You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

इंग्लैड-पाकिस्तान सिरीज़: इंग्लैंड के कई खिलाड़ी बीमार, पहले टेस्ट को लेकर अनिश्चितता

इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने जानकारी दी है कि इंग्लैंड के खिलाड़ियों के वायरल इन्फ़ेक्शन से पीड़ित होने के कारण पहले टेस्ट को लेकर कल फ़ैसला होगा.

लाइव कवरेज

प्रियंका झा and शुभम किशोर

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, यूपी: लखनऊ-बहराइच हाइवे पर बस और ट्रक की टक्कर में 6 की मौत, 15 घायल

    लखनऊ-बहराइच हाइवे पर एक रोडवेज़ बस और ट्रक के बीच हुई टक्कर से 6 लोगों की मौत हो गई और 15 घायल हो गए हैं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार डीएम दिनेश चंद्र सिंह ने कहा कि हादसा बुधवार तड़के 4.30 बजे के पास तब हुआ जब एक तेज़ रफ़्तार ट्रक बस से टकरा गई.

    घायलों को अस्पताल ले जाया गया जहाँ चार लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है.

    हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान करना अभी बाकी है.

    डीएम ने बताया बस लखनऊ से रुपईडीहा की ओर जा रही थी, तभी बहराइच से लखनऊ की तरफ़ आ रहे ट्रक ने उसमें टक्कर मार दी. ट्रक चालक मौके से फ़रार होने में कामयाब हो गया.

    पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर ड्राइवर को पकड़ने की कोशिश कर रही है.

  2. '66 रनों के औसत पर भी संजू सैमसन बैठे हैं', वीवीएस लक्ष्मण की इस बात से नाराज़ शशि थरूर

    भारतीय टीम में संजू सैमसन और ऋषभ पंत को रखने से जुड़ी बहस में अब कांग्रेस नेता शशि थरूर भी शामिल हो गए हैं.

    दरअसल, बुधवार को न्यूज़ीलैंड के साथ खेले जा रहे तीसरे एक दिवसीय मैच के प्लेइंग इलेवन में भी संजू सैमसन को जगह नहीं मिली. ब्रॉडकास्टर्स से बातचीत के दौरान सिरीज़ में टीम इंडिया के हेडकोच वीवीएस लक्ष्मण ने ऋषभ पंत के समर्थन में कुछ बातेx कहीं जो शशि थरूर को ख़ास पसंद नहीं आई.

    कांग्रेस नेता शशि थरूर ने ट्वीट किया, "वीवीएस लक्ष्मण ने कहा है कि पंत ने चौथे नंबर पर अच्छा प्रदर्शन किया है, इसलिए उनका साथ देना ज़रूरी है. वो एक अच्छे खिलाड़ी हैं जो फॉर्म में नहीं हैं, जो अपनी 11 में से दस पारियों में असफल रहे हैं. सैमसन का एकदिवसीय मैचों में औसत 66 का है, अपने सभी बीते पांच मैचों में उन्होंने रन बनाए हैं और वो बेंच पर बैठे हैं. सोचिए."

    संजू सैमसन का भारतीय टीम में आना और जाना लगातार सवालों के घेरे में रहा है. न्यूज़ीलैंड के साथ जारी सिरीज़ के पहले वन डे मैच में संजू सैमसन ने 36 रन बनाए लेकिन उसके बाद के दोनों एकदिवसीय मैचों की प्लेइंग इलेवन में उन्हें जगह नहीं मिली. वहीं, ऋषभ पंत के लगातार असफल रहने पर भी उन्हें टीम में बनाए रखने को लेकर भी सवाल खड़े होते रहे हैं.

    दूसरे वन डे से संजू सैमसन को बाहर रखने पर कप्तान शिखर धवन ने कहा था कि टीम में छठे बॉलर को रखने के लिए प्लेइंग इलेवन में उनकी जगह दीपक हुडा को रखा गया.

    तीसरे वन-डे में भारत का प्लेइंग इलेवन

    शिखर धवन (कप्तान), शुभमन गिल, ऋषभ पंत (उपकप्तान-विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, सूर्यकुमार यादव, दीपक हुडा, वाशिंगटन सुंदर, दीपक चाहर, उमरान मलिक, अर्शदीप सिंह, युज़वेंद्र चहल.

