गुजरात में एक शख़्स को गाय खुली छोड़ने पर मिली छह महीने जेल की सज़ा

इमेज स्रोत, Getty Images
गुजरात की एक अदालत ने प्रकाश जयराम देसाई नामक शख़्स को अपनी गाय को सड़क पर खुला छोड़ने की वजह से छह महीने की सज़ा सुनाई है.
गुजरात उन तमाम भारतीय राज्यों में से एक है जहां गाय की हत्या करना अपराध है. इस वजह से गुजरात आवारा पशुओं की समस्या की झेल रहा है. अदालत ने कहा है कि ये सज़ा इसलिए दी जा रही है क्योंकि इस तरह के मामले काफ़ी बढ़ गए हैं.
टाइम्स ऑफ़ इंडिया की ख़बर के मुताबिक़, कोर्ट ने कहा है कि पशु मालकों की ओर से पशुओं को सड़क पर खुला छोड़ देने की वजह से लोगों की मौत तक हुई है. और कई लोग घायल हुए हैं.
शाहपुर शहर के प्रकाश जयराम देसाई पर 27 जुलाई, 2019 को ये मामला दर्ज किया गया था. आवारा पशुओं पर नियंत्रण के लिए बनाए गए सरकारी विभाग सीएनसीडी की एक टीम ने शाहपुर दरवाज़ा के इलाके में पांच जानवरों को पकड़ा था. प्रकाश देसाई पर ये आरोप है कि उन्होंने इस टीम को उसका काम करने से रोका था और उन्होंने इस टीम को कथित तौर पर धमकी भी दी थी थी. हालांकि मुकदमे की सुनवाई के दौरान स्वतंत्र गवाह ने अभियोजन के आरोप की पुष्टि नहीं की लेकिन सरकारी टीम के सदस्यों ने देसाई के ख़िलाफ़ गवाही दी थी.
साल 2017 में गुजरात सरकार ने गायों की रक्षा के लिए बनाए गए कानून को सख़्त बनाते हुए गौ हत्या पर उम्र कैद की सज़ा देने का प्रावधान किया है. इन नियमों की वजह से गुजरात की सड़कों पर गाय-बैलों की मौजूदगी के चलते सड़क दुर्घटनाएं देखने को मिली हैं.











