You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

पूर्व नौकरशाह सीवी आनंद बोस को पश्चिम बंगाल का राज्यपाल नियुक्त किया गया

डॉ बोस ने केरल के मुख्यमंत्री के सचिव से लेकर कई मंत्रालयों में प्रधान सचिव के रूप में काम किया है.

लाइव कवरेज

अनंत प्रकाश and अभिनव गोयल

  1. पूर्व नौकरशाह सीवी आनंद बोस को पश्चिम बंगाल का राज्यपाल नियुक्त किया गया

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने डॉ. सीवी आनंद बोस को पश्चिम बंगाल का राज्यपाल नियुक्त किया है.

    इससे पहले इस पद पर भारत के उप-राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ थे. उन्होंने अगस्त महीने में उप-राष्ट्रपति चुनाव जीता था.

    सीवी आनंद बोस एक भारतीय राजनेता और पूर्व सिविल सेवक हैं. साल 1977 में वे आईएएस बने थे.

    उनका जन्म 2 जनवरी, 1951 को केरल में कोट्टयम जिले के मननम में हुआ था.

    डॉ बोस ने केरल के मुख्यमंत्री के सचिव से लेकर कई मंत्रालयों में प्रधान सचिव के रूप में काम किया है. उन्होंने कई भाषाओं में करीब 40 किताबें प्रकाशित की हैं. उनकी लिखी कुछ किताबें बेस्ट सेलर की कैटेगरी में हैं.

    डॉ. आनंद बोस ने बिट्स पिलानी से पीएचडी और केरल विश्वविद्यालय से अंग्रेजी भाषा और साहित्य में एम.ए. की है.

  2. केंद्र ने राजीव गांधी की हत्या के दोषियों की रिहाई के खिलाफ पुनर्विचार याचिका दायर की

    केंद्र ने राजीव गांधी की हत्या के सभी छह दोषियों को रिहा करने के सुप्रीम कोर्ट के फैसले के खिलाफ पुनर्विचार याचिका दायर की है.

    सुप्रीम कोर्ट ने 11 नवंबर को राजीव गांधी की हत्या में शामिल दोषी नलिनी श्रीहरन समेत सभी छह दोषियों को रिहा कर दिया था.

    केंद्र सरकार ने अपनी याचिका में कहा है कि चूंकि मामला पूर्व प्रधानमंत्री की हत्या का है इसलिए अदालत को अपना फैसला सुनाने से पहले केंद्र सरकार का पक्ष सुनना चाहिए था.

    सरकार ने कहा है कि इस मामले में जो याचिकाएं दायर की थीं, वे केंद्र सरकार को पक्ष बनाए बगैर दाखिल की गई थीं.

    सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस बीआर गवई और जस्टिस बी वी नागरत्न की बेंच ने कहा था कि इन सभी छह लोगों के केस में भी अभियुक्त ए जी पेरारिवलन के मामले में दिया गया फ़ैसला लागू होगा.

    इसी साल 18 मई को कोर्ट ने संविधान के अनुच्छेद 142 में दी गई असाधारण शक्तियों का हवाला देकर पेरारिवलन को रिहा कर दिया था. पेरारिवलन राजीव गांधी हत्याकांड में 30 साल उम्र क़ैद की सज़ा काट चुके थे.

  3. मेरी जान अब भी खतरे में है, वे मुझे फिर से मारने की कोशिश कर सकते हैं- इमरान ख़ान

    पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के अध्यक्ष और पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने कहा है कि वजीराबाद हत्याकांड के बाद भी उनकी जान को खतरा है.

    फ्रांसीसी न्यूज़ चैनल चैनल फ्रांस 24 टुडे के साथ इंटरव्यू में इमरान ख़ान ने कहा, "मुझे लगता है कि वे फिर से कोशिश कर सकते हैं. मेरी जान को अब भी खतरा है. मेरी पार्टी पाकिस्तान की सबसे लोकप्रिय राजनीति पार्टी है इसलिए वो मुझे खत्म करना चाहते थे."

    पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने कहा कि उनके पास भारी जनसमर्थन है और उन्हें रास्ते से हटाने का एक ही तरीका है कि उनकी हत्या कर दी जाए.

    इंटरव्यू में इमरान ख़ान ने सवाल किया गया है कि हमले के संबंध में जिस संदिग्ध को गिरफ्तार किया है उसने अपराध कबूल किया है और संदिग्ध का कहना है कि उसने धार्मिक मान्यताओं के चलते ऐसा किया है. इसके बावजूद भी आप पाकिस्तान के प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और एक वरिष्ठ आईएसआई अधिकारी पर साजिश में शामिल होने का आरोप लगा रहे हैं?

