You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

शाहीन अफ़रीदी से कैसे निपटा जाए? बताया सचिन तेंदुलकर ने

टी-20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान का पहला मुक़ाबला भारत से होना है. दोनों टीमों के बीच ये मैच 23 अक्टूबर को मेलबर्न में खेला जाएगा.

लाइव कवरेज

ब्रजेश मिश्र and प्रेरणा .

  1. मोदी सरकार का 'रोज़गार मेला', 'जुमला किंग' की 'इवेंटबाज़ी' है: कांग्रेस

    कांग्रेस पार्टी ने शनिवार को केंद्र सरकार के 'रोज़गार मेले' को 'जुमला किंग' की 'इवेंटबाज़ी' करार दिया है.

    कांग्रेस ने केंद्र सरकार से ये सवाल किया है कि देश के नौजवानों से जो 16 करोड़ नौकरियों का वादा किया गया था, उसे कब पूरा किया जाएगा.

    कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सत्ता में आने पर हरेक साल दो करोड़ नौकरियां देने का वादा किया था लेकिन पिछले आठ सालों में उसे पूरा नहीं किया गया.

    उन्होंने ट्विटर पर कहा, "राहुल गांधी के नेतृत्व वाली भारत जोड़ो यात्रा की पहली बड़ी कामयाबी. 70 हज़ार नौकरी ऊँट के मुँह में जीरा ही सही, पर दिल्ली के राजा के बंद कान खुल तो गए. बेरोज़गारी की समस्या जानी तो. 8 साल में 16 करोड़ नौकरी देनी थी -2 करोड़ हर साल. अब 70 हज़ार नौकरी की इवेंटबाज़ी ही सही."

    कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का जिक्र करते हुए उन्होंने आगे कहा, "अभी तो भारत जोड़ो यात्रा चार प्रांतों से गुजरी है, आख़िर 'जुमला किंग' को राहुल जी ने ये मानने को मजबूर कर दिया की बेरोज़गारी देश की सबसे बड़ी समस्या है. पर दिन-तारीख़-महीना बतायें कि 8 साल में 16 करोड़ रोज़गार कब मिलेंगे? 30 लाख सरकारी नौकरी कब तक देंगें? इवेंटबाज़ी नहीं रोज़गार दो."

    रणदीप सुरजेवाला ने ट्विटर पर पोस्ट किए गए एक वीडियो संदेश में कहा कि कांग्रेस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल पूछती रहेगी.

    उन्होंने कहा, "महज 70 हज़ार नियुक्ति पत्र देने से हालात नहीं बदलने वाले हैं. देश के नौजवानों को रोज़गार चाहिए और प्रधानमंत्री को इसका जवाब देना होगा. राहुल गांधी और कांग्रेस भारत जोड़ो यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री के सामने ये सवाल उठाते रहेंगे."

    इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए रोज़गार मेले की शुरुआत की.

    समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, सरकार इस रिक्रूटमेंट ड्राइव के जरिए दस लाख लोगों को नौकरी देने जा रही है.

    इस कार्यक्रम के तहत शनिवार को 75 हज़ार लोगों को नियुक्ति पत्र भी सौंपा जाना है.

  2. मेलबर्न में भारत-पाकिस्तान के बीच मैच नहीं हुआ तो क्या होगा

    ऑस्ट्रेलिया में इस साल का सबसे बड़ा खेल मुक़ाबला न तो फ़ॉर्म्युला वन ग्रां प्री है और न ही रग्बी या फ़ुटी के नाम से लोकप्रिय होता ग्रैंड फ़ाइनल है.

    देश में इस साल क्रिकेट का टी-20 विश्व कप शुरू हो चुका है और उसका सबसे बड़ा मैच 23 अक्तूबर को मेलबर्न क्रिकेट मैदान में होना है.

    इस टूर्नामेंट में दोनों टीमों का ये पहला मैच होने वाला है जिसके टिकट महीनों पहले मात्र 10 मिनट की विंडो में ही बिक गए थे.

    अंदाज़ा लगा लीजिए कि 90,000 दर्शकों से ज़्यादा की क्षमता वाले मेलबर्न मैदान में काम करने वाले भी इतनी तेज़ी से इस मैच के टिकट बिकने से हैरान रह गए थे.

  3. ब्रेकिंग न्यूज़, टी-20 वर्ल्ड कप: न्यूज़ीलैंड ने ऑस्ट्रेलिया के सामने रखा 201 रनों का लक्ष्य

    सिडनी में खेले जा रहे टी-20 वर्ल्ड कप के मुक़ाबले ने न्यूज़ीलैंड ने पहले खेलते हुए मेजबान ऑस्ट्रेलिया के सामने 201 रनों का लक्ष्य रखा है.

