You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

साजिद ख़ान को बिग बॉस से निकालने के लिए सूचना एवं प्रसारण मंत्री को लिखी चिट्ठी

साजिद ख़ान को बिग बॉस से हटाने के लिए दिल्ली महिला आयोग की प्रमुख ने केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर को पत्र लिखा है.

लाइव कवरेज

ब्रजेश मिश्र, दिनेश उप्रेती and अभिनव गोयल

  1. नीतीश कुमार के सामने यह तेजस्वी का सरेंडर है या उत्तराधिकारी बनने की डील

  2. ब्रेकिंग न्यूज़, यूक्रेन की राजधानी में एक साथ कई धमाके, इमारतों में आग

    यूक्रेन की राजधानी कीएव में एक के बाद एक कई धमाके हुए हैं. स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 8 बजे ये धमाके हुए.

    कीएव पर ये हमले कई महीनों बाद हुए हैं.

    रूस को क्राइमिया से जोड़ने वाले एकमात्र पुल पर धमाके के दो दिन बाद कीएव पर ये सीरियल धमाके सुनाई दिए हैं.

    रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पुल पर हुए धमाके लिए यूक्रेन पर आरोप लगाए थे.

    शनिवार को हुए इस हमले में तीन लोग मारे गए थे.

    सोमवार को कीएव में हुए मिसाइल हमले इसी की प्रतिक्रिया माने जा रहे हैं.

    कीएव में मौजूद बीबीसी संवाददाता पॉल एडम्स ने बताया कि धमाके के 90 मिनट पहले हवाई हमले के सायरन बजने लगे थे.

    कीएव में पहले भी हमले हुए हैं लेकिन इस बार ये हमला काफी केंद्रित लग रहा है.

    द्नीप्रो और ज़पोरीज्जिया में भी रात में हमले हुए हैं.

    बीबीसी संवाददाता ह्यूगो बाचेगा यूक्रेन से लाइव रिपोर्टिंग कर रहे थे जब तेज़ धमाके की आवाज़ आई.

    यूक्रेन की राजधानी पर कई महीनों बाद मिसाइल से हमले हुए हैं.

    सोशल मीडिया पर शेयर की जा रही तस्वीरों और वीडियो में कीएव की कई इमारतों से उठते धुएं का गुबार देखा जा सकता है. इमारतें और कारें भी आग की लपटों से घिरी दिखी हैं.

    सेंट्रल कीएव में हुए हमलों में कई लोगों के मारे जाने की आशंका है.

    आपातकालीन सेवाओं ने फिलहाल स्पष्ट आंकड़े नहीं दिए हैं.

  3. 19 साल बाद पाकिस्तान जाएगी न्यूज़ीलैंड क्रिकेट टीम

    न्यूज़ीलैंड क्रिकेट टीम 19 साल के लंबे इंतज़ार के बाद पाकिस्तान का दौरा करेगी.

    न्यूज़ीलैंड की टीम पाकिस्तान में दो टेस्ट, आठ वनडे और पाँच टी20 इंटरनेशनल मुक़ाबले खेलेगी. ये दो टेस्ट मुक़ाबले आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा होंगे. पहला टेस्ट 27 दिसंबर से 31 दिसंबर तक कराची में खेला जाएगा. दूसरा टेस्ट मुलतान में अगले साल चार जनवरी से आठ जनवरी तक होगा.

    तीन वनडे मुक़ाबले कराची में 11, 13 और 15 जनवरी को खेले जाएंगे.

    इसके बाद न्यूज़ीलैंड क्रिकेट टीम अप्रैल में एक बार फिर पाकिस्तान जाएगी और इस दौरान पाँच टी20 इंटरनेशनल मुक़ाबले खेलेगी. वनडे सिरीज़ के बाकी 5 मुक़ाबले लाहौर और रावलपिंडी में खेले जाएंगे.

  4. कोलकाता में दो गुटों में झड़प के बाद तनाव, क्या है पूरा मामला?

