You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

कारगिल: जामिया मस्जिद में लगी भीषण आग

आग ने द्रास इलाके की जामिया मस्जिद को बुरी तरह से अपनी चपेट में ले लिया है.

लाइव कवरेज

  1. मिज़ोरम खादान दुर्घटना में मरने वालों के परिवार को 2 लाख का मुआवज़ा-पीएम

    मिज़ोरम के हनहथियाल ज़िले के मौदढ़ गांव में पत्थर की खादान में हुए हादसे में दो और शव बरामद किए गए हैं. इसके साथ ही मरने वालों की संख्या 10 हो गई है.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इंडोनेशिया में चल रहे जी 20 शिखर सम्मेलन में भाग ले रहे हैं और उन्होंने दुर्घटना पर शोक जताया है.

    उन्होंने मारे गए लोगों और घायलों के परिजनों को मुआवज़ा देने का एलान किया है.

    पीएम कार्यालय ने ट्वीट किया, “मेरी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं जिन्होंने मिज़ोरम में पत्थर की खदान गिरने के कारण अपने प्रियजनों को खो दिया. प्रत्येक मृतक के परिजन को प्रधानमंत्री राहत कोषसे 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी. घायलों को 50,000 रुपये का मुआवज़ा दिया जाएंगा.”

    सोमवार को मिज़ोरम के हनथियाल ज़िले में एक पत्थर की खदान ढह गई थी.

    हादसा दोपहर करीब 2.40 बजे हुआ था. हादसे के वक़्त एबीसीआई इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड के मज़दूर खदान में काम कर रहे थे.

    मिज़ोरम के आपदा प्रबंधन और पुनर्वास विभाग के अतिरिक्त सचिव, लालहरियटपुइया ने सोमवार को बताया था कि खदान के ढहने के समय लगभग 15 लोग साइट पर थे.

    उन्होंने कहा कि लोगों के इस्तेमाल की जाने वाली उत्खनन की कच्ची विधि त्रासदी का कारण हो सकती है.

  2. ट्विटर ब्लू टिक 29 नवंबर से दोबारा होगा लॉन्च- मस्क

    ट्विटर के नए मालिक एलन मस्क ने मंगलवार को कहा है कि ट्विटर ब्लू चेक सब्सक्रिप्शन योजना 29 नवंबर से एक बार फिर से शुरू की जाएगी.

    उन्होंने बुधवार की सुबह (भारतीय समयानुसार) ट्वीट किया- “ 29 नवंबर को ट्विटर ब्लू-वैरिफाइड को दोबारा लॉन्च किया जाएगा और इस बार सुनिश्चित किया जाएगा कि ये पहले से मज़बूत हो.”

    बीते दिनों ट्विटर को अपनी 8 डॉलर सब्सक्रिप्शन फ़ीस के बदले अकाउंट वैरिफ़ाइ करने की सेवा को तत्काल प्रभाव से रोकना करना पड़ा था.

    दरअसल, इस योजना के तहत कई फ़ेक और पैरोडी अकाउंट ने पैसे देकर खुद के लिए ब्लू वैरिफ़िकेशन टैग खरीद लिया था.

    इस योजना में सामने आ रही गड़बड़ियों को देखते हुए ट्विटर को ये प्रक्रिया रोकनी पड़ी.

    एलन मस्क ने ट्विटर को खरीदने के बाद वैरिफ़िकेशन प्रक्रिया के लिए पैसे लेने का एलान किया था. इसके बाद वैरिफ़िकेशन के लिए आठ डॉलर प्रतिमाह की फ़ीस तय की गई थी.

    मस्क ने कहा-इन्हें नौकरी से निकाल कर गलती की

    इसके अलावा एलन मस्क के ट्विटर का नया बॉस बनने के बाद कंपनी में बड़ी संख्या में लोगों को नौकरी से निकाला है.

    अब एलन मस्क ने ऐसे ही दो कर्मचारियों की तस्वीर शेयर करते हुए ट्विटर पर लिखा है कि उन्होंने इन कर्मचारियों को नौकरी से निकाल कर गलती की थी. और अब उन्हें दोबारा नौकरी पर रख लिया गया है.

    उन्होंने ट्वीट किया- ‘लिगमा और जॉनसन आपका स्वागत है.’

  3. डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि 2024 में फिर लड़ेंगे राष्ट्रपति चुनाव

    रिपब्लिकन पार्टी के नेता डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव 2024 के लिए पार्टी का उम्मीदवार बनने की घोषणा की है.

    अमेरिकी राष्ट्रपति चुनावों के लिए डेमोक्रेट और रिपब्लिकन पार्टियां पहले अपने बीच से एक उम्मीदवार चुनतीं हैं. ट्रंप की घोषणा का अर्थ ये है कि वे अब रिपब्लिकन पार्टी के प्रत्याशी बनने के लिए पार्टी के भीतर चुनाव में कूदेंगे.

