श्रद्धा मर्डर केस: आफ़ताब को आज कोर्ट में पेश करेगी दिल्ली पुलिस
दिल्ली पुलिस श्रद्धा हत्याकांड मामले में आफ़ताब पूनावाला को आज दिल्ली की साकेत कोर्ट में पेश करेगी.
इस मामले में दिल्ली पुलिस को अब तक वो हथियार नहीं मिला है जिससे हत्या की गयी है. इसके साथ ही पुलिस को अब तक मृतका के कपड़े और सीसीटीवी फुटेज़ नहीं मिला है.
दिल्ली पुलिस पिछले कुछ दिनों से अभियुक्त आफ़ताब को लेकर छतरपुर पहाड़ी क्षेत्र के जंगलों में जा रही है ताकि इस मामले में सबूत जुटा जा सकें.
इसके साथ ही बीते बुधवार दिल्ली पुलिस ने इस मामले में क्राइम सीन को दोबारा क्रिएट करने की कोशिश भी की है.
मृतका के पिता विकास वालकर ने समाचार एजेंसी एएनआई से बात की है.
उन्होंने कहा, "दिल्ली पुलिस को आभास हो गया था कि आफ़ताब कभी झूठ बोलता है और कभी सच. इसलिए उन्होंने नार्को टेस्ट के लिए आवेदन किया. मुझे लग रहा है कि मुझे न्याय मिलने वाला है. अगर उसने अपराध किया है, तो उसे फांसी दी जानी चाहिए.
मुझे हमेशा लगा कि वह झूठ बोल रहा है, मैंने मुंबई और दिल्ली पुलिस से कहा था. आफ़ताब शातिर है और पिछले 5-6 महीने में सबूत मिटा चुका है. ऐसे में पुलिस को सच्चाई सामने लाने में थोड़ी दिक्कत होगी. मैं तब तक चैन से नहीं बैठूंगा जब तक आफ़ताब को मौत की सजा नहीं दी जाती."