      • Author, प्रभाकर मणि तिवारी
      • पदनाम, कोलकाता से, बीबीसी हिंदी के लिए

    पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के मोमिनपुर इलाके में रविवार देर रात दो गुटों की आपसी झड़प के बाद इलाके में तनाव पैदा हो गया.

    पुलिस का दावा है कि इलाके में भारी तादाद में पुलिसवालों की तैनाती के बाद अब हालात नियंत्रण में हैं.

    उधर, भाजपा ने इस मुद्दे पर सरकार और पुलिस प्रशासन पर कोई कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है. बीती रात की घटना के बाद जली हुई मोटरसाइकिलों के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं. भाजपा के कई नेताओं ने भी ऐसी तस्वीरें और वीडियो ट्वीट किए हैं. हालांकि बीबीसी इनकी पुष्टि नहीं करता.

    भाजपा नेता और सदन में विपक्ष के शुभेंदु अधिकारी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बंगाल के राज्यपाल को पत्र लिखकर तत्काल कार्रवाई करने और इलाके में केंद्रीय बल के जवानों को तैनात करने की मांग की है.

    शुभेंदु अधिकारी ने अपने एक ट्वीट में कहा, "इससे पहले कि बंगाल में कानून-व्यवस्था हाथ से बाहर हो जाए, मैंने माननीय केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राज्यपाल ला गणेशन को पत्र लिखकर मोमिनपुर हिंसा और इकबालपुर पुलिस स्टेशन में तोड़फोड़ के मद्देनजर केंद्रीय बलों को तैनात करने का अनुरोध किया है."

    स्थानीय लोगों ने बताया कि मोमिनपुर में शनिवार से ही तनाव का माहौल था. रविवार को कुछ लोगों ने इलाके में कई दुकानों और गाड़ियों में तोड़फोड़ और आगजनी की. यह विवाद मिलाद-उन-नबी के मौके पर झंडा लगाने को लेकर शुरू हुआ था.

    बंगाल बीजेपी अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने अपने ट्वीट में कहा है, "मोमिनपुर में अपना त्यौहार मनाते हुए आज एक शांतिपूर्ण समुदाय की ओर से हिंदुओं की बाइक और दुकानों में तोड़फोड़ की गई. हमेशा की तरह मुख्यमंत्री उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही है और उनको खुली छूट दे रही हैं."

    लेकिन पुलिस के एक अधिकारी ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया, "फिलहाल हालात नियंत्रण में हैं. इलाके में भारी तादाद में पुलिस वाले तैनात हैं और गश्त तेज कर दी गई है."

  5. मुलायम सिंह यादव के पाँच बड़े फ़ैसले, जिन्होंने भारत की राजनीति पर छोड़ी गहरी छाप

  6. मुलायम सिंह यादव के राजनीतिक सफ़र पर तस्वीरों के ज़रिए एक नज़र

  7. मुलायम सिंह यादव का अंतिम संस्कार कल सैफ़ई में तीन बजे होगा

    समाजवादी पार्टी के संस्थापक और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का अंतिम संस्कार मंगलवार को सैफ़ई में होगा.

    समाजवादी पार्टी ने ट्वीट करके बताया कि गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल से उनका पार्थिव शरीर सैफ़ई ले जाया जा रहा है.

    मेदांता अस्पताल में मुलायम सिंह यादव का इलाज चल रहा था. आज सुबह 8:16 बजे उनका निधन हुआ.

    सैफ़ई में मंगलवार को दोपहर तीन बजे उनका अंतिम संस्कार होगा.

  8. मुलायम सिंह यादव: यूपी की सियासत के बड़े सितारे की जीवन यात्रा पर एक नज़र

  9. मुलायम सिंह के निधन पर 3 दिन के राजकीय शोक की घोषणा

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए राज्य में तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है.

    मुख्यमंत्री योगी ने ट्वीट किया, "मुलायम सिंह यादव के निधन पर उत्तर प्रदेश सरकार तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा करती है. उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ होगा."

