बांग्लादेश के लिए भारत की वनडे टीम का एलान, रवींद्र जाडेजा को नहीं मिली जगह

बीसीसीआई ने आगामी बांग्लादेश सिरीज़ के लिए भारतीय टीम का एलान कर दिया है. रवींद्र जाडेजा को इस टीम में जगह नहीं मिल पाई है.

लाइव कवरेज

अनंत प्रकाश and अभिनव गोयल

  1. बांग्लादेश के लिए भारत की वनडे टीम का एलान, रवींद्र जाडेजा को नहीं मिली जगह

    रवींद्र जाडेजा

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, रवींद्र जाडेजा

    बीसीसीआई ने आगामी बांग्लादेश सिरीज़ के लिए भारतीय टीम का एलान कर दिया है. रवींद्र जाडेजा को इस टीम में जगह नहीं मिल पाई है.

    समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, रवींद्र जाडेजा अभी भी अपने घुटने की तकलीफ़ से उबर नहीं पाए हैं. सितंबर में उनके घुटने की सर्जरी हुई थी.

    रवींद्र जाडेजा की जगह बंगाल के ऑल राउंडर शहबाज़ अहमद को मिली है. शहबाज़ अहमद न्यूज़ीलैंड में तीन मैचों की एकदिवसीय सिरीज़ में भारतीय टीम का हिस्सा थे.

    उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी शुरुआत इसी साल सितंबर में दक्षिण अफ्रीका के ख़िलाफ़ की थी.

    भारतीय टीम में शामिल किए गए खिलाड़ी- रोहित शर्मा (कप्तान), केल राहुल (उपकप्तान), शिखर धवन, विराट कोहली, रजत पाटीदार, श्रेयस अय्यर, राहुल त्रिपाठी, ऋषभ पंत (विकेट कीपर), ईशान किशन (विकेट कीपर), शहबाज़ अहमद, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, शर्दुल ठाकुर, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, दीपक चाहर, कुलदीप सेन.

  2. रोहिंग्याओं को मिला को जापान का साथ, 37 लाख डॉलर की मदद का एलान

    रोहिंग्या

    इमेज स्रोत, GETTY IMAGES

    जापान ने बांग्लादेश के भासन चार में रोहिंग्या शरणार्थियों की सहायता के लिए संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष को 37 लाख डॉलर की मदद करने के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं.

    जापान की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि इस पैसे का इस्तेमाल सेक्सुअल एंड रिप्रोडक्टिव हेल्थ (एसआरएच) सेवाओं में सुधार, लड़कियों और महिलाओं के प्रति अपराध को रोकने और युवाओं को सशक्त बनाने के लिए किया जाएगा.

    बांग्लादेश की न्यूज वेबसाइट डेली स्टार के मुताबिक यूएनएफपीए ने कहा कि जापान सरकार की मदद से वह नोआखली में बेहतर तरीके से काम कर पाएंगे.

    म्यांमार के रखाइन प्रांत में साल 2017 में रोहिंग्या मुस्लिमों पर हुई कार्रवाई के बाद इस समुदाय के लाख़ों लोगों ने सीमा पार कर के बांग्लादेश में शरण ले ली थी.

    कुछ समय पहले बांग्लादेश के शरणार्थी शिविरों में रह रहे रोहिंग्या शरणार्थियों को बंगाल की खाड़ी में स्थित भासन चार द्वीप पर भेजा गया था.

  3. बिहार का ये शहर रूस-यूक्रेन युद्ध की वजह से परेशान है

    वीडियो कैप्शन, बिहार का ये शहर रूस-यूक्रेन युद्ध की वजह से परेशान है

    बिहार के भागलपुर में सिल्क उद्योग के कारोबार से जुड़े लोग बीते कई महीनों से बेहद परेशान हैं. दरअसल, रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध शुरू होने के बाद उनके ऑर्डर कैंसिल हो गए.

    बिहार के भागलपुर सिल्क उद्योग के ऐसे प्रोडक्ट की मांग यूक्रेन, ताजिकिस्तान, तंज़ानिया, जर्मनी, इटली और खाड़ी देशों में काफ़ी ज़्यादा है. लेकिन युद्ध की वजह से इसके कई ऑर्डर कैंसिल हो गए हैं.

