You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

शराबबंदी कानून से बिहार के लोगों की जान ख़तरे में- पटना हाई कोर्ट

हाई कोर्ट ने कहा बिहार सरकार शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने में विफल रही है जिससे बिहार के लोगों का जीवन ख़तरे में आ गया है.

लाइव कवरेज

  1. शराबबंदी कानून से बिहार के लोगों की जान ख़तरे में- पटना हाई कोर्ट

  2. आईआरसीटीसी घोटाले से जुड़े मामले में तेजस्वी यादव की कोर्ट में पेशी

    आईआरसीटीसी घोटाले से जुड़े मामले में बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को दिल्ली की अदालत से राहत मिली है. राउज़ एवेन्यू की कोर्ट ने इस मामले में तेजस्वी यादव को मिली ज़मानत ख़ारिज करने से मना कर दिया है. हालांकि, कोर्ट ने यादव से कहा है कि वो आगे से बयान देते समय सही शब्दों का इस्तेमाल करें.

    सीबीआई का आरोप है कि तेजस्वी यादव ने एक पब्लिक मीटिंग के दौरान धमकी दी थी इसलिए मामले में उनकी ज़मानत को रद्द किया जाना चाहिए. इसी मामले पर दिल्ली की अदालत में आज तेजस्वी यादव पेश हुए.

    तेजस्वी यादव के वकील ने कोर्ट को बताया कि उनके मुवक्किल विपक्ष में थे और सरकार के गलत कामों पर सवाल करना उनका कर्तव्य था. तेजस्वी यादव की ओर से ये भी कहा गया कि मौजूदा सरकार में सीबीआई और ईडी का दुरुपयोग किया जा रहा है और सभी विपक्षी पार्टियों का यही मानना है.

    इसके बाद दिल्ली की अदालत ने तेजस्वी यादव से सार्वजनिक तौर पर बातचीत के दौरान ज़िम्मेदारी से शब्दों का चयन करने को कहा. कोर्ट ने इस मामले में अपना आदेश सुरक्षित रख लिया है. कोर्ट ने कहा कि तेजस्वी यादव की बेल को ख़ारिज करने का कोई मज़बूत आधार नहीं है.

    ये घोटाला साल 2004-2009 के बीच का है, जब लालू यादव रेल मंत्री थे. आरोप है कि उस समय इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज़्म कॉर्पोरेशन (आईआरसीटीसी) के दो होटलों की देखरेख का काम अचानक सुजाता होटल्स नाम की कंपनी को दे दिया गया. इसके बदले लालू यादव को कथित तौर पर पटना में तीन एकड़ ज़मीन दे दी गई.

    इस मामले में ईडी ने भी चार्जशीट दायर की थी. ईडी ने आरोप लगाया कि लालू प्रसाद यादव समेत आईआरसीटीसी के अधिकारियों ने अपने पद का दुरुपयोग किया.

    इस मामले में सीबीआई ने राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव से भी पूछताछ की थी और साल 2017 में सभी के ख़िलाफ़ मामला दर्ज किया गया था. साल 2018 में तेजस्वी यादव को ज़मानत मिली थी.

  3. मनीष सिसोदिया और सीबीआई के बीच बयानबाज़ी, किसने क्या कहा?

  4. पीएम मोदी की मां को आपत्तिजनक शब्द कहने वाले इटालिया की भूपेश बघेल ने की निंदा

    गुजरात में आम आदमी पार्टी के चीफ़ गोपाल इटालिया के प्रधानमंत्री मोदी और उनकी मां को लेकर की गई टिप्पणी की छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने निंदा की है.

    कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने कहा कि इटालिया ने पीएम मोदी की मां के बारे में भी टिप्पणी की, जिनका राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है.

    समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में भूपेश बघेल ने कहा, "गोपाल इटालिया ने जातिगत टिप्पणी की. ये न तो गुजरात बर्दाश्त करेगा और न ही हमारा देश."

