You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

सूर्यकुमार यादव को खेलते देखना अद्भुत है: द्रविड़

भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच राहुल द्रविड़ ने सूर्यकुमार यादव की तारीफ़ करते हुए कहा कि वह अद्भुत हैं .

लाइव कवरेज

  1. सूर्यकुमार यादव को खेलते देखना अद्भुत है: द्रविड़

    भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच राहुल द्रविड़ ने सूर्यकुमार यादव की तारीफ़ करते हुए कहा कि वह अद्भुत हैं और उन्हें खेलते देखना बेहद दिलचस्प होता है. जब भी वो इस तरह के फॉर्म में होते हैं और उनका बैट चलता है तो लगता है कि सारा शो उनके नाम है.

    भारत ने रविवार को खेले गए एक बेहद महत्वपूर्ण मुकाबले में ज़िम्बाब्वे को 71 रन से हरा दिया और सेमी फ़ाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली. सेमी फ़ाइनल में भारत का मुकाबला इंग्लैंड से होगा.

    द्रविड़ ने कहा, '' वह अद्भुत खेलते हैं. इसलिए वह अभी नंबर वन टी20 खिलाड़ी हैं.''

    इस T20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम में सबसे ज्यादा रन (225) बनाने वाले वह दूसरे खिलाड़ी हैं. विराट कोहली का स्कोर उनसे ज्यादा (246) है.

    सूर्य कुमार का स्ट्राइक रेट 193.96 है. द्रविड़ ने कहा, ''इस तरह के स्ट्राइक रेट के साथ बने रहना आसान नहीं है. लेकिन अगर आप यह सोचेंगे कि उनके इस तूफानी बल्लेबाजी में कोई मेथड नहीं है तो आप गलत हैं."

    उन्होंने कहा, ''मेरा मानना है कि वह काफी मेहनती हैं.'' हेड कोच ने सूर्य कुमार यादव की फिटनेस की भी तारीफ़ की.

  2. लैंडिंग से ठीक पहले लेक विक्टोरिया में विमान दुर्घटनाग्रस्त, 19 लोगों की मौत

    तंजानिया का एक यात्री विमान बुकोबा में लैंड करते समय लेक विक्टोरिया में दुर्घटनाग्रस्त हो गया और कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई.

    प्रेसिजन एयर के इस विमान में 43 लोग सवार थे, जिनमें से 26 को दुर्घटना के बाद अस्पताल पहुंचाया गया था.

    दो पायलट इस दुर्घटना के बाद जीवित थे और उन्होंने स्थानीय अधिकारियों से कॉकपिट से बात भी की लेकिन प्रधानमंत्री का कहना है कि हो सकता है कि उनकी बाद में मौत हो गई हो.

    बचाव कर्मी और स्थानीय मछुआरे अब भी फँसे लोगों को निकालने की कोशिश में लगे हैं. हवाई अड्डे पर विमान के इंतजार में बैठे अब्दुल नूरी ने बताया कि उन्होंने विमान को पानी में गिरते देखा.

    उन्होंने बीबीसी को बताया, '' हम स्तब्ध रह गए. लोग डर गए और कुछ रोने लगे. आगमन द्वार पर भी लोग चीखने लगे क्योंकि वहां ज़्यादातर वैसे लोग खड़े थे, जो अपनो की प्रतीक्षा में थे.''

    घटनास्थल पर सबसे पहले पहुंचे मछुआरों से जब उनकी बात हुई तो उन्होंने बताया कि वे विमान से कुछ लोगों को निकालने में सफल रहे क्योंकि एक फ्लाइट अटेंडेंट ने विमान का पिछला दरवाजा खोल दिया था.

    इस दुर्घटना के लिए ख़राब मौसम को जिम्मेदार बताया जा रहा है. यह झील बुकोबा हवाई अड्डे के बेहद करीब है और ये अफ्रीका की सबसे बड़ी झील है. राष्ट्रपति सामिया सुलुहु हसन ने इस घटना पर शोक जताया है.

