You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

इंडोनेशिया: जकार्ता में इस्लामिक सेंटर की ग्रैंड मस्जिद में लगी आग, गुंबद गिरा

इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता के इस्लामिक सेंट की ग्रैंड मस्जिद में मरम्मत का काम चल रहा था, इसी दौरान बुधवार को आग लग गई और मस्जिद का गुंबद गिर गया है

लाइव कवरेज

दिनेश उप्रेती, प्रियंका झा and अभिनव गोयल

  1. संयुक्त राष्ट्र में भारत और अमेरिका के प्रस्ताव पर चीन ने फिर लगाया अड़ंगा

    संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान स्थित चरमपंथी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के शाहिद महमूद को वैश्विक आतंकवादी घोषित करने संबंधी अमेरिका और भारत के प्रस्ताव पर चीन ने रोक लगा दी है.

    चीन ने ये कदम ऐसे समय उठाया है, जब इसी महीने संयुक्त राष्ट्र में मानवाधिकार के मुद्दे पर भारत ने परोक्ष रूप से चीन का साथ दिया था.

    दरअसल, शिनजियांग में मानवाधिकारों के उल्लंघन के मुद्दे पर संयुक्त राष्ट्र में हुए बहस के प्रस्ताव पर भारत ने वोटिंग नहीं करने का फ़ैसला लिया था.

    ये पहली बार नहीं है जब चीन ने संयुक्त राष्ट्र में किसी पाकिस्तानी चरमपंथी को 'वैश्विक आतंकवादी' घोषित किए जाने के प्रस्ताव को रोका हो.

    इसी साल अगस्त महीने में भी अमेरिका और भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में पाकिस्तान के चरमपंथी संगठन के सदस्य अब्दुल रऊफ़ अज़हर पर वैश्विक प्रतिबंध लगाए जाने और संपत्ति ज़ब्त करने संबंधी प्रस्ताव पेश किया था.

    उस समय भी चीन ने इस प्रस्ताव को रोक दिया था. अब्दुल रऊफ़ अज़हर मसूद अज़हर का भाई है. मसूद अज़हर पर मुंबई हमले का मास्टरमाइंड होने का आरोप है.

    बीते महीने विदेश मंत्री एस जयशंकर ने संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) के 77वें सत्र को संबोधित करते हुए इशारों में चीन पर निशाना साधा था.

    उन्होंने कहा था, "जो भी देश घोषित आतंकवादियों की रक्षा के लिए यूएनएससी 1267 प्रतिबंध व्यवस्था का राजनीतिकरण करते हैं, वे अपने जोखिम पर ऐसा करते हैं."

  2. यूक्रेन युद्ध: रूस ने माना खेरसोन में हालात 'बेहद मुश्किल'

    यूक्रेन में रूसी सुरक्षा बलों के कमांडर ने कहा है कि देश के दक्षिणी शहर खेरसोन में स्थिति 'मुश्किल' भरी है और वहां से लोगों को निकालना होगा.

    जनरल सर्गेई सुरोविकिन ने कहा कि यूक्रेनी सैनिक हिमार रॉकेट का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे शहर के बुनियादी ढांचे और मकान निशाना बन रहे हैं. उन्होंने रूस के सरकारी टीवी चैनल से बातचीत में ये कहा.

    उन्होंने कहा, "रूसी सेना वहां रह रहे लोगों को सुरक्षित निकालेगी."

    उनके इस बयान को रूस के एक अन्य शीर्ष अधिकारी ने भी दोहराया.

    रूस के नियुक्त किए गए क्षेत्रीय अधिकारी किरिल स्त्रेमोसोव ने खेरसोन में रह रहे लोगों को चेताया कि बहुत जल्द ही यूक्रेन की सेना इस शहर में ताबड़तोड़ हमले करेगी.

    उन्होंने टेलीग्राम मेसेजिंग सर्विस पर भेजे संदेश में कहा, "कृपया मेरे शब्दों को गंभीरता से लें. मैं लोगों को जल्द से जल्द यहां से सुरक्षित निकालने की बात कर रहा हूं." उन्होंने कहा कि नाइपर नदी के किनारे रहने वाले लोग सबसे ज़्यादा ख़तरे में हैं.