    "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां को गाली दी. मां तो मां होती है, चाहे किसी की भी हो. वो कुमाता नहीं होती है. पूत, कपूत हो सकता है. वो 100 साल की महिला, जिसका राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है, उसके बारे में टिप्पणी की. कांग्रेस पार्टी इसकी निंदा करती है."

    गोपाल इटालिया के कुछ वीडियो बीते दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे. इसमें वो पीएम मोदी और उनकी मां हीराबेन के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल कर रहे थे. राष्ट्रीय महिला आयोग ने इटालिया को तलब भी किया था. गोपाल इटालिया को कुछ देर के लिए दिल्ली पुलिस ने हिरासत में भी लिया था.

  5. बांग्लादेश ने नोरा फ़तेही के डांस पर रोक लगाई, शो कैंसिल किया

    बांग्लादेश की सरकार ने राजधानी ढाका में बॉलीवुड एक्ट्रेस नोरा फ़तेही का डांस शो रद्द कर दिया है.

    बांग्लादेश सरकार का कहना है कि डॉलर बचाने के मकसद से उसने ये फ़ैसला किया है.

    बांग्लादेश के सांस्कृतिक मामलों के मंत्रालय ने सोमवार को एक नोटिस जारी कर इसकी जानकारी दी.

    इस नोटिस के मुताबिक, भारतीय फ़िल्म इंडस्ट्री में नोरा फ़तेही को 'वैश्विक स्थिति को देखते हुए और विदेशी मुद्रा भंडार को बनाए रखने के उद्देश्य से' अनुमति नहीं दी है.

    नोरा फ़तेही को ढाका में वीमेन लीडरशिप कोऑपरेशन के एक कार्यक्रम में डांस करना था.

    मंत्रालय ने बांग्लादेश के केंद्रीय बैंक के डॉलर भुगतान पर सख्ती के निर्देशों का हवाला देते हुए कहा है कि विदेशी मुद्रा भंडार को बनाए रखने के उद्देश्यों के तहत यह कदम उठाया गया है.

    दुनिया के कई देशों की तरह बांग्लादेश की अर्थव्यवस्था भी सुस्ती से जूझ रही है और विदेशी मुद्रा भंडार खिसककर 36.33 अरब डॉलर पर आ गया है, जबकि पिछले साल तक ये 46.13 अरब डॉलर पर था.

    जानकारों के अनुसार यह रकम बांग्लादेश के लिए चार महीने के इंपोर्ट बिल के लिए ही पर्याप्त है. नोरा फतेही बॉलीवुड की सबसे पॉपुलर डांसर और चर्चित अभिनेत्रियों में से हैं. वह कुछ टीवी रियलिटी शो भी जज करती हैं. इस बीच उनका नाम ठग सुकेश चंद्रशेखर से भी जुड़ा. प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी इस मामले की जांच कर रहा है.

  6. ब्रेकिंग न्यूज़, गैंगस्टर, ड्रग तस्करों पर एनआईए की कार्रवाई, देशभर में 40 ठिकानों पर छापेमारी

    नेशनल इनवेस्टिगेशन एजेंसी (एनआईए) मंगलवार को राजधानी दिल्ली समेत देश के अलग-अलग राज्यों में 40 जगहों पर छापेमारी कर रही है.

    एनआईए का कहना है कि भारत और विदेशों में मौजूद चरमपंथियों, गैंगस्टर और ड्रग तस्करों के बीच बढ़ती सांठगांठ को खत्म करने के लिए ये कार्रवाई की जा रही है. छापेमारी पंजाब से हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली-एनसीआर की कई जगहों पर जारी है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार पीएफ़आई से जुड़े मामले में बिहार के फुलवारी शरीफ़ में भी एनआईए ने रेड की है. वहीं, जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में पुलिस की स्पेशल इनेस्टिगेशन यूनिट भी छापेमारी कर रही है. अभी इस मामले में और जानकारी का इंतज़ार किया जा रहा है.

