You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

पाकिस्तान के अगले सेना प्रमुख आसिम मुनीर की नियुक्ति पर राष्ट्रपति ने लगाई मुहर

आसिम मुनीर, 29 नवंबर को पाकिस्तान के नए सेना प्रमुख का पदभार संभालेंगे.

लाइव कवरेज

कमलेश मठेनी and अभिनव गोयल

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, रिचा चड्ढा ने गलवान पर अपने बयान के लिए मांगी माफ़ी

    अभिनेत्री रिचा चड्ढा ने गलवान को लेकर दिए गए अपने बयान पर माफ़ी मांग ली है.

    उन्होंने ट्वीट किया, "मेरा ये इरादा कभी नहीं हो सकता फिर भी विवाद में घसीटे गए उन तीन शब्दों ने अगर किसी को दुख पहुंचाया हो तो मैं माफ़ी मांगती हूं और ये भी कहूंगी कि मेरे शब्दों ने अगर गै़र इरादतन भी फौज में मेरे भाइयों के अंदर ये भावना पैदा की हो तो मुझे बहुत दुख होगा.''

    ''वो फौज जिसमें मेरे अपने नानाजी ने अहम भूमिका निभाई थी. लेफ़्टिनेंट कर्नल रहते हुए उन्हें 1960 के भारत-चीन युद्ध में अपने पैर पर गोली खाई. मेरे मामजी एक पैराट्रूपर थे. ये मेरे खून में है.''

    रिचा ने कहा, "जब एक बेटा हम जैसे लोगों से मिलकर बने इस देश की सुरक्षा करते हुए शहीद या घायल भी होता है तो पूरे परिवार पर इसका असर पड़ता है और निजी तौर पर जानती हूं कि ये कैसा महसूस होता है. ये मेरे लिए एक भावुक मसला है.''

    इससे पहले अभिनेत्री रिचा चड्ढा भारतीय सेना पर दिए अपने एक बयान को लेकर विवादों में घिर गई.

    उन्होंने भारतीय सैन्य अधिकारी के पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर को लेकर दिए गए बयान पर टिप्पणी की थी जिसका काफ़ी विरोध हो रहा है.

    भारतीय सेना की उत्तरी कमांड के कमांडिंग-इन-चीफ़ लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्वेदी ने कहा था कि जब भी भारत सरकार आदेश देगी, सेना ''पीओके'' पर कार्रवाई करने के लिए तैयार है.

    सैन्य अधिकारी के बयान को एक अन्य ट्वीटर यूज़र 'बाबा बनारस' ने ट्विटर किया था जिस पर रिचा चड्ढा ने कहा था, ''गलवान सेज़ हाय (गलवान याद करें)''

    इसके बाद उन पर गलवान घाटी की घटना याद दिलाकर सेना की क्षमता पर सवाल उठाने का आरोप लग रहा है.

  2. सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस: एनआईए को मिली गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की 10 दिन की रिमांड

    सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड मामले में दिल्ली की एक अदालत ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से पूछताछ करने के लिए राष्ट्रीय जांच एजेंसी को 10 दिन की रिमांड दी है.

    एजेंसी चरमपंथी संगठनों के साथ दिल्ली-एनसीआर के कई गैंगस्टरों के कथित संबंधों के जांच कर रही है.

    एनआईए ने दिल्ली की अदालत को बताया कि सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड और इससे जुड़े दूसरे तारों की पड़ताल के लिए उसे बिश्नोई से पूछताछ करने की ज़रूरत है.

    एनआईए ने अदालत से कहा, "पाकिस्तान से सामग्री का आना और मूसेवाला जैसे लोगों का निशाने पर होना. मामले में बड़ी आपराधिक साजिश की जांच की जा रही है."

    एनआईए की याचिका पर सुनवाई के बाद दिल्ली कोर्ट के स्पेशल एनआईए जज शैलेंद्र मलिक ने सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की 10 दिन की पुलिस हिरासत एनआईए को दे दी.

    जांच एजेंसी ने बिश्नोई की 12 दिनों की रिमांड मांगी थी, लेकिन अदालत ने उससे पूछताछ करने के लिए उसे 10 दिनों की रिमांड पर दिया.

  3. रिचा चड्ढा ने गलवान पर ऐसा क्या लिखा जिस पर हुआ विवाद

    अभिनेत्री रिचा चड्ढा भारतीय सेना पर दिए अपने एक बयान को लेकर विवादों में घिर गई हैं.

    उन्होंने एक भारतीय सैन्य अधिकारी के पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर को लेकर दिए गए बयान पर टिप्पणी की थी जिसका काफ़ी विरोध हो रहा है.

