You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

कौन जीतेगा टी20 विश्वकप, एबी डी विलियर्स ने की भविष्यवाणी

एबी डी विलियर्स ने कहा कि भारत के सूर्यकुमार यादव और विराट कोहली शानदार फॉर्म में हैं.

लाइव कवरेज

अभिनव गोयल

  1. कौन जीतेगा टी20 विश्वकप, एबी डी विलियर्स ने की भविष्यवाणी

    टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल से पहले दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज खिलाड़ी एबी डी विलियर्स ने विश्व कप जीतने वाली टीम की भविष्यवाणी की है.

    उन्होंने कहा कि इस बार टी20 विश्व कप भारत अपने नाम करेगी.

    पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि अगर भारतीय टीम सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हरा देती है तो उसका फाइनल जीतना तय है.

    समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए एबी डी विलियर्स ने कहा कि भारत और न्यूजीलैंड की टीम के बीच टी20 विश्व कप का फाइनल मैच खेला जाएगा. भारत के सूर्यकुमार यादव और विराट कोहली शानदार फॉर्म में हैं.

    टी20 विश्व कप का पहला सेमीफाइनल सिडनी में पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा, वहीं दूसरे सेमीफाइनल में भारत का मुकाबला इंग्लैंड से है.

  2. पाकिस्तान के पीएम ने चीफ जस्टिस को लिखा पत्र, जांच के लिए न्यायिक आयोग बनाने की मांग

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने पाकिस्तान के चीफ जस्टिस उमर अता बंदियाल को पत्र लिखकर पीटीआई अध्यक्ष और पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान पर हुए हमले की जांच करने के लिए कहा है.

    प्रधानमंत्री की ओर से लिखे गए पत्र में सुप्रीम कोर्ट के सभी उपलब्ध जजों को मिलाकर एक न्यायिक आयोग बनाने की अपील की गई है और कहा गया है कि ये आयोग घटना के तथ्यों का पता लगाए.

    पत्र में कहा गया है कि आयोग विशेष रूप से कुछ सवालों पर विचार कर सकता है.

    - कौन सी सरकारी एजेंसियां ​​लॉन्ग मार्च काफिले की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार थीं?

    - क्या लॉन्ग मार्च काफिले की सुरक्षा के लिए सुरक्षा इंतज़ामों को लागू किया गया और उसका पालन हुआ?

    - हादसे के तथ्य क्या हैं? कथित तौर पर कई हमलावरों की बात की जा रही है, उसमें क्या तथ्य है? पीड़ितों की कुल संख्या कितनी है? उन्हें किस तरह की चोट लगी है?

    - क्या कानून प्रवर्तन एजेंसियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने चली आ रही जांच प्रक्रिया को अपनाया?

    - क्या घटना के बाद कानून लागू करने वाले एजेंसियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने सबूत इकट्ठा किए?

    पत्र में कहा गया है कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो नियमों में क्या खामियां और कमजोरियां सामने आईं?

    इसके लिए किन लोगों को जिम्मेदार ठहराया गया था? क्या घटना की जांच प्रक्रिया में जानबूझकर रुकावटें पैदा की जा रही हैं? अगर ऐसा है तो कौन लोग हैं जो ऐसा कर रहे हैं.

    - क्या ये सच में हत्या की साजिश थी जिसका मकसद असल में पीटीआई अध्यक्ष को मारना था? क्या ये सिर्फ एक आदमी का काम है?

  3. अखिलेश यादव चापलूसों से घिरे हुए हैं, उन्हें चापलूसी पसंद है- शिवपाल यादव

    प्रगतिशील समाजवादी पार्टी-लोहिया के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने मंगलवार को कहा है कि उनके भतीजे और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव चापलूसों से घिरे हुए हैं.ऐसा माना जा रहा था कि समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद चाचा-भतीजे में दरार ख़त्म हो गई है, लेकिन इस बयान ने एक बार फिर उस दरार को प्रकाश में ला दिया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, गोरखपुर में शिवपाल सिंह यादव ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि अखिलेश चाटुकारों से घिरे हुए हैं जो सिर्फ चापलूसी में विश्वास रखते हैं.