    देखिए भागलपुर से बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े की यह रिपोर्ट.

  4. आयुषी चौधरी: जिसने दूसरी जाति में प्यार और शादी का साहस किया, पर मिली मौत: ग्राउंड रिपोर्ट

  5. ब्रेकिंग न्यूज़, फ़ीफ़ा विश्व कप: जापान ने जर्मनी को हराकर सबको चौंकाया

    फ़ीफ़ा विश्व कप

    इमेज स्रोत, Dale MacMilan/Soccrates/Getty Images

    फ़ीफ़ा विश्व कप में अर्जेंटीना पर सऊदी अरब की जीत के बाद बुधवार को एक और बड़ा उलट-फेर हुआ है. आज बारी जापान की थी.

    ग्रुप ई के मुक़ाबले में जापान ने चार बार के विश्व चैंपियन जर्मनी को 2-1 से हरा कर सबको चौंका दिया.

    क़तर के खलीफा इंटरनेशनल स्टेडियम में जर्मन टीम ने शुरू में दबदबा बनाए रखा. जर्मनी ने 33वें मिनट में पेनाल्टी शूट आउट किया. लेकिन जर्मनी की ओर से दूसरा गोल हो ही नहीं पाया.

    दूसरी तरफ़ जापान का जर्मनी पर हमलावर रुख जारी रहा.

    किसी बड़ी प्रतिस्पर्धा के अपने पहले मैच में जर्मनी की ये तीसरी हार थी. इससे पहले साल 2018 के फ़ीफ़ा कप में उसे मेक्सिको ने तो यूरो 2020 में फ्रांस ने हराया था.

  6. प्रवीण से रिया बनी ट्रांसजेंडर टीचर की कहानी देखिए

    वीडियो कैप्शन, प्रवीण से रिया बनी ट्रांसजेंडर टीचर की कहानी देखिए

    वीडियो में दिख रही ये टीचर हैं रिया आलवेकर. रिया ने साल 2019 में अपना जेंडर बदला था, इससे पहले वो प्रवीण नाम से जानी जाती थीं.

    फ़िलहाल, रिया महाराष्ट्र सिंधुदुर्ग ज़िले के एक ज़िला परिषद स्कूल में पढ़ाती हैं. शुरुआत में जब उन्होंने बतौर महिला स्कूल जाना शुरू किया, तब वो काफ़ी दबाव में थीं. लेकिन कैसे अब वो मिसाल बन रही हैं. जानिए रिया की कहानी, उन्हीं की ज़ुबानी.

  7. फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप: ‘वन लव’ आर्मबैंड के समर्थन में उतरे जर्मनी के खिलाड़ी

    जर्मनी के खिलाड़ी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप में जापान के खिलाफ मैच से पहले जर्मनी के खिलाड़ियों ने टीम फोटो के समय अपने मुंह को हाथ से ढक कर विरोध किया.

    क़तर में चल रहे फुटबॉल वर्ल्ड कप में फ़ीफ़ा ने ‘वन लव’ आर्मबैंड की अनुमति देने से इनकार कर दिया है, जिसके विरोध में खिलाड़ियों ने ऐसा किया.

    ‘वन लव’ आर्मबैंड के समर्थन में कई टीमें प्रदर्शन कर चुकी हैं.

    विविधता और समावेश को बढ़ावा देने के लिए सात यूरोपीय देशों के कैप्टन इसे पहनने के लिए तैयार थे.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    जर्मनी फुटबॉल महासंघ ने ट्विटर पर कहा कि यह कोई राजनीतिक बयान देने के लिए नहीं था.

    महासंघ ने कहा कि मानवाधिकारों के साथ कोई समझौता मंजूर नहीं है और ‘वन लव’ आर्मबैंड को नहीं पहनने देना हमारी आवाज छीनने की तरह है.

    इंग्लैंड, वेल्स, बेल्जियम, डेनमार्क, नीदरलैंड और स्विट्ज़रलैंड के साथ जर्मनी उन टीमों में से एक थी, जिन्होंने वन लव आर्मबैंड पहनने का प्लान बनाया था.

    टीमों ने LGBTQ समुदाय के साथ एकजुटता दिखाने के लिए कतर में आर्मबैंड पहनने का फैसला किया था, लेकिन फ़ीफा ने इसे पहनने की मंजूरी नहीं दी.

