You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

ताइवान गए ब्रितानी सांसदों पर चीन ने लगाया 'दखलअंदाज़ी' का आरोप

चीन ने ताइवान की यात्रा पर गए ब्रिटेन के सांसदों की एक टीम पर अपने आंतरिक मामलों में 'दखलअंदाज़ी' का आरोप लगाया है. चीन ने ये भी कहा है कि उसके हितों के ख़िलाफ़ काम करने वालों को जवाब दिया जाएगा और इसके लिए ताकत का भी इस्तेमाल किया जा सकता है.

लाइव कवरेज

प्रियंका झा and शुभम किशोर

  1. चीन में विरोध प्रदर्शनों के बीच यूरोपियन काउंसिल के अध्यक्ष से मिले शी जिनपिंग, क्या बात हुई?

    चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष चार्ल्स मिशेल से गुरुवार को मुलाक़ात की.

    चार्ल्स मिशेल एक दिन के लिए चीन के दौरे पर हैं. हालांकि, इस मुलाक़ात से जुड़ी बड़ी जानकारियां अभी तक उपलब्ध नहीं है.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार ये मुलाक़ात बीजिंग के ग्रेट हॉल ऑफ़ द पीपल में आयोजित की गई थी. इस दौरान शी जिनपिंग ने यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष के सामने उम्मीद जताई कि ईयू से जुड़े संस्थान और इकाइयां, सदस्य देश चीन के बारे तर्कसंगत और सही समझ विकसित करेंगे.

    आर्थिक मोर्चे पर तनाव और साथ ही मानवाधिकार, जलवायु परिवर्तन जैसे मुद्दों पर मतभेद के बीच ये मीटिंग हुई है.

    यूरोपीय संघ ने इस मुलाक़ात को ईयू और चीन को आपसी संवाद बढ़ाने का सही समय बताया है.

    ये मुलाक़ात इसलिए भी चर्चा का विषय थी क्योंकि बीते दिनों शी जिनपिंग को जनता के अप्रत्याशित विरोध का सामना करना पड़ा था.

    देश की ज़ीरो कोविड नीति के विरोध में सैकड़ों लोग चीन की सड़कों पर उतर गए. विरोध प्रदर्शनों में चीन के राष्ट्रपति पद से जिनपिंग के इस्तीफ़े की मांग भी की गई.

    इस प्रदर्शन को दबाने के लिए चीन ने सुरक्षाबल का इस्तेमाल किया. दूसरी ओर, चार्ल्स मिशेल पर भी चीन का दौरा रद्द करने का दबाव बनता दिख रहा था.

  2. तस्वीरों में देखें, गुजरात में जारी पहले चरण का मतदान

    गुजरात में आज 89 विधानसभा सीटों पर मतदान हो रहा है. बाकी बची 93 सीटों पर 5 दिसंबर को वोटिंग होनी है.

  3. गुजरात से LIVE: चुनाव में पहले चरण की वोटिंग जारी. सुरेंद्रनगर में कैसा है माहौल?

    गुजरात से LIVE: चुनाव में पहले चरण की वोटिंग जारी. सुरेंद्रनगर में कैसा है माहौल? ज़्यादा जानकारी के साथ बीबीसी संवाददाता अभिनव गोयल (कैमरा- शाहनवाज़ अहमद)

  4. रवीश कुमार ने एनडीटीवी से इस्तीफ़े के बाद कहा- चिड़िया का घोंसला कोई ले गया, लेकिन उसके पास खुला आसमान

    भारत के जानेमाने टीवी चैनल एनडीटीवी से इस्तीफ़ा देने के बाद वरिष्ठ पत्रकार रवीश कुमार ने अपने सोशल मीडिया हैंडल से एक वीडियो संदेश जारी किया है.

    वीडियो में उन्होंने कहा, "भारत में पत्रकारिता का स्वर्ण युग कभी नहीं था लेकिन आज के दौर की तरह का भस्म युग भी नहीं था, जिसमें पत्रकारिता पेशे की हर अच्छी बात भस्म की जा रही हो."

