You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

एफ़एटीएफ़ की ग्रे लिस्ट से बाहर हुआ पाकिस्तान

प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ और विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो ज़रदारी ने ट्वीट कर पाकिस्तान के लोगों को बधाई दी है.

लाइव कवरेज

प्रियंका झा and चंदन शर्मा

  1. 'गीता में जिहाद की बात' वाले बयान पर अब पूर्व गृह मंत्री शिवराज पाटिल ने दी सफ़ाई

    पूर्व गृह मंत्री और कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवराज पाटिल अपने उस बयान से पीछे हट गए हैं, जिसमें उन्होंने कहा था कि गीता में भी श्रीकृष्ण ने अर्जुन को जिहाद का संदेश दिया था.

    विवाद बढ़ने के बाद जब शिवराज पाटिल से मीडिया ने उनके बयान पर सवाल किया तो उन्होंने कहा, "ये जिहाद का संदेश देने की बात आप (मीडिया) कर रहे हैं जो जिहाद कह रहे हैं. क्या आप कृष्ण के अर्जुन को दिए संदेश को जिहाद कहेंगे क्या? नहीं कहेंगे न? यही मैं भी कह रहा था."

    क्या कहा था शिवराज पाटिल ने?

    इससे पहले गुरुवार को शिवराज पाटिल ने दिल्ली में एक किताब के विमोचन के दौरान कहा था कि सिर्फ़ क़ुरान नहीं बल्कि गीता में भी जिहाद की बात कही गई है.

    शिवराज पाटिल ने कहा, "कहा जाता है कि इस्लाम धर्म के अंदर जिहाद की बहुत चर्चा है. लेकिन गीता और जीसस में भी जिहाद है. जब मन के स्वच्छ विचार कोई अगर समझता नहीं है, तब शक्ति का उपयोग करने को कहा जाता है. ये सिर्फ़ कुरान शरीफ़ में नहीं है. गीता के अंदर श्रीकृष्ण ने भी अर्जुन से जिहाद की ही बात कही थी."

    समाचार एजेंसी एएनआई के वीडियो में शिवराज ये भी कह रहे हैं कि ये बात ईसाइयों ने भी लिखी है. अगर सबकुछ समझने के बावजूद कोई हथियार लेकर आ रहा है, तो आप भाग नहीं सकते हैं. उसको आप जिहाद भी नहीं कह सकते हैं. ये तो नहीं होना चाहिए, हथियार लेकर समझाने की बात नहीं होनी चाहिए."

    शिवराज पाटिल के इस बयान पर बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहज़ाद पूनावाला ने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधा और इसे 'वोटबैंक का प्रयोग' बताया है.

    शहज़ाद पूनावाला ने ट्वीट किया, "हिंदुओं से ये नफ़रत संयोग नहीं बल्कि वोटबैंक का प्रयोग है. गुजरात चुनाव से पहले वोटबैंक का ध्रुवीकरण के लिए ये जानबूझकर किया गया है. इससे पहले 'जनेऊधारी' राहुल गांधी भी हिंदुत्व के बारे में काफ़ी कह चुके हैं. उन्होंने कहा लश्कर-ए-तैयबा हिंदु संगठनों से कम ख़तरनाक है, दिग्विजय ने 26/11 हमले के लिए हिंदुओं पर आरोप लगाया."

  2. पीएम मोदी से मिले तो क्या कहेंगे महात्मा गांधी के पोते राजमोहन गांधी

    महात्मा गांधी के पोते और जाने-माने जीवनीकार, लेखक और इतिहासकार राजमोहन गांधी का कहना है कि अगर उनकी मुलाक़ात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से होती है तो वो उनसे कहेंगे कि उनकी शांति से उन्हें बहुत अफ़सोस है.

    कुछ ही दिनों पहले राजमोहन गांधी की एक नई किताब प्रकाशित हुई है जिसका नाम है 'इंडिया ऑफ़्टर 1947: रिफ़लेक्शन्स एंड रिकलेक्शन्स'.

    बीबीसी संवाददाता से एक ख़ास बातचीत में उन्होंने अपनी इस नई किताब के अलावा भारत में लोकतंत्र और मीडिया की मौजूदा स्थिति से लेकर राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा और प्रधानमंत्री नरेंद्र सबके बारे में विस्तार से बातचीत की.

