल्फ हिटलर की सराहना की थी. ऐलेक्स जोन्स अमेरिका में कॉन्सिपरेसी थिअरिस्ट (साज़िश के सिद्धांत देने वाले) के रूप में जाना जाता है.

    मास्क के पीछे चेहरा छिपा कर वेस्ट ने इसी इंटरव्यू के दौरान पाप, अश्लील साहित्य और शैतान की भी सराहना की थी. वेस्ट कई सालों से यहूदी-विरोधी और जातिवादी टिप्पणियों को लेकर चर्चा में रहे हैं.

    इससे पहले अक्तूबर में भी वेस्ट ने रैपर डिड्डी को यहूदियों द्वारा नियंत्रित होने का आरोप लगाया था. इस टिप्पणी के विरोध में ट्विटर और इंस्टाग्राम दोनों ने वेस्ट के एकाउंट को सस्पेंड कर दिया था.

    वेस्ट ने ये पोस्ट पैरिस फैशन वीक में पहनी एक टी-शर्ट पर लिखे स्लोगन पर मिली प्रतिक्रिया के विरोध में की थी. स्लोगन में लिखा था कि गोरे लोगों का जीवन महत्वपूर्ण है.

  17. गुजरात: मोरबी के पुल के गिरने से इन बच्चों के सिर से उठ गया मां-बाप का साया

    वीडियो कैप्शन, गुजरात: मोरबी के पुल के गिरने से इन बच्चों के सिर से उठ गया मां-बाप का साया

    गुजरात के मोरबी में हुए पुल हादसे ने कई ज़िंदगियां छीन लीं.

    इन मृतकों के परिजन अभी भी उस हादसे के ग़म से उबर नहीं पाए हैं.

    ऐसे कई बच्चे हैं जिनके माता-पिता उस हादसे के शिकार हो गए.

    देखिए बीबीसी संवाददाता रॉक्सी गागडेकर छारा की यह रिपोर्ट.

  18. बिहार में फ़िल्म निर्माण को बढ़ाने के लिए राज्य सरकार की कोशिशों पर क्या बोले नीतीश कुमार

    नीतीश कुमार

    इमेज स्रोत, ANI

    बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि उनकी सरकार राज्य में फ़िल्म निर्माण को बढ़ाने के लिए कई क़दम उठा रही है.

    उन्होंने कहा कि राज्य में फ़िल्म बनाने की आपार संभवानएं हैं. समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, मुख्यमंत्री ने कहा कि फ़िल्में पर्यटन को बढ़ावा देती हैं और बिहार के लोगों के लिए रोज़गार पैदा करती हैं, फ़िल्में राज्य की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को भी चित्रित करती हैं.

    उन्होंने बताया कि राजगीर में राज्य सरकार पहले ही एक फ़िल्म सिटी बनवा रही है. इसके अलावा नवादा में शेखोदेवरा को भी विकसित किया जा रहा है.

    नीतीश कुमार ने कहा, "राज्य के प्राकृतिक सिनेमाई खजाने फ़िल्म निर्माताओं को लुभाने के लिए काफ़ी हैं. अब फ़िल्म बनाना आसान करने और फ़िल्म बनाने वालों को पूरा सहयोग देने की पहल की जानी चाहिए."

    इससे पहले एक बैठक के दौरान अधिकारियों ने नीतीश कुमार को बिहार फ़िल्म प्रमोशन पॉलिसी के मसौदे की अहम बातों से अवगत कराया था. इसके तहत बिहार में फ़िल्म बनाने के लिए वित्तीय सहयोग, क्षेत्रीय सिनेमा के लिए विशेष छूट, एक ही जगह से सरकार की ओर से हर मंज़ूरी मिलना, सुरक्षा के प्रबंध जैसे नियम शामिल हैं.

  19. बिग बॉस में आए गोल्डन गाइज़, रोज़ पहनते हैं तीन किलो सोना

    गोल्डन गाइज़

    इमेज स्रोत, Golden guys team

    इमेज कैप्शन, गोल्डन गाइज़

    भारत के चर्चित रियलिटी शो बिग बॉस के घर में हाल ही में गोल्डन गाइज़ की एंट्री हुई है.

    गोल्डन गाइज़ के नाम से मशहूर सनी नानासाहेब वाघचौरे और संजय गुर्जर को बिग बॉस ने एक काम सौंपा है.

    गोल्डन गाइज़ बिग बॉस के घर रह रहे कंटेस्टेंट्स को हारी हुई 25 लाख की राशि फिर से जीतने का एक मौक़ा देंगे.

    बिग बॉस-16 के कंटेस्टेंट्स एक टास्क के दौरान 50 लाख की इनामी राशि में से 25 लाख हार चुके हैं.

  20. ब्रेकिंग न्यूज़, छत्तीसगढ़: बस्तर में मिट्टी की खदान धंसने से सात लोगों की मौत

      • Author, सलमान रावी
      • पदनाम, बीबीसी संवाददाता
    छत्तीसगढ़

    इमेज स्रोत, RAJENDRA VAJPAYEE/BBC

    छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग के मुख्यालय जगदलपुर के पास एक मिट्टी की खदान धंसने से 6 महिलाओं समेत कुल सात ग्रामीणों के मारे जाने की खबर है.

    ये घटना मालगांव की है जो मुख्यालय से 11 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है.

    जगदलपुर के सिटी एसपी विकास कुमार ने सात लोगों के मरने की पुष्टि की है.

    छत्तीसगढ़

    इमेज स्रोत, RAJENDRA VAJPAYEE/BBC

    इमेज कैप्शन, जगदलपुर के सिटी एसपी विकास कुमार

    हालांकि जगदलपुर के पत्रकार जो घटनास्थल पर मौजूद हैं बताते हैं कि मरने वालों की तादात बढ़ भी सकती है क्योंकि कुछ लोग गंभीर रूप से घायल भी हैं.

    ये मिट्टी की खदान है जिसका इस्तेमाल पुताई के काम में होता है.

    ज़िला प्रशासन के एक अधिकारी का कहना है कि जांच की जा रही है कि यहाँ खनन किसकी देखरेख में हो रहा था.

    घायलों को जगदलपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

    छत्तीसगढ़

    इमेज स्रोत, RAJENDRA VAJPAYEE/BBC

    घटनास्थल पर मौजूद पत्रकार कहते हैं कि बड़ी मशीनों के ज़रिये धंसी हुई खदान से मिटटी निकालने का काम चल रहा है ताकि ये सुनिश्चित हो सके कि और लोग इस मलबे में न दबे हों.

    जगदलपुर के सीएसपी विकास कुमार ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि दो लोगों की सांसें चल रही थीं जिन्होंने अस्पताल के रास्ते में ही दम तोड़ दिया.

    विकास कुमार का कहना है कि मलबे के हटने के बाद पता चल पाएगा कि कोई और भी उसके नीचे दबा है या नहीं.