    फ़्लोरिडा के मार-ए-लागो रिज़ॉर्ट में अपनी रैली से ठीक पहले उन्होंने पार्टी को अपनी उम्मीदवारी के काग़ज़ जमा करवाए हैं.

    रैली में लोगों को संबोधित करते हुए ट्रंप ने कहा, "अमेरिका को फिर से महान और गौरवशाली बनाने के लिए, आज रात मैं अमेरिका के राष्ट्रपति पद के लिए अपनी उम्मीदवारी की घोषणा कर रहा हूं."

    उनका कहना है कि जब " लोगों के बीच से ऐसा प्यार मिले " तो बड़ी तादाद में भी लोगो से बात करना "आसान" होता है.

    उन्होंने कहा, "तो अब से 2024 में चुनाव के दिन तक... मैं ऐसे लड़ूंगा जैसे पहले कभी किसी ने नहीं लड़ा. हम कट्टरपंथी वाम डेमोक्रेट्स को हरा देंगे जो हमारे देश को भीतर से नष्ट करने की कोशिश कर रहे हैं."

    उनका कहना है कि दस्तावोज़ों को लेकर उनके खिलाफ़ न्याय विभाग की जांच में वह ‘पीड़ित’ हैं.

    ट्रंप ने अपना भाषण ख़त्म करते हुए कहा, "यह सिर्फ एक अभियान नहीं है. यह हमारे देश को बचाने की कोशिश है"

  4. मोहन भागवत ने फिर दोहराया- भारत में रहने वाला हर व्यक्ति हिंदू है

    राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ यानी आरएसएस के सरसंघचालक मोहन भागवत ने मंगलवार को कहा कि भारत में रहने वाला हर व्यक्ति ‘हिंदू’ है और सभी भारतीयों का डीएनए एक है.

    उन्होंने कहा कि किसी को भी भगवान की प्रार्थना करने के तरीके को बदलने की जरूरत नहीं है, क्योंकि सब रास्ते एक ही ओर जाते हैं.

    मोहन भागवत यही बात पहले भी कह चुके हैं. एक बार फिर छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में स्वयंसेवकों के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने अपनी बात को दोहराया है.

    उन्होंने कहा "विविधता में एकता भारत की सदियों पुरानी विशेषता है. एक मात्र हिंदुत्व नाम का विचार दुनिया में ऐसा है जो सभी को साथ लाने में विश्वास करता है."

    मोहन भागवत ने कहा, “हम 1925 से (जब आरएसएस की स्थापना हुई) कह रहे हैं कि भारत में रहने वाला हर व्यक्ति हिंदू है.जो लोग भारत को अपनी 'मातृभूमि' मानते हैं और विविधता में एकता की संस्कृति के साथ रहना चाहते हैं और इस दिशा में प्रयास करते हैं, चाहे वे किसी भी धर्म, संस्कृति, भाषा और विचारधारा का पालन करते हों, वे हिंदू हैं. ”

    उन्होंने कहा कि “हर भारतीय जो 40,000 साल पुराने 'अखंड भारत' का हिस्सा है, उसका डीएनए एक है.

    हमारे पूर्वजों ने सिखाया था कि हर किसी को अपने विश्वास और रीति-रिवाजों पर टिके रहना चाहिए और दूसरों के विश्वास को बदलने की कोशिश नहीं करनी चाहिए.”

    भागवत ने कहा कि पूरे देश ने एकजुट होकर कोरोनावायरस महामारी से लड़ाई लड़ी. हमारी संस्कृति हमें जोड़ती है.

    "हम आपस में कितना भी लड़ें, संकट के समय हम एक हो जाते हैं. जब देश किसी तरह की परेशानी का सामना करता है तो हम एक साथ लड़ते हैं."

  5. पोलैंड में रूसी मिसाइल गिरने के बाद जी 7 राष्ट्राध्यक्षों की आपात बैठक

    इंडोनेशिया में चल रही जी 20 बैठक का आज आख़िरी दिन है. इसी बैठक के दौरान ही आज जी7 देशों के नेताओं ने पोलैंड में गिरी रूसी मिसाइल के बारे में चर्चा की है.

    इस बातचीत की तस्वीर सामने आई है जिसमें अमेरिका, इटली, जर्मनी, फ़्रांस, ब्रिटेन,जापान, स्पेन और नीदरलैंड्स के नेता मौजूद हैं.

    इनके अलावा इस बैठक में यूरोपीय काउंसिल के अध्यक्ष चार्ल्स मिसेल और यूरोपीय संघ के कमिशनर भी शामिल रहे.

    रूसी मिसाइल के पोलैंड में गिरने के भयंकर परिणाम हो सकते हैं. पोलैंड नेटो मिलिट्री अलायंस का सदस्य है और उसपर हमला नेटो पर हमला माना जा सकता है.