    इसके जवाब में पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने कहा, 'मैंने साढ़े तीन साल सरकार चलाई है और सभी खुफिया एजेंसियां ​​मेरे अधीन काम करती थीं, मुझे पता है कि वे कैसे काम करती हैं."

  4. संध्या देवनाथन को मेटा ने दी बड़ी जिम्मेदारी

    फेसबुक की पैरेंट कंपनी मेटा ने संध्या देवनाथन को अपने भारतीय कारोबार का नया प्रमुख और वाइस प्रेसिडेंट नियुक्त किया है.

    संध्या, अजीत मोहन की जगह लेंगी. वे 1 जनवरी, 2023 को इस नए रोल में काम करना शुरू करेंगी और डैन नियरी को रिपोर्ट करेंगी.

    डेन नियरी, एशिया पैसिफिक के लिए मेटा के वाइस प्रेसिडेंट हैं.

    संध्या देवनाथन ने साल 2016 में कंपनी ज्वाइन की थी. उन्होंने दक्षिण पूर्व एशिया में कंपनी के ई-कॉमर्स को काम को मजबूत करने के साथ साथ सिंगापुर और वियतनाम में भी कारोबार बढ़ाने में मदद की है.

    वे भारत में मेटा और उसकी रणनीति का नेतृत्व करने के लिए देश वापस आएंगी. उन्हें गेमिंग का भी एक्सपर्ट माना जाता है.

    संध्या देवनाथन ऐसे समय पर इस महत्वपूर्ण रोल को ज्वाइन करने जा रही है जब हाल ही में मेटा ने दुनियाभर में 11 हजार लोगों को नौकरी से निकालने की घोषणा की है.

  5. ईडी ने टीएमसी के कद्दावर नेता अणुब्रत मंडल को जेल से गिरफ़्तार किया

      • Author, प्रभाकर मणि तिवारी
      • पदनाम, कोलकाता से, बीबीसी हिंदी के लिए

    पशु तस्करी मामले में पहले से ही जेल में बंद बीरभूम ज़िले के कद्दावर तृणमूल कांग्रेस नेता अणुब्रत मंडल को गुरुवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गिरफ्तार कर लिया.

    आसनसोल जेल में उनसे क़रीब पांच घंटे की पूछताछ के बाद ईडी के अधिकारियों ने उनको गिरफ्तार किया. ईडी के एक अधिकारी ने इसकी पुष्टि की है. उनको 24 घंटों के भीतर अदालत में पेश किया जाएगा.

    ईडी के अधिकारी का कहना था, "पशुओं की तस्करी मामले से संबंधित वित्तीय लेन-देन के बारे में मंडल से पूछताछ की गई, लेकिन उन्होंने किसी भी सवाल का संतोषजनक जवाब नहीं दिया. जांच में असहयोग करने के आरोप में उनकी गिरफ्तारी की गई है."

    अणुब्रत मंडल को बीते अगस्त में पशुओं की तस्करी के मामले में सीबीआई ने गिरफ्तार किया था. उससे काफी पहले उनके अंगरक्षक सहगल हुसैन को गिरफ्तार किया गया था. सहगल भी आसनसोल जेल में थे.

    बाद में ईडी उनको गिरफ्तार कर पूछताछ के लिए दिल्ली ले गई थी. इसलिए अब अणुब्रत को भी पूछताछ के लिए दिल्ली ले जाने की संभावना जताई जा रही है. वहां सहगल और मंडल को आमने-सामने बिठा कर पूछताछ की जा सकती है.

    ईडी के सूत्रों का कहना है कि अणुब्रत को आसनसोल अदालत में पेश कर दिल्ली ले जाने के लिए ट्रांजिट रिमांड की अपील की जाएगी.

    एक अधिकारी ने बताया कि पशुओं की तस्करी के मामले में कई बार भारी रकम का लेन-देन हुआ है. मंडल से उसके बारे में पूछताछ की जाएगी कि कितना पैसा कहां से आया और वह किस किस के पास गया.

  6. दिनभर: पूरा दिन पूरी ख़बर अंजुम शर्मा और प्रेरणा के साथ

  7. कमलनाथ के मंदिर जैसा केक काटने पर विवाद, बीजेपी ने कहा हिंदुओं का अपमान

    कांग्रेस पार्टी की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष कमलनाथ ने अपने जन्मदिन से पहले जो केक काटा उसे लेकर विवाद खड़ा हो गया है.

    दरअसल वे एक कार्यक्रम में मंदिर के आकार का केक काटते हुए नज़र आ रहे हैं. केक के ऊपर 'भगवान हनुमान' की तस्वीर भी दिखाई दे रही है.