  3. अमेरिका का दावा, यूक्रेन युद्ध में सीधे शामिल हुआ ईरान, रूस के लिए भेजे अपने मिलिट्री एक्सपर्ट्स, जॉर्ज राइट, बीबीसी न्यूज़

    अमेरिका ने कहा है कि ईरान ने रूस को यूक्रेन पर ड्रोन हमले करने में मदद के लिए अपने सैन्य विशेषज्ञ क्राइमिया में तैनात किए हैं.

    अमेरिकी अधिकारी ने कहा कि क्राइमिया में ईरान के ट्रेनर और तकनीकी सपोर्ट देने वाले लोग भेजे हैं.

    सोमवार को ही यूक्रेन की राजधानी कीएव में 'कामिकाज़ी' ड्रोन से हमला हुआ था. माना जा रहा है कि ये ड्रोन रूस ने तैनात किए थे लेकिन ये ईरान के बनाए थे.

    ब्रिटेन ने ड्रोन सप्लाई करने वाली कंपनियों और कुछ लोगों पर प्रतिबंधों का एलान किया था.

    व्हाइट हाउस नेशनल सिक्योरिटी प्रवक्ता जॉन किर्बी ने मीडिया से कहा, "हमने पाया है कि ईरानी सैनिक क्राइमिया में मौजूद हैं और इन अभियानों में रूस की मदद कर रहे हैं."

    उन्होंने कहा, "कुछ ईरानी तकनीकी सहायता मुहैया करा रहे हैं और रूस इन ड्रोन्स को यूक्रेन भेज रहा है."

    किर्बी ने कहा, "तेहरान अब सीधे युद्ध में शामिल है और हथियारों के ज़रिए यूक्रेन के लोगों और नागरिक ढांचों को प्रभावित कर रहा है."

    यूक्रेन के लोगों के खिलाफ़ ईरान के इन हथियारों के इस्तेमाल को उजागर करने, रोकने और उसका सामना करने के लिए अमेरिका "हर तरह से प्रयास करेगा".

    सोमवार को हुए हमले के बाद यूक्रेन ने बताया कि ये ईरान के ड्रोन से किए गए थे. इन्हें 'कामिकाज़ी' ड्रोन कहा जाता है.

    यूक्रेन के अहम बुनियादी ढांचों को निशाना बनाने के लिए रूस ने हाल के दिनों में ड्रोन और मिसाइलों का इस्तेमाल किया है. बीते हफ़्ते सोमवार से जारी हमलों में यूक्रेन के करीब एक तिहाई पावर स्टेशन तबाह हो गए हैं.

    इसके परिणामस्वरूप गुरुवार को पहली बार यूक्रेन में बिजली के इस्तेमाल को सीमित किया गया है.

  4. बीएचयू: बीफ़ पर पूछे गए दो सवालों पर भड़के छात्र, कुलपति को हटाने की मांग

    बनारस हिंदू विश्वविद्यालय में एक परीक्षा में बीफ़ को लेकर पूछ गए सवाल पर गुरुवार को हंगामा हो गया. यहां केटरिंग और होटल मैनेजमेंट के पेपर में बीफ़ से जुड़े दो सवाल पूछे गए थे जिससे नाराज़ छात्रों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया.

    अंग्रेज़ी अख़बारद टेलिग्राफ़के मुताबिक प्रदर्शनकारी छात्रों ने कुलपति सुधीर कुमार जैन को निलंबित करने की मांग की है.

    ये सवाल बैचलर ऑफ़ वोकेशन (फूड प्रोसेसिंग एंड मैनेजमेंट) कोर्स की दूसरे समेस्टर की परीक्षा में पूछे गए थे. विरोध करने वालों का कहना था कि वो किसी छात्र संगठन से नहीं जुड़े हैं.

    उन्होंने गुरुवार को चेतावनी दी कि अगर केंद्र सरकार ने ज़िम्मेदार व्यक्ति को सज़ा नहीं दी तो विरोध प्रदर्शन और तेज़ हो जाएगा.

  5. नेपाली नागरिक बनकर भारत में रह रही चीनी महिला को गिरफ़्तार किया: दिल्ली पुलिस

    दिल्ली पुलिस ने चीन की एक महिला को फर्ज़ी पहचान के साथ देश में रहने और भारत-विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोपों में गिरफ़्तार करने का दावा किया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने दिल्ली पुलिस के हवाले से बताया कि महिला का नाम काई रुओ है और वो चीन के हेनान प्रांत की रहने वाली हैं.