    न्यूज़ीलैंड की टीम ने तीन विकेट के नुक़सान पर 200 रन बनाए. इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर न्यूज़ीलैंड को पहले बल्लेबाज़ी करने के लिए कहा था.

    न्यूज़ीलैंड के लिए फिन एलेन और डेवन कॉनवे ने पारी की अच्छी शुरुआत की लेकिन ऑस्ट्रेलिया के हैज़लवुड ने ये साझीदारी तोड़ी.

    न्यूज़ीलैंड टीम की बल्लेबाज़ी

    सबसे अधिक 58 गेंदों पर नाबाद 92 रन डेवोन कॉनवे ने बनाए. वहीं फिन एलन ने 16 गेंदों में 42 रन जुटाने में कामयाब हुए. और जेम्स नीशम ने 13 गेंद पर नाबाद 26 रन बनाए. कप्तान केन विलियम्सन ने 23 रनों का योगदान दिया.

  4. जब यूके की संसद में बोलते-बोलते 'सो' गई रोबोट

    ब्रिटेन की संसद में मौजूद एक रोबोट जब अचानक से ‘सो गई’.

    यह इंसानों जैसी दिखने वाली ह्यूमोनॉयड रोबोट एडा है.

    जो कुछ दिन पहले ब्रिटेन की संसद में सवालों के जवाब देने पहुंची थी.

    सवालों का जवाब देते-देते एक वक़्त ऐसा आया जब एडा अचानक से रुक गई.

  5. पश्चिम रेलवे ने प्लेटफॉर्म टिकट की कीमत पांच गुना बढ़ाई

    पश्चिम रेलवे ने त्योहार के मौके पर कई बड़े स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकट की कीमतें बढ़ा दी हैं. रेलवे ने प्लेटफॉर्म टिकट की कीमत 10 रुपये से बढ़ाकर 50 रुपये कर दी है.

    रेलवे का कहना है कि त्योहार के मौके पर स्टेशनों में बेवजह होने वाली भीड़ से बचने के लिए यह फ़ैसला लिया गया है.

    रेलवे ने मुंबई सेंट्रल, दादर, बोरिवली, बांद्रा टर्मिनस, वापी, वलसाड, उधना और सूरत स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकट के दाम बढ़ाए हैं.

    रेलवे का कहना है कि इस फ़ैसले से प्लेटफॉर्म और फुट ओवरब्रिजों पर होने वाली भीड़ में लगाम लगेगी. ये बढ़ी हुई कीमत 22 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक लागू रहेगी.

    रेलवे ने छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, दादर, लोकमान्य तिलक टर्मिनस, ठाणे, कल्याण और पनवेल स्टेशनों पर भी नयी दरें लागू की हैं.

  6. दिल्ली में क़त्ल-ए-आम करवाने वाले तैमूर लंग की कहानी- विवेचना

    तैमूर लंग की गिनती इतिहास के क्रूरतम शासकों में होती है.

    वर्ष 1398 में उसने दिल्ली पर हमला कर न सिर्फ़ बड़े पैमाने पर लूटपाट की बल्कि ऐसा कत्ल-ए-आम करवाया जिसकी इतिहास में मिसाल नहीं मिलती.

    विवेचना में रेहान फ़ज़ल बता रहे हैं तैमूर के दिल्ली हमले की कहानी.

  7. ब्रेकिंग न्यूज़, चीन के पूर्व राष्ट्रपति हू जिंताओ पार्टी की बैठक से अचानक बाहर क्यों चले गए?

    चीन के पूर्व राष्ट्रपति हू जिंताओ को शनिवार को कम्युनिस्ट पार्टी कांग्रेस के समापन के मौके पर नाटकीय ढंग से बाहर निकलना पड़ा.

    समाचार एजेंसी एएफ़पी की रिपोर्ट के अनुसार, हू जिंताओ के कांग्रेस छोड़कर जाने को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं. हालांकि अब तक इस बारे में कुछ स्पष्ट नहीं है.

    कांग्रेस में जिंताओ, राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ पहली पंक्ति में बैठे थे. कमज़ोर दिख रहे 79 साल के जिंताओ वहां से बाहर निकलने के लिए बेचैन दिखे.

    हू जिंताओ को वहां मौजूद एक कर्मचारी ने पहले हाथ से सहारा दिया लेकिन बाद में उन्हें दोनों हाथों से उठाकर बाहर ले गया.

    इसके पहले जिंताओ ने करीब एक मिनट तक राष्ट्रपति जिनपिंग और पूर्व राष्ट्रपति ली केकियांग से बात की और उसके बाद हॉल से बाहर जाने लगे.