    उनकी ये वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल है. बीजेपी आईटी सेल के प्रभारी अमित मालवीय ने कमलनाथ पर हिंदुओं के अपमान का आरोप लगाया है.

    उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि मंदिर के जैसा दिखने वाले केक पर भगवा ध्वज और भगवान हनुमान की तस्वीर बनी हुई है और वो इस केक पर चाकू चला रहे हैं. चुनावों के समय उन्होंने हनुमान भक्त होने का दावा किया था और अब अपने देवता का अपमान कर करोड़ों हिंदुओं का अपमान कर रहे हैं.

    इससे पहले मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी कमलनाथ पर हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगा चुके हैं.

    उन्होंने ट्वीट कर लिखा, "कांग्रेसियों का भगवान की भक्ति से कोई लेना-देना ही नहीं है, यह बगुला भगत हैं. इनकी पार्टी कभी श्रीराम मंदिर का विरोध करती थी. आप केक पर बना हनुमान जी रहे हैं और फिर केक काट भी रहे हैं. यह सनातन परंपरा और हिंदू धर्म का अपमान है, जिसको यह समाज स्वीकार नहीं करेगा."

  8. रूस ने यूक्रेन के गैस प्लांट पर किया हमला, 4 लोगों की मौत

    यूक्रेन में रूस ने एक बार फिर बमबारी की है. अधिकारियों का कहना है कि रूस ने निप्रो शहर में गैस प्रोडक्शन प्लांट और मिसाइल फै़क्ट्री को निशाना बनाया है.

    रूस के इन हमलों में चार लोग मारे गए हैं. हाल ही के दिनों में रूस ने यूक्रेन के एनर्जी ठिकानों को अपना निशाना बनाया था.

    हालांकि रूस ने इन हमलों पर अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.

    राष्ट्रपति कार्यालय के मुताबिक जपोरिजिया में एक आवासीय बिल्डिंग पर हुए हमले में चार लोगों की मौत हुई है.

    इस बीच रूसी मिसाइलों ने निप्रो शहर के औद्योगिक ठिकानों को भी अपना निशाना बनाया है जिसमें 14 लोग घायल हुए हैं.

    यूक्रेन के प्रधानमंत्री ने कहा कि शहर की पिवडेनमाश फैक्ट्री पर बमबारी की गई है. इस फै़क्ट्री में मिसाइलें बनाई जाती थीं.

  9. वीर सावरकर पर राहुल गांधी के बयान पर उद्धव ठाकरे ने जताई नाराज़गी

    महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सावरकर के बारे में जो कुछ कहा, उससे वो सहमत नहीं है.

    उन्होंने कहा, "राहुल गांधी ने जो कहा हम उससे सहमत नहीं है. हम वीर सावरकर का सम्मान करते हैं. जिस आज़ादी के लिए उन्होंने लड़ाई लड़ी थी वह अब ख़तरे में है."

    भारत जोड़ो यात्रा पर निकले कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को विनायक दामोदर सावरकर की ओर से अंग्रेज़ों को लिखा गया पत्र साझा करते हुए बीजेपी को घेरने की कोशिश की है.

    राहुल गांधी ने कहा है, "ये मेरे लिए सबसे ज़रूरी दस्तावेज़ है. ये सावरकर जी की चिट्ठी है जिसमें उन्होंने अंग्रेज़ों को लिखा है. मैं इसकी अंतिम लाइन पढ़ना चाहता हूं जो अंग्रेज़ी में लिखी है. हिंदी में इसका अनुवाद है - 'सर मैं आपका नौकर रहना चाहता हूं.'

    ये मैंने नहीं, सावरकर जी ने लिखा है. अगर फडणवीस देखना चाहें तो वो भी देख लें. मैं स्पष्ट हूं कि सावरकर जी ने अंग्रेजों की मदद की."

    इससे पहले उद्धव ठाकरे ने वीर सावरकर को भारत रत्न देने की मांग की थी और केंद्र सरकार से सवाल पूछा था कि अब तक उन्हें ये सम्मान क्यों नहीं दिया गया है.

  10. ऑस्ट्रेलिया ने वर्ल्ड चैंपियन इंग्लैंड को 6 विकेट से हराया

    तीन वनडे मैचों की सिरीज़ के पहले मैच में ऑस्ट्रेलिया ने टी20 वर्ल्ड चैंपियन इंग्लैंड को 6 विकेट से हरा दिया है. ऑस्ट्रेलिया ने 47वें ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया.

    मैच में इंग्लैंड ने बल्लेबाज़ी करते हुए 9 विकेट के नुकसान पर 287 रन बनाए थे. 31 रन पर ही इंग्लैंड अपनी तीन विकेट खो चुका था.