    योगी आदित्यनाथ ने कहा कि शोक की इस घड़ी में उनके पुत्र अखिलेश यादव से दूरभाष पर वार्ता कर अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त की.

  10. मुलायम सिंह यादव के निधन पर पीएम मोदी ने जताया शोक

    समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का निधन हो गया है. वे पिछले कई दिनों से बीमार थे और गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती थे.

    समाजवादी पार्टी के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर मुलायम सिंह के निधन की सूचना दी गई.

    मुलायम सिंह यादव के निधन पर सोशल मीडिया पर राजनीतिक दलों और नेताओं की प्रतिक्रियाएं आ रही हैं.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर शोक प्रकट किया.

    उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘मुलायम सिंह यादव जी ने खुद को उत्तर प्रदेश और राष्ट्रीय राजनीति में स्थापित किया. वो आपातकाल के दौरान लोकतंत्र के एक महत्वपूर्ण सिपाही थे. बतौर रक्षा मंत्री उन्होंने भारत को और मज़बूत बनाने के लिए काम किया. उनके संसदीय हस्तक्षेप व्यावहारिक थे और राष्ट्रहित पर ज़ोर देने वाले थे.’’

    उन्होंने एक अन्य ट्वीट में लिखा, ‘‘जब हम दोनों मुख्यमंत्री थे तो मेरी मुलायम सिंह यादव जी से कई बार बातचीत हुई. ये करीबी संबंध जारी रहे और मैं हमेशा उनके विचार जानने के लिए उत्सुक रहता था. उनके निधन से मैं दुखी हूं. उनके परिवार और लाखों समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं. ओम शांति.’’

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी ट्वीट कर उनके निधन पर शोक प्रकट किया और परिवार के प्रति संवेदनाएं जताईं.

    उन्होंने लिखा, ‘‘श्री मुलायम सिंह यादव का निधन देश के लिए अपूरणीय क्षति है. साधारण परिवेश से आए मुलायम सिंह यादव जी की उपलब्धियां असाधारण थीं. ‘धरती पुत्र’ मुलायम जी जमीन से जुड़े दिग्गज नेता थे. उनका सम्मान सभी दलों के लोग करते थे. उनके परिवार-जन व समर्थकों के प्रति मेरी गहन शोक-संवेदनाएं.’’

    कांग्रेस पार्टी ने मुलायम सिंह यादव के निधन को भारतीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताया.

    कांग्रेस ने ट्वीट किया, ‘‘समाजवादी पार्टी के संरक्षक, देश के पूर्व रक्षा मंत्री और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री मुलायम सिंह यादव जी का निधन भारतीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है. ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें और उनके परिवार एवं समर्थकों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें.’’

    दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने समाजवादी पार्टी के संस्थापक के निधन पर दुख प्रकट किया.

    उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने भी ट्वीट कर अपनी संवदेनाएं जताईं.

  11. मुलायम सिंह यादव: सियासी अखाड़े के बड़े खिलाड़ी, जिन्होंने कई सरकारें बनाईं और बिगाड़ीं

  12. बीजेपी सांसद प्रवेश वर्मा: इनका दिमाग ठीक करना है तो एक ही इलाज है, वो है संपूर्ण बहिष्कार

  13. मुलायम सिंह यादव का निधन, गुड़गांव के अस्पताल में थे भर्ती

    समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का सोमवार को गुरुग्राम में निधन हो गया है. वह बीते 2 अक्टूबर से गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती थे.

    रविवार को मेदांता अस्पताल ने बताया था कि मुलायम सिंह यादव की सेहत नाज़ुक बनी हुई है और उन्हें जीवन रक्षक दवाएं दी जा रही हैं. बीते कुछ दिनों में कई वरिष्ठ सियासतदान उनका हाल जानने अस्पताल पहुँचते रहे हैं.

