मुलायम सिंह को आखिरी विदाई देने कौन कौन से पहुंचे नेता
सैफ़ई के मेला ग्राउंड में हुए उनके अंतिम संस्कार में नेताओं से लेकर बॉलीवुड तक लोगों ने पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी.
लाइव कवरेज
ब्रजेश मिश्र, दिनेश उप्रेती and अभिनव गोयल
मलाला यूसुफ़ज़ई पिता के साथ पाकिस्तान पहुंचीं
इमेज स्रोत, Getty Images
पाकिस्तान में बाढ़ के प्रभाव पर दुनिया का ध्यान बरकरार
रखने और मानवीय सहायता को बढ़ाने के लिए मलाला यूसुफ़ज़ई और उनके पिता ज़ियाउद्दीन
यूसुफ़ज़ई मंगलवार को पाकिस्तान पहुंचे हैं.
इस दौरे पर वो पाकिस्तान सरकार के अधिकारियों, मानवीय
संगठनों और बाढ़ पीड़ितों से मिलेंगे.
मलाला फंड के मुताबिक, उनके दौरे का मकसद बाढ़ से हुए नुकसान और मानवीय
त्रासदी पर दुनिया का ध्यान रखना है.
संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक में पहुंचे पाकिस्तान के प्रधानमंत्री
शहबाज़ शरीफ से भी मलाला ने अलग से मुलाक़ात की थी और बाढ़ की वजह से प्रभाविक हुई
हज़ारों बच्चों की शिक्षा की चुनौतियों पर चर्चा की थी.
बीते महीने मलाला फंड ने पाकिस्तान में महिलाओं और लड़कियों
की बेहतर के लिए इमरजेंसी फंड दिया था. मलाला आपतकालीन मदद की मुहिम से जुड़ीं और
पाकिस्तान में बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए दुनिया से अपील की.
ऐसी जेल, जहाँ क़ैदी अपने जीवनसाथी के साथ बिता सकेंगे निजी पल
बंगाल: शिक्षक भर्ती घोटाले में टीएमसी विधायक माणिक भट्टाचार्य गिरफ्तार
....में
Author, प्रभाकर मणि तिवारी
पदनाम, कोलकाता से, बीबीसी हिंदी के लिए
इमेज स्रोत, Sanjay Das/BBC
इमेज कैप्शन, प्राथमिक शिक्षा बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष और तृणमूल कांग्रेस विधायक माणिक भट्टाचार्य
पश्चिम बंगाल में शिक्षक भर्ती घोटाले की जांच कर रहे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी)
ने प्राथमिक शिक्षा बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष और तृणमूल कांग्रेस विधायक माणिक भट्टाचार्य को गिरफ्तार कर लिया है.
ईडी ने उनको सोमवार को पूछताछ के लिए बुलाया था. ईडी का कहना है कि पूरी रात चली पूछताछ के दौरान उनके बयान में तालमेल नहीं होने और पूछताछ में सहयोग
नहीं करने के आरोप में मंगलवार तड़के उनको गिरफ्तार कर लिया गया. ईडी के एक
अधिकारी ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी.
ईडी के सूत्रों का कहना है कि माणिक ने भर्ती घोटाले से
संबंधित जो दस्तावेज जांच एजेंसी को सौंपे थे उनमें कई गड़बड़ियां थीं. उस बारे
में ही उनसे पूछताछ की जा रही थी.
ईडी ने पूर्व मंत्री और तृणमूल कांग्रेस के महासचिव रहे
पार्थ चटर्जी के मामले में जो आरोपपत्र दायर किया था उसमें भी माणिक का नाम था.
उसमें आरोप लगाया गया है कि माणिक ने उम्मीदवारों से पैसे लेकर उनको नौकरियां दी
थीं. पार्थ भी यह बात जानते थे. लेकिन उन्होंने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की
थी.