  3. सीओपी27: मिस्र में शुरू हुआ जलवायु शिखर सम्मेलन

    संयुक्त राष्ट्र (यूएन) का जलवायु शिखर सम्मेलन मिस्र में शुरू हो गया. यह सम्मेलन इस चेतावनी के साथ शुरू हुआ कि हमारी धरती 'ख़तरे के संकेत' भेज रही है.

    क़रीब 120 देशों के नेता इस सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए शर्म अल-शेख के रेड सी रिजॉर्ट में पहुंच रहे हैं. इस सम्मेलन में जलवायु परिवर्तन को लेकर चर्चा होगी और आगे की योजना तैयार की जाएगी.

    इस मौके पर सीओपी27 के अध्यक्ष मिस्र के विदेश मंत्री समेह शौक्रे ने विश्व के नेताओं से अपील की है कि यूक्रेन युद्ध की वजह से उपजे खाद्य और ऊर्जा संकट को जलवायु परिवर्तन को लेकर उठाए जाने वाले कदमों के रास्ते में न आने दें.

    संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरस ने एक वीडियो संदेश भी भेजा और इसमें उन्होंने 'स्टेट ऑफ़ द ग्लोबल क्लाइमेट रिपोर्ट 2022' को जलवायु परिवर्तन से हुई तबाही का घटनाक्रम' बताया है.

  4. जलवायु परिवर्तनः भारत की क्या हैं प्रतिबद्धताएं? कितना किया हासिल?

  5. बिलकिस बानो, 2002 के गुजरात दंगे और मोदी पर क्या बोले हार्दिक पटेल?

  6. बॉडी शेमिंग: 'मेरी पहचान सिर्फ़ मेरा वज़न या शेप नहीं है'

  7. पाकिस्तान में एक पूर्व प्रधानमंत्री एफआईआर तक नहीं दर्ज करा पा रहा: इमरान ख़ान

    पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पीटीआई के चेयरमैन इमरान ख़ान ने लाहौर के शौकत ख़ानम अस्पताल से प्रेस कॉन्फ्रेंस किया.

    उन्होंने कहा, ''हमले के तीन दिन हो गए. पंजाब में गठबंधन की सरकार है और पीटीआई इसका हिस्सा है. लेकिन फिर भी हम अब तक प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज नहीं करा पाए हैं.''

    उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस का कहना है कि वो प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के ख़िलाफ़ तो एफआईआर दर्ज करने के लिए तैयार हैं, लेकिन सेना के अधिकारी जनरल फ़ैसल के ख़िलाफ़ नहीं कर रहे हैं.

    इमरान ख़ान ने कहा कि उन्होंने सेना के एक अधिकारी पर आरोप लगाया है और यह कहा जाने लगा कि मैं पूरी सेना को कठघरे में खड़ा कर रहा हूं.

    उन्होंने कहा, ''यह तो वही बात हो गई कि अगर आप किसी जज या पीटीआई के कार्यकर्ता के बारे में कहें कि वह भ्रष्ट है तो उससे पूरी न्यायपालिका या पार्टी भ्रष्ट हो गई.''

    पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा कि वह पाकिस्तान की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के प्रमुख हैं और ऐसे में जब उनकी आवाज़ नहीं सुनी जा रही है तो वे लोग आम लोगों के साथ तो क्या ही करते होंगे.

    "न्यायिक आयोग क्या करेगा?"

    इमरान ख़ान ने कहा कि शहबाज़ शरीफ़ न्यायिक आयोग की बात करते हैं, मैं उसका स्वागत करता हूं. लेकिन इस पर मेरा सवाल है कि आयोग क्या करेगा? जिन लोगों पर हम आरोप लगा रहे हैं, ये एजेंसियां उनके नीचे ही आती हैं. इसमें निष्पक्ष जांच तब तक नहीं हो सकता जब तक वे इस्तीफ़ा नहीं देते.