    उनके बगल में बैठे जिनपिंग के पास कुछ पेपर थे जिन्हें जिंताओं ने उठाने की कोशिश की. जाते-जाते हू जिंताओ ने जिनपिंग की पीठ थपथपाई औप उठकर जाने लगे. इस दौरान वहां मौजूद बाकी लोग उन्हें ही देख रहे थे.

    एक सप्ताह तक चलने वाली कम्युनिस्ट पार्टी कांग्रेस अमूमन बंद दरवाज़ों में ही होती है. लेकिन हू जिंताओ के बाहर निकलने का वाकया तब हुआ जब पत्रकारों को समापन समारोह कवर करने के लिए अंदर आने की अनुमति दी गई थी.

    फिलहाल प्रशासन की ओर से जिंताओ के बाहर जाने को लेकर कोई स्पष्टीकारण नहीं दिया गया. हॉल में मौजूद 2300 डेलिगेट्स के शी जिनपिंग को शीर्ष नेतृत्व में फिर से चुनने से ठीक पहले जिंताओ बाहर निकले.

    यूरेशिया ग्रुप कंसल्टेंसी के वरिष्ठ चीन विश्लेषक नेल थॉमस ने कहा, "हमें अब तक नहीं पता कि जिंताओ ने यह कदम क्यों उठाया, क्या वो जिनपिंग के विरोध में बाहर निकले या फिर उम्र का असर था जो ऐसे वक्त में उन्हें कुछ परेशानी हुई हो."

    शी जिनपिंग पूरी तरह आश्वस्त हैं कि रविवार को उन्हें एक बार फिर अगले पांच साल के लिए पार्टी का महासचिव घोषित किया जाएगा. इसके साथ जिनपिंग के तीसरी बार राष्ट्रपति बनने का रास्ता साफ हो जाएगा.

    हू जिंताओ से एक दशक पहले सत्ता लेने वाले शी जिनपिंग अब माओ ज़ेडॉन्ग के बाद चीन के सबसे प्रभावशाली नेता बनकर उभरे हैं.

    शी जिनपिंग पर पार्टी में विरोधी आवाज़ों को दबाने के आरोप लगते रहे हैं. उन्होंने अपने कई प्रतिद्वंद्वियों को जेल में डलवा दिया और विरोध जताने वाली जनता पर भी कोई रहम नहीं किया.

  8. रूसी सैनिकों की गोलीबारी में फंसी बीबीसी टीम

    रूस और यूक्रेन के बीच जंग तेज़ हो गई है.

    इस दौरान बीबीसी की टीम रूसी सैनिकों की तरफ से हो रही गोलीबारी में फंस गई थी.

    फिर क्या हुआ?

  9. अरुणाचल प्रदेश: हेलिकॉप्टर क्रैश में चार जवानों के शव मिले, एक की तलाश जारी, जांच के आदेश

    अरुणाचल प्रदेश के अपर सियांग ज़िले में सेना के हेलिकॉप्टर क्रैश में लापता एक जवान की तलाश शनिवार को जारी है.

    सेना के प्रवक्ता ने बताया कि शुक्रवार सुबह एडवांस लाइट हेलिकॉप्टर (एएलएच) में दो पायलट समेत पांच जवान नियमित उड़ान पर थे. करीब 10 बजकर 43 मिनट पर वेस्ट सियांग ज़िले के मिगिंग में हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया.

    सेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल एएस वालिया ने बताया कि पांचवें जवान की तलाश में सेना और एयरफोर्ट की टीमें लगी हैं. जिस जगह हेलिकॉप्टर क्रैश हुआ है वहां घने जंगल और पहाड़ की खड़ी ढलान की वजह से पहुंचना काफ़ी कठिन है.

    उन्होंने बताया कि चीनी सीमा से करीब 35 किलोमीटर दूर घने पहाड़ी इलाके के बीच चार जवानों के शव शुक्रवार शाम को बरामद हुआ थे. हेलिकॉप्टर क्रैश की वजह अब तक पता नहीं चल सकी है, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है.

    सेना के प्रवक्ता ने बताया कि उड़ान के लिए मौसम बिल्कुल साफ था. दोनों पायलट एक साथ इसी हेलिकॉप्टर पर 600 से अधिक घंटों की उड़ाने भर चुके थे. यह एयरक्राफ्ट जून 2015 में सेना में शामिल किया गया था.

    उन्होंने बताया कि क्रैश से पहले एयर ट्रैफ़िक कंट्रोल (एटीसी) को टेक्निकल या मैकेनिकल खामी के संकेत देने वाला ‘मे डे’ कॉल मिला था. सेना ने इस हादसे की जांच शुरू कर दी है.