ईडी के एक अधिकारी बताते हैं, "आरोपपत्र
दायर होने के बाद ईडी की ओर से समन नहीं भेजने के बावजूद माणिक ने बीते 21
सितंबर को खुद ईडी के अधिकारियों को कई दस्तावेज सौंपे थे. उन दस्तावेजों की जांच
चल रही थी."
सीपीएम नेता और एडवोकेट विकास रंजन भट्टाचार्य कहते हैं,
माणिक गिरफ्तारी से बचने की हर संभव कोशिश कर रहे थे. ईडी ने उनको गिरफ्तार
कर ठीक किया है. उम्मीद है आगे और लोगों की भी गिरफ्तारियां होंगी.
ब्रेकिंग न्यूज़, मुख्य न्यायाधीश जस्टिस ललित ने अपने उत्तराधिकारी का नाम सरकार को भेजा
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, मुख्य न्यायाधीश जस्टिस यूयू ललित
सुप्रीम कोर्ट के चीफ़ जस्टिस उदय उमेश ललित ने अपने
उत्तराधिकारी और देश के 50वें चीफ़ जस्टिस के तौर पर जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ का
नाम भेजा है.
चीफ़ जस्टिस यूयू ललित 8 नवंबर को रिटायर हो रहे हैं.
इसी साल 27 अगस्त को वो देश के चीफ़ जस्टिस बने थे.
जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ 10 नवंबर 2024 को रिटायर होंगे. वो इसी साल 9 नवंबर से चीफ़ जस्टिस का कार्यभार संभालेंगे.
कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने 7 अक्टूबर को चीफ़ जस्टिस
यूयू ललित को पत्र लिखकर उनसे उत्तराधिकारी का नाम बताने की गुजारिश की थी.
जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ के पिता वाईवी चंद्रचूड़ देश के
16वें चीफ़ जस्टिस थे.
जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ ने 13 मई 2016 को सुप्रीम कोर्ट
के जज बने थे. सुप्रीम कोर्ट में आने से पहले वो इलाहाबाद हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस
रह चुके हैं.
गेल की भविष्यवाणी- भारत-पाकिस्तान नहीं, इन दो टीमों के बीच होगा टी20 वर्ल्ड कप फ़ाइनल
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, वेस्टइंडीज़ के पूर्व क्रिकेटर क्रिस गेल
टी20 फॉर्मेट के धाकड़ बल्लेबाज़ वेस्टइंडीज़ के पूर्व
क्रिकेटर क्रिस गेल ने ऑस्ट्रेलिया की मेज़बानी में होने वाली टी20
वर्ल्ड कप के लिए बड़ी भविष्यवाणी की है.
टूर्नामेंट 16 अक्टूबर से
शुरू होने जा रहा है. पहला मुक़ाबला श्रीलंका और नामीबिया के बीच खेला जाएगा.
क्रिकेट के कई जानकार दावा कर रहे हैं कि भारत और पाकिस्तान के बीच ट्रॉफ़ी के लिए निर्णायक मुक़ाबला हो सकता है. भारत ने पहला टी20 वर्ल्ड कप जीता था जबकि दूसरे संस्करण में पाकिस्तान विजेता रहा था.
दैनिक जागरण को दिए एक इंटरव्यू में गेल ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि फ़ाइनल मुक़ाबला
वेस्टइंडीज़ और ऑस्ट्रेलिया के बीच होगा.’’
हालांकि इस दावे के साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि टी20 वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज़ की राह आसान
नहीं होगी क्योंकि कई विशेषज्ञ खिलाड़ी टीम का हिस्सा नहीं हैं.
उन्होंने कहा, ‘‘वेस्टइंडीज़ के लिए यह राह
बहुत मुश्किल होगी क्योंकि टीम के कप्तान नए हैं. किरॉन पोलार्ड, आंद्रे रसेल और
ब्रावो टीम का हिस्सा नहीं हैं.’’
