You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

ब्रिटेन का पीएम चुने जाने पर ऋषि सुनक को पीएम मोदी की बधाई

ब्रिटेन के निवर्तमान प्रधानमंत्री लिज़ ट्रस ने भी सुनक को बधाई दी है.

लाइव कवरेज

प्रियंका झा and चंदन शर्मा

  1. टी20 विश्व कप: पाकिस्तान में 'नो बॉल' और 'फ़्री हिट' पर छिड़ी बहस

  2. ब्रिटेन का पीएम चुने जाने पर सुनक को मोदी की बधाई, लिज़ ट्रस ने भी दी बधाई

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रिटेन के नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री ऋषि सुनक को बधाई देते हुए उन्हें ब्रिटेन में रह रहे भारतीयों के बीच का ​'लिविंग ब्रिज' क़रार दिया है.

    नरेंद्र मोदी ने अपने ट्विटर हैंडल से किए ट्वीट में लिखा, ''ऋषि सुनक को हार्दिक बधाई! जब आप ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बनते हैं, तो मैं वैश्विक मुद्दों पर आपके साथ मिलकर काम करने और 'रोडमैप 2030' को लागू करने के लिए तैयार हूं."

    "ब्रिटेन में रह रहे भारतीय मूल के लोगों के बीच के इस 'लिविंग ब्रिज' को दिवाली की विशेष बधाई. हमें अपने ऐतिहासिक संबंधों को आधुनिक साझेदारी में बदलते हैं.''

    लिज़ ट्रस ने भी दी बधाई

    ब्रिटेन के निवर्तमान प्रधानमंत्री लिज़ ट्रस ने भी सुनक को बधाई दी है.

    केवल 49 दिनों तक ब्रिटेन की पीएम रहीं ट्रस ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा, ''ऋषि सुनक को कंज़रवेटिव पार्टी का नेता और हमारा अगला प्रधानमंत्री नियुक्त किए जाने पर बधाई!''

  3. कंज़र्वेटिव पार्टी के मुख्यालय पहुंचने पर ऋषि सुनक का ज़ोरदार स्वागत

    ब्रिटेन के नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री ऋषि सुनक का लंदन के कंज़र्वेटिव पार्टी के मुख्यालय पहुंचने पर ज़ोरदार स्वागत हुआ है.

    सामने आए वीडियो में दिख रहा है कि पार्टी मुख्यालय में सांसदों ने सुनक का भव्य स्वागत किया. कई नेताओं ने उनसे गर्मजोशी से हाथ मिलाए हैं, तो कई उनसे गले मिले.

    सुनक ने सांसदों से मिलकर उन्हें 'धन्यवाद' कहते हुए इमारत के भीतर चले गए.

    उम्मीद है कि सुनक मंगलवार को 57वें पीएम के रूप में इस पद को संभालेंगे. वे 1812 से अब तक इस पद पर बैठने वाले सबसे युवा प्रधानमंत्री हैं.

    सुनक पहली बार सांसद चुने जाने के बाद ब्रिटेन के पीएम पद तक पहुंचने वाले पहले शख़्स हैं. उन्होंने केवल 7 सालों में सांसद से पीएम पद तक की यात्रा पूरी की है.

  4. ऋषि सुनक के पीएम बनने की घोषणा के बाद पाउंड में आया उछाल

    ब्रिटेन के प्रधानमंत्री की दौड़ से पेनी मॉरडॉन्ट के नाम वापस लेते ही इस पद पर ऋषि सुनक के बैठने का रास्ता साफ़ हो गया है. उम्मीद की जा रही है कि सुनक मंगलवार को प्रधानमंत्री पद की शपथ ले लेंगे.

    सोमवार को यह ख़बर आते ही पाउंड और सरकारी बॉन्ड की क़ीमत में थोड़ी बढ़त देखी गई. डॉलर की तुलना में पाउंड में 0.15 फ़ीसदी की बढ़त दर्ज की गई.

    सोमवार को वित्त बाज़ार में डॉलर के मुक़ाबले पाउंड का दाम एक समय बढ़कर 1.14 डॉलर तक चला गया. हालांकि बाद में यह क़रीब 1.13 डॉलर तक जाकर स्थिर हो गया.

    सोमवार को सरकार के कर्ज़ लेने की लागत में भी कमी देखी गई. सरकारी बॉन्ड पर ब्याज दर सोमवार को 3.8 फ़ीसदी तक गिर गई, जो 28 सितंबर को 5.17 फ़ीसदी तक चली गई थी.