    समाजवादी पार्टी के साथ चुनाव लड़ने पर उन्होंने कहा कि हमारी प्रगतिशील समाजवादी पार्टी ही असली समाजवादी पार्टी है और हमारे साथ कोई लालची व्यक्ति नहीं है. हम लालची लोगों से दूर रहते हैं.

    मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद मैनपुरी लोकसभा सीट खाली हुई है.

    इस सीट पर चुनाव के बारे में उन्होंने कहा, "हम अभी विचार कर रहे हैं कि यह चुनाव अकेले लड़ेंगे या समाजवादी पार्टी के साथ. जो भी फैसला होगा, जल्द सबके सामने आएगा."

    सपा संरक्षक के अंतिम संस्कार से जुड़ी रस्मों के दौरान शिवपाल सिंह और अखिलेश यादव के बीच नजदीकियों ने उन अटकलों को हवा देने का काम किया था कि जल्द ही चाचा -भतीजा एक साथ आ सकते हैं.

    मैनपुरी से पोते तेज प्रताप की उम्मीदवारी पर शिवपाल यादव ने कहा, "पहले नाम की घोषणा सपा को करने दीजिए, हम बाद में देखेंगे."

  4. कनाडा के प्रधानमंत्री ने चीन पर लगाए गंभीर आरोप, कहा चुनावों में दखल देने की कोशिश हुई

    कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने चीन पर देश के चुनाव में दखल देने की कोशिश करने का आरोप लगाया है.

    ट्रूडो ने कहा कि चीन कनाडा के संस्थानों को निशाना बनाने की कोशिश कर रहा है और लोकतंत्र पर हमले कर रहा है.

    कनाडा के इंटेलिजेंस ने हाल के चुनाव में चीन समर्थित उम्मीदवारों के खुफिया नेटवर्क की पहचान की थी.

    अधिकारियों ने कथित तौर पर प्रधानमंत्री को बताया कि 2019 के संघीय चुनावों में चीन कम से कम 11 उम्मीदवारों का समर्थन कर रहा था.

    वहीं चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा है कि कनाडा के आंतरिक मामलों में उसकी कोई दिलचस्पी नहीं है.

    स्थानीय ब्रॉडकास्टर ने कुछ खुफिया अज्ञात अधिकारियों का हवाला देते हुए बताया है कि चीन ने उम्मीदवारों को पैसे भेजे थे. कई उम्मीदवारों के कैंपेन सलाहकार के रूप में कुछ चीनी एजेंटों ने काम भी किया था.

    एक मामले में ढाई लाख डॉलर देने की बात भी कही गई है.

    स्थानीय ब्रॉडकास्टर ने आरोप लगाए हैं कि कथित तौर पर ये ऑपरेशन टोरंटो में चीन के वाणिज्य दूतावास से चलाया जा रहा था. इसका एक मकसद यह भी था कि सांसदों के ऑफिस में अपने लोगों को रखा जाए ताकि नीतियों को प्रभावित किया जा सके.

  5. क़तर को फ़ुटबॉल वर्ल्ड कप की मेज़बानी देना 'ग़लती' थी - फ़ीफ़ा के पूर्व अध्यक्ष

    फ़ीफ़ा के पूर्व अध्यक्ष सेप ब्लैटर ने क़तर को 2022 विश्व कप की मेज़बानी देने के फ़ैसले को एक ग़लती बताया है.

    साल 2010 में क़तर को 2022 विश्व कप की मेज़बानी सौंपी गई थी. उस समय सेप ब्लैटर विश्व फ़ुटबॉल गवर्निंग बॉडी के अध्यक्ष थे.

    समलैंगिक संबंधों, मानवाधिकार रिकॉर्ड और प्रवासी कामगारों के साथ व्यवहार पर अपने रुख़ के लिए क़तर की आलोचना की गई है.