    अरुणाचल प्रदेश में इस महीने हेलिकॉप्टर क्रैश की यह दूसरी घटना है. इसके पहले पांच अक्टूबर को तवांग ज़िले में चीता हेलिकॉप्टर क्रैश हुआ था, जिसमें एक पायलट की मौत हो गई थी.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, 1995 से अब तक अरुणाचल प्रदेश में क्रैश की 13 घटनाएं हो चुकी हैं और इनमें 47 लोग मारे जा चुके हैं.

  10. सऊदी अरब के तेल मंत्री को आना पड़ा भारत, जानिए क्या कहा

    सऊदी अरब ने तेल उत्पादन घटाने के ओपेक-प्लस देशों के फ़ैसले का बचाव किया है.

    'इकोनॉमिक टाइम्स' के मुताबिक़ सऊदी अरब के ऊर्जा मंत्री अब्दुल अज़ीज़ बिन सलमान भारत के पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी, बिजली मंत्री आरके सिंह और वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल के साथ नई दिल्ली में बातचीत में कहा कि सुरक्षित, स्थिर और टिकाऊ एनर्जी मार्केट के लिए सऊदी अरब सही कदम उठा रहा है.

    ओपेक-प्लस देशों की ओर से कच्चे तेल के उत्पादन में कटौती के फैसले से भारत को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है.

    यूक्रेन-रूस युद्ध ने तेल सप्लाई की अड़चनों को बढ़ा दिया है. भारत में इस वजह से तेल के दाम कम नहीं हो रहे हैं. भारत तेल आयात करने वाला दुनिया का तीसरा बड़ा देश है.

  11. रोज़गार मेले की लॉन्चिंग के मौके पर क्या बोले प्रधानमंत्री मोदी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए रोज़गार मेले की शुरुआत की.

    समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, सरकार इस रिक्रूटमेंट ड्राइव के जरिए दस लाख लोगों को नौकरी देने जा रही है. इस कार्यक्रम के तहत शनिवार को 75 हज़ार लोगों को नियुक्ति पत्र भी सौंपा जाना है.

    इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा, "बीते आठ वर्षों में देश में रोजगार और स्वरोजगार का जो अभियान चल रहा है, आज उसमें एक और कड़ी जुड़ रही है. ये कड़ी है रोज़गार मेले की. आज केंद्र सरकार 75 हज़ार युवाओं को नियुक्ति पत्र दे रही है. विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि के लिए हम आत्मनिर्भर भारत के रास्ते पर चल रहे हैं."

    "इसमें हमारे इनोवेटर्स, उद्यमियों, किसानों, सेवाओं और मैन्युफैक्चरिंग जुड़े साथियों की बड़ी भूमिका है. आज अगर केंद्र सरकार के विभागों में इतनी तत्परता, इतनी एफिशियंसी आई है, इसके पीछे 7-8 साल की कड़ी मेहनत है, कर्मयोगियों का विराट संकल्प है. आज भारत दुनिया की पांचवीं बड़ी अर्थव्यवस्था है. 7-8 साल के भीतर हमने 10वें नंबर से 5वे नंबर तक की छलांग लगाई है."

    "ये संभव हो पा रहा है क्योंकि बीते आठ वर्षों में हमने देश की अर्थव्यवस्था की उन कमियों को दूर किया है, जो रुकावटें पैदा करती थीं. आज हमारा सबसे अधिक बल युवाओं के कौशल विकास पर है. प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत देश के उद्योगों की ज़रूरतों के हिसाब से युवाओं को ट्रेनिंग देने का एक बहुत बड़ा अभियान चल रहा है."

    "इसके तहत अभी तक सवा करोड़ से अधिक युवाओं को स्किल इंडिया अभियान की मदद से ट्रेन किया जा चुका है. रोज़गार के कई नए अवसर बन रहे हैं. आज गाड़ियों से लेकर मेट्रो कोच, ट्रेन के डिब्बे, डिफेंस के साजो-सामान तक अनेक सेक्टर में निर्यात तेजी से बढ़ रहा है. ये तभी हो रहा है क्योंकि भारत में फैक्ट्रियां बढ़ रही हैं और साथ ही काम करने वालों की संख्या बढ़ रही है."

    "गांवों में बड़ी संख्या में रोज़गार निर्माण का एक और उदाहरण, हमारा खादी और ग्रामोद्योग है. देश के पहली बार खादी और ग्रामोद्योग, 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक का हो चुका है. इन वर्षों में खादी और ग्रामोद्योग में 1 करोड़ से अधिक रोज़गार बने हैं. इसमें बड़ी संख्या में हमारी बहनों की ज़िम्मेदारी है."

    "बीते वर्षों में सेल्फ हेल्प ग्रुप से 8 करोड़ महिलाएं जुड़ी हैं जिन्हें भारत सरकार आर्थिक मदद दे रही हैं. ये करोड़ों महिलाएं अब अपने बनाए उत्पाद देश भर में बिक्री कर रही हैं, अपनी आय बढ़ा रही हैं. स्टार्ट अप इंडिया अभियान ने तो देश के कई युवाओं के सामर्थ्य को पूरी दुनिया में स्थापित कर दिया है."