    एक महीने पहले पाउंड में आई थी रिकॉर्ड गिरावट

    अभी से लगभग एक महीने पहले लिज़ ट्रस के मिनी बजट में करों में कटौती के एलान के बाद पाउंड का भाव 1.03 डॉलर के रिकॉर्ड भाव तक गिर गया था.

    यह गिरावट 45 अरब पाउंड की कर राहत के एलान के बाद कर्ज़ बढ़ने के अनुमान के कारण हुई थी. इस एलान के बाद सरकारी कर्ज़ की लागत में तेज़ी से वृद्धि दर्ज की गई.

    हालांकि क्वासी क्वारटेंग के इस्तीफ़े के बाद जब जेरेमी हंट वित्त मंत्री बने, तो उन्होंने कर कटौती को लगभग पूरी तरह वापस ले लिया था.

    जेरेमी हंट सुनक का समर्थन कर रहे हैं और वे टैक्स और खर्च पर सरकार की आर्थिक योजना का एलान 31 अक्टूबर को करने वाले हैं.

  5. केरल हाईकोर्ट की 9 कुलपतियों को राहत, कहा- राज्यपाल के 'अंतिम आदेश' तक रह सकते हैं कुलपति

    केरल हाईकोर्ट ने सोमवार को राज्य के नौ विश्वविद्यालयों के कुलपतियों को राहत देते हुए उन्हें उनके पद पर बने रहने का अंतरिम आदेश दिया है.

    हाईकोर्ट ने कहा है कि ये सभी कुलपति तब तक अपने पद पर बने रह सकते हैं, जब तक कि इन विश्वविद्यालयों के चांसलर (राज्यपाल) 'कारण बताओ नोटिस' देने के बाद अंतिम आदेश नहीं दे देते.

    इससे पहले सोमवार को सभी 9 कुलपतियों ने राज्यपाल आरिफ़ मोहम्मद ख़ान के निर्देश के बाद भी इस्तीफ़ा देने से इनकार कर दिया. राज्यपाल का निर्देश था कि ये सभी सुबह 11.30 बजे तक अपना इस्तीफ़ा दे दें.

    उसके बाद राज्यपाल ने इन सभी को आज 'कारण बताओ नोटिस' जारी किया है. इसके बाद कुलपतियों ने सोमवार को ही हाईकोर्ट का दरवाज़ा खटखटाया.

    इसके बाद हाईकोर्ट ने इस याचिका पर तुरंत सुनवाई करने का फ़ैसला किया और शाम 4 बजे का वक़्त दिया. जस्टिस देवन रामचंद्रन ने इस मामले की सुनवाई की.

    उन्होंने कहा कि इस मामले से जुड़े अन्य मसलों पर बाद में सुनवाई की जाएगी. उन्होंने यह भी कहा कि चांसलर के अधिकार जैसे मसले भी आगे तय किए जाएंगे.

    पी विजयन ने की राज्यपाल की आलोचना

    इससे पहले, राज्य के मुख्यमंत्री पी विजयन ने भी राज्यपाल पर इन विश्वविद्यालयों को बर्बाद करने की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए इन कुलपतियों का अपना समर्थन दिया.

    सीएम विजयन ने कहा है कि विश्वविद्यालयों के चांसलर होने की ​हैसियत से राज्यपाल के पास कुलपतियों का इस्तीफ़ा मांगने का कोई अधिकार नहीं है.

    उन्होंने कुलपतियों से इस्तीफ़ा मांगने वाले इस क़दम को 'असामान्य' क़रार दिया है.

    इससे पहले अंग्रेज़ी दैनिक 'द हिंदू' में छपी एक ख़बर के अनुसार, राज्यपाल आरिफ़ मोहम्मद ख़ान ने विश्वविद्यालयों में कुलपति की नियुक्ति में यूजीसी के नियमों की अनदेखी किए जाने का आरोप लगाते हुए नौ कुलपतियों से सोमवार सुबह 11.30 बजे तक इस्तीफ़ा देने का निर्देश दिया है.

