You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

ब्रिटेन का पीएम चुने जाने पर ऋषि सुनक को पीएम मोदी की बधाई

ब्रिटेन के निवर्तमान प्रधानमंत्री लिज़ ट्रस ने भी सुनक को बधाई दी है.

लाइव कवरेज

प्रियंका झा and चंदन शर्मा

  1. हार के बाद बाबर ने आख़िरी ओवर डालने वाले नवाज़ से कहा - तू मैच विनर है

    टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट विश्व कप के पहले अहम मुक़ाबले में भारत से हार के बाद पाकिस्तानी टीम के कप्तान बाबर आज़म का ड्रेसिंग रूम का वीडियो वायरल हो रहा है.

    बाबर आज़म इस वीडियो में पूरी टीम की हिम्मत बंधा रहे हैं और ख़ास तौर पर मोहम्मद नवाज़ की सराहना कर रहे हैं. मोहम्मद नवाज़ ने ही मैच में आख़िरी ओवर फेंका था और उनकी एक नो बॉल पर बने तीन रनों को भी भारत की जीत का सबसे बड़ा कारण माना जा रहा है.

    बाबर आज़म का ये वीडियो लोगों को इसलिए भी पसंद आ रहा है क्योंकि वो पंजाबी में अपने खिलाड़ियों से बात कर रहे हैं.

    पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अपने सोशल मीडिया हैंडल्स से ये वीडियो शेयर किया है.

    बाबर आज़म कहते हैं, "हमने बहुत अच्छा किया. कोशिश की. कुछ गलतियां हुईं जिससे सीखना है. गिरना नहीं है. अभी टूर्नामेंट शुरू हुआ है. अभी बड़े मुक़ाबले बाकी हैं. हम किसी एक बंदे की वजह से नहीं हारे हैं. हम सब हारे हैं."

    बाबर आज़म ने ये भी कहा कि हम एक टीम के तौर पर हारे हैं और इसके लिए कोई एक खिलाड़ी ज़िम्मेदार नहीं है.

    मोहम्मद नवाज़ को बाबर ने बताया मैच विनर

    अपने संदेश के आख़िरी में बाबर आज़म ने मोहम्मद नवाज़ की ख़ास प्रशंसा की.

    उन्होंने कहा, "नवाज़, तू मैच विनर है मेरा. हमेशा तेरे पर भरोसा रहा है और रहेगा. तूने मैच जिताए हैं और आगे भी जिताएगा. बड़ी अच्छी कोशिश थी. प्रेशर था लेकिन तू इतना क्लोज़ लेकर गया गेम. वेरी वेलडन. जो भी चीज़ है यहां छोड़कर जाना. आगे जाकर नए सिरे से शुरू करना है. हम एक टीम के तौर पर बहुत अच्छा खेले हैं. आगे भी ऐसा ही करना है. ऑल द बेस्ट."

    रविवार को मेलबर्न में हुए अहम मुक़ाबले में रोहित शर्मा की अगुवाई में भारतीय क्रिकेट टीम ने अपने पाकिस्तान को 4 विकेट से हरा दिया.

  2. 'डर्टी बम' इस्तेमाल करेगा यूक्रेन? राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने रूस को दिया ये जवाब

    यूक्रेन ने रूस के उन दावों को ख़ारिज कर दिया है, जिसमें कहा गया था कि कीएव 'डर्टी बम' यानी रेडियोधर्मी सामग्री से भरे पारंपरिक विस्फोटक का इस्तेमाल कर सकता है.

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा कि इसका मतलब ये है कि रूस ख़ुद इस तरह के हमले की तैयारी कर रहा हो.

    यूक्रेन के सहयोगियों ने भी इस दावे को ख़ारिज कर दिया है. अमेरिका ने कहा कि वो कोई ऐसी कार्रवाई नहीं करेगा, जो रूसी हमलों के बढ़ने का बहाना बने.

    इससे पहले रूस के रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु ने ब्रिटेन के अपने समकक्ष बेन वैलेस के साथ फ़ोन पर हुई बातचीत के दौरान डर्टी बम से जुड़ा बयान दिया था.