  8. आज का कार्टून: तिहाड़ से ऑर्डर

    कार्टून

    तिहाड़ से सत्येंद्र जैन के वीडियोज़ पर आज का कार्टून.

  9. ताज़ा हमलों ने ठप की कई यूक्रेनी शहरों की बिजली, एक नवजात बच्चे की मौत

    बिजली टावर

    इमेज स्रोत, REUTERS

    यूक्रेन की राजधानी कीएव समेत कई शहरों में रूस ने ताजा हमले किए हैं. इन हमलों में कई शहरों की बिजली पूरी तरह से ठप हो गई है.

    इसमें सबसे ज्यादा नुकसान लविव शहर को हुआ है, जहां लोगों को बिना बिजली के रहना पड़ रहा है. लविव के अलावा पड़ोस के देश मॉल्डोवा में भी बिजली की सप्लाई में रुकावट के वजह से लोगों को अंधेरे में रहना पड़ रहा है..

    इमरजेंसी सर्विस के मुताबिक ज़ैपोरिज़्ज़िया में एक मिसाइल मेटरनिटी यूनिट पर आकर गिरी जिसके कारण एक नवजात बच्चे की मौत हो गई है.

    लविव के मेयर ने लोगों से शेल्टर में जाने की अपील की है. रूस ने हाल ही के दिनों में यूक्रेन के ऊर्जा संयंत्रों पर हमले बढ़ा दिए हैं.

    इससे पहले कई जगहों पर धमाकों की खबरों के बीच पूरे यूक्रेन में हवाई हमले की चेतावनी जारी की गई थी.

    माइकोलाइव क्षेत्र के गवर्नर ने भी दक्षिण और पूर्व से आने वाले मिसाइल हमलों को लेकर चेतावनी जारी की है. यूक्रेन ने इन हमलों के लिए रूस को जिम्मेदार बताया है, वहीं रूस ने इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है.

  10. दिनभर- पूरा दिन पूरी ख़बर अंजुम शर्मा और पायल भुयन के साथ

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  11. चुनाव आयुक्त ऐसा हो, जो प्रधानमंत्री तक के ख़िलाफ़ कार्रवाई कर सके- सुप्रीम कोर्ट

      • Author, सुचित्र मोहंती, बीबीसी हिंदी के लिए
    अरुण गोयल

    इमेज स्रोत, ANI

    सुप्रीम कोर्ट ने अरुण गोयल को हाल ही में 19 नवंबर को चुनाव आयुक्त नियुक्त किए जाने के तरीके पर कड़ी नाराज़गी जताई है.

    बुधवार को जस्टिस केएम जोसेफ की अध्यक्षता वाली पांच न्यायाधीशों की संविधान पीठ सीईसी और ईसी की नियुक्ति प्रक्रिया की संवैधानिक वैधता को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई कर रही थी.

    इस पीठ में जस्टिस अजय रस्तोगी, अनिरुद्ध बोस, ऋषिकेश और सीटी रविकुमार भी शामिल थे.

    कोर्ट ने कहा कि हमें ऐसे चुनाव आयुक्त की ज़रूरत है जो आरोप लगने पर प्रधानमंत्री तक के ख़िलाफ़ कार्रवाई कर पाएं.

    सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि ज्यादा अच्छा होता कि जब संविधान पीठ मामले की सुनवाई कर रही है तो अरुण गोयल की नियुक्ति नहीं की जाती.

    सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र से अरुण गोयल की नियुक्ति से संबंधित फाइल पेश करने को भी कहा है. कोर्ट ने भारत के अटॉर्नी जनरल से गोयल की नियुक्ति से जुड़ी फाइलें कल तक लाने के लिए कहा है.

    कोर्ट का कहना है कि वह उस पूरी प्रक्रिया को समझना चाहता है जिसका पालन चुनाव आयुक्त की नियुक्ति के समय किया गया था.

  12. पटना में आदित्य ठाकरे जब नीतीश-तेजस्वी से मिले तो क्या हुई बात

    नीतीश के साथ आदित्य ठाकरे

    इमेज स्रोत, ANI

    महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे ने बिहार के सीएम नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव से पटना में मुलाकात की.