    हालांकि डेविड मलान ने मैच को संभाले रखा और 128 गेंदों में 134 रन बनाए. उनके अलावा डेविड विले ने भी अच्छी बल्लेबाज़ी की. उन्होंने 40 गेंदों में नाबाद 34 रन स्कोर किए.

    वहीं ऑस्ट्रेलिया की तरफ से पैट कमिंस और एडम जंपा ने तीन-तीन विकेट लिए.

    इंग्लैंड के खिलाफ़ ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत अच्छी रही. टीम ने पावरप्ले में एक भी विकेट नहीं खोया और 65 रन का स्कोर बनाया.

  11. ब्रेकिंग न्यूज़, श्रद्धा हत्याकांड: साकेत कोर्ट में आफ़ताब की पेशी, 5 दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा

    श्रद्धा हत्याकांड मामले में आज दिल्ली के साकेत कोर्ट में अभियुक्त आफ़ताब पूनावाला की पेशी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई.

    कोर्ट ने आफ़ताब की पांच दिन की पुलिस रिमांड बढ़ा दी है. पुलिस ने 10 दिन के रिमांड की मांग की थी.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक मामले की सुरक्षा और संवेदनशीलता को देखते हुए वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए आफ़ताब की पेशी की अर्जी मंजूर की गई थी.

    एएनआई के मुताबिक पुलिस ने कोर्ट में कहा कि वह आफ़ताब को जांच के लिए उत्तराखंड और हिमाचल लेकर जाना चाहती है.

    कोर्ट ने अभियुक्त आफ़ताब के नार्को टेस्ट कराने को भी मंजूरी दे दी है.

    वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग को लेकर पुलिस का कहना था कि श्रद्धा की हत्या के बाद आफ़ताब के साथ कोर्ट परिसर में मारपीट हो सकती है.

    कुछ देर पहले साकेत कोर्ट में वकीलों ने आफ़ताब को 'फांसी दो' जैसे नारे भी लगाए.

    पुलिस का दावा है कि श्रद्धा के साथ लिव इन रिलेशन में रह रहे आफ़ताब पूनावाला ही हत्यारा है और उसने तकरीबन छह महीने पहले 18 मई को श्रद्धा की हत्या कर दी थी.

    श्रद्धा और आफ़ताब लिव-इन रिलेशनशिप में थे और मुंबई से दिल्ली आकर रह रहे थे.

    पुलिस का दावा है कि आफ़ताब ने ये भी कबूल किया है कि उसने श्रद्धा के शव को कई हिस्सों में काटा और फिर इन टुकड़ों को मेहरौली से सटे जंगल में फेंक दिया.

  12. ज्ञानवापी मामले में मुस्लिम पक्ष को कोर्ट से झटका

      • Author, अनंत झणाणे
      • पदनाम, बीबीसी संवाददाता, लखनऊ से

    बनारस के सिविल जज (सीनियर डिविजन) फास्ट ट्रैक कोर्ट महेंद्र पांडेय की अदालत ने ज्ञानवापी मस्जिद से जुड़े मामले में एक अहम फ़ैसला दिया है.

    अदालत ने ज्ञानवापी मस्जिद के परिसर को हिन्दू पक्ष को सौंपने, पूजा करने और परिसर में मुसलमानों के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग वाली याचिका की सुनवाई को मंज़ूरी दे दी है.

    इस फैसले की पुष्टि करते हुए सरकारी वकील ने बताया कि अदालत ने इस मामले को सुनवाई लायक माना है.

    याचिका में ज्ञानवापी मस्जिद परिसर में मिले कथित 'शिवलिंग' जिसे भगवान आदि विश्वेश्वर विराजमान के नाम से संबोधित करते हुए, आदि विश्वेश्वर विराजमान को ही वादी बनाकर याचिका दाखिल की गई थी और उनकी तरफ से ही तीनों मांगे की गई थी.

    वहीं प्रतिवादी पक्ष अंजुमन इंतज़ामिया की ओर से आदेश 7 रूल 11 के तहत आवेदन पर ही सवाल उठाए गए हैं. मुस्लिम पक्ष का दावा था कि यह मुकदमा और उससे जुड़ी मांगे 1991 के उपासना स्थल अधिनियम से बाधित हैं.

    इस एक्ट के अनुसार 15 अगस्त 1947 से पहले अस्तित्व में आए किसी भी धार्मिक स्थल के धार्मिक चरित्र को बदला नहीं जा सकता है. मुस्लिम पक्ष की मांग को आज अदालत ने खारिज कर दिया.