इनके अलावा सुनील नरेन भी टीम में शामिल नहीं हैं.
शिमरॉन हेटमायर भी टीम से बाहर हो गए हैं क्योंकि उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए
अपनी फ्लाइट दो बार छोड़ दी थी.
गेल के मुताबिक, वेस्टइंडीज़ एक ‘ख़तरनाक टीम’
है और मैचों के
आधार पर सही रणनीति बनी तो चीज़ें उनके पक्ष में जा सकती हैं.
उन्होंने
कहा, ‘‘बेशक जिन खिलाड़ियों को टीम के
लिए चुना गया है वो बेहद प्रतिभाशाली हैं और किसी भी टीम के लिए ख़तरनाक साबित हो
सकते हैं. जैसा कि सब जानते हैं यह सब कुछ सही रणनीति पर निर्भर करता है. मुझे
उम्मीद है टीम अच्छा खेलेगी.’’
भारत और पाकिस्तान के बीच फँसे कारगिल के लोगों का अंतहीन इंतज़ार
मुलायम सिंह यादव का अंतिम संस्कार आज सैफ़ई में
यूक्रेन के मुद्दे पर भारत ने संयुक्त राष्ट्र में रूस को दिया झटका
इमेज स्रोत, Getty Images
भारत ने संयुक्त राष्ट्र आम सभा में यूक्रेन मामले पर
रूस की गुप्त मतदान की मांग के ख़िलाफ़ वोट किया है. यूक्रेन के चार इलाकों पर
रूसी कब्ज़े के मसौदा प्रस्ताव की निंदा के बीच भारत समेत 100 से अधिक देश चाहते हैं कि
संयुक्त राष्ट्र में रूस के प्रस्ताव पर सार्वजनिक वोटिंग हो.
भारत समेत 107 देशों के रिकॉर्डेड वोटिंग के पक्ष में मत
के बाद रूस की सीक्रेट बैलेट की मांग खारिज हो गई है और संयुक्त राष्ट्र ने रिकॉर्डेड
वोटिंग को चुना.
रूस के पक्ष में सिर्फ़ 13 देशों ने वोट किया जबकि 39 देशों
ने इस मुद्दे से दूरी बना ली. रूस और चीन ने इस मुद्दे पर वोट नहीं किया.
रूस ने रिकॉर्डेड वोट के अल्बानिया के प्रस्ताव पर पुनर्विचार
की मांग की.
संयुक्त राष्ट्र ने भारत समेत 104 देशों के वोट के बाद
पुनर्विचार की मांग खारिज कर दी.
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, संयुक्त राष्ट्र में यूक्रेन के स्थायी प्रतिनिधि
रूस ने जताया विरोध
संयुक्त राष्ट्र में रूस के स्थायी प्रतिनिधि वेसिली नेबेन्ज़िया ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र की सदस्यता ‘‘अपमानजनक धोखाधड़ी बन गई है’’ जिसमें दुर्भाग्य से संयुक्त राष्ट्र आम सभा के प्रेसिडेंट की भी अहम भूमिका है.
उन्होंने कहा, ‘’हमें सदन में अपनी बात रखने का मौका भी नहीं दिया गया. हमारे बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया. और अब संयुक्त राष्ट्र के सदस्यों को खुलकर उनके विचारों की अभिव्यक्ति से रोका जा रहा है.’’
‘’यह आम सभा और पूरे संयुक्त राष्ट्र की अथॉरिटी पर अभूतपूर्व हेर-फेर है. बिल्कुल इन परिस्थितियों में हमने वोटिंग में हिस्सा न लेने का फ़ैसला लिया.’’