    भारतीय सेना की उत्तरी कमांड के कमांडिंग-इन-चीफ़ लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्वेदी ने कहा था कि जब भी भारत सरकार आदेश देगी, सेना ''पीओके'' परकार्रवाई करने के लिए तैयार है. भारतीय सेना सरकार के हर आदेश के लिए तैयार है. उन्होंने ये भी बताया कि करीब 160 आतंकी भारत में घुसपैठ करने के लिए पाकिस्तानी लॉन्चपैड पर मौजूद हैं. हम उनके इरादों को कामयाब नहीं होने देंगे.

    सैन्य अधिकारी के बयान को एक अन्य ट्वीटर यूज़र 'बाबा बनारस' ने ट्विटर किया था जिस पर रिचा चड्ढा ने कहा, ''गलवान सेज़ हाय (गलवान याद करें)''

    रिचा चड्ढा का विरोध कर रहे लोगों कहना है कि उन्होंने भारतीय सेना की क्षमता पर सवाल उठाते हुए गलवान की घटना याद दिलाई है जबकि वहां भी भारतीय सेना पीछे नहीं हटी थी.

    बीजेपी नेता मज़िंदर सिंह सिरसा ने ट्वीट किया, ''रिचा चड्ढा जैसी अदाकारा ओछे पब्लिसिटी स्टंट के लिये भारतीय सेना का अपमान कर रही हैं. रिचा चड्ढा कांग्रेस और राहुल गांधी की उपासक हैं इसलिए उनके इस ट्वीट में भारत विरोधी सोच साफ़ नज़र आती है.''

    उन्होंने कहा, ''हमेशा वो भारत के ख़िलाफ़ आपत्तिजनक ट्वीट करने में आगे रहती हैं. उन्होंने फिर से एक बार भारत की सेना को अपमानित करने का काम किया है. जब सेना के उत्तरी कमांडर से पूछा गया कि पीओके के बारे में क्या रणनीति है तो उन्होंने कहा कि जब भी सरकार का आदेश होगा तो हम पीओके को वापस ला सकते हैं.''

    ''ऐसे में रिचा चड्ढा उस भारतीय सेना का अपमान, उनका मज़ाक उड़ाए, गलवान याद कराए. गलवान भी भारत का गौरवमयी इतिहास है. हमारे भले ही 20 सैनिक शहीद हुए लेकिन हमने चीन को मुंहतोड़ जवाब दिया. ऐसे में आप उन शहीदों के प्रति अपमानजनक टिप्पणियां करो. मैं मुंबई पुलिस से कहना चाहता हूं कि रिचा चड्ढा के ख़िलाफ़ उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज करे ताकि ऐसे लोगों को मुंहतोड़ जवाब दिया जा सके.''

    फ़िलहाल ट्विटर पर रिचा चड्ढा का ट्वीट नज़र नहीं आ रहा है और उनके ट्विटर अकाउंट पर कोई भी ट्वीट नज़र नहीं आ रहा है.

    बता दें कि पूर्वी लद्दाख की गलवान घाटी में भारतीय और चीनी सेना के बीच गतिरोध की स्थिति बनी हुई है. 15 जून को गलवान घाटी में दोनों देशों के सैनिकों के बीच झड़प हुई थी.

  4. भारतीय सैन्य अधिकारी ने कहा- 'पीओके लेने को तैयार', अब पाकिस्तान ने दिया जवाब

    भारतीय सेना की नॉर्दन कमांड के एक अधिकारी के पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर को लेकर दिए गए बयान पर पाकिस्तान की सेना ने जवाब दिया है. पाक सेना ने इस बयान को राजनीति से प्रेरित और भ्रामक बताया है.

    भारतीय सेना की नॉर्दन कमांड के कमांडिंग-इन-चीफ़ लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने कहा था, "जब भी भारत सरकार आदेश देगी, सेना ''पीओके'' पर कार्रवाई करने के लिए तैयार है. भारतीय सेना सरकार के हर आदेश के लिए तैयार है. उन्होंने ये भी बताया कि करीब 160 आतंकी भारत में घुसपैठ करने के लिए पाकिस्तानी लॉन्चपैड पर मौजूद हैं. हम उनके इरादों को कामयाब नहीं होने देंगे."

    इस पर पाकिस्तान सेना के प्रवक्ता डीजी इंटर सर्विस पब्लिक रिलेशन (आईएसपीआर) ने कहा, ''आज़ाद जम्मू और कश्मीर के बारे में एक उच्च पदस्थ भारतीय सेना अधिकारी का अनुचित बयान भारतीय सैन्य बलों की भ्रमपूर्ण मानसिकता को दिखाता है. भारतीय सैन्य विचारों पर घरेलू राजनीति की छाप दिखती है.''