    ब्लैटर ने स्विस अख़बार टैग्स-अंज़ीगेर से बात करते हुए कहा कि फ़ुटबॉल और विश्व कप क़तर के लिए बहुत बड़े हैं जबकि वह उसके मुकाबले छोटा है.

    92 साल के इतिहास में पहली बार मध्य-पूर्व के किसी देश में फ़ुटबॉल विश्व कप का आयोजन हो रहा है. ये 20 नवंबर से 18 दिसंबर तक चलेगा.

    ब्लैटर 17 साल तक फ़ीफ़ा अध्यक्ष रहे, लेकिन उन्हें साल 2015 में अपना पद छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा. उन पर आरोप था कि उन्होंने यूनियन ऑफ़ यूरोपियन फ़ुटबॉल एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष मिशेल प्लाटिनी को ग़ैरक़ानूनी रूप से 20 लाख स्विस फ़्रैंक भेजे हैं.

  6. दिनभर: पूरा दिन, पूरी ख़बर’ अंजुम शर्मा और प्रेरणा के साथ

  7. कांग्रेस के ट्विटर हैंडल को ब्लॉक करने के आदेश पर लगी रोक

    कांग्रेस और भारत जोड़ो यात्रा के ट्विटर हैंडर को अस्थाई रूप से ब्लॉक करने वाले निचली अदालत के आदेश पर कर्नाटक हाई कोर्ट ने रोक लगा दी है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक हाई कोर्ट ने कॉपीराइट का उल्लंघन करने वाली पोस्ट को हटाने की शर्त भी रखी है.

    कांग्रेस पार्टी को एमआरटी म्यूज़िक कंपनी के कॉपीराइट का उल्लंघन करने वाली पोस्ट के स्क्रीनशॉट भी कोर्ट में जमा करवाने होंगे.

    एमआरटी म्यूजिक ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी, सुप्रिया श्रीनेत और जयराम रमेश के खिलाफ शिकायत कॉपीराइट उल्लंघन की शिकायत दर्ज करवाई थी.

    कंपनी का आरोप था कि कांग्रेस और भारत जोड़ो यात्रा ऐसे वीडियो को पोस्ट कर रहा है जिसमें केजीएफ चैप्टर 2 के म्यूजिक का अवैध तरीके से इस्तेमाल किया गया है, जबकि इसका कॉपीराइट कंपनी के पास है.

    निचली अदालत ने एमआरटी म्यूजिक की याचिका पर सुनवाई करते हुए इसे कॉपीराइट का उल्लंघन माना था और कांग्रेस, भारत जोड़ो यात्रा के ट्विटर हैंडल को अस्थाई रूप से ब्लॉक करने का आदेश जारी किया था.

  8. अमेरिका ने माना कि 'रूस के साथ बातचीत के चैनल खुले हैं'

    अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन ने पुष्टि की है कि वाशिंगटन और मॉस्को के बीच बातचीत के चैनल खुले हैं.

    राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार का ये बयान उस वक्त आया है जब व्हाइट हाउस ने उन रिपोर्टों का खंडन करने से इनकार कर दिया जिनके मुताबिक सुलिवन यूक्रेन में परमाणु युद्ध की आशंका को रोकने के लिए रूस के साथ बातचीत कर रहे हैं.

    न्यूयॉर्क में सुलिवन ने कहा कि क्रेमलिन के साथ संपर्क बनाए रखना अमेरिका के "हित में" है.

    लेकिन उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि अधिकारियों को मालूम है कि वो किसके साथ काम कर रहे हैं.

    वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक सुलिवन ने पिछले कई महीनों के दौरान अपने रूसी समकक्ष, सुरक्षा परिषद के सचिव निकोलाई पेत्रुशेव और विदेश नीति के वरिष्ठ सहयोगी यूरी उशाकोव के साथ गोपनीय चर्चा की है.

    अखबार ने वरिष्ठ अधिकारियों के हवाले से बताया कि यूक्रेन में युद्ध में परमाणु युद्ध की स्थिति में बचाव के तरीकों पर चर्चा की गई, लेकिन यूक्रेन संघर्ष को ख़त्म करने के तरीकों के बारे में कोई बातचीत नहीं हुई.