  3. अभिनेत्री रवीना टंडन की गाड़ी सफारी करते हुए बाघ के पास पहुंची, जांच के आदेश

    मध्य प्रदेश के सतपुड़ा टाइगर रिज़र्व के अधिकारियों ने फ़िल्म अभिनेत्री रवीना टंडन से जुड़े एक मामले में जांच शुरू कर दी है. दरअसल, वीडियो में कथित तौर पर ये दिखाया गया कि सफारी के दौरान रवीना टंडन का वाहन एक बाघ के पास आ गया था.

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने एक अधिकारी के हवाले से इसकी पुष्टि की है.

    सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में सफारी वाहन एक बाघ के पास पहुंचते दिख रहा है. इसी क्लिप में कैमरे के शटर की आवाज़ सुनाई देती है और एक बाघ कैमरे के पीछे रहे लोगों पर दहाड़ता दिखाई दे रहा है. ये घटना मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम ज़िले में सतपुड़ा टाइगर रिज़र्व की बताई जा रही है.

    वन के सब-डिविज़नल अधिकारी (एसडीओ) धीरज चौहान ने पीटीआई से कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर उन्होंने इस कथित मामले की जांच शुरू कर दी है.

    उन्होंने कहा कि 22 नवंबर को रवीना टंडन टाइगर रिज़र्व आई थीं, इस दौरान उनका वाहन कथित तौर पर बाघ के पास चला गया था.

    उन्होंने ये भी कहा कि इस मामले में वाहन के ड्राइवर और ड्यूटी पर मौजूद अधिकारियों को नोटिस भेजा जाएगा और पूछताछ होगी.

    रवीना टंडन ने अपने सोशल मीडिया हैंडल्स पर सतपुड़ा टाइगर रिज़र्व की अपनी कुछ तस्वीरें शेयर की थीं. उन्होंने बाघों की तस्वीरें भी शेयर की जो उन्होंने ही खींची थीं.

    रवीना टंडन का कोई सीधा बयान अभी तक नहीं आया है लेकिन बुधवार रात उन्होंने सतपुड़ा टाइगर रिज़र्व से जुड़े एक अन्य न्यूज़ रिपोर्ट को शेयर करते हुए ट्वीट किया, "आप कभी भी ये पूर्वानुमान नहीं लगा सकते कि बाघ कब और क्या करेंगे."

  4. बीसीसीआई ने अपने ही अध्यक्ष रोजर बिन्नी को भेजा नोटिस, बहू से जुड़ा है मामला

    भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के आचरण अधिकारी (एथिक्स ऑफ़िसर) विनीत सरण ने बोर्ड के अध्यक्ष रोजर बिन्नी को हितों के टकराव से जुड़े एक मामले में नोटिस भेजा है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार बिन्नी को लिखित में जवाब देने के लिए 20 दिसंबर तक का समय दिया गया है.

    दरअसल, शिकायतकर्ता संजीव गुप्ता ने रोजर बिन्नी पर हितों के टकराव का आरोप लगाया है क्योंकि उनकी बहू स्टार स्पोर्ट्स के लिए काम करती हैं, जिसे भारतीय क्रिकेट घरेलू सीज़न के मीडिया अधिकार मिले हुए हैं.

    रोजर बिन्नी की बहू मयंती लैंगर स्टार स्पोर्ट्स की चर्चित एंकर हैं.

    विनीत सरण ने 21 नवंबर को जारी नोटिस में कहा, "आपको सूचित किया जाता है कि बीसीसीआई के आचरण अधिकारी को बीसीसीआई के नियम 38(1) और नियम 38 (2) के उल्लंघन के संबंध में शिकायत मिली है, जो आपके हितों के टकराव से जुड़े हैं. आपको निर्देश दिया जाता है कि शिकायत पर अपनी लिखित प्रतिक्रिया 20 दिसंबर 2022 को या इससे पहले दें. इस जवाब के समर्थन में हलफ़नामा भी दायर किया जाना चाहिए."

    1983 की वर्ल्ड कप विजेता टीम का हिस्सा रह चुके रोजर बिन्नी इसी साल अक्टूबर में बीसीसीआई के 36वें अध्यक्ष बने हैं. उन्होंने सौरव गांगुली की जगह ली थी.