    इमरान ख़ान ने कहा, ''सबसे बड़ा सवाल ये है कि क्या पाकिस्तान में कोई ऐसा व्यक्ति है, जो क़ानून से ऊपर है. उन पर क़ानून लागू नहीं होता, क्या हमारा संविधान इसकी इजाज़त देता है.''

    उन्होंने लॉन्ग मार्च के बारे में कहा कि उनका यह मार्च मंगलवार को वज़ीराबाद में फिर वहीं से शुरू होगा, जहां हमला हुआ था.

    पूर्व प्रधानमंत्री पर वज़ीराबाद शहर में लॉन्ग मार्च के दौरान एक व्यक्ति ने गोली चला दी थी. पुलिस ने घटनास्थल से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया था.

  8. स्की चैम्पियनशिप में भारत की आंचल ठाकुर को मिला सिल्वर

      • Author, पंकज शर्मा
      • पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए

    हिमाचल प्रदेश के मनाली की आंचल ठाकुर दुबई में आयोजित एफआईएस इंटरनेशनल अल्पाइन कंपीटीशन में सिल्वर मेडल जीतने में कामयाब रहीं.

    ये प्रतिस्पर्धा दुबई में आयोजित की गई.

    इसमें पहला स्थान कज़ाखस्तान की तरोइतस्काया अलेक्जेंड्रा को मिला जबकि तीसरे स्थान पर भारत की ही संध्या पहुंचने में कामयाब रहीं.

    स्कीइंग बर्फ़ पर फिसलने वाला खेल है.

    आंचल ठाकुर ने बीते वर्ष इसी प्रतियोगिता में कांस्य पदक हासिल किया था. इससे पहले आंचल ने 2018 में टर्की में आयोजित हुई इंटरनेशनल स्की चैम्पियनशिप में भी पदक अपने नाम किया था.

    ये उनका पहला सिल्वर मेडल है.

    उनके पिता रोशन ठाकुर ने कहा कि उनकी बेटी का सिल्वर मेडल जीतना पूरे हिमाचल और देश के लिए गर्व का विषय है.

  9. टी20 विश्व कप: भारत-पाकिस्तान के बीच फ़ाइनल में हो सकती है जंग, जगी उम्मीदें

  10. INDvsZIM: भारत ने ज़िम्बाब्वे को हराया, क्या फ़ाइनल में पाकिस्तान से भिड़ेगा?

  11. भारत ने ज़िम्बाब्वे को 71 रन से हराया, ग्रुप-2 में बना नंबर वन, सेमीफ़ाइनल में इंग्लैंड से होगा मुक़ाबला

  12. तिरुपति मंदिर ने घोषित की संपत्ति, 10 टन सोना, 53 सौ करोड़ रुपये बैंकों में, 15 हज़ार करोड़ से अधिक नकदी

    तिरुमला-तिरुपति देवस्थानम ट्रस्ट ने प्रेस रिलीज़ जारी कर बताया है कि उसके पास 10.3 टन सोना और बैंकों में 5,300 करोड़ रुपये जमा हैं. इसके साथ ही तिरुमला-तिरुपति देवस्थानम के पास 15,938 करोड़ रुपये की नकदी भी है.

    तिरुपति मंदिर का प्रबंधन करने वाले तिरुमला-तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) ने श्वेत पत्र जारी कर अपनी संपत्ति की घोषणा की है.

    टीटीडी के मुताबिक उसकी कुल संपत्ति 2.26 लाख करोड़ रुपये की है.

    2019 में अलग-अलग बैंकों में इसकी 13,025 करोड़ रुपये की फिक्स्ड डिपोजिट थी, जो अब बढ़ कर 15,938 करोड़ रुपये की हो गई है.

    यानी पिछले तीन साल के दौरान इस निवेश में 2,900 करोड़ रुपये का इजाफ़ा हुआ है.