    मीडिया की मौजूदा स्थिति की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा, "गोदी मीडिया और सरकार भी पत्रकारिता का अपना मतलब आप के ऊपर थोपना चाहती है. इस वक्त अपने संस्थान को लेकर कुछ ख़ास नहीं कहूंगा क्योंकि भावुकता में आप तटस्थ नहीं रह सकते. एनडीटीवी में 26-27 साल गुज़ारे हैं. कई शानदार यादें हैं एनडीटीवी में, जो अब किस्से सुनाने की काम आएंगी."

    "मुझे सबसे कुछ न कुछ मिला है, मैं सबका आभारी हूँ. एक का ज़िक्रकर बाक़ी की छोड़ना न्याय नहीं होगा. बेटी विदा होती है, तो वो दूर तक पीछे मुड़कर अपने मायके को देखती है. मैं उसी स्थिति में हूं. "

    चिट्ठियां छांटने से शुरू किया सफ़र

    एनडीटीवी में अपनी शुरुआत का ज़िक्र करते हुए रवीश कुमार ने बताया कि वो अगस्त 1996 में एनडीटीवी से औपचारिक रूप से अनुवादक के तौर पर जुड़े लेकिन उससे पहले काफ़ी समय तक यहां चिट्ठियाँ छांटने का काम भी किया.

    उन्होंने बताया, "आपके बीच गया तो घर ही नहीं लौटा. मैं खुद के पास नहीं रहा. शायद अब कुछ वक़्त मिलेगा ख़ुद के साथ रहने का. आज की शाम ऐसी शाम है जहाँ चिड़िया को अपना घोंसला नज़र नहीं आ रहा. शायद कोई और उसका घोंसला ले गया. मगर उसके सामने एक खुला आसमान ज़रूर नज़र आ रहा है."

    'मैं उनकी तरह नहीं जो चाय की बात करते हैं और जहाज़ से उतरते हैं'

    उन्होंने आगे कहा- भले ही उन्होंने चिट्ठियाँ छाँटी लेकिन इसके लिए उनसे सहानुभूति न रखी जाए क्योंकि मैं उनकी तरह नहीं हूँ जो बात करते हैं चाय बेचने की और उतरते हैं जहाज़ से.अपने संघर्ष को महान बताने के लिए मैं ऐसा नहीं करना चाहता.

    उन्होंने कहा, "मेरे आगे दुनिया बदलती रही, मैं टेस्ट मैच के खिलाड़ी की तरह टिका रहा. पर अब किसी ने मैच ही ख़त्म दिया. इसे टी-20 में बदल दिया. जनता को चवन्नी समझने वाले जगत सेठ हर देश में हैं, इस देश भी हैं. अगर वो दावा करें कि आप तक सही सूचनाएँ पहुँचाना चाहते हैं, तो इसका मतलब है कि अपनी जेब में डॉलर रखकर वो आपकी जेब में चवन्नी डालना चाहते हैं."

    "पत्रकार एक ख़बर लिख दे तो जगतसेठ मुक़दमा कर देते हैं और फिर सत्संग में जाकर प्रवचन देते हैं कि वो आप पत्रकारों का भला चाहते हैं. आप दर्शक इतना तो समझते होंगे."

    रवीश कुमार ने बुधवार को एनडीटीवी से इस्तीफ़ा दे दिया था.

    रवीश कुमार का इस्तीफ़ा प्रणय रॉय और राधिका रॉय के आरआरपीआर होल्डिंग प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर के पद से इस्तीफ़ा देने के एक दिन बाद आया.

    अडानी ग्रुप की ओर से एनडीटीवी के टेकओवर की कोशिशों के बीच रवीश कुमार ने इस्तीफ़ा दिया है.

  5. भारतीय जेलों में 77% क़ैदी विचाराधीन, आधे बिता चुके हैं 3 महीने से 2 साल

    26 नवम्बर को संविधान दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सवाल उठाया कि अगर देश विकास की तरफ जा रहा है तो और देश में ज़्यादा जेलें बनाने की क्या ज़रूरत है, बल्कि उन्हें कम किया जाना चाहिए.