बीते महीने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में यूक्रेन के चार नए इलाकों पर रूस के कब्ज़े और वहां जनमत संग्रह के ख़िलाफ़ पेश किए गए निंदा प्रस्ताव पर वोटिंग से भारत ने दूरी बनाई थी. पंद्रह देशों की सदस्यता वाली सुरक्षा परिषद के दस देशों ने रूस के कब्ज़े के ख़िलाफ़ लाए गए मसौदा प्रस्ताव पर वोटिंग की लेकिन चीन, गेबन, भारत और ब्राज़ील इससे दूर रहे.
यह प्रस्ताव तब खारिज हो गया था क्योंकि सुरक्षा परिषद के स्थायी सदस्य रूस ने इस पर वीटो कर दिया था.
संयुक्त राष्ट्र में पेश कि गए ड्राफ्ट में मांग की गई है कि रूस यूक्रेन से अपनी सेनाएं वापस बुलाए और यूक्रेन के ख़िलाफ़ युद्ध बंद करे और उसकी अंतरराष्ट्रीय सीमाओं को बरकरार रहने दे. इस प्रस्ताव में हाल ही में यूक्रेन के चार इलाकों लुहांस्क, दोनेत्स्क, खेरसोन और ज़पोरिज्ज़िया पर रूस के कब्ज़े को भी अवैध बताया गया.
छत्तीसगढ़ में कई कारोबारियों, नेताओं और अफ़सरों के घर ईडी के छापे
....में
Author, आलोक प्रकाश पुतुल
पदनाम, रायपुर से, बीबीसी हिंदी के लिए
इमेज स्रोत, Alok Prakash Putul
इमेज कैप्शन, छत्तीसगढ़ में ईडी के छापे
छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय ने राज्य में कई कारोबारियों, नेताओं और आईएएस अधिकारियों के घर पर छापा मारा है.
जिन अधिकारियों के यहां छापामारी की कार्रवाई की गई है, उनमें एक कलेक्टर भी शामिल है.
छापामारी की यह कार्रवाई रायपुर, रायगढ़ और महासमुंद में मंगलवार तड़के शुरू हुई.
प्रवर्तन निदेशालय की अलग-अलग टीमें, केंद्रीय सुरक्षा बल के जवानों के साथ लगभग एक दर्जन ठिकानों पर पहुंची हैं.
एक अधिकारी ने बताया कि कोयला और शराब के कारोबार से जुड़े कुछ नेताओं और अफ़सरों के ख़िलाफ़ इसी साल जुलाई में कार्रवाई की गई थी. उसके बाद कुछ अधिकारियों से पूछताछ चल रही थी.
सोमवार को कोयले के कारोबार से जुड़े कुछ अधिकारियों से भोपाल में पूछताछ के बाद आज तड़के प्रवर्तन निदेशालय ने छापामारी की कार्रवाई शुरू की.
गौरतलब है कि राज्य के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पहले ही राज्य में आयकर और प्रवर्तन निदेशालय की छापामारी की कार्रवाई की आशंका जता चुके हैं.
पिछले दो सालों में राज्य के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के करीबी कई अफसरों और उद्योगपतियों के ख़िलाफ़ आयकर विभाग और प्रवर्तन निदेशालय ने छापामारी की कार्रवाई की है.
इन अफसरों और उद्योगपतियों पर आयकर विभाग ने सट्टा, शराब और कोयला के कारोबार में हज़ारों करोड़ के बेनामी लेन-देन के आरोप पत्र दाखिल किए हैं.
बीजेपी विधायक बोले, ‘समझाने गए थे पर दिल्ली पुलिस ने केस कर दिया कि हमने जिहादी मारे’
दुनिया का सबसे ऊंचा एटीएम जहां पहुंचने के लिए बादलों से गुज़रना पड़ता है
अश्विन ने पाकिस्तान क्रिकेट के बॉस को दिया करारा जवाब
इमेज स्रोत, ANI
पाकिस्तान
क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन रमीज़ राजा ने भारतीय टीम पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा
कि बीते एक साल में बाबर आज़म की अगुवाई वाली टीम से हारने के बाद ‘बिलियन
डॉलर टीम’ अब पाकिस्तान की इज्जत करने लगी है.