  14. हिजाब विवाद: ईरान के सामने आ सकती है एक और बड़ी मुसीबत

    जर्मनी की विदेश मंत्री एनालीना बेयरबॉक ने ईरान में हिंसक विरोध प्रदर्शनों के लिए ज़िम्मेदार लोगों के ख़िलाफ़ कार्रवाई की मांग की है.

    एनालीना बेयरबॉक ने कहा कि जर्मनी यह सुनिश्चित करेगा कि यूरोपियन यूनियन उन लोगों की संपत्ति फ्रीज करे और प्रवेश पर प्रतिबंध लगाए जो लोग ईरान में हो रहे घटनाक्रम के लिए जिम्मेदार हैं.

    उन्होंने कहा, ‘‘महिलाओं और लड़कियों को सड़क पर कौन पीटता है? ऐसे लोग ग़लत इतिहास के साथ हैं.’’

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, यूरोपियन यूनियन के विदेश मंत्री प्रतिबंधों को लेकर 17 अक्टूबर को फ़ैसला कर सकते हैं.

    एनालीना बेयरबॉक ने एक जर्मन अखबार से बातचीत में उन लोगों की मौत की निंदा की जो मात्र आज़ाद ज़िंदगी चाह रहे थे.

    उन्होंने ईरानियों से कहा, ‘‘हम आपके साथ हैं और आगे भी रहेंगे.’’

    ईरान पर प्रस्तावित प्रतिबंध पर चर्चा महसा अमीनी की मौत के बाद ईरान में शुरू हुए विरोध प्रदर्शनों की वजह से शुरू हुई.

    22 साल की महसा अमीनी की मौत 16 सितंबर को पुलिस हिरासत में हुई थी. आरोप है कि हिजाब ठीक से न पहनने की वजह से पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर बुरी तरह पीटा था.

    अमीनी की मौत के बाद शुरू हुए विरोध प्रदर्शनों में दर्जनों लोगों की मौत हो चुकी है.

    नार्वे स्थित द ईरान ह्यूमन राइट्स ग्रुप के मुताबिक अब तक कम से कम 185 लोगों की मौत हुई है जिनमें 19 बच्चे शामिल हैं.

    ईरान के सरकारी मीडिया के मुताबिक देश के अलग-अलग हिस्सों में हिंसक विरोध प्रदर्शनों की वजह से 20 सुरक्षाबलों की मौत हुई है.

    सोशल मीडिया पर शेयर हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि ईरानी सुरक्षाबल अब स्कूल और कॉलेजों में घुस रहे हैं.

  15. ठाकरे गुट ने शिवसेना के नए चुनाव चिन्ह के लिए दिए ये तीन विकल्प

    चुनाव आयोग ने शनिवार को शिवसेना के चुनाव चिन्ह धनुष-तीर और नाम पर रोक लगा दी. इसके बाद उद्धव ठाकरे की शिवसेना ने पार्टी के तीन नाम और एक चुनाव चिन्ह के लिए आयोग के फ़ैसले को चुनौती देते हुए पत्र लिखा है.

    उद्धव ठाकरे की शिवसेना ने नाम के लिए तीन विकल्प दिए हैं-

    • शिवसेना (बालासाहेब ठाकरे)
    • शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे)
    • शिवसेना (बालासाहेब प्रबोधंकर ठाकरे)

    इसके साथ ही उद्धव ठाकरे गुट की ओर से पार्टी के चुनाव चिन्ह के लिए भी तीन प्रस्ताव दिए गए हैं-

    • त्रिशूल
    • उगता सूरज
    • मशाल

    इन में से एक भी चिन्ह चुनाव आयोग की सूची में शामिल नहीं है.

    उद्धव ठाकरे ने रविवार को फ़ेसबुक लाइव के जरिए कार्यकर्ताओं और समर्थकों से बात की. इसी दौरान उन्होंने बताया कि पार्टी ने आयोग से मशाल, त्रिशूल और उगता सूरज, इन तीन चिन्हों की मांग की है.

    फ़िलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि आयोग की सूची में इन चिन्हों के न होने पर आगे क्या होगा और क्या चुनाव आयोग इन्हीं में से एक चिन्ह उद्धव ठाकरे गुट को दे सकता है या नहीं.