    पिछले महीने, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार सुलिवन ने कहा था कि परमाणु हथियारों का इस्तेमाल "रूस के लिए विनाशकारी परिणाम" लेकर आएगा.

    अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की प्रवक्ता एड्रिएन वॉटसन ने अख़बार की ख़बर की पुष्टि करने से ये कहते हुए इनकार कर दिया कि "लोग बहुत सी चीजों का दावा करते हैं", जबकि क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने पश्चिमी समाचार पत्रों पर " फ़र्ज़ी ख़बरें प्रकाशित करने" का आरोप लगाया.

  9. झारखंड में आयकर विभाग की छापेमारी, 2 करोड़ कैश बरामद

    आयकर विभाग ने पिछले हफ़्ते झारखंड कांग्रेस के दो विधायकों और उनके कथित सहयोगियों के यहां छापेमारी की थी.

    इस छापेमारी के दौरान आयकर विभाग ने 2 करोड़ रुपये कैश बरामद किए हैं. इसके साथ ही 100 करोड़ रुपये के अनअकाउंटेड निवेश का पता लगाया है.

    सीबीडीटी ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि 4 नवंबर को तलाशी अभियान शुरू किया गया था. इस अभियान में झारखंड के रांची, गोड्डा, बेरमो, दुमका, जमशेदपुर और चाईबासा, पटना, गुरुग्राम और कोलकाता में 50 परिसरों को कवर किया गया था.

    सीबीडीटी के प्रवक्ता के हवाले से समाचार एजेंसी एएनआई ने जानकारी दी कि कोल ट्रेडिंग, ट्रांसपोर्टिंग, सिविल कांट्रेक्टर, लौह अयस्क के बिजनेस से जुड़े कारोबारियों पर छापेमारी की गई थी.

    जिन दो विधायकों के यहां छापेमारी शुरू हुई उसमें कुमार जयमंगल उर्फ़ अनूप सिंह और प्रदीप यादव शामिल हैं.

    बेरमो सीट से विधायक जयमंगल ने छापेमारी के दौरान रांची में अपने घर के बाहर पत्रकारों से कहा था वे आयकर विभाग की टीम को पूरा सहयोग दे रहे हैं.

    वहीं प्रदीप यादव ने झारखंड विकास मोर्चा(प्रजातांत्रिक) छोड़कर कांग्रेस ज्वाइन की है और पोड़ैयाहाट विधानसभा सीट से विधायक हैं.

  10. सऊदी क्राउन प्रिंस से मिले पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ने जलवायु परिवर्तन सम्मेलन के दौरान सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से मुलाकात की.

    आधिकारिक बयान के मुताबिक दोनों देशों ने बहुपक्षीय साझेदारी को और मज़बूत करने का दृढ़ संकल्प लिया है.

    इस दौरान शहबाज़ शरीफ़ के साथ पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो ज़रदारी भी मौजूद थे.

    इस साल सीओपी का 27वां सम्मेलन मिस्र के शर्म अल-शेख में 6-18 नवंबर के बीच हो रहा है.

  11. ब्रेकिंग न्यूज़, रूसी विदेश मंत्री से जब एस जयशंकर मिले तो उन्होंने क्या कहा

    भारतीय विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर दो दिवसीय रूस दौरे पर हैं. आज उनकी मुलाकात मास्को में अपने समकक्ष सर्गेई लावरोव से हुई.

    लावरोव के साथ बैठक के दौरान बात शुरू करते हुए जयशंकर ने कहा, "हमारी बातचीत वैश्विक स्थिति के साथ साथ कुछ खास क्षेत्रीय चिंताओं को संबोधित करेगी."

    एस जयशंकर ने कहा, "आतंकवाद और जलवायु परिवर्तन के मुद्दे हैं. इन दोनों का विकास और समृद्धि पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है."

    बैठक के दौरान उन्होंने कहा, "हमारी सरकारों के बीच अलग अलग स्तरों पर मज़बूत और लगातार संपर्क रहा है."