    ''तथाकथित लॉन्च-पैड और "आतंकवादियों को लेकर भ्रामक टिप्पणी और निराधार आरोप भारतीय सेना का एक प्रयास है ताकि आत्मनिर्णय के अधिकार के लिए प्रयास कर रहे निर्दोष कश्मीरियों पर सेना के बल प्रयोग और मानवाधिकार उल्लंघन से ध्यान हटाया जा सके. जबकि आत्मनिर्णय का ये अधिकार अंतरराष्ट्रीय क़ानून से समर्थित और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों में निहित है.''

    डीजी आईएसपीआर ने ट्वीट किया, ''भारतीय सैन्य अधिकारी के घमंड से भरे दावे और असली महत्वाकांक्षा बौद्धिक रूप से अपमानजनक है. पाकिस्तानी सेना एक अच्छे मकसद के लिए बनी ताकत है और क्षेत्रीय शांति और स्थिरता की वकालत करती है.''

    ''हालांकि, शांति की इस इच्छा के साथ-साथ हमारे क्षेत्र के ख़िलाफ़ किसी भी दुस्साहस या आक्रामकता को विफल करने की हमारी क्षमता और तैयारी पूरी है. ये बात हाल ही में बालाकोट मामले सहित कई मौकों पर साबित भी हुई है.

    ''भारतीय सेना अपने राजनीतिक आकाओं का चुनावी समर्थन बढ़ाने के लिए गैर ज़िम्मेदाराना बयान देने से दूर रहे तो क्षेत्रीय शांति के हित में बेहतर होगा.''

  5. मुंबई में खसरे का कहर, आए 233 मामले और 12 की मौत

    महाराष्ट्र के मुंबई में खसरे के मामले बढ़ते जा रहे हैं. शहर में खसरे के 13 नए मामले सामने आए हैं और एक की मौत हो गई है.

    बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के मुताबिक इस साल अब तक खसरे के कुल 233 मामले आ चुके हैं और कुल 12 लोगों की जान जा चुकी है.

    बीएमसी ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि बुधवार को खसरे के करीब 30 मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं, 22 मरीज को ठीक होने के बाद अस्पताल से भेज दिया गया है.

    बीएमसी के सर्वे में खसरे के 156 मामले पाए गए हैं. बच्चे ज़्यादा इस बीमारी की चपेट में आ रहे हैं.

    मुंबई के पास भिवंडी में रहने वाले खसरे से पीड़ित एक आठ महीने के बच्चे की मंगलवार को मौत हो गई थी.

    बच्चे के पूरे शरीर पर 20 नवंबर को चकत्ते आने शुरू हुए. उसे मंगलवार शाम को बीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया था लेकिन कुछ ही घंटों में बच्चे की हो गई. हालांकि, जांच के बाद ही मौत के कारण का पता चल पाएगा.

    अधिकारियों ने पिछले 24 घंटों में तीन लाख से ज़्यादा लोगों की जांच की है.

    बीएमसी ने बताया, ''बुखार और शरीर पर चकत्ते के सभी मामलों में विटामिन-ए की दो खुराक दी जा रही हैं. दूसरे खुराक 24 घंटे के अंतराल पर दी जाती है.''

  6. ट्विटर पर निलंबित खाते फिर से शुरू करने को लेकर एलन मस्क ने किया ट्वीट

    अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का ट्विटर अकाउंट फिर से शुरू करने के बाद ट्विटर के नए मालिक एलन मस्क ने अन्य निलंबित अकाउंट को लेकर भी ट्विट किया है.

    उन्होंने निलंबित अकाउंट को सामान्य माफ़ी की बात कहते हुए एक पोल किया है.

    एलन मस्क ने ट्वीट किया, ''क्या ट्विटर को निलंबित खातों के लिए सामान्य माफी की पेशकश करनी चाहिए, बशर्ते कि उन्होंने कानून नहीं तोड़ा हो या गंभीर स्पैम में लिप्त न हों?''

    कुछ समय पहले डोनाल्ड ट्रंप के ट्विटर अकाउंट से प्रतिबंध हटाने से पहले भी एलन मस्क ने एक ऐसा ही पोल किया था.

    उन्होंने पूछा था कि पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप के अकाउंट को फिर से शुरू किया जाए या नहीं. उनके पोल में अकाउंट शुरू करने को कुछ प्रतिशत ज़्यादा वोट मिले थे.