    शनिवार को चुनाव आयोग के फैसले के बाद रविवार को शिवसेना नेताओं की एक बैठक मातोश्री में हुई. उद्धव ठाकरे की मौजूदगी में करीब डेढ़ घंटे चली इस बैठक में शिवसेना की अगली रणनीति को लेकर चर्चा हुई.

    बैठक में इस बात पर भी चर्चा हुई कि अगर चुनाव आयोग ने शिवसेना को उनकी पसंद का चुनाव चिन्ह नहीं दिया तो मामला हाई कोर्ट या सुप्रीम कोर्ट तक जा सकता है.

    ठाकरे ने कहा कि उन्होंने ये तीन सुझाव इसलिए दिए हैं क्योंकि ये पार्टी की विचारधारा से मिलते हैं. उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के पास जो चिन्ह हैं वो पार्टी की विचारधारा से मेल नहीं खाते.

    उधर, आगे के विकल्पों और रणनीति को लेकर शिंदे गुट ने भी रविवार को बैठक की. शिंदे सरकार में मंत्री उदय सामंत ने कहा, ‘‘असल अन्याय हमारे साथ हुआ है. हम असली शिवसेना हैं क्योंकि हमारे पास बहुमत है. हमें इसकी उम्मीद नहीं थी इसलिए हम इसके लिए तैयार भी नहीं थे. एकनाथ शिंदे पार्टी के नाम और चिन्ह को लेकर फैसला करेंगे.’’

  16. श्रेयस अय्यर 'मैच विनर' तो ईशान में दिखा धोनी वाला माइंडसेट

  17. डेनमार्क में लड़कियों के गर्भाशय में जबरन डिवाइस डालने की भयावह कहानी, जांच का आदेश

  18. पाकिस्तानी रुपये ने की ज़ोरदार वापसी, जानिए क्या रही वजह

    पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था के लिए लंबे समय बाद राहत की ख़बर आई.

    डॉलर के मुक़ाबले लगातार गिर रहे पाकिस्तानी रुपये ने ज़ोरदार वापसी की है और देखते ही देखते एक हफ्ते में 3.9 प्रतिशत का सुधार किया है. पाकिस्तानी रुपया दुनिया की सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाली करेंसी बन गई है.

    सात अक्टूबर को खत्म हुए कारोबारी हफ्ते में एक डॉलर की कीमत 221 पाकिस्तानी रुपये थी. समाचार एजेंसी आईएएनएस ने आरिफ़ हबीब लिमिटेड के रिसर्च हेड ताहिर अब्बास के हवाले से बताया है कि पाकिस्तान में विदेशी निवेश बढ़ने की उम्मीदों के कारण रुपये ने तेज़ रिकवरी की है.

    पाकिस्तानी रुपये ने पिछले कुछ दिनों से लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है. 11 कारोबारी सत्रों में पाकिस्तानी रुपये ने डॉलर के मुक़ाबले बढ़त बनाए रखी. पाकिस्तान मुस्लिम लीग (एन) के नेतृत्व वाले गठबंधन की सरकार बनने पर 11 अप्रैल को एक डॉलर की कीमत 182 रुपये थी.

    इसके बाद भी डॉलर की कीमत बढ़ती गई और 30 जून को ख़त्म हुए वित्त वर्ष में कीमत बढ़कर 205 पाकिस्तानी रुपये हो गई.

    जुलाई में पाकिस्तानी रुपया डॉलर के मुकाबले 240 तक के स्तर तक लुढ़क चुका था. तब कहा गया था कि कुछ वाणिज्यिक बैंकों ने अपने निहित स्वार्थों के चलते रुपये को गिरने दिया. इस मामले की जाँच अभी जारी है.