    "साल 2014 तक जहां देश में कुछ सौ ही स्टार्ट अप थे, आज ये संख्या 80 हज़ार से अधिक हो चुकी है. मुद्रा योजना जैसी विभिन्न योजनाएं छोटे लोन के माध्यम से युवाओं के सपनों को पंख दे रही हैं. ये योजनाएं युवाओं को व्यवसाय शुरू करने और रोजगार का सृजन करने वाला बनने में सक्षम बना रही है."

    "21वीं सदी में देश का सबसे महत्वाकांक्षी मिशन है, मेक इन इंडिया, आत्मनिर्भर भारत. आज देश कई मामलों में एक बड़े आयातक से एक बहुत बड़े निर्यातक की भूमिका में आ रहा है. अनेक ऐसे सेक्टर हैं, जिसमें भारत आज ग्लोबल हब बनने की तरफ़ तेज़ी से आगे बढ़ रहा है. भारत कई मायनों में आत्मनिर्भर बन रहा है. देश की युवा आबादी को हम अपनी सबसे बड़ी ताक़त मानते हैं. आज़ादी के अमृतकाल में विकसित भारत के निर्माण के सारथी युवा हैं."

  12. टी20 विश्व कप: भारत को हराने के लिए ये कर रहा है पाकिस्तान

    टी20 विश्व कप का मंच तैयार है और शनिवार से बड़े मुकाबले शुरू हो जाएंगे. लेकिन इस टूर्नामेंट के जिस मैच का सभी को इंतज़ार है, वो है भारत-पाकिस्तान के बीच रविवार को मेलबर्न में खेला जाना वाला मुकाबला.

    भारत से नितिन श्रीवास्तव और पाकिस्तान से रशीद शकूर बीबीसी के लिए वर्ल्ड कप कवर करने के लिए ऑस्ट्रेलिया पहुंचे हैं. पेश है ये रिपोर्ट. कैमरा संभाला मोहम्मद शुहैब ने.

  13. भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में 4.5 अरब डॉलर की गिरावट

    रिजर्व बैंक ऑफ़ इंडिया ने शुक्रवार को बताया है कि 14 अक्टूबर को ख़त्म होने वाले हफ़्ते में भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में 4.5 अरब डॉलर की गिरावट दर्ज की गई है.

    इस गिरावट के साथ भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 528.37 अरब डॉलर हो गया है.

    हालांकि इससे पिछले वाले हफ़्ते में विदेशी मुद्रा भंडार में 20 करोड़ डॉलर की वृद्धि हुई थी. इस साल अगस्त के बाद से वो पहला मौका था जब किसी हफ़्ते भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में इजाफा देखा गया था.

    समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, अक्टूबर, 2021 में विदेशी मुद्रा भंडार 645 अरब डॉलर के साथ अब तक के अपने सर्वोच्च स्तर पर था.

  14. गुजरात के इस गांव को आज़ादी के बाद पहली बार मिली पब्लिक बस सर्विस

    सांधकुवा, पश्चिमी गुजरात प्रांत का एक जनजातीय बहुल गांव है. हाल ही में इस गांव में कुछ ऐसा हुआ जिससे यहां के लोगों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा.

    इस गांव को पहली बार सार्वजनिक बस सुविधा मिली है.

    खुशी से झूम रहे गांव वालों के लिए यह एक यादगार पल था और वो इसे यादगार बनाना चाहते थे.

    उन्होंने उस बस को फूलों से सजाया और एक भव्य जुलूस भी निकाला. यह जुलूस पूरे गांव में घूमा.

  15. पाकिस्तान के ख़िलाफ़ मैच से पहले क्या बोले रोहित शर्मा?

    भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने शनिवार को पाकिस्तान के साथ मैच को लेकर बयान दिया है.

    टी-20 विश्व कप में भारत और पाकिस्तान का पहला मुकाबला रविवार को होना है. मैच से एक दिन पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में रोहित शर्मा से बीसीसीआई और पीसीबी के बीच छिड़े विवाद को लेकर भी सवाल किया गया.

    दरअसल, भारत ने 2023 में होने वाले एशिया कप के लिए पाकिस्तान जाने से इनकार कर दिया है. ऐसे में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने संकेत दिए हैं कि भारत में होने वाले वनडे विश्व कप से वो भी किनारा कर सकता है.