    रूस ने इस क्षेत्र में व्लादिमीर साल्दो को गवर्नर नियुक्त किया है. साल्दो ने भी एक वीडियो मेसेज में इस ख़तरे वाली बात पर सहमति जताई है.

    खेरसोन यूक्रेन के उन बड़े शहरों में से एक है, जिसपर इसी साल फ़रवरी में हमले के बाद रूस ने कब्ज़ा कर लिया था.

    बीते कुछ हफ़्तों से इसके आस-पास के इलाकों में यूक्रेन की सेना तेज़ी से अपना नियंत्रण वापस स्थापित करने में जुटी हुई है.

    जनरल सुरोविकिन ने कहा, "इस स्पेशल मिलिट्री ज़ोन की स्थिति को मुश्किल भरा कहा जा सकता है."

    रूस खेरसोन और तीन अन्य यूक्रेनी इलाकों पर अब अपने नियंत्रण का दावा करता है. हालांकि, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस दावे को खारिज कर दिया गया है.

    हालांकि, जिन मुश्किलों का जनरल सुरोविकिन ने ज़िक्र किया है, बीबीसी स्वतंत्र रूप से उनकी पुष्टि नहीं कर सका है.

  3. पुलित्ज़र विजेता कश्मीर की सना इरशाद मट्टू ने फिर विदेश यात्रा से रोके जाने का दावा किया

    पुलित्ज़र पुरस्कार विजेता और कश्मीरी फ़ोटो जर्नलिस्ट सना इरशाद मट्टू ने कहा है कि उन्हें एक बार फिर से विदेश जाने से रोका गया है.

    सिलसिलेवार किए गए ट्वीट्स में सना इरशाद मट्टू ने दावा किया है कि वो अपना पुलित्ज़र पुरस्कार लेने न्यूयॉर्क जा रही थीं लेकिन उन्हें दिल्ली हवाई अड्डे पर इमिग्रेशन अधिकारियों ने रोक दिया.

    मट्टू ने कहा कि अमेरिका का वैध वीज़ा और टिकट होने के बावजूद उन्हें अंतरराष्ट्रीय यात्रा करने से रोका गया है.

    सना इरशाद मट्टू के अनुसार, "ये दूसरी बार है जब बिना किसी कारण मुझे सफर करने से रोका गया. कुछ महीने पहले जो हुआ, उस बारे में कई अधिकारियों से संपर्क करने के बावजूद मुझे कोई जवाब नहीं मिला. इस पुरस्कार समारोह में शामिल होना मेरे जीवन का सबसे बड़ा पल होता."

    इसी साल मई महीने में सना इरशाद मट्टू को कोरोना संक्रमण के दौरान फ़ोटोग्राफ़ी के लिए पुलित्ज़र पुरस्कार दिया गया था.

    सना इरशाद मट्टू श्रीनगर की रहने वाली हैं. उन्होंने दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग में जाकर फ़ोटोग्राफ़ी की थी. सना इरशाद साल 2018 से ही जम्मू-कश्मीर में इंडिपेंडेंट फ़ोटोग्राफ़ी कर रही हैं.

  4. ब्रेकिंग न्यूज़, हिमाचल विधानसभा चुनाव: बीजेपी ने पहली लिस्ट जारी की

    हिमाचल प्रदेश चुनाव के लिए सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने 62 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है. मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को सिराज सीट से उम्मीदवार बनाया गया है.

    हिमाचल में विधानसभा की कुल 68 सीटें हैं. बाकी छह सीटों के लिए बीजेपी उम्मीदवारों का एलान बाद में करेगी.

    पहली सूची में बीजेपी ने 5 महिलाओं को अपना उम्मीदवार बनाया है.

    मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर आज अपना नामांकन दाखिल करेंगे. उनका मुक़ाबला कांग्रेस के चेतराम ठाकुर से होगा.

    कांगड़ा से पवन काजल, पालमपुर से त्रिलोक कपूर, बैजनाथ से मुल्खराज प्रेमी, मंडी से अनिल शर्मा, फतेहपुर से राकेश पठानिया को उम्मीदवार बनाया गया है.