  6. 24 अक्तूबर 2022 का दिनभर- पूरा दिन पूरी ख़बर, सुनिए मानसी दाश और प्रेरणा के साथ

  7. परमाणु हमले की धमकी देने से रूस का इनकार, पश्चिमी देशों को बताया इसका ज़िम्मेदार

    यूक्रेन पर परमाणु हथियारों से हमला करने की रूस की धमकी पर चिंता जताते हुए पश्चिमी देशों ने रूस की आलोचना की है.

    उन्होंने आरोप लगाया है कि रूस अपनी बातें मनवाने के लिए परमाणु हमले की धमकियां दे रहा है.

    इन आरोपों के जवाब में रूस की जासूसी संस्था एसवीआर फॉरेन इंटेलिजेंस सर्विस के प्रमुख सर्गेई नारिश्किन ने पश्चिमी देशों को ही इसके लिए ज़िम्मेदार ठहराया है. उन्होंने परमाणु हमले की धमकी देने से इनकार कर दिया है.

    और क्या कहा रूसी जासूसों के बॉस ने?

    बीबीसी ने नारिश्किन से पूछा, ''क्या आप साफ़तौर पर बताएंगे कि यूक्रेन में रूस न तो परमाणु हथियारों का उपयोग करेगा और न ही उकसाने वाली कार्रवाइयों जैसे डर्टी बम गिराने या बांध उड़ाने जैसी कार्रवाइयों में शामिल होगा?"

    रूस की जासूसी संस्था के मुखिया ने इस सवाल का सीधा जवाब न देते हुए कहा, ''हम यक़ीनन परमाणु हथियारों के इस्तेमाल की आशंका जताने वाली पश्चिमी देशों की बयानबाज़ी से चिंतित हैं.''

    उन्होंने कहा, ''कल रूस के रक्षा मंत्री ने तुर्की, अमेरिका और फ्रांस के अपने समकक्षों से फोन पर बात की. उन्होंने यूक्रेन के तथाकथित 'डर्टी बम' इस्तेमाल करने की आशंका से उन सब को अवगत कराया है."

    हालांकि रूस के इन आरोपों के पक्ष में कोई सबूत नहीं हैं. रविवार को ​ब्रिटेन, अमेरिका और फ्रांस की सरकारों ने रूस के दावों पर एक संयुक्त बयान जारी किया.

    उन्होंने यूक्रेन पर लगाए गए रूस के आरोपों को ख़ारिज करते हुए कहा, ''दुनिया इस आरोप को हमला करने के बहाने के रूप में देखेगी. हम यूक्रेन पर हमला करने के इस बहाने को ख़ारिज करते हैं.''

  8. एशिया के सबसे 10 प्रदूषित शहरों में से 8 भारत के, दिल्ली का नाम नहीं

    भारत की राजधानी दिल्ली को एशिया के टॉप 10 प्रदूषित शहरों की सूची से हटा दिया गया है.

    दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इसके लिए राज्य के लोगों की तारीफ़ करते हुए कहा है कि अभी लंबा रास्ता तय करना बाक़ी है.

    अरविंद केजरीवाल ने सोमवार की सुबह इस ख़बर को लेकर कई ट्वीट किए. अपने ट्विटर हैंडल पर एक वेबसाइट की ख़बर को रिट्वीट करते हुए उन्होंने लिखा, ''कुछ साल पहले दिल्ली दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर था. लेकिन अब नहीं है!''

    केजरीवाल के अनुसार, ''दिल्ली के लोगों ने इसके लिए कड़ी मेहनत की है. हमने इस मामले में काफ़ी सुधार किया है, इसके बाद भी हमें अभी लंबा रास्ता तय करना है. हम कड़ी मेहनत करते रहेंगे ताकि दुनिया के बेहतरीन शहरों में इस शहर को शामिल करा सकें.''

    इस ख़बर में बताया गया है कि एशिया के 10 सबसे प्रदूषित शहरों में भारत के 8 शहर हैं, लेकिन इनमें दिल्ली शामिल नहीं है.

    उन्होंने एक अख़बार की ख़बर भी पोस्ट की है, जिसमें केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के हवाले से बताया गया है कि दिवाली के ठीक एक दिन पहले दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स 265 रहा, जो पिछले 7 सालों में सबसे कम है.

    हालांकि दिवाली के दिन शहर की हवा 'बहुत ख़राब' की श्रेणी में पहुंच चुकी है और इसके अभी और ख़राब होने की अनुमान है.

    एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा, ''हम दिल्ली को दुनिया का बेहतरीन शहर बनाने को लेकर प्रतिबद्ध हैं.''