    पुलिस के अनुसार, ये महिला भारत में नेपाली नागरिक बनकर रह रही थीं और इन्हें उत्तरी दिल्ली के मजनू का टीला इलाके से गिरफ़्तार किया गया है.

    पुलिस ने बताया कि वेरिफ़िकेशन के दौरान महिला के पास से नेपाली नागरिकता प्रमाणपत्र मिला, जिसपर डोलमा लामा नाम लिखा था. हालांकि, जब विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय से इस बारे में पूछा गया तो पता लगा कि महिला चीन की नागरिक है और साल 2019 में भारत आई थी.

    समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार महिला के ख़िलाफ़ 17 अक्टूबर को आईपीसी की धारा 120 बी, 419, 420, 467 और अन्य संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है. फिलहाल इस महिला को 14 दिनों की पुलिस हिरासत में भेजा गया है.

  6. ग़ाज़ियाबाद में महिला को अग़वा कर गैंगरेप की बात बिल्कुल झूठ थी: पुलिस

    ग़ाज़ियाबाद पुलिस ने गुरुवार को कहा कि दिल्ली की 38 साल की महिला को अगवा कर कथित गैंग-रेप की बात पूरी तरह से झूठी थी.

    पुलिस ने महिला के तीन दोस्तों को गिरफ़्तार कर लिया है. पुलिस का कहना है कि ये तीनों से इस साज़िश के हिस्सा थे. महिला की शिकायत पर इससे पहले पुलिस ने पाँच संदिग्धों को ख़िलाफ़ मामला दर्ज किया था.

    पुलिस ने कहा कि महिला के तीनों दोस्तों ने फ़र्ज़ी मामला बनाने का गुनाह स्वीकार कर लिया है. महिला के ये तीनों दोस्त हैं- दिल्ली में वेलकम के आज़ाद तहसीन, गौतमबुद्ध नगर में बादलपुर के गौरव शरण और ग़ाज़ियाबाद में कालिया भट्टा के मोहम्मद अफ़ज़ल.

    मेरठ रेंज के आईजी प्रवीण कुमार ने गुरुवार शाम प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर कहा, ''हमने महिला के तीनों दोस्तों को गिरफ़्तार कर लिया है. इन तीनों ने इसे स्वीकार किया है कि पूरा मामला झूठ था. हमने सबूतों के आधार पर इनकी पुष्टि भी की है. रेप का नाटक पाँच व्यक्तियों के ख़िलाफ़ संपत्ति विवाद में रचा गया था. इन्हीं पाँचों को पहले संदिग्ध माना गया था.''

  7. पीएम मोदी ने केदारनाथ में हिमाचल प्रदेश के पारंपरिक परिधान पहन की पूजा-अर्चना

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को उत्तराखंड के केदारनाथ धाम पहुँचे और यहां मंदिर में पूजा-अर्चना की.

    पीएम मोदी ने इस दौरान पारंपरिक पहाड़ी परिधान पहना था. पीएम मोदी के लिए ये परिधान हिमाचल प्रदेश के चम्बा की महिला ने बनाया था. हिमाचल प्रदेश में इस ड्रेस को 'चोला डोरा' कहा जाता है.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तराखंड के दो-दिवसीय दौरे पर हैं. इस दौरान पीएम मोदी कई परियोजनाओं का जायज़ा लेंगे और कुछ नई परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे.

    पीएम मोदी के दौरे के को देखते हुए केदारनाथ और बद्रीनाथ मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. प्रधानमंत्री आदि गुरु शंकराचार्य के समाधि स्थल भी जाएंगे.

  8. कांग्रेस नेता शिवराज पाटिल के 'गीता में भी जिहाद की बात' वाले बयान पर बीजेपी का निशाना

    कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व गृह मंत्री शिवराज पाटिल ने कहा है कि जिहाद की बात सिर्फ़ क़ुरान शरीफ़ में नहीं बल्कि गीता में भी है. शिवराज पाटिल के इस बयान ने विवाद छेड़ दिया है और अब बीजेपी कांग्रेस पर हमलावर हो गई है.

    शिवराज पाटिल ने ये बयान गुरुवार को एक किताब के विमोचन के दौरान दिया.