    बैठक के बाद दोनों नेताओं ने मास्को में साझा बयान दिया. इसमें एस जयशंकर ने अंतरिक्ष, परमाणु कार्यक्रम, रक्षा और व्यापार की बात की.

    पश्चिम से लगातार भारत पर पड़ रहे दबाव पर बोलते हुए एस जयशंकर ने कहा कि रूस भारत के लिए स्थिर और समय की कसौटी पर खरा उतरने वाला भागीदार रहा है.

  12. गुजरात चुनाव: पूर्व आईपीएस डीजी वंज़ारा ने बनाया राजनीतिक दल, सभी सीटों पर लड़ेंगे चुनाव

    गुजरात पुलिस के सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी डीजी वंज़ारा ने आगामी गुजरात विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए 'प्रजा विजय पक्ष' पार्टी बनाई है.

    पार्टी महासचिव सामंत सिंह चौहान के अनुसार, प्रजा विजय पक्ष गुजरात विधानसभा चुनाव में सभी 182 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी.

    डीजी वंजारा 1987 बैच के गुजरात कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं. गुजरात पुलिस में उनकी छवि एनकाउंटर स्पेशलिस्ट की रही है.

    वे पहले क्राइम ब्रांच में थे और बाद में गुजरात एटीएस यानी एंटी टेररिस्ट स्क्वाड के मुखिया रहे. उसके बाद पाकिस्तान सीमा से सटी बॉर्डर रेंज के आईजी रहे.

    वे 2002 से 2005 तक अहमदाबाद की क्राइम ब्रांच के डिप्टी कमिश्नर ऑफ़ पुलिस थे. उनकी इस पोस्टिंग के दौरान करीब बीस लोगों का एनकाउंटर हुआ. बाद में सीबीआई जाँच में पता चला कि ये एनकाउंटर फ़र्ज़ी थे. कहा जाता है कि वे गुजरात के तत्कालीन मुख्यमंत्री और अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबसे क़रीबी पुलिस अधिकारी थे.

    फ़र्ज़ी एनकाउंटर मामले में उन्हें अहमदाबाद की साबरमती सेंट्रल जेल में करीब 8 साल और मुंबई की जेल में एक साल तक रहना पड़ा.

    गुजरात सरकार को वंज़ारा ने जेल के भीतर 2013 में अपना इस्तीफ़ा भेजा था जिसे सरकार ने नामंज़ूर कर दिया.

    वंजारा ने 10 पन्नों के अपने इस्तीफ़े में कहा कि मोदी सरकार को मुंबई की तलोजा जेल या अहमदाबाद की साबरमती जेल में होना चाहिए.

    वंजारा ने मोदी और पूर्व गृह राज्यमंत्री अमित शाह पर पुलिस तंत्र के दुरुपयोग का आरोप लगाया था.

    इस्तीफ़े में वंज़ारा ने लिखा था, "इसलिए मैं एकदम साफ़ और स्पष्ट शब्दों में कहना चाहूंगा कि 2002 से 2007 के बीच क्राइम ब्रांच, एटीएस और बॉर्डर रेंज ने वही किया जो इस सरकार की नीति थी. हम लोग तो फ़ील्ड ऑफ़िसर होने के नाते सिर्फ़ उस नीति को अंजाम दे रहे थे."

  13. 'हिंदू शब्द का अर्थ बहुत गंदा है' बयान गलत हुआ तो इस्तीफ़ा दे दूंगा- सतीश जारकीहोली

    हिंदू शब्द पर विवादित बयान देने वाले कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष सतीश जारकीहोली अभी भी अपने बयान पर कायम है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक उन्होंने कहा, "सभी को साबित करने दें कि मैं गलत हूं.अगर मैं गलत हूं तो मैं विधायक पद से इस्तीफ़ा दे दूंगा. अपने बयान के लिए माफ़ी नहीं मांगूंगा."