  19. कपिल देव ने क्यों कहा, ...तो आईपीएल में मत खेलो

    भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव का कहना है कि अगर खिलाड़ियों को लगता है कि इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल उनके मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर असर डाल रहा है तो उन्हें इसमें खेलने से बचना चाहिए. क्रिकेटरों पर लगातार मैच खेलने और शारीरिक और मानसिक थकान होने की बहस लगातार बढ़ती जा रही है.

    जब भी कोई बड़ा खिलाड़ी चोटिल होता है तब इस पर खूब हल्ला मचता है. पूर्व कप्तान कपिल देव ने भी वर्कलोड को लेकर खिलाड़ियों को खरी-खरी सुनाते हुए अहम सलाह दे डाली है.

    उन्होंने कहा है कि अगर खिलाड़ियों को लगता है कि आईपीएल जैसा टूर्नामेंट उन्हें दिमाग़ी और शारीरिक तौर पर थका देता है तो उन्हें इससे बाहर हो जाना चाहिए. हालाँकि कपिल ने कहा कि वो 'प्रेशर' शब्द सुनकर हैरान हो जाते हैं.

    उन्होंने कहा, "अगर आपके भीतर क्रिकेट को लेकर जुनून है तो भी किस बात का दबाव है."

    1983 की विश्व विजेता भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान कपिल ने एक कार्यक्रम में कहा, "आजकल मैं बहुत सुनता हूँ टेलीविजन पर.... आईपीएल को लेकर खिलाड़ियों पर बहुत दबाव है. तो मैं एक ही चीज़ कहता हूँ कि मत खेलो (आईपीएल में). ये दबाव क्या होता है. अगर आपको क्रिकेट का जुनून है तो दबाव नहीं होना चाहिए. ये कुछ अमेरिकन शब्द हैं, प्रेशर, डिप्रेशन... ये मेरी समझ में नहीं आते. मैं एक किसान परिवार से आया हूँ. हम तो मज़े के लिए खेलते हैं और मज़े में दबाव हो ही नहीं सकता."

    कपिल की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब कई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों ने खुलकर यह माना है कि सभी फॉर्मेट में खेलना उनके लिए मुश्किल होता जा रहा है.

  20. भारी बारिश के कारण नोएडा, लखनऊ, कानपुर समेत कई शहरों में स्कूल बंद

    देश के कई हिस्सों में लगातार हो रही भारी बारिश की वजह से स्कूल बंद करने के आदेश जारी किए गए हैं. दिल्ली एनसीआर से लेकर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ तक बारिश से बुरी तरह प्रभावित है.

    भारी बारिश की वजह से नोएडा, गाजियाबाद, लखनऊ और आगरा समेत यूपी के 15 से अधिक ज़िलों में स्कूल बंद करने का आदेश दिया गया है.

    सरकारी आदेश के मुताबिक, सोमवार को सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूल बंद रहेंगे.

    ग़ाज़ियाबाद प्रशासन की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, सीबीएसई, आईसीएसई, मदरसा एजुकेशन बोर्ड और संस्कृत स्कूल भी सोमवार को बंद रहेंगे.

    मौसम विभाग के अनुसार देश के कई हिस्सों में सोमवार को भारी बारिश और तेज हवा का प्रकोप दिखेगा. बारिश और तेज हवाएं 12 अक्टूबर तक जारी रह सकती हैं.

    मौसम विज्ञानी आरके जेनामनी ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया कि दिल्ली के मयूर विहार इलाके में सबसे ज़्यादा बारिश हुई है.

    हालांकि सोमवार के बाद दिल्ली में बारिश कम होने के आसार हैं.

    देश के कई राज्यों में बीते चार दिनों से भारी बारिश हो रही है. कुछ जगहों पर हालात बिगड़ चुके हैं और बाढ़ के आसार बन गए हैं.

    दिल्ली एनसीआर में कई जगहों पर सड़कों पर जलजमाव होने से आवाजाही में काफ़ी मुश्किलें आ रही हैं.

    दिल्ली के लाहौरी गेट इलाके में एक इमारत के गिर गई है, इस हादसे में कई लोग हताहत हुए हैं.