    अब मामले की सुनवाई 2 दिसंबर को होगी.

  13. श्रद्धा हत्याकांड: आफ़ताब की पेशी से पहले साकेत कोर्ट में वकीलों का प्रदर्शन

    श्रद्धा हत्याकांड मामले में अभियुक्त आफ़ताब की साकेत कोर्ट में पेशी से पहले वकीलों ने विरोध प्रदर्शन किया और नारेबाज़ी की.

    वकीलों ने अभियुक्त आफ़ताब को 'फांसी दो' जैसे नारे लगाए.

    साकेत कोर्ट में वकील वीरेंद्र कतोलिया ने कहा, "इस तरह के हत्यारों को तो फांसी मिलनी चाहिए. लव जिहाद हो रहा है, पार्ट काट काट कर फेंक दिए, इस तरह का अपराध भविष्य में न हो इसलिए कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए."

    दिल्ली पुलिस श्रद्धा हत्याकांड मामले में आफ़ताब पूनावाला को आज दिल्ली की साकेत कोर्ट में पेश करेगी.

    दिल्ली पुलिस को अब तक वो हथियार नहीं मिला है जिससे हत्या की गयी है. इसके साथ ही पुलिस को अब तक मृतका के कपड़े और सीसीटीवी फुटेज़ नहीं मिला है.

    दिल्ली पुलिस पिछले कुछ दिनों से अभियुक्त आफ़ताब को लेकर छतरपुर पहाड़ी क्षेत्र के जंगलों में जा रही है ताकि इस मामले में सबूत जुटा जा सकें.

    इसके साथ ही बीते बुधवार दिल्ली पुलिस ने इस मामले में क्राइम सीन को दोबारा क्रिएट करने की कोशिश भी की है.

    पिता ने क्या कहा?

    मृतका के पिता विकास वालकर ने समाचार एजेंसी एएनआई से बात की है.

    उन्होंने कहा, "दिल्ली पुलिस को आभास हो गया था कि आफ़ताब कभी झूठ बोलता है और कभी सच. इसलिए उन्होंने नार्को टेस्ट के लिए आवेदन किया. मुझे लग रहा है कि मुझे न्याय मिलने वाला है. अगर उसने अपराध किया है, तो उसे फांसी दी जानी चाहिए.

    मुझे हमेशा लगा कि वह झूठ बोल रहा है, मैंने मुंबई और दिल्ली पुलिस से कहा था. आफ़ताब शातिर है और पिछले 5-6 महीने में सबूत मिटा चुका है. ऐसे में पुलिस को सच्चाई सामने लाने में थोड़ी दिक्कत होगी. मैं तब तक चैन से नहीं बैठूंगा जब तक आफ़ताब को मौत की सजा नहीं दी जाती."

  14. 17 साल की फुटबॉलर प्रिया के घर पहुंचे तमिलनाडु के मुख्यमंत्री स्टालिन

    तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन आज प्रिया के परिवार से मिलने के लिए पहुंचे.

    17 साल की प्रिया स्टेट लेवल की फुटबॉल प्लेयर थी. दाहिने घुटने में लिगामेंट फटने की वजह से हुई सर्जरी के बाद मंगलवार को उनकी मौत हो गई थी.

    मुख्यमंत्री स्टालिन ने प्रिया के परिवार को 10 लाख रुपये की आर्थिक मदद का चेक दिया, उनके भाई को नौकरी पत्र दिया. इसके साथ ही उन्होंने परिवार को एक घर भी देने के लिए आदेश दिया है.

    मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रिया की मौत एक असहनीय दुख है और यह उनके परिवार और राज्य के खेल विभाग के लिए एक बड़ी क्षति है.

    उनकी मौत के बाद से राज्य में प्रदर्शन हो रहे हैं. जांच के बाद सर्जरी करने वाले दो डाक्टरों को मेडिकल लापरवाही का दोषी पाए जाने के बाद निलंबित कर दिया गया है.

    7 नवंबर को चेन्नई शहर के पेरियार नगर अस्पताल में सर्जरी के बाद उन्होंने अपने पैरों में दर्द की शिकायत की थी.

    बीबीसी तमिल ने पाया कि डॉक्टरों ने प्रिया के पैर में टॉर्निकेट लगाया और उसे दर्द की दवा दी. टॉर्निकेट एक तरह की पट्टी होती है जिसे कसकर बांधा जाता है और यह खून के प्रवाह को रोक देती है.

    एक दिन बाद ही प्रिया की तबीयत बिगड़ गई और उसे शहर के एक प्रमुख सरकारी अस्पताल राजीव गांधी में ट्रांसफर कर दिया गया.