    उन्होंने एक और ट्वीट में दो ग्राफ़ शेयर करते हुए लिखा कि इन्हें देखने से पता चलता है कि पिछले कुछ सालों में दिल्ली वालों के प्रयास से कैसे यहां प्रदूषण घटा है. एक ग्राफ़ में PM10 पार्टिकल तो दूसरे ग्राफ में PM2.5 पार्टिकल की मौजूदगी के आंकड़े दिए गए हैं.

    इसके अनुसार पिछले 7 सालों में दिल्ली का सबसे बुरा हाल 2016 में था, जब PM10 पार्टिकल 362 और PM2.5 पार्टिकल 151 पर था. 2022 में ये दोनों घटकर क्रमश: 163 और 69 पर आ गए हैं.

    एक अन्य ट्वीट में उन्होंने लिखा, "आज मेरे ट्वीट के बाद कई लोग पूछ रहे हैं कि क्या हमने प्रदूषण के ख़िलाफ़ जंग जीत ली है और क्या मैं संतुष्ट हूं? ऐसा बिल्कुल भी नहीं है."

    "यह उत्साह बढ़ाने वाली बात है कि अब हम दुनिया के सबसे प्रदूषित शहर नहीं रहे. ये हमें प्रोत्साहित करता है कि हम सही रास्ते पर हैं, लेकिन हम दुनिया का सबसे स्वच्छ शहर बनना चाहते हैं और यही हमारा लक्ष्य है."

    क्या कहता है यह इंडेक्स?

    वर्ल्ड एयर क्वालि​टी इंडेक्स के अनुसार इस सूची में टॉप पर दिल्ली के पास स्थित हरियाणा का शहर गुरुग्राम (AQI 679) है.

    टॉप 10 सूची में अन्य 7 शहरों में धारूहेरा, रेवाड़ी (AQI 543), मुज़फ़्फ़रपुर (AQI 316), तालकटोरा, लखनऊ (AQI 298), डीआरसीसी आनंदपुर, बेगूसराय (AQI 269), भोपाल चौराहा, देवास (AQI 266), खड़ाकपाड़ा, कल्याण (AQI 256) और दर्शन नगर, छपरा (AQI 239) शामिल हैं.

    इस सूची में दुनिया के केवल दो शहर चीन का शियाओशिशांग पोर्ट, लुझोउ (AQI 262) और मंगोलिया का बयानखोशू, उलनाबटोर शामिल है.

    201 से 300 के बीच की AQI को ख़राब, 301 से 400 के बीच की AQI को बहुत ख़राब और 401 से 500 की AQI को गंभीर श्रेणी में रखा जाता है.

  9. भारत-पाकिस्तान मैच: शोएब अख्तर ने कहा, पाकिस्तान की ये थी सबसे बड़ी ग़लती

    पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शोएब अख्तर टी20 वर्ल्ड कप मुक़ाबले में भारत के हाथों मिली हार के लिए बाबर एंड कंपनी बरसे इसे 'कैलकुलेशन में कमी' बताया.

    रविवार को मेलबर्न में खेले गए मैच में भारत ने पाकिस्तान को रोमांचक मुक़ाबले में चार विकेट से हरा दिया था. विराट कोहली ने शानदार पारी खेली थी और उन्हें मैन ऑफ़ द मैच करार दिया गया था.

    अख़्तर ने अपने यू-ट्यूब चैनल पर कहा, "पाकिस्तान 170 रन से अधिक का लक्ष्य दे सकता था, लेकिन वो ऐसा इसलिए नहीं कर पाए क्योंकि उन्होंने पारी के बीच में शादाब ख़ान और हैदर अली को भेजा. अगर उन्होंने मोहम्मद नवाज़ को पहले भेजा होता तो पाकिस्तान 170 से अधिक रन बना सकता था. यहाँ कैलकुलेशन की कमी थी."

    "मुझे लगता है कि पाकिस्तान ने एक गेंदबाज़ कम खिलाया. दुबई (एशिया कप) में भी यही समस्या सामने आई थी. आख़िरी ओवर फेंकना नवाज़ का काम नहीं है. इसे समझने की कोशिश करनी चाहिए. ये कप्तान का काम है कि पूरे गेंदबाज़ खिलाएं. अगर गेंदबाज़ नहीं खिलाना तो नवाज़ को 14-15 ओवर तक ही सीमित रखना चाहिए. मुझे लगता है कि बाबर आज़म से कुछ ग़लती हुई है."