    शिवराज पाटिल ने कहा, "कहा जाता है कि इस्लाम धर्म के अंदर जिहाद की बहुत चर्चा है. लेकिन गीता और जीसस में भी जिहाद है. जब मन के स्वच्छ विचार कोई अगर समझता नहीं है, तब शक्ति का उपयोग करने को कहा जाता है. ये सिर्फ़ कुरान शरीफ़ में नहीं है. गीता के अंदर श्रीकृष्ण ने भी अर्जुन से जिहाद की ही बात कही थी."

    समाचार एजेंसी एएनआई के वीडियो में शिवराज ये भी कह रहे हैं कि ये बात ईसाइयों ने भी लिखी है. अगर सबकुछ समझने के बावजूद कोई हथियार लेकर आ रहा है, तो आप भाग नहीं सकते हैं. उसको आप जिहाद भी नहीं कह सकते हैं. ये तो नहीं होना चाहिए, हथियार लेकर समझाने की बात नहीं होनी चाहिए."

    शिवराज पाटिल के इस बयान पर बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहज़ाद पूनावाला ने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधा है और इसे 'वोटबैंक का प्रयोग' बताया है.

    शहज़ाद पूनावाला ने ट्वीट किया, "हिंदुओं से ये नफ़रत संयोग नहीं बल्कि वोटबैंक का प्रयोग है. गुजरात चुनाव से पहले वोटबैंक का ध्रुवीकरण के लिए ये जानबूझकर किया गया है. इससे पहले 'जनेऊधारी' राहुल गांधी भी हिंदुत्व के बारे में काफ़ी कह चुके हैं. उन्होंने कहा लश्कर-ए-तैयबा हिंदु संगठनों से कम ख़तरनाक है, दिग्विजय ने 26/11 हमले के लिए हिंदुओं पर आरोप लगाया."

  9. भारतीय टीम पाकिस्तान जाएगी या नहीं, इस सवाल पर क्या बोले नए बीसीसीआई चीफ़ रोजर बिन्नी?

    बीसीसीआई के नए अध्यक्ष रोजर बिन्नी ने कहा है कि अगले साल एशिया कप के लिए भारतीय क्रिकेट टीम पाकिस्तान जाएगी या नहीं, इसका फ़ैसला सरकार करेगी, बोर्ड नहीं.

    कर्नाटक क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से बेंगलुरु में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान रोजर बिन्नी ने बताया कि बीसीसीआई ने अभी तक सरकार से अगले साल क्रिकेट टीम को पाकिस्तान भेजने के मुद्दे पर संपर्क नहीं किया है लेकिन इसको लेकर फ़ैसला सरकार को ही करना है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार उन्होंने कहा, "ये बीसीसीआई का फ़ैसला नहीं है. हमें देश से बाहर जाने के लिए सरकार की मंज़ूरी की ज़रूरत होती है. चाहे हम जाएं या कोई और टीम हमारे देश आए, सरकार की मंज़ूरी ज़रूरी है.

    "एक बार हमें मंज़ूरी मिल जाए तो हम आगे का काम करते हैं. हम ख़ुद फ़ैसला नहीं कर सकते. हमें सरकार पर निर्भर रहना होता है. हमने अभी तक सरकार से इस बारे में बात नहीं की है."

    एशिया कप मुक़ाबले की मेज़बानी अगले साल सितंबर में पाकिस्तान को करनी है.

    बीसीसीआई सेक्रेटरी जय शाह ने कुछ दिन पहले ही कहा था कि अगले साल एशिया कप के लिए भारतीय टीम पाकिस्तान नहीं जाएगी और ये मैच एक न्यूट्रल वेन्यू पर होना चाहिए. रोजर बिन्नी का बयान इसके बाद आया है.

    इससे पहले गुरुवार को ही खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा था कि भारतीय टीम को पाकिस्तान जाने के लिए गृह मंत्रालय की मंज़ूरी की ज़रूरत होगी.

    भारत के रुख से नाराज़ पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने बुधवार को एशियन क्रिकेट काउंसिल से आपात बैठक बुलाने का निवेदन किया था.

    जय शाह के बयान के बाद पीसीबी ने कहा था, "इस तरह के बयान एशियाई और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट समुदायों को बांट सकते हैं और भारत में होने वाले 2023 विश्व कप में पाकिस्तानी दौरे को प्रभावित कर सकते हैं."