    अस्पताल ने जांच में पाया कि उसके अंग के टिशू मर चुके हैं और उनकी टांग को ऑपरेशन कर अलग करना होगा.

    ऑपरेशन के बाद उनकी हालत और बिगड़ गई और 14 नवंबर को उनकी एक और सर्जरी हुई. सर्जरी के एक दिन बाद मल्टी ऑर्गन फेलियर की वजह से मौत हो गई.

  15. भारत जोड़ो यात्रा: बजना था भारत का, लेकिन बजा नेपाल का राष्ट्रीय गीत

    सोशल मीडिया पर कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का एक क्लिप वायरल हो रहा है. क्लिप में राहुल गांधी राष्ट्रीय गीत चलाने के लिए कहते हैं लेकिन उसकी जगह नेपाल का राष्ट्रीय गीत बजने लगता है.

    ये घटना बुधवार की है. वीडियो में देखा जा सकता है कि राहुल गांधी माइक पकड़कर कहते हैं, "राष्ट्रीय गीत." और मंच पर मौजूद सभी पार्टी नेता सावधान की मुद्रा में खड़े हो जाते हैं. तभी भारतीय राष्ट्रीय गीत की जगह नेपाल का राष्ट्रीय गीत बजने लगता है.

    मंच पर खड़े लोगों को ये समझने में कुछ सेकेंड लगते हैं कि जो गीत बजाया जा रहा है वो भारत का राष्ट्रीय गीत नहीं है.

    कुछ देर बाद राष्ट्रीय गीत तो नहीं लेकिन राष्ट्रगान बजाया जाता है.

    इस वीडियो को लेकर बीजेपी की आंध्र प्रदेश इकाई के सचिव रमेश नायडू ने राहुल गांधी पर निशाना साधा है.

    उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, "डियर राहुल गांधी, ऐसा लगता है कि आपकी कांग्रेस पार्टी को यह तक नहीं पता है कि हमारे देश का राष्ट्रीय गीत कौन सा है?"

  16. मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सत्येंद्र जैन की जमानत याचिका खारिज़

    दिल्ली के राउस एवेन्यू कोर्ट ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली सरकार में मंत्री सत्येंद्र जैन की जमानत याचिका खारिज़ कर दी है.

    लाइव लॉ के मुताबिक कोर्ट ने मामले में अभियुक्त अंकुश जैन और वैभव जैन की भी जमानत याचिका खारिज की है.

    कोर्ट ने अपना फैसला 11 नवंबर को सुरक्षित रखा था जिसे आज सुनाया गया है.

    इसी साल मई महीने में ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में गिरफ्तार किया था.

    ईडी ने जैन परिवार और उनके द्वारा नियंत्रित और उनके स्वामित्व वाली अकिंचन डेवलेपर्स प्राइवेट लिमिटेड और इंडो मेटल इंपेक्स प्राइवेट लिमिटेड और अन्य कंपनियों की 4.81 करोड़ रुपये की परिसंपत्तियां ज़ब्त की हैं.

    दरअसल, सीबीआई ने सत्येंद्र जैन के ख़िलाफ़ 25 अगस्त, 2017 को पैसे के अवैध लेन-देन का मामला दर्ज किया था. इसी एफ़आईआर के आधार पर ईडी ने भी जैन के ख़िलाफ़ केस दर्ज किया था. साल 2018 में ईडी ने इस केस के सिलसिले में उनसे पूछताछ भी की थी.

  17. राहुल गांधी ने दिखाई सावरकर की चिट्ठी, कहा - 'फडणवीस जी पढ़ लें'

    भारत जोड़ो यात्रा पर निकले कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को विनायक दामोदर सावरकर की ओर से अंग्रेजों को लिखा गया पत्र साझा करते हुए बीजेपी को घेरने की कोशिश की है.

    राहुल गांधी ने कहा है, "ये मेरे लिए सबसे ज़रूरी दस्तावेज़ है. ये सावरकर जी की चिट्ठी है जिसमें उन्होंने अंग्रेज़ों को लिखा है. मैं इसकी अंतिम लाइन पढ़ना चाहता हूं जो अंग्रेज़ी में लिखी है. हिंदी में इसका अनुवाद है - 'सर मैं आपका नौकर रहना चाहता हूं.'

    ये मैंने नहीं, सावरकर जी ने लिखा है. अगर फडणवीस देखना चाहें तो वो भी देख लें. मैं स्पष्ट हूं कि सावरकर जी ने अंग्रेजों की मदद की."

    इसके साथ ही राहुल गांधी ने कहा है कि "वह (मौजूदा दौर में) दो समस्याएं देखते हैं, पहली ये है कि युवाओं के पास नौकरी मिलने का आश्वासन नहीं है और किसानों को कहीं से मदद नहीं मिल रही है.