  13. त्रिपुराः नाबालिग पर मां और बहन की कुल्हाड़ी से हत्या करने का आरोप

      • Author, पिनाकी दास
      • पदनाम, अगरतला से, बीबीसी हिंदी के लिए

    त्रिपुरा के धलाई ज़िले में एक नाबालिग लड़के ने शनिवार की रात चार लोगों की हत्या कर दी, जिसमें से तीन उसके परिवार के सदस्य हैं.

    धलाई के पुलिस अधीक्षक (एसपी) डॉ. रमेश चंद्र यादव ने बताया कि घटना त्रिपुरा के धलाई ज़िले के कमालपुर पुलिस स्टेशन के दुराई शिवबारी इलाके में हुई.

    उन्होंने बताया, ''अभियुक्त की उम्र क़रीब 17 साल है, उसने अपने दादा बादल देबनाथ (70), मां समीता देबनाथ (32), बहन सुपर्णा देबनाथ (10) और रिश्तेदार रेखा देब (42) की हत्या कर दी.''

    पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अभियुक्त कथित तौर पर नशे का आदी था और उसने हत्या करने के लिए कुल्हाड़ी का इस्तेमाल किया.

    स्थानीय लोगों का कहना है कि अभियुक्त को टीवी देखने की लत थी और वह कई आपराधिक इंवेस्टिगेशन शो और ऑनलाइन गेम देखता था.

    एसपी ने बताया कि अभियुक्त पहले अपने घर में चोरी भी कर चुका था और इस हत्या से संबंधित सभी सबूतों को छुपाने की कोशिश की और शवों को भी ठिकाने लगाया.

    एसपी ने कहा कि अभियुक्त हत्या के समय ज़ोर-ज़ोर से म्यूजिक बजा रहा था, ताकि पीड़ितों की चीखें बाहर न जाए. उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है.

  14. भारत के बाद पाकिस्तान भी सेमीफ़ाइनल में, बांग्लादेश को हराया

  15. पाकिस्तान की राह आसान करने के बाद नीदरलैंड्स को क्या भारत से मिलेगा ये गिफ़्ट?

    ऑस्ट्रेलिया में खेले जा रहे टी20 वर्ल्ड कप में नीदरलैंड्स ने रविवार को एक बड़ा उलटफेर किया. जीत की दावेदार मानी जा रही दक्षिण अफ़्रीका को चारों ख़ाने चित कर नीदरलैंड्स ने तमाम समीकरण बिगाड़ कर रख दिए.

    नीदरलैंड्स ने दक्षिण अफ़्रीका को 13 रन से हराकर बड़ा उलटफेर किया और पाकिस्तान को सेमीफ़ाइनल में पहुंचने की उम्मीद दी.

    नीदरलैंड्स ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए निर्धारित 20 ओवर चार विकेट के नुक़सान पर 158 रन बनाए.

    दक्षिण अफ़्रीका के लिए 159 रनों का लक्ष्य कोई मुश्किल नहीं लग रहा था लेकिन शुरुआती विकेट गंवाने के बाद दक्षिण अफ्रीका संभल नहीं सका. 100 रन पूरे होते-होते उसके सात बल्लेबाज़ पैवेलियन लौट चुके थे. दक्षिण अफ़्रीका निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 145 रन ही बना सकी.

    उधर, पाकिस्तान ने रविवार को एडिलेड में खेले गए मुक़ाबले में बांग्लादेश को पांच विकेट से हरा दिया.

    पाकिस्तान की जीत के साथ सेमीफ़ाइनल की सूरत भी तय हो गई है. ग्रुप11 से न्यूज़ीलैंड और इंग्लैंड पहले ही सेमी फ़ाइनल में जगह बना चुके थे.

    रविवार को नीदरलैंड्स की दक्षिण अफ़्रीका पर जीत के साथ भारतीय टीम की जगह सेमीफ़ाइनल में पक्की हो गई.

    पाकिस्तान की टीम ने बांग्लादेश को हराकर सेमीफ़ाइनल की चौथी टीम के तौर पर प्रवेश कर लिया है.