    इससे पहले कांग्रेस ने भी मंगलवार देर शाम 46 उम्मीदवारों की सूची जारी की थी.

    हिमाचल प्रदेश में 12 नवंबर को एक चरण में चुनाव होना है. राज्य में आठ दिसंबर को मतगणना होगी.

  5. सऊदी अरब में 'ट्वीट्स' के लिए अमेरिकी नागरिक को 16 साल की क़ैद

    सऊदी अरब की अदालत ने अमेरिकी नागरिक साद इब्राहिम अल-मादी को उनके ट्वीट के लिए 16 साल की जेल की सजा सुनाई है. इब्राहिम के बेटे ने बीबीसी अरबी को इसकी जानकारी दी है.

    अमेरिका और सऊदी अरब की दोहरी नागरिकता रखने वाले अल-मादी को बीते साल नवंबर महीने में गिरफ़्तार किया गया था, जब वो अपने परिवार से मिलने के लिए फ़्लोरिडा से रियाद आए थे.

    अल-मादी के बेटे ने पहली बार इसको लेकर मीडिया के सामने बात की है, जबकि अमेरिका ने उन्हें ऐसा न करने की सलाह दी थी.

    अल-मादी के बेटे इब्राहिम ने कहा कि वो अपने पिता को जेल में मरते नहीं देखना चाहते. इब्राहिम ने ये भी दावा किया कि गिरफ़्तारी के बाद से ही उनके पिता को सऊदी अधिकारियों की ओर से प्रताड़ित किया जा रहा है.

    सऊदी की अदालत ने मुल्क़ को अस्थिर करने की कोशिश और आतंकवाद का समर्थन करने जैसे आरोपों में अल-मादी को सज़ा दी है.

    इब्राहिम के अनुसार, इन आरोपों को साबित करने के लिए अदालत में सिर्फ़ 14 ट्वीट ही सबूत के तौर पर पेश किए गए.

    बीबीसी ने इन ट्वीट्स को देखा. ये ट्वीट्स जेद्दा और मक्का में पुराने ढांचों को ढहाने, ग़रीबी पर चिंता ज़ाहिर करने और सऊदी के पत्रकार जमाल ख़ाशोज्जी की हत्या से जुड़े थे.

    अभियोजन पक्ष ने अल-मादी को 42 साल की क़ैद दिए जाने की मांग की थी.

    इब्राहिम पिता की गिरफ़्तारी के बाद से ही उनसे बात नहीं कर पाए हैं. हालांकि, परिवार के अन्य सदस्य उनके पिता से मिले हैं और बताया है कि वो ठीक हैं. लेकिन इब्राहिम कहते हैं कि उन्हें इस दावे पर शक है.

    इब्राहिम ने अपने पिता के केस में अमेरिका के रुचि न लेने की भी आलोचना की. उन्होंने कहा कि अमेरिकी अधिकारी उनके पिता से केवल दो बार मिले हैं. पहली बार उनके जेल जाने के छह महीने बाद कोई अमेरिकी अधिकारी मिला था. इब्राहिम ने इस मामले में व्हाइट हाउस से संपर्क न हो पाने का भी ज़िक्र किया.

    उन्होंने अपने पिता के केस के बारे में बीबीसी को तब बताया था जब अमेरिकी राष्ट्रपति जुलाई महीने में ही रियाद दौरे पर थे.

    उन्होंने बीबीसी से बात करते हुए अमेरिका के दोहरे रवैये पर सवाल उठाए. वो कहते हैं, "अगर रूस या ईरान में किसी नागरिक को हिरासत में लिया होता तो अमेरिका हरकत में आ गया होता लेकिन अगर आपको सऊदी अरब में जेल की सज़ा हुई है तो यहां तेल का एक बैरल आपसे ज़्यादा कीमती है."

  6. शोपियां ग्रेनेड हमला: पुलिस ने कथित हमलावर की मुठभेड़ में मौत का दावा किया

    कश्मीर पुलिस ने दावा किया है कि यूपी के दो मज़दूरों पर ग्रेनेड फेंकने वाले चरमपंथी इमरान बशीर जानी की शोपियां में मुठभेड़ के दौरान मौत हो गई है.