    आदित्य ठाकरे के साथ शिवसेना सांसद प्रियंका चतुर्वेदी भी मौजूद थीं.

    तेजस्वी यादव ने मिथिला पेटिंग वाली शाल ओढ़ाकर आदित्य ठाकरे का स्वागत किया वहीं आदित्य ठाकरे शॉल और शिवाजी की प्रतिमा तेजस्वी यादव को भेंट की.

    मुलाकात के बाद मीडिया से बात करते हुए आदित्य ठाकरे ने कहा, "आज अलग-अलग विषयों पर चर्चा हुई है. देश में जो भी युवा महंगाई, रोज़गार और संविधान के लिए काम करना चाहता हैं अगर वे आपस में बातचीत करते रहें तो देश में कुछ अच्छा कर सकेंगे."

    वहीं तेजस्वी यादव ने कहा, "अभी लोकतंत्र और संविधान को बचाने की चुनौती हमारे सामने है और इसे बचाने के लिए हमसे जो बनेगा वो हम करेंगे."

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

  13. ब्रेकिंग न्यूज़, यूक्रेन युद्ध: राजधानी कीएव में फिर से हमले

    ताज़ा खबर

    यूक्रेन की राजधानी कीएव में ताज़ा हमलों की जानकारी सामने आ रही है.

    कीएव के मेयर, विटाली क्लिट्सको ने कहा कि इन हमलों में इंफ्रास्ट्रक्चर फैसिलिटी को नुकसान पहुंचा है. इसके अलावा अन्य जगहों पर धमाकों की सूचना मिली है.उन्होंने लोगों से शेल्टर लेने की अपील की है.

    इससे पहले कई जगहों पर विस्फोटों की खबरों के बीच पूरे यूक्रेन में हवाई हमले की चेतावनी जारी की गई थी. हाल के दिनों में रूस ने यूक्रेन में ऊर्जा संयंत्रों पर हमले बढ़ा दिए हैं.

    और ब्योरे की प्रतीक्षा है

  14. 'आफ़ताब मुझे काटकर फेंक देगा...' श्रद्धा वालकर ने महाराष्ट्र पुलिस को चिट्ठी में और क्या लिखा था

  15. असम-मेघालय बॉर्डर पर हिंसा के बाद फॉरेस्ट ऑफिस को फूंका

      • Author, दिलीप कुमार शर्मा
      • पदनाम, गुवाहाटी से, बीबीसी हिंदी के लिए
    असम-मेघालय बॉर्डर पर हिंसा के बाद प्रदर्शन

    इमेज स्रोत, BBC/DILIP_KUMAR_SHARMA

    असम के पश्चिम कार्बी आंगलोंग ज़िले में गुस्साए गांव के लोगों ने फॉरेस्ट ऑफिस में तोड़फोड़ की और उसमें आग लगा दी.

    असम-मेघालय की एक विवादित सीमा पर मंगलवार को सुबह हुई हिंसा के विरोध में आज तोड़फोड़ की गई है.

    मंगलवार को पश्चिम जयंतिया हिल्स में मुकरोह जगह पर गोलीबारी हुई थी, जिसमें असम के एक वन अधिकारी समेत छह लोगों की मौत हो गई थी.

    फ़िलहाल दोनों राज्यों के सीमावर्ती इलाकों में तनाव है और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए है.

    तनाव को देखते हुए मंगलवार को मेघालय के सात जिलों में 48 घंटों के लिए इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई थीं.

    वहीं असम पुलिस ने अन्य राज्यों के वाहनों को मेघालय से यात्रा नहीं करने को कहा है.

  16. असम के सीएम ने राहुल की तुलना सद्दाम हुसैन से की, कांग्रेस ने किया पलटवार

    असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के साथ कांग्रेस नेता राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, Getty/ANI

    कांग्रेस ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के इस बयान की आलोचना की है जिसमें उन्होंने राहुल गांधी के चेहरे की तुलना सद्दाम हुसैन से की थी.

    कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने कहा कि हिमंत बिस्वा सरमा एक ट्रोल की तरह बात कर रहे हैं.

    उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि ये बहुत ज़रूरी है कि हम सार्वजनिक रूप से भाषा की मर्यादा को बनाए रखें. दुर्भाग्य से असम के मुख्यमंत्री जब इस तरह की बातें करते हैं तो वे एक ट्रोल की तरह लगते हैं."