    तीसरी समस्या आपस में जुड़ी हुई है क्योंकि लोग शिक्षा और स्वास्थ्य के लिए पैसे ख़र्च कर रहे हैं और सरकारी स्कूल, कॉलेज और अस्पताल बंद हो रहे हैं तो पैसे जा कहां रहे हैं?"

  18. बिहार: बिना बेहोश किए किया ऑपरेशन, दर्द से कराहती रहीं महिलाएं

      • Author, चंदन कुमार जाजवड़े
      • पदनाम, बीबीसी संवाददाता

    बिहार के खगड़िया ज़िले के एक स्वास्थ्य केंद्र में 28 महिलाओं के बिना बेहोशी के ऑपरेशन करने का मामला सामने आया है.

    यह ऑपरेशन नलबंदी यानी महिलाओं में प्रेग्नेंसी को रोकने वाला ऑपरेशन था.

    15 नवंबर को हुए इस ऑपरेशन के दौरान कई महिलाये दर्द से चिल्लाती रहीं.

    खगड़िया के डीएम आलोक रंजन घोष ने बीबीसी को बताया है कि "सभी महिलाओं को लोकल एनएसथीसिया दिया गया था. यह स्टैंडर्ड प्रोटोकॉल है. लोकल एनएसथीसिया देकर भी यह ऑपरेशन किया जाता है. लेकिन लगता है उनमें से कुछ महिलाओं के लिए यह पर्याप्त मात्रा में नहीं दिया गया था, यानी उनके शरीर को और ज़्यादा लोकल एनएसथीसिया चाहिए था इसलिए उनको परेशानी हुई. जिन 28 महिलाओं के ऑपरेशन किए गए उनमें से आधे को कोई कॉम्प्लिकेशन नहीं हुआ है. हमने सिविल सर्जन को मामले की रिपोर्ट देने के लिए कहा है."

    दूसरी ओर खगड़िया के सिविल सर्जन अमरनाथ झा ने बीबीसी को बताया है कि "हमारे पास एक्सपर्ट डॉक्टरों की भारी कमी है जो किसी तरह का ऑपरेशन कर सकें. यह बात हमने कई बार उठाई भी है सिविल सर्जन का काम है मामले की जांच कराना और अगर कोई दोषी है तो उसे दंडित करना."

  19. मस्क की चेतावनी- मेहनत से काम करो या फिर नौकरी छोड़ो

    अमेरिकी टेक व्यवसायी एलन मस्क ने ट्विटर कर्मचारियों को ईमेल लिखकर अल्टीमेटम दिया है कि वे या तो मेहनत से काम करने के लिए तैयार हो जाएं या फिर नौकरी छोड़ने की तैयारी करें.

    अमेरिकी अख़बार वॉशिंगटन पोस्ट ने इस मुद्दे पर प्रकाशित रिपोर्ट में बताया है कि मस्क ने अपने स्टाफ़ से कहा है कि वे गुरुवार तक मेहनत से काम करने का संकल्प लें या नौकरी छोड़ने का फ़ैसला करें.

    मस्क ने अपनी मेल में ये भी कहा है कि आने वाले वक़्त में ट्विटर को सफ़ल बनाने लिए बहुत मेहनत से काम करना होगा जिसका मतलब बहुत मेहनत के साथ लंबे घंटों तक काम करना है. और सिर्फ़ बेहतरीन प्रदर्शन ही लोगों के उनके पदों पर बने रहने की शर्त होगी.

    लगभग 44 अरब डॉलर में ट्विटर ख़रीदने के बाद से मस्क कंपनी में कई ढांचागत बदलाव कर रहे हैं. इसमें ट्विटर के ब्लू टिक वैरिफिकेशन के लिए शुल्क लगाने जैसी नीति भी शामिल है.

    मस्क आने वाले दिनों में ब्लू ट्विटर को एक बार फिर लॉन्च करने जा रहे हैं. और इन बदलावों से पहले मस्क ने ट्विटर से लगभग 3500 से ज़्यादा कर्मचारियों को बाहर निकाल दिया था.

  20. हेमंत सोरेन ने झारखंड के राज्यपाल पर लगाए आरोप, पूछताछ के लिए पहुंचे ईडी कार्यालय

      • Author, रवि प्रकाश
      • पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए, रांची से

    झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ईडी के सामने पेशी से पहले अपने आवास पर प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर राज्यपाल, बीजेपी और केंद्रीय एजेंसियों पर कई आरोप लगाए.