    भारत ने साल 2008 के एशिया कप मुक़ाबले के बाद हुए 26/11 हमले के बाद से पाकिस्तान का दौरा नहीं किया है. हमले की वजह से 2009 में दोनों देशों के बीच पहले से तय द्विपक्षीय सिरीज़ भी रद्द कर दी गई थी.

    दोनों देशों के बीच बीते दस सालों से कोई भी द्विपक्षीय सिरीज़ नहीं हुई है. दोनों देशों ने केवल आईसीसी या एसीसी द्वारा आयोजित टूर्नामेंट में ही एक-दूसरे का सामना किया है.

  10. लिज़ ट्रस का इस्तीफ़ा, क्या कह रहे हैं ब्रिटेन के अख़बार

    ब्रिटेन के अख़बारों में शुक्रवार को प्रधानमंत्री पद की दौड़ में शामिल अगले उम्मीदवारों की ख़बरें छाई रहीं.

    लिज़ ट्रस ने महज़ 45 दिनों में ही पीएम पद से इस्तीफ़ा दे दिया.

    'द गार्डियन' ने इस ख़बर को 'द बिटर एंड' शीर्षक से छापा है. अख़बार के अनुसार, अगले पीएम पद का चुनाव एक सप्ताह के भीतर हो जाएगा.

    वहीं, डेली मेल ने बताया है कि बोरिस जॉनसन और ऋषि सुनक का नाम प्रधानमंत्री पद के लिए सबसे आगे चल रहा है लेकिन अभी तक कोई औपचारिक एलान नहीं हुआ है.

    'डेली टेलीग्राफ़' ने दावा किया है कि पूर्व पीएम बोरिस जॉनसन अंदरखाने सांसदों को इस बात के लिए तैयार कर रहे हैं कि वो वापस उन्हें पीएम बनाएं.

    अख़बार का कहना है कि बोरिस जॉनसन ने कंज़र्वेटिव पार्टी के सांसदों से कहा है कि वो पार्टी को चुनाव में हार से बचा सकते हैं. बोरिस जॉनसन लिज़ ट्रस के इस्तीफ़े को अपने लिए मौके के तौर पर देख रहे हैं.

    वहीं, 'द डेली मिरर' का कहना है कि ब्रिटेन की जनता अब 'आम चुनाव' कराने की मांग कर रही है.

    अख़बार 'द सन' ने लिज़ ट्रस को 'विनाशकारी पीएम' कहा है. साथ ही ये भी बताया है कि अगर बोरिस जॉनसन दोबारा पीएम बनने की इच्छा रखते हैं तो उन्हें कम से कम 100 सांसदों के समर्थन की ज़रूरत हैं. हालांकि, अख़बार ने ट्रस की जगह लेने के लिए अभी भी ऋषि सुनक को ही सबका पसंदीदा उम्मीदवार भी कहा है.

    'डेली एक्सप्रेस' अख़बार ने भी बोरिस जॉनसन की वापसी की संभावनाओं पर ज़ोर दिया है. अख़बार के पहले पन्ने पर बोरिस जॉनसन की बड़ी तस्वीर के साथ लिखा है, "ट्रस के इस्तीफ़े के बाद...सबसे बड़ा सवाल है कि क्या पूर्व पीएम बोरिस जॉनसन को वापसी के लिए ज़रूरी सांसदों का समर्थन मिलेगा? क्या बोरिस जॉनसन पीएम पद पर वापसी करेंगे?"

  11. नमस्कार, बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है.

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज में आपको दिनभर ताज़ा और अहम ख़बरें मिलेंगी.

    ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 20 अक्टूबर के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    शुरुआत आज की कुछ बड़ी ख़बरों से:

    • लिज़ ट्रस के इस्तीफ़े के बाद ब्रिटेन के पीएम पद की दौड़ में ऋषि सुनक सबसे आगे.
    • गूगल पर भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग ने लगाया 1337 करोड़ का जुर्माना
    • अमेरिका: न्यूयॉर्क के स्कूलों में अगले साल से दिवाली पर होगी सरकारी छुट्टी.
    • टी-20 वर्ल्ड कप के सुपर 12 की आख़िरी दो टीमों का फैसला आज हो जाएगा.
    • टीवी एक्ट्रेस वैशाली ठक्कर आत्महत्या मामले में मुख्य अभियुक्त राहुल नवलानी को इंदौर से गिरफ़्तार किया गया.