You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

गुजरात चुनाव: सीएम चेहरा न बनाए जाने से इंद्रनील नाराज, आप छोड़ कांग्रेस में घर वापसी

इस साल अप्रैल महीने में ही इंद्रनील राजगुरु कांग्रेस छोड़कर आम आदमी पार्टी में गए थे.

लाइव कवरेज

अनंत प्रकाश and अभिनव गोयल

  1. नोबेल विजेता अर्थशास्त्री अभिजीत बनर्जी ने भारतीय महिलाओं की क्षमताओं को सराहा

    नोबेल पुरस्कार विजेता अर्थशास्त्री अभिजीत बनर्जी ने कहा कि जलवायु परिवर्तन और पानी की कमी पूरी दुनिया के लिए चुनौती हैं. ये समस्याएँ हमारे भविष्य को खराब करेंगी.

    भारत में ग्रामीण समुदाय के पास पानी से जुड़ी चुनौतियों और इसके समाधान के बारे में काफी ज्ञान है. उन्होंने कहा, ‘’मैं पानी के बारे इस समुदाय के नजरियों को जानना चाहता हूं. मैं चाहता हूं कि ये पानी की समस्या खत्म करने के लिए उनके ज्ञान का इस्तेमाल हो."

    प्रोफेसर बनर्जी और मोहम्मद जमील ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से बातचीत की और उनकी क्षमता की तारीफ की.

    विद्या भवन ऑडिटोरियम में सेवामंदिर की और से आयोजित बेयॉन्ड पॉवर्टी एक्शन में अभिजीत बनर्जी ने बताया की कि गरीबी के मायने क्या हैं.

  2. उत्तर कोरिया के 180 फ़ाइटर जेट हवा में, दक्षिण कोरिया ने उठाया ये क़दम

    दक्षिण कोरिया ने दावा किया है कि उसने उत्तर कोरिया के साथ अपनी सरहद पर बीते चार घंटों में 180 फाइटर विमान हवा में देखे हैं.

    दक्षिण कोरिया की सेना ने कहा है कि उसने स्थिति से निपटने के लिए अपनी फाइटर विमान तैनात करने शुरू कर दिए हैं.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स और एएफ़पी के मुताबिक सेना ने एक बयान में कहा है कि उत्तर कोरिया के विमान सरहद के 20 किलोमीटर के दायरे में घूम रहे थे.

    जवाब में दक्षिण कोरिया के 80 एयरक़्राफ़्ट तैनात किए गए. सेना ने कहा है कि उनके करीब 240 विमानों ने अमेरिका के साथ युद्ध अभ्यास में हिस्सा लिया है.

    पिछले महीने भी उत्तर कोरिया के दस विमानों को सरहद के पास उड़ान भरते देख, दक्षिण कोरिया ने अपने फ़ाइटर जेट तैनात किए थे.

  3. दिल्ली में प्रदूषण पर बीजेपी-केजरीवाल आमने सामने, भगवंत मान ने मांगा एक और साल

    दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण बढ़ने के बाद बीजेपी और आम आदमी पार्टी आमने-सामने आ गयी हैं.

    बीजेपी प्रदूषण के इस स्तर के लिए केजरीवाल सरकार को ज़िम्मेदार ठहरा रही है.

    वहीं, आम आदमी पार्टी ने इस समस्या के निदान के लिए एक और साल का समय मांगा है.

    बीजेपी नेता मनोज तिवारी ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर केजरीवाल को “दिल्ली का दुश्मन” बताते हुए कहा कि उन्होंने दिल्ली को गैस चेंबर बना दिया है.

    इस पर दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान ने कहा है कि पराली से होने वाले प्रदूषण को अगले साल तक कंट्रोल कर लिया जाएगा.

    इसके साथ ही उन्होंने कहा कि ये सिर्फ़ दिल्ली की नहीं बल्कि पूरे ‘उत्तर भारत’ की समस्या है और केंद्र सरकार को प्रदूषण कंट्रोल करने के लिए ‘जॉइंट एक्शन प्लान’ बनाना होगा.

    उन्होंने कहा, “सिर्फ़ केजरीवाल सरकार ख़राब हवा के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.”

    वहीं, पंजाब के सीएम भगवंत मान ने कहा कि उन्हें अभी तक सिर्फ़ छह महीने का समय मिला है और पराली की समस्या से निबटने में उन्हें एक साल का समय और लगेगा.

  4. इमरान ख़ान पर हमले के बाद पाकिस्तान में सेना विरोधी नारेबाजी

    पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान पर जानलेवा हमले के बाद पाकिस्तान के अलग-अलग हिस्सों में विरोध प्रदर्शन देखे जा रहे हैं.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़, कुछ इलाकों में पाकिस्तानी सेना के ख़िलाफ़ नारे लगाए गए हैं.

    इमरान ख़ान पाकिस्तानी सेना की आलोचना करते रहे हैं जो पाकिस्तान की राजनीति में मजबूत स्थिति में है.

    गुरुवार को पाकिस्तान के वज़ीराबाद में इमरान ख़ान के पैर में गोली लगी थी जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था.

    इसके बाद इमरान ख़ान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ़ के नेताओं ने प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़, गृह मंत्री राणा सनाउल्लाह और मेजर जनरल फैसल पर आरोप लगाए हैं.

    इस बीच कुछ प्रदर्शनकारियों ने गृह मंत्री राणा सनाउल्लाह के फैसलाबाद स्थित घर पर हमला करके तोड़फोड़ मचाई है.

    इसी बीच तहरीक-ए-इंसाफ़ के नेता असद उमर ने ट्वीट कर बताया है कि आज शाम जुमे की नमाज़ के बाद देश भर में विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे और ये विरोध प्रदर्शन तब तक जारी रहेंगे जब तक इमरान ख़ान की मांगों को स्वीकार नहीं किया जाता.

  5. चीन के कर्ज़ के बोझ तले दबे पाकिस्तान को शहबाज़ शरीफ़ कुछ दिला पाए?

    • शहबाज़ शरीफ़ और शी जिनपिंग की मुलाकात के बाद सीपीईसी में तेज़ी लाने का एलान
    • पाकिस्तान में सीपीईसी परियोजनाओं के लटके कामों पर उठे सवाल
    • चीन सीपीईसी में तेज़ी लाने के लिए और वित्तीय मदद देने के लिए तैयार

    पढ़िए विस्तार से -

  6. वज़ीराबाद में घटनास्थल के पास 11 गोलियों के खोखे मिले

    पाकिस्तान के वज़ीराबाद में लॉन्ग मार्च के कंटेनर और उसके आसपास के इलाके में सुरक्षा इंतज़ाम कड़े कर दिए गए हैं.

    पूरे इलाके को सील कर दिया गया है. जांचकर्ताओं को घटनास्थल से 11 गोलियों के शेल मिले हैं.

    तहरीक - ए - इंसाफ़ के नेता असद उमर ने कहा है कि जुमे की नमाज़ के बाद देशभर में प्रदर्शन किए जाएंगे.

  7. आयरलैंड के जोशुआ लिटिल ने लगाई हैट्रिक, क्या न्यूज़ीलैंड को होगा नुकसान

    आईसीसी टी-20 वर्ल्डकप के ऑस्ट्रेलिया में खेले जा रहे एक रोमांचक मैच में आयरलैंड ने न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ हैट्रिक बनाई है.

    ये आईसीसी वर्ल्ड कप की दूसरी हैट्रिक है. इससे पहले यूएई के खिलाड़ी कार्तिक मयप्पन ने श्रीलंका के ख़िलाफ़ हैट्रिक बनाई थी.

    हालांकि, मयप्पन ने ये हैट्रिक आईसीसी वर्ल्डकप के शुरुआती दौर में ली थी.

    लेकिन आयरलैंड के जोशुआ लिटिल ने न्यूज़ीलैंड के तीन खिलाड़ियों को मैच के आख़िरी ओवर्स में पवेलियन की ओर रवाना किया है.

    इनमें से दो खिलाड़ियों को एलबीडब्ल्यू और एक खिलाड़ी केन विलियम्सन को कैच आउट कराया.

    हालांकि, लिटिल का ये कारनामा आयरलैंड के लिए नाकाफ़ी साबित हुआ. क्योंकि न्यूज़ीलैंड ने 20 ओवर के इस मैच में आयरलैंड को जीत के लिए 185 रन का लक्ष्य दिया है.

  8. इमरान ख़ान पर हमले के बाद आज पीटीआई करेगी लॉन्ग मार्च पर फ़ैसला

    पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान पर कल शाम हुए जानलेवा हमले के बाद आज शुक्रवार को उनकी पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ़ आगे की रणनीति को लेकर फ़ैसला करेगी.

    इमरान ख़ान की पार्टी ने कुछ दिनों पहले लाहौर से इस्लामाबाद तक जाने वाला लॉन्ग मार्च किया था जिसका नेतृत्व इमरान ख़ान कर रहे थे.

    इसी मार्च के दौरान कल पाकिस्तान के वज़ीराबाद में इमरान ख़ान पर जानलेवा हमला किया गया जिसमें उनकी टांग में गोली लगी है.

    पीटीआई के नेता फैसल जावेद ने बताया है कि इमरान ख़ान का ऑपरेशन पूरा हो गया है और अब वह पहले से बेहतर हैं.

    इमरान ख़ान ने इस मार्च के निष्पक्ष चुनाव होने तक जारी रहने की बात कही थी. ऐसे में आज की बैठक में इस मार्च को लेकर कोई फ़ैसला किया जाएगा.

    यह मार्च आज इस्लामाबाद पहुंचने वाला था. हालांकि, इस मार्च के इस्लामाबाद पहुंचने की तारीख़ 10 नवंबर बताई गयी थी.

  9. इमरान ख़ान पर हमले की जांच शुरू, पुलिस ने सील किया इलाक़ा

    पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान पर गुरुवार शाम हुए जानलेवा हमले की जांच शुरू कर दी गयी है.

    जांचकर्ताओं ने वज़ीरावाद के उस इलाके को सील कर दिया है, जहां कल शाम उन्हें गोली मारी गयी थी.

    लॉन्ग मार्च के कंटेनर की घेराबंदी कर दी गयी है. ये एक टू-वे रोड है जिसमें एक तरफ़ का ट्रैफ़िक रोक दिया गया है.

    जांच करने वाली टीम ने कंटेनर के सामने और बाएं तरफ़ की स्टील शीट को काटा है. अधिकारियों ने बताया है कि कंटेनर की स्टील शीट को इसलिए काटा गया है क्योंकि इसमें गोलियां फंसी हुई थीं. इन गोलियों की फोरेंसिक जांच करके पता लगाया जाएगा कि इन्हें किस तरह की बंदूक से चलाया गया था.

    फोरेंसिक जांच में पता लगाया जाएगा कि ये गोली हमलावर से बरामद की गई बंदूक से ही चलाया गया था या किसी अन्य बंदूक से चलाया गया था.

    इस क्षेत्र से गुज़रने वाले लोग रुक-रुक कंटेनर देख रहे हैं लेकिन वे मीडिया से बात नहीं कर रहे हैं.

    पाकिस्तान के पूर्व सूचना मंत्री फ़वाद ख़ान ने भी इस हमले में इस्तेमाल की गई बंदूक को लेकर कयास लगाए हैं.

    उन्होंने एक ट्वीट करके लिखा है - ये इमरान ख़ान की हत्या करने की एक सुनियोजित साजिश थी. हमलावर ने पीटीआई के नेतृत्व और इमरान ख़ान को मारने की योजना बनाई थी. ये नौ एमएम की बंदूक नहीं थी. ये एक ऑटोमेटिक हथियार से एकाएक निकली गोलियां थीं. इसमें दो राय नहीं हैं कि इमरान ख़ान इसमें बाल-बाल बचे हैं.

  10. इसराइल में बिन्यामिन नेतन्याहू फिर बनेंगे प्रधानमंत्री, यार लापिड ने दी बधाई

    इसराइल के पूर्व प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतान्याहू ने एक बार इसराइल के आम चुनावों में जीत हासिल की है. उनकी पार्टी ने 120 सीटों वाली इसराइली संसद में 64 सीटों पर जीत हासिल की है.

    इसराइली चुनाव संस्था ने गुरुवार शाम इस चुनाव के नतीजे जारी किए हैं जिसके बाद मौजूदा प्रधानमंत्री यार लापिड ने उन्हें बधाई दी है.

    यार लापिड वही शख़्स हैं जिन्होंने 14 महीने पहले नेतान्याहू को सत्ता से बाहर किया था. वह बीते 12 साल से इसराइली सत्ता पर काबिज़ थे.

    नेतान्याहू अब एक बार फिर इसराइली सत्ता पर काबिज होने जा रहे हैं. और प्रधानमंत्री पद की शपथ लेते हुए वह छठी बार इसराइली पीएम बनकर इतिहास रच देंगे. इसराइल के इतिहास में ऐसा पहले नहीं हुआ है.

    नेतन्याहू की इस राजनीतिक सफलता में उनकी एक विशेष राजनीतिक छवि की अहम भूमिका है.

    उन्हें एक ऐसे व्यक्ति के रूप में देखा जाता है जिसने इसराइल को मध्य पूर्व की ख़तरनाक ताकतों से सुरक्षित रखा है.

    वो फ़लस्तीन क्षेत्र को लेकर बहुत सख़्त रहे हैं और शांति वार्ता से ज़्यादा कड़ी सुरक्षा को तवज्जो देते हैं. वो लंबे समय से ईरान से ख़तरे को लेकर चेतावनी देते रहे हैं.

  11. इमरान ख़ान के हमलावर को लेकर क्या बोलीं मरियम नवाज़

    पाकिस्तान मुस्लिम लीग - नवाज़ की नेता मरियम नवाज़ ने पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान पर गुरुवार शाम हुए हमले के बाद एक अहम बयान दिया है.

    लंदन में मौजूद मरियम नवाज़ ने कहा है कि बिना सोचे-समझे आरोप लगाना ग़लत बात है.

    तहरीक-ए-इंसाफ़ के नेता इमरान ख़ान पर हमले के लिए पाकिस्तान सरकार में गृह मंत्री राणा सनाउल्लाह और मेजर जनरल फैसल पर आरोप लगा रहे हैं.

    सनाउल्लाह ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को निराधार बताया है.

    इसके साथ ही उन्होंने संयुक्त जांच समिति बनाकर इस मामले की निष्पक्ष और पारदर्शिता के साथ जांच कराने की मांग की है.

    समाचार एजेंसी एपीपी के मुताबिक़, सनाउल्लाह ने मेजर जनरल फैसल का बचाव करते हुए कहा है कि वह अपनी ज़िम्मेदारियों का ठीक ढंग से निर्वाह कर रहे हैं और तहरीक ए इंसाफ़ बिना किसी सबूत के दुष्प्रचार कर रही है.

    बता दें कि इमरान ख़ान पर हमले के बाद उनकी ओर से जारी बयान में तीन लोगों को ज़िम्मेदार ठहराया गया था.

    पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के नेता असद उमर ने कहा है कि वजीराबाद में लॉन्ग मार्च के दौरान हुई गोलीबारी के लिए पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, गृह मंत्री राणा सनाउल्लाह और मेजर जनरल फैसल ज़िम्मेदार हैं.

    इसके बाद गुस्साए लोगों ने गृह मंत्री सनाउल्लाह के फैसलाबाद स्थित पर हमला करके तोड़फोड़ मचाई है.

    पीटीआई के शीर्ष नेता फ़वाद चौधरी ने भी हमले के बाद लोगों को संबोधित करते हुए कहा है कि 'इमरान ख़ान पर हमला पाकिस्तान पर हमला है और इसका बदला लिया जाएगा.'

  12. एलन मस्क के ट्विटर में आज जाएंगी कई लोगों की नौकरियां

    अमेरिकी व्यवसायी एलन मस्क माइक्रो ब्लॉगिंग साइट ट्विटर को ख़रीदने के बाद से कंपनी में आमूलचूल बदलाव ला रहे हैं.

    इस प्रक्रिया में उन्होंने सबसे पहले कंपनी के शीर्ष अधिकारियों को बाहर का रास्ता दिखाया.

    इसके बाद अब एलन मस्क की टीम आज शुक्रवार को कंपनी में व्यापक छंटनी करेगी.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़, ट्विटर शुक्रवार यानी आज अपने कर्मचारियों को ईमेल के ज़रिए बताएगा कि उनकी नौकरी सुरक्षित है या नहीं.

    कंपनी ने अपने कर्मचारियों को ईमेल करके बताया है कि उन्हें सुबह नौ बजे (भारतीय समयानुसार रात 9:30 बजे) तक इस बारे में जानकारी मिल जाएगी.

    इस ईमेल में ट्विटर की ओर से लिखा गया है, 'ट्विटर को बेहतरी की ओर ले जाने के लिए हम शुक्रवार को अपने वैश्विक कर्मचारियों की संख्या में कमी लाने की मुश्किल प्रक्रिया से गुजरेंगे.'

    ट्विटर ने बताया है कि कुछ समय के लिए उसके दफ़्तर बंद रहेंगे और दफ़्तरों में आईकार्ड के ज़रिए जाना संभव नहीं होगा क्योंकि ट्विटर सिस्टम्स और कस्टमर डेटा के साथ-साथ हर कर्मचारी की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए आईकार्ड को निष्प्रभावी कर दिया गया है.

    ट्विटर ने ये भी बताया है कि जिन कर्मचारियों की नौकरियां नहीं जाएंगी, उन्हें उनके वर्क ईमेल पर सूचना दी जाएगी.

    और जिन कर्मचारियों की नौकरियां जाएंगी, उन्हें उनके निजी ईमेल पर सूचना दी जाएगी.

  13. इमरान ख़ान का ऑपरेशन हुआ, सेहत अब बेहतर - पीटीआई नेता फ़ैसल जावेद

    पाकिस्तान तहरीके इंसाफ़ के नेता और पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान पर गुरुवार शाम पंजाब प्रांत के गुजरांवाला में एक बदूंकधारी ने हमला कर दिया है.

    इस हमले में उन्हें गोली लगी है और लाहौर के अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है.

    आज सुबह उनसे अस्पताल में मिलकर आए पीटीआई के सीनेटर फ़ैसल जावेद ने बताया है कि इमरान ख़ान का ऑपरेशन हुआ है और वो अब पहले से बेहतर हैं.

    फ़ैसल जावेद ने ट्वीट किया, "मैं इमरान ख़ान से मिला हूँ. उनका ऑपरेशन हुआ है और अब वो सेहतमंद हैं. उन्होंने संदेश दिया है कि वो अपने मुल्क के लिए अंतिम सांस तक लड़ेंगे."

    पीटीआई नेता फ़ैसल जावेद ख़ुद गुरुवार शाम को हुए इस हमले में घायल हुए हैं.

    इससे पहले लाहौर के शौकत ख़ानम अस्पताल के बाहर फ़ैसल जावेद ने पत्रकारों को बताया था, "ये इमरान ख़ान को मारने की कोशिश थी. अल्लाह इमरान ख़ान को स्वस्थ रखे. हमले में मारे गए पीटीआई वर्कर की आत्मा को शांति मिले और उसे ज़न्नत में ऊंचा स्थान मिले."

    फ़ैसल जावेद ने कहा कि शुक्रवार को इमरान ख़ान ने एक मीटिंग बुलाई है जिसमें वे आगे की रणनीति के बारे में चर्चा करेंगे.

  14. नमस्कार, बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है, अभिवादन स्वीकार करें अनंत का.

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज में आपको दिनभर ताज़ा और अहम ख़बरें मिलेंगी.

    ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 3 नवंबर के अपडेट्स के लिए आप क्लिक कर सकते हैं.

    आज की अहम ख़बरें –

    • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज मिजोरम विधानसभा के विशेष सत्र को संबोधित करेंगी
    • आम आदमी पार्टी आज गुजरात चुनाव के लिए अपना सीएम कैंडिडेट घोषित कर सकती है
    • दिल्ली एनसीआर में प्रदूषण के चलते आज से नोएडा में कक्षा एक से आठ तक के बच्चों की क्लास ऑनलाइन लगेगी