You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
सूर्यकुमार यादव को खेलते देखना अद्भुत है: द्रविड़
भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच राहुल द्रविड़ ने सूर्यकुमार यादव की तारीफ़ करते हुए कहा कि वह अद्भुत हैं .
लाइव कवरेज
एलन मस्क ने बताया भारत में कब से देने होंगे ट्विटर पर ब्लू टिक के लिए पैसे
ट्विटर के नए मालिक एलन मस्क ट्विटर पर होने वाले बदलावों को लेकर रोज़ कोई ना कोई नई जानकारी दे रहे हैं. इस बार उन्होंने बताया है कि ट्विटर पर ब्लू टिक के लिए भुगतान करने का नियम भारत में कब लागू होगा.
इससे पहले ने सोशल मीडिया कंपनी ने बताया गया कि कुछ देशों में आईओएस डिवाइस पर ब्लू टिक के लिए भुगतान की सुविधा शुरू कर दी गई है. यहां ब्लू टिक के लिए यूजर्स को 7.99 डॉलर देने होंगे.
अब एलन मस्क से ट्विटर पर एक प्रभु नाम के यूज़र ने पूछा की ट्विटर ब्लू टिक के नए नियम भारत में कब तक लागू हो सकते हैं.
इस पर एलन मस्क ने जवाब दिया, ''उम्मीद है एक महीने से भी कम समय में.''
इस पर यूज़र प्ने लिखा कि ये तो बहुत जल्दी है! लग रहा है कि ये करीब 649 रुपये होगा. अगर इसमें जीएसटी जुड़ता है तो ये 10 डॉलर यानी 820 रुपये भी हो सकता है.
एलन मस्क के ब्लू टिक पर भुगतान के नियम की आलोचना भी हो रही है लेकिन उन्होंने साफ़ कर दिया है कि वो ट्विटर को घाटे से निकालने और बॉट्स को ख़त्म करने के लिए ये बदलाव कर रहे हैं.
उन्होंने एक और बदलाव की जानकारी देते हुए बताया था कि ट्विटर पर टेक्स्ट लिखने की शब्द सीमा भी बढ़ाई जाएगी और जल्द ही लंबे टेक्स्ट लिखे जा सकेंगे.
ब्रेकिंग न्यूज़, टी20 विश्व कप: बांग्लादेश ने पाकिस्तान को दिया 128 रनों का लक्ष्य
ऑस्ट्रेलिया में हो रहे टी20 विश्व कप में ग्रुप 2 के मुक़ाबले में बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए पाकिस्तान को 128 रनों का लक्ष्य दिया है.
बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला किया और 8 विकेट के नुक़सान पर 127 रन बनाए.
टीम की शुरुआत तो अच्छी रही और 73 रन पर जाकर टीम ने एक विकेट खोया.
लेकिन, इसके बाद दो विकेट लगातार गिरने से टीम दबाव में आ गई और 100 का स्कोर होने के बाद बहुत कम रन जोड़ पाई.
नजमुल हसन शंटो ने अर्ध शतक लगाया और 54 रन बनाने के बाद बोल्ड हो गए.
एडीलेड में हो रहा ये मुक़ाबला बेहद अहम है. इस मैच में जीत के साथ ही पाकिस्तान या बांग्लादेश के लिए सेमीफ़ाइनल का रास्ता साफ़ हो जाएगा. ग्रुप 2 से पहले ही भारत सेमीफ़ाइनल में पहुंच चुका है.
ब्रेकिंग न्यूज़, हिमाचल प्रदेश: बीजेपी ने जारी किया मेनिफेस्टो, यूनिफॉर्म सिविल कोड को लेकर क्या कहा
हिमाचल प्रदेश चुनावों के मुद्देनज़र बीजेपी ने आज अपना मेनिफेस्टो जारी किया है.
पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आज शिमला में आयोजित एक कार्यक्रम में संकल्प पत्र 2022 जारी करते हुए कहा कि पार्टी 11 वादों के साथ प्रदेश में आगे बढ़ना चाहती है.
