You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

पुतिन ने किया परमाणु सैन्य अभ्यास का मुआयना

रूस ने आख़िरी न्यूक्लियर ड्रिल यूक्रेन पर हमले से पांच दिन पहले की थी. इस बार बैलिस्टिक और क्रूज़ मिसाइलें सुदूर पूरब और आर्कटिक में लॉन्च की गईं.

लाइव कवरेज

  1. भारत सरकार करेंसी नोटों पर लगाए गणेश, लक्ष्मी की तस्वीरें: अरविंद केजरीवाल

    दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को कहा है कि केंद्र सरकार को नोटों में गणेश-लक्ष्मी की तस्वीरें लगानी चाहिए.

    अरविंद केजरीवाल ने कहा है, “आज मेरी केंद्र सरकार और पीएम नरेंद्र मोदी से अपील है कि भारतीय करेंसी नोटों पर एक तरफ़ गांधी जी की तस्वीर है, वो वैसी ही रहनी चाहिए लेकिन दूसरी तरफ़ श्री गणेश जी और श्री लक्ष्मी जी की तस्वीर लगाई जाए. जैसा कि मैंने कहा कि हमें अपनी अर्थव्यवस्था को सुधारने के लिए, भारत को आगे तरक्की देने के लिए, बहुत प्रयासों की ज़रूरत है.

    लेकिन इसके साथ – साथ देवी-देवताओं के आर्शीवाद की भी ज़रूरत है. अगर भारतीय करेंसी में एक ओर गांधी जी और दूसरी ओर लक्ष्मी जी और गणेश जी की तस्वीर लगेगी तो उससे पूरे देश को उनका आर्शीवाद मिलेगा. लक्ष्मी जी को समृद्धि की देवी माना गया है और गणेश जी को विघ्न हरने वाला देवता माना गया है. ऐसे में उन दोनों की तस्वीरें नोटों पर लगनी चाहिए.हम ये नहीं कह रहे कि सारे नोट बदले जाएं लेकिन हर महीने जो नए नोट छप रहे हैं, उनमें ये शुरुआत की जा सकती है."

    अरविंद केजरीवाल ने ये भी कहा है कि 'जब इंडोनेशिया कर सकता है, इंडोनेशिया ने भी श्री गणेश जी को चुना तो हम भी कर सकते हैं. मैं कल या परसों केंद्र को इसके लिए पत्र लिख कर अपील करूंगा.'

  2. मल्लिकार्जुन खड़गे ने कांग्रेस अध्यक्ष पद का कार्यभार संभाला

    कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने बुधवार को सोनिया गांधी समेत पार्टी के अन्य शीर्ष नेताओं की मौजूदगी में अध्यक्ष पद का कार्यभार संभाल लिया.

    कांग्रेस मुख्यालय में खड़गे को उन्हें चुनाव प्रमाण पत्र सौंपा गया.

    80 वर्षीय खड़गे ने हाल ही में हुए अध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस नेता शशि थरूर को भारी अंतर से हराया था.

    इस चुनाव की ज़िम्मेदारी संभालने वाले कांग्रेस नेता मधुसूदन मिस्री ने कहा है कि ‘वह उम्मीद करते हैं कि दूसरी पार्टियां भी कांग्रेस से सबक लेकर गुप्त मतदान के ज़रिए अध्यक्ष पद का चुनाव करवाएंगी.’

    इस मौके पर मौजूद कांग्रेस नेता शिवराज पाटिल ने कहा है कि 'खड़गे जी की नीतियां पंडित जवाहर लाल नेहरू की नीतियों के अनुरूप होंगी. लोकतंत्र और समाजवाद को हमें मजबूत करना है, जाति प्रथा को ख़त्म करना है..इसमें कुछ नई भी नीतियां शामिल हो सकती हैं.’

    पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मल्लिकार्जुन खड़गे को बधाई देते हुए कहा, "मैं नए पार्टी अध्यक्ष खड़गे जी को बधाई देती हूं. सबसे अधिक संतोष इस बात का है कि जिन्हें अध्यक्ष चुना गया है वे एक अनुभवी और धरती से जुड़े हुए नेता हैं. एक साधारण कार्यकर्ता के रूप में काम करते हुए अपनी मेहनत और समर्पण से इस ऊंचाई तक पहुंचे."

  3. भारत में जुर्माना लगाए जाने पर क्या बोला गूगल

    अमेरिकी टेक कंपनी गूगल ने भारत में लगाए गए जुर्माने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि वह अपने यूज़र्स और डेवलपर्स के प्रति समर्पित रहते हुए इस फ़ैसले की समीक्षा कर रही है.

    गूगल के प्रवक्ता ने कहा है कि भारतीय डेवलपर्स गूगल प्ले और एंड्रॉयड की वजह से मिलने वाली तकनीक, सुरक्षा, कंज़्यूमर प्रोटेक्शन और सहजता से लाभांवित हुए हैं. हमारे मॉडल की वजह से भारत लाखों-करोड़ों भारतीयों को डिजिटल दुनिया से जोड़ने में सक्षम हुआ है.

    भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग यानी सीसीआई ने बीते मंगलवार को गूगल पर 936 करोड़ रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया था.

    आयोग ने मंगलवार को जारी एक आदेश में कहा कि अमेरिकी कंपनी गूगल अनुचित कारोबारी गतिविधियों में शामिल रही है.

    सीसीआई ने कहा कि गूगल प्ले स्टोर बाज़ार में अपने दबदबे का गलत तरीके से फ़ायदा उठा रही है. इसके साथ ही आयोग ने गूगल को बतौर पेनल्टी 936 करोड़ 44 लाख रुपये चुकाने का आदेश भी दिया.

    इससे पहले, इसी महीने आयोग ने एंड्रॉयड मोबाइल उपकरण परिवेश में बाज़ार में मजबूत स्थिति के दुरुपयोग को लेकर गूगल पर 1337 करोड़ 76 लाख रुपये का जुर्माना लगाया था.

    आयोग ने गूगल को एक निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपने कामकाज के तरीके को संशोधित करने का निर्देश भी दिया है.

  4. झारखंड में मालगाड़ी के 53 डिब्बे पटरी से उतरे, रेल यातायात प्रभावित

    झारखंड के धनबाद मंडल में कोडरमा और मानपुर के बीच गुरपा स्टेशन पर कोयले से लदी मालगाड़ी के 53 डिब्बे आज सुबह 6:24 बजे पटरी से उतर गए.

    पूर्व मध्य रेलवे ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया है कि इस दुर्घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है.

    घटना के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं जिनमें क्षतिग्रस्त डिब्बे नज़र आ रहे हैं.

    इस हादसे की वजह से रेल यातायात प्रभावित होने की ख़बरें आ रही हैं.

    हालांकि, अब तक ये जानकारी सामने नहीं आई है कि इस वजह से कौन सी ट्रेनें लेट हो रही हैं और कौन-कौन सी ट्रेन रद्द की जा सकती हैं.

  5. मोसंबी जूस वाले प्रयागराज के अस्पताल पर क्या चलेगा बुलडोज़र?

    मीडिया में रही ख़बरों के मुताबिक यूपी सरकार एक मरीज़ को कथित रूप से प्लेटलेट्स की जगह मोसंबी का जूस चढ़ाने वाले प्रयागराज के अस्पताल के ख़िलाफ़ कार्रवाई करने जा रही है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने ‘ग्लोबल हॉस्पिटल’ को आगामी 28 अक्तूबर तक इमारत खाली करने का नोटिस दिया है.

    सरकारी एजेंसियों ने बताया है कि इस अस्पताल की इमारत को अवैध ढंग से बनाया गया है. इस मामले में संबंधित मरीज़ की मौत हो चुकी है.

    अस्पताल को पहले ही सील किया जा चुका है.

    गौरतलब है कि प्रयागराज के निजी अस्पताल ग्लोबल हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा सेंटर में एक शख़्स को डेंगू के इलाज के लिए भर्ती किया गया था. लेकिन इस शख़्स की इलाज के दौरान मौत हो गई.

    परिवार वालों का दावा है कि अस्पताल ने मरीज़ को प्लाज़्मा की जगह ड्रिप के ज़रिए मौसंबी का जूस चढ़ा दिया जिसके चलते उनकी मौत हो गई.

    इसका एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें एक शख़्स बता रहा है कि ख़ून के पैकेट के अंदर मौसंबी का जूस है. वो प्रशासन पर सवाल उठा रहा है.

  6. इमरान ख़ान ने किया लाहौर से इस्लामाबाद तक मार्च एलान, क्या बोली सरकार

    पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने मंगलवार को देश में जल्द चुनाव कराने के लिए लाहौर से इस्लामाबाद की ओर मार्च करने का एलान किया है.

    इमरान ख़ान ने बताया है कि इस मार्च की शुरुआत 28 अक्तूबर की सुबह 11 बजे लाहौर के लिबर्टी चौक से होगी.

    इमरान ख़ान ने कहा है, “हम लिबर्टी चौक पर इकट्ठे होंगे और इस्लामाबाद की ओर मार्च करेंगे. ये एक शांतिपूर्ण मार्च होगा. हम किसी से झगड़ा करने नहीं जा रहे हैं. हम किसी तरह का कानून नहीं तोड़ेंगे. हम रेड ज़ोन में प्रवेश नहीं करेंगे.”

    ख़ान ने कहा है कि ये मार्च जीटी रोड से होता हुआ जाएगा जिसमें पाकिस्तानी अवाम के हर तबके और वर्ग के लोग हिस्सा लेंगे.

    इस मौके पर उन्होंने सरकार को याद दिलाया कि उनकी सरकार ने मौलाना फज़लुर रहमान, बिलाबल भुट्टो और मरियम नवाज़ की ओर से दो बार मार्च किए जाने के बाद भी किसी तरह की अड़चनें पैदा नहीं की थीं.

    इस एलान के बाद पाकिस्तान सरकार ने इमरान ख़ान से कहा है कि लॉन्ग मार्च के दौरान इस्लामाबाद में कानून व्यवस्था के लिए किसी भी तरह की चुनौती खड़ी करने से बचा जाए.

    पाकिस्तान के गृह मंत्री राना सना उल्लाह ने एक निजी चैनल के साथ बातचीत में कहा है कि पीटीआई को संघीय राजधानी इस्लामाबाद में शांति व्यवस्था बिगाड़ने से रोकने के लिए सभी ज़रूरी इंतज़ाम किए जा रहे हैं.

  7. भारतीय किसी भी हालत में तुरंत यूक्रेन छोड़ें – भारतीय दूतावास

    कीएव स्थित भारतीय दूतावास ने मंगलवार शाम एक एडवायज़री जारी करके सभी भारतीयों को तत्काल यूक्रेन छोड़ने की सलाह दी है.

    ये एडवायज़री यूक्रेन के बिगड़ते हालात को ध्यान में रखकर जारी की गई है.

    भारतीय दूतावास ने इस एडवायज़री में कहा है कि 'बीती 19 अगस्त को जारी की गयी एडवायज़री के बाद एक बार फिर भारतीय लोगों को तत्काल किसी भी तरह यूक्रेन छोड़ने की सलाह दी जाती है.'

    भारतीय दूतावास ने बताया है कि पिछली एडवायज़री के बाद कुछ लोग यूक्रेन छोड़ चुके हैं.

    इसके साथ ही दूतावास ने यूक्रेन छोड़ने के लिए सीमा पर पहुंचने में किसी तरह की मदद या दिशानिर्देशों के लिए संपर्क करने को कहा है.

    पिछले दिनों क्राइमिया और रूस को जोड़ने वाले एक अहम पुल पर ट्रक बम धमाके के बाद यूक्रेन-रूस संघर्ष में नयी तेजी देखने को मिल रही है.

    रूस ने पिछले कुछ दिनों में यूक्रेन के कई शहरों को मिसाइल हमलों से निशाना बनाया है.

    भारत इस मामले में दोनों पक्षों से कूटनीति और संवाद के ज़रिए समाधान निकालने पर जोर दे रहा है.

  8. नमस्कार, बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है, अभिवादन स्वीकार करें पवनऔर अनंत का.

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज में आपको दिनभर ताज़ा और अहम ख़बरें मिलेंगी.

    ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 25 अक्तूबर के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    आज की बड़ी ख़बरें -

    कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे आज कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में शपथ लेंगे

    भारत ने यूक्रेन में मौजूद भारतीयों से तत्काल यूक्रेन छोड़ने को कहा