उनके इस बयान पर भारतीय गेंदबाज़ आर अश्विन ने तीखा
जवाब दिया है.
पाकिस्तान ने बीते साल अक्टूबर से पहले भारत को किसी भी
विश्व कप मैच में नहीं हराया था. 12 मैचों- सात वनडे और पांच टी20 में से पाकिस्तान
सब में हार गया. लेकिन अक्टूबर 2021 में टी20 विश्व कप में पाकिस्तान ने भारत को
पहली बार हराया. पाकिस्तान ने 10 विकेट से मैच जीता. बीते महीने पाकिस्तान ने एशिया
कप की सुपर 4 स्टेज में भारत को फिर से हराया.
टी20 विश्व कप में 23 अक्टूबर को दोनों टीमें एक बार फिर आमने-सामने होंगी.
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, रमीज़ राजा और बाबर आज़म
डॉन से बातचीत में रमीज़ राजा ने कहा कि भारत के मुकाबले पाकिस्तान को हमेशा कमज़ोर आंका जाता था. हालांकि हालिया जीत ने उन्हें पाकिस्तान की इज्जत करने को मजबूर कर दिया है.
उन्होंने लोगों से अपील की कि वो कम सुविधाओं में अच्छा खेलकर भारत की ‘बिलियन डॉलर टीम’ को हराने वाली बाबर आज़म की अगुवाई वाली पाकिस्तानी टीम को सपोर्ट करें.
रमीज़ राजा ने कहा, ‘’पाकिस्तान हमेशा से अंडरडॉग रही है, जब भी भारत से मुक़ाबला होता था. लेकिन बाद में उन्होंने हमें इज्जत देना शुरू कर दिया क्योंकि उनके ख्याल में ये रहा है कि पाकिस्तान कभी हमें हरा ही नहीं सकता.''
''तो मैं ये कहता हूं कि पाकिस्तान को क्रेडिट दीजिए क्योंकि एक बिलियन डॉलर टीम क्रिकेट इंडस्ट्री को हम हराते हैं. मैं तो खुद वर्ल्ड कप खेला हूं. हम लोग तो इंडिया को नहीं हरा पाते थे. इस टीम को क्रेडिट देना चाहिए क्योंकि भारत के मुकाबले कम सुविधाओं में ये तैयारी करते हैं और तगड़ा मुक़ाबला करते हैं.’’
इमेज स्रोत, ANI
अश्विन ने दिया जवाब
ऑस्ट्रेलिया के पर्थ में जब टी20 विश्वकप से पहले वॉर्मअप मैच के बाद भारतीय गेंदबाज़ आर अश्विन से इस बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि यह क्रिकेट का खेल है, राजनीतिक तनाव जो भी हों, दोनों टीमें अक्सर नहीं खेलती हैं.
उन्होंने कहा, ‘‘ये प्रतिद्वंद्विता बड़ी है. यह बात दोनों देशों के लोगों के लिए बहुत मायने रखती है लेकिन आखिरकार आप को बतौर खिलाड़ी एक चीज़ समझनी होती है कि हार और जीत खेल का हिस्सा है.’’
अश्विन ने कहा, ‘‘ख़ासतौर पर क्रिकेट के इस फॉर्मेट में जीत के मार्जिन बेहद नजदीकी हो रहे हैं और विपक्षी टीम की इज्जत सिर्फ मैच में जीत या हार से नहीं होती है. यह आपके बनने के तरीके से आती है और निश्चित तौर पर हम पाकिस्तान की इज्जत करते हैं और वो भी हमारी करते हैं. ’’
पाकिस्तानी राष्ट्रपति क्यों बोले, "मैं कोई इमरान ख़ान का वकील नहीं"
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के राष्ट्रपति आरिफ़ अल्वी
पाकिस्तान के राष्ट्रपति आरिफ़ अल्वी ने कहा है कि सेना की राजनीति में कोई भूमिका नहीं है और ये संविधान में स्पष्ट है.