    लेकिन शोएब ने माना कुल मिलाकर पाकिस्तान का प्रदर्शन अच्छा रहा और उन्हें टूर्नामेंट के बाकी मुक़ाबलों में अच्छी क्रिकेट खेलनी चाहिए.

    उन्होंने कहा, "पाकिस्तान को गर्व के साथ ये हार स्वीकार करनी चाहिए, क्योंकि उन्होंने बहुत अच्छा खेला. विकेट बहुत ख़राब थी, फिर भी पाकिस्तानी बल्लेबाज़ों ने अच्छा प्रदर्शन किया."

    भारत की जीत की मुबारकबाद देते हुए उन्होंने कहा कि भारत के सलामी बल्लेबाज़ (रोहित शर्मा और केएल राहुल) दबे और डरे-डरे लग रहे हैं.

    उन्होंने कहा, "अभी भारत ने एक मैच जीता है वर्ल्ड कप में और पाकिस्तान एक मैच हारा है. भारत और पाकिस्तान एक बार फिर इस टूर्नामेंट में मिलेंगे और रोचक मुक़ाबला होगा. पाकिस्तान को टी20 फॉर्मेट में ख़ारिज करना बहुत नाइंसाफी होगी."

  10. केरल के मुख्यमंत्री का राज्यपाल पर आरोप, कहा- विश्वविद्यालयों को बर्बाद करने के लिए छेड़ी है लड़ाई

    केरल के राज्यपाल आरिफ़ मोहम्मद ख़ान के राज्य के नौ विश्वविद्यालयों के कुलपति को सोमवार को इस्तीफ़ा सौंप देने के निर्देश की मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने आलोचना की है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने बताया है कि सीएम ने राज्यपाल पर 'विश्वविद्यालयों को बर्बाद' करने के इरादे से 'युद्ध छेड़ने' का आरोप लगाया है. ​

    सीएम विजयन ने कहा है कि विश्वविद्यालयों के चांसलर होने की ​हैसियत से राज्यपाल के पास कुलपतियों का इस्तीफ़ा मांगने का कोई अधिकार नहीं है.

    उन्होंने कुलपतियों से इस्तीफ़ा मांगने वाले इस क़दम को 'असामान्य' क़रार दिया है.

    इससे पहले अंग्रेज़ी दैनिक 'द हिंदू' में छपी एक ख़बर के अनुसार, राज्यपाल आरिफ़ मोहम्मद ख़ान ने विश्वविद्यालयों में कुलपति की नियुक्ति में यूजीसी के नियमों की अनदेखी किए जाने का आरोप लगाते हुए नौ कुलपतियों से सोमवार सुबह 11.30 बजे तक इस्तीफ़ा देने का निर्देश दिया है.

    राजभवन ने सर्च कमिटी से पांच में से तीन उम्मीदवारों का पैनल बनाकर देने को कहा है, ताकि राज्यपाल नई नियुक्ति कर सकें.

  11. विराट कोहली पर ‘बदला’ ऑस्ट्रेलियाई मीडिया का रवैया

  12. पीएम मोदी ने कारगिल में जवानों के बीच मनाई दिवाली, जवानों को खिलाई मिठाई

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को लद्दाख के कारगिल जाकर जवानों के बीच दीपावली मनाई. पीएम मोदी ने कारगिल संघर्ष में जान गंवाने वाले सैनिकों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और जवानों को मिठाई भी खिलाई.

    उत्साहित जवानों ने भी देशभक्ति गीत गाकर दीपावली और मोदी की उपस्थिति का जश्न मनाया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, इस अवसर पर पीएम मोदी ने सैनिकों से कहा, ''कई सालों से आप मेरे परिवार हैं और मेरी दीपावली की मिठास और चमक आपके चलते है.''

    पीएम मोदी ने दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रकाश के इस पर्व से दुनिया में शांति का रास्ता प्रशस्त हो.

    उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के साथ हुए हर युद्ध में कारगिल में जवानों ने विजय पताका फहराया है. उनके अनुसार, कोई देश तभी सुरक्षित रहता है जब उसकी सीमाएं सुरक्षित, अर्थव्यवस्था मज़बूत और समाज में आत्मविश्वास भरा हो.