जेपी नड्डा ने कहा कि अगर प्रदेश में उनकी सरकार बनी तो वो राज्य में यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू करेगी. उन्होंने कहा कि इसके लिए प्रदेश में जानकारों की एक कमिटी बनाई जाएगी और उनकी रिपोर्ट के आधार पर यूसीसी लागू करने का काम किया जाएगा.
साथ ही बीजेपी ने कहा कि उसके संकल्प पत्र में महिलाओं को केंद्र मे रखकर योजना बनाई गई है.
उन्होंने कहा गरीब परिवार की महिलाओं को साल में तीन गैस सिलेंडर दिया जाएगा.
साथ ही लड़कियों के लिए हर ज़िले में दो होस्टल बनाए जाएंगे ताकि वो आगे पढ़ाई जारी रख सकें.
पार्टी ने सरकारी नौकरियों और शिक्षण संस्थाओं में महिलाओं को 33 फीसदी का रिज़र्वेशन देने का वादा भी किया है.
पार्टी ने कहा है कि वो प्रदेश में चरणबद्ध तराकी से आठ लाख से ज्यादा नौकरियों के मौक़े पैदा करेगी.
साथ ही जेपी नड्डा ये कहा है कि सभी गांवों को पक्की सड़कों से जोड़ा जाएगा और उनकी सरकार बनी तो वो प्रदेश में इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास में भी बड़ा निवेश करेगी.
सेब की पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाले पैकेजिंग में जीएसटी को 12 फीसदी किया जाएगा इसके 25 करोड़ की लागत का अनुमान है.
उन्होंने प्रदेश में पांच नए मेडिकल कॉलेजों का भी वादा किया है. साथ ही हर विधानसभा में मोबाइल क्लिनिक की संख्या को दोगुना किया जाएगा.
पार्टी ने ये भी कहा कि यहां ज़मीन का ग़ैर-क़ानूनी इस्तेमाल नहीं हो रहा ये सुनिश्चित करने के लिए पार्टी वक्फ़ की सभी संपत्तियों का सर्वे भी करवाएगी.
भारत के टी20 विश्व कप सेमीफ़ाइनल में पहुंचने पर ऑस्ट्रेलिया में फैंस ने क्या कहा
ऑस्ट्रेलिया से LIVE: भारत T20 विश्व कप के सेमीफ़ाइनल में पहुँच चुका है. मेलबर्न में भारत बनाम ज़िम्बॉब्वे मैच से पहले क्रिकेट फैंस से बात कर रहे हैं बीबीसी संवाददाता नितिन श्रीवास्तव
ईरान के सैटेलाइट रॉकेट परीक्षण से परेशान हुआ अमेरिका
अमेरिका का कहना है कि शनिवार को ईरान की ओर से किया गया सैटेलाइट रॉकेट का परीक्षण एक महत्वपूर्ण चिंता का विषय है.
अमेरिका के विदेश विभाग ने कहा कि परीक्षण ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के उस प्रस्ताव का उल्लंघन किया जिसमें ईरान को बैलिस्टिक मिसाइलों से संबंधित कोई भी गतिविधि करने पर रोक लगाई गई है, जो परमाणु हथियार के इस्तेमाल में सक्षम हों.
ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने कहा कि ये रॉकेट टेलीकम्यूनिकेशन सैटेलाइट को पृथ्वी की सतह से लगभग पांच सौ किलोमीटर की दूरी पर कक्षा में स्थापित करेगा.
ईरान और पश्चिमी देशों के बीच परमाणु समझौते को लेकर चल रही बातचीत फिलहाल रुकी हुई है, ताकि ईरान के परमाणु गतिविधियों पर अंकुश लगाने के बदले उस पर लगे प्रतिबंधों में ठील दी जा सके.
शनिवार को ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने सैलेटाइट रॉकेट का परीक्षण किया. ईरान के राजकीय मीडिया ने ये जानकारी दी. ईरान के इस क़दम को अमेरिका ने ‘ग़ैरज़रूरी और अस्थिर करने वाला’ बताया है.