    इस सवाल पर रोहित शर्मा ने कहा, "फिलहाल हमारा वर्ल्ड कप पर है क्योंकि हमारे लिए यह ज़्यादा ज़रूरी है. हमें इस बात की चिंता नहीं है कि बाद में क्या होने वाला है. उसके बारे में सोचने का कोई मतलब नहीं है. इस बारे में फ़ैसला बीसीसीआई को लेना है. हमारा ध्यान फिलहाल कल के मैच पर है."

    मैच को लेकर रोहित शर्मा ने कहा कि टीम के सभी खिलाड़ी फिट हैं.

    उन्होंने कहा, "बारिश के आसार हैं तो टॉस ज़्यादा महत्वपूर्ण हो जाता है. हालांकि मैंने मेलबर्न के मौसम के बारे में काफ़ी सुना है ये बदलता रहता है. देखते हैं कल क्या होता है. अगर कुछ विपरीत परिस्थितियां बनीं तो मैच के ओवर कम हो सकते हैं."

    पाकिस्तान के साथ मैच में दवाब होने के सवाल पर रोहित शर्मा ने कहा, "मैं दबाव शब्द का इस्तेमाल नहीं करना चाहता, लेकिन ये बना रहता है. ये कभी नहीं बदलेगा. मैं इसे एक चुनौती की तरह लेना चाहता हूं. 2007 से 2022 तक पाकिस्तान की सारी टीमों से ये टीम काफ़ी चुनौतीपूर्ण है. पिछले विश्वकप में पाकिस्तान ने अच्छा खेला. उन्होंने हमें हराया था."

    रोहित शर्मा ने कहा कि ज़रूरत पड़ी तो हर मैच में प्लेइंग 11 को बदला जाएगा.

    उन्होंने कहा, "हम थोड़े निराश हैं कि बीते 9 साल में हमने आईसीसी के बड़े टूर्नामेंट नहीं जीते हैं."

  16. COVER STORY: बिजली संकट के बीच रूस पर बढ़त बनाता यूक्रेन

    ऊर्जा ठिकानों पर रूस के हमले के बाद यूक्रेन को बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा है.

    लेकिन इन चुनौतियों के बाद भी यूक्रेन कई इलाक़ों में रूस पर बढ़त बना रहा है.

    देखिए जंग के मोर्चे से बीबीसी संवाददाता जॉनाथन बील की रिपोर्ट.

  17. रीवा बस हादसे में मरने वालों की संख्या 15 हुई, सीएम योगी ने की मुआवज़े की घोषणा

    मध्य प्रदेश के रीवा में एक बस और ट्रक की टक्कर में मरने वालों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है. पुलिस के मुताबिक इस हादसे में करीब 40 लोग घायल हुए हैं.

    यात्री बस और ट्रक की टक्कर शुक्रवार रात करीब साढ़े 10 बजे सुहागी पहाड़ी पर हुई. हैदराबाद से गोरखपुर जा रही इस बस में करीब 100 यात्री सवार थे. बस में सवार यात्री उत्तर प्रदेश के थे.

    यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर शोक प्रकट किया और हादसे में मरने वालों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये का मुआवज़ा देने की घोषणा की.

    सीएम योगी ने ट्वीट किया, "मध्य प्रदेश के रीवा में सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुखद है. प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान व घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें. मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं.’’

    एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा, "मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान जी से घायलों के समुचित उपचार व उत्तर प्रदेश निवासी दिवंगतों के पार्थिव शरीर को प्रदेश तक पहुंचाने हेतु वार्ता हुई है. प्रदेश निवासी दिवंगतों के परिजनों को 02-02 लाख रुपये व गंभीर घायलों को 50-50 हज़ार रुपये सहायता राशि प्रदान करने हेतु निर्देश दिए हैं.’’

    इलाज का खर्च उठाएगी मध्य प्रदेश सरकार

    मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी इस दुर्घटना पर शोक प्रकट किया. उन्होंने कहा कि दुर्घटना में घायल हुए लोगों के इलाज का खर्च मध्य प्रदेश सरकार उठाएगी.

    उन्होंने बताया कि घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद बस के द्वारा प्रयागराज भेजा गया है. गंभीर रूप से घायलों का इलाज रीवा मेडिकल कॉलेज में चल रहा है.

    रीवा के कलेक्टर मनोज पुष्प ने बताया, ‘‘ये बस हैदराबाद से आ रही थी. सुहागी घाटी पर ये बस एक ट्रक से टकराई. ऐसा लग रहा है कि ट्रक की उसके आगे चल रहे दूसरे ट्रक से टक्कर हुई जिसके चलते उनसे ब्रेक लगाया होगा और तब बस उससे टकराई. बस अगला हिस्सा पूरी तरह ट्रक में घुस गया था जिससे बस के केबिन और आगे की सीटों में बैठे लोगों की मौत हुई है. बहुत सारे लोग घायल हुए हैं.‘’

    उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई. स्थानीय लोग भी मदद के लिए आगे आए. क्रेन की मदद से बस और ट्रक को अलग किया गया. करीब 40 लोगों को तत्काल रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया.