    मंगलवार को अहमदाबाद में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, "अभी अभी मैंने देखा कि उनका चेहरा भी चेंज हो गया है. चेहरा अगर थोड़ा चेंज हुआ है तो कुछ बुरा नहीं है, लेकिन आपको चेहरा चेंज ही करना है तो थोड़ा वल्लभ भाई पटेल जैसा कर लो, नहीं तो जवाहरलाल नेहरू जैसा कर लो, वो भी चलेगा गांधी जी जैसा हो तो और अच्छा है, लेकिन आपका चेहरा सद्दाम हुसैन जैसा क्यों होता जा रहा है."

    हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि राहुल गांधी इस चेहरे के साथ भारत जोड़ो यात्रा कर रहे हैं.

  17. तिहाड़ जेल में बंद सत्येंद्र जैन के नए वीडियो पर किरण बेदी ने उठाए सवाल

    किरण बेदी

    इमेज स्रोत, ANI

    'आप' नेता और दिल्ली सरकार में मंत्री सत्येंद्र जैन के तिहाड़ जेल से लीक हुए वीडियो पर तिहाड़ जेल की पूर्व डीजी और पूर्व आईपीएस अधिकारी किरण बेदी ने निशाना साधा है.

    समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए उन्होंने कहा, "यह जेल प्रशासन की गलती है, क्योंकि वह राजनीतिक सिस्टम को रिपोर्ट करता है. वे कैसे कार्रवाई करेंगे जब उनके अपने ही मंत्री जेल में हैं? अगर नियम इजाजत देते हैं तो उपराज्यपाल, राष्ट्रपति से उनके (सत्येंद्र जैन) निलंबन या बर्खास्तगी की सिफारिश कर सकते हैं."

    किरण बेदी ने कहा कि सत्येंद्र जैन को शायद पता नहीं था कि तिहाड़ जेल में हर जगह कैमरे लगे हुए हैं. सब कुछ रिकॉर्ड किया जा रहा है.

    उन्होंने कहा, "इसकी जांच होनी चाहिए कि क्या उन्हें (सत्येंद्र जैन) को वेतन भी दिया जा रहा है? अगर वे मासिक वेतन मिल रहा है तो वे इसके बदले में क्या काम कर रहे हैं? क्या उन्होंने जेल में अपना ऑफिस खोला है? इसकी अनुमति उन्हें किसने दी?"

    छोड़िए X पोस्ट, 1
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त, 1

    तिहाड़ जेल से आज सत्येंद्र जैन का एक और वीडियो बाहर आया है जिसमें वे संभवत: बाहर से मंगवाया गया खाना खाते दिख रहे हैं.

    इससे पहले जेल के अंदर मालिश करवाते हुए उनका एक और वीडियो सामने आया था. इन वीडियो के सामने आने पर बीजेपी और कांग्रेस दोनों ने आम आदमी पार्टी पर हमला शुरू कर दिया है.

    छोड़िए X पोस्ट, 2
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त, 2

  18. LIVE: बुरहानपुर के रास्ते मध्य प्रदेश पहुंची राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो' यात्रा, जानकारी दे रहे हैं बीबीसी संवाददाता सलमान रावी

  19. जयपुर: मुस्लिम युवक से शादी करने वाली हिंदू लड़की को गोली मारी

      • Author, मोहर सिंह मीणा
      • पदनाम, जयपुर से, बीबीसी हिंदी के लिए
    अस्पताल

    इमेज स्रोत, BBC/MOHAR_SINGH_MEENA

    राजस्थान की राजधानी जयपुर के मुरलीपुरा थाना इलाक़े में बुधवार सुबह लगभग साढ़े दस बजे एक लड़की को गोली मारने की घटना सामने आई है.

    गोली लगने के बाद 25 साल की युवती को कांवटिया अस्पताल ले जाया गया और फिर उसे एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती किया गया है.

    डीसीपी वेस्ट जयपुर वंदिता राणा ने बीबीसी को फ़ोन पर बताया कि, "लड़की के बयानों के आधार पर मुक़दमा दर्ज किया गया है. इंटरकास्ट मैरिज हुई थी. लड़की ने ससुराल पक्ष पर शक जताया है. हम जांच कर रहे हैं."