    एक सूत्र के हवाले से एएनआई ने जानकारी दी है कि एनआईए की अलग-अलग टीमें राज्य की पुलिस के साथ मिलकर ये छापेमारी कर रही है.

    इससे पहले 12 सितंबर को एनआईए ने पंजाब, हरियाण, राजस्थान, दिल्ली और एनसीआर के 50 ठिकानों पर ऐसी ही छापेमारी की थी.

  7. भगत सिंह के रिश्तेदार ने अरविंद केजरीवाल से कहा- स्वतंत्रता सेनानियों से मुजरिमों की तुलना क्यों?

    मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन को 'आज का भगत सिंह' बताने पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह के एक करीबी रिश्तेदार हरभजन सिंह धात ने निशाने पर लिया है.

    उन्होंने अरविंद केजरीवाल से अपनी राजनीतिक लड़ाई खुद लड़ने को भी कहा है.

    समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए हरभजन सिंह धात ने कहा, "मुजरिम, जो लोग भ्रष्टाचार के मामलों में फंसे हैं, जिनपर आरोप लगे हैं,उनकी शहीदों के साथ तुलना क्यों कर रहे हैं. इसकी क्या ज़रूरत है, इससे क्या पॉलिटिकल माइलेज लेना चाहते हैं. अकेले लड़ो. अकेले भगत सिंह की बात नहीं है. बाकी भी जो स्वतंत्रता सेनानी है उनसे भी किसी की तुलना मत करो, उनका मिशन कुछ और था. उन्हें सत्ता में नहीं आना था. नहीं तो वो जीते, न कि फांसी चढ़ते."

    धात ने पंजाब के हालात को बदतर बताते हुए अरविंद केजरीवाल से कहा, "पंजाब के हालात को देख लो. उसपर ध्यान दो. भगत सिंह के गांव में जाकर, पगड़ी बांधकर सौगंध खाने से बात नहीं बनेगी. आपको दूसरी सरकार हटाकर आपको सत्ता में लाए हैं. आपको 92 एमएलए दिए हैं, ये रिकॉर्ड है. अगर ध्यान नहीं देंगे तो सत्ता से लोग हटा भी सकते हैं. आज पंजाब में बहुत बुरे हालात हैं."

    उन्होंने कहा, "चुनाव के समय भी भगत सिंह का नाम लिया. केजरीवाल साहब से मैं पूछना चाहता हूं कि आपको इसकी ज़रूरत क्या पड़ी? सत्येंद्र जैन चार महीने से जेल में हैं, उनकी तुलना शहीद भगत सिंह से करने से ज्यादा शर्मनाक कुछ नहीं हो सकता."

    मनीष सिसोदिया को पूछताछ के लिए सीबीआई की ओर से तलब किए जाने पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया था कि मनीष और सत्येंद्र जैन आज के भगत सिंह हैं. उन्होंने दोनों पर हो रही कार्रवाई को भी आज़ादी की दूसरी लड़ाई बताया था.

  8. राजनाथ सिंह ने क्यों कहा-मीडिया में विभाजनकारी बातें प्रचारित करने की कोशिश

  9. कश्मीर के शोपियां में ग्रेनेड हमले से यूपी के दो मज़दूरों की मौत, हमलावर गिरफ़्तार

    जम्मू-कश्मीर के शोपियां में हुए हैंड ग्रेनेड हमले से उत्तर प्रदेश के दो मज़दूरों की मौत हो गई.

    कश्मीर ज़ोन पुलिस ने ट्वीट कर के इसकी जानकारी दी है. संदिग्ध हमलावर को गिरफ़्तार कर लिया गया है.

    मरने वाले मज़दूरों की पहचान मोनिश कुमार और राम सागर के तौर पर हुई है.