    ये बात मुर्मू ने इस सन्दर्भ में कही कि अक्सर ये बात होती है कि चूंकि जेलों में भीड़ बढ़ गई है इसलिए और ज़्यादा जेलें बनाई जानी चाहिए. आंकड़े भी यही बताते हैं कि क़ैदियों की भीड़ से जूझती भारत की जेलें एक विस्फोटक स्थिति में पहुंच चुकी हैं.

    नेशनल क्राइम रिकार्ड्स ब्यूरो (एनसीआरबी) की जेलों की स्थिति पर ताज़ा रिपोर्ट में कहा गया कि 31 दिसंबर 2021 तक देश की कुल 1,319 जेलों में औसतन हर 100 क़ैदियों के लिए निर्धारित जगह में 130 क़ैदी रह रहे थे.

    इस आंकड़े को समझने में ध्यान देने की बात ये है कि ये देशभर की जेलों की कुल क्षमता और कुल आबादी पर आधारित राष्ट्रीय औसत है.

  6. गुजरात चुनाव: साइकल पर सिलेंडर लेकर वोट डालने पहुंचे कांग्रेस विधायक, ये है वजह

    गुजरात के अमरेली से कांग्रेस विधायक परेश धनानी विधानसभा चुनाव में वोटिंग के लिए साइकल पर सिलेंडर लेकर घर से निकले.

    समाचार एजेंसी एएनआई ने इसका वीडियो शेयर किया है.

    परेश धनानी का कहना है कि ईंधन के बढ़ते दामों पर ध्यान दिलाने के लिए ये तरीका चुना है. उनका कहना है कि उन्हें भरोसा है कि पूरा गुजरात भी इस मुद्दे पर वोट करेगा.

    गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए आज मतदान हो रहा है. पांच दिसंबर को दूसरे चरण की वोटिंग होगी और 8 दिसंबर को नतीजे आएंगे.

  7. आज से जी-20 का अध्यक्ष बनेगा भारत, अमेरिका ने क्या कहा?

    भारत गुरुवार से औपचारिक तौर पर जी-20 की अध्यक्षता संभालने जा रहा है. अब अगले एक साल तक भारत ही जी-20 की अध्यक्षता करेगा.

    भारत की अध्यक्षता में अमेरिका का जी-20 को लेकर रुख और प्राथमिकताएं क्या रहने वाले हैं, इसको लेकर बुधवार को व्हाइट हाउस की रोज़ाना होने वाली प्रेस ब्रीफ़िंग के दौरान सवाल किए गए.

    व्हाइट हाउस के प्रेस सचिव कैरीन जीन पियरे ने इसके जवाब में कहा कि भारत की अध्यक्षता में अमेरिका मौजूदा खाद्य संकट, ऊर्जा से जुड़ी चुनौतियों से निपटने में सहयोग के लिए काम करते रहेंगे. साथ एक लचीली वैश्विक अर्थव्यवस्था के निर्माण के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे.

    क्या राष्ट्रपति जो बाइडन जी-20 सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए भारत आएंगे? इसपर जीन पियरे ने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया लेकिन उन्होंने कहा, "जैसा कि आपने देखा है, अपने कार्यकाल में राष्ट्रपति जी-20 सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए व्यक्तिगत तौर पर अध्यक्ष देश की यात्रा करते रहे हैं. फिलहाल मेरे पास इस संबंध में कुछ ख़ास बताने के लिए नहीं है."

    भारत के पड़ोसी देश, पाकिस्तान में नए सेना प्रमुख के तौर पर जनरल आसीम मुनीर ने पदभार संभाल लिया है. अमेरिका और पाकिस्तान के बीच रिश्ते बीते कुछ समय में तनावपूर्ण दिखे हैं.

    इस बदलाव को लेकर अमेरिका किस तरह से देखता है, इस पर जीन पीयरे ने कहा, "पाकिस्तान के साथ लंबे समय से चले आ रहे सहयोग की अमेरिका कद्र करता है और हमेशा एक लोकतांत्रिक और समृद्ध पाकिस्तान को अमेरिका के लिहाज़ से अहम मानता रहा है. हम स्थिरता को बढ़ावा देने, पाकिस्तान लोगों और उस क्षेत्र की समृद्धि के लिए पाकिस्तान के साथ मिलकर काम करने के लिए आशान्वित हैं."