    सतीश जारकीहोली ने रविवार को कर्नाटक के बेलगावी जिले में विवादित बयान दिया था. उन्होंने कहा था, "हिंदू शब्द कहां से आ गया है, ये हमारा है? फ़ारसी का है. फ़ारसी कहां है- इरान, ईराक, कज़ाकिस्तान, उज़्बेकिस्तान. भारत का उससे क्या संबंध है, फिर आपका हिंदू कैसे हो गया. चर्चा होना चाहिए."

    "हिंदू शब्द का जो अर्थ है वो बहुत गंदा है. कहीं का धर्म, कहीं का शब्द लाकर आप हमारे ऊपर ज़बरदस्ती ला रहे हैं."

  14. भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कांग्रेस नेता की दिल का दौरा पड़ने से मौत

    महाराष्ट्र सेवा दल के महासचिव कृष्ण कुमार पांडे की आज कांग्रेस पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान मौत हो गई.

    कृष्ण कुमार पांडे की मौत दिल का दौरा पड़ने की वजह से हुई. कांग्रेस पार्टी ने बयान जारी कर बताया कि पांडे मार्च के दौरान गिर गए थे. उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.

    कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने कहा, "भारत जोड़ो यात्रा की 62वीं सुबह, कृष्ण कुमार पांडे राष्ट्रीय ध्वज को थामे हुए थे और दिग्विजय सिंह और मेरे साथ चल रहे थे. कुछ मिनटों के बाद उन्होंने झंडा एक दूसरे सहयोगी को दे दिया और वो चले गए. इसके बाद वे गिर गए और उन्हें एंबुलेंस में एक अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया."

    जयराम रमेश ने कहा, "वे एक पक्के कांग्रेसी थे और नागपुर में आरएसएस के ख़िलाफ़ लड़ते थे."

    कृष्ण कुमार पांडे की मौत पर राहुल गांधी ने भी दुख जताया है. उन्होंने ट्वीट कर लिखा, "कांग्रेस सेवा दल के महासचिव, कृष्णकांत पांडे जी का निधन पूरे कांग्रेस परिवार के लिए बहुत दुखद है. उनके प्रियजनों को मैं अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं. आज, यात्रा के दौरान अंतिम समय में उन्होंने हाथों में तिरंगा थामा था. देश के लिए उनका समर्पण हमें सदा प्रेरणा देता रहेगा."

    राहुल गांधी की भारत जोड़ी यात्रा सोमवार रात महाराष्ट्र में प्रवेश कर गई है. राहुल गांधी अगले 15 दिनों तक महाराष्ट्र में पैदल यात्रा करेंगे. ये यात्रा महाराष्ट्र की 15 विधानसभा और 6 संसदीय क्षेत्रों को कवर करेगी. राहुल गांधी महाराष्ट्र में करीब 380 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे.

    कांग्रेस पार्टी के मुताबिक भारत जोड़ो यात्रा 20 नवंबर को महाराष्ट्र से मध्य प्रदेश में प्रवेश करेगी.

  15. 'हिंदू शब्द का मतलब बहुत गंदा है' कहने वाले कांग्रेस नेता को अनुराग ठाकुर का जवाब

    केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस नेता सतीश जारकीहोली के उस बयान पर अपनी प्रतिक्रिया दी है जिसमें उन्होंने कहा था कि हिंदू शब्द फ़ारसी का है और जिसका अर्थ बहुत गंदा है.

    समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा, "कांग्रेस और आप नेताओं की आदत हो गई है कि वे हिंदुओं को नीचा दिखाते हैं और हिंदू देवी-देवताओं का अपमान करते हैं. चुनाव के समय ही वे देवी-देवताओं को याद करते हैं, बाकी समय वे गाली-गलौज करते रहते हैं."

    इससे पहले कांग्रेस कर्नाटक इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष सतीश जारकीहोली ने कहा था, "हिंदू शब्द कहां से आ गया है, ये हमारा है? फ़ारसी का है. फ़ारसी कहां है- इरान, ईराक, कज़ाकिस्तान, उज़्बेकिस्तान. भारत का उससे क्या संबंध है, फिर आपका हिंदू कैसे हो गया. चर्चा होना चाहिए."