    कश्मीर ज़ोन पुलिस ने ट्वीट में बताया, "आतंकवादियों ने शोपियां के हरमेन नें हैंड ग्रेनेड फेंका, जिसमें यूपी के दो मज़दूर- मोनिश कुमार और राम सागर घायल हो गए. दोनों ही यूपी के कन्नौज के रहने वाले थे. दोनों को अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी मौत हो गई. पूरे इलाके को घेर लिया गया है."

    पुलिस ने दावा किया कि संदिग्ध हमलावर चरमपंथी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का सदस्य है, जिसका नाम इमरान बशीर जानी है और वो हरमेन का ही रहने वाला है. शोपियां पुलिस ने इमरान बशीर को गिरफ़्तार कर लिया है. इस मामले में जांच जारी है और कई जगह छापेमारी भी हो रही है.

  10. हिजाब बिना प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाली ईरानी एथलीट 'लापता'

    हिजाब के बिना एशियन क्लाइंबिंग प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वालीं ईरान की महिला एथलीट एलनाज़ रेक़ाबी लापता हैं. बीबीसी पर्शियन को मिली जानकारी के अनुसार, बीती रात से एलनाज़ का उनके दोस्तों से संपर्क नहीं हो पाया है.

    एलनाज़ एशियन क्लाइंबिंग प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए दक्षिण कोरिया की राजधानी सोल में थीं. प्रतियोगिता का आयोजन 16 अक्टूबर को हुआ था.

    एलनाज़ ईरान का प्रतिनिधित्व कर रही थीं. ईरान की महिलाओं के लिए खेल प्रतियोगिता में भी हिजाब अनिवार्य है. लेकिन ईरान में पिछले क़रीब एक महीने से लोग हिजाब के ख़िलाफ़ विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं.

    बीबीसी पर्शियन ने सोल के उस होटल से भी संपर्क किया जहां ईरान की टीम ठहरी थी लेकिन हमें बताया गया कि टीम के सभी सदस्य सोमवार सुबह ही होटल से जा चुके हैं.

    एक सूत्र ने बीबीसी को बताया कि रेकाबी का पासपोर्ट और मोबाइल फ़ोन जब्त कर लिया गया है. योजना के अनुसार, ईरान की टीम को बुधवार वापस देश लौटना है.

    ईरान ने अभी इस ख़बर पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.

    प्रतियोगिता में एलनाज़ रेकाबी ने चौथा स्थान हासिल किया था. हालांकि, वो बिना सिर ढंके ही प्रतियोगिता में शामिल हुईं, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर ख़ूब शेयर की गईं.

    बीबीसी फ़ारसी को एक विश्वस्त सूत्र ने बताया है कि संभवतः रेकाबी भी टीम के अन्य सदस्यों के साथ ईरान के लिए रवाना हो गई हैं.

    बीबीसी फ़ारसी ने एलनाज़ रेकाबी के बारे में अधिक जानकारी जुटाने की कोशिश की. हालांकि, ईरानी अधिकारियों ने रेकाबी के बिना हिजाब प्रतियोगिता में हिस्सा लेने पर अभी तक टिप्पणी नहीं की है.

  11. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बताया 'मोदी मैजिक' है क्या?

    रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को गुजरात के गांधीनगर में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि नरेंद्र मोदी अब सिर्फ़ प्रधानमंत्री या जननेता नहीं रहे. वे देश के सांस्कृति पुनर्जागरण के प्रतीक और बड़े समाज सुधारक साबित हो रहे हैं.

    उन्होंने कहा, "नरेंद्र मोदी इतिहास की ऐसी लकीर हैं, जो देश के राजनीतिक इतिहास में पहली बार उकेरी गई है. आख़िर यह मोदी मैजिक है क्या? मैं फिर कह रहा हूँ, इस देश की नब्ज को पहचानने वाला और जनता से सीधे संवाद करने वाला महात्मा गांधी के बाद अगर कोई दूसरा नेता है तो वो नरेंद्र मोदी हैं."