  8. पाकिस्तान संग टेस्ट मैच से पहले फिट हुए इंग्लैंड के बीमार खिलाड़ी, आज से ही होगा मैच

    पाकिस्तान दौरे पर पहुंची इंग्लैंड की टीम तय समय के हिसाब से ही टेस्ट सिरीज़ खेलेगी. इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने इसकी जानकारी दी है.

    इसके साथ ही इंग्लैंड के कई खिलाड़ियों के बीमार पड़ने से पाकिस्तान के साथ आज से शुरू होने वाली सिरीज़ को लेकर अनिश्चतता ख़त्म हो गई है.

    इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने पीसीबी को बताया है कि उनके ग्यारह खिलाड़ी मैदान पर उतरने में सक्षम हैं और पहला टेस्ट अपने तय समय पर रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में होगा.

    बुधवार को इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने बताया था कि खिलाड़ियों के वायरल इन्फ़ेक्शन से पीड़ित होने की वजह से पहला टेस्ट खेलने पर गुरुवार सुबह ही फ़ैसला लिया जाएगा.

    इंग्लैड क्रिकेट बोर्ट ने एक बयान में कहा था, “पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने आज इग्लैंड के खिलाड़ियों के वायरल इन्फ़ेक्शन के बारे में बात की और दोनों ही पक्षों इस बात पर सहमत हुए कि पहले टेस्ट को शुरू करने का फ़ैसला कल सुबह साढ़े सात बजे लिया जाएगा.”

    17 सालों के बाद ये पहला मौक़ा होगा जब इंग्लैंड पाकिस्तान की ज़मीन पर टेस्ट मैच खेलने उतर रहा है.

  9. सेलप्पन निर्मला ने किस तरह ढूंढा था भारत में एड्स का पहला मामला

    तीस साल पहले भारत में जानलेवा एचआईवी एड्स का पहला केस मिला था, जब छह सेक्स वर्कर्स के ब्लड सैंपल की जांच के दौरान उन्हें पॉज़िटिव पाया गया.

    यह मूल रूप से एक युवा वैज्ञानिक के प्रयासों से संभव हो पाया था. लेकिन आज उनके इस काम को भुला दिया गया है.

    यह साल 1985 की बात है, चेन्नई (उस वक़्त मद्रास) के एक मेडिकल कॉलेज की 32 साल की माइक्रोबायोलाजी की छात्रा सेलप्पन निर्मला अपने लेख का विषय ढूंढ रही थीं.

    उनके शिक्षक और मेंटर सुनिति सोलोमॉन ने पहली बार सेलप्पन निर्मला को एचआईवी एड्स के लिए लोगों की जांच करने की सलाह दी. अमरीका में तो एड्स के मामलों का औपचारिक रूप से पता लगाने की शुरुआत 1982 में हुई थी.

    भारत में चिकित्सा अधिकारी इस बीमारी की जांच में फंसना नहीं चाह रहे थे. निर्मला याद करते हुए कहती हैं कि उस वक़्त इस तरह के सुझाव को ज़्यादातर नामुमकिन माना जाता था.

    उस वक़्त की मीडिया ने एचआईवी को 'अय्याश' पश्चिमी देशों की बीमारी बताया था, जहां कथित तौर पर खुले सेक्स और समलैंगिकता का प्रचलन था. दूसरी तरफ भारत के लोग को विपरीत लिंग वालों से संबंध रखने, एक शादी और भगवान से डरने वाले माने जाते थे.

    कुछ अख़बार तो अपनी मर्ज़ी से यह भी लिखते थे कि जब तक यह बीमारी भारत पहुंचेगी, तब तक अमरीका इसका इलाज ढूंढ लेगा.

    तमिलनाडु में चेन्नई शहर और इसके आसपास के इलाक़े को ख़ास तौर पर रूढ़िवादी समाज माना जाता है. जबकि मुंबई को आमतौर पर स्वच्छंद शहर माना जाता है. उस वक़्त मुंबई शहर से भी सैकड़ों सैंपल इकट्ठे किए गए थे, जिसकी जांच पूना के वायरोलॉजी संस्थान में की गई थी और इनमें से एक भी सैंपल को पॉज़िटिव नहीं पाया गया था.