अल्वी ने पाकिस्तान के एक निजी चैनल को दिए इंटरव्यू में कहा कि सेना प्रमुख ने सेना की भूमिका को लेकर हाल में जो कुछ कहा है उससे वो पूरी तरह सहमत हैं.
पाकिस्तान के सेना प्रमुख ने कहा था कि जत्थों को आर्थिक और राजनीतिक अस्थिरता पैदा करने की इजाजत नहीं दी जाएगी.
राष्ट्रपति अल्वी ने कहा, "बिल्कुल सही. इसके अलावा उन्हें कुछ कहना भी नहीं चाहिए. सेना प्रमुख के शब्द बिल्कुल संवैधानिक हैं."
ये पूछे जाने पर कि क्या पाकिस्तानी सेना तटस्थ है? आरिफ़ ने कहा, "उनको होना ही चाहिए. सियासत के अंदर पाकिस्तान के संविधान में उसकी कोई भूमिका नहीं है."
पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने पिछले दिनों कहा था कि पाकिस्तान की फौज को तटस्थ नहीं रहना चाहिए. तो क्या आप इमरान ख़ान से सहमत नहीं हैं, राष्ट्रपति अल्वी ने कहा, "ये तो आप ख़ान साहब से पूछिए कि उनका क्या मतलब था. वो आपको बेहतर बता सकते हैं कि उनका कहने का क्या मतलब था. मैं उनका वकील नहीं हूँ. बेशक, वो मेरे नेता थे और हैं. राष्ट्रपति पद के लिए उन्होंने ही मुझे नॉमिनेट किया था. इमरान ख़ान के साथ मैंने 22 साल तक राजनीतिक संघर्ष किया है."
उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों के बीच नफ़रत का माहौल नहीं होना चाहिए. उन्होंने कहा, "नफ़रत इस कदर नहीं होनी चाहिए कि कौम भुगते. अभी मुल्क के अंदर बहुत सारे मुद्दे हैं और मेरी कोशिश है कि राजनीतिक दलों के बीच बातचीत हो."
यूक्रेन: मिसाइल हमलों में 14 की मौत, रूस ने कहा- ये तबाही का पहला एपिसोड है
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, यूक्रेन की राजधानी कीएव पर मिसाइल हमले
यूक्रेन
की राजधानी कीएव पर हुए रूस के मिसाइल हमलों की दुनिया के कई देशों ने निंदा की है.
अमेरिका
ने कहा कि रूस ने असैन्य ठिकानों को निशाना बनाया, इनमें यूनिवर्सिटी और बच्चों के
प्लेग्राउंड भी शामिल हैं. अमेरिका ने यूक्रेन को मदद जारी रखने का भरोसा दिया है.
संयुक्त
राष्ट्र के प्रमुख एंटोनियो गुटारेस ने कहा कि इस हमले से वो ‘बेहद हैरान’
हैं.
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि ये हमले
शनिवार को क्राइमिया को रूस से जोड़ने वाले एक मात्र पुल पर हुए धमाके का जवाब
हैं.
यूक्रेन ने दावा किया है कि रूस ने सोमवार को 83
मिसाइलें दागीं जिनमें से 43 को एयर डिफ़ेंस सिस्टम से निष्क्रिय कर दिया गया.
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने एक वीडियो
जारी कर कहा, ‘‘यूक्रेन को डरा नहीं सकते. इन सब चीज़ों से वो और एकजुट होगा.’’
इमेज स्रोत, EPA-EFE/REX/Shutterstock
''रूस ने किया युद्ध अपराध''
राजधानी कीएव के अलावा यूक्रेन के लवीव, खारकीएव, द्नीप्रो, ज़पोरिज्ज़िया पर भी रूस ने हमले किए. ये शहर पहले भी रूस के निशाने पर थे और बीते महीनों में यहां काफ़ी तबाही हुई.