    सेमीफ़ाइनल के लिए पाकिस्तान की राह आसान करने के बाद नीदरलैंड्स उम्मीद कर रहा होगा कि वह ग्रुप में चौथे स्थान पर रहे और 2024 में होने वाले अगले टी20 वर्ल्ड कप के लिए उसे ऑटोमैटिक क्वालिफ़िकेशन मिल जाए.

    पाकिस्तान ने बांग्लादेश को हराकर नीदरलैंड्स की उम्मीदों को क़ायम रखा है, अब नीदरलैंड्स दुआ कर रही होगी कि भारत भी ज़िम्बाब्वे को हरा दे और ग्रुप-2 की अंक तालिका में उसका चौथा स्थान क़ायम रहे.

    अगर भारत ने ज़िम्बाब्वे को हरा दिया तो नीदरलैंड्स अंकतालिका में बांग्लादेश और ज़िम्बाब्वे के ऊपर चौथे स्थान पर रहेगी और अगले टी20 वर्ल्ड कप के लिए उसे क्वालिफ़िकेशन राउंड से नहीं गुज़रना होगा.

  16. गुजरात में विधानसभा चुनाव को लेकर राजकोट में क्या माहौल है?

    LIVE: गुजरात में विधानसभा चुनाव को लेकर राजकोट में क्या माहौल है? राजकोट में यूनिवर्सिटी रोड पर लोगों से बात कर रहे हैं बीबीसी संवाददाता रजनीश कुमार (कैमरा- मनीष जालुई)

  17. आलिया भट्ट ने बेटी को दिया जन्म, प्यार भरे संदेश से बताया

    अभिनेत्री आलिया भट्ट ने एक बेटी को जन्म दिया है. आलिया और उनके पति रणबीर ने एक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी है.

    उन्होंने बताया, ''हमारी ज़िंदगी की सबसे अच्छी ख़बर- हमारा बेबी आ गया है... और वो क्या जादुई लड़की है. हम आधिकारिक तौर पर प्यार के साथ बता रहे हैं- सौभाग्यशाली माता-पिता.''

    आलिया भट्ट और अभिनेता रणबीर कपूर ने शादी के दो महीने बाद आलिया भट्ट की प्रेग्नेंसी की ख़ुशख़बरी दी थी.

    आलिया भट्ट की सोनोग्राफ़ी होते हुए तस्वीर डालकर ये बताया गया था.

    आलिया भट्ट डिलीवरी के लिए एच.एन. रिलायंस फाउंडेशन हॉस्पिटल में भर्ती थीं.

    इसी साल अप्रैल में आलिया और रणबीर की शादी हुई थी. इसके बाद दोनों 'ब्रह्मास्त्र' फ़िल्म में साथ नज़र आए थे.

  18. ईरान में महिलाओं के विरोध प्रदर्शन से आएगा बदलाव? -दुनिया जहान

  19. किरण रिजिजू ने न्यायपालिका को कहा अपारदर्शी, तो स्वामी ने कसा तंज

    क़ानून मंत्री किरण रिजिजू के सुप्रीम कोर्ट की कॉलेजियम प्रणाली को 'अपारदर्शी' कहने वाले बयान पर अब बीजेपी नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने कटाक्ष किया है.

    किरण रिजिजू ने एक कार्यक्रम में कहा था, ''मैं न्यायपालिका या न्यायाधीशों की आलोचना नहीं कर रहा हूं लेकिन मैं एक तथ्य कहना चाहता हूं जो भारत के आम लोगों की सोच को दर्शाता है. कॉलेजियम प्रणाली अपारदर्शी है और उसमें कोई जवाबदारी नहीं है. न्यायाधीशों और वकीलों को भी इसे मानना चाहिए.''