    एसएमएस अस्पताल के अधीक्षक डॉ अचल शर्मा ने बीबीसी से कहा, "लड़की की पीठ पर गोली लगी है. गोली शरीर में ही है. डॉक्टर्स की टीम सर्जरी कर रही है."

    सुरक्षा के लिहाज़ से दो पुलिसकर्मी तैनात हैं. आईसीयू के बाहर युवती के पति अब्दुल लतीफ़ भी मौजूद हैं, जिनकी उम्र 23 साल है.

    अब्दुल लतीफ़ ने बीबीसी से बातचीत में कहा, "वह, पांच नंबर के पास आयुर्वेदिक कंपनी के ऑफिस में कॉलिंग का काम करती हैं. सुबह 10.45 बजे उनके ऑफिस स्टाफ ने कॉल कर बताया कि उन्हें गोली मारी गई है. मैं वैशाली नगर से तुरंत अस्पताल आया."

    अस्पताल

    इमेज स्रोत, BBC/MOHAR_SINGH_MEENA

    अब्दुल लतीफ़ ने कहा, "उनसे मैंने 27 जुलाई 2021 को शादी की थी. तभी से मेरे घरवाले हमें परेशान कर रहे थे. हम घरवालों से अलग रहते हैं."

    उन्होंने आगे बताया, "वह अभी होश में हैं. पुलिस ने उनके बयान ले लिए हैं. परिवार के ही रियाज़ पर हमें शक है."

    पति अब्दुल लतीफ़ ने कहा, "हमने जनवरी 2022 में भी परिवार के खिलाफ़ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था. लेकिन, पुलिस ने पारिवारिक मामला बताते हुए कार्रवाई नहीं की. लव मैरिज करने के कारण मेरा परिवार हमें परेशान करता है."

    मुरलीपुरा थाना प्रभारी हवा सिंह ने घटना पर बातचीत करते हुए बीबीसी से कहा, "सुबह की घटना है, लड़की की पीठ पर गोली मारी गई है, जिनका इलाज जारी है. एफएसएल टीम मौक़े से सबूत जुटा रही है."

  20. चीन: दुनिया की सबसे बड़ी आईफोन फैक्ट्री में विरोध प्रदर्शन, कर्मचारियों ने की तोड़फोड़

    चीन में प्रदर्शन

    इमेज स्रोत, SOCIAL MEDIA

    चीन में दुनिया की सबसे बड़ी आईफोन बनाने वाली फैक्ट्री में हुए विरोध प्रदर्शन की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं.

    ये फैक्ट्री चीन के झेंगझोऊ में है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि सैकड़ों की संख्या में कर्मचारी मार्च कर रहे हैं.

    विरोध कर रहे कर्मचारियों को पुलिस रोक भी रही है. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पुलिस उनके साथ मारपीट कर रही है.

    पिछले महीने कोरोना के मामले बढ़ने के बाद आईफोन बनाने वाली फॉक्सकॉन को फैक्ट्री बंद करनी पड़ी थी, जिसके चलते कुछ कर्मचारी फैक्ट्री छोड़कर चले गए थे.

    कर्मचारियों की कमी के चलते कंपनी ने नए लोगों को काम पर रखा और अच्छे बोनस का वादा किया. फैक्ट्री में हुई इन झड़पों पर फॉक्सकॉन ने अभी तक कोई बयान जारी नहीं किया है.

    वीडियो में प्रदर्शनकारी कह रहे हैं कि हमें अपने अधिकारों को बचाना है. कुछ कर्मचारी सीसीटीवी कैमरों और खिड़कियों को रॉड से तोड़ते हुए भी नजर आ रहे हैं.

    कर्मचारियों ने इस प्रदर्शन को लाइव स्ट्रीम भी किया है, जिसमें एक कर्मचारी कह रहा है कि फॉक्सकॉन ने हमारा कॉन्ट्रैक्ट बदल दिया ताकि हमें सब्सिडी न मिले जिसका वादा कंपनी ने किया था. उन्होंने हमें क्वारंटाइन किया लेकिन खाना तक नहीं दिया.

    कर्मचारी ने कहा, "अगर उन्होंने हमारी मांगों को नहीं माना तो लड़ाई जारी रहेगी."