    कश्मीर ज़ोन पुलिस ने ट्वीट कर के इसकी जानकारी दी है. इससे पहले कश्मीर ज़ोन पुलिस ने मंगलवार को बशीर को गिरफ़्तार कर लिया था.

    हालांकि, पुलिस ने ये भी दावा किया है कि मुठभेड़ में दूसरे चरमपंथी की ओर से चलाई गई फ़ायरिंग में इमरान बशीर की मौत हुई है.

    मंगलवार को कश्मीर पुलिस ने बताया था कि ग्रेनेड हमले में उत्तर प्रदेश के दो मज़दूरों की मौत हो गई. इनका नाम मोनीश कुमार और राम सागर था और दोनों ही उत्तर प्रदेश के कन्नौज के रहने वाले थे.

    इस मामले में पुलिस ने चरमपंथी संगठन लश्कर ए-तैयबा के सदस्य इमरान बशीर जानी को गिरफ़्तार कर लिया था. पुलिस ने बताया है कि छापेमारी के दौरान हथियार और गोलाबारूद बरामद किए गए हैं और तलाशी अभी भी जारी है.

  7. तुलसी गबार्ड ने बाइडन को क्यों बताया 'हिटलर'

    अमेरिका की पूर्व सांसद तुलसी गबार्ड ने डेमोक्रेटिक पार्टी छोड़ने के बाद राष्ट्रपति जो बाइडन की तुलना एडॉल्फ हिटलर से की है. 41 साल की गबार्ड बीते साल ही प्रतिनिधि सभा से रिटायर हुई थीं.

    उन्होंने चुनाव प्रचार के दौरान ये टिप्पणी की. मैनचेस्टर के बाहर शहर में एक बोल्डुक टाउन हॉल कार्यक्रम में तुलसी गबार्ड ने कहा कि बाइडन और हिटलर दोनों नेताओं की एक जैसी मानसिकता है. दोनों ही नेता सत्तावादी व्यवहार को सही ठहराने की कोशिश करते हैं. गबार्ड ने बाइडन की तुलना नाज़ी नेता हिटलर से करते हुए कहा कि इन दोनों को लगता है कि देश को कैसे चलाना है, उनसे बेहतर कोई नहीं जानता.

    बाइडन ने पिछले दिनों एक भाषण के दौरान कहा था कि जिन्होंने उन्हें और डेमोक्रेटिक पार्टी को वोट नहीं दिया है और पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का समर्थन कर रहे हैं, वो उग्रपंथी हैं. तुलसी गबार्ड ने कहा कि वह मानती हैं कि डेमोक्रेटिक पार्टी युद्ध को भड़काने में लगी है और नस्लभेद को हवा देने में भी आगे है और यही वजह है कि उन्होंने खुद को डेमोक्रेटिक पार्टी में फिट नहीं पाया. साल 1981 में अमेरिकी समोआ में पैदा हुईं तुलसी गबार्ड ने अमेरिका में सबसे युवा निर्वाचित प्रतिनिधि बनने का इतिहास रचा था. तब वो 21 साल की थीं.

    तुलसी का भारत से रिश्ता

    तुलसी गबार्ड के भारत से रिश्ते की बात की जाए तो उनका भारत से कोई नाता नहीं है. उनके माता-पिता भी भारतीय मूल के नहीं हैं. लेकिन हिंदू धर्म मानने की वजह से तुलसी गबार्ड को अमेरिका में रह रहे भारतीय समुदाय का समर्थन मिलता रहा है.

    तुलसी के नाम अमेरिकी संसद में पहुंचने वाली पहली हिंदू होने का रिकॉर्ड भी दर्ज है.

    तुलसी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ख़ास समर्थकों में गिना जाता है. साल 2014 में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने से पहले ही वो मोदी का समर्थन करती रही हैं. जब अमेरिकी सरकार ने साल 2002 के गुजरात दंगों की वजह से तत्कालीन गुजरात सीएम नरेंद्र मोदी के अमेरिका आने पर प्रतिबंध लगा दिया था तो तुलसी गबार्ड उन चुनिंदा नेताओं में शामिल थीं, जिन्होंने सरकार के इस फ़ैसले की आलोचना की थी.