    पीएम मोदी के अनुसार, ''भारत की ताक़त जब बढ़ती है, तो वैश्विक शांति और समृद्धि की संभावना भी बढ़ जाती है. हमने कभी भी युद्ध को पहला विकल्प नहीं माना. हम शांति में विश्वास करते हैं लेकिन शांति बिना शक्ति के संभव नहीं है.''

    उन्होंने यह भी कहा कि पूरी दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ा है और यह इसलिए हो पाया है कि इसने अंदर और बाहर के दुश्मनों का सफलतापूर्वक सामना कर रहा है.

    आत्मनिर्भर भारत अभियान का ज़िक्र करते हुए उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए यह अभियान बहुत ज़रूरी है और विदेशी हथियारों पर हमारी निर्भरता कम से कम होनी चाहिए.

    सेना में महिलाओं के शामिल ​करने के फ़ैसले का ज़िक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इससे हमारी ताक़त और बढ़ेगी. उन्होने कहा कि यह सुधार दशकों से ज़रूरी था, जिसे अब जाकर लागू किया जा रहा है.

  13. ब्रिटेन: नए पीएम उम्मीदवार पर क्या बोलीं पूर्व गृह मंत्री प्रीति पटेल

    ब्रिटेन के तीन पूर्व मंत्री पीएम पद के उम्मीदवार ऋषि सुनक के समर्थन में उतर आए हैं.

    बोरिस जॉनसन की समर्थक रहीं पूर्व गृह मंत्री प्रीति पटेल ने कंज़रवेटिव सांसदों से सुनक का समर्थन करने की अपील करते हुए कहा है कि पार्टी को अभी सुनक के नेतृत्व की ज़रूरत है.

    पूर्व मंत्री जेम्स क्लेवरली और नादिम ज़हावी ने भी सुनक को समर्थन देने की घोषणा की है.

    प्रीति पटेल ने ट्वीट किया, "हमारे देश के लिए इस मुश्किल घड़ी में हमें मिलकर काम करना चाहिए. हमें अपने देश की चिंता करते हुए अपने सियासी मतभेदों को एक किनारे रखते हुए ऋषि सुनक को अगला प्रधानमंत्री बनने का मौक़ा देना चाहिए."

  14. टी-20 वर्ल्ड कप: बांग्लादेश ने नीदरलैंड्स को 9 रनों से हराया

    ऑस्ट्रेलिया में हो रहे टी-20 वर्ल्ड कप के सुपर 12 मुक़ाबले में बांग्लादेश की टीम ने नीदरलैंड्स को 9 रनों से हरा दिया.

    बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 8 विकेट खोकर 144 रन बनाए थे. इसके जवाब में नीदरलैंड्स की टीम 20 ओवर में 135 रनों पर ही सिमट गई.

    नीदरलैंड्स के बल्लेबाज़ कॉलिन ऐकरमैन ने अर्धशतक बनाया लेकिन आखिर में ये फ़िफ्टी टीम को जीत नहीं दिला सकी.

    वहीं, बांग्लादेश की ओर से तस्किन अहमद ने शानदार गेंदबाज़ी करते हुए 4 विकेट झटके. अहमद को प्लेयर ऑफ़ द मैच भी चुना गया.

    भारत भी 27 अक्टूबर को नीदरलैंड्स के साथ टूर्नामेंट का दूसरा मुक़ाबला खेलेगी. रविवार को अपने पहले मुक़ाबले में भारत ने पाकिस्तान को चार विकेट से हराया था.

  15. भारत-पाकिस्तान मैच: प्रजेंटर्स से बात करते हुए रो पड़े हार्दिक पंड्या

    रविवार को भारत और पाकिस्तान के बीच हुआ क्रिकेट मुक़ाबला भारत की झोली में डालने में अहम भूमिका निभाने वाले हार्दिक पंड्या का एक ऐसा ही वीडियो सोशल मीडिया पर ख़ूब वायरल हो रहा है.

    दरअसल, पंड्या मैच के बाद प्रजेंटर जतिन सप्रू और पूर्व क्रिकेटर इरफ़ान पठान से बातचीत के दौरान अपने पिता को याद करते हुए भावुक हो गए.

    हार्दिक पंड्या के पिता अब इस दुनिया में नहीं हैं. उनका बीते साल ही निधन हुआ था.