अमेरिका का मानना है कि जिस बैलिस्टिक तकनीक का इस्तेमाल सैटेलाइट को कक्षा में स्थापित करने के लिए किया गया है उसका इस्तेमाल परमाणु हथियारों को भी लॉन्च करने के लिए किया जा सकता है. हालांकि ईरान का कहना है कि उसका ऐसा कोई इरादा नहीं है.
भारत जोड़ो यात्रा में केजीएफ़-2 के संगीत का इस्तेमाल, राहुल गांधी के ख़िलाफ़ शिकायत दर्ज
कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में 'केजीएफ़-2' फ़िल्म के संगीत का इस्तेमाल करने को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ख़िलाफ़ शिकायत दर्ज की गई है.
राहुल गांधी के अलावा कांग्रेस नेता जयराम रमेश और सुप्रिया श्रीनेत के ख़िलाफ़ भी शिकायत हुई है.
समचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ कन्नड़ फ़िल्म 'केजीएफ़-2' के संगीत को कथित तौर पर बिना इजाज़त लिए इस्तेमाल करने के लेकर राहुल गांधी के ख़िलाफ़ मामला दर्ज हुआ है.
बेंगलुरू के यशवंतपुर पुलिस थाने में कॉपीराइट क़ानून के तहत शुक्रवार को ये शिकायत की गई है. ये शिकायत एमआरटी म्यूज़िक के प्रबंधन देखने वाले एम नवीन कुमार ने कराई है.
शिकायत में कहा गया है कि जयराम रमेश ने अपने आधिकारिक ट्विटक हैंडल से दो वीडियो पोस्ट किए थे जिनमें बिना इजाज़त के केजीएफ़-2 के दो मशहूर गानों का इस्तेमाल किया गया है. इन गानों के संगीत का अधिकार एमआरटी म्यूज़िक के पास है.
राहुल गांधी आजकल अपनी 150 दिनों की 'भारत जोड़ो यात्रा' पर हैं. उनकी यह यात्रा दक्षिण भारत से शुरू होकर कश्मीर तक जाएगी. कांग्रेस को इस यात्रा से अपनी सियासी ज़मीन मज़बूत होने की उम्मीद है.
ब्रेकिंग न्यूज़, श्रीलंका के दानुष्का गुणातिलके रेप के आरोप में सिडनी में हुए गिरफ़्तार
श्रीलंका के क्रिकेटर दानुष्का गुणातिलके को ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में गिरफ्तार कर लिया गया है.
समाचार एजेंसी पीटीआई ने टीम में एक सूत्र के हवाले से ख़बर दी है कि श्रीलंकाई टीम उन्हें सिडनी में छोड़कर रवाना हो गई है. दानुष्का को बलात्कार के आरोप में गिरफ्तार किया गया है.
क्रिकेट समीक्षक रेक्स क्लेमेन्टाइन ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी है कि गुणातिलके को शनिवार को बलात्कार के आरोप में गिरफ्तार किया गया.
उन्होंने लिखा है कि गुणातिलके तीन सप्ताह पहले चोटिल हो गए थे जिसके बाद एशेल बंडारा ने टीम में उनकी जगह ले ली थी. लेकिन टीम मैनेजमेंन्ट ने उन्हें वापिस भेजने की बजाय ऑस्ट्रेलिया में टीम के साथ रखा था.
इस मामले में सिडनी पुलिस ने बयान जारी कर रहा है कि पिछले हफ़्ते सिडनी में एक महिला के साथ कथित यौन अपराध के मामले में एक श्रीलंकाई नागरिक को गिरफ्तार किया गया है.
बयान में किसी व्यक्ति का नाम नहीं लिया गया है और कहा गया है कि व्यक्ति को बलात्कार के चार मामलों में गिरफ्तार किया गया है.