    उन्होंने कहा था कि वो, "कीएव की ओर से उकसावे के लिए की जाने वाली कार्रवाई को लेकर चिंतित है, जिसमें डर्टी बम का इस्तेमाल भी शामिल है."

    रविवार को सर्गेई शोइगु ने ब्रिटेन के अलावा फ़्रांस और तुर्की के रक्षा मंत्रियों से भी फ़ोन पर बात की. हालांकि, उन्होंने अपने दावों को पुष्ट करने के लिए कोई ठोस सबूत नहीं दिया.

    इस पर जवाब देते हुए ज़ेलेंस्की ने रूस पर इस युद्ध में 'हर बुरी (डर्टी) चीज़ का स्रोत होने का आरोप लगाया.'

    इस बीच ब्रिटेन के रक्षा मंत्री बेन वैलेस ने कहा कि उन्होंने सर्गेई शोइगु के इस आरोप को ख़ारिज कर दिया कि "यूक्रेन पश्चिमी देशों के इशारे पर अपनी योजना बना रहा है."

    उन्होंने ये भी चेताया कि इस तरह के दावों को युद्ध बढ़ाने के बहाने के तौर पर इस्तेमाल नहीं करना चाहिए.

  3. चाकू से हमले के बाद लेखक सलमान रुश्दी की एक आंख की रोशनी हमेशा के लिए गई

    इसी साल अगस्त महीने में हुए चाकू से हमले की वजह से लेखक सलमान रुश्दी की एक आंख की रोशनी चली गई है. उनके एजेंट ने इसकी जानकारी दी है और ये भी बताया कि रुश्दी अब अपने एक हाथ से काम भी नहीं कर सकेंगे.

    रुश्दी के एजेंट एंड्रयू वाइली ने स्पेन के अख़बार से बातचीत में कहा, "उनके सीने पर करीब 15 से अधिक चोटें थीं. ये बहुत ही नृशंस हमला था."

    वाइली ने कहा कि वो फिलहाल ये नहीं बता सकते कि सलमान रुश्दी कहां रह रहे हैं. रुश्दी पर न्यूयॉर्क में हमला हुआ था.

    रुश्दी को सन् 1988 में लिखे उनके उपन्यास 'द सैटेनिक वर्सेज़' के बाद से ही जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं.

    कुछ मुसलमान इस किताब को ईशनिंदा के तौर पर देखते हैं. इस उपन्यास के छपने के 10 साल बाद तक रुश्दी को छिपकर रहने के लिए मजबूर होना पड़ा था.

    रुश्दी पर हमला करने वाले शख्स की पहचान अमेरिका में जन्मे 24 साल के हादी मतहर के तौर पर हुई थी. फिलहाल वो पुलिस हिरासत में ही है.

    वाइली ने अख़बार को दिए इंटरव्यू में कहा, "उनकी एक आंख की रोशनी चली गई. उनकी गर्दन पर तीन गहरी चोटें थीं. एक हाथ ने भी काम करना बंद कर दिया है क्योंकि हाथ की नसें कट गई थीं."

    रुश्दी अभी भी अस्पताल में हैं या नहीं इसपर वाइली ने कहा, "मैं उनके बारे में ये जानकारी नहीं दे सकता. वो जी पाएंगे...ये ज़्यादा अहम बात है."

    रुश्दी पर 12 अगस्त को न्यूयॉर्क में उस समय हमला हुआ था, जब एक कार्यक्रम के दौरान वो अपना संबोधन शुरू ही करने वाले थे.

  4. नमस्कार, बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है.

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज में आपको दिनभर ताज़ा और अहम ख़बरें मिलेंगी.

    ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 23 अक्टूबर के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    शुरुआत आज की कुछ बड़ी ख़बरों से:

    • बोरिस जॉनसन ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री पद की दौड़ से बाहर होने का एलान किया, ऋषि सुनक जीत के और करीब पहुँचे.
    • अगस्त महीने में हुए चाकू से हमले के बाद लेखक सलमान रुश्दी के एक आंख और हाथ ने काम करना बंद कर दिया है.
    • पाकिस्तानी पत्रकार अरशद शरीफ़ की कीनिया में मौत, हत्या की आशंका.