  18. गुजरात: ट्रैफ़िक नियम तोड़ने पर नहीं भरना पड़ेगा चालान, सरकार पर उठे सवाल

    गुजरात के गृह राज्यमंत्री हर्ष संघवी ने शुक्रवार को घोषणा की है कि एक हफ़्ते तक ट्रैफ़िक नियमों का उल्लंघन करने पर कोई जुर्माना नहीं भरना पड़ेगा. इस फ़ैसले की सोशल मीडिया पर काफ़ी निंदा हो रही है.

    सूरत में एक कार्यक्रम में हर्ष संघवी ने कहा कि दिवाली के त्योहार को देखते हुए यह फ़ैसला लिया गया है कि 21 से 27 अक्टूबर तक ट्रैफ़िक नियमों के उल्लंघन पर ट्रैफ़िक पुलिस कोई चालान नहीं काटेगी.

    उन्होंने कहा, "21 अक्टूबर से 27 अक्टूबर तक गुजरात ट्रैफ़िक पुलिस किसी भी नागरिक से जुर्माना नहीं वसूलेगी. इस दौरान अगर कोई व्यक्ति बिना हेलमेट या लाइसेंस के पाया जाता है या फिर दूसरा कोई ट्रैफ़िक नियम तोड़ता है तो पुलिस उसे सिर्फ सलाह दे सकती है, कोई जुर्माना नहीं वसूलेगी.’’

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, गुजरात सरकार के मंत्री ने कहा, ‘‘इसका मतलब ये नहीं है कि आप ट्रैफ़िक नियमों का पालन न करें, लेकिन अगर आप से ग़लती हो जाती है तो आपको जुर्माना नहीं भरना पड़ेगा.’’

    हर्ष संघवी ने इस बारे में एक ट्वीट भी किया. उन्होंने लिखा, "दिवाली भारतीय संस्कृति में रोशनी का सबसे बड़ा त्योहार है. यह त्योहार रंगोली के रंगों, बहुत सारी मिठाइयों, दीपों और पटाखों के उत्साह के साथ आता है. इस पर्व के अवसर पर गुजरात सरकार के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने सार्वजनिक हित में एक और निर्णय लिया है.’’

    इस घोषणा को लेकर सोशल मीडिया पर जहां आम लोग सरकार की आलोचना कर रहे हैं वहीं राजनीतिक दलों ने इसे बीजेपी का चुनावी पैंतरा बताया है.

    गुजरात के विधायक जिग्नेश मेवाणी ने एक ट्वीट में कहा, ‘’चुनाव आप से बहुत कुछ करवा सकता है.’’

    राष्ट्रीय लोकदल (आएलडी) के नेता जयंत सिंह चौधरी ने आरोप लगाया कि गुजरात की बीजेपी सरकार वोटों के लिए लोगों की ज़िंदगी ख़तरे में डाल रही है.

    उन्होंने यह सवाल भी उठाया कि क्या इसीलिए चुनाव आयोग ने राज्य में चुनाव की तारीखों के एलान में देरी की है ताकि वोटरों को इस तरह की ‘वाहियात रेवड़ी’ से लुभाया जा सके.

  19. ब्रेकिंग न्यूज़, मध्य प्रदेश के रीवा में भीषण हादसा, ट्रक-बस की टक्कर में 14 लोगों की मौत

    मध्य प्रदेश के रीवा में एक बस और ट्रक की टक्कर में 14 लोगों की मौत हो गई है और करीब 40 लोग जख़्मी बताए जा रहे हैं.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, घायलों में से 20 लोगों को इलाज के लिए यूपी के प्रयागराज ज़िले एक अस्पताल ले जाया गया है.

    एसपी रीवा नवनीत भसीन ने बताया कि बस हैदराबाद से गोरखपुर जा रही थी और बस में सवार सभी लोग उत्तर प्रदेश के हैं.

    रीवा के कलेक्टर मनोज पुष्प ने बताया, ‘‘ये बस हैदराबाद से आ रही थी. सुहागी घाटी पर ये बस एक ट्रक से टकराई. ऐसा लग रहा है कि ट्रक की उसके आगे चल रहे दूसरे ट्रक से टक्कर हुई जिसके चलते उसने ब्रेक लगाया होगा और तब बस उससे टकराई. बस अगला हिस्सा पूरी तरह ट्रक में घुस गया था जिससे बस के केबिन और आगे की सीटों में बैठे लोगों की मौत हुई है. बहुत सारे लोग घायल हुए हैं.‘’

    उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई. स्थानीय लोग भी मदद के लिए आगे आए. क्रेन की मदद से बस और ट्रक को अलग किया गया. करीब 40 लोगों को तत्काल रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया.