    उन्होंने कहा है कि ‘ईडी ने एक हज़ार करोड़ रुपये के अवैध खनन की बात कही है. लेकिन, सोचने की बात है कि साहिबगंज ज़िले में एक हज़ार करोड़ के घोटाले के लिए कितने करोड़ रुपये का खनन करना होगा.

    क्या इतने छोटे ज़िले में उतना बड़ा घोटाला किया जा सकता है. ईडी दो साल से इसकी जांच कर रही है. उन्हें बताना चाहिए कि उन्हें ऐसे साक्ष्य कहाँ से मिले. उनके आरोपों का आधार क्या है.’

    हेमंत सोरेन ने ये भी कहा, 'मैं राज्य का मुख्यमंत्री हूँ. संवैधानिक पद पर हूँ. इसके बावजूद मुझे इस तरह समन किया गया जैसे हम देश छोड़कर भागने वाले हैं. जबकि व्यापारियों को छोड़कर कोई राजनेता देश छोड़कर भागा हो, इसका उदाहरण नहीं है.'

    सोरेन ने झारखंड के राज्यपाल पर आरोप लगाते हुए कहा है कि 'मेरी सरकार गिराने का षड्यंत्र किया जा रहा है. चुनाव आयोग ने महीनों पहले राज्यपाल को अपना मंतव्य भेजा है लेकिन राज्यपाल ने उस लिफ़ाफ़े को नहीं खोला. लगता है कि वे भी किसी वक़्त का इंतज़ार कर रहे हैं.

    अव्वल तो यह कि उन्होंने मीडिया बयान में कहा कि उन्होंने चुनाव आयोग से दूसरा मंतव्य माँगा है. जबकि चुनाव आयोग ने मुझे पत्र भेजकर बताया कि राज्यपाल ने कोई दूसरा मंतव्य नहीं माँगा है. उनका पद राजनीतिक नहीं है लेकिन लगता है कि वे भी षड्यंत्र में शामिल हैं.'

    इसके साथ ही सोरेन ने कहा है कि 'मुझे पता चला है कि यूपीए के कुछ और विधायकों के घर छापा मारने और उन्हें नोटिस देने की तैयारी की जा रही है.'

    मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मीडिया से बात करने के बाद रांची के एयरपोर्ट रोड स्थित प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के दफ़्तर चले गए. वहां उनसे पूछताछ की जाएगी.

    उनके क़ाफ़िले के पीछे सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ताओं की भीड़ भी ईडी दफ़्तर की तरफ़ जा रही है. जब वे प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर रहे थे तब बाहर खड़े कार्यकर्ता हेमंत सोरेन ज़िंदाबाद के नारे लगाते रहे.

    हिनू चौक से ईडी दफ़्तर जाने वाली सड़क पर सीआरपीसी की धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लगा दी गई है. और ईडी दफ़्तर की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है.

    रांची के डीसी राहुल सिन्हा और एसएसपी किशोर कौशल भी वहां पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायज़ा लिया.

    ईडी दफ़्तर के साथ बीजेपी ऑफिस और मुख्यमंत्री आवास पर भी सुरक्षा के लिए अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है.

    रांची शहर के अलग-अलग जगहों पर भी सुरक्षा के इंतज़ाम किए गए हैं. ईडी ने समन कर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पूछताछ के लिए 17 नवंबर को अपने दफ़्तर आने के लिए कहा था. एक महीने के अंदर उन्हें दूसरी बार समन किया गया, क्योंकि पहले समन के बाद उन्होंने अपनी व्यस्तता का हवाला देकर ईडी से तीन सप्ताह का समय मांगा था.

    इधर, मुख्यमंत्री को ईडी के समन के बाद राज्य में सियासी सरगर्मी तेज़ हो गई है. राज्य में सत्तारूढ़ यूपीए विधायक दल ने हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में मंगलवार की शाम बैठक कर हर परिस्थिति से मुक़ाबला करने का संकल्प लिया था.

    इसकी अगली शाम झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएसएम) के विधायक मुख्यमंत्री आवास पर और कांग्रेस विधायक अपने विधायक दल के नेता आलमगीर आलम के यहां जुटे. इसके बाद मीडिया को बताया गया कि यूपीए विधायकों ने बदलती राजनीतिक परिस्थितियों में किसी भी निर्णय के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को अधिकृत किया है.

    कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने मीडिया से कहा कि हमारी पार्टी हर हाल में गठबंधन के साथ है और रहेगी. हम जनादेश बचाने की हर कोशिश करेंगे और बीजेपी के मंसूबे पूरे नहीं होने दिए जाएंगे.

    इधर, बीजेपी ने उनसे नैतिकता के आधार पर इस्तीफ़ा देने की मांग की है.