    अब सबकी निगाहें इस बात पर हैं कि क्या इस हमले के बाद नेटो सेना पोलैंड में आएगी?

    बीबीसी संवाददाता क्रिस मेसन के मुताबिक पोलैंड की घटना के बाद जी 20 में सारे देशों की योजनाओं पर पानी फिरता दिख रहा है.

    पश्चिमी देशों के नेता अपने रक्षा और विदेश मंत्रियों से बातचीत में व्यस्त हो गए हैं और पोलैंड को भी फ़ोन कर रहे हैं.

    अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और ब्रिटेन के पीएम ऋषि सुनक पोलैंड के संपर्क में हैं.

    जो बाइडन ने नेटो के प्रमुख जेन्स स्टोल्टनबर्ग से भी बातचीत की है.

  6. यूक्रेन युद्ध: रूसी मिसाइल पोलैंड में जा गिरा, दो लोगों की मौत

    पोलैंड के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि मंगलवार को दोपहर 3 बजकर 40 मिनट पर उनके क्षेत्र में एक ‘रूसी मिसाइल’ गिरा जिसके कारण सेरेवोडो गांव में दो लोगों की मौत हो गई.

    पोलैंड का कहना है कि उसके पास कोई "निर्णायक सबूत" नहीं है कि किसने मिसाइलों को लॉन्च किया.

    पोलैंड के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लुकाज़ जसिना ने कहा कि पोलैंड में रूसी राजदूत को घटना पर "तत्काल विस्तृत स्पष्टीकरण" देने के लिए बुलाया गया.

    हालांकिउन्होंने बयान में यह नहीं बताया कि मिसाइल किसने दागी. युद्ध में दोनों पक्षों ने रूसी युद्ध सामग्री का इस्तेमाल किया है.

    सेरेवोडो गांवयूक्रेन और पोलैंड की सीमा पर स्थित है, और लिएव शहर के उत्तर में स्थित है.

    रूस का हमले से इंकार

    रूस ने इस हमले से इंकार किया है, रूस के रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा, "यूक्रेनी-पोलिश राज्य सीमा के पास के ठिकानों पर कोई हमला रूस की ओर से नहीं किया गया."

    रूस ने कहा है कि यह रिपोर्ट्स ‘स्थिति को और बिगाड़ने के इरादे से उकसावे वाला क़दम है.’

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने पोलैंड के राष्ट्रपति डूडा से फ़ोन पर बात की है.

    ज़ेलेंस्की ने ट्वीट किया- “मैंने पोलैंड के राष्ट्रपति आंद्रेज़ेज डूडा से फ़ोन पर बात की औररूस के आतंक से मारे गए दो पोलिश लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया.”

    “हमने उपलब्ध सूचनाओं का आदान-प्रदान किया और सभी तथ्यों को स्पष्ट कर रहे हैं.”

    नेटो क्या करेगा?

    पोलैंड नेटो समूह का सदस्य देश है. नेटो एक रक्षात्मक सैन्य गठबंधन है जो यूक्रेन का इस युद्ध में समर्थन करता रहा है और इसमें ब्रिटेन, जर्मनी और अमेरिका जैसे देश शामिल हैं.

    नेटो का सदस्य होने का मतलब है कि, सदस्य देश पर अगर सशस्त्र हमले होते हैं तो दूसरे सदस्य देश मदद करने के लिए आगे आएंगे और जिस देश पर हमले हुए हैं या हो रहे हैं वहां नेटो आर्मी भेजी जा सकती है. इसलिए यदि मिसाइलों के रूसी होने की पुष्टि की जाती है, तो इससे (सैद्धांतिक रूप में) संघर्ष को तेज़ करने का ख़तरा बढ़ा सकता .

    हालांकि सैन्य विश्लेषकों का मानना है कि संघर्ष बढ़ने की की संभावना कम है.

  7. नमस्कार,बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. अभिवादन स्वीकार कीजिए.

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज में आपको दिनभर ताज़ा और अहम ख़बरें मिलेंगी.

    ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 15 नवंबर के अपडेट्स के लिए आपयहां क्लिककर सकते हैं.

    आज की अहम ख़बरें –

    • पोलैंड ने कहा है कि मंगलवार की दोपहर उनके क्षेत्र में एक ‘रूसी मिसाइल’ गिरा जिसके कारण दो लोगों की मौत हो गई. रूस ने हमले से किया इंकार.
    • रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव के जी20 सम्मेलन बीच में छोड़कर रूस लौटने की ख़बरों के बीच इंडोनेशियाई विदेश मंत्रालय ने कहा है कि वह बाली में ही हैं.
    • मेटा के इंडिया पब्लिक पॉलिसी हेड राजीव अग्रवाल और व्हाट्सऐप के इंडिया हेड अभिजीत बोस ने इस्तीफ़ा दे दिया है.
    • इंडोनेशिया के बाली में जी 20 सम्मेलन में पीएम मोदी, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मिले.