    अमेरिका में कैपिटल हिल हिंसा के बाद डोनाल्ड ट्रंप का ट्विटर अकाउंट निलंबित कर दिया गया था.

    मौजूदा पोल के बाद भी कुछ और निलंबित ट्विटर अकाउंट फिर से शुरू होने के कयास लगाए जा रहे हैं.

    एलन मस्क के ट्वीटर को खरीदने के बाद से ही इस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म में कई तरह के बदलाव हो रहे हैं.

    डोनाल्ड ट्रंप या अन्य अकाउंट पर प्रतिबंध हटने की पहले से भी संभावना जताई जा रही थी.

    हालांकि, मस्क ने कहा था कि वो कंटेंट मॉडरेशन के लिए एक काउंसिल बनाएंगे. इसके गठन से पहले वो ना तो निलंबित खाते शुरू करेंगे और ना ही कंटेंट को लेकर कोई बड़े फ़ैसले लेंगे.

  7. मेघालय में भूकंप के झटके, 3.4 रही तीव्रता

    मेघालय में तुरा इलाक़े के करीब गुरुवार तड़के भूकंप के झटके आए हैं.

    राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक आज सुबह करीब 03:46 बजे राज्य के तुरा इलाक़े से 37 किमी. पूर्व-उत्तरपूर्व में भूकंप के झटके महसूस किए गए.

    रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 3.4 मापी गई और गहराई ज़मीन से पांच किमी. नीचे थी.

    इससे पहले बुधवार को महाराष्ट्र और अरुणाचल प्रदेश में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे.

  8. असम-मेघालय सीमा पर भड़की हिंसा को लेकर हिमंत बिस्वा सरमा ने दिया बयान

    असम-मेघालय सीमा पर भड़की हिंसा को लेकर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बयान दिया है. उन्होंने इन टकरावों को सीमा विवाद से अलग बताया है.

    मुख्यमंत्री ने कहा, ''इसका सीमा विवाद से कोई लेना-देना नहीं है. ये गांव के लोगों और पुलिस के बीच टकराव हुआ था. मुझे नहीं लगता कि इसका सीमा को लेकर हो रही बातचीत से कोई संबंध है.''

    ''ये टकराव जंगल की लकड़ी को लेकर था. हमने न्यायिक जांच के आदेश दे दिये हैं. हमने मामले को सीबीआई और एनआईए के पास भेज दिया है. मुआवज़े की घोषणा की गई है. ज़िम्मेदार व्यक्ति को निलंबित किया गया है.''

    असम के पश्चिम कार्बी आंगलोंग ज़िले में गांव के गुस्साए लोगों ने बुधवार को फॉरेस्ट ऑफिस में तोड़फोड़ कर उसमें आग लगा दी थी.

    असम-मेघालय की एक विवादित सीमा पर मंगलवार सुबह हुई हिंसा के विरोध में ये तोड़फोड़ की गई थी.

    मंगलवार को पश्चिम जयंतिया हिल्स में मुकरोह जगह पर गोलीबारी हुई थी, जिसमें असम के एक वन अधिकारी समेत छह लोगों की मौत हो गई थी.

    फ़िलहाल दोनों राज्यों के सीमावर्ती इलाकों में तनाव है और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं.

    असम पुलिस ने अन्य राज्यों के वाहनों को मेघालय से यात्रा नहीं करने को कहा है.

  9. नमस्कार, बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. अभिवादन स्वीकार कीजिए.

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज में आपको दिनभर ताज़ा और अहम ख़बरें मिलेंगी.

    ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 23 नवंबर के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिककर सकते हैं.

    आज की अहम ख़बरें-

    • असम-मेघालय सीमा पर भड़की हिंसा को असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने गांववालों और पुलिस के बीच का टकराव बताया है.
    • यूक्रेन में बुधवार को हुए रूसी हमलों के बाद राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने रूस पर ''मानवता के ख़िलाफ़ अपराध'' का आरोप लगाया है.
    • डोनाल्ड ट्रंप के ट्विटर अकाउंट से प्रतिबंध हटाने के बाद एलन मस्क ने निलंबित खातों के लिए सामान्य माफ़ी को लेकर पोल किया है.
    • कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश में रैली के दौरान कहा कि हम एमपी में चुनाव जीते थे लेकिन विधायकों को खरीद लिया गया. लोकतंत्र के सभी रास्ते बंद हो गए हैं.
    • विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बुधवार को राजधानी दिल्ली में ईरान के राजनीतिक मामलों के उप विदेश मंत्री से द्विपक्षीय सहयोग और क्षेत्रीय मसलों पर बात की.