    मैच में 40 रनों की बहुमूल्य पारी खेलने वाले पंड्या ने कहा, "मैं सिर्फ़ अपने पिता के बारे में सोच रहा था. मैं अपने बेटे से बहुत प्यार करता हूं लेकिन ये नहीं जानता कि जो मेरे पिता ने किया वो मैं अपने बेटे के लिए कर पाऊंगा या नहीं. वो एक साढ़े छह साल के बच्चे के सपनों के लिए एक से दूसरे शहर भटकते रहे, वो भी ये जाने बिना कि मेरा सपना पूरा होगा या नहीं. इसलिए ये पारी उनके लिए है."

    "मैं हमेशा एहसानमंद रहूंगा. अगर उन्होंने मुझे मौका न दिया होता, तो मैं शायद आज यहां खड़ा नहीं होता."

    खुशी से उछलते रहे गावस्कर

    मैच की आख़िरी बॉल पर जैसे ही अश्विन ने रन लिया तो पूरे स्टेडियम में भारतीय टीम के समर्थक खुशी से झूम रहे थे लेकिन एक वीडियो पूर्व क्रिकेटर सुनील गावस्कर का भी वायरल हो रहा है, जिसमें वो काफ़ी देर तक बच्चों की तरह उछलते रहे.

    जतिन सप्रू ने ये वीडियो शेयर किया है और साथ में लिखा है, "मेरे पास इसके लिए कैप्शन नहीं है...इसके लिए ज़रूरत भी नहीं है कैप्शन की."

  16. भारत की जीत के बाद सहवाग बोले- रिलैक्स पड़ोसियों... टीवी का क्या कसूर

    मेलबर्न के मैदान पर भारत की जीत के बाद पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने पाकिस्तानी प्रशंसकों को लेकर एक पोस्ट किया जो वायरल हो गया है.

    दरअसल, सहवाग ने वीडियो शेयर किया जिसमें एक शख़्स संभवतः भारत-पाकिस्तान मैच की आख़िरी बॉल के बाद ग़ुस्से में अपना टीवी तोड़ रहा है.

    सहवाग ने इसके साथ लिखा, "रिलैक्स पड़ोसी, ये सिर्फ़ खेल है. हमारे यहां दीपावली है तो पटाखे फोड़ रहे हैं और आप बेवजह टीवी फोड़ रहे हैं. नहीं यार, टीवी का क्या कसूर."

    इससे पहले सहवाग ने पीएम मोदी की तस्वीर के साथ एक मीम भी शेयर किया है, जिसपर लिखा है, "आप लोग रोना बंद कीजिए".

    सहवाग ने इस तस्वीर के साथ कैप्शन लिखा है, "पड़ोसियों से निवेदन".

  17. ब्रिटेन: कौन बनेगा प्रधानमंत्री, लीडरशिप की दौड़ का ताज़ा हाल

    ब्रिटेन का अगला प्रधानमंत्री कौन होगा, ये आज साफ़ हो जाएगा.

    पीएम पद की दौड़ में सांसदों के समर्थन के मामले में ऋषि सुनक अपनी प्रतिद्वंद्वी पेनी मॉरडंट से मीलों आगे हैं. लेकिन एक सवाल जो अगले कुछ घंटों तक बरकरार रहने वाला है वो ये कि क्या मॉरडंट डेडलाइन से पहले 100 सांसदों का समर्थन हासिल कर पाएंगी?

    ऐसा माना जा रहा है कि संभवतः मॉरडंट को बोरिस जॉनसन के उन समर्थकों का साथ मिल जाए, जिन्हें ऋषि सुनक नापसंद हैं.

    लेकिन रातभर में जॉनसन के कुछ समर्थक सुनक के कैंप में भी शामिल हुए हैं.

    अभी तक क्या-क्या हुआ?

    ब्रिटेन में दो महीने के अंदर तीसरा प्रधानमंत्री कौन होगा, इस सवाल का जवाब जानने के लिए लोग उत्सुक हैं.

    अभी तक इस दौड़ में बोरिस जॉनसन भी माने जा रहे थे लेकिन बीती रात जॉनसन पीछे हट गए. अब पीएम पद के लिए कंज़रवेटिव पार्टी के ऋषि सुनक और पेनी मॉरडंट के बीच मुक़ाबला है.

    अपने बयान में जॉनसन ने कहा कि उन्होंने सुनक और मॉरडंट दोनों से इस उम्मीद पर संपर्क किया कि उन्हें राष्ट्र हित में एक साथ आ जाना चाहिए. हालांकि, ऐसा नहीं हो सका.