  10. फ़ीफ़ा: अमेरिका से मिली हार का जश्न मनाने के आरोप में ईरानी पुलिस ने शख्स को गोली मारी: रिपोर्ट

    फ़ुटबॉल वर्ल्ड कप के एक मुक़ाबले में अमेरिका से मिली हार का जश्न मनाने की वजह से ईरान में सुरक्षाबलों द्वारा एक शख़्स की गोली मारकर हत्या किए जाने का दावा किया जा रहा है.

    बीबीसी को मिली जानकारी के अनुसार उत्तरी ईरान में सरकार विरोधी प्रदर्शनकारी सार्वजनिक तौर पर देश की फ़ुटबॉल टीम के वर्ल्ड कप मुक़ाबले से बाहर होने का जश्न मना रहे थे.

    कुछ एक्टिविस्टों ने बताया कि मंगलवार रात बंदर अंज़ाली में गाड़ी का हॉर्न बजाने के बाद मेहरान समक को माथे पर गोली मारी गई.

    कुछ दूसरे शहरों के वीडियो में भी भीड़ को सड़कों पर नाचते-गाते देखा गया है.

    बहुत से ईरानी नागरिकों ने क़तर में अपनी फ़ुटबॉल टीम का समर्थन करने से इनकार कर दिया. दरअसल, इन लोगों का मानना है कि ये टीम इस्लामिक गणराज्य ईरान का प्रतिनिधित्व कर रही है.

    ईरान की सरकारी मीडिया टीम पर ग़ैरज़रूरी दबाव बनाने के लिए मुल्क़ के अंदर और बाहर मौजूद विरोधी ताक़तों को ज़िम्मेदार बता रही है. ईरान की टीम ग्रुप स्टेज के फ़ाइनल मुक़ाबले में अमेरिका से 1-0 से हारी.

    फ़ुटबॉल ख़िलाड़ियों ने भी देश में प्रदर्शनकारियों के साथ एकजुटता दिखाने के लिए इंग्लैंड के ख़िलाफ़ खेले गए अपने पहले मुक़ाबले से पहले राष्ट्रगान गाने से इनकार कर दिया था.

    ईरान में 10 सप्ताह पहले महसा अमीनी नाम की एक 22 वर्षीय युवती की पुलिस हिरासत में मौत के बाद से देशभर में प्रदर्शन हो रहे हैं.

    दावा किया गया कि युवती ने हिजाब ठीक से नहीं पहना था जिसकी वजह से उन्हें हिरासत में लिया गया. हालांकि, ईरानी प्रशासन का कहना है कि अमीनी की मौत हार्ट अटैक से हुई.

  11. गुजरात विधानसभा चुनाव: पहले चरण का मतदान शुरू, 89 सीटों पर हो रही वोटिंग

      • Author, अभिनव गोयल
      • पदनाम, बीबीसी संवाददाता, सुरेंद्रनगर, गुजरात से

    गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए आज वोटिंग होनी है. गुरुवार को राज्य की 89 विधानसभा सीटों के लिए मतदान हो रहा है.

    इनमें कच्छ, सौराष्ट्र और राज्य के दक्षिणी हिस्सों के 19 ज़िले शामिल हैं. चुनाव आयोग के अनुसार मतदान सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा.

    आज के मतदान में सबसे अहम सीटों में जामनगर नॉर्थ और मोरबी भी है. जामनगर नॉर्थ से बीजेपी ने क्रिकेटर रविंद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा जडेजा को टिकट दिया है. वहीं, 30 अक्टूबर को ब्रिज टूटकर गिरने से हुए भीषण हादसे की वजह से मोरबी भी चर्चा में है. इस हादसे में क़रीब 130 लोगों की जान चली गई थी.