    67 वर्षीय बिन्नी ने भारत के लिए 27 टेस्ट और 72 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच खेले.

  5. फ़ीफ़ा: ईरान को 1-0 से हराकर नॉकआउट में पहुंचा अमेरिका

    बुधवार को अल थुमामा स्टेडियम में ग्रुप बी के अपने आख़िरी मैच में अमेरिका ने ईरान को 1-0 से हराकर नॉकआउट में जगह पक्की कर ली है.

    ईरान और अमेरिका के बीच इस मैच पर राजनीतिक वजहों से भी सबकी निगाहें टिकी थीं.

    अमेरिका के क्रिश्चियन पुलिसिक मैच के हीरो रहे. उन्होंने 38वें मिनट पर टीम के लिए गोल दागा और ईरान पर 1-0 से बढ़त दिलाई.

    दूसरे हाफ़ में दोनों ही टीमें गोल नहीं कर पाईं और आख़िर में अमेरिका ने 1-0 से मैच जीत लिया.

    मैच में जीत के साथ अमेरिका 5 अंकों के साथ ग्रुप -बी से नॉकआउट के लिए क्वॉलीफ़ाई करने वाली दूसरी टीम बन गई. इससे पहले इंग्लैंड ने वेल्स को हराया. इंग्लैंड ग्रुप-बी में 7 अंकों के साथ सबसे ऊपर है.

    इंग्लैंड ने वेल्स को हराया

    मार्कस रशफ़ोर्ड और फिल फ़ोडेन की वजह से इंग्लैंड ने वेल्स को फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप में ग्रुप बी के मुक़ाबले में 3-0 से हरा दिया. ये लगातार दूसरी बार है जब इंग्लैंड नॉकआउट यानी अंतिम 16 में अपनी जगह बना पाया है.

    50वें मिनट पर रशफ़ोर्ड के बेहतरीन गोल और उसके बाद हैरी केन से मिले पास पर फ़ोडेन के दमदार शॉट ने इंग्लैंड का स्कोर 2-0 कर दिया. इसके बाद रशफ़ोर्ड ने फिर से विपक्षी टीम को हैरान करते हुए इंग्लैंड के लिए तीसरा गोल दागा.

    अगर वेल्स इंग्लैंड को 4 गोलों के अंतर से हराता तो वो नॉकआउट में न पहुंचती. वहीं, वेल्स अब ग्रुप दौर में बाहर हो गया है.

  6. भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच तीसरा वन डे, प्लेइंग इलेवन में नहीं संजू सैमसन

    भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच आज तीसरा वन डे क्राइस्टचर्च में हो रहा है. न्यूज़ीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला लिया है.

    इससे पहले दूसरा वन डे बारिश की वजह से रद्द हो गया था. वहीं, पहले वन डे मैच में 300 रन से अधिक का लक्ष्य रखने के बावजूद भारत को हार का सामना करना पड़ा था.

    टीम के प्लेइंग इलेवन में एक बार फिर से संजू सैमसन को जगह नहीं मिली है.

    भारतीय टीम

    शिखर धवन (कप्तान), शुभमन गिल, ऋषभ पंत (उपकप्तान-विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, सूर्यकुमार यादव, दीपक हुडा, वाशिंगटन सुंदर, दीपक चाहर, उमरान मलिक, अर्शदीप सिंह, युज़वेंद्र चहल.

    न्यूज़ीलैंड टीम

    डी कॉनवे, एफ़ एलेन, केन विलियमसन (कप्तान), डी मिचेल, टॉम लाथम (विकेटकीपर), जी फ़िलिप्स, एम. सैंटनर, ए मिलन, टी साऊदी, एम हेनरी, एल फ़र्ग्यूसन.

  7. नमस्कार, बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. अभिवादन स्वीकार कीजिए.

    ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 29 नवंबर के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिककर सकते हैं.

    आज की अहम ख़बरें-

    • अमेरिका ने ईरान के साथ हुए ग्रुप स्टेज के मुक़ाबले में 1-0 से जीत दर्ज की.
    • दिल्ली एम्स का सर्वर लगातार सातवें दिन भी ठप रहा, दो सिस्टम एनालिस्ट निलंबित किए गए.
    • यूपी: हवाई सफ़र के लिए फर्ज़ी आधार कार्ड इस्तेमाल करने के आरोप में सपा विधायक के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज