You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

पुतिन ने किया परमाणु सैन्य अभ्यास का मुआयना

रूस ने आख़िरी न्यूक्लियर ड्रिल यूक्रेन पर हमले से पांच दिन पहले की थी. इस बार बैलिस्टिक और क्रूज़ मिसाइलें सुदूर पूरब और आर्कटिक में लॉन्च की गईं.

लाइव कवरेज

  1. पुतिन ने किया परमाणु सैन्य अभ्यास का मुआयना

    यूक्रेन पर हमले के बाद पहली बार रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन रूसी स्ट्रैटिजिक न्यूक्लियर फ़ोर्स के सालाना अभ्यास का मुआयना किया.

    क्रेमलिन ने कहा कि बैलिस्टिक और क्रूज़ मिसाइलें सुदूर पूरब और आर्कटिक में लॉन्च की गईं.

    न्यू स्टार्ट आर्म ट्रीटी के तहत, अमेरिका को इस ड्रिल के बारे में जानकारी दे दी गई थी. ये लॉन्च ऐसे वक्त में किए गए हैं जब रूस यूक्रेन पर “डर्टी बम” के इस्तेमाल का आरोप लगा रहा है.

    डर्टी बम ऐसे हथियार को कहा जाता है जिसमें पारंपरिक विस्फोटकों के अलावा रेडियोधर्मी पदार्थ भी होते हैं.

    यूक्रेन की सरकार ने इन आरोपों को ख़ारिज किया है. फ्रांस, ब्रिटेन और अमेरिका ने भी रूस के इन दावों को नकार दिया है.

    यूक्रेन ने चेतावनी दी है कि रूस के दावे इशारा करते हैं कि वो खुद इस तरह के हमले की तैयारी कर रहा है. रूस ने आख़िरी न्यूक्लियर ड्रिल यूक्रेन पर हमले से पांच दिन पहले की थी.

  2. मां सोनिया के लिए बेटे राहुल गांधी ने लिखा भावुक संदेश

    कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने पिता राजीव गांधी के साथ मां सोनिया गांधी की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की है.

    तस्वीर शेयर करते हुए राहुल गांधी ने मां सोनिया गांधी के लिए एक भावुक मैसेज भी लिखा है. उन्होंने लिखा, "माँ, दादी ने एक बार मुझसे कहा था कि वे चाहती थीं कि उन्हें आपके जैसी बेटी मिले, जो उन्हें नहीं मिली. दादी कितनी सही थी. मुझे आपका बेटा होने पर गर्व है."

    आज मल्लिकार्जुन खड़गे ने औपचारिक तौर पर कांग्रेस अध्यक्ष पद का कार्यभार संभाल लिया है.

    अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मल्लिकार्जुन खड़गे को सौंपते हुए सोनिया गांधी ने कहा कि वे आज राहत महसूस कर रही हैं और आज मेरे सिर से भार उतर गया है.

  3. प्रधानमंत्री मोदी भगवान के अवतार, बोलीं- यूपी की मंत्री

    उत्तर प्रदेश की मंत्री गुलाब देवी ने प्रधानमंंत्री नरेंद्र मोदी को भगवान का अवतार बताया है.

    जब पत्रकारों ने उनसे सवाल किया कि विपक्ष मांग कर रहा है कि देश में अल्पसंख्यक वर्ग का प्रधानमंत्री होना चाहिए तो गुलाब देवी ने यह बात कही.

    उन्होंने कहा, "माननीय मोदी जी एक अवतार के रूप में हैं. वो असाधारण प्रतिभा हैं. उनका मुकाबला कोई नहीं कर सकता. अगर वो चाहें तो जब तक उनका जीवन है, तब तक वो प्रधानमंत्री रहेंगे. इन अटकलबाजियों से वे प्रधानमंंत्री पद से हटने वाले नहीं है और ना ही कोई दूसरा व्यक्ति आने वाला है."

    "अटकलबाजियों से थोड़े कुछ होता है. वो ऐसे असाधारण व्यक्तित्व हैं, मैं तो कहती हूं कि वो अवतार हैं. भगवान ने अपने प्रतिनिधि के रूप में उन्हें यहां भेजा है. वह जब जो चाहते हैं वैसा करा देते हैं. समझे...तो यह सब क्या है. वे चाहते हैं घंटा बजवा देते हैं, वह चाहते हैं मजीरा बजवा देते हैं. कुछ भी करवा लेते हैं. ये देखिए उनकी जो बात है, उनके जो शब्द निकलते हैं, पूरा हिंदुस्तान उस चीज को मानता है. इससे बड़ी मान्यता क्या होगी."

    गुलाब देवी, उत्तर प्रदेश सरकार में माध्यमिक शिक्षा मंत्री स्वतंत्र प्रभार के पद पर हैं. 2022 के विधानसभा चुनाव में गुलाब देवी, चंदौसी विधानसभा से चौथी बार चुनी गई थीं.

  4. आखिरी मिनट तक राहुल गांधी को अध्यक्ष बनाने के लिए प्रयास किए गए- अशोक गहलोत

    राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कांग्रेस अध्यक्ष पद और राहुल गांधी को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक उन्होंने कहा कि आखिरी मिनट तक राहुल गांधी को कांग्रेस पार्टी का अध्यक्ष बनाने के लिए प्रयास किए गए क्योंकि राहुल गांधी ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके नेतृत्व वाली सरकार को चुनौती दे सकते हैं.

    आज मल्लिकार्जुन खड़गे ने कांग्रेस के नए अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभाल लिया है.

    अशोक गहलोत ने मल्लिकार्जुन खड़गे को बधाई देते हुए कहा कि आज एक नई शुरुआत है. हम कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने के लिए एक साथ मिलकर काम करेंगे.

    अध्यक्ष पद के चुनाव के समय भी अशोक गहलोत ने मल्लिकार्जुन खड़गे की दावेदारी का समर्थन किया था और कहा था कि उनके पास कांग्रेस को मजबूत करने का अनुभव है.

  5. खड़गे ने बनाई स्टीयरिंग कमिटी, कांग्रेस वर्किंग कमिटी की जगह लेगी

    कांग्रेस के नए अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पार्टी संविधान के तहत स्टीयरिंग कमिटी का गठन किया है.

    ये संयोजन समिति, पार्टी के सर्वोच्च निर्णय लेने वाली कांग्रेस वर्किंग कमिटी की जगह पर काम करेगी. इस कमिटी में मल्लिकार्जुन खड़गे के अलावा कुल 47 सदस्य हैं. इनमें सोनिया गांधी, मनमोहन सिंह, राहुल गांधी, एके एंटनी, अभिषेक मनु सिंघवी, अजय माकन जैसे नेताओं के नाम शामिल हैं.

    मल्लिकार्जुन खड़गे ने आज आधिकारिक तौर पर कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभाला है. इसके बाद कांग्रेस वर्किंग कमिटी (सीडब्ल्यूसी) के सभी सदस्यों, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिवों और प्रभारियों ने अपना इस्तीफा दे दिया था.

    इस्तीफे के पीछे वजह थी कि मल्लिकार्जुन खड़गे को स्वतंत्र रूप से लोगों को चुनने का मौका दिया जाए.

  6. 26 अक्टूबर का ‘दिनभर: पूरा दिन, पूरी ख़बर’ सुनिए मोहम्मद शाहिद और प्रेरणा से

  7. अब मैं राहत महसूस कर रही हूं, मेरे सिर से भार उतर गया है- सोनिया गांधी

    मल्लिकार्जुन खड़गे के आज कांग्रेस अध्यक्ष पद का कार्यभार संभालने के बाद सोनिया गांधी ने कहा कि अब वे राहत महसूस कर रही हैं.

    उन्होंने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे के कांग्रेस पार्टी का अध्यक्ष बनने के बाद उनके सिर से भार उतर गया है और वे दायित्व मुक्त हो गई हैं.

    सोनिया गांधी ने कहा, "मैंने अभी-अभी कहा कि मैं राहत महसूस कर रही हूं. मैं इसे साफ करना चाहती हूं. राहत इसलिए कि आपने इतने सालों तक प्यार और सम्मान दिया है, यह मेरे लिए गौरव की बात है. इसका एहसास मुझे अपने जीवन की आखिरी सांस तक रहेगा."

    "लेकिन ये सम्मान एक बहुत बड़ी जिम्मेदारी भी थी. मुझसे अपनी क्षमता और योग्यता के अनुसार जितना बन पड़ा उतना किया. आज मैं इस दायित्व से मुक्त हो जाऊंगी. ये भार मेरे सिर से उतर जाएगा, इसलिए स्वाभाविक रूप से मुझे राहत का एहसास हो रहा है. मैं सबको दिल से धन्यवाद देती हूं कि आपने अपना सहयोग और समर्थन मुझे दिया. अब ये जिम्मेदारी खड़गे जी के ऊपर आ गई है."

    मल्लिकार्जुन खड़गे से पहले सोनिया गांधी कांग्रेस पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष थीं. राहुल गांधी के अध्यक्ष पद छोड़ने के बाद वे ही इस जिम्मेदारी को निभा रही थीं.

    प्रियंका गांधी ने इस मौके पर अपनी मां सोनिया गांधी के लिए इंस्टाग्राम पर प्यार भरा संदेश लिखा.

    उन्होंने लिखा, "मां, मुझे आप पर गर्व है. दुनिया चाहे जो भी कहे या सोचे. मुझे फ़र्क नहीं पड़ता क्योंकि मैं जानती हूं कि आपने सब कुछ प्रेम के लिए किया."

  8. केरल के राज्यपाल ने सीएम को लिखा पत्र, वित्त मंत्री को बर्खास्त करने की मांग

    केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन को पत्र लिखकर वित्त मंत्री केएन बालगोपाल को बर्खास्त करने की मांग की है.

    पिछले कई दिनों से केरल के विश्वविद्यालयों में कुलपतियों की नियुक्ति को लेकर राज्यपाल और वाम दलों के बीच खींचतान जारी है.

    मुख्यमंत्री को लिखे अपने पत्र में, राज्यपाल ने आरोप लगाया कि बालगोपाल ने पिछले हफ्ते तिरुवनंतपुरम की एक यूनिवर्सिटी में भाषण दिया था. इस भाषण में उन्होंने क्षेत्रवाद और प्रांतवाद की आग भड़काने और भारत की एकता को तोड़ने की बात कही थी.

    मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक वित्त मंत्री केएन बालगोपाल ने कार्यक्रम में कहा था कि जो लोग उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों से आते हैं उन्हें केरल के विश्वविद्यालयों को समझने में मुश्किल हो सकती है.

    राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने कहा कि वित्त मंत्री का भाषण केरल और भारत के दूसरे राज्यों के बीच एक दरार पैदा करने की कोशिश करता है. इससे एक गलत धारणा निकलकर आती है कि भारत के अलग-अलग राज्यों में उच्च शिक्षा के लिए अलग अलग सिस्टम है.

    पत्र में उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री और कानून मंत्री जैसे लोग मुझ पर व्यक्तिगत हमले करते हैं लेकिन केएन बालगोपाल का बयान देशद्रोही है और इस पर संज्ञान लेना जरूरी है.

    वहीं समाचार एजेंसी पीटीआई ने मुख्यमंत्री कार्यालय के सूत्रों के हवाले से बताया कि राज्यपाल की इस मांग को तुरंत ठुकरा दिया गया है.

    राज्यपाल के इस पत्र के बाद केरल में सत्तारूढ़ वाम मोर्चा की छात्र इकाई ने राजभवन के बाहर विरोध प्रदर्शन भी किया.

  9. पाकिस्तान के ख़िलाफ़ मैच जिताऊ पारी से कितनी उछली विराट की रैंकिंग

    टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के ख़िलाफ़ 82 रन की मैच जिताऊ पारी खेलने वाले विराट कोहली ने आईसीसी की ताज़ा टी20 रैंकिंग में पाँच पायदान की छलांग मारी है.

    बुधवार को जारी टी20 अंतरराष्ट्रीय बैटिंग रैंकिंग में कोहली ने फिर से टॉप 10 में जगह बनाते हुए नौवाँ स्थान हासिल किया है.

    23 अक्टूबर को मेलबर्न में विराट कोहली ने शानदार पारी खेली थी. 33 साल के कोहली ने अपनी पारी के दौरान छह चौके चार छक्के लगाए थे.

    पाकिस्तान के विकेटकीपर बल्लेबाज़ मोहम्मद रिज़वान रैंकिंग में चोटी पर हैं, जबकि न्यूज़ीलैंड के डेवोन कॉन्वे तीन स्थानों की छलांग लगाते हुए दूसरे स्थान पर पहुँच गए हैं. कॉन्वे ने ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ 58 गेंदों में 92 रन की धमाकेदार पारी खेली थी. भारत के सूर्यकुमार यादव तीसरे स्थान पर हैं,

    भारतीय गेंदबाज़ों की बात करें तो भुवनेश्वर कुमार भी शीर्ष 10 में जगह बनाने में कामयाब रहे हैं. उन्होंने ताज़ा रैंकिंग में दो पायदान का सुधार किया है. अफ़ग़ानिस्तान के राशिद ख़ान गेंदबाज़ों की रैंकिंग में चोटी पर हैं.

    ऑलराउंडर्स की सूची में हार्दिक पांड्या ने ताज़ा रैंकिंग में तीन पायदान का सुधार किया है और अब वह तीसरे स्थान पर हैं. बांग्लादेश के कप्तान शाकिब अल हसन इस सूची में टॉप पर हैं.

  10. अब कोई मेरे घर पर पत्थर नहीं फेंकेगा: आर अश्विन

    पाकिस्तान के ख़िलाफ़ टी20 वर्ल्ड कप के मुक़ाबले में आखिरी गेंद पर को मिड ऑफ़ के ऊपर से मारकर टीम को मैच जिताने वाले रविचंद्रन अश्विन ने उस लम्हे के बारे में बताया जब वो विपरीत हालात में बल्लेबाज़ी के लिए जा रहे थे.

    उन्होंने कहा कि जब वह बल्लेबाज़ी के लिए मैदान के अंदर जा रहे थे तो मन ही मन दिनेश कार्तिक को काफी कोस रहे थे कि वो (कार्तिक) आउट क्यों हो गए. हालांकि इसके बाद उन्होंने अपने आपको संभाला और कहा कि मैच अभी भी हमारे हाथ में है.दरअसल, भारतीय टीम को जब आखिरी दो गेंद पर दो रन चाहिए थे तब दिनेश कार्तिक स्टंप आउट हो गए. अब एक गेंद पर भारत को जीत के लिए दो रन चाहिए थे और क्रीज पर रविचंद्रन अश्विन थे.

    अश्विन ने काफी चतुराई दिखाई और लेग साइड की दिशा में जा रही गेंद से छेड़छाड़ नहीं की और अंपायर ने इसे वाइड करार दिया. इसके बाद अश्विन ने आखिरी गेंद पर विजयी शॉट लगाकर टीम को जीत दिला दी. मुक़ाबले के बाद दिनेश कार्तिक ने 'जान बचाने के लिए' अश्विन का शुक्रिया भी अदा किया था.अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर विराट कोहली के साथ अपनी बातचीत के बारे में भी बताया. उन्होंने कहा, "फिर मैंने कोहली को देखा और उन्होंने मुझसे बहुत सारी बातें कही."

    लेकिन उन्हें देखकर मुझे बस एक ही ख्याल आया. "भगवान ने आज आपको इतना कुछ दिया है, तो फिर वो मुझे कैसे निराश कर सकते हैं, कम से कम आपके लिए तो वो मुझे रन बनाने ही देंगे. मैंने खुद से कहा कि गेंद को देखो और इसे खाली जगह में खेलकर दौड़ लगा दो."

    और अश्विन ने ठीक ऐसा ही किया. नवाज़ की गेंद को मिड ऑफ़ के ऊपर से खेलते हुए भारत को जीत दिला दी.

    अश्विन ने कहा, "जैसे ही मैं रन लेने के लिए दौड़ा मैं बहुत खुश था. अब कोई मेरे घर पर पत्थर नहीं फेंकेगा"

  11. जब से मोदी जी प्रधानमंत्री बनकर आए हैं, तब से पूरे देश का सेक्युलरिज्म दांव पर लगा है- महबूबा मुफ़्ती

    जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की प्रमुख महबूबा मुफ़्ती ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है.

    उन्होंने कहा कि जब से नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने हैं और गुजरात मॉडल आया है तब से देश में सेक्युलरिज्म खतरे में है.

    महबूबा मुफ़्ती का कहना है कि ब्रिटेन ने एक अल्पसंख्यक को अपने प्रधानमंत्री के रूप में स्वीकार किया है, जबकि हम अभी भी एनआरसी और सीएए जैसे समाज को बांटने वाले कानूनों से बंधे हुए हैं.

    मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, "जम्मू-कश्मीर में भी सेक्युलरिज्म होता था, प्रेजिडेंट मुस्लिम होता था, प्रधानमंत्री सिख होता था. यहां सेक्युलरिज्म पनप रहा था लेकिन जब से मोदी जी प्रधानमंत्री बनकर आए हैं, तब से पूरे देश का सेक्युलरिज्म दांव पर लगा हुआ है. उस पर हमला किया जा रहा है."

    "मुसलमानों को लिंच किया जा रहा है. उन्हें मारा जा रहा है. दलितों को लिंच किया जा रहा है. यूके में जो हुआ वो मिसाल है. मगर वो मिसाल हमारे लिए नई नहीं है. हमारे मुल्क में भी ऐसा होता था. जब से गुजरात मॉडल हिंदुस्तान में आया है तब से सब कुछ बदल गया है. हमें गुजरात मॉडल नहीं चाहिए. हमें वही हिंदुस्तान चाहिए जिसके साथ हमने विलय पत्र पर हस्ताक्षर किए थे."

  12. फ़िल्मकार शेखर कपूर ने अपने अंदाज में ऋषि सुनक को कहा शुक्रिया!

    जाने-माने फ़िल्मकार शेखर कपूर ने ऋषि सुनक के ब्रिटेन का प्रधानमंत्री बनने को एक बड़े वैश्विक बदलाव का हिस्सा बताया है.

    उन्होंने ट्वीट कर लिखा, "जब पहली बार मैं एक छात्र के रूप में यूके गया था, तो भारतीय हीथ्रो एयरपोर्ट या दुकानों के फर्श साफ करते हुए दिखाई देते थे. मेरे दोस्तों ने रेंडमली मुझे अब्दुल कहा और एक गोरी लड़की के साथ बाहर जाने की हिम्मत दिखाने पर मुझे पिटा गया. शुक्रिया ऋषि सुनक, आप एक बड़े वैश्विक बदलाव का हिस्सा हैं."

    मंगलवार को भारतीय मूल के ऋषि सुनक ने औपचारिक रूप से ब्रिटेन के प्रधानमंत्री का कार्यभार संभाला.

    उन्होंने 2015 में, 35 साल की उम्र में, पहली बार सांसद का चुनाव जीता था.

    वे भारत के विख्यात उद्योगपति और इंफ़ोसिस कंपनी के संस्थापक एनआर नारायण मूर्ति के दामाद हैं. उन्होंने अक्षता मूर्ति से साल 2009 में शादी की थी.

  13. राम रहीम के दिवाली म्यूजिक वीडियो पर विवाद, महुआ मोइत्रा ने उठाए सवाल

    तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा ने बलात्कार के दोषी राम रहीम के पैरोल के दौरान म्यूजिक वीडियो रिलीज करने पर सवाल उठाए हैं.

    डेरा सच्चा सौदा प्रमुख राम रहीम ने अपने यूट्यूब चैनल सेंट एमएसजी पर 'साडी नित दिवाली' नाम से 24 अक्टूबर को एक म्यूजिक वीडियो शेयर किया था.

    यूट्यूब चैनल सेंट एमएसजी के मुताबिक 'साडी नित दिवाली' में म्यूजिक, गाने के बोल, सिंगर, कंपोजर और डायरेक्शन का काम खुद राम रहीम ने किया है.

    महुआ मोइत्रा ने ट्वीट कर लिखा, "ऑनलाइन सत्संग के बाद बाबा रेप रहीम पैरोल पर बाहर आकर म्यूजिक वीडियो बना रहा है. अमेरिका और यूके के उलट भारत में पैरोल कानून लचर है. पैरोल कानून को पक्षपाती राज्य सरकार के अधिकारियों पर नहीं छोड़ा जा सकता है जो अपनी मर्जी से पिक एंड चूज करते हैं."

    इस बार विवाद सिर्फ दिवाली पर रिलीज हुई म्यूजिक वीडियो को ही लेकर नहीं हो रहा है. राम रहीम पैरोल पर बाहर निकलकर ऑनलाइन सत्संग भी कर रहे हैं.

    साल 2017 में बाबा राम रहीम को बलात्कार का दोषी पाया गया था, तब से राम रहीम जेल में है. पिछले पांच सालों में राम रहीम कई बार पैरोल से बाहर आए हैं.

  14. यूक्रेन युद्ध: 'डर्टी बम' क्या है और रूस इससे क्यों चिंतित है

  15. क़तर के शासक ने कहा, वर्ल्ड कप फ़ुटबॉल की मेजबानी के लिए 'बहुत कुछ सुना और सहा'

    क़तर के शासक अमीर शेख़ तमीम बिन हम्माद अल-थानी ने कहा है कि वर्ल्ड कप की मेजबानी हासिल करने के बाद उन्हें दुनियाभर से बहुत सी आलोचनाएं झेलनी पड़ीं.

    उन्होंने कहा कि कुछ आलोचनाएँ तो सकारात्मक थी, लेकिन ये कहना गलत नहीं होगा कि क़तर के ख़िलाफ़ जिस तरीके से अभियान चलाया गया वो अभूतपूर्व था.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक अल थानी ने कहा, "ये आलोचनाएं मनगढ़ंत और दोहरे मापदंडों वाली थी. कुछ तो इतनी आक्रामक थी कि दुर्भाग्य से कई लोगों को ये सवाल उठाने पड़े कि आलोचना के इस अभियान का असल मक़सद क्या है."

    क़तर पहला खाड़ी देश है जिसे फ़ीफ़ा ने वर्ल्ड कप की मेज़बानी दी है. यह टूर्नामेंट 20 नवंबर से शुरू होगा. फुटबॉल के इस महाकुंभ को देखने के लिए दुनियाभर से 12 लाख लोगों के क़तर पहुँचने की उम्मीद है.

  16. इस देश में मोटरसाइकिल खरीदने से महंगा है उसे चलाने का लाइसेंस लेना

    सिंगापुर में मोटरसाइकिल चलाना मोटरसाइकिल खरीदने से भी महंगा है.

    देश में सड़क पर मोटरसाइकिलों और कारों की संख्या को नियंत्रित करने के लिए परमिट दिया जाता है, जिसके बाद ही कोई व्यक्ति कार या मोटरसाइकिल चला सकता है.

    ब्लूमबर्ग के मुताबिक सितंबर तक सिंगापुर में मोटरसाइकिलों की सीमा करीब एक लाख 42 हजार और कारों की संख्या 6 लाख 50 हजार तक सीमित है.

    लैंड ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी के आंकड़ों के अनुसार सिंगापुर में दस साल के मोटरसाइकिल परमिट की लागत ने इस महीने 8 हजार 984 डॉलर के रिकॉर्ड स्तर को छू लिया है. पिछले चार सालों में परमिट फीस में करीब 200 प्रतिशत की बढ़त हुई है.

    8 हजार 984 डॉलर में वह कीमत है जिसमें एक छोटी, मध्यम स्तर की मोटरसाइकिल सिंगापुर में खरीदी जा सकती है.

  17. ब्रेकिंग न्यूज़, टी20 वर्ल्ड कप: आयरलैंड ने इंग्लैंड को 5 रन से हराया

    टी20 वर्ल्ड कप में मेलबर्न में खेले गए मुक़ाबले में आयरलैंड ने बारिश से प्रभावित मैच में इंग्लैंड को 5 रन से हरा दिया. जीत-हार का फ़ैसला डकवर्थ लुइस नियम के आधार पर हुआ.

    ग्रुप एक के इस मुक़ाबले में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले फ़ील्डिंग का फ़ैसला किया. आयरलैंड की टीम पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल पाई और 19.2 ओवर में 157 रन पर आउट हो गई. कप्तान एंडी बालबिर्नी ने 47 गेंदों पर 62 रनों की पारी खेली और लोर्कन टकर (34) के साथ 82 रनों की अहम साझेदारी भी की.

    बारिश से बाधित मुक़ाबले में एक तरफ़ इंग्लैंड बल्लेबाज़ी कर रही थी, दूसरी तरफ़ डकवर्थ लुइस नियम लगातार उनका पीछा कर रहा था.

    15वें ओवर में जब मुक़ाबला रोका गया तब इंग्लैंड की टीम 5 विकेट पर 105 रन ही बना सकी, जबकि डकवर्थ लुइस नियम के हिसाब से उसे जीत के लिए 110 रन की दरकार थी. इस तरह आयरलैंड ने 5 रन से जीत दर्ज कर ली.

  18. हार्दिक पांड्या से जुड़ी अटकलों पर बोले पारस म्हाम्ब्रे

    टीम इंडिया के बॉलिंग कोच पारस म्हाम्ब्रे ने बुधवार को हार्दिक पांड्या की फिटनेस से जुड़े सवालों को निराधार बताते हुए कहा है कि वह पूरी तरह ठीक हैं.

    बीते 23 अक्तूबर को पाकिस्तान के साथ हुए मैच के दौरान हार्दिक पांड्या को फिटनेस से जुड़ी दिक्क़तें सामने आने की ख़बरें आई थीं.

    इसके बाद माना जा रहा था कि वह नीदरलैंड के साथ होने वाले मैच से बाहर हो सकते हैं. इसकी वजह से टीम में बदलाव से जुड़ी चर्चाओं को भी बल मिला था.

    लेकिन म्हाम्ब्रे ने स्पष्ट किया है कि टीम में किसी तरह का कोई बदलाव नहीं है और हार्दिक पांड्या खेलने के लिए पूरी तरह फिट हैं.

    मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में म्हाम्ब्रे ने कहा, "हम किसी को आराम नहीं दे रहे हैं. मेरा मानना है कि हमने टूर्नामेंट में गति हासिल की है और टूर्नामेंट में खिलाड़ियों का फॉर्म में रहना भी ज़रूरी है. ऐसे में जिन्हें बल्लेबाज़ी का मौक़ा नहीं मिला है, ज़रूरी है कि उन्हें मुक़ाबलों में उतारा जाए.''

    ''हार्दिक सभी मैच खेलना चाहते हैं. हम उन्हें आराम देने के बारे में नहीं सोच रहे हैं. वह हमारे लिए बेहद अहम खिलाड़ी हैं. वह बल्लेबाज़ी के साथ-साथ गेंदबाज़ी भी कर सकते हैं. इसके अलावा, पिछले मैच में मैदान पर उनकी मौजूदगी बहुत असर डालती है, जैसा की पिछले मैच में हुआ."

  19. सऊदी अरब और पाकिस्तान में बनी ये सहमति

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ की मंगलवार को सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से रियाद में मुलाक़ात हुई है.

    शरीफ़ बीते 24 अक्तूबर को सऊदी अरब के दौरे पर रवाना हुए थे.

    शहबाज़ शरीफ़ ने ट्वीट कर बताया था कि उन्हें सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस ने फ़्यूचर इन्वेस्टमेंट इनिशिएटिव समिट में शरीक होने के लिए आमंत्रित किया है.

    इसके बाद 25 अक्तूबर को शहबाज़ शरीफ़ की मुलाक़ात सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस और प्रधानमंत्री मोहम्मद बिन सलमान अब्दुल अज़ीज़ अल साऊद से हुई.

    सऊदी अरब की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि क्राउन प्रिंस और पाकिस्तानी पीएम ने दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक रिश्तों की समीक्षा की.

    दोनों नेताओं ने हालिया अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय प्रगति पर भी चर्चा की. क्राउन प्रिंस और पाकिस्तानी प्रधानमंत्री की बैठक में सऊदी अरब के कई मंत्री भी मौजूद थे. रेडियो पाकिस्तान के मुताबिक़ रियाद में हुई बैठक में दोनों देश द्विपक्षीय संबंध और मज़बूत करने पर सहमत हुए हैं.

    शहबाज़ शरीफ़ ने भी इस बैठक के बाद ट्वीट कर बताया, ‘मेरी अभी-अभी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से एक बेहतरीन मुलाक़ात हुई.

    इस बैठक में हम पाकिस्तान और सऊदी अरब के बीच द्विपक्षीय रिश्तों और भाई चारे को बदलते ज़माने की ज़रूरतों को ध्यान में रखते हुए नई ऊचाइयां देने पर सहमत हुए हैं. मैंने क्राउन प्रिंस को बताया है कि पाकिस्तान के लोग उनके दौरे की प्रतीक्षा कर रहे हैं.’

  20. केजरीवाल ने नोट पर लक्ष्मी-गणेश की तस्वीर की मांग की, बीजेपी और कांग्रेस का ये जवाब

    कांग्रेस और बीजेपी ने अरविंद केजरीवाल की नोटों पर देवी-देवताओं की तस्वीरें लगाने वाली अपील को राजनीतिक हथकंडा क़रार दिया है.

    केजरीवाल ने बुधवार सुबह प्रेस कॉन्फ्रेंस करके केंद्र सरकार से अपील की है कि भारतीय करेंसी में एक तरफ़ गणेश-लक्ष्मी की तस्वीरें लगाई जाएं.

    इस पर बीजेपी की ओर से संबित पात्रा ने कहा है, ‘अरविंद केजरीवाल की राजनीति अब यूटर्न ले रही है. ये वही शख़्स हैं जिन्होंने कभी भी राम मंदिर नहीं जाने की बात कही थी. उन्होंने ये भी कहा था कि भगवान वहाँ की गई प्रार्थनाएं स्वीकार नहीं करेंगे. ये वही शख़्स हैं, जिसने कश्मीरी पंडितों के पलायन पर हँसते हुए उसे एक झूठ बताया था.’

    कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने भी इसे केजरीवाल का राजनीतिक हथकंडा क़रार दिया है.

    उन्होंने कहा है कि ‘अरविंद केजरीवाल बीजेपी और आरएसएस की बी टीम हैं. उन्हें कुछ भी समझ नहीं हैं. ये उनकी वोट पॉलिटिक्स है. अगर वह पाकिस्तान जाते हैं तो वहाँ भी कह सकते हैं कि वह एक पाकिस्तानी हैं, इसलिए उन्हें वोट दिया जाए.’

    पत्रकार मधु किश्वर ने केजरीवाल का वीडियो ट्वीट करते हुए लिखा है, ''बढ़िया है. गई भैंस पानी में. हिन्दू हितों को लेकर नरेंद्र मोदी जी ने प्रतियोगिता आसान कर दिया है. अगर अरविंद केजरीवाल दिल्ली सरकार के मॉडल स्कूलों में हिन्दू आस्था से जुड़ा पाठ्यक्रम चला दें तो आसानी से बीजेपी को मात सकते हैं.''