    इन दिग्गज नेताओं की किस्मत दांव पर

    • आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार इसुदन गढ़वी द्वारका जिले की खंभालिया सीट से चुनावी मैदान में हैं.
    • आप के प्रदेश अध्यक्ष गोपाल इटालिया सूरत के कटारगाम से चुनाव लड़ रहे हैं.
    • जामनगर (उत्तर) से क्रिकेटर रवींद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा जडेजा खड़ी हैं.
    • भावनगर (ग्रामीण) से पांच बार के विधायक पुरुषोत्तम सोलंकी का नाम शामिल का नाम शामिल है.
    • पाटीदार समाज के नेता अल्पेश कथीरिया सूरत के वराछा रोड से उम्मीदवार हैं.
    • सात बार के विधायक और दिग्गज आदिवासी नेता छोटू वसावा भरूच के झगड़िया से खड़े हैं.

    सभी 89 सीटों पर बीजेपी और कांग्रेस चुनाव लड़ रही हैं. जबकि AAP के 88 सीटों पर उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं. वहीं सूरत पूर्व सीट से आप प्रत्याशी ने अपनी उम्मीदवारी वापिस ले ली थी.

    गुजरात में 1995 से बीजेपी की सरकार है. पिछले चुनाव में बीजेपी को 99 सीटों पर जीत मिली थी. वहीं कांग्रेस भी 77 सीटों पर विजयी रही थी.

    गुजरात में 182 विधानसभा सीटें हैं. दूसरे चरण का मतदान 5 दिसंबर को होना है और मतगणना 8 दिसंबर को होगी.

  12. फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप में फिर बड़ा उलटफेर, ट्यूनीशिया ने डिफ़ेंडिंग चैंपियन फ़्रांस को हराया

    क़तर की मेज़बानी में हो रहे फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप में बुधवार को एक और बड़ा उलटफेर देखने को मिला. बुधवार को हुए मैच में ट्यूनीशिया ने पिछले वर्ल्ड कप के चैंपियन फ़्रांस को 1-0 से हरा दिया.

    हालांकि फ़्रांस पहले ही नॉकआउट स्टेज में पहुंच चुका है. दोहा के एजुकेशन सिटी स्टेडियम में हुए मैच के दौरान ट्यूनीशिया ने फ़्रांस पर अधिकांश समय दबदबा बनाए रखा. ट्यूनीशिया के कप्तान वाहबी खाजरी ने मैच के 58वें मिनट में पहला गोल दागकर टीम को जीत दिलाई.

    ग्रुप डी में फ़्रांस की टीम ट्यूनीशिया से हार के बावजूद तीन में से दो मैच जीत कर छह अंक के साथ शीर्ष पर रही. भले ही इस हार से फ़्रांस की स्थिति पर असर न हुआ हो लेकिन ये चौंकाने वाली शिकस्त ज़रूर है.

    अर्जेंटीना ने पोलैंड को हराया

    लियोनेल मेसी की कप्तानी वाली अर्जेंटीना की टीम का रोमांचक मुक़ाबले रॉबर्ट लेवानडॉस्की की टीम पोलैंड से हुआ. इस मैच में अर्जेंटीना ने 2-0 से जीत दर्ज की.

    अर्जेंटीना ने भी अपने ग्रुप में शीर्ष पर रहते हुए अंतिम 16 में जगह पक्की कर ली है. अब सुपर-16 में अर्जेंटीना का मुक़ाबला ग्रुप-डी की दूसरे नंबर की टीम ऑस्ट्रेलिया से होगा. ग्रुप सी से मैक्सिको और सऊदी अरब की टीम बाहर हो गई है.

    हारकर भी पोलैंड ने सुपर-16 के लिए क्वालिफाई कर लिया है.

    अब पोलैंड का मुक़ाबला फ़्रांस से होगा.

  13. नमस्कार, बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. अभिवादन स्वीकार कीजिए.

    ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 30 नवंबर के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    आज की अहम ख़बरें-

    • गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए पहले चरण का लिए मतदान आज.
    • फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप में अमेरिका से हार का जश्न मनाने की वजह से ईरानी शख़्स की हत्या.
    • श्रद्धा मर्डर केस: ऑफ़ताब पूनावाला ने पॉलिग्राफ़ टेस्ट में हत्या का गुनाह कबूला, आज होगा नार्को टेस्ट.
    • दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने बीजेपी पर लगाया कारोबारियों से पैसों की उगाही का आरोप.