एक अधिकारी ने बताया कि सोमवार को हुए इन हमलों में करीब 14 लोगों की मौत हुई है और कई लोग जख्मी हैं.
हमलों की वजह से कई शहरों में बिजली और पानी की सप्लाई बाधित हो गई है.
यूरोपियन यूनियन ने कहा कि रूस ने युद्ध अपराध किया है और उसने आतंक और क्रूरता दिखाई है.
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन समेत दुनिया के कई देशों के नेताओं ने यूक्रेन के राष्ट्रपति से बात की. बाइडन ने इन हमलो को बेहद क्रूर बताया और कहा कि अमेरिका यूक्रेन की मदद करता रहेगा और अडवांस एयर डिफ़ेंस सिस्टम उपलब्ध कराएगा.
उधर, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि ये हमले शनिवार को कर्च ब्रिज पर हुए धमाके का जवाब हैं और वो यूक्रेन पर ‘भीषण’ हमले का आदेश देने वाले थे. वहीं रूसी सिक्योरिटी काउंसिल के डिप्टी हेड दमित्री मेतवेदेव ने कहा कि ‘‘ये महज हमले का पहला एपिसोड है. बाकी एपिसोड भी आएंगे.’’
मुलायम सिंह यादव का आज सैफ़ई में होगा अंतिम संस्कार
इमेज स्रोत, Getty Images
समाजवादी पार्टी के
संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का अंतिम संस्कार
आज सैफ़ई में होगा.
मुलायम सिंह यादव का गुरुग्राम के
मेदांता अस्पताल में बीते कई दिनों से इलाज चल रहा था. सोमवार सुबह 8:16 बजे उनका निधन हुआ.
समाजवादी पार्टी के आधिकारिक ट्विटर
हैंडल से जानकारी दी गई कि सैफ़ई में मंगलवार को दोपहर तीन बजे उनका अंतिम संस्कार
होगा.
मेदांता अस्पताल से उनका पार्थिव शरीर सोमवार
दोपहर उनके पैतृक गांव सैफ़ई ले जाया गया.
मुलायम सिंह यादव का पार्थिव शरीर
सैफ़ई पहुंचा तो इनके अंतिम दर्शन के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी
पहुंचे. उनके अलावा प्रदेश के तमाम जाने-माने नेता भी सैफ़ई पहुंचे.
इमेज स्रोत, ANI
समाजवादी पार्टी ने ट्वीट कर बताया कि मुलायम सिंह यादव के अंतिम दर्शन के लिए उनका पार्थिव शरीर मंगलवार सुबह 10 बजे सैफ़ई मेला ग्राउंड के पंडाल में रखा जाएगा. इसके बाद दोपहर 3 बजे अंतिम संस्कार होगा.
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए राज्य में तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है.
मुख्यमंत्री योगी ने ट्वीट किया, "मुलायम सिंह यादव के निधन पर उत्तर प्रदेश सरकार तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा करती है. उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ होगा."
मुलायम सिंह यादव के अंतिम संस्कार में शामिल होने शरद पवार, कमलनाथ और लोकसभा स्पीकर ओम बिरला भी सैफ़ई जाएंगे.
नमस्कार, बीबीसी हिंदी के लाइव
पेज में आपका स्वागत है.
बीबीसी हिंदी के इस
लाइव पेज में आपको दिनभर ताज़ा और अहम ख़बरें मिलेंगी.
ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 10
अक्टूबर के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.
शुरुआत आज की कुछ
बड़ी ख़बरों से-
मुलायम सिंह यादव का आज
सैफ़ई में होगा अंतिम संस्कार
भारत-दक्षिण अफ्रीका के
बीच तीसरा एकदिवसीय मैच आज दिल्ली में होगा
उज्जैन में महाकाल लोक बनकर तैयार,
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे लोकार्पण