    ''दुनियाभर में न्यायाधीश ही न्यायाधीशों की नियुक्ति नहीं करते हैं. लेकिन, भारत में ऐसा होता है. न्यायाधीशों को बहुत-सा वक़्त नामों की सिफारिश करने के प्रक्रिया में ही चला जाता है. इस प्रक्रिया में बहुत राजनीति भी होती है.''

    इस पर सुब्रमण्यम स्वामी ने ट्वीट किया, "क़ानून मंत्री किरण रिजिजू ने कहा कि एससी कॉलेजियम प्रणाली 'अपारदर्शी' है. पूर्व क़ानून कैबिनेट मंत्री होने और सैकड़ों बार कोर्ट में मुकदमे लड़ने के नाते मैं कह सकता हूं कि मोदी कैबिनेट प्रणाली ज़्यादा अपारदर्शी है. इसलिए रिजिजू को पहले उसे ठीक करना चाहिए. अगर आपको निकाल दिया जाए तो उसके लिए मुझे दोष ना दें."

    किरण रिजिजू ने ये भी कहा, "न्यायाधीश बहुत काम कर रहे हैं. दुनिया भर में न्यायाधीश भारत के न्यायाधीशों जितना काम नहीं करते, उन्हें कुछ राहत की ज़रूरत है. उन्हें समय चाहिए. वो भी इंसान हैं. मेरे कुछ शब्द कड़े लग सकते हैं लेकिन अभी तक किसी न्यायाधीश ने मुझे नहीं कहा कि मैं गलत था."

    रिजिजू ने कोर्ट में आदेश के साथ की जाने वाली टिप्पणियों पर भी बयान दिया. उन्होंने कहा, "एक न्यायाधीश को अपने फ़ैसलों के ज़रिए बोलना चाहिए न की मौखिक टिप्पणियों के ज़रिए. मेरी सलाह है कि आप ऐसे स्थिति ना लाएं कि आलोचना झेलनी पड़े. गैरज़रूरी टिप्पणियां ना करें."

    साथ उन्होंने कहा कि अगर न्यायापालिक कार्यपालिका के क्षेत्र में आएगी तो वो ऐसी जगह आएंगे जहां उन्हें नहीं आना चाहिए.

  20. टी20 विश्व कप: सेमीफ़ाइनल में पाकिस्तान, बांग्लादेश को पांच विकेट से हराया

    ऑस्ट्रेलिया में हो रहे टी20 विश्व कप में ग्रुप-2 के मुक़ाबले में बांग्लादेश से जीतने के बाद पाकिस्तान सेमीफ़ाइनल में पहुंच गया है.

    पाकिस्तान ने 128 रन का लक्ष्य पूरा करते हुए बांग्लादेश को पांच विकेट से मात दे दी.

    ज़िम्बाब्वे से हारने के बाद पाकिस्तान के लिए सेमीफ़ाइनल का रास्ता मुश्किल हो गया था. लेकिन, इस जीत ने उसे सेमीफ़ाइनल में पहुंचा दिया है.

    बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला किया था और आठ विकेट के नुक़सान पर 127 रन बनाए थे.

    इसके जवाब में पाकिस्तान ने पांच विकेट खोकर 18वें ओवर में अपना लक्ष्य पूरा कर लिया.

    रविवार को ही ग्रुप-2 का अंतिम मैच भारत और ज़िम्बाब्वे के बीच खेला जा रहा है.

    अगर भारत यह मैच जीत जाता है तो ग्रुप-2 का लीडर होगा और सेमीफ़ाइनल में उसका मुक़ाबला ग्रुप-1 में दूसरे नंबर पर रहने वाली टीम इंग्लैंड से होगा.

    दूसरे सेमीफ़ाइनल में पाकिस्तान का मुक़ाबला न्यूज़ीलैंड से होगा.

    लेकिन अगर भारत ज़िम्बाब्वे से मैच हार जाता है तो भारत और पाकिस्तान दोनों के छह-छह अंक हो जाएंगे और फिर नेट रन रेट के आधार पर यह फ़ैसला होगा कि ग्रुप-2 का लीडर कौन होगा.