  8. आर्यन ख़ान से जुड़े ड्रग्स केस की जांच में कई खामियां, एनसीबी की रिपोर्ट में ज़िक्र

    बीते साल कॉर्डेलिया जहाज़ से नशीला पदार्थ मिलने के मामले की जांच से जुड़ी इनक्वॉयरी में नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की टीम ने कई अनियमितताओं का ज़िक्र किया है. हालांकि, जांच में जबरन वसूली के कोई सबूत नहीं मिले हैं.

    इस मामले में बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख ख़ान के बेटे आर्यन ख़ान को गिरफ़्तार किया गया था. हालांकि, इसी साल मई महीने में एनसीबी ने आर्यन खान को सबूतों के अभाव में क्लीन चिट दे दी थी.

    मुंबई में एक क्रूज़ जहाज़ से पिछले साल अक्टूबर में कथित रूप से नशीले पदार्थ ज़ब्त किए जाने के मामले की जाँच में कई खामियां पाए जाने के बाद एनसीबी की टीम ने इनक्वॉयरी शुरू की थी.

    आर्यन खान को क्रूज पर छापेमारी के बाद गिरफ्तार किया गया था, लेकिन तीन हफ्ते बाद उन्हें ज़मानत मिल गई, क्योंकि एजेंसी उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों को साबित नहीं कर सकी थी.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, एनसीबी अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच की इनक्वॉयरी करने वाले एक विशेष दल ने कुछ सप्ताह पहले अपनी विजिलेंस रिपोर्ट सौंपी थी.

    अधिकारी ने बताया कि पड़ताल के दौरान टीम ने 65 लोगों के बयान रिकॉर्ड किए.

    टीम ने अपनी पड़ताल में पाया है कि क्रूज़-ड्रग्स केस की जांच में कई खामियां थीं और करीब सात से आठ एनसीबी अधिकारियों का व्यवहार भी 'संदिग्ध' था.

    एक अधिकारी के हवाले से पीटीआई ने बताया कि जांच में शामिल कई अधिकारियों की मंशा पर भी सवाल खड़े हुए और कुछ लोगों ने कई बार अपने बयान बदले हैं.

    हालांकि, अधिकारी ने कहा कि मामले में जबरन वसूली के सबूत नहीं मिले हैं.

    ये आरोप लगाया गया था कि एनसीबी अधिकारी कुछ अभियुक्तों को छोड़ने के एवज़ में उनसे पैसे ऐंठने की कोशिश कर रहे थे.

    बीते साल जब ये छापेमारी हुई थी, उस समय इंडियन रेवेन्यू ऑफ़िसर समीर वानखेड़े मुंबई के ज़ोनल डायरेक्टर थे.

  9. नमस्कार, बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है.

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज में आपको दिनभर ताज़ा और अहम ख़बरें मिलेंगी.

    ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 18 अक्टूबर के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    शुरुआत आज की कुछ बड़ी ख़बरों से-

    • कांग्रेस अध्यक्ष पद का नतीजा आज, मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर हैं चुनावी दौड़ में.
    • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दो दिन का गुजरात दौरा आज से. कई योजनाओं का करेंगे शिलान्यास.
    • टी20 क्रिकेट वर्ल्ड कप: अभ्यास मैच में आज ब्रिस्बेन में भारत का मुक़ाबला न्यूज़ीलैंड से होगा.
    • माइक्रोसॉफ्ट करीब 1000 कर्मचारियों की छंटनी करेगी, एप्पल और स्नैप भी कर उठा चुके हैं ऐसा कदम.
    • स्टेट बैंक ने जमा ब्याज दरों में बढ़ोतरी की, एफ़डी पर सीनियर सिटीज़न के लिए 7.65% का ब्याज.
    • पश्चिम बंगाल के मोमिनपुर में सांप्रदायिक हिंसा की जाँच एनआईए करेगी, केंद्रीय गृह मंत्रालय ने जारी किया नोटिफिकेशन.