    बोरिस जॉनसन ने दावा किया था कि उनके पास 102 सांसदों का समर्थन है. लेकिन केवल 57 सांसदों ने ही खुलकर उनका समर्थन किया.

    जो सांसद बोरिस जॉनसन के समर्थन में थे उन्होंने अपना नामांकन सुनक और मॉरडंट के पक्ष में डालना शुरू कर दिया है. सांसद ब्रिटेन के समयानुसार दोपहर 2 बजे तक अपने नामांकन डाल सकते हैं.

    ऋषि सुनक ने बोरिस जॉनसन के एलान के बाद उनकी सराहना की और कहा, "उन्होंने अब तक के कुछ सबसे मुश्किल दौर से देश को बाहर निकालने में मदद की है."

  18. केरल के राज्यपाल ने नौ कुलपतियों का इस्तीफ़ा मांगा, अब क्या हो रहा है?

  19. सौरव गांगुली बंगाल क्रिकेट संघ के अध्यक्ष पद की दौड़ से पीछे हटे, बड़े भाई को मिलेगी ज़िम्मेदारी

    बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष सौरव गांगुली अब बंगाल क्रिकेट संघ (सीएबी) के प्रमुख बनने की रेस से भी पीछे हट गए हैं. इसके बाद अब गांगुली के बड़े भाई स्नेहाशीष गांगुली का इस पद पर चुना जाना लगभग तय है.

    31 अक्टूबर को सीएबी की एजीएम में स्नेहाशीष गांगुली को निर्विरोध अध्यक्ष चुना जा सकता है.

    सीएबी के अध्यक्ष पद के लिए नामांकन के आख़िरी दिन पर्चा न भरने के बाद गांगुली ने ईडन गार्डन में पत्रकारों से कहा, "मैंने कहा था कि मैं तभी लड़ूंगा जब चुनाव होगा. यहां कोई चुनाव नहीं होने जा रहा, निर्विरोध अध्यक्ष चुना जाएगा."

    बीसीसीआई में अध्यक्ष पद के लिए दूसरा कार्यकाल न मिलने के बाद ही गांगुली ने एलान किया था कि वो सीएबी चीफ़ बनने के लिए चुनाव लड़ेंगे.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार गांगुली ने कहा, "अगर मैं चुनाव लड़ता तो फिर दो या उससे अधिक लोगों को कोई पद नहीं मिलता, इसलिए मैं हट गया. मैं निर्विरोध चुना जाता लेकिन मुझे नहीं लगता ये ठीक है. दूसरे लोगों को इस क्रिकेट संघ के लिए काम करने का मौका नहीं मिलता. वो तीन साल तक अब काम करेंगे और हम उसके बाद देखेंगे."

    अगली ज़िम्मेदारी से जुड़े सवाल पर गांगुली ने कहा, "देखते हैं. मैं अब कुछ समय से ज़िम्मेदारियों से मुक्त हूं और मैं इससे ख़ुश हूं."

  20. टी-20 विश्व कप: भारत से हार के बाद क्या बोले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड चीफ़ रमीज़ राजा

    टी-20 विश्व कप का आगाज़ हो चुका है और रविवार को रोहित शर्मा की अगुवाई में भारतीय क्रिकेट टीम ने अपने पहले अहम मुक़ाबले में पाकिस्तान को 4 विकेट से हरा दिया.

    पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन रमीज़ राजा ने इस पर हार के बाद अपनी टीम की कोशिशों की सराहना की है.

    उन्होंने ट्वीट किया, "क्लासिक! आप कुछ मैच जीतते हैं, कुछ हारते हैं और जैसा कि हम सब जानते हैं ये खेल क्रूर और अन्यायी हो सकता है. पाकिस्तानी टीम ने बल्ले और बॉल का बेहतरीन इस्तेमाल किया. टीम की कोशिशों पर बहुत फ़ख्र है."

    मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर हुए भारत-पाकिस्तान मुक़ाबले में विराट कोहली ने 6 चौकों और 4 छक्कों की मदद से नाबद 82 रन बनाए. कोहली प्लेयर ऑफ़ द मैच भी बने. उनके साथ हार्दिक पंड्या ने पांचवे विकेट के लिए 113 रनों की साझेदारी की और आख़िरी बॉल पर भारत ने मैच अपने नाम किया.