    राजनाथ सिंह ने कहा, "महात्मा गांधी ने देश के करोड़ों लोगों को आंदोलन से जोड़ा. नरेंद्र मोदी ने देश के विकास और सांस्कृतिक पुनर्जागरण से देश के आम लोगों को जोड़ा. यही मोदी मैजिक है."

  12. 25 साल बाद दिल्ली में इंटरपोल की महासभा, पीएम मोदी करेंगे संबोधित

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार दोपहर को राजधानी दिल्ली के प्रगति मैदान में आयोजित की जा रही 90वीं इंटरपोल महासभा को संबोधित करेंगे.

    इस महासभा में कुल 195 देशों के प्रतिनिधि आएंगे. समाचार एजेंसी पीटीआई ने प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के हवाले से बताया है कि इन प्रतिनिधियों में सदस्य देशों के मंत्री, पुलिस प्रमुख, केंद्रीय ब्यूरो के प्रमुख और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शामिल हैं.

    ये महासभा 18 से 21 अक्टूबर तक चलेगी. पीएम मोदी मंगलवार दोपहर करीब पौने दो बजे महासभा को संबोधित करेंगे.

    महासभा इंटरपोल का सर्वोच्च शासी निकाय है और इसके संचालन से जुड़े अहम फैसले लेने के लिए हर साल इसका एक बार आयोजन होता है. भारत में ये महासभा 25 साल बाद हो रही है. पिछली बार साल 1997 में भारत में इसका आयोजन हुआ है.

    महासभा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, इंटरपोल के अध्यक्ष अहमद नासर अल रईसी और उसके महासचिव महासचिव जुर्गन स्टॉक भी मौजूद रहेंगे.

    इंटरपोल की सबसे अहम भूमिका दुनिया को सुरक्षित बनाने के लिए सभी सदस्य देशों की पुलिस एजेंसियों की मदद करना है.

    दिल्ली में जारी ट्रैफ़िक एडवाइज़री

    महासभा को देखते हुए दिल्ली ट्रैफ़िक पुलिस ने प्रगति मैदान और उसके आसपास के इलाकों के लिए एडवाइज़री जारी की है.

    इसके अनुसार अशोका रोड, जनपथ, फिरोज शाहर रोड, बाराखंभा रोड, सिकंदरा रोड, मथुरा रोड, भैरों रोड, सुब्रमण्यम भारती मार्ग, डॉक्टर ज़ाकिर हुसैन मार्ग, राजेश पायलट मार्ग, डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम मार्ग, कमाल अतातुर्क मार्ग, पंचशील मार्ग, शांतिपथ, महात्मा गांधी मार्ग, महर्षि रमन मार्ग, भीष्म पितामह मार्ग, सरदार पटेल मार्ग, धौला कुआं फ्लाइओवर, गुड़गांव रोड, मेहरम नगर टनल, एरोसिटी और टी 3 की ओर जाने वाले मार्ग पर ट्रैफिक को नियंत्रित किया जाएगा.

  13. नमस्कार, बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है.

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज में आपको दिनभर ताज़ा और अहम ख़बरें मिलेंगी.

    ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 17 अक्टूबर के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    शुरुआत आज की कुछ बड़ी ख़बरों से-

    • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को इंटरपोल की 90वीं सालाना आम बैठक को संबोधित करेंगे.
    • भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई के नए अध्यक्ष के लिए आज चुनाव.
    • टी20 क्रिकेट वर्ल्ड कप- नामीबिया का मुक़ाबला नीदरलैंड्स से, श्रीलंका और यूएई होंगे आमने-सामने
    • मुंबई का छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट आज मेंटेनेंस के कारण छह घंटे के लिए बंद रहेगा.
    • संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेश दो दिन की यात्रा पर आज भारत आएंगे, पीएम मोदी से करेंगे मुलाक़ात.
    • ज्योति याराजी ने महिलाओं की 100 मीटर बाधा दौड़ 13 सेकंड के भीतर पूरी कर रचा इतिहास.