पुलिस के मुताबिक़ इस महिला की अभियुक्त से ऑनलाइन डेटिंग ऐप के ज़रिए पिछले कई दिनों से बात हो रही थी. इसके बाद दोनों की मुलाक़ात हुई थी. महिला का आरोप है कि दो नवंबर को उनके साथ ये घटना हुई थी.
इस मामले में रविवार को सिडनी में ससेक्स स्ट्रीट में एक होटल से 31 साल के एक शख़्स को गिरफ़्तार किया गया है.
एलन मस्क ने बताए ट्विटर में होने वाले हैं कौन-से दो बड़े बदलाव
ट्विटर के नए मालिक एलन मस्क ने ट्विटर में होने वाले बदलावों को लेकर एक और नई जानकारी दी है. उन्होंने बताया है कि जल्द ही ट्विटर पर लिखने के लिए और ज़्यादा शब्दों की छूट मिलने वाली है.
उन्होंने आज ट्वीट किया, ''ट्वीटर जल्द ही ट्वीट्स के लिए लंबे फॉर्मेट के टेक्सट की सुविधा देगा. इससे नोटपैड स्क्रीनशॉट की दिक्कत ख़त्म हो जाएगी.''
फिलहाल ट्वीटर पर 280 कैरेक्टर्स से ज़्यादा नहीं लिख सकते. लेकिन, इस बदलाव के बाद अब लंबे टेक्स्ट लिखना संभव हो सकता है.
उन्होंने ये भी बताया, ''साथ ही सभी तरह के कंटेंट के लिए क्रिएटर मॉनेटाइज़ेशन भी दिया जाएगा.'' इसका मतलब है कि ट्विटर पर लोग हर तरह के कंटेंट से विज्ञापन के ज़रिए पैसे कमा सकेंगे.
एलन मस्क के ट्विटर को खरीदने के बाद से कई तरह के बदलावों की चर्चा ज़ोरों पर है.
एलन मस्क ने सबसे पहले ट्वीट एडिट करने की सुविधा देने की बात कही थी और उनके ट्वीटर को खरीदने से पहले ही ये सुविधा सीमित तौर पर दे दी गई थी.
इसके बाद ट्विटर में ब्लू टिक के लिए भुगतान करने का नया नियम बनाया गया है. एलन मस्क को इसे लेकर आलोचना का भी सामना करना पड़ा रहा है.
ट्विटर ने इस बात की पुष्टि की है कि कंपनी अभी कुछ देशों में सिर्फ़ आईओएस डिवाइस पर ब्लू टिक देने की सेवा शुरू करेगी. ट्विटर पर ब्लू टिक के लिए लोगों को हर महीने आठ डॉलर का भुगतान करना होगा.
वहीं, ट्विटर में हो रही छटनियां भी विवाद का विषय बन गई हैं. ट्विटर से दुनियाभर से हज़ारों लोगों को नौकरी से निकाला गया है. भारत में भी बड़ी संख्या में लोगों की नौकरी गई है. जबकि एलन मस्क का कहना है कि ट्वीटर हर रोज करोड़ों का घटा झेल रही थी जिसके चलते छटनियां की गई हैं.
नमस्कार. बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. अभिवादन स्वीकार करें कमलेश मठेनी का.
बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज में आपको दिनभर ताज़ा और अहम ख़बरें मिलेंगी.
ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 5 नवंबर के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.
आज की अहम ख़बरें –
- ट्विटर ने ब्लू टिक के लिए भुगतान की सुविधा कुछ देशों में शुरू कर दी है.
- एलन मस्क ने भी बताया कि ट्विटर पर लॉन्ग फॉर्मेट के टेक्स्ट की सुविधा दी जाएगी.
- छह राज्यों में सात विधानसभा सीटों के लिए हुए उपचुनाव की मतगणना आज की जाएगी.
- ऑस्ट्रेलिया में खेले जा रहे टी20 विश्व कप में आज भारत का मुक़ाबला जिम्बाब्वे से होगा.
- क़ानून मंत्री किरेन रिजिजू ने देशद्रोह क़ानून को स्थगित रखने के सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर नाराजगी जताई है.