    एसपी नवनीत भसीन ने कहा कि बस में सवार लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद उनके गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था भी की जा रही है.

    उन्होंने बताया कि जिस ट्रक से बस की टक्कर हुई है वह भी सामने से क्षतिग्रस्त लग रहा है. ऐसे में यह कयास लगाया जा रहा है कि ट्रक का एक्सीडेंट भी हुआ होगा. फिलहाल ट्रक के ड्राइवर और क्लीनर की तलाश की जा रही है.

    मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने इस घटना पर शोक प्रकट किया है. उन्होंने एक ट्वीट में लिखा, ‘‘रीवा में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में कई लोगों का असामयिक निधन अत्यंत दुःखद और पीड़ादायक है.’’

  20. ऋषि सुनक ब्रिटेन के प्रधानमंत्री पद की रेस में सबसे आगे, क्या बोरिस जॉनसन भी उतरेंगे?

    ब्रिटेन की प्रधानमंत्री लिज़ ट्रस के इस्तीफ़े के बाद एक बार फिर ऋषि सुनक प्रधानमंत्री पद की रेस में आगे दिख रहे हैं.

    भारतीय मूल के सुनक को कंज़र्वेटिव पार्टी के नेता और पीएम पद के नामांकन के लिए 100 सांसदों के समर्थन की ज़रूरत होगी.

    पूर्व चांसलर सुनक के पास फिलहाल 93 सांसदों का समर्थन है. हालांकि उनके कैंपेन से जुड़े एक सूत्र ने दावा किया है कि उन्हें 100 सांसदों का समर्थन मिल चुका है.

    पूर्व प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन भी पीएम पद की रेस में दिख रहे हैं. उन्हें 44 सांसदों का समर्थन प्राप्त है. बोरिस जॉनसन छुट्टियां मनाने गए थे लेकिन राजनीतिक हालात बदलने के बाद अब वो लंदन लौट रहे हैं.

    पेनी मॉरडॉन्ट पहले नेता थे जिन्होंने खुद को दावेदार बताया था और उन्हें अब तक कुल 21 सांसदों का समर्थन मिला है.

    बोरिस जॉनसन का समर्थन कर रहे व्यापार मंत्री सर जेम्स डूडरिज ने बीबीसी को बताया कि ‘‘वो (बोरिस) घर लौट रहे हैं और इस रेस में शामिल होने के लिए तैयार हैं.’’

    हालांकि अब तक ऋषि सुनक और बोरिस जॉनसन दोनों ने आधिकारिक तौर पर चुनाव प्रचार शुरू नहीं किया है लेकिन समर्थकों को चुप भी नहीं कराया है.

    बोरिस जॉनसन डोमिनिकन रिपब्लिक में छुट्टियां मना रहे थे लेकिन अब वो शनिवार सुबह तक लंदन लौट आएंगे.

    स्काई न्यूज़ ने विमान में बैठे जॉनसन की एक तस्वीर जारी की जिसमें वो पत्नी और बच्चों के साथ थे. विमान में सवार उनके रिपोर्टर ने कहा कि पूर्व पीएम को यात्रियों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली, "कुछ उनके समर्थन में थे और कुछ लोग थोड़ी हैरानी में दिख रहे थे."

    क्या बोले समर्थक?

    ऋषि सुनक के समर्थकों ने बीबीसी को बताया कि बैलेट पेपर के लिए ज़रूरी 100 सांसदों का समर्थन उन्हें मिल चुका है.

    सुनक को वरिष्ठ सांसदों से समर्थन मिला है, इनमें पूर्व चांसलर और स्वास्थ्य मंत्री साजिद जाविद, सिक्योरिटी मंत्री टॉम टुगेंधात और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री मैट हैंकॉक का समर्थन शामिल है.

    साजिद जाविद ने कहा, ‘‘यह बेशक स्पष्ट है कि जो हमें फिलहाल चाहिए वो ऋषि सुनक में है. वो पार्टी का नेतृत्व करने और देश को आगे ले जाने के लिए सही शख्स हैं.’’

    सुनक के एक अन्य समर्थक टोबियास एलवुड ने बताया कि ऋषि सुनक का समर्थन करने वाले वो 100वें सांसद हैं.

    उन्होंने कहा, ‘‘यह विश्वसनीय घरेलू और अंतरराष्ट्रीय नेतृत्व वाली सरकार के लिए संवेदनशील, मध्यमार्गी, स्थिर और वित्तीय रूप से ज़िम्मेदार शख़्स को इस पद पर होना चाहिए."

    बोरिस जॉनसन के एक समर्थक ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री के पास समर्थन भी है और जीत भी सकते हैं.