    "हिंदू शब्द का जो अर्थ है वो बहुत गंदा है. कहीं का धर्म, कहीं का शब्द लाकर आप हमारे ऊपर ज़बरदस्ती ला रहे हैं."

  16. गुजरात से LIVE: पोरबंदर के जिस घर में महात्मा गांधी का जन्म हुआ, वहाँ पहुंचे लोग उन्हें कैसे याद करते हैं, देखें लाइव

  17. आरिफ़ मोहम्मद लाइमलाइट के लिए असंवैधानिक चीज़ें कर रहे हैं- वीडी सथीसन

    केरल के राज्यपाल आरिफ़ मोहम्मद ख़ान ने सोमवार को कोच्चि में अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में दो मलयाली चैनलों को प्रतिबंधित कर दिया है. और कहा था कि अगर वो चैनल प्रेस कॉन्फ्रेंस में होंगे तो वह कॉन्फ्रेंस ही नहीं करेंगे.

    इस मामले पर केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता वीडी सथीसन ने कहा है कि “इन चैनलों के पत्रकारों को उन्होंने ‘गेट आउट’ कहकर प्रेस कॉन्फ्रेंस से बाहर निकाला. वह लगातार ऐसा कर रहे हैं, यहां तक कि विपक्ष के नेता मुझे, अन्य नेताओं, मंत्रियों को भी गालियां देते हैं. वह सुर्खियों में रहने और ख़बर बनाने की कोशिश में असंवैधानिक चीजें कर रहे है:”

    सोमवार को केरल के राज्यपाल आरिफ़ मोहम्मद ख़ान ने गुस्से में 'कैराली न्यूज' और 'मीडिया वन' चैनलों के पत्रकारों को प्रेस कॉन्फ्रेंस वाली जगह छोड़कर जाने के लिए कहा.

    उन्होंने कहा कि वे इन दो चैनलों से बात नहीं करेंगे और अगर ये दो चैनल यहां मौजूद रहेंगे तो वे किसी से भी बात नहीं करेंगे और वापिस चले जाएंगे.

    आरिफ़ मोहम्मद ख़ान ने कहा, "मैं मीडिया को बहुत महत्वपूर्ण मानता हूं. मैं हमेशा मीडिया को जवाब देता हूं लेकिन अब मैं उन लोगों को जवाब नहीं दे पाऊंगा जिन्होंने मीडिया का मुखौटा पहना हुआ है. वे असल में पार्टी के काडर हैं. अगर उनमें से यहां कोई है तो मेरी गुजारिश है कि आप यहां से चले जाएं."

    "मैं 'कैराली' वालों से बात नहीं करूंगा. अगर यहां उनका कोई कैमरा हुआ तो मैं यहां से चला जाऊंगा. मैं उम्मीद करता हूं कि यहां 'कैराली' से कोई नहीं होगा. मैं उम्मीद करता हूं कि यहां 'मीडिया वन' से कोई नहीं होगा. क्या यहां कोई 'मीडिया वन' से है?"

  18. छावला रेप केस में सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले पर धामी ने कहा- न्याय दिलाने के लिए सब कुछ करूंगा

    साल 2012 में दिल्ली के छावला में एक 19 साल की लड़की के अपहरण और 'गैंगरेप' के मामले में दोषी करार दिए गए तीनों अभियुक्तों को सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को बरी कर दिया.

    ये लड़की मूल रूप से उत्तराखंड के पौड़ी की रहने वाली थी. सुप्रीम कोर्ट के इस फ़ैसले पर राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि वह हम लड़की को न्याय मिले ये सुनिश्चित करने के लिए सबकुछ करेंगे.

    समाचार एजेंसी एएनआई से उन्होंने कहा, “ कोर्ट ने जो फैसला किया है, उस पर मैंनेइस केस के वकील चारू खन्ना से बात की है और केंद्रीय कानून मंत्री किरण रिजिजू से भी बात की है. पीड़िता हमारे देश की बेटी है और उसे न्याय दिलाने के लिए हम सब कुछ करेंगे”

    सोमवार को सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट की ओर से दोषियों को दी गई फांसी की सज़ा को पलट दिया. इस मामले में निचली अदालत और हाईकोर्ट ने तीनों दोषियों को फांसी की सज़ा सुनाई थी.

    साल 2014 में निचली अदालत के फ़ैसले को दिल्ली हाईकोर्ट ने सही ठहराया था.

    मामला क्या था

    मूल रूप से उत्तराखंड के पौड़ी की रहने वाली 19 साल की लड़की दिल्ली के छावला स्थित कुतुब विहार में रहती थी. 9 फरवरी 2012 की रात नौकरी से लौटते समय तीन लोगों ने उसका अपहरण किया. इसके बाद 14 फरवरी को लड़की का शव बहुत बुरी हालत में हरियाणा के रेवाड़ी के एक खेत में मिला.

    कथित तौर पर इस लड़की का गैंगरेप किया गया और उसे बुरी तरह पीटा गया था. लड़की के शरीर पर सिगरेट और गर्म लोहे से दागने के निशान थे. इतना ही नहीं लड़की के चेहरे और आंख में तेजाब डाला गया था.

  19. आडवाणी हुए 95 साल के, मिलने पहुंचे मोदी और राजनाथ सिंह

    बीजेपी के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी मंगलवार 95 साल के हो गए. उनके जन्मदिन के मौके पर नरेंद्र मोदी ने उन्हें घर जाकर बधाई दी.

    क़रीब 40 मिनट नरेंद्र मोदी और आडवाणी के बीच मुलाकात चली और केट काटा.

    पीएम मोदी ने आडवाणी के साथ अपनी मुलाकात का वीडियो शेयर कर लिखा-“आडवाणी जी के आवास पर गया और उन्हें जन्मदिन की बधाई दी. भारत के विकास में उनका योगदान अविस्मरणीय है. उनकी दूरदृष्टि और बुद्धि के लिए पूरे भारत में उनका सम्मान किया जाता है. बीजेपी को बनाने और मज़बूत करने में उनकी भूमिका अद्वितीय है. मैं उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं. ”

    पीएम मोदी के अलावा रक्षामंत्री राजनाथ सिंह भी लालकृष्ण आडवाणी के आवास पर पहुंचे.

    राजनाथ सिंह ने आडवाणी शेयर करते हुए ट्वीट किया- “मैं भगवान से उनके अच्छे स्वास्थ्य और लम्बी आयु की कामना करता हूं.”

    बीते साल भी आडवाणी के जन्मदिन पर प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री अमित शाह उनके घर पहुंचे थे.

  20. मोरबी हादसे में ना तो सरकार ने माफ़ी मांगी, ना किसी ने ज़िम्मेदारी ली- चिदंबरम

    कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम मे कहा है कि हैरानी की बात है कि मोरबी में हुई दुर्घटना के बाद सरकार की ओर से ना तो किसी ने माफ़ी मांगी और ना ही किसी ने ज़िम्मेदारी लेते हुए इस्तीफ़ा दिया.

    मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में चिदंबरम ने मोरबी में सस्पेंशन पुल गिरने की घटना का ज़िक्र करते हुए कहा, “मोरबी घटना ने गुजरात के नाम को शर्मसार कर दिया है... सबसे चौंकाने वाली बात है कि सरकार की ओर से किसी ने भी इस त्रासदी के लिए माफ़ी नहीं मांगी है. ज़िम्मेदारी लेते हुए किसी ने इस्तीफ़ा नहीं दिया.”

    गुजरात के मोरबी पुल हादसे में135 लोगों की मौत हो गई थी जबकि कई घायल हो गए.

    इस मामले में कई कई अनियमितताएं सामने आई थीं, ब्रिज को मेटेंनेंस के लिए तय समय सीमा से पहले खोल दिया गया था. झमता से ज़्यादा लोग ब्रिज पर मौजूद थे.इस ब्रिज का काम ओरेवा ग्रुप देख रहा था जो घड़ी और ई-